Ratlam News: लॉ कॉलेज विवाद में FIR के विरोध में विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन, 5 दिन में जांच का आश्वासन

Ratlam News: रतलाम लॉ कॉलेज विवाद में दर्ज FIR के विरोध में विहिप-बजरंग दल ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच और केस निरस्त करने की मांग की। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के डॉ. कैलाश नाथ काटजू लॉ कॉलेज में गणेशोत्सव के दौरान हुए विवाद को लेकर सोमवार को विहिप और बजरंग दल ने प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कालिका माता मंदिर परिसर में जुटे और यहां से वाहन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारीयो ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बजरंग दल के दो पदाधिकारियों सहित तीन लोगों पर दर्ज प्रकरण को एकतरफा बताया। उनकी मांग थी कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर FIR निरस्त की जाए। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कार्यकर्ता सीढ़ियों और परिसर में जमीन पर बैठ गए। इस दौरान तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत और एएसपी विवेक कुमार को सौंपा गया। अधिकारियों ने मामले की पांच दिन में जांच का आश्वासन दिया। गरबा कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ था विवाद लॉ कॉलेज में गणेशोत्सव के दौरान विद्यार्थियों के लिए करीब 10 दिन तक अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसी दौरान गरबा कार्यक्रम को लेकर विवाद की स्थिति बनी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज पहुंचकर वहां कपल गरबा आयोजित किए जाने का आरोप लगाया था और कार्यक्रम बंद कराया था। कॉलेज प्रबंधन ने कपल गरबा होने से इनकार करते हुए कार्यक्रम को सांस्कृतिक आयोजन बताया था। इसके बाद कॉलेज परिसर में हंगामा हुआ। अगले दिन कॉलेज के विद्यार्थी और स्टाफ कलेक्ट्रेट तथा एसपी कार्यालय पहुंचे और कॉलेज में पहुंचकर हंगामा करने वालों के खिलाफ शिकायत की। इसके अगले दिन भी कॉलेज में विवाद की स्थिति बनी, जिसमें विद्यार्थी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए थे। संगठन ने FIR को बताया एकतरफा विहिप और बजरंग दल की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि कुछ कार्यकर्ता पुलिस को सूचना देने के बाद धार्मिक कार्यक्रम को लेकर अपनी बात रखने कॉलेज पहुंचे थे। संगठन का दावा है कि उनका उद्देश्य किसी छात्र, शिक्षक या कर्मचारी से विवाद करना नहीं था। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी, तोड़फोड़ या बदसलूकी नहीं की। संगठन के अनुसार, पुलिस की मौजूदगी में कॉलेज के प्राचार्य से बातचीत हुई थी। कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन की ओर से लगाए गए आरोपों की प्रमाण सहित जांच कराने की मांग की है। CCTV फुटेज की जांच की मांग संगठन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कॉलेज में लगे CCTV फुटेज की जांच किए बिना एकतरफा कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की। ज्ञापन में कहा गया कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जाए। साथ ही कॉलेज प्रशासन और मामले में जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने की मांग रखी गई। विहिप और बजरंग दल ने दर्ज प्रकरण को निरस्त करने के साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। पांच दिन में जांच का आश्वासन प्रदर्शन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत और एएसपी विवेक कुमार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों की ओर से पूरे मामले की जांच पांच दिन में करने का आश्वासन दिया गया है। अब जांच के दौरान कॉलेज विवाद से जुड़े आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम की परिस्थितियों की समीक्षा की जाएगी।

Ratlam News: रतलाम में नारकोटिक्स TI बताकर 4.50 लाख लेने का आरोप, सपना ठाकुर के खिलाफ छठी शिकायत

