Ratlam News: 5 वर्षीय मासूम के साथ यौन उत्पीड़न: सांईश्री एकेडमी के बाहर अभिभावकों का जमकर प्रदर्शन, स्कूल किया सील

पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: 80 फीट रोड स्थित सांईश्री एकेडमी स्कूल में 5 वर्षीय मासूम के साथ यौन उत्पीडन का मामला सामने आने बाद सोमवार को स्कूल खुलते ही अभिभावकों का आक्रोश भड़क गया। आक्रोशित परिजन ने स्कूल संचालक राकेश देसाई, प्रिंसिपल श्वेता विंचुरकर सहित जिला और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अभिभावकों का कहना है कि निजी स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही के कारण ये घटना घटी है। स्कूल के बाहर करीब 2 घंटे तक जाम के साथ अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। आक्रोश को भांपते हुए मौके पर प्रशासन की और से अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव और एएसपी राकेश खाखा को भी पहुंचना पड़ा। अधिकारियों ने मौके पर सांईश्री एकेडमी स्कूल को सील कर दिया। प्रशासन ने सांईश्री स्कूल प्रबंधन के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं हैरान कर देने वाली बात है की पूरे मामले में अब तक स्कूल के जिम्मेदार राकेश देसाई या किसी का भी कोई बयान नहीं आया है। आपको बता दे मासूम बच्ची के साथ घटिया हरकत करने वाला चौकीदार का बेटा है। आरोपी नाबालिग है। क्या बोले जिम्मेदार!रतलाम एसडीएम अनिल भान ने बताया “आक्रोशित लोग स्कूल के स्टाफ और प्रबंधन के विरुद्ध भी कार्रवाई चाहते हैं. इस मामले में जिनकी भी लापरवाही और जिम्मेदारी सामने आएगी, उन पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” एडिशनल एसपी राकेश खाखा ने कहा “पुलिस ने पास्को एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की. इसके अलावा जो भी तथ्य और प्रबंधन के लापरवाही सामने आएगी, उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।” घटना की निंदा तक नहीं कीएफआईआर के बाद परिजनों में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी देखी जा रही थी। इसके बाद भी स्कूल प्रबंधन ने घटना की निंदा तक नहीं की। ना ही स्कूल की और से कोई आधिकारिक बयान दिया गया।  सोमवार को नाराज अभिभावक जब प्रबंधन से घटना सहित अपने बच्चों की सुरक्षा की मांग को लेकर चर्चा करने पहुंचे, तब प्रबंधन का बर्ताव गैर जिम्मेदाराना था।  जिसके बाद अभिभावकों ने सड़क पर बैठ प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर रतलाम शहर एसडीएम अनिल भाना, सीएसपी अभिनव बारंगे, दीनदयाल नगर थाना प्रभारी रवीन्द्र दंडोतिया, औद्योगिक थाना प्रभारी वीडी जोशी, सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में पुलिस का बल मौके पर पहुंचा। यह खबर भी पढ़िए… Ratlam News: 5 वर्षीय मासूम के साथ नाबालिग की गंदी करतूत, 80 फिट रोड स्थित सांईश्री स्कूल में हुई घटना…https://publicvarta.com/ratlam-news-dirty-act-of-a-minor-youth-with-a-5-year-old-innocent-child-the-incident-took-place-in-saishree-school-located-at-80-fit-road/

RRB Vacancy 2024: 5154 पद बढ़े, 2 अक्टूबर से फिर से आवेदन का मौका, जानें पूरी डिटेल्स

पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क । RRB VACANCY 2024: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने टेक्नीशियन भर्ती में बंपर पदों की बढ़ोतरी की है। अब कुल 14298 पदों पर भर्तियां होंगी, जो पहले 9144 थी। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन की विंडो 2 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2024 तक दोबारा खोली जाएगी। नए उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, और जिन्होंने पहले से आवेदन किया है, उन्हें अपने आवेदन में करेक्शन का भी मौका मिलेगा। 2 अक्टूबर से आवेदन और करेक्शन का मौकाइस विंडो के दौरान उम्मीदवार अपनी पसंद की कैटेगरी में बदलाव कर सकते हैं और फोटो, हस्ताक्षर समेत अन्य जानकारियों में भी सुधार कर सकेंगे। मौजूदा उम्मीदवारों को किसी नए आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी, जबकि नए उम्मीदवार कैटेगरी 2 से 40 के अंतर्गत आवेदन कर सकते हैं। करेक्शन के लिए आरआरबी ने जारी किए नियम:– मौजूदा उम्मीदवार, जिन्होंने किसी भी कैटेगरी में आवेदन किया है और फीस का भुगतान किया है, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के करेक्शन कर सकते हैं।– मौजूदा उम्मीदवार शैक्षणिक योग्यता, फोटो/हस्ताक्षर और पोस्ट प्रेफरेंस में बदलाव कर सकते हैं।– नए उम्मीदवार वही माने जाएंगे, जिन्होंने फीस का भुगतान नहीं किया है या नए कैटेगरी में आवेदन करना चाहते हैं। RRB टेक्नीशियन भर्ती में परीक्षा पैटर्नइस बार टेक्नीशियन भर्ती के लिए केवल एक चरण में सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) होगा। परीक्षा में 90 मिनट में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। सामान्य वर्ग के लिए 40%, ओबीसी और एससी के लिए 30%, और एसटी के लिए 25% न्यूनतम अंक आवश्यक होंगे। प्रमुख विषयों में शामिल होंगे:– जनरल अवेयरनेस: 10 प्रश्न– जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग: 15 प्रश्न– बेसिक कंप्यूटर और एप्लीकेशंस: 20 प्रश्न– मैथ्स: 20 प्रश्न– बेसिक साइंस और इंजीनियरिंग: 35 प्रश्न नेगेटिव मार्किंग का ध्यान रखेंप्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1/3 अंक काटे जाएंगे, इसलिए सावधानी से उत्तर दें। आरआरबी टेक्नीशियन भर्ती 2024 में 5154 नए पद जोड़े गए हैं, जिससे कुल पदों की संख्या 14298 हो गई है। अगर आप रेलवे में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं, तो यह सुनहरा मौका है। आवेदन की विंडो 2 अक्टूबर से खुलेगी, इसलिए तैयारी में जुट जाएं और समय रहते आवेदन करें।

Heavy Rain in Ratlam: रतलाम में रविवार को मूसलाधार बारिश, किसानों की सोयाबीन भीगी, बाइक सवार गिरे नाले में, बिजली भी गिरी

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Heavy Rain in Ratlam: शहर में रविवार को भारी बारिश हुई, जिसने शहर की सड़कों को तालाब में तब्दील कर दिया। दोपहर 2 बजे के बाद शुरू हुई हल्की बारिश ने शाम 4:30 बजे के आसपास मूसलाधार रूप धारण कर लिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि बादल फट गए हों, क्योंकि दो घंटे तक लगातार तेज बारिश होती रही, इस दौरान लगभग 2 इंच बारिश दर्ज की गई। रतलाम में अब तक 43.88 इंच के करीब वर्षा हो चुकी है, जो की सामान्य से 7.96 इंच ज्यादा है। तेज बारिश के दौरान कई क्षेत्रों में पानी भर गया। खासतौर पर अलकापुरी क्षेत्र में बिजली गिरने से बिजली आपूर्ति बंद हो गई, और अन्य क्षेत्र भी प्रभावित हुए। हालांकी इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं बारिश के बीच नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शहर के बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में राहगीर खुले नाले में  बाइक सहित गिर गए, जिन्हें आसपास के लोगों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। निचले क्षेत्र जलमग्नशहर के पावर हाउस रोड, डॉट की पुलिया, न्यू रोड, बाजना बस स्टैंड, बड़बड़ और अन्य क्षेत्रों में पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। घने अंधेरे और जलभराव के कारण वाहन चालकों को अपने वाहनों की हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े, और कई जगहों पर वाहन फिसलने की घटनाएं भी हुईं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का असररतलाम से 8 किलोमीटर दूर पलसोड़ा गांव पूरी तरह से जलमग्न हो गया। यहां का मुख्य चौराहा पानी से भर गया और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा तक पानी आ गया। गांव के सड़क मार्गों का संपर्क टूट गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। नामली में भी सड़कों की हालत नदियों की तरह हो गई। खेतों में पानी, सोयाबीन की फसलें प्रभावितरतलाम के आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी खेतों में पानी भर गया। सोयाबीन की फसलें भीग गईं और कई किसानों की फसलें खराब हो गईं। कटाई के बाद खेतों में रखे सोयाबीन भी पानी में डूबने से नुकसान हो गया। कुछ वीडियो में सोयाबीन की फसलें पानी में बहकर भी जाती हुई दिखाई दी। जाते मानसून ने कई किसानों को प्रभावित किया है। सितंबर के अंत में हुई इस भारी बारिश ने रतलाम शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को काफी प्रभावित किया। निचले क्षेत्रों में पानी भरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, और खेतों में पानी भरने से किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है।

