Ratlam News: रतलाम में रिश्वतखोर पंचायत सचिव ट्रैप: 4500 रुपए लेते लोकायुक्त ने रंगे हाथों पकड़ा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत लोकायुक्त पुलिस ने रतलाम जिले में एक पंचायत सचिव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आवेदक की शिकायत पर उज्जैन लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को 4500 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया। वीडियो देखे जानकारी के अनुसार, आवेदक प्रेम जैसवार निवासी रतलाम ने दिनांक 18 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन को शिकायत की थी कि उन्होंने रतलाम स्थित मां विंध्यवासिनी ड्रीम सिटी कॉलोनी में दो भूखंड खरीदे हैं। इनमें से भूखंड क्रमांक बी-41 पर भवन निर्माण की अनुमति और भूखंड क्रमांक 96 के ग्राम पंचायत में नामांतरण के लिए ग्राम पंचायत कनेरी के सचिव सत्यनारायण सेन उनसे 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की तस्दीक की और 23 फरवरी 2026 को ट्रैप की योजना बनाई। इसके बाद सोमवार 9 मार्च 2026 को उज्जैन लोकायुक्त दल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिव सत्यनारायण सेन को आवेदक से 4500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, आरक्षक श्याम शर्मा, आरक्षक संजीव कुमारिया, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत और आरक्षक इसरार शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

Ratlam News: रंगपंचमी से पहले रतलाम पुलिस अलर्ट: गैर के रूट का निरीक्षण, ड्रोन से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रंगपंचमी पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रतलाम पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पारंपरिक गैर के आयोजन को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को गैर के निर्धारित रूट का निरीक्षण किया और ड्रोन कैमरे के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार घनघोरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे गैर मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रोन कैमरे से पूरे क्षेत्र की निगरानी कर संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का आकलन किया गया, ताकि रंगपंचमी के दिन सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके। पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए विशेष पुलिस बल तैनात करने की योजना बनाई गई है। गैर का निर्धारित रूट रंगपंचमी के अवसर पर निकलने वाली पारंपरिक गैर धानमण्डी से प्रारंभ होकर गणेश देवरी, न्यू क्लॉथ मार्केट, जमनालाल स्वीट्स, महालक्ष्मी मंदिर के सामने, घांस बाजार चौराहा, चौमुखी पुल, चाँदनी चौक, तोपखाना, हरदेवलाला पिपली, रानीजी का मंदिर, नाहरपुरा चौराहा होते हुए डालूमोदी चौराहा पर समाप्त होगी। ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी रतलाम पुलिस ने बताया कि रंगपंचमी के दौरान पूरे शहर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आधुनिक संसाधनों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस की अपील रतलाम पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे रंगपंचमी का पर्व शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Ratlam News: रंगपंचमी से पहले पुलिस सख्त: चाकूबाजी मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, पैदल न्यायालय ले जाकर निकाला जुलूस

