MP’s Vyapam Scam: सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई और मध्य प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया, 11 साल में कहां पहुंची जांच!

व्यापमं घोटाले (Vyapam Scam) में 2010 से 2013 तक की अवधि में हुए भ्रष्टाचार पर जिम्मेदार अधिकारियों से पूछताछ की मांग, एसटीएफ और सीबीआई पर घोटाले की जांच में बड़े अधिकारियों को बचाने का आरोप! भोपाल – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। सुप्रीम कोर्ट ने बहुचर्चित व्यापमं घोटाले (Vyapam Scam) के मामले में सीबीआई और मध्य प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस पूर्व विधायक और व्यापमं घोटाले के व्हिसिल ब्लोअर पारस सकलेचा द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के बाद जारी किया गया। सकलेचा ने व्यापमं घोटाले में 2010 से 2013 तक की अवधि में हुए भ्रष्टाचार पर जिम्मेदार अधिकारियों से पूछताछ की मांग की थी, जो पहले इंदौर हाईकोर्ट द्वारा खारिज कर दी गई थी। आपको बता दे 2013 में मध्यप्रदेश के बहुचर्चित व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले का पर्दाफाश हुआ था। माना जाता है कि आजाद भारत में व्यापमं सबसे बड़ा घोटाला रहा। मामले में जब जांच शुरू हुई तो जांचकर्ता और आरोपियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने लगी। घोटाले के तार मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, झारखंड, आंध्र प्रदेश समेत राज्यों से जुड़े होने की बात सामने आई। आखिरकार सुप्रीम कोर्ट में यह मामला पहुंचने पर इस मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) को सौंप दी गई। व्यापमं घोटाला जांच में गड़बड़ी के आरोपपारस सकलेचा ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि एसटीएफ और सीबीआई ने व्यापमं घोटाले की जांच में बड़े अधिकारियों को बचाने के लिए कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को शामिल नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच में लीपापोती की गई है और सिर्फ छोटे रैकेटियर, दलाल, स्कोरर, छात्र और अभिभावकों पर ही कार्रवाई की गई है। सकलेचा का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर चलने वाला रैकेट सरकार और प्रशासन की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। 850 पेज का दस्तावेजी साक्ष्य पेशसकलेचा ने अपने आवेदन में लगभग 850 पेज के दस्तावेजी साक्ष्य पेश किए हैं, जिसमें उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा सचिव, और व्यापमं के उच्च अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। सकलेचा का दावा है कि इन बड़े अधिकारियों की संलिप्तता के बिना व्यापमं जैसा बड़ा घोटाला संभव नहीं था। इंदौर हाईकोर्ट से निरस्त हुई थी याचिकाइससे पहले, पारस सकलेचा ने व्यापमं घोटाले को लेकर इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे 19 अप्रैल 2024 को खारिज कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जहां पर आज जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस संजय कुमार की बेंच ने सीबीआई और मध्य प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया है। आरोप: बड़े अधिकारियों पर नहीं हुई कार्रवाई!सकलेचा ने अपने आवेदन में कहा कि एसटीएफ और सीबीआई को व्यापमं घोटाले के बारे में विस्तृत जानकारी और दस्तावेज देने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एसटीएफ को 350 पेज का आवेदन और मौखिक साक्ष्य के अलावा 240 पेज के दस्तावेज सौंपे थे। इसके बावजूद, बड़े अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई और केवल छोटे स्तर के लोगों पर ही शिकंजा कसा गया। प्रशासन और सरकार की भूमिका पर सवालपारस सकलेचा ने कहा कि व्यापमं घोटाले की जांच में प्रशासन और सरकार की भूमिका संदिग्ध रही है। उन्होंने बताया कि 2009 में जब व्यापमं घोटाले का पर्दाफाश हुआ था, तब भी निजी चिकित्सा महाविद्यालयों की भर्ती की जांच नहीं की गई, जबकि यह भी घोटाले का एक प्रमुख हिस्सा था। अब आगे क्या ?व्यापमं घोटाले (Vyapam) की जांच को लेकर पारस सकलेचा की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई और मध्य प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है और क्या बड़े अधिकारियों पर कोई कार्रवाई की जाती है। गौरतलब है की व्यापमं घोटाले को करीब 11 साल हो चुके है। मध्यप्रदेश सरकार के मुताबिक रिश्वत लेकर प्रवेश परीक्षाओं और भर्तियों में नकल करने के मामले में 4046 लोगों को आरोपी बनाया गया। इसमें से 956 आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है। वहीं CBI ने 1242 लोगों को आरोपी बनाया है। गौर करने वाली बात यह है कि इस मामले में मध्य प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल राम नरेश यादव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज है। इतना ही नहीं व्यापमं घोटाले में तत्कालीन शिक्षा मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। एक अनुमान के मुताबिक घोटाले से जुड़े 40 से ज्यादा लोगों की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो चुकी है। इनमें टीवी चैनल आजतक के पत्रकार अक्षय सिंह भी शामिल है, जिनकी मौत झाबुआ में एक इंटरव्यू के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। घोटाले के व्हिसलब्लोअर डॉक्टर आनंद राय बताते हैं कि यह घोटाला पूरी तरह से पिरामिड की तरह काम कर रहा था। इस पिरामिड में सबसे नीचे स्टूडेंट्स और उनके पैरेंट्स थे। जबकि ऊपर रसूखदार लोग थे, जिन्हें इस पूरे घोटाले का पैसा जा रहा था। जो रसूखदार लोग थे उन्हें कभी जेल नहीं हुई। कुछ लोग जेल गए भी तो सबूत के अभाव में छूट गए। 