Ratlam News: सेवा भारती ने मानव श्रंखला बनाकर दिया “सुपोषण भारत – समर्थ भारत” का संदेश

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: समाजिक संस्था सेवा भारती ने कुपोषण के खिलाफ अपनी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए आज रतलाम में “सुपोषण जागरूकता अभियान” का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कुपोषण के खिलाफ जागरूकता फैलाना और समाज में सुपोषण के प्रति सजगता लाना था। नगर के महाराजा सज्जनसिंह चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर संघ के विभाग सेवा प्रमुख गजेंद्र वर्मा, रतलाम जिला संघचालक सुरेन्द्र सुरेका, जिला महिला बाल विकास अधिकारी रजनीश जी सिन्हा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. रोमा शर्मा हाड़ा और सेवा भारती रतलाम के अध्यक्ष अनुज छजेड सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। विभाग सेवा प्रमुख गजेंद्र वर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सेवा भारती हर साल सितंबर महीने में यह अभियान चलाती है, जिसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों में सुपोषण के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा, “यदि भारत का युवा और महिलाएं सही पोषण प्राप्त करें, तो हमारा देश प्रगति के नए सोपान प्राप्त करेगा।” मुख्य वक्ता डा. रोमा शर्मा हाड़ा ने सुपोषण प्राप्त करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि सामान्य जीवन में कुछ छोटे-छोटे परिवर्तन करके हम न केवल खुद को बल्कि समाज को भी सुपोषित कर सकते हैं। महिला बाल विकास अधिकारी रजनीश सिन्हा ने शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी दी और कहा कि “सरकार हर नागरिक के सुपोषण के लिए कई योजनाएं चला रही है। हमें इनका लाभ उठाना चाहिए।” मानव श्रृंखला बनाकर दी जागरूकताकार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण था मानव श्रंखला का निर्माण, जिसमें उपस्थित जनशक्ति ने मिलकर “सुपोषित भारत – समर्थ भारत” का संकल्प लिया। इस दौरान सेवा भारती सह सचिव श्रीमती आशा दुबे ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। जिला सेवा प्रमुख पवन कसेरा ने उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया। सह सेवा प्रमुख मनीष सोनी द्वारा अतिथि परिचय दिया। मंच संचालन सेवा भारती सचिव मोहित कसेरा ने किया। कार्यक्रम में नगर सेवा प्रमुख पंकज भाटी, सकल जैन समाज के महेंद्र बोथरा, लायन पूर्व रिजनल चेयर पर्सन वीणा छाजेड सहित बड़ी संख्या में समाज जन और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सेवा भारती निरंतर समाज में परिवर्तन लाने के लिए कटिबद्ध है, और कुपोषण के खिलाफ उनकी यह मुहिम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Ratlam News: MP के इस यंग IPS अफसर ने पुलिसकर्मियों के लिए ईनामों की लगाई झड़ी, हर 15 दिन में देना होगा अपडेट, नहीं तो…

