Ratlam News: श्री गुरु तेग बहादुर शैक्षणिक विकास समिति के त्रैवार्षिक चुनाव संपन्न, सर्वसम्मति से सरदार गुरनाम सिंह बने अध्यक्ष  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शास्त्री नगर स्थित श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल भवन में रविवार को श्री गुरु तेग बहादुर शैक्षणिक विकास समिति के त्रैवार्षिक चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इस चुनाव में सर्वसम्मति से सरदार गुरनाम सिंह को समिति का अध्यक्ष चुना गया।     नवगठित समिति के पदाधिकारी   – अध्यक्ष – सरदार गुरनाम सिंह   – उपाध्यक्ष – सरदार हरजीत सिंह चावला   – सचिव – अजीत सिंह छाबड़ा   – सह सचिव – हरजीत सिंह सलूजा   – कोषाध्यक्ष – सरदार देवेंद्र सिंह वाधवा   संचालन समिति के सदस्य   सतपाल सिंह डंग, सुरेंद्र सिंह भामरा, धर्मेंद्र सिंह गुरुदत्ता, गगनदीप सिंह डंग, गुरविंदर सिंह को समिति में स्थान मिला।   इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह धीमान, गुरवेश सिंह बग्गा, जीएस भाटिया, चरणजीत सिंह सलूजा, कुलवंत सिंह सग्गू, बलजीत सिंह खनूजा, जसपाल सिंह सलूजा, अमरपाल वाधवा, गुरमीत सिंह गुरुदत्ता और गुरमीत सिंह गांधी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।   संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प   नवनिर्वाचित अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह ने कहा कि संस्था की नींव हमारे बुजुर्गों ने रखी थी और आज उनकी तीसरी पीढ़ी स्कूल के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा, हमारे वरिष्ठों ने शिक्षा और समाज सेवा के प्रसार के लिए इस संस्था की स्थापना की थी और यह इस कार्य में अत्यधिक सफल रही है। अब हमारा लक्ष्य इसे और ऊंचाइयों तक ले जाना और सेवा कार्यों के नए कीर्तिमान स्थापित करना है।   समिति के प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह भामरा ने बताया कि नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को समाज के गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं और बधाई दी।  

Ratlam News: आज 2100 वीरांगनाएं करेगी प्रदर्शन; रत्नेश्वर महादेव की आरती के साथ शुरू हुआ रतलाम स्थापना गौरव दिवस के तीन दिवसीय समारोह का भव्य शुभारंभ

रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज डेस्क।  Ratlam News: रतलाम स्थापना महोत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में बसंत पंचमी के अवसर पर रतलाम स्थापना गौरव दिवस के तीन दिवसीय समारोह का शुभारंभ हुआ। महापौर प्रहलाद पटेल ने सपत्निक रत्नेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती कर कार्यक्रम की शुरुआत की। रतलाम स्थापना महोत्सव समिति के संयोजक मुन्नालाल शर्मा और सचिव मंगल लोढ़ा ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रमों का उद्देश्य शहर के गौरवशाली इतिहास को संजोना और नागरिकों को अपनी विरासत से जोड़ना है। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष विप्लव जैन, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, क्षेत्रिय पार्षद श्रीमती उमा रामचन्द्र डोई, श्रीमती आयुषी सांकला, पार्षद हितेश कामरेड, श्रीमती हीना मेहता, कमल चौहान, विक्रम गुर्जर, ललीत दख, राजेन्द्र अग्रवाल, गौरव मूणत, रविन्द्र पाटीदार, अनिल कटारिया, राकेश नाहर, राजेन्द्र पाटीदार (आयुष्मान), राकेश पीपाड़ा, सौरभ श्रीमाल, मनीश सुरेका, नरेन्द्र श्रेष्ठ, सत्यजीत राजावत, महेन्द्र मूणत, गट्टू गुर्जर, लोकेश, लालूजी, अभय काबरा व नागरिकों ने भी रत्नेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की। सहित शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में भव्य आतिशबाजी के साथ प्रसादी का वितरण किया गया। पूजा अर्चना पश्चात मंदिर परिसर में आतिशबाजी की गई व प्रसादी का वितरण किया गया।  2100 नारी शक्ति दिखाएंगी शस्त्र कौशल रतलाम की धरती पर पहली बार महिला सशक्तिकरण और नारी सुरक्षा के संदेश के साथ 2,100 वीरांगनाएं 2 फरवरी को नेहरू स्टेडियम में शस्त्र कला कौशल का प्रदर्शन करेंगी। यह ऐतिहासिक आयोजन दोपहर 3:30 बजे होगा। महाराजा रतनसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण 3 फरवरी को सुबह 11 बजे रतलाम राज्य के जनक महाराजा रतनसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप होंगे मुख्य अतिथि समारोह में मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सांसद अनिता नागरसिंह चौहान कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में धार से राष्ट्र सेविका समिति की बौद्धिक प्रमुख अमृता भावसार मौजूद रहेंगी। विशेष अतिथि के रूप में महापौर प्रहलाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

