Ratlam News: रतलाम में थाने के अंदर मचा हड़कंप: दो किशोरियों ने खुद पर डाला तेल, पुलिस से झूमाझटकी
Ratlam News: रतलाम के दीनदयाल नगर थाने में दो किशोरियों ने खुद पर तेल डालकर आत्मदाह की धमकी दी। पड़ोसी परिवारों के विवाद में पुलिस से झूमाझटकी हुई। पुलिस जांच में जुटी है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के दीनदयाल नगर पुलिस थाने में दो पड़ोसी परिवारों के बीच चल रहा विवाद अचानक हंगामे में बदल गया। थाने पहुंची दो किशोरियों ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने की धमकी दे दी। इस घटनाक्रम से थाने में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। किशोरियों को रोकने के लिए पुलिसकर्मी आगे बढ़े तो धक्का-मुक्की के दौरान एक पुलिसकर्मी गिर गया। थाना प्रभारी अनुराग यादव के साथ भी झूमाझटकी हुई। घटना के दौरान मौजूद एक युवक पर किशोरियों को उकसाने और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो देखे मामला टांक समाज के दो पड़ोसी परिवारों के बीच पिछले दो दिनों से चल रहे विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस पहले ही अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर चुकी थी। इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और मामला थाने में हंगामे तक पहुंच गया। दो दिन से चल रहा था पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद जानकारी के अनुसार, दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले टांक समाज के दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद चल रहा है। दोनों परिवारों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने 8 अक्टूबर को एक पक्ष की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। शिकायत में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। इसके बाद शुक्रवार को दोनों परिवारों के बीच फिर विवाद हुआ। दूसरे पक्ष ने भी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसमें पड़ोसी परिवार के सदस्यों पर युवती की बहन को थप्पड़ मारने, बार-बार विवाद करने और परेशान करने के आरोप लगाए गए। दोनों पक्षों की शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। थाने में खुद पर डाला ज्वलनशील पदार्थ, आत्मदाह की धमकी विवाद को लेकर पुलिस ने दोनों परिवारों को थाने बुलाया था, ताकि उनका पक्ष सुना जा सके। इसी दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई। थाने पहुंची दो किशोरियों ने अपने ऊपर तेल जैसा ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया और आत्मदाह करने की धमकी देने लगीं। यह देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें रोकने के लिए आगे बढ़े। किशोरियों को रोकने के प्रयास में एक पुलिसकर्मी गिर गया। हंगामे के दौरान थाना प्रभारी अनुराग यादव के साथ भी झूमाझटकी होने की बात सामने आई है। घटना के चलते कुछ समय के लिए थाने में तनावपूर्ण माहौल बन गया। युवक पर किशोरियों को उकसाने और वीडियो बनाने का आरोप पूरे घटनाक्रम में एक युवक की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि युवक किशोरियों को उकसा रहा था और थाने में हो रहे हंगामे का वीडियो भी बना रहा था। पुलिस के अनुसार, किशोरियों और युवक ने आत्मदाह की धमकी देकर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया। हालांकि, युवक की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी बोले- दोनों पक्षों को दिया था अपनी बात रखने का मौका दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव के अनुसार, दोनों परिवारों की शिकायतों पर पुलिस ने नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए थे। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाकर अपनी बात रखने का अवसर भी दिया गया। इसके बावजूद थाने में आत्मदाह की धमकी और पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी जैसी स्थिति बन गई। थाना प्रभारी के मुताबिक, युवक के साथ आई किशोरियों ने पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच जारी पड़ोसी परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद अब पुलिस थाने में हुए हंगामे के कारण और गंभीर हो गया है। एक तरफ दोनों परिवारों ने एक-दूसरे पर मारपीट और परेशान करने के आरोप लगाए हैं, तो दूसरी तरफ थाने में आत्मदाह की धमकी देने और पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी का मामला सामने आया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के साथ थाने में हुए घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के बाद ही संबंधित लोगों की भूमिका और आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।