प्रदेश के यंग आईपीएस ऑफिसर और रतलाम एसपी अमित कुमार का नवाचार, हर जवान को 5 और 10 हजार का नगद ईनाम, हर 15 दिन में खुद लेंगे समीक्षा बैठक रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: प्रदेश के यंग आईपीएस ऑफिसर अमित कुमार (IPS Amit Kumar) ने पुलिस जवानों के काम में फुर्ती लाने के लिए एक अनूठा एक्सपीरिमेंट शुरू किया है। आईपीएस अमित कुमार रतलाम जिले के एसपी है। गौरतलब है की रतलाम शहर में तैनात पुलिस जवानों की क्विक रेस्पॉन्स टीम का नाम चीता पार्टी है। एसपी ने इन्हीं चीता जवानों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें शहर की अपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही एसपी ने नवाचार करते हुए चीता जवानों के लिए ईनामों की झड़ी लगा दी है। एसपी ने चोरी के दौरान उपयोग में लाए उपकरण की जब्ती के लिए 5 हजार और चोरी के वाहन जब्ती के लिए प्रत्येक जवान को 10 हजार रुपए के नगद पुरुस्कार देने की घोषणा की है। इसके अलावा काम में कसावट के लिए हर 15 दिन में एसपी मीटिंग लेकर चीता के कामों की खुद अपडेट भी लेंगे। एसपी अमित कुमार के अनुसार चीता जवान हर बिट की मुख्य कड़ी है। सबसे ज्यादा फील्ड में यही रहते है और इनका लोगों से सीधा संपर्क है। गश्ती के दौरान एहतियात बरतने से चीता जवान कई अपराधों को रोकने में अहम भूमिका निभा सकते है। साथ ही घटित अपराधों की विवेचना में भी महत्वपूर्ण भूमिका इनकी रहती है। पुरस्कार देने से उनकी कार्यक्षमता और मनोबल में वृद्धि होती है। इससे वे अपने काम में अधिक जिम्मेदारी और उत्साह से जुटते हैं, अपराध रोकने और कार्रवाई में तेजी लाते हैं, और बेहतर परिणाम देने के लिए प्रेरित होते हैं। यह एक तरह से प्रोत्साहन का काम करता है, जिससे पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का पालन और अधिक प्रभावी ढंग से करते हैं। इस बैठक में चीता पार्टी के जवानों को अपने कार्यक्षेत्र में सतर्कता बरतने और अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश 1. हर 15 दिन में समीक्षा बैठक: चीता पार्टी द्वारा किए गए कार्यों की हर 15 दिन में पुलिस अधीक्षक स्वयं समीक्षा करेंगे।   2. पुरस्कार योजना: किसी संदिग्ध व्यक्ति से चोरी करने के उपकरण (जैसे कटर या पाना) जब्त करने पर चीता पार्टी के जवान को ₹5000 का नकद इनाम दिया जाएगा। इसके साथ ही, चोरी किया गया वाहन पकड़ने पर ₹10,000 का नगद इनाम भी घोषित किया गया है। 3. धार्मिक स्थलों और अन्य क्षेत्रों की निगरानी: चीता पार्टी अपने क्षेत्र के मंदिर, मस्जिद, और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी और चेकिंग करेंगी। इन स्थानों से संबंधित जानकारियों को अपनी डायरी में दर्ज करेंगी। 4. सतत चेकिंग: होटल, लॉज, धर्मशाला, बैंक, कॉलोनी, गुंडे-बदमाशों के ठिकानों, गोल्ड लोन कंपनियों और एटीएम की सतत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका विवरण साप्ताहिक डायरी में रखा जाएगा। 5. संदिग्ध व्यक्तियों की जाँच: चीता पार्टी शहर में सतत भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करेगी, जिसमें यदि कोई हथियार या गैरकानूनी वस्तु मिलती है, तो उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। 6. तेज रफ्तार और खतरनाक बाइकर्स पर निगरानी: शहर में तेज रफ्तार से बाइक चलाने वाले युवकों की पहचान कर उन्हें समझाइश दी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 7. लापरवाही पर सख्त कार्रवाई: इन निर्देशों का पालन न करने पर संबंधित चीता पार्टी के सदस्यों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। एसपी अमित कुमार ने इस बैठक के दौरान सभी चीता पार्टी के सदस्यों को अपने कार्यों के प्रति निष्ठावान रहने और किसी भी लापरवाही से बचने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि चीता पार्टी की सक्रियता से शहर की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सकता है और अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

