Ratlam News: 24 घंटे में दो बार एक ही घर में चोरी, रतलाम में बेलगाम हुए चोर?

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि अब वे दिनदहाड़े एक ही मकान को दो बार निशाना बना रहे हैं। कस्तूरबा नगर की गली नंबर 6 में स्थित अनाज व्यापारी मनीष सोमानी के मकान में लगातार दो दिनों तक चोरी की वारदात हुई। पहले दिन जहां नकदी और ज्वेलरी चोरी हुई, वहीं अगले ही दिन स्कूटी भी चोरी हो गई। पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। मनीष सोमानी ने मंगलवार को स्टेशन रोड थाने में शिकायत दी थी कि उनके मकान से 1.70 लाख रुपये नकद और लगभग 1.35 लाख रुपये कीमत की तीन सोने की अंगूठियां चोरी हो गईं। कुल मिलाकर 3.05 लाख रुपये की चोरी हुई थी। पुलिस ने इस पर केवल आवेदन लिया, एफआईआर दर्ज नहीं की। घटना के बाद मनीष ने नए ताले लगवाए और शाम को अपने पिता के साथ गांव नायन चले गए। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने फिर से सूचना दी कि मकान का नकूचा फिर से कटा हुआ है और ताले नदारद हैं। मनीष जब लौटे तो उन्होंने पाया कि इस बार चोर पोर्च में रखी एक्सेस स्कूटी भी ले गए हैं। बाइक की चाबी मनीष अपने साथ ले गए थे, लेकिन स्कूटी की चाबी घर में ही थी। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध एमबी नगर में एक और मकान का ताला तोड़ते हुए नजर आए हैं, लेकिन पुलिस अब तक उनकी पहचान नहीं कर सकी है। शहर में लगातार हो रही चोरियों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पहला मामला है जब एक ही मकान को चोरों ने 24 घंटे में दो बार निशाना बनाया हो। इससे पहले भी कई वारदातें सामने आ चुकी हैं। 18 अप्रैल को अंबेडकर सर्कल के सामने स्थित एक कॉम्प्लेक्स में मोबाइल शॉप और अन्य दुकानों में चोरी हुई थी, जिसमें एक लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई थी। वहीं 19 मार्च को कोर्ट के सामने रहने वाले इशान उपाध्याय के दो मंजिला मकान से सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये की नकदी चोरी हो चुकी है। इन मामलों में भी पुलिस आज तक खाली हाथ है। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया का कहना है कि पुलिस टीम चोरों की तलाश में लगी है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और पुरानी चोरियों को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। रतलाम में बढ़ती चोरियों ने आमजन की नींद उड़ा दी है। सवाल यह है कि आखिर कब जागेगी पुलिस?

Ratlam News: रतलाम में बंगाली कारीगरों की पुलिस जांच तेज, पहलगाम हमले के बाद बढ़ा सतर्कता स्तर

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद रतलाम पुलिस सतर्क हो गई है। शहर में रह रहे बंगाली कारीगरों का सत्यापन अभियान रविवार दोपहर से शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार रतलाम में दो से ढाई हजार के बीच बंगाली कारीगर निवास करते हैं, जो मुख्यतः सराफा बाजार में आभूषण निर्माण का कार्य करते हैं। इनमें से कई लोग वर्षों से परिवार समेत यहां रह रहे हैं। अधिकांश कारीगर माणक चौक थाना क्षेत्र में रहते हैं। सत्यापन कार्य एसपी अमित कुमार के निर्देशन में एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणक चौक थाना प्रभारी अनुराग यादव और एसआई शिवनाथ राठौर की उपस्थिति में शुरू किया गया। पुलिस टीम ने कारीगरों के आधार कार्ड की जांच ‘माय आधार’ एप के माध्यम से की। कारीगरों से उनका नाम, पता, मकान मालिक की जानकारी, परिवार के सदस्यों की संख्या और रतलाम में निवास की अवधि जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाकर रजिस्टर में दर्ज की गईं। एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि रतलाम में बाहर से आकर रह रहे लोगों का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है। सभी व्यक्तियों के वोटर आईडी और आधार कार्ड से ऑनलाइन मिलान किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के सत्यापन अभियान समय-समय पर चलते रहेंगे।