रतलाम में सपना ठाकुर के खिलाफ एक और शिकायत सामने आई है। इमरान खान ने नारकोटिक्स TI बताकर 4.50 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले में चर्चित ठगी के मामलों में सामने आई सपना ठाकुर के खिलाफ एक और शिकायत पुलिस तक पहुंची है। इंदौर जिले के पीथमपुर-सागौर निवासी इमरान खान ने आरोप लगाया है कि सपना ने खुद को रतलाम-मंदसौर में नारकोटिक्स विभाग की टीआई बताया और उनके भाई सलमान से जुड़े मामले में पुलिस कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। इमरान के अनुसार इस काम के बदले पहले 5 लाख रुपये की बात हुई थी। बाद में रकम घटाकर 4.50 लाख रुपये तय की गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि 18 जून को बिलपांक टोल के पास उसने सपना ठाकुर को 4.50 लाख रुपये दिए, लेकिन रकम लेने के बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। इमरान गुरुवार को बिलपांक थाने पहुंचा और शिकायत के साथ मामले से जुड़े साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात कही। पुलिस ने लिखित शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर जांच कर कार्रवाई की बात कही है। चोइथराम अस्पताल में हुई थी मुलाकात इमरान ने अपनी शिकायत में बताया कि 30 मई को वह इंदौर के चोइथराम अस्पताल में मौजूद था। उस समय उसका घायल भाई सलमान अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान उसकी मुलाकात सपना ठाकुर से हुई। शिकायत के मुताबिक सपना ने खुद को नारकोटिक्स विभाग की टीआई बताते हुए सलमान के मामले में प्रभावी पुलिस कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। इमरान का आरोप है कि सपना ने पुलिस और न्यायालय में मजिस्ट्रेट व बाबू से अपने संपर्क होने की बात भी कही थी। इमरान के अनुसार बातचीत आगे बढ़ने पर पहले 5 लाख रुपये की मांग की गई। बाद में सपना ने कथित तौर पर बताया कि बाबू से बात हो गई है और 4.50 लाख रुपये में काम हो जाएगा। बिलपांक टोल के पास दिए 4.50 लाख रुपये इमरान का दावा है कि 18 जून को बिलपांक टोल के पास उसने सपना ठाकुर को 4.50 लाख रुपये दिए थे। इसके बाद जब उसने मामले में कार्रवाई के बारे में जानकारी लेने के लिए संपर्क किया तो फोन उठाना बंद कर दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार बाद में कभी पोस्टिंग बदलने तो कभी बच्चे के ऑपरेशन का हवाला देकर बातचीत टाली जाती रही। इमरान ने वॉट्सऐप पर भी रकम देने और काम नहीं होने को लेकर संदेश भेजे थे। इमरान का कहना है कि उसके पास सपना के साथ हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग और वॉट्सऐप संदेश मौजूद हैं, जिन्हें वह पुलिस जांच में उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। सलमान से जुड़े मामले का क्या है कनेक्शन? इमरान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 मई को मस्जिद के सफाईकर्मी नौशाद को काम से हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। शिकायत के अनुसार, वारदात वाले दिन जामा मस्जिद के सदर शमशुद्दीन नमाज पढ़ने जा रहे थे, तभी आरोपितों ने उन्हें घेर लिया। इस घटनाक्रम में सलमान घायल हुआ था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इमरान के मुताबिक इसी दौरान सपना अपनी बेटी के इलाज के लिए अस्पताल आई थी और वहीं उससे मुलाकात हुई थी। सपना ठाकुर के खिलाफ अब तक छह शिकायतें सपना ठाकुर के खिलाफ यह छठी शिकायत बताई जा रही है। इससे पहले भी उसके खिलाफ अलग-अलग मामलों में शिकायतें सामने आ चुकी हैं। सबसे चर्चित मामले में प्रॉपर्टी कारोबारी रुपेश चपरोत से कथित तौर पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप सामने आया था। आरोप है कि सपना ने खुद को नारकोटिक्स विभाग की टीआई बताकर कारोबारी से संपर्क किया था। उस मामले के सामने आने के बाद सपना के खिलाफ अन्य शिकायतें भी पुलिस तक पहुंचीं। अब अलग-अलग जिलों से आई शिकायतों को पुलिस आपस में जोड़कर देख रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि इन मामलों के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं। इस संबंध में अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। बिलपांक पुलिस ने क्या कहा? बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान के अनुसार, इमरान शिकायत लेकर थाने आए थे। उन्हें साक्ष्यों के साथ लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले को जांच में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

↑
0%