Ratlam News: 5 वर्षीय मासूम के साथ नाबालिग की गंदी करतूत, 80 फिट रोड स्थित सांईश्री स्कूल में हुई घटना

स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल!, आरोपी को भेजा बाल संप्रेक्षण ग्रह रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: हाल ही में प्रदेश की राजधानी भोपाल में मासूम बच्ची से दुष्कर्म और निर्मम हत्या का मामला सामने आया था। जिसमें पुलिस जांच में कई चोंकाने वाले खुलासे हो रहे है। वहीं अब प्रदेश के रतलाम में एक निजी स्कूल में 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। हैरानी कि बात यह है की 80 फीट रोड स्थित सांईश्री स्कूल में मासूम के साथ गंदी हरकत को अंजाम देने वाला आरोपी खुद नाबालिग है। पूरे मामले में सांईश्री स्कूल प्रबंधन की लापरवाही भी खुलकर सामने आई है। सूत्रों की माने तो स्कूल परिसर में दूसरी और तीसरी मंजिल पर सीसीटीवी कैमरे भी नहीं है। पुलिस ने पीड़ित मासूम की मां की शिकायत पर आरोपी बाल अपचारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है। प्राइवेट स्कूलों में परिजनों से मोटी-मोटी फीस लेने के बाद भी बच्चों की सुरक्षा के लिए उचित प्रबंध नहीं होना सांईश्री स्कूल प्रबंधन की लापरवाही को दर्शाता है। मामले में सांईश्री एकेडमी स्कूल के प्रबंधक राकेश देसाई से जानकारी लेना चाही मगर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। बाथरूम के लिए गई तो मालूम पड़ाजानकारी के अनुसार 5 वर्षीय मासूम की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बच्ची सांईश्री स्कूल में पढ़ाई करती है। मासूम बच्ची को घर से स्कूल और स्कूल से घर लाने का काम उसकी मौसी करती है। पिछले तीन दिन से उनकी बच्ची को बुखार आ रहा था और बाथरूम कम हो रही थी। 27 सितंबर की दरमियानी रात मासूम बाथरूम करने के लिए उठी तो उसने अपनी मौसी को बताया कि उसे जलन हो रही है। इसके बाद मौसी ने उसकी मम्मी को उठाया। जब बची के प्राइवेट पार्ट को देखा तो वह सामान्य नहीं था। बच्ची ने मां और मौसी को बताया कि एक लडक़ा उसके साथ गंदी हरकत करता है। इस दौरान मौसी को कुछ याद आया और उसने अपनी बहन को बताया कि 24 सितंबर 2024 को जब वह भतीजी को स्कूल से लेकर लौट रही थी, तब उसके टी-शर्ट के बटन खुले हुए थे और उसका पूरा शरीर लाल होने के अलावा तेज बुखार से तप रहा था। बाल अपचारी को भेजा संप्रेक्षण ग्रहमासूम के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत के बाद औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने पर लिखित शिकायत की। एसआई सत्येंद्र रघुवंशी ने जांच कर बच्ची के साथ गलत हरकत करना पाया। जांच के दौरान सांईश्री स्कूल प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है। पुलिस ने बाल अपचारी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 65(2), 75, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 6,7 और 8 में मुकदमा दर्ज किया है। बाल अपचारी को पुलिस ने बाल संप्रेक्षण गृह भेजा है।

MP Police Recruitment 2023: बारिश के चलते दौड़ के मैदानों पर पड़ा असर, पुलिस मुख्यालय ने फिजिकल की तारीख बढ़ाई