रतलाम में चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पैदल न्यायालय ले जाकर जुलूस निकाला। रंगपंचमी से पहले पुलिस की सख्ती, सभी आरोपियों को जेल भेजा गया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: होली और धुलेंडी के दौरान शहर में हुए उत्पात के बाद पुलिस अब रंगपंचमी को लेकर पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। इसी कड़ी में स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में शराब ठेकेदार पर हुए चाकू हमले के मामले में पुलिस ने शनिवार को चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वीडियो देखे पुलिस ने सभी आरोपितों को पैदल न्यायालय तक ले जाकर उनका जुलूस निकाला और बाद में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया। ये हैं गिरफ्तार आरोपी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं – होलिका दहन के दिन हुआ था विवाद यह घटना 3 मार्च को होलिका दहन के दिन स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के गीता मंदिर रोड स्थित तखतमल पोहे वाली गली में हुई थी। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया था। बताया गया कि सड़क पर खड़ी बाइक हटाने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में चाकूबाजी और मारपीट में बदल गई। शराब ठेकेदार और बेटे पर हमला गुलमोहर कॉलोनी निवासी शराब ठेकेदार महेंद्र जायसवाल ने पुलिस को बताया कि वह 3 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे अपने बेटे प्रथम जायसवाल के साथ कार से स्टेशन रोड स्थित उजाला पैलेस जा रहे थे। तखतमल पोहे वाली गली में एक बुलेट बाइक रास्ते में खड़ी थी, जिससे वाहन निकालने में परेशानी हो रही थी। हार्न बजाने पर घर से महेंद्रसिंह परिहार और उसका भाई ओमसिंग बाहर आए और वाहन हटाने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान ओमसिंग ने चाकू से महेंद्र जायसवाल के बाएं हाथ की भुजा पर वार किया, जबकि महेंद्रसिंह ने दाहिने हाथ की हथेली पर हमला कर दिया। बेसबाल और बैट से भी किया हमला विवाद बढ़ने पर घर से तीन अन्य लोग भी बाहर आ गए। उनके हाथों में बेसबाल और बैट थे। एक आरोपी ने महेंद्र जायसवाल के दाहिने पैर पर वार किया। इस दौरान आरोपियों ने प्रथम जायसवाल के साथ भी मारपीट की, हालांकि उसने बैट पकड़कर खुद को बचा लिया। मारपीट में गिरी सोने की चेन और अंगूठी का हीरा मारपीट के दौरान प्रथम जायसवाल की सोने की चेन और महेंद्र जायसवाल की अंगूठी का हीरा गिर जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महेंद्र जायसवाल के साथी मौके पर पहुंच गए थे, जिससे क्षेत्र में करीब एक घंटे तक तनाव की स्थिति बनी रही। गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश घटना के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार को चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर पैदल न्यायालय ले जाया गया और उनका जुलूस निकाला गया। बाद में उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आदतन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और आदतन अपराधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में जिलेभर में अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। 1 जनवरी 2025 से अब तक पुलिस की प्रमुख कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा।

Dhurandhar 2 Trailer: रणवीर सिंह का दमदार एक्शन अवतार, बदले की कहानी से बढ़ी फैंस की एक्साइटमेंट

Dhurandhar 2 Trailer रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। रणवीर सिंह के दमदार एक्शन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल के खतरनाक किरदार ने फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है। जानिए ट्रेलर में क्या है खास। नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Dhurandhar 2 Trailer: बॉलीवुड अभिनेता Ranveer Singh की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। करीब 3 मिनट 25 सेकेंड के इस ट्रेलर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है। ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, दमदार डायलॉग और बदले की कहानी की झलक देखने को मिल रही है, जिससे फैंस की एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है। ट्रेलर में दिखा रणवीर सिंह का खतरनाक अंदाज ट्रेलर की शुरुआत ही जबरदस्त एक्शन सीन से होती है, जिसमें Ranveer Singh पहले से ज्यादा आक्रामक और खतरनाक अंदाज में नजर आते हैं। कहानी में यह सवाल उठाया गया है कि रहमान डकैत की मौत के बाद ल्यारी का नया बादशाह कौन होगा? ट्रेलर के कई सीन देखकर ऐसा लगता है कि ल्यारी की कमान अब रणवीर सिंह के हाथ में आ गई है। एक सीन में पाकिस्तान के लोग उनकी जीत का जश्न मनाते हुए भी नजर आते हैं, जिससे कहानी में सस्पेंस और बढ़ जाता है। सच्चाई सामने आने पर मचा हड़कंप ट्रेलर में आगे दिखाया गया है कि जब ल्यारी के लोगों को रणवीर सिंह की असली पहचान और सच्चाई का पता चलता है, तो सभी हैरान रह जाते हैं। इसी के साथ फिल्म में बदले की एक बड़ी कहानी का संकेत मिलता है। संजय दत्त और अर्जुन रामपाल का दमदार रोल फिल्म में Sanjay Dutt और Arjun Rampal भी बेहद दमदार किरदार में नजर आए हैं। खासकर अर्जुन रामपाल का खतरनाक अंदाज ट्रेलर में अलग ही प्रभाव छोड़ता है। ट्रेलर का एक डायलॉग –“पाकिस्तान का मुस्तकबिल अब हिंदुस्तान तय करेगा”दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ईद पर होगी रिलीज, बॉक्स ऑफिस क्लैश टला निर्देशक Aditya Dhar के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। पहले इसी दिन Yash की फिल्म Toxic भी रिलीज होने वाली थी, लेकिन मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाकर 4 जून 2026 कर दी गई है। ऐसे में ईद के मौके पर बॉक्स ऑफिस पर किसी बड़ी फिल्म से टक्कर नहीं होगी। पहली फिल्म ने किया था 1300 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन गौरतलब है कि Dhurandhar 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी। फिल्म में Ranveer Singh, Akshaye Khanna, Arjun Rampal, R. Madhavan, Sanjay Dutt और Sara Arjun जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत में 838.50 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 1305.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। अब ट्रेलर देखने के बाद साफ है कि ‘धुरंधर 2’ भी एक बड़ी एक्शन ब्लॉकबस्टर साबित हो सकती है।

