Ratlam News: पुलिस और पत्रकारों ने जमकर की बल्लेबाजी, मैत्री क्रिकेट मैच में आखिरी गेंद तक बना रहा रोमांच

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  जयदीप गुर्जर। Ratlam News: पुलिस लाइन के मैदान पर रविवार सुबह का नजारा कुछ अलग ही था। आमतौर पर क्राइम सीन या इवेंट पर पर साथ रहने वाले पुलिस और पत्रकारों ने खेल के मैदान में अपना समय साथ बिताया। पत्रकारों और पुलिस के बीच खेले गए मैत्री क्रिकेट मैच में दोनों टीमों ने चौकों-छक्कों की बौछार कर रोमांच को आखिरी गेंद तक बनाए रखा। इस रोमांचक मुकाबले में कभी पत्रकार आगे दिखे तो कभी पुलिस की टीम। पुलिस इलेवन की कप्तानी एसपी अमित कुमार ने की, जबकि पत्रकार इलेवन का नेतृत्व मुकेशपुरी गोस्वामी के हाथों में था। टॉस जीतकर पुलिस ने पहले बल्लेबाजी कीमैच की शुरुआत में एसपी अमित कुमार और एएसपी राकेश खाखा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय लिया। टॉस पत्रकार सौरभ कोठारी ने करवाया, जिसे पुलिस कप्तान ने जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। 12 ओवर के इस मैच में पुलिस इलेवन ने कुल 115 रन का स्कोर खड़ा किया। पत्रकारों की शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजीपत्रकार इलेवन की ओर से सुरेंद्र जैन, प्रदीप नागौरा, दिव्यराज सिंह राठौर, राजेंद्र केलवा, अर्पित चौबे, किशोर जोशी दत्ता, यशवंत सिंह राठौर, समीर खान, साजिद खान, दुष्यंत सिंह तंवर और शैलेंद्र पारे ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रदीप नागौरा ने सबसे ज्यादा 69 रन बनाए, जबकि दिव्यराज सिंह राठौर ने 20 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में राजेंद्र केलवा ने 2 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट लिए और एक कैच भी पकड़ा। यशवंत सिंह राठौर ने 3 ओवर में 21 रन देकर 1 विकेट लिया और दिव्यराज सिंह राठौर ने 3 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट लिए। पुलिस इलेवन का ज़ोरदार प्रदर्शनपुलिस इलेवन की ओर से आरआई मोहन भर्रावत ने 72 रनों की शानदार पारी खेली। जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो और रतलाम सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया खाता नहीं खोल सके। एसपी अमित कुमार ने 10 रन जबकि एएसपी राकेश खाखा ने 8 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में बूदन ने 3 ओवर में केवल 13 रन दिए, आकाश ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, और टीआई सुरेंद्र गडरिया ने 1 ओवर में 4 रन देकर 1 विकेट लिया। मैच के बाहर भी बना मनोरंजन का माहौलमैच के दौरान हंसी-मजाक और कॉमेंट्री से माहौल खुशनुमा बना रहा। अंत में शानदार प्रदर्शन के लिए पत्रकार इलेवन के प्रदीप नागौरा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रेस क्लब सचिव यश शर्मा बंटी, वरिष्ठ पत्रकार गोविंद उपाध्याय, भेरूलाल टांक, सौरभ कोठारी, नरेंद्र जोशी, जितेंद्र सिंह सोलंकी, अदिति मिश्रा, मुबारिक शेरानी, नीरज बरमेचा, विनोद वाधवा, जयदीप गुर्जर, विवेकानंद चौधरी, राजेश वासनवाल, चंद्रशेखर सोलंकी, राकेश पोरवाल, शाहिद मीर, स्वदेश शर्मा, नवीन टांक, उत्तम शर्मा, उमेश मिश्रा, मो. हुसैन और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पुलिस की ओर से गोविंद मालवीय ने स्कोरिंग और कॉमेंट्री की। अम्पायरिंग अमोल कस्तौरे और यश हाड़े ने की।