भोपाल – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। MP Police Recruitment 2023: 26, 27 और 28 सितंबर 2024 को हुई भारी बारिश के कारण, मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक (जीडी) एवं (रेडियो) भर्ती वर्ष 2023 के शारीरिक दक्षता परीक्षण स्थगित कर दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, भारी वर्षा के कारण परीक्षण मैदान उपयुक्त नहीं रहे, जिसके चलते 30 सितंबर, 1 अक्टूबर और 2 अक्टूबर 2024 को होने वाले शारीरिक दक्षता परीक्षण अब क्रमश: 18, 19 और 20 नवंबर 2024 को आयोजित किए जाएंगे। (MP police Physical Test New Date) आपको बता दे ग्वालियर, उज्जैन सहित प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश की वजह से वो मैदान खराब हो गए हैं, जहां दक्षता परीक्षा ली जानी थी। ऐसे में इसे आगे बढ़ाना पड़ा है। नई तिथियां– 30 सितंबर 2024 की परीक्षा अब 18 नवंबर 2024 को होगी।– 1 अक्टूबर 2024 की परीक्षा अब 19 नवंबर 2024 को होगी।– 2 अक्टूबर 2024 की परीक्षा अब 20 नवंबर 2024 को होगी। हालांकि, परीक्षण केंद्र, स्थान, और बाकी शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उम्मीदवारों को अपने संशोधित प्रवेश पत्र मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मण्डल (ESB) की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद, वे नई तिथियों पर शारीरिक दक्षता परीक्षण में शामिल हो सकते हैं। सव्यसाची सराफ, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (चयन भर्ती), पुलिस मुख्यालय, भोपाल ने कहा की उम्मीदवारों से अनुरोध है कि वे नई तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी जारी रखें और संबंधित वेबसाइट पर अपडेट्स चेक करते रहें। आचार संहिता के चलते रुका था फिजिकलमध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा 7411 पदों पर भर्ती की जा रही है। इसमें से ओबीसी आरक्षण को लेकर 13 प्रतिशत पदों पर परिणाम रोका गया था। भर्ती परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा होना थी। लेकिन लोकसभा चुनाव की आचार संहिता की वजह से इसे आगे बढ़ा दिया गया था। 2023 में हुई थी 6 हजार आरक्षकों की भर्ती इसके पहले 2023 में 6 हजार पुलिस आरक्षकों के पदों पर भर्ती हुई थी। प्रदेश में इसके बाद फिर से जून 2023 में 7411 आरक्षकों के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद से यह प्रक्रिया चल रही है। इन पदों में 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।मध्य प्रदेश में यहां बनाए गए हैं सेंटरपुलिस भर्ती शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, रीवा, रतलाम, बालाघाट, सागर और मुरैना में होनी है। यहां हर दिन 200 से अधिक अभ्यर्थी इसमें हिस्सा लेंगे। इसमें से 15 प्रतिशत महिला अभ्यर्थीं होंगी।

MP Job Vacancies: मध्यप्रदेश में प्राथमिक शिक्षक की बंपर भर्तियां, क्या है आवेदन की आखरी तारीख, जानिए सबकुछ!

