Ratlam News: रतलाम में फाटक पर फंसी कार से टकराई सुपरफास्ट ट्रेन, दूर जा गिरी गाड़ी; गेटमैन पर गंभीर आरोप

Ratlam News: रतलाम के बंजली रेलवे फाटक पर हिसार-खड़की एक्सप्रेस ने कार को टक्कर मार दी। चालक सुरक्षित बच गया। गेटमैन पर नशे में होने का आरोप, रेलवे ने जांच की बात कही। रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में गुरुवार रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। बंजली बायपास मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के बीच फंसी कार को तेज रफ्तार सुपरफास्ट ट्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दूर जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि कार चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया था। घटना रात करीब 10:30 बजे की है। हिसार से खड़की जा रही ट्रेन संख्या 22980 रेलवे फाटक पर खड़ी कार से टकरा गई। हादसे में ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ। ट्रेन में सवार किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद कार चालक ने रेलवे गेटमैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि फाटक पर तैनात कर्मचारी शराब के नशे में था और समय रहते ट्रेन को रोकने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए। सूचना मिलने पर डीआरएम अश्वनी कुमार सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना का वीडियो देखे खुला फाटक देखकर आगे बढ़ाई कार, बीच में ही बंद हो गए गेट ताल निवासी प्रणय उपाध्याय अपनी कार क्रमांक GJ 15 CK 0369 से रतलाम की ओर आ रहे थे। उनके अनुसार, बंजली बायपास रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचने के दौरान फाटक खुला हुआ था। फाटक खुला देखकर उन्होंने कार आगे बढ़ा दी, लेकिन वाहन के रेलवे ट्रैक के बीच पहुंचते ही फाटक बंद हो गया। इससे उनकी कार क्रॉसिंग के अंदर फंस गई। प्रणय ने बताया कि स्थिति को देखते हुए वह तत्काल कार से उतरे और रेलवे कर्मचारी को जानकारी देने पहुंचे। उनका कहना है कि गेटमैन का कमरा घटनास्थल से करीब पांच मिनट की दूरी पर था। कार चालक का आरोप, गेटमैन के कमरे में मिलीं शराब की बोतलें प्रणय उपाध्याय ने आरोप लगाया कि जब वह गेटमैन के पास पहुंचे तो वह शराब के नशे में दिखाई दिया। कमरे में शराब और बीयर की बोतलें, केन और गिलास भी रखे हुए थे। कार चालक के मुताबिक, उस समय ट्रेन आने में लगभग 10 मिनट का समय था। उन्होंने कर्मचारी को रेलवे ट्रैक पर कार फंसी होने की जानकारी दी और खतरे से आगाह किया। प्रणय का दावा है कि उनके पास घटना से जुड़ा एक वीडियो भी मौजूद है, जिसमें गेटमैन कथित तौर पर नशे की हालत में बातचीत करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, गेटमैन के शराब के नशे में होने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ट्रेन की दिशा को लेकर भी लगाया आरोप कार चालक के अनुसार, गेटमैन से बातचीत के बाद वह वापस रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचे और अपनी कार को हटाने का प्रयास करने लगे। प्रणय ने आरोप लगाया कि गेटमैन ने उन्हें बताया था कि ट्रेन दूसरी दिशा से आएगी और जिस तरफ कार खड़ी है, उस ओर से नहीं आएगी। इसी दौरान ट्रेन आ गई और फाटक के बीच फंसी कार से टकरा गई। टक्कर लगते ही कार दूर जा गिरी। प्रणय के मुताबिक, हादसे के समय कार में उनके अलावा कोई दूसरा व्यक्ति नहीं था। वह पहले ही बाहर निकल चुके थे, जिससे उनकी जान बच गई। बाइक सवार भी बाल-बाल बचा हादसे के समय रेलवे क्रॉसिंग के आसपास एक बाइक सवार भी मौजूद था। कार चालक के अनुसार, ट्रेन आने से पहले बाइक सवार समय रहते सुरक्षित स्थान पर हट गया। प्रणय का कहना है कि यदि बाइक सवार कुछ देर और वहां रुक जाता तो वह भी हादसे की चपेट में आ सकता था। इस घटना के बाद रेलवे फाटक पर सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारी की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। डीआरएम अश्वनी कुमार पहुंचे, इंजन की हुई जांच रतलाम ट्रेन हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया। डीआरएम अश्वनी कुमार सहित अन्य रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। टक्कर के कारण सुपरफास्ट ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। ट्रेन के रतलाम रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद इंजन और संबंधित हिस्सों की जांच की गई। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। घटना में किसी रेल यात्री के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है। जांच के बाद होगी कार्रवाई, डीआरएम ने दिया आश्वासन डीआरएम अश्वनी कुमार ने घटना की जांच कराने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही है। कार चालक की ओर से गेटमैन पर लगाए गए नशे और लापरवाही के आरोप भी जांच का विषय हैं। रेलवे की जांच से यह स्पष्ट होगा कि फाटक बंद होने के दौरान कार क्रॉसिंग के भीतर कैसे फंसी और ऐसी आपात स्थिति में सुरक्षा संबंधी प्रक्रिया का पालन हुआ या नहीं

↑
0%