Ratlam News: रतलाम में होली पर उत्पात मचाने वाले 14 बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस

रतलाम में धुलेंडी की रात मारपीट और चाकूबाजी करने वाले 14 बदमाशों का पुलिस ने जुलूस निकाला। आरोपियों ने कान पकड़कर माफी मांगी, वहीं पीड़ितों ने मोहल्ले में जुलूस निकालने की मांग की। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: होली (धुलेंडी) की रात शहर में अलग-अलग क्षेत्रों में उत्पात मचाने और मारपीट-चाकूबाजी करने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। शुक्रवार शाम पुलिस ने ऐसे 14 आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान सभी बदमाश कान पकड़कर कहते नजर आए कि वे आगे से अपराध नहीं करेंगे। वीडियो देखे पुलिस ने इन सभी आरोपियों को पहले स्टेशन रोड थाने पर एकत्र किया, जिसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें पैदल जुलूस के रूप में शहर में घुमाया गया। धुलेंडी के दिन शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए विवादों और हमलों के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। तीन थाना क्षेत्रों के आरोपी शामिल जानकारी के अनुसार, धुलेंडी के दिन शहर के चारों थानों में विवाद, मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस द्वारा निकाले गए जुलूस में डीडी नगर थाना और औद्योगिक थाना क्षेत्र के 6-6 आरोपी तथा माणकचौक थाना क्षेत्र के 2 आरोपीशामिल थे। इन पर मामूली विवाद के बाद मारपीट, चाकूबाजी और तलवार से हमला कर लोगों को धमकाने के आरोप हैं। हालांकि स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी के आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो पाई है। एक्टिवा हटाने की बात पर हुआ था हमला डीडी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात घर के बाहर खड़ी एक्टिवा हटाने की बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद 8 से 10 युवकों ने एक घर पर तलवार और लाठियों से हमला कर दिया था। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो जुलूस में शामिल थे। पीड़ितों ने की मोहल्ले में जुलूस निकालने की मांग जुलूस के दौरान घायल पक्ष के लोग भी सीएसपी कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव से कहा कि आरोपियों का इलाके में काफी आतंक है। पीड़ितों ने मांग की कि बदमाशों का जुलूस मुख्य सड़क के बजाय उनके मोहल्ले में निकाला जाए, ताकि लोगों में उनका डर खत्म हो सके। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी कुछ समय बाद छूटकर फिर से उत्पात मचाने लगेंगे। इस पर सीएसपी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Ratlam News: रतलाम में फटाकेदार साइलेंसर पर पुलिस का एक्शन, 6 बाइक के साइलेंसर जब्त

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए रतलाम पुलिस ने अमानक (फटाकेदार) साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 6 दोपहिया वाहनों से फटाकेदार साइलेंसर जब्त किए और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। वीडियो देखे पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) आनंद स्वरूप सोनी के निर्देश पर शहर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक राजशेखर वर्मा, सूबेदार अनोखीलाल परमार और यातायात पुलिस टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच की। चेकिंग के दौरान 6 दोपहिया वाहनों में अमानक और तेज आवाज करने वाले फटाकेदार साइलेंसर लगे पाए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन साइलेंसर को जब्त कर लिया और संबंधित वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया। रतलाम पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में केवल मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

IND vs ENG Semi Final: T20 विश्व कप 2026: भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया, फाइनल में बनाई जगह