Ratlam News: रतलाम में 36 लाख की डोडाचूरा तस्करी का पर्दाफाश: कंटेनर के गुप्त केबिन से मिला 1200 किलो मादक पदार्थ

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: पुलिस ने डोडाचूरा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 36 लाख रुपए की नशीली सामग्री जब्त की है। जावरा थाना पुलिस ने हरियाणा पासिंग कंटेनर से 1200 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया, जिसे कंटेनर में रद्दी की कतरनों के नीचे छिपाकर उज्जैन होते हुए इंदौर भेजा जा रहा था। एसपी अमित कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुखबिर की सूचना पर जावरा सर्किट हाउस के सामने खड़े कंटेनर क्रमांक HR 38 X 4627 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर में बने एक गुप्त केबिन से काले और सफेद प्लास्टिक की 60 बोरियों में भरा डोडाचूरा मिला, जिसका कुल वजन लगभग 1200 किलो है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 36 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक सतविंदर सिंह उर्फ गोपी (34), निवासी गोविंद नगर बलोकी, जिला जालंधर (पंजाब) और क्लीनर सुखदेव सिंह (27), निवासी गांव शैरो, तहसील व जिला तरणतारण (पंजाब) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि यह नशे की खेप उज्जैन होकर इंदौर भेजी जा रही थी, जहां से इसे किसी अन्य राज्य में पहुंचाया जाना था। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह डोडाचूरा कहां से लाया गया और इसे किसे सौंपा जाना था। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Ratlam News: रतलाम में शादी से लौट रहे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार; पिता ने बताया मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा मामला

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के न्यू काजीपुरा, लालजी के बाग इलाके का है, जहां रविवार रात एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। युवक की पहचान शाहबाज उर्फ शाहरुख (28 वर्ष) पिता शकील खान के रूप में हुई है, जो दानीपुरा, जयभारत नगर का निवासी है। वह एक शादी समारोह से लौट रहा था, तभी तीन युवकों ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद घायल शाहबाज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों—अलफेज खान पिता नासिर खान, फरीद और शाहरुख (तीनों भाई)—को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर शाहबाज के पिता शरीफ खान ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में कुछ युवक अवैध रूप से मादक पदार्थ (MD) बेचते हैं और उनका बेटा इस कार्य में शामिल होने से मना करता था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (जानलेवा हमला) के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फरीद हाल ही में NDPS एक्ट के मामले में जेल से छूटकर बाहर आया है। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। स्थानीय लोगों की मांग है कि पुलिस क्षेत्र में बढ़ रही मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से कार्रवाई करे ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Ratlam News: हाट रोड पर मकान की छत से संचालित हो रहा था जुएं का अड्डा, पुलिस की दबिश में 9 जुआरी गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर के हाट रोड इलाके में मकान की छत से चल रहे जुएं के अड्डे पर डीडी नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार देर रात पुलिस ने छापा मारते हुए 9 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी असलम उर्फ अस्सु छत से कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से 14,040 रुपये नकद और 102 ताश की गड्डियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं में केस दर्ज किया गया है। गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाईपुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाट रोड पर असलम उर्फ अस्सु के घर की छत पर ताश के पत्तों से जुएं का खेल चल रहा है। सूचना मिलते ही दीनदयाल नगर थाना प्रभारी रवींद्र डंडोतिया व हाट चौकी प्रभारी मुकेश सस्तिया के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 10 में से 9 आरोपियों को मौके से पकड़ा, जबकि असलम छत से छलांग लगाकर फरार हो गया। गिरफ्तार जुआरियों की सूची छानबीन जारीपुलिस अब फरार आरोपी असलम की तलाश में जुटी है और यह जांच भी की जा रही है कि छत पर जुएं का यह अड्डा कब से संचालित हो रहा था और इसमें और कौन-कौन शामिल है। टीम का तालमेल रहा शानदारइस कार्रवाई में थाना प्रभारी रवींद्र डंडोतिया, चौकी प्रभारी मुकेश सस्तिया, प्रधान आरक्षक हेमेंद्र सिंह, आरक्षक नारायण जादौन, संजय कुशवाह, सूर्यप्रसाद व सोनू सूर्यवंशी ने प्रमुख भूमिका निभाई।