पब्लिक गपशप : एक आयोजन के दो सूत्रधार!; एक निकालेंगे रैली तो दूसरे दिखाएंगे कलाबाजी, नहीं लौटा पाए गौरव तो, नाम से चला रहे काम!

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। बसंत पंचमी आते ही रतलाम के जनम की गाथा का गान शुरू हो जाता है। इसी गाथा को राजनीति के आटे में गूंथने का काम भी जबरदस्त फल – फूल चुका है। यहां रतलाम यानी रतनपुरी का जन्मदिन दो – दो तरीको से अलग – अलग गुट मना रहा है। और दोनों में यह कांमीपीटीशन पिछले कुछ सालों से बढ़ता जा रहा है। मगर इन दोनों गुटों के आंख के अंधे लोगो को “रतलाम का बेरंग बसंत” नहीं दिखाई पड़ता है। 4 दिन का इनका नगर प्रेम बसंत पंचमी के बाद गोदड़े की घड़ी हो जाता है, ठीक वैसे ही जैसे ठंड जाते ही घर में रजाई गोदड़ी घड़ी हो जाती है और फिर ठंड में ही बाहर आती है। इस बार इन्होंने रतलाम स्थापना “गौरव दिवस” नाम दिया है। जबकी अब तक रतलाम का गौरव नहीं लौटा है। यहां “गौरव” नाम से ही काम चलाया जा रहा है। महिलाओं को मुफ्त की तलवार देकर इन्हें रतलाम के गौरव का अनुभव होगा ये अपने आप में अनोखी और विचारणीय बात है। एक तरफ अपनी राजनीति नैय्या डूबने के बाद बुलबुले छोड़ रही जगत “सेठ” की सवारी है तो वहीं दूसरी तरफ एक ऐसी टीम है जो जग जाहिर “भैय्याजी” के हिंडोलों की मजबूत नैय्या पर सवार है। यह अच्छी बात है की आमजनता को लगता है दोनों में देशप्रेम के साथ नगर प्रेम की भावनाएं निहित है। लेकिन इसके उलट इनकी अंदरूनी मंशा तो कुछ और ही सुनाई व दिखाइ देती है। उद्धार करोगे या उधार ही रखोगे?इनसे इतने सालों में वाहनों के पेट्रोल फूंकने, पटाखे छोड़ने जैसे फिजूलखर्ची के काम ही हुए है। रही कहि कसर ये भगवान के आगे सिर फोड़ के पूरी कर लेते है। इनका राजनीतिक मजमा ऊपरी मन से रतनपुरी के रत्नेश्वर महादेव पर जाकर अगरबत्तियां लगाकर अपने आपको नगर प्रेमी साबित कर देता है। बरहाल ये अलग बात है की उन महादेव को उसके अलावा ये लोग पूछने परखने तक नहीं आते। वहां के दिल फरियाद भक्त और सेवादार ही वहां का जीर्णोद्धार से लेकर हर कार्यक्रम तक करते है। वे भी यही कहते है – कब तक ये महादेव की नगरी का उधार ही रखेंगे, क्या कभी उद्धार भी करेंगे? इनसे मंदिर छोड़ो राजा महाराजाओं की चिताए (छतरियां व स्मारक) तक नहीं सवारी जा रही है। इसके अलावा ये उस प्राचीन धरोहर के लिए इतने सालों में कुछ नहीं कर पाए जहां आज हर दूसरा व्यक्ति कौना ढूंढ कर मूत रहा है। महलवाड़ा या रणजीत विलास पैलेस आज भी अपनी वैभवता का यश गाता है और अपनी दुरदशा पर रोता – बिलखता है। इन राजनीति के अंधे बहरों से उसकी सुध नही ली जाएगी। केवल पेपरबाजी कर इन्हें रतलाम स्थापना दिवस मनाना है। और उसे गौरवशाली क्षण बताना है। आज और कल हम सब जानते है की सत्ता क्या कुछ नहीं कर सकती। मगर मजाल है राजमहल का उद्धार हो जाए। कैसे होगा? आत्मविश्वास और मनोबल भी तो यहां के जनप्रतिनिधियों का होना चाहिए। खेर इन सब में ये रतलाम मेरे बाप दादा की जागिरी नहीं है, यह कह कर में अपनी बात को विराम देता हूं। क्योंकि यहां की जनता को भगतसिंह तो चाहिए लेकिन बशर्ते वो पड़ोसी के घर पैदा हो!!! जय रतलाम, जय हिंद, जय भारत!