T20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि इंग्लैंड के जैकब बेथल ने शतक लगाया। नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। IND vs ENG Semi Final: टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 30 रन चाहिए थे, लेकिन टीम 22 रन ही बना सकी और भारत ने रोमांचक जीत दर्ज कर ली। संजू सैमसन की तूफानी पारी, शतक से चूके भारत की ओर से संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंद में 89 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। सैमसन शतक से सिर्फ 11 रन दूर रह गए। उनके अलावा हार्दिक पांड्या ने आखिरी ओवरों में दो छक्के लगाकर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स और आदिल राशिद ने 2-2 विकेट लिए। ईशान किशन और सैमसन के बीच 97 रन की साझेदारी भारत की पारी में दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन और संजू सैमसन के बीच 45 गेंद में 97 रन की तेज साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने भारत को मजबूत स्कोर की ओर बढ़ाया। इंग्लैंड की खराब शुरुआत 254 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद जैकब बेथल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 105 रन की शतकीय पारी खेली और टीम को मुकाबले में बनाए रखा। आखिरी ओवर में बढ़ा रोमांच मैच का रोमांच आखिरी ओवर तक बना रहा। इंग्लैंड को अंतिम ओवर में जीत के लिए 30 रन चाहिए थे। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने 22 रन बना दिए, लेकिन टीम लक्ष्य से 7 रन दूर रह गई और भारत ने मुकाबला जीत लिया। भारत की प्लेइंग XI अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड की प्लेइंग XI फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद

Ratlam News: रतलाम में एक्टिवा खड़ी करने पर खूनी विवाद: 8-10 बदमाशों ने घर पर तलवार-लाठियों से किया हमला, 3 घायल; CCTV आया सामने

रतलाम के डीडी नगर थाना क्षेत्र में सड़क पर एक्टिवा खड़ी करने को लेकर विवाद के बाद 8-10 युवकों ने परिवार पर तलवार और लाठियों से हमला कर दिया। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर हथियार जब्त किए हैं। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के सामने एक्टिवा खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि 8-10 युवकों ने एक परिवार के घर पर धावा बोल दिया और तलवार, बेसबॉल बैट व लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में दो पुरुष और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो देखे घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश मोहल्ले में खुलेआम तलवारें और लट्ठ लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। एक्टिवा खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद घायल दिलीप वसुनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने घर पर परिवार के साथ मौजूद था। घर के सामने सड़क पर उसकी एक्टिवा खड़ी थी। इसी दौरान ईश्वर नगर निवासी अजय नायक और सुनील नायक बाइक से वहां पहुंचे और एक्टिवा सड़क पर खड़ी करने को लेकर गाली-गलौज करने लगे। दिलीप ने उन्हें गाली देने से मना किया और एक्टिवा हटाने की बात कही, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अजय ने तलवार के पिछले हिस्से से दिलीप के दाहिने हाथ पर हमला कर दिया। फोन कर साथियों को बुलाया, परिवार पर किया हमला विवाद बढ़ता देख दिलीप की मां लीलाबाई, भाई प्रेम और बहन कांता बीच-बचाव के लिए आए। इस दौरान अजय और सुनील ने फोन कर अपने अन्य साथियों कुंदन, दिनेश, अक्षय समेत कई लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में 8-10 युवक तलवार, बेसबॉल बैट और लाठियों के साथ मौके पर पहुंच गए और परिवार पर हमला कर दिया। CCTV में दिखी बदमाशों की दहशत घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें हमलावर तलवारें और लाठियां लहराते हुए मोहल्ले में दहशत फैलाते नजर आ रहे हैं। फरियादी के अनुसार जाते-जाते आरोपी धमकी देकर गए कि अगर भविष्य में उनके समाज की होली पार्टी में दखल दिया, तो परिवार को जान से खत्म कर देंगे। पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि वाहन खड़ा करने और आपसी कहासुनी के कारण यह विवाद हुआ। पुलिस ने अजय नायक, सुनील नायक, दिनेश नायक, कुंदन नायक, अक्षय नायक सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को राउंडअप कर लिया है और उनके पास से तलवार भी जब्त की गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Ratlam News: रतलाम में करंट लगने से गाय की मौत, हिंदू संगठनों का चक्काजाम; बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के संत रविदास चौक स्थित फूल मंडी के पास बुधवार रात करंट लगने से एक गाय की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। जानकारी मिलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और बिजली कंपनी की लापरवाही के विरोध में चक्काजाम कर दिया। वीडियो देखे प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। इसी लापरवाही के कारण गाय की करंट लगने से मौत हो गई। हिंदू संगठनों के पदाधिकारी गाय के शव को ठेला गाड़ी पर रखकर बीच सड़क पर बैठ गए और करीब दो घंटे तक प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम”, “भारत माता की जय” और “गौ माता के हत्यारों को फांसी दो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने बिजली कंपनी के साथ ही नगर निगम के खिलाफ भी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। हालांकि प्रदर्शनकारी बिजली कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में एसडीओपी किशोर पाटनवाला भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और चक्काजाम समाप्त किया गया। इसके बाद गाय के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पशु चिकित्सालय भिजवाया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित विभाग को भी सूचना दे दी गई है।