Ratlam News: रतलाम में प्रेम प्रसंग के चलते पुलिस जवान की हत्या, लाश ठिकाने लगाने पहुंचे आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़े, कार की स्टेयरिंग फेल होने से हुआ खुलासा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रिंगनोद थाना क्षेत्र में कुछ आरोपियों ने एक पुलिस जवान की कथित तौर पर हत्या कर दी और उसकी लाश को कार में लेकर ठिकाने लगाने निकले थे। लेकिन रास्ते में कार की स्टेयरिंग फेल हो गई। इस दौरान भाग रहे तीनों आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। चौकीदार की सतर्कता से हुआ खुलासाघटना मोरिया ग्राम पंचायत की है, जो रतलाम से करीब 35 किलोमीटर दूर है। सोमवार सुबह कुछ लोग रुकनिया डैम पर पहुंचे। उनके साथ एक कार थी, जिसमें एक शव रखा हुआ था। गांव के चौकीदार ने जब उन्हें संदिग्ध अवस्था में देखा तो उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की। कुछ ही दूरी पर स्थित रणायरा गुर्जर गांव से गुजरते समय कार की स्टेयरिंग फेल हो गई और आरोपी कार छोड़कर भाग निकले। लाश देखकर ग्रामीणों का फूटा गुस्साग्रामीणों को आरोपियों की हरकत पर शक हुआ। जब उन्होंने कार की तलाशी ली तो अंदर एक लाश पड़ी थी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर तीनों आरोपियों का पीछा किया और मोरिया गांव में जाकर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने किया विरोधपुलिस जैसे ही आरोपियों को हिरासत में लेकर ले जाने लगी तो गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग की। स्थिति को संभालने के लिए एक सब इंस्पेक्टर पुलिस जीप के बोनट पर बैठ गया और ग्रामीणों को समझाया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंकाप्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक एक पुलिस जवान था, जो 32वीं बटालियन में तैनात था और रतलाम के सैलाना क्षेत्र का रहने वाला था। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की वजह बताई जा रही है। फिलहाल शव की पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस कर रही जांचपुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एफएसएल टीम मौके पर है और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी एंगल से जांच की जा रही है।

Ratlam News: रतलाम के कमेड गांव में दो पक्षों के बीच तनाव, चाकूबाजी और आगजनी से माहौल तनावपूर्ण, पुलिस बल तैनात

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र अंतर्गत कमेड गांव में सोमवार सुबह मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। देखते ही देखते यह विवाद दो समुदायों के बीच तनाव का कारण बन गया। विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिसकी पहचान लाल सिंह के रूप में हुई है। हमले का आरोप वली मोहम्मद पर लगाया गया है, जिसे लेकर क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल बन गया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने एक दुकान को आग के हवाले कर दिया। दोनों पक्षों के बीच पथराव की भी खबर है। सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटनास्थल पर एडिशनल एसपी राकेश खाखा, एसडीओपी किशोर पटनवाला, एसपी अमित कुमार सहित जिला प्रशासन की टीम ADM डॉ शालिनी श्रीवास्तव, SDM ग्रामीण विवेक सोनकर और तहसीलदार पिंकी साठे भी पहुंचे। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है| रतलाम नगर निगम से बुलाई गई दमकल वाहन की मदद से दुकान में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही आरोपी की तलाश और उपद्रवियों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

Ratlam News: विकासार्थ विद्यार्थी (SFD) ने SP कार्यालय पर लगाए सकोरे, जीव जल कलश अभियान के तहत लिया जल संरक्षण का संकल्प

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: विकासार्थ विद्यार्थी (SFD) नगर इकाई रतलाम द्वारा “जीव जल कलश” अभियान के अंतर्गत SP कार्यालय पर जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के साथ सकोरे लगाए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रीष्मकाल में पक्षियों को जल उपलब्ध कराना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने न केवल सकोरे लगाए, बल्कि प्रतिदिन उनमें जल भरने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ जीव-जंतुओं के संरक्षण में भी सहायक होते हैं। जीव जल कलश अभियान का उद्देश्य “जीव जल कलश” अभियान का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी में पक्षियों और अन्य जीवों को पेयजल उपलब्ध कराना है। विकासार्थ विद्यार्थी (SFD) द्वारा इस अभियान के तहत शहरभर में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, कार्यालयों और पार्कों में सकोरे रखे जा रहे हैं। समाज को दिया जल संरक्षण का संदेश SFD नगर इकाई रतलाम ने आमजन से भी अपील की कि वे अपने घरों, छतों और बगीचों में सकोरे लगाएं और उनमें नियमित रूप से जल भरकर पक्षियों को गर्मी में राहत पहुंचाएं।