Ratlam News : थाना माणकचौक का जिलाबदर रितिक खरे शहर में घूमते हुए पकड़ाया, एसपी अमित कुमार के निर्देशन के बाद जारी है धरपकड़

रतलाम- पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। नवागत एसपी अमित कुमार (ips amit kumar) के निर्देशों के बाद पुलिस का सघन चेकिंग अभियान जारी है। एसपी ने क्राइम मीटिंग के दौरान जिले में गुंडा, हिस्ट्रीशीटर, और जिलाबदर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया था। एसपी ने अच्छे काम के लिए पुलिस टीम को प्रोत्साहन के लिए इनाम देने की भी बात कही थी। इसी के अंतर्गत थाना औद्योगिक क्षेत्र  पुलिस टीम ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना माणकचौक के जिलाबदर आरोपी रितिक पिता सुनील खरे (23) निवासी नयापुरा हाट रोड, थाना माणकचौक, हाल मुकाम एमबी नगर को पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 660/2024 के तहत मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 और 15 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम की मुस्तैदी से पकड़ाया जिलाबदरपुलिस कप्तान अमित कुमार ने अपराधियों पर नियंत्रण के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि रतलाम पुलिस (ratlam police) शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान के तहत उपनिरीक्षक वी.डी. जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रतलाम के एमबी नगर इलाके से रितिक खरे को गिरफ्तार किया। रितिक के खिलाफ पहले से ही कई अपराधों में शामिल होने के चलते जिलाबदर का आदेश लागू किया गया था, लेकिन वह इसके बावजूद शहर में घूम रहा था। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक वी.डी. जोशी के साथ प्रधान आरक्षक नीरज त्यागी, आरक्षक मयंक चौधरी और आरक्षक राजेश प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Hit and Run by Thar Jeep : केमिकल इंजीनियर और साली को 10 फिट तक हवा में उछाला, दो मासूम बच्चियां हुई अनाथ

