MP News: भाजपा नेता की टोल मैनेजर को धमकी! “उल्टा टांग दूंगा…” ऑडियो वायरल, पुलिस तक पहुंचा मामला
रतलाम में भाजपा युवा मोर्चा के आईटी सेल प्रभारी शुभम गुर्जर पर टोल मैनेजर को धमकाने का आरोप लगा है। वायरल ऑडियो में “उल्टा टांग दूंगा” जैसी धमकी सुनाई दे रही है। टोल प्रबंधन ने एसपी और बिलपांक थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में भाजपा नेता और टोल प्लाजा मैनेजर के बीच विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के आईटी सेल प्रभारी शुभम गुर्जर पर चिकल्या फोरलेन टोल प्लाजा के मैनेजर अरिजीत दास गुप्ता को फोन पर धमकाने का आरोप लगा है। इस मामले की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसमें धमकी भरे शब्द सुनाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो देखे ऑडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। टोल प्रबंधन ने रतलाम एसपी अमित कुमार और बिलपांक थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। “एसपी-टीआई के पास भागते फिरोगे…” वायरल ऑडियो में क्या कहा गया? कथित ऑडियो में शुभम गुर्जर टोल मैनेजर को धमकाते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं— “लॉ एंड ऑर्डर बिगाड़ना है तो क्लियर कर लो… फोकट उंगली मत करो… यहां तेरी नेतागीरी नहीं चलेगी… ज्यादा होशियारी सूझेगी तो उल्टा टांग दूंगा।” टोल मैनेजर अरिजीत दास गुप्ता ने शिकायत में बताया कि 18 मई दोपहर करीब 3:05 बजे शुभम गुर्जर का फोन आया था। आरोप है कि उन्होंने बिना टोल शुल्क के वाहनों को निकालने का दबाव बनाया। जब नियमों का हवाला दिया गया तो गाली-गलौज और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। टोल प्रबंधन का आरोप- रोज 100 गाड़ियां निकलवाता है शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि शुभम गुर्जर अपने रसूख का इस्तेमाल कर प्रतिदिन करीब 100 बाहरी वाहनों को बिना टोल शुल्क दिए निकलवाता है। इससे MPRDC (मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) को लाखों रुपए के राजस्व नुकसान का आरोप लगाया गया है। टोल स्टाफ का कहना है कि जब भी नियम के तहत शुल्क मांगा जाता है, वाहन चालक शुभम गुर्जर से फोन पर बात कराते हैं और उसके बाद दबाव बनाकर गाड़ियां निकलवा ली जाती हैं। प्रबंधन का कहना है कि अगर भविष्य में किसी कर्मचारी या अधिकारी के साथ कोई घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी शुभम गुर्जर की होगी। पुलिस को सौंपा गया ऑडियो और शिकायत टोल मैनेजर ने पुलिस को पुरानी एफआईआर की कॉपी के साथ नई वॉइस रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने जैसी धाराओं में केस दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही टोल प्लाजा पर सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की गई है ताकि कर्मचारी बिना डर के काम कर सकें।