Ratlam News: एसपी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस की सख्ती, नाबालिगों के वाहन चलाने पर अभिभावकों पर कार्रवाई  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अपराधों पर लगाम लगाने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसपी अमित कुमार के निर्देश पर शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। बीती रात पुलिस ने 350 से अधिक वाहनों की जांच की, जिसमें 12 नाबालिग वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने उनके अभिभावकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 199ए के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये के चालान न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है।   शहर में अपराध नियंत्रण के लिए सख्ती जारी   एसपी अमित कुमार के निर्देशानुसार, अपराधियों में कानून का भय बढ़ाने, लोक शांति बनाए रखने और चाकूबाजी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं।   एएसपी राकेश खाखा और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी गश्त और पेट्रोलिंग करने, अवैध गतिविधियों पर नजर रखने और आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।   थानों की सख्त कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटरों की जांच   शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। माणकचौक थाना पुलिस ने देर रात 35 बेवजह घूमने वाले लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उचित समझाइश देने के बाद छोड़ा।   अवैध हथियार के साथ बदमाश गिरफ्तार   थाना स्टेशन रोड पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बदमाश को अवैध धारदार हथियार के साथ पकड़ा, जिसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।   वाहन चेकिंग में बड़ी कार्रवाई   – 350 से अधिक वाहनों की जांच   – 36 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई   – 12 नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों पर 25-25 हजार रुपये का चालान   पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों को सचेत किया है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर में अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस का सख्त अभियान जारी रहेगा।

Ratlam News: हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी : जेल से छूटे रईस की हत्या में छह नाबालिग शामिल, चार पकड़े गए  

– चार नाबालिग आरोपी गिरफ्तार, दो फरार   रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जेल से छूटने के बाद रईस की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। फरार दोनों आरोपियों पर पहले से ही कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।   सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए आरोपी   पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने नवीन कंट्रोल रूम में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम भी मौजूद रहे।   ऐसे हुई वारदात   डॉट की पुल क्षेत्र में गुरुवार रात अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर रईस पिता मुजीद ख़ान, निवासी शिव नगर, रतलाम की हत्या कर दी थी। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 223/2025, धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।   तेजी से कार्रवाई, चार गिरफ्तार   हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और एएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन में औद्योगिक क्षेत्र थाना, स्टेशन रोड थाना, डीडी नगर थाना, माणकचौक थाना, साइबर सेल, सीसीटीवी टीम और डीएसबी टीम की अलग-अलग टीमें बनाई गईं। तेजी से कार्रवाई करते हुए चार नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अभी फरार हैं।   फरार आरोपी पहले भी हैं आपराधिक मामलों में लिप्त   पहला फरार आरोपी – थाना स्टेशन रोड में चार आपराधिक मामले (मारपीट, हत्या का प्रयास) दर्ज हैं।   दूसरा फरार आरोपी – थाना स्टेशन रोड में छह मामले (मारपीट, हत्या का प्रयास, गाली-गलौच) और औद्योगिक क्षेत्र थाना में एक हत्या के प्रयास का मामला, कुल सात अपराध दर्ज हैं।   पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका   आरोपियों की गिरफ्तारी में इन अधिकारियों और उनकी टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई –   – निरीक्षक मुनेंद्र गौतम, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र रतलाम और उनकी टीम   – स्वराज डाबी, थाना प्रभारी स्टेशन रोड रतलाम और उनकी टीम   – अनुराग यादव, थाना प्रभारी और उनकी टीम   – रविंद्र दंडोतिया, थाना प्रभारी और उनकी टीम   – साइबर सेल, सीसीटीवी टीम, डीएसबी टीम और उप निरीक्षक मुकेश सस्तिया, चौकी हाट रोड रतलाम और उनकी टीम   फरार आरोपियों की तलाश जारी   पुलिस जल्द ही फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।