Budget 2025: विकसित भारत की नींव, इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बड़ा बढ़ावा

बजट 2025 में इंफ्रा डेवलपमेंट को मिलेगा बूस्ट, राज्यों को 1.5 लाख करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त लोन   नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Budget 2025: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025 पेश करते हुए विकसित भारत के विजन को मजबूती देने के लिए कई बड़े ऐलान किए। इस बार का बजट खासतौर पर इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग और अर्बन डेवलपमेंट को गति देने वाला है। वित्त मंत्री ने राज्यों को 1.5 लाख करोड़ रुपये तक का ब्याज मुक्त लोन देने की घोषणा की, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को तेजी मिलेगी।   इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए राज्यों को ब्याज मुक्त लोन   वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि राज्यों को 50 साल के लिए बिना ब्याज का 1.5 लाख करोड़ रुपये तक का लोन मिलेगा। यह लोन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देने के लिए दिया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया कि देश के विकास के लिए निजी क्षेत्र के साथ मिलकर आगे बढ़ना होगा, जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।   मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा, मेक इन इंडिया पर जोर   सरकार ने मेक इन इंडिया को और मजबूत करने के लिए मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को कई प्रोत्साहन देने का ऐलान किया। खासतौर पर टॉय इंडस्ट्री को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना लाई जाएगी। इसके अलावा एमएसएमई और माइक्रो बिजनेस सेक्टर को आगे बढ़ाने के लिए भी नई योजनाओं की घोषणा की गई है।   अर्बन डेवलपमेंट के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का अर्बन चैलेंज फंड   शहरी विकास को नई रफ्तार देने के लिए मोदी सरकार ने स्वामिह फंड-2 के तहत 15,000 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की, जिससे 1 लाख नए घर बनाए जाएंगे। 2025 के अंत तक इनमें से 40,000 यूनिट्स तैयार हो जाएंगी। इसके अलावा अर्बन चैलेंज फंड 1 लाख करोड़ रुपये का होगा, जिसका इस्तेमाल ग्रोथ हब, जल आपूर्ति और स्वच्छता पर किया जाएगा।    मैरीटाइम डेवलपमेंट और उड़ान योजना का विस्तार   – मैरीटाइम डेवलपमेंट फंड के तहत 25,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिससे बंदरगाहों और समुद्री व्यापार को मजबूती मिलेगी।   – उड़ान योजना का भी विस्तार किया गया है, जिसमें 120 नए क्षेत्रीय कनेक्टिविटी डेस्टिनेशन जोड़े जाएंगे। इससे छोटे शहरों और गांवों में भी हवाई यात्रा का विस्तार होगा।    एमएसएमई सेक्टर को बड़ा समर्थन, स्टार्टअप्स के लिए भी राहत   – एमएसएमई के लिए कवर 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये कर दिया गया है।   – स्टार्टअप्स को मिलने वाले कवर को 20 करोड़ रुपये तक बढ़ाया गया है।   – फुटवियर और लेदर इंडस्ट्री के लिए सरकार ने 4 लाख करोड़ रुपये के कारोबार और 22 लाख नई नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है।   बजट 2025: विकसित भारत के लक्ष्य की ओर एक और कदम   वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025 पेश करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, स्टार्टअप्स और एमएसएमई सेक्टर को बूस्ट देने के लिए बड़े ऐलान किए गए हैं।  