भोपाल – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। MP Job Vacancies: मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में ‘प्राथमिक शिक्षक (वर्ग-3)’ (Primary Teacher Job in MP) बनने के लिए पात्रता परीक्षा 10 नवंबर से शुरू होगी। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने इस परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 1 से 15 अक्टूबर के बीच किए जाएंगे। प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों के 8 हजार पद खाली हैं। 2023 में उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती के बाद, अब प्राथमिक शिक्षक भर्ती के लिए पात्रता परीक्षा के बाद चयन परीक्षा भी होगी। इसका मतलब यह है कि अभ्यर्थियों को शिक्षक बनने के लिए दो परीक्षाओं को पास करना होगा। यह परीक्षा स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के स्कूलों के लिए संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है। पात्रता के लिए अनिवार्य शैक्षणिक योग्यतापरीक्षा में शामिल होने के लिए कम से कम 60% अंकों के साथ हायर सेकंडरी या समकक्ष और प्रारंभिक शिक्षा में दो साल का डिप्लोमा या समकक्ष योग्यता आवश्यक है। अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 5% अंकों की छूट दी जाएगी। इनके लिए न्यूनतम 45% अंक अनिवार्य होंगे, बशर्ते उनके पास सक्षम अधिकारी से जारी जाति प्रमाण पत्र हो। बीएड वाले अभ्यर्थी पात्र नहींसुप्रीम कोर्ट ने 11 अगस्त 2023 को अपने आदेश में एनसीटीई की 28 जून 2018 की अधिसूचना को निरस्त कर दिया था, जिसके तहत बीएड डिग्री धारक प्राथमिक शिक्षक के लिए पात्र होते थे। अब बीएड योग्यताधारी उम्मीदवार प्राथमिक शिक्षक पद के लिए पात्र नहीं होंगे। पात्रता परीक्षा की वैधताप्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा-2020 और उसके बाद आयोजित की जाने वाली पात्रता परीक्षाओं की वैधता आजीवन रहेगी। यानी 2020 में सफल हुए अभ्यर्थियों को इस परीक्षा में दोबारा बैठने की जरूरत नहीं है। भविष्य में जब भी शिक्षक भर्ती निकाली जाएगी, पहले से पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसके लिए पात्र माने जाएंगे और चयन मेरिट के आधार पर होगा। वेतनमान और पदों का विवरणप्राथमिक शिक्षक का न्यूनतम वेतन 25,300 रुपए होगा, साथ ही महंगाई भत्ता भी मिलेगा। प्रारंभिक नियुक्ति के दौरान उन्हें 12 दिसंबर 2019 के नियमों के अनुसार वेतन दिया जाएगा। प्रदेश में कुल 45 हजार शिक्षकों के पद रिक्त हैं, जिनमें से 8 हजार प्राथमिक शिक्षक के हैं। हालांकि, परीक्षा के लिए पदों का विस्तृत विवरण जारी नहीं किया गया है। चयन परीक्षा के समय ही यह विवरण प्रदान किया जाएगा। परीक्षा का शेड्यूल और अन्य जानकारी: – परीक्षा 10 नवंबर से शुरू होगी।– आवेदन 1 से 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन भरे जाएंगे।– आवेदन पत्र में संशोधन 20 अक्टूबर तक किया जा सकेगा।– अनारक्षित वर्ग के लिए परीक्षा शुल्क 500 रुपए और आरक्षित वर्ग के लिए 250 रुपए है।– परीक्षा दो पालियों में होगी: सुबह 9:00 से 11:30 बजे और दोपहर 2:30 से 5:00 बजे तक।– परीक्षा केंद्र 13 शहरों में होंगे: बालाघाट, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, खंडवा, इंदौर, नीमच, रतलाम, रीवा, सीधी, सतना और उज्जैन। यह पात्रता परीक्षा मध्यप्रदेश के शिक्षण क्षेत्र में प्रवेश के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। सफल अभ्यर्थी स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग में शिक्षक पदों के लिए पात्र होंगे और उनका चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।

Pure Gold Check: शादी या त्योहार पर आप भी सोना खरीद रहे है, तो हो जाए सावधान!, खरीदने से पहले जान ले ये बातें