Ratlam News: गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल का वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक समारोह “उत्सव” संपन्न

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: रतलाम के श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूल, शास्त्री नगर का वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक समारोह “उत्सव” भव्य रूप से मनाया गया। यह आयोजन श्री अरविंद मार्ग स्थित एकेडमी परिसर में अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डर सरदार कारज सिंह लहर के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।  समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन और गुरु तेग बहादुर जी व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह डंग, सचिव अजीत छाबड़ा, प्राचार्य मेघा वैष्णव, प्रधानाध्यापिका सरला माहेश्वरी और हेडमिस्ट्रेस मनीषा ठक्कर विशेष रूप से उपस्थित रहे। समिति प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह भामरा ने बताया कि इस अवसर पर सरदार कारज सिंह लहर का शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया।  मुख्य अतिथि सरदार कारज सिंह लहर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में सक्रियता बच्चों में आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास करती है। उन्होंने मोबाइल का उपयोग सावधानीपूर्वक और संतुलित मात्रा में करने का भी संदेश दिया। समिति अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह डंग ने बच्चों को शिक्षा के साथ खेलकूद में भी सक्रियता दिखाने का आह्वान किया।  समारोह में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट, खेल गतिविधियां, और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और उससे बचने के उपायों पर भी प्रस्तुति दी। इसके साथ ही भारतीय सांस्कृतिक विरासत और त्योहारों का भी प्रदर्शन किया गया।  इस आयोजन में 800 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन शिवानी सिंह और रश्मि तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मनीषा ठक्कर ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Ratlam News: परवलिया में निजी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत पहुंची कलेक्टोरेट, हाल ही में चला था बुल्डोजर

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News : जिले की तहसील जावरा के परवलिया गांव में निजी भूमि पर अवैध कब्जे और अवैध गतिविधियों के मामले में भूमि स्वामी कमल पांचाल ने प्रशासन से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित ने कलेक्टर को लिखे आवेदन में बताया कि उनकी निजी भूमि, सर्वे नम्बर 346/2, 292, और 295 पर प्रतिप्रार्थियों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है और निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। इसके साथ ही, उक्त जमीन पर अवैध रूप से देह व्यापार जैसी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के वातावरण पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। पीड़ित का आरोप है कि प्रतिप्रार्थीगण ने उनकी निजी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है और उस पर विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य जारी हैं। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जा हटवाकर उन्हें उनकी जमीन का अधिकार सौंपा जाए। कमल पांचाल ने बताया की प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अपनी निजी भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की है। जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द इस मामले में उचित कार्रवाई कर उन्हें उनकी भूमि का अधिकार दिलाया जाए। 4 दिन पहले तोड़ा अतिक्रमणरतलाम के जावरा-नीमच फोरलेन पर परवलिया गांव में प्रशासन ने बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान 33 मकानों पर जेसीबी चलाकर अवैध निर्माण तोड़े गए। यह सभी मकान फोरलेन की सीमा से सटे थे। जानकारी के अनुसार कार्रवाई से पहले भी कई बार मकान मालिकों को नोटिस दिया गया था, लेकिन उन्होंने अवैध निर्माण नहीं हटाए। जिसके बाद बुधवार को प्रशासन के अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ सख्ती से कार्रवाई की। वहीं इस क्षेत्र से 1 नवंबर को एक उज्जैन का युवक लापता हो गया था। जिसका शव बुधवार को एक कुएं से बरामद किया गया। प्रशासन की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को लोगों ने परवलिया क्षेत्र से लापता हुए युवक से जोड़ लिया। हालांकि, बाद में अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण की कार्रवाई एमपीआरडीसी के नोटिस के बाद की जा रही है।

