Mumbai News: मुंबई में यूट्यूबर ने 20 बच्चों को बनाया बंधक, पुलिस एनकाउंटर में हुई मौत, आरए स्टूडियो में मचा हड़कंप

मुंबई- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Mumbai News: मुंबई में गुरुवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां यूट्यूबर रोहित आर्य ने आर ए स्टूडियो में करीब 15 से 20 बच्चों को बंधक बना लिया। स्टूडियो में उस समय बच्चों का ऑडिशन चल रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी सावधानी से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई फायरिंग में आरोपी रोहित आर्य को गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना कैसे हुई जानकारी के मुताबिक, आरोपी रोहित आर्य पिछले चार-पांच दिनों से बच्चों के ऑडिशन ले रहा था। गुरुवार को उसने शुरुआत में करीब 80 बच्चों को जाने दिया, लेकिन 17 बच्चों को अंदर कमरे में बंद कर लिया। जब बच्चे खिड़कियों से बाहर झांकते दिखे तो बाहर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। आरोपी ने वीडियो जारी कर कहा — “मेरी कुछ नैतिक मांगें हैं” पुलिस से घिरने से पहले रोहित आर्य ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने कहा कि वह सुसाइड की जगह यह कदम उठा रहा है। उसकी कुछ नैतिक और सरल मांगें हैं और वह कुछ लोगों से बात करना चाहता है। उसने यह भी कहा कि वह पैसे की कोई मांग नहीं कर रहा, लेकिन अगर उसे उकसाया गया तो नुकसान हो सकता है। पुलिस की योजना और एक्शन डीसीपी दत्ता नलवडे के मुताबिक, पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर हाई अलर्ट घोषित किया। टीम ने बाथरूम के रास्ते से अंदर प्रवेश कर सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया। इस दौरान रोहित ने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। मौके से पुलिस को एयर गन और कुछ केमिकल पदार्थ मिले हैं। बताया जा रहा है कि बच्चे एक वेब सीरीज के ऑडिशन के लिए स्टूडियो पहुंचे थे और घटना के समय रोहित अकेला था।

PM Kisan Yojana: क्या नवंबर में मिलेगी 21वीं किस्त? ऐसे पहले ही जानें अपना स्टेटस

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। PM Kisan Yojana: किसानों के लिए राहत भरी खबर आ सकती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) के तहत केंद्र सरकार जल्द ही 21वीं किस्त जारी कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नवंबर 2025 में पात्र किसानों के खातों में ₹2,000 की राशि ट्रांसफर की जा सकती है। हर साल किसानों को इस योजना के तहत तीन बार ₹2,000 की किस्त दी जाती है, यानी कुल ₹6,000 सालाना की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। कब आएगी PM Kisan की 21वीं किस्त? हालांकि केंद्र सरकार ने अभी तक 21वीं किस्त की आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि नवंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में यह राशि जारी की जा सकती है। पहले माना जा रहा था कि सरकार दिवाली से पहले किस्त ट्रांसफर कर सकती है, लेकिन अब संभावना अगले महीने की जताई जा रही है। किन किसानों को मिलेगी अगली किस्त? PM Kisan योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं किसानों को मिलेगा— अगर किसी किसान की e-KYC अधूरी है या बैंक अकाउंट में कोई गलती है, तो किस्त रुक सकती है। इस तरह चेक करें PM Kisan Payment Status किसान घर बैठे अपने मोबाइल से ही यह जान सकते हैं कि उन्हें अगली किस्त मिलेगी या नहीं। स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया: ई-केवाईसी ऐसे करें पूरा अगर अभी तक आपकी e-KYC नहीं हुई है, तो इसे तुरंत पूरा करें: महत्वपूर्ण सलाह जिन किसानों को पिछली किस्तें नहीं मिलीं, वे अपने राज्य कृषि विभाग या CSC केंद्र से संपर्क करें।सुनिश्चित करें कि आधार लिंक बैंक अकाउंट और नाम की स्पेलिंग सही हो।

Ratlam News: खेत के कुएं में मिली महिला की लाश, 10 दिन से थी लापता; पैरों की चांदी की कड़ियां गायब, लूट या हत्या की आशंका

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के करमदी गांव में गुरुवार सुबह खेत में बने एक कुएं से महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 70 वर्षीय सीता बाई के रूप में हुई है, जो पिछले 10 दिनों से घर से लापता थीं। महिला के पैरों में पहनी गई चांदी की कड़ियां गायब होने से पुलिस अब लूट के साथ हत्या की आशंका पर भी जांच कर रही है। सुबह करीब 8:30 बजे चौकीदार के भाई मुकेश भूरिया जब अपने खेत में पहुंचे तो उन्होंने कुएं में तैरता शव देखा और तुरंत ग्रामीणों व माणकचौक थाने को सूचना दी। लगातार तीन दिन से बारिश के चलते ग्रामीण खेतों में नहीं जा पा रहे थे, जिसके कारण शव देर से नजर आया। बेटी ने शव की की पहचान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को कुएं से बाहर निकाला। शव की पहचान मांगरोल निवासी शांति बाई ने अपनी मां सीता बाई के रूप में की। उन्होंने बताया कि उनकी मां घर से बिना बताए निकली थीं और परिजन गुमशुदगी दर्ज नहीं करा पाए थे। मृतका का बेटा रमेश निनामा पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग गांवों में मां की तलाश कर रहा था। लूट की जांच में जुटी पुलिस बेटी शांति बाई ने बताया कि उनकी मां के पैरों में करीब एक किलो चांदी की कड़ियां थीं, जो अब गायब हैं। यह बात पुलिस के लिए शक का विषय बन गई है। कुआं मुख्य मार्ग से करीब 200 फीट अंदर खेतों के बीच स्थित है, जिससे संभावना जताई जा रही है कि किसी ने हत्या कर शव यहां फेंका हो। पुलिस और एफएसएल की जांच माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे ने बताया कि शव काफी हद तक डिकंपोज हो चुका है। उन्होंने कहा कि “पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर हर एंगल से जांच की जाएगी। हत्या, दुर्घटना या आत्महत्या—तीनों संभावनाओं पर तफ्तीश जारी है।”घटनास्थल पर एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल की टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