शहर में काले शीशे से लैस थार गाड़ियों की बेख़ौफ स्टंटबाजी, पुलिस सुस्त! रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। रतलाम में एक तेज रफ्तार थार जीप (Thar Jeep) ने बाइक सवार केमिकल इंजीनियर और उनकी साली को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों करीब 10 फीट तक हवा में उछल गए। हादसे में इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साली को गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है। यह दर्दनाक हादसा रविवार देर रात औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुआ। वहीं हादसे के 16 घंटे बीतने के बाद पुलिस सिर्फ जीप ही जप्त कर पाई है। आरोपी ड्राइवर का पता नहीं चल सका। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। जानकारी के अनुसार शहर के शिवशक्ति नगर निवासी मुकेश भाटी रविवार रात साली प्रीति बरोठा को लेकर घर लौट रहे थे। प्रीति इंदौर के स्कीम 51, सृष्टी पैलेस की रहने वाली हैं। रतलाम के औद्योगिक थाना क्षेत्र में दोनों साक्षी पेट्रोल पंप से नया गांव जाने वाले रास्ते की तरफ क्रॉस हुए, तभी डेलनपुर की तरफ से आ रहा थार जीप (जीजे 08 डीडी 0006) का ड्राइवर दोनों को रौंदता हुआ भाग निकला। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां मुकेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रात 2 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। सोमवार दोपहर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। पुलिस की सुस्ती पर सवालघटना के 16 घंटे बाद भी पुलिस सिर्फ जीप को जप्त करने में सफल हो पाई है, जबकि आरोपी ड्राइवर अब भी फरार है। इस मामले को लेकर पुलिस की सुस्त कार्यवाही पर सवाल उठ रहे हैं।  वहीं शहर में अब थार गाड़ियों से स्टंट बाजी देखना आम हो गया है। काले शीशों से लैस थार गाड़ियां बेधड़क सड़कों पर घूम रही है। जो आम लोगों रौंद कर तेजी से रफ्फू चक्कर होने में देर नहीं करती। ऐसे में बड़ा सवाल है की इस मौत के बाद पुलिस महकमा और आरटीओ विभाग ऐसी गाड़ियों के शौरूम संचालकों और गाड़ी मालिकों पर कार्रवाई करेगा? अनाथ हुई दो मासूम बेटियांपरिजनों के अनुसार मुकेश का इंदौर में ससुराल है। वे साली को लेने इंदौर गए थे। देर रात में ट्रेन से रतलाम लौटे। रेलवे स्टेशन से पार्किंग में खड़ी बाइक से वे साली को लेकर घर जा रहे थे, तभी हादसा हो गया। मृतक मुकेश मूलत: बड़नगर के रहने वाले थे। डेढ़ साल पहले रतलाम में रहने आए थे। इप्का फैक्ट्री के एपीआई प्लांट 24 में केमिकल इंजीनियर थे। घर में पत्नी रानी भाटी हैं। दो बेटी मानसी जिसकी उम्र 7 वर्ष और मिस्टी उम्र 2 वर्ष है। जिनके सर पर से अब पिता का साया उठ गया है। डेलनपुर के पवन पोरवाल की है थारथार जीप रतलाम के डेलनपुर के पवन पोरवाल की है। घटना के बाद जीप उसी के घर पर खड़ी थी। पुलिस वहां जाकर जीप को लेकर आई, लेकिन मौके पर पवन पोरवाल नहीं मिला। थाना औद्योगिक क्षेत्र में पवन पोरवाल के खिलाफ पूर्व में धारा 188 के 2 व अवैध शराब और एट्रोसिटी के मामले में भी केस दर्ज है। थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी वीडी जोशी ने बताया कि अज्ञात जीप चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। जीप डेलनपुर के पवन पोरवाल की है। जप्ती में ली है। आरोपी अभी गिरफ्त में नहीं आया।

Train Cancelled: नीमच-रतलाम दोहरीकरण कार्य के चलते दो ट्रेनें रद्द, आठ ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन

उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के शाहगंज स्टेशन यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते 27 सितंबर से 5 अक्टूबर तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किए गए, यात्रा से पहले करें योजना… पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। नीमच-रतलाम रेल खंड के दोहरीकरण कार्य के कारण 23 सितंबर 2024 को रतलाम रेल मंडल के अंतर्गत दो ट्रेनें रद्द (Train Cancelled) कर दी गई हैं, जबकि आठ अन्य ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन (Train Route Change) किया गया है। इससे यात्रियों को यात्रा योजना में बदलाव करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा से पहले ट्रेन के समय और मार्ग की जानकारी जरूर लें। देखिए रद्द ट्रेनें1. अहमदाबाद-दरभंगा क्लोन स्पेशल (09465): यह ट्रेन 27 सितंबर को अहमदाबाद से नहीं चलेगी।2. दरभंगा-अहमदाबाद क्लोन स्पेशल (09466): यह ट्रेन 30 सितंबर को दरभंगा से रद्द रहेगी। परिवर्तित मार्ग वाली ट्रेनें– उज्जैन-चित्तौड़गढ़ पैसेंजर स्पेशल: यह ट्रेन रतलाम स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी और रतलाम से चित्तौड़गढ़ के बीच रद्द रहेगी।– इंदौर-पटना एक्सप्रेस (19321): यह ट्रेन अब वाया लखनऊ-सुल्तानपुर-जफराबाद चलेगी।– अहमदाबाद-दरभंगा साबरमती एक्सप्रेस (19165): यह ट्रेन अब वाया बाराबंकी-गोंडा-गोरखपुर-छपरा मार्ग से चलेगी।– सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (19053): अब वाया अयोध्या-मनकापुर-गोरखपुर-छपरा मार्ग से चलेगी और शाहगंज, आजमगढ़, मऊ, व बलिया स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।– गुवाहाटी-ओखा एक्सप्रेस (15636): 23 व 30 सितंबर को यह ट्रेन जफराबाद-सुल्तानपुर-लखनऊ मार्ग से चलेगी।– दरभंगा-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस (19166): 23 सितंबर से 5 अक्टूबर तक यह ट्रेन छपरा-गोरखपुर-गोंडा-बाराबंकी मार्ग से चलेगी और कई स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।– सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (19054): 29 सितंबर को मुजफ्फरपुर से चलने वाली यह ट्रेन भी परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यात्रा से पहले करें योजनाउत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के शाहगंज स्टेशन यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते 27 सितंबर से 5 अक्टूबर तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किए गए हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे यात्रा से पहले www.enquiry.indianrail.gov.in और http://www.enquiry.indianrail.gov.in पर ट्रेन से संबंधित जानकारी (Train Time Table) अवश्य देखें। नीमच-रतलाम दोहरीकरण कार्य के कारण हुई इस असुविधा के लिए रेलवे ने खेद व्यक्त किया है और यात्रियों से सहयोग की अपील की है।