Bank Holidays in November 2024: नवंबर के महीने में त्यौहारों के चलते बैंकों में कई दिन रहेंगे बंद, जानें कब-कब रहेंगी छुट्टियां

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Bank Holidays in November 2024: अक्टूबर का महीना समाप्त हो चुका है और नवंबर की शुरुआत हो गई है। इस महीने में भी विभिन्न त्यौहारों और विशेष आयोजनों के चलते कई राज्यों में बैंकों में छुट्टियां रहेंगी। अगर आपके पास बैंक से जुड़े कोई जरूरी काम हैं, तो इन्हें जल्द निपटा लें क्योंकि नवंबर में कई दिनों तक बैंकों में अवकाश रहेगा। इन छुट्टियों के दौरान बैंक से जुड़े कार्य जैसे चेकबुक, पासबुक अपडेट करना, पैसे जमा करना आदि प्रभावित हो सकते हैं। आइए जानते हैं नवंबर में किन-किन दिनों पर बैंक बंद रहेंगे। नवंबर 2024 में बैंक की छुट्टियों की सूची (Bank Holidays in November 2024 List) – 7 नवंबर 2024: छठ पूजा (शाम के अर्घ्य) – बंगाल, बिहार और झारखंड समेत कुछ राज्यों में बैंक बंद रहेंगे।– 8 नवंबर 2024: छठ पूजा (सुबह का अर्घ्य) / वंगला महोत्सव – बिहार, झारखंड और मेघालय जैसे राज्यों में बैंक बंद रहेंगे।– 9 नवंबर 2024: दूसरा शनिवार – सभी राज्यों में बैंकों का नियमित अवकाश।– 10 नवंबर 2024: रविवार – सभी राज्यों में बैंकों का नियमित अवकाश।– 15 नवंबर 2024: गुरु नानक जयंती / कार्तिका पूर्णिमा / रहस पूर्णिमा – मध्य प्रदेश, मिजोरम, महाराष्ट्र, ओडिशा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, हैदराबाद (तेलंगाना), अरुणाचल प्रदेश, राजस्थान, जम्मू, उत्तर प्रदेश, नागालैंड, बंगाल, नई दिल्ली, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और श्रीनगर के कई क्षेत्रों में बैंक बंद रहेंगे।– 17 नवंबर 2024: रविवार – सभी राज्यों में बैंकों का नियमित अवकाश।– 23 नवंबर 2024: चौथा शनिवार – सभी राज्यों में बैंकों का नियमित अवकाश।– 24 नवंबर 2024: रविवार – सभी राज्यों में बैंकों का नियमित अवकाश। इस महीने की छुट्टियों के दौरान ध्यान रखें कि बैंकिंग से जुड़े कई काम रुक सकते हैं। अगर आपके पास बैंक से संबंधित कोई भी कार्य है, तो बेहतर होगा कि इन्हें पहले से निपटा लें ताकि अवकाश के कारण किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। Note: उपरोक्त सूची में शामिल छुट्टियां राज्य विशेष पर निर्भर करती हैं। संबंधित राज्य की छुट्टियों की जांच कर लें।

Ratlam News: रतलाम: कर्तव्य फाउंडेशन के ‘मिशन घर की लक्ष्मी’ में पत्रकार राकेश पोरवाल का सम्मान

रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: समाज सेवा और जनहित के उद्देश्यों से किए गए कार्य हमेशा सफल होते हैं और इनमें समाज का सहयोग स्वतः मिल जाता है। इसी विचार को चरितार्थ करते हुए कर्तव्य फाउंडेशन ने अपने ‘मिशन घर की लक्ष्मी’ अभियान के तहत जरूरतमंदों तक वस्त्र और मिठाई पहुंचाने का कार्य कर समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस सामाजिक पहल के अंतर्गत, फाउंडेशन ने रतलाम के वरिष्ठ पत्रकार राकेश पोरवाल का सम्मान सैलाना रोड स्थित हीरा पैलेस में आयोजित समारोह में किया। इस अवसर पर पत्रकार राकेश पोरवाल ने कहा, “किसी भी सेवा कार्य की शुरुआत निचले स्तर से होती है और यदि उद्देश्य अच्छा हो तो लोग स्वतः ही जुड़ जाते हैं।” उन्होंने कर्तव्य फाउंडेशन के इस मिशन की सराहना की और इसे लक्ष्मी का वास्तविक प्रतीक बताया जो जरूरतमंदों के लिए सहायक सिद्ध हो रहा है। कार्यक्रम में पत्रकारिता और प्रेस फोटोग्राफी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए फाउंडेशन के जय तलेरा, तनु बाफना, यश मित्तल और नयन राय ने पत्रकार राकेश पोरवाल को शाल, श्रीफल, और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विशेष रूप से नीरज बरमेचा, आयुष कसेरा, गुरनाम सिंह डंग, सविता तिवारी, सीमा बोथरा और रवि बोथरा का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन जय तलेरा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन तनु बाफना ने किया।

MP News: मध्यप्रदेश के इस शहर में मुर्दे नहीं दीपक जलाते है; दिवाली पर फुलझड़ियों व रंगोलियों से सजता है श्मशान, जानिए क्या है वजह

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश के रतलाम में दिवाली से एक दिन पहले श्मशान दीपक से जगमगाते हुए दिखेगा। यहां रंगोलियां बनाई जाती है, आतिशबाजियां होती है। आमतौर पर श्मशान में जाने से लोग कतराते है, वो भी किसी खास त्योहार वाले दिन। लेकिन यहां इसके बिल्कुल उल्टा है। शहर का प्रसिद्ध त्रिवेणी मुक्तिधाम बुधवार शाम को दीपदान के आयोजन से जगमगा उठा। पूरे परिसर को रंगोली और दीपों से सजाया गया, जहां बच्चों ने फुलझड़ियां जलाकर और लोगों ने आतिशबाजी करके इस विशेष मौके को मनाया। महिलाओं ने ढोल की थाप पर पारंपरिक नृत्य कर माहौल को उल्लासमय बना दिया। त्रिवेणी मुक्तिधाम के अलावा शहर के भक्तन की बावड़ी और जवाहर नगर मुक्तिधाम में भी दीपों का यह उजाला देखने को मिला। आयोजन को करने वाले संस्था के प्रमुख सदस्य गोपाल सोनी ने बताया, “दीपावली का यह 5 दिवसीय पर्व न केवल हमारे घर-आंगन को रोशन करता है, बल्कि पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का भी एक माध्यम है। हम मुक्तिधाम में दीप जलाकर, रंगोली सजाकर, और आतिशबाजी कर पूर्वजों को श्रद्धांजलि देते हैं। इससे हम यह प्रार्थना करते हैं कि यदि हमारे पूर्वज अंधकार में हों, तो वे प्रकाश की ओर जाएं।” सोनी के अनुसार, इस परंपरा का आरंभ 2006 में हुआ था, और अब यह हर वर्ष बड़े उत्साह से मनाई जाती है। मोनिका शर्मा, जो अपने परिवार के साथ इस अवसर पर आईं, ने बताया, “पहले मुक्तिधाम में आने से लोग हिचकते थे, लेकिन अब यह परंपरा का हिस्सा बन गया है और सभी लोग इसमें शामिल होकर दीपदान करते हैं।” इस आयोजन का धार्मिक महत्व भी है। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी पर किए जाने वाले इस दीपदान का उद्देश्य यमराज से यमयातना से मुक्ति प्राप्त करना है। गोपाल सोनी ने बताया, “नरक चतुर्दशी के इस दिन यमराज को दीपदान करने का विधान है, जिससे हमारे पूर्वजों को शांति प्राप्त होती है। माना जाता है कि राजा बलि ने इस दिन का वरदान मांगा था कि जो व्यक्ति इस दिन यमराज को दीपदान करेगा, वह दुखों से मुक्त रहेगा।” पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, पूर्वजों की प्रसन्नता से देवताओं का आशीर्वाद मिलता है और पितृदोष भी समाप्त हो जाता है। रतलाम में इस अद्वितीय आयोजन ने न केवल पूर्वजों की स्मृति को जीवित रखा है बल्कि समाज में आस्था और परंपरा के महत्व को भी उजागर किया है।

