ईद मिलादुन्नबी जुलूस: पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक रुट डायवर्जन प्लान, एसपी अमित कुमार ने दिए आवश्यक निर्देश

स्टेशन रोड थाना प्रभारी दिनेश भोजक और साइबर प्रभारी अमित शर्मा लाइन अटैच रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। रतलाम पुलिस द्वारा मुस्लिम समुदाय के ईद मिलादुन्नबी पर्व के अवसर पर यातायात डायवर्सन प्लान जारी किया गया। 16 सितंबर 2024 को सुबह 8 बजे से जुलूस निकलेगा। इस दौरान दौरान शहर में यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया जाएगा। जुलूस आबकारी चौराहे से प्रारंभ होकर शहर सराय, अण्डागली, नाहरपुरा तिराहा, गोविन्द पान वाला, आरोग्यम हॉस्पिटल, नगर निगम, हाथीखाना, मोचीपुरा, हाकिमवाडा, शैरानीपुरा, जमातखाना, आन्नद काँलोनी, काँन्वेन्ट तिराहा, कोर्ट तिराहा, स्टेशन रोड, दो बत्ती, न्युरोड, लोकेन्द्र टाँकिज, शहर सराय होते हुए आबकारी चौराहे पर समाप्त होगा। जुलूस के मद्देनजर शहर में पुलिस व्यवस्था भी चाकचौबंद रहेगी। सभी क्रिटिकल पॉइंट पर माइक्रो सिक्योरिटी के बंदोबस्त किए जा रहे है। पुलिस सोशल मीडिया से लेकर गली – मोहल्लों तक में हर तरह से निगरानी रखे हुए। नवागत एसपी अमित कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए शहर के सभी थानों का औचक निरीक्षण किया। एसपी कुमार ने संवेदनशील क्षेत्रों और आपराधिक प्रवत्ति में शामिल लोगों पर विशेष निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए। एसपी ने आमजन से शांति व सोहाद्र के साथ त्यौहार मनाने की अपील भी की। शहर के नागरिक किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी या अफवाह पर ध्यान ना दे। सभी पुलिसकर्मियों को छोटी से छोटी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल एक्टिव होकर निराकरण करने के लिए निर्देशित किया। गणेश चतुर्थी पर हुए घटनाक्रम के बाद एक्शन लेते हुए एसपी ने देर रात थाना प्रभारियों में फेरबदल किया। एसपी ने स्टेशन रोड थाना प्रभारी दिनेश भोजक और साइबर सेल प्रभारी अमित शर्मा को लाइन अटैच कर दिया। रतलाम आईए थाना प्रभारी राजेन्द्र वर्मा को थाना प्रभारी स्टेशन रोड बना दिया। प्रकाश गडरिया को लाइन से कंट्रोल रूम प्रभारी, चौकी प्रभारी सूखेड़ा वीडी जोशी को आईए थाना प्रभारी बनाया। जुलूस के रूट पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जुलूस के दौरान आम जनता की सुविधा को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा निम्नलिखित यातायात व्यवस्था और डायवर्सन प्लान तैयार किया गया है:

राजधानी पहुंचा आक्रोश: रतलाम के तत्कालीन SP राहुल लोढा को भोपाल में दिखाए काले झंडे, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा आकर जानेंगे हाल