गायत्री परिवार रतलाम द्वारा सामूहिक श्राद्ध तर्पण कार्यक्रम सम्पन्न

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। पितृ पक्ष के अवसर पर गायत्री परिवार रतलाम द्वारा सिद्ध बड़बड़ हनुमानजी मंदिर, सैलाना रोड पर रविवार, 22 सितंबर 2024 को सामूहिक श्राद्ध तर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 61 श्रद्धालुओं ने भाग लिया और अपने पितरों के मोक्ष की कामना के साथ श्राद्ध तर्पण की विधि संपन्न की। गायत्री परिवार के आचार्य नरेंद्र पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यजमानों से तर्पण संस्कार करवाया, जिसमें पितरों के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया गया। इस आयोजन में महिला आचार्य प्रेमलता साहू ने सहायक की भूमिका निभाई, जबकि वरिष्ठ परिजन डीपी चौधरी का सानिध्य प्राप्त हुआ। गायत्री परिवार के सदस्य जैसे जिला समन्वयक दामोदर शर्मा, अर्जुनसिंह चौहान, मदनमोहन साहू, महेश गोयल, गोपाल सिंह तोमर, महेश चौहान, दलबीर चौधरी, श्यामलाल भावसार, श्रवणकुमार भावसार, किशोर चौधरी, शिवपाल छपरी, परितोष जोशी, लालशंकर पाटीदार और महिला मंडल की वीणा पाठक एवं मधुबाला हीरे ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। आने वाले तर्पण कार्यक्रम गायत्री परिवार द्वारा हर साल पितृ पक्ष के दौरान नि:शुल्क सामूहिक तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस वर्ष 29 सितंबर को कालिका माता मंदिर धर्मशाला में और 1 अक्टूबर को गायत्री शक्तिपीठ डोंगरेधाम शंकरगढ़ में तर्पण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 2 अक्टूबर को ग्राम रानीसिंग में माही नदी के तट पर भी सामूहिक तर्पण कार्यक्रम होगा। जावरा में गायत्री शक्तिपीठ लालागली पर प्रतिदिन तर्पण संस्कार हो रहे हैं। वहीं, 29 सितंबर को ग्राम रिंगनोद के पास मिंडाजी संगम तीर्थ स्थल पर भी सामूहिक तर्पण संस्कार का आयोजन किया जाएगा, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति की उम्मीद है।इच्छुक श्रद्धालु निकटतम गायत्री मंदिर अथवा गायत्री परिवार नगर ट्रस्ट से संपर्क कर इन आयोजनों में भाग ले सकते हैं।

नुक्कड़ नाटक से विद्यार्थियों को 4 प्रकार के कचरे के पृथक्कीकरण को समझायागीले कचरे से खाद बनाने की विधि से कराया अवगत

रतलाम – पब्लिक वार्ता, जयदीप गुर्जर। रतलाम 21 सितम्बर। 17 से 2 अक्टूबर तक चलाये जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देशानुसार 20 अक्टूबर शनिवार को देहली पब्लिक स्कूल में स्वच्छता हेतु नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों को 4 प्रकार के कचरे के पृथक्कीकरण करने व गीले कचरे से घर में ही खाद बनाने की विधि से अवगत कराया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों का अमृत सागर झोन में सम्मान किया गया। स्वच्छता अभियान के तहत आज विभिन्न गतिविधियों को आयोजनरतलाम 21 सितम्बर । 17 से 2 अक्टूबर तक चलाये जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के अन्तर्गत आज 22 सितम्बर रविवार को प्रातः 10 बजे त्रिवेणी मेला ग्राउण्ड में एक पेड़ मॉं के नाम, वार्डवार सफाई मित्रों का सम्मान व शासकीय योजनाओं का लाभ दिये जाने हेतु शिविर का आयोजन किया जायेगा।नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की जाती है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में रतलाम नगर को स्वच्छता में नम्बर 1 बनाये जाने हेतु स्वच्छता अभियान के तहत 19 सितम्बर बुधवार को आयोजित विभिन्न गतिविधियों में अधिकाधिक की संख्या में उपस्थित रहकर आयोजित कार्यक्रमों को सफल बनावें।