Festival Special Train: पश्चिम रेलवे ने त्‍योहारों में यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Festival Special Trains: त्‍योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्‍या को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने उधना-कटिहार-उज्‍जैन स्‍पेशल, उधना-दानापुर-वडोदरा अनारक्षित स्‍पेशल, और उधना-प्रयागराज-उधना अनारक्षित स्‍पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें यात्रियों की सुविधा के लिए एक-एक फेरे में चलेंगी। 1. उधना-कटिहार-उज्‍जैन स्‍पेशल (गाड़ी संख्‍या 09047/09048):गाड़ी संख्‍या 09047 उधना-कटिहार स्‍पेशल 01 नवंबर को उधना से रात 00:20 बजे रवाना होगी और 02 नवंबर को दोपहर 14:00 बजे कटिहार पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्‍या 09048 कटिहार से 02 नवंबर को शाम 17:00 बजे चलकर 03 नवंबर को रात 23:30 बजे उज्‍जैन पहुंचेगी। यह ट्रेन भरुच, वडोदरा, रतलाम, नागदा और उज्‍जैन सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच होंगे। 2. उधना-दानापुर-वडोदरा अनारक्षित स्‍पेशल (गाड़ी संख्‍या 09053/09054):गाड़ी संख्‍या 09053 उधना-दानापुर स्‍पेशल 31 अक्टूबर को सुबह 10:00 बजे उधना से रवाना होगी और अगले दिन 01 नवंबर को रात 23:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्‍या 09054, 02 नवंबर को सुबह 04:00 बजे दानापुर से चलकर 03 नवंबर को दोपहर 12:00 बजे वडोदरा पहुंचेगी। इस ट्रेन का रतलाम, उज्‍जैन, बीना और कई अन्य स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। इसमें 16 स्लीपर कोच होंगे जो पूरी तरह अनारक्षित होंगे। 3. उधना-प्रयागराज-उधना अनारक्षित स्‍पेशल (गाड़ी संख्‍या 09011/09012):गाड़ी संख्‍या 09011 उधना-प्रयागराज स्‍पेशल 31 अक्टूबर को सुबह 07:00 बजे उधना से रवाना होगी और अगले दिन 01 नवंबर को सुबह 09:15 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्‍या 09012, 01 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे प्रयागराज से चलकर 02 नवंबर को शाम 16:05 बजे उधना पहुंचेगी। इस ट्रेन में 20 सामान्य श्रेणी के कोच होंगे जो पूरी तरह अनारक्षित होंगे। यात्रियों से अनुरोध है कि वे इन ट्रेनों के ठहराव और समय की अधिक जानकारी के लिए [www.enquiry.indianrail.gov.in](http://www.enquiry.indianrail.gov.in) पर विजिट करें।