Ratlam News: इंस्टाग्राम पोस्ट से बची जान: जावरा पुलिस ने एक घंटे में खेत से बदहवास युवक को किया रेस्क्यू

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान जावरा के थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक की जान बचा ली। युवक ने इंस्टाग्राम पर 40 सेकंड का वीडियो अपलोड कर तीन प्रकार के जहरीले पदार्थ दिखाते हुए आत्मघाती कदम उठाने की बात कही थी। पोस्ट सामने आते ही पुलिस और साइबर सेल सक्रिय हुई और महज एक घंटे के भीतर युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। घटना का वीडियो देखे साइबर सेल ने निकाली लोकेशन, खेत से मिला युवक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि एसपी अमित कुमार के निर्देशन में त्योहारों के मद्देनजर इंटरनेट मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सोमवार रात करीब 9 बजे पुलिस को इंस्टाग्राम पर अपलोड एक वीडियो की सूचना मिली, जिसमें युवक खुद को नुकसान पहुंचाने की बात कर रहा था। वीडियो तत्काल साइबर सेल को भेजा गया। तकनीकी विश्लेषण के बाद युवक की लोकेशन रिंगनोद क्षेत्र में ट्रेस हुई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां सर्चिंग के दौरान युवक गेहूं के खेत में बदहवास हालत में मिला। उसे सुरक्षित हिरासत में लेकर काउंसलिंग की गई और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वीडियो में कहा – “मैं अपनी खुशी से मर रहा हूं” वीडियो में युवक ने कहा था कि वह कीटनाशक, चूहे मारने की दवा और अन्य जहरीला पदार्थ लेकर आया है और अपनी इच्छा से जान देने जा रहा है। उसने पुलिस से किसी को परेशान न करने की अपील भी की थी। तलाशी के दौरान युवक की लोकेशन बदलने से पुलिस को दिक्कत आई, लेकिन लगातार ट्रैकिंग के बाद उसे ढूंढ निकाला गया। युवक शादीशुदा है और गांव में किराना दुकान संचालित करता है। पूछताछ में उसने आर्थिक तंगी के चलते परेशान होने की बात कही। कीटनाशक विक्रेताओं को नोटिस घटना के बाद मंगलवार को पुलिस ने क्षेत्र के कीटनाशक दवा विक्रेताओं को नोटिस जारी किए। नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि दवा बेचते समय खरीदार से उपयोग का कारण अवश्य पूछा जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध, परेशान या नशे की हालत में प्रतीत हो तो तत्काल उसके परिजन, संबंधित थाना या डायल 112 को सूचना दें। नाबालिगों को किसी भी स्थिति में कीटनाशक दवा न बेचने और लाइसेंस व कर्मचारियों की जानकारी थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना उचित कारण जाने दवा बेचने पर कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से टली बड़ी घटना पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी और त्वरित तकनीकी कार्रवाई के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मानसिक तनाव की स्थिति में परिवार, मित्रों या प्रशासन से संपर्क करें और कोई भी आत्मघाती कदम न उठाएं।