Ratlam News: रतलाम में हुई बजरंग दल की मासिक बैठक, शौर्य संचलन व रक्तदान शिविर की बनी योजना

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: बजरंग दल की मासिक जिला बैठक का आयोजन 30 अक्टूबर 2025 को रतलाम जिला कार्यालय में किया गया। बैठक का शुभारंभ भारत माता व राम दरबार के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बैठक में विभाग संगठन मंत्री अर्जुन गहलोत ने संगठनात्मक कार्यों पर मार्गदर्शन दिया। मंच पर विभाग मंत्री सौरभ चतुर्वेदी, जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावल एवं जिला मंत्री गौरव शर्मा उपस्थित रहे। बैठक में आगामी संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए बजरंग दल शौर्य संचलन की योजना बनाई गई। साथ ही संगठन सत्संग सप्ताह और हुतात्मा दिवस के आयोजन पर भी विचार-विमर्श हुआ।हुतात्मा दिवस के उपलक्ष्य में 3 नवम्बर को मानव सेवा समिति पर एक विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। विभाग सह मंत्री पवन बंजारा एवं विभाग संयोजक राजाराम ओहरी सहित जिला संयोजक मुकेश व्यास और जिले के कई प्रमुख पदाधिकारी जैसे पवन देवड़ा, आशु टॉक, मुन्नू कुशवाह, राहुल हाड़ा, कृष्ण भामा, मोंटी जायसवाल, योगेश चौहान, हीरालाल सीरवी, अक्षय गोमे, नीरज सतवानी, मुकेश पाटीदार, गनी सक्तावत, बबल गुर्जर, शुभम शर्मा सहित सभी प्रखंडों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की जानकारी जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने दी।

Ratlam News: मानवाधिकार संगठन के पदाधिकारियों ने किया ‘जन चेतना मूक-बधिर विद्यालय’ का अवलोकन, कहा, “जहाँ शब्द नहीं, वहाँ मुस्कान बोलती है”

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के रतलाम जिला अध्यक्ष राजकुमार हरण एवं जिला महिला प्रभारी श्रीमती महिमा हरण ने मंगलवार को ‘जन चेतना मूक-बधिर विद्यालय’ रतलाम का अवलोकन किया। इस दौरान दोनों पदाधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को देखकर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की और संस्था की सराहना की। राजकुमार हरण ने कहा, “जहाँ शब्द नहीं, वहाँ मुस्कान बोलती है… यही मानवता की सच्ची भाषा है।” उन्होंने विद्यालय को समाजसेवियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि संस्था जिस समर्पण से कार्य कर रही है, वह वास्तव में अनुकरणीय है। विद्यालय के शिक्षक शशि सिंह ने पदाधिकारियों को विद्यालय के सभी विभागों का भ्रमण करवाया और बताया कि संस्था दानदाताओं के सहयोग से संचालित होती है। यहाँ बच्चों की शिक्षा, संस्कार और व्यवहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाता है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्था देखकर जिला अध्यक्ष राजकुमार हरण ने कहा, “हमारा आगामी विशेष दिवस हम इन्हीं नन्हें बच्चों के बीच मनाएंगे, यही सच्ची सेवा और सुख है।” वहीं श्रीमती महिमा हरण ने विद्यालय की अनुशासित और प्रेरणादायी व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा, “यहाँ आकर मन को बहुत सुकून मिला। जल्द ही जिले की पूरी टीम के साथ फिर यहाँ आने की इच्छा है।

Ratlam News: रतलाम में गुंडों की परेड: पुलिस ने 26 बदमाशों का निकाला जुलूस, कोर्ट में पेश, 5 से ज्यादा केस दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम पुलिस ने शहर में गुंडा तत्वों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार दोपहर 26 आरोपितों की परेड कराई। सभी पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने इनका शहर में पैदल जुलूस भी निकाला, जिससे लोग दंग रह गए। जुलूस के दौरान आरोपी अपने चेहरे छिपाते नजर आए। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने गुंडा अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए स्टेशन रोड थाना के 5, डीडी नगर थाना के 8, माणकचौक थाना के 7, और औद्योगिक क्षेत्र थाना के 6 गुंडों को पकड़कर एक साथ स्टेशन रोड थाने में एकत्र किया। इन सभी बदमाशों के खिलाफ पहले से 5 या उससे अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ बांड ओवर और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद इन्हें कोर्ट में पेश किया गया। इस कार्रवाई में एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, तथा चारों थानों के टीआई — जितेंद्रसिंह जादौन, पातीराम डावरे, अनुराग यादव और सत्येंद्र रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुंडा तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। जिन बदमाशों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं, उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।