Diwali 2024: जानें दिवाली की सही तिथि, शुभ मुहूर्त और पूजाविधि

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Diwali 2024 Date, Time, Muhurat and Poojavidhi: दिवाली का पर्व हर साल कार्तिक माह की अमावस्या को धूमधाम से मनाया जाता है। इस साल पंचांग भेद के कारण दिवाली दो दिनों तक मनाई जाएगी—31 अक्टूबर और 1 नवंबर को। दीपावली पर मां लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा का खास महत्व होता है। जानिए दिवाली की सही तिथि, पूजा का शुभ मुहूर्त, और पूजाविधि। कब है दिवाली?पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत 29 अक्टूबर को धनतेरस से हो चुकी है। इसके बाद 31 अक्टूबर को छोटी दिवाली और फिर दिवाली का मुख्य पर्व मनाया जाएगा। कुछ स्थानों पर दिवाली 31 अक्टूबर को, तो कुछ जगहों पर 1 नवंबर को मनाई जाएगी। दिवाली के अगले दिन, 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 3 नवंबर को भाई दूज के साथ यह उत्सव समाप्त होगा। दिवाली पूजा का शुभ मुहूर्त– अमावस्या तिथि प्रारंभ: 31 अक्टूबर, दोपहर 3:52 बजे– अमावस्या तिथि समाप्त: 1 नवंबर, शाम 6:16 बजे– लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त:  – 31 अक्टूबर, शाम 5:36 बजे से शाम 6:16 बजे तक    – शाम 6:27 बजे से रात 8:32 बजे तक– निशिता काल पूजा:  – 31 अक्टूबर, रात 11:39 बजे से 12:31 बजे तक दिवाली पूजाविधि1. साफ-सफाई: दिवाली की पूजा से पहले घर की सफाई करें, विशेषकर ईशान कोण का ध्यान रखें, जिसे देवी-देवताओं का स्थान माना गया है।2. पूजा की तैयारी: लकड़ी की चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाकर लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति स्थापित करें। साथ ही कुबेर देवता की तस्वीर भी लगाएं।3. कलश की स्थापना: चौकी पर जल से भरे कलश में कौड़ियां, सिक्के, सुपारी, और गंगाजल डालें। कलश पर स्वास्तिक का निशान बनाकर मोली लपेटें और आम के पत्ते लगाएं।4. लक्ष्मी पूजन: मां लक्ष्मी के सामने लाल कपड़े की थैली में 5 कौड़ी, 5 गोमती चक्र, हल्दी की गांठ रखें। पूजन के बाद इसे तिजोरी में रखें।5. दीप जलाना: गणेशजी, लक्ष्मी जी, और कुबेर देवता के सामने घी का 5 या 11 दीपक जलाएं। घर के कोनों में सरसों के तेल के दीपक लगाएं।6. मंत्र जाप और पाठ: गणेश अथर्वशीर्ष और श्री सूक्तम का पाठ करें और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए पूजा समाप्त करें। डिस्क्लेमर: इस आलेख में दी गई जानकारी परंपरागत मान्यताओं पर आधारित है। इसे अपनाने से पहले किसी विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें।

MP News : ईएसबी की युवाओं को बड़ी खुशखबरी, दिवाली पर 1000 से ज्यादा पदों के लिए परीक्षाएं