पूर्वजों की स्मृति में शिवानी परिवार ने मेडिकल कॉलेज को भेंट किया आरओ प्लांट

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। डॉ लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अब शुद्ध पेयजल मिलेगा। रतलाम के शिवानी परिवार ने मेडिकल कॉलेज में अपने पूर्वजों की स्मृति में आरओ प्लांट सिस्टम दान किया है। गुरुवार को मेडिकल कॉलेज में विधिवत पूजा अर्चना कर प्लांट लगाया गया। इस अवसर पर हासी शिवानी, पदमा भाभरा, आनंद व्यास, यश राजेश व्यास, यशपाल झाला और श्री शक्ति आरओ के प्रतिनिधि उपस्थित थे। देवी शिवानी पिता गोविंद राम शिवजी और आनंद भाभरा पिता खुबचंद भाभरा की स्मृति में 100 एलपीएच का आरओ प्लांट सिस्टम दान किया गया है। मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. अनिता मूथा ने इस कार्य को लेकर दानदाता परिवार को धन्यवाद दिया। इस आरओ प्लांट सिस्टम के स्थापित होने से मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को शुद्ध पेयजल मिलेगा, जिससे उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा होगी। शिवानी परिवार की यह पहल प्रशंसनीय है और समाज में एक अच्छी मिसाल पेश करती है।

Women Safety : यहां गणेशजी के प्रसाद में लड्डू नहीं बल्की बांटी गई “लाठियां”, जानिए क्या है वजह

प्रसादी के रूप में लड्डूओं की जगह लाठियों का वितरण, इसके पीछे का कारण सुनकर आप भी हो जाएंगे हैरान! रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश के रतलाम में गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान श्री गणेश की आरती के बाद प्रसादी के रूप में लड्डूओं की जगह लाठियों का वितरण किया गया। सुनने में यह अजीब जरूर है लेकिन इसके पीछे का कारण सुनकर आप भी हैरान हो जाएंगे। दरअसल देश में बढ़ते (Women crime) महिला अपराधों के चलते रतलाम की एक गणेश समिति ने मातृशक्ति को हौसला देने और उनमें आत्मविश्वास जगाने के लिए प्रसादी में लकड़ी की सामान्य लाठियों का वितरण किया। शहर के धभाई जी का वास में वंदेमातरम ग्रुप द्वारा आयोजित भगवान श्री गणेश की आरती में यह अनोखी पहल की गई, जिसके तहत मातृशक्ति को आत्मरक्षा (Women Safety) के लिए दण्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर गणमान्य नागरिकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान प्रमुख अतिथि निगम अध्यक्षा मनीषा शर्मा ने सराहना करते हुए इसे महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। शर्मा ने कहा की हाल ही में महिलाओं से जुड़े कई गंभीर घटनाक्रम ने महिलाओं में असुरक्षा की भावना को पैदा किया है। ऐसे में महिलाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा के भाव को जागृत करना अत्यंत आवश्यक है। समिति के सदस्यों के अनुसार आत्मरक्षा और महिलाओं की सशक्तिकरण की दिशा में यह एक प्रेरणादायक पहल के रूप में प्रस्तुत किया है। वर्तमान में कई ऐसे घटनाक्रम सामने आ रहे है जो महिलाओं के अस्तित्व और सुरक्षा पर बड़ा आघात कर रहे है। ऐसे में महिलाओं में असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है, जबकि भारत देश की परंपरा नारी प्रधान है, यहां नारी को पूजा जाता है उसे शक्ति का स्वरूप माना जाता है। दण्ड वितरण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मरक्षा (women safety) के प्रति जागरूक करना और उन्हें इस कला में निपुण बनाना है, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में अपनी रक्षा कर सकें। यह दंड केवल पशु भगाने के लिए नहीं है बल्कि विधर्मियों से स्वयं की सुरक्षा के लिए है। कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा नेता मनोज शर्मा, राजेश कटारिया, महेंद्रसिंह सोलंकी, दिग्विजयसिंह धभाई, किशन माहेश्वरी, मनीष रावल, प्रद्युम्न शर्मा और दीपक परमार आदि उपस्थित रहे। इन सभी ने वंदेमातरम ग्रुप की इस पहल की प्रशंसा की और महिलाओं को सशक्त बनाने के इस प्रयास में अपना समर्थन व्यक्त किया। आयोजन के दौरान भगवान गणेश की आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और धार्मिक माहौल के बीच आत्मरक्षा के इस संदेश को भी बल मिला। महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में यह पहल अन्य संगठनों के लिए भी एक प्रेरणा बनेगी।