त्योहार और शादियों के सीजन में सोना खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान! जिससे आपको ना उठाना पड़े कोई नुकसान. Gold खरीदने में असली नकली के अलावा भी है जरूरी बातें… पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Gold Check: भारत में त्योहारों और शादियों का सीजन आते ही सोने की खरीदारी में बढ़ोतरी देखी जाती है। विशेष रूप से धनतेरस और दिवाली पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। सोना सिर्फ आभूषण ही नहीं, बल्कि निवेश और पारिवारिक धरोहर का भी प्रतीक है। हालांकि, सोना खरीदते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है ताकि सही मूल्य और शुद्धता मिले। सोने की शुद्धता की जांच  सोना खरीदते समय सबसे महत्वपूर्ण बात उसकी शुद्धता की जांच करना है। इसके लिए हॉलमार्क सबसे विश्वसनीय तरीका है। हॉलमार्क यह दर्शाता है कि आपके सोने की गुणवत्ता प्रमाणित है। इसे देखते समय निम्नलिखित बातों पर ध्यान दें:  1. BIS मार्क: यह दर्शाता है कि सोने की शुद्धता को प्रमाणित किया गया है। यह ग्राहकों को विश्वास दिलाता है कि वे शुद्ध सोने के आभूषण खरीद रहे हैं।2. कैरेट की पहचान: सोने की शुद्धता को कैरेट से मापा जाता है। 22 कैरेट सोना सबसे आम है, जिसमें 91.6% सोना होता है। कैरेट को 14k, 18k और 22k के रूप में दर्शाया जाता है, जो क्रमशः 58.5%, 75%, और 91.6% सोने की मात्रा को दर्शाता है।3. UID नंबर: नया UID नंबर आभूषण के निर्माता और हॉलमार्किंग केंद्र को ट्रैक करने में मदद करता है, जिससे आभूषण की शुद्धता और पारदर्शिता की पुष्टि होती है। आभूषण खरीदते समय बिल की जांच  बिल पर सोने के वजन, एलॉय की मात्रा और हॉलमार्क के चार्ज का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। 2 ग्राम से कम वजन के आभूषणों और मेडिकल इस्तेमाल के लिए बने सोने पर हॉलमार्क अनिवार्य नहीं है। इसलिए इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए ही खरीदारी करें। डिजिटल और गोल्ड बॉन्ड विकल्प  फिजिकल सोने के अलावा डिजिटल गोल्ड और गोल्ड बॉन्ड भी सोने में निवेश के लोकप्रिय विकल्प हैं। ये विकल्प आपको सुरक्षित और व्यवस्थित निवेश का मौका देते हैं, जहां भंडारण और सुरक्षा की चिंता नहीं होती। सोने की खरीदारी करते समय जागरूक और समझदारी से काम लें ताकि आप अपने त्योहारों की खुशी और निवेश दोनों का आनंद उठा सकें।

MP News: चोरी की शंका में दलित युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, चार आरोपी गिरफ्तार

मजदूरी करके गुजरात से लौट रहा था पीड़ित, रात में पैदल अपने गांव जा रहा था तभी उसके पीछे कुछ कुत्ते पड़ गए, जिससे बचने के लिए वह भागने लगा… रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी के शक में एक दलित युवक को पेड़ से बांधकर क्रूरता से पीटा गया। ताल थाना क्षेत्र के नासिरगंज गांव के रहने वाले श्रवण पिता केशूराम (चंद्रवंशी) के साथ यह बर्बरता की गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। (MP News) घटना 16 सितंबर की रात की है, जब श्रवण मजदूरी करके गुजरात से लौट रहा था। जिले के ताल में बस से उतरने के बाद वह पैदल अपने गांव नासिरगंज जा रहा था। रात के समय उसके पीछे कुछ कुत्ते पड़ गए, जिससे बचने के लिए वह भागने लगा। इस बीच टुंगनी गांव के कुछ ग्रामीणों ने उसे चोर समझ लिया। श्रवण ने स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसकी बातों को नजरअंदाज करते हुए उसे पेड़ से बांध दिया और लकड़ियों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वीडियो हुआ वायरल, पुलिस ने की कार्रवाई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। जांच में पता चला कि आरोपी दशरथ सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, बबलू सिसौदिया और बाबूलाल हाड़ा ने श्रवण को पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की थी। श्रवण के पिता केशूराम की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवक के हाथ-पैर हुए फ्रैक्चर मारपीट में श्रवण के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। श्रवण मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता है, लेकिन इस घटना ने उसकी जिंदगी में त्रासदी ला दी है। ताल थाना पुलिस ने आरोपियों दशरथ सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, बबलू सिसौदिया और बाबूलाल हाड़ा के खिलाफ आईपीसी की धारा 126(2), 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)द, 3(1)ध, 3(2)VA के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग इस क्रूरता की निंदा कर रहे हैं। स्थानीय समाजिक संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।