MP News: सीएम राइज विनोबा स्कूल को विश्व की सर्वोच्च मान्यता, मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया सम्मानित  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: नवाचार की श्रेणी में विश्व में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सीएम राइज विनोबा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के लिए स्कूल को आईएसओ 9001-2015 प्रमाण पत्र भी मिला। शनिवार को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने विद्यालय के प्राचार्य संध्या वोहरा, उप प्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौर सहित पूरे स्टाफ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।   मंत्री चेतन्य काश्यप ने सराहा समर्पण और नेतृत्व   इस अवसर पर मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि उपलब्धि मिले या न मिले, लेकिन समर्पण, लक्ष्य पर विश्वास और नेतृत्व पर भरोसा होना चाहिए। सीएम राइज विनोबा स्कूल ने इन मूल्यों को अपनाकर यह सम्मान प्राप्त किया है।   उन्होंने कहा कि इस स्कूल की सफलता से प्रदेश और देश के अन्य शासकीय व निजी विद्यालयों को भी प्रेरणा मिलेगी।   अभिभावकों से बच्चों के प्रति सतर्क रहने की अपील   मंत्री काश्यप ने अभिभावकों से अपील की कि रोजाना कम से कम एक मिनट आंखें बंद करके चिंतन करें कि आपका बच्चा क्या खाता है, क्या करता है और कैसे बोलता है। इस पर नजर रखेंगे तो उसके व्यक्तित्व विकास में सकारात्मक बदलाव आएगा।   विद्यालय को विशेष सम्मान   कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी शिक्षकों को प्रतीक चिह्न भेंट किए। शुरुआत में प्राचार्य संध्या वोहरा और उप प्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौर ने मंत्री चेतन्य काश्यप का स्वागत किया।   इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ सीएम राइज विनोबा स्कूल ने प्रदेश के शिक्षा स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है।  

Ratlam News: श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी में धूमधाम से मनाई गई बसंत पंचमी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अरविंद मार्ग स्थित श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी में बसंत पंचमी का पावन पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेखा शास्त्री एवं प्रधानाध्यापिका सुनीता तोमर ने छात्रों को बसंत पंचमी के धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व की जानकारी दी।   मां सरस्वती की पूजा-अर्चना   डॉ. शास्त्री ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बसंत पंचमी को मां सरस्वती के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन ज्ञान, संगीत और कला की देवी मां सरस्वती का प्राकट्य हुआ था। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मिलकर मां सरस्वती की आरती की।    बसंत पंचमी का वैज्ञानिक महत्व   प्रधानाध्यापिका सुनीता तोमर ने बताया कि बसंत पंचमी का पीले रंग से विशेष संबंध है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से पीला रंग मानसिक तनाव को कम करने और दिमाग को सक्रिय रखने में सहायक होता है। यह रंग उल्लास और सकारात्मकता को भी बढ़ावा देता है।   विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए भजन   कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने “हे शारदे मां, हे शारदे मां, अज्ञानता से हमें तार दे मां…” जैसे सुमधुर भजन प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। इस शुभ अवसर पर विद्यार्थी एवं शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और मां सरस्वती से आशीर्वाद प्राप्त किया।