मालिकुआं से आज निकलेगा महावीर व्यायामशाला का भव्य परंपरागत अखाड़ा, तैयारियां हुई पूरी

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। श्री महावीर व्यायाम शाला मालिकुआ से प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य अखाड़े के आयोजन किया जा रहा है। गौरतलब है सन 1952 से महावीर व्यायामशाला सतत हिंदू समाज के बीच अपनी प्रस्तुति देता आया है, जो की इस वर्ष भी अनंत चतुर्दशी यानी आज अपना अखाड़ा निकालेगा। इस अखाड़े में व्यायाम शाला के पहलवानों और मां दुर्गा की स्वरूप बालिका पहलवानों के साथ मिलकर एक अद्वितीय शहस्त्रकला का प्रदर्शन किया जाएगा। अखाड़ा शाम 7 बजे शांति नगर मालिकुआँ स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगा, जो कि शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ गंतव्य पर समाप्त होगा। अखाड़े के मुख्य आकर्षण में बालिकाओं द्वारा मलखंभ और अग्नि से जलते शस्त्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। अखाड़े के उस्ताद शिव माली खलीफा, संजय माली, समिति सदस्य सुरेश, गोविंद, विनोद, रूपेश, जगदीश, मदन और समस्त सदस्यों ने इस आयोजन के लिए कठिन मेहनत की है। इस अखाड़े को देखने के लिए शहर के लोगों में काफी उत्साह है और यह आयोजन शहर की संस्कृति और परंपरा को जीवित रखने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। श्री महावीर व्यायाम शाला की यह प्रस्तुति अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शहर के लोगों को एक साथ लाने का काम करेगी।

शस्त्र कला प्रदर्शन : जवाहर व्यायामशाला के पहलवान दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब, भव्य झांकि में होंगे खाटूश्यामजी

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। जवाहर व्यायाम शाला द्वारा अनंत चतुर्दशी पर्व के अवसर पर भव्य झांकी और अखाड़े का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन शहर की सड़कों पर निकलेगा, जिसमें हजारों की तादाद में युवा पहलवान अपने मार्गदर्शक उस्ताद खलिफाओं के साथ अखाड़े की मिट्टी से लड़ते हुए अपने दमखम और ताकत का प्रदर्शन करेंगे। जवाहर व्यायामशाला 38 वर्षों से धार्मिक और ऐतिहासिक परंपरा का निर्वाह कर रहा है। 17 सितंबर की शाम 7 बजे जवाहर व्यायाम शाला ‘अम्बर ग्रुप’ द्वारा निकलने वाली दुधिया रोशनी से सृज्जित झिलमिलाती भव्य झांकी में महाभारत वर्णित पाण्डव पुत्र भीम, भीम पुत्र घटोत्कच के पुत्र बर्बरीक को चित्रित किया है, जिन्हें पूरी दुनिया खाटूश्याम के नाम से श्रद्धा नमन करती है। अखाड़े के संरक्षक दौलत पहलवान, सुरेश जाट, संचालक वैभव जाट, गौरव जाट के निर्देशन में लगभग 3 हजार पहलवान अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इसके अतिरिक्त मलखंब के नन्हें – नन्हें खिलाड़ी जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नगर का गौरव बढ़ाया है। वे भी अपनी अद्भुत मलखंब कला का प्रदर्शन करेंगे। जवाहर व्यायाम शाला के सचिव राजीव रावत ने बताया यह आयोजन शहर की संस्कृति और परंपरा को जीवित रखने के लिए किया जाता है। स्व. नारायण पहलवान जी ने इस चल समारोह की आधारशिला रखी थी, जो आज भी निरन्तर गतिमान बना हुआ है। इस अवसर पर शहर के नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस आयोजन में भाग लेकर शहर की संस्कृति और परंपरा को जीवित रखने में सहयोग करें।

0%