भोपाल – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। MP News : कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने कुछ महीने पहले अपना भर्ती कैलेंडर जारी किया था, जिसमें केवल एक भर्ती परीक्षा की विज्ञप्ति जारी हो सकी थी। इसके बाद से कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं अटकी हुई थीं, जिससे लाखों उम्मीदवारों में चिंता फैल गई थी कि क्या बाकी परीक्षाएं होंगी भी या नहीं। हालांकि, हाल ही में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ईएसबी इस दिवाली पर उम्मीदवारों को बड़ी सौगात देने जा रहा है। जल्द ही ईएसबी 1 हजार से ज्यादा पदों पर भर्तियां शुरू कर सकता है। कैलेंडर के अनुसार परीक्षाओं की स्थिति:– माध्यमिक शिक्षक चयन परीक्षा– अगस्त 2024– समूह 4 उपसमूह 3 मेडिकल सोशल वर्कर एवं अन्य समकक्ष पद भर्ती परीक्षा– अक्टूबर 2024– महिला एवं बाल विकास पर्यवेक्षक परीक्षा– अक्टूबर 2024– समूह 2, उपसमूह 3 सहायक संपरीक्षक एवं अन्य समकक्ष पद भर्ती परीक्षा – नवंबर 2024– सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक चयन परीक्षा – दिसंबर 2024– वनरक्षक, क्षेत्रक रक्षक एवं जेल प्रहरी परीक्षा – जनवरी 2025 केवल एक परीक्षा हुई, कई अब भी लंबितईएसबी ने कैलेंडर में शामिल केवल एक परीक्षा, समूह 3 सब इंजीनियर, सहायक मानचित्रकार, तकनीशियन एवं अन्य समकक्ष पदों के लिए आयोजित की है। इसके बाद उम्मीदवारों में चिंता बढ़ी कि शेष परीक्षाएं कब होंगी। इस बीच हाईकोर्ट में भी एक याचिका दायर की गई है, जिसमें अयोग्य उम्मीदवारों के चयन पर सवाल उठाए गए हैं। ईएसबी की परीक्षा प्रक्रिया पर उठते सवालों के बीच संस्थान जल्द ही अधिक भर्तियों की घोषणा करने की तैयारी कर रहा है। आने वाली भर्तियों में पदों की संख्या बढ़ सकती हैसूत्रों के अनुसार, ईएसबी इस साल के अंत तक समूह 5 के लिए एक भर्ती परीक्षा आयोजित करने की योजना बना रहा है, जिसमें 500 से ज्यादा पद संभावित हैं। यदि अन्य विभागों से भी मांगपत्र जल्द आते हैं तो यह संख्या 1000 से अधिक हो सकती है। इसके अलावा, समूह 4 में 300 पद और समूह 1 में मेडिकल सोशल वर्कर के लिए 100-150 पदों पर भर्तियों की उम्मीद है। रिजल्ट में देरी क्यों?वनरक्षक और जेल प्रहरी परीक्षा के रिजल्ट में देरी का कारण कई विभागों से प्राप्त होने वाले मांगपत्रों में देरी है। ईएसबी का कहना है कि शासन ने पदों को विभिन्न ग्रुपों में बांटा है और 50 से अधिक विभागों के समकक्ष पद शामिल किए हैं। कई विभागों के मांगपत्र अभी पाइपलाइन में हैं, जिससे अधिक पदों के लिए परीक्षा आयोजित करने में समय लग रहा है।

Ratlam News: अखिल भारतीय युवा गुर्जर महासभा के रतलाम जिलाध्यक्ष पद पर भारतसिंह गुर्जर की नियुक्ति

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: अखिल भारतीय युवा गुर्जर महासभा मध्यप्रदेश द्वारा रतलाम जिले में भारतसिंह गुर्जर को जिला अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया। जावरा के दाहखेड़ा निवासी भारतसिंह गुर्जर परवलिया पंचायत से सरपंच है। यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष सोनू गुर्जर (पहलगांव) के आदेश पर की गई है। जिनका कार्यकाल आगामी चुनाव सम्मपन तक प्रभावी रहेगा। यह नियुक्ति समाज सेवा में उनके योगदान और गुर्जर समाज के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए की गई है। इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र सौंपा गया। जिसमें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विधायक रामकिशोर दोगने, प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्रसिंह पटेल सहित युवा महासभा के पदाधिकारी व गुर्जर समाज के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में रतलाम जिले के साथ ही प्रदेश के 39 जिलों की कार्यकारिणी का गठन किया गया। नियुक्ति के अवसर पर समाज के वरिष्ठ जनों और स्थानीय नेताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत करने वालों में अरुण गुर्जर, सोहन गुर्जर, ईश्वरसिंह गुर्जर, राहुल गुर्जर, नागदा से कांग्रेस नेता विशाल गुर्जर, किसान यूनियन मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर और लखन मकवाना आदि शामिल थे। सभी ने भारत सिंह के उज्जवल भविष्य और समाज के प्रति उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दी। अखिल भारतीय युवा गुर्जर महासभा के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने विश्वास जताया कि श्री भारत सिंह समाज की प्रगति और युवाओं के हित में अपनी पूरी जिम्मेदारी निभाएंगे।