बजरंग दल कार्यकर्ता ने एसपी की सद्बुद्धि के लिए पढ़ी  हनुमान चालिसा, जमकर की नारेबाजी भोपाल/रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। मध्यप्रदेश के रतलाम में गणेश जुलूस पर पथराव और लाठीचार्ज के मामले में ट्रांसफर होकर भोपाल पहुंचे एसएसपी राहुल कुमार लोढा का वहां भी विरोध शुरू हो गया। भोपाल रेल में ज्वाइनिंग से पहले बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर काले झंडे दिखाए। बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने एसपी लोढा की सद्बुद्धि के लिए सुंदरकांड और हनुमान चालिसा का पाठ भी किया। बजरंग दल के नेताओं के अनुसार ऐसे एसपी राहुल लोढा को पीएचक्यू में अटैच किया जाए या फिर उन्हें सस्पेंड किया जाए। हिंदू संगठनों का आरोप है की एसपी ने शासन को गुमराह करते हुए गलत जानकारी दी और एकतरफा कार्रवाई कर दी। इससे पहले जब वे भोपाल, बुराहनपुर, गुना आदि जिलों में थे तब भी उनकी मानसिकता हिंदू विरोधी रही है। भोपाल रेल में एसपी राहुल के पदभार ग्रहण को लेकर बजरंगदल नेता ने चेतावनी देते हुए कहा की अगर वे यहां पदभार ग्रहण करते है तो बड़ा उग्र आंदोलन किया जाएगा। गौरतलब है की रतलाम में गणेश प्रतिमा जुलूस और हिंदुओं पर पत्थरबाजी की खबरों ने शहर में अराजकता का माहौल बना दिया था। जिसके बाद एसपी राहुल लोढा ने कार्रवाई करते हुए 13 लोगों पर नामजद एफआईआर करते हुए, अगले दिन मीडिया में पूरे घटनाक्रम को अफवाह बताया था। मामले में गणेश पांडाल में पुलिस की मारपीट के वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और देखते ही देखते पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगने शुरू हो गए। लाठीचार्ज में 19 वर्षीय  युवक की मौत का आरोप भी पुलिस पर लगा। जिसके बाद मामला गरमाया और हजारों की संख्या में हिंदू समाज ने सड़को पर उतरकर कलेक्टर के नाम एसपी राहुल लोढ़ा, एडिशनल एसपी राकेश खाखा, सीएसपी अभिनव बारंगे, टीआई दिनेश भोजक समेत पुलिस के अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपा। सियासत गरमाई, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष कल रतलाम मेंपत्थरबाजी के मामले में सियासत भी गर्म गई। कांग्रेस और भाजपा आमने सामने हो गई। अब प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भाजपा सदस्यता अभियान के अंतर्गत रतलाम का दौरा करेंगे। शर्मा सुबह 08:30 बजे सर्किट हाउस मे प्रमुख कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों से मिलेंगे। 11 बजे सैलाना और फिर वापस रतलाम बैठक में शामिल होंगे। जिसके बाद वे झाबुआ के लिए रवाना होंगे। सूत्रों के अनुसार इस घटनाक्रम ने भाजपा की छवि पर नकारात्मक प्रभाव डाला है। हिंदू संगठनों व आमनागरिकों की स्थानीय नेताओं व पदाधिकारियों के विरोध की खबर हाईकमान तक जा पहुंची है। जिसके चलते ताबड़तोड़ वीडी शर्मा को रतलाम आना पड़ रहा है। इस विषय पर हिंदू संगठन के स्थानीय नेताओं से भी शर्मा चर्चा कर सकते है। ज्ञात हो की पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता दिग्विजयसिंह ने भाजपा को घेरते हुए ट्वीट कर लिखा की पत्थर फेंकने की झूठी बात फैलाकर धर्म विशेष को फंसाने के लिए एसपी पर दबाव बनाया गया। प्लानिंग कर अफवाह फैलाकर निर्दोष लोगों को फंसाने की कहानी का पुलिस ने ईमानदारी से पर्दाफाश किया। वहीं पलटवार में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा की दिग्विजय सिंह जी को भी सम्मान मिलना चाहिए। उनकी भाषा, शब्द और पाकिस्तान के प्रति प्रेम अद्भुत है। ओसामा बिन लादेन से लेकर सभी का सम्मान करने वाले दिग्विजय सिंह ही हैं। कांग्रेस इसी प्रकार की बातें कर रही है, जो दुर्भाग्यजनक है। यह हुआ था उस दिनगणेश चतुर्थी पर रतलाम के संवेदनशील क्षेत्र मोचिपुरा में गणेश प्रतिमा जुलूस पर पथराव हुआ था। जिसके बाद हिंदू समाज ने सैंकड़ों की संख्या में स्टेशन रोड थाने का घेराव किया था। तत्कालीन एसपी राहुल कुमार लोढ़ा पुलिस बल के साथ जांच के लिए घटना स्थल मोचीपुरा पहुंचे। पीछे-पीछे भीड़ भी गई। SP ने लोगों से वहां से जाने के लिए कहा, इसी बीच दूसरी और से पथराव शुरू हो गया। पुलिस की गाड़ी पर भी एक पत्थर लगा। गाड़ी का कांच फूट गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज किया। आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। रात लगभग साढ़े आठ बजे शुरू हुआ हंगामा-प्रदर्शन करीब 2 बजे खत्म हुआ। इसके बाद कई लोगों की गिरफ्तारी भी हुई थी। पुलिस पर गणेश पांडाल में मारपीट, महिला अभद्रता, लाठीचार्ज में युवक की मौत, एफआईआर में फर्जी नाम जोड़ने जैसे गंभीर आरोप लगे।इस घटना के बाद तत्काल गृह विभाग से एसपी राहुल लोढ़ा का ट्रांसफर कर दिया गया। उनकी जगह अमित कुमार को जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं राहुल लोढ़ा को भोपाल रेल का एसपी बनाया गया। जहां पर उन्हें अब विरोध का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल पूरे मामले में जांच चल रही है।

प्रेस क्लब ज्ञापन : पत्रकार दुर्घटना और स्वास्थ्य बीमा की प्रीमियम राशि बढ़ाने का विरोध

फर्जी और ब्लेकमेलर की हो जांच, उपद्रव में पत्रकार पर एफआईआर में हो निष्पक्ष जांच! रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। रतलाम प्रेस क्लब ने पत्रकार दुर्घटना और स्वास्थ्य बीमा की प्रीमियम राशि में बढ़ोतरी के विरोध में कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने कहा कि प्रीमियम राशि में बढ़ोतरी न्यायसंगत नहीं है और इसे तत्काल संशोधित किया जाना चाहिए। रतलाम प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पिछले कई वर्षों से प्रदेश के अधिमान्य और गैर अधिमान्य पत्रकारों को मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग द्वारा पत्रकार स्वास्थ एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना का लाभ दिया जा रहा है, लेकिन इस बार प्रीमियम राशि में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी की गई है, जो न्यायसंगत नहीं है। पत्रकारों ने मांग की है कि बीमा राशि 4 लाख रुपए से बढ़ाकर 6 लाख रुपए की जानी चाहिए। साथ ही प्रेस क्लब ने फर्जी और ब्लेकमेलर पत्रकारों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। वहीं कुछ दिनों पहले शहर में हुए उपद्रव के घटनाक्रम में पत्रकार के नाम पर एफआईआर को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। इस मौके पर बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे और उन्होंने नारेबाजी भी की। एडीएम शालिनी श्रीवास्तव ने पत्रकारों को ज्ञापन लेकर आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा। फर्जी और ब्लेकमेलर को करे बाहरप्रेस क्लब ने कलेक्टर बाथम के नाम भी एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि जिले में फर्जी एवं ब्लैकमेलर पत्रकारों को रोकने के लिए जनसम्पर्क द्वारा सूची एवं समाचार प्रदाय ईमेल एड्रेस को तत्काल अपडेट करवाया जाए। फर्जी पत्रकार एवं सोशल मीडिया इंन्फ्लूंसर सरकारी कार्यक्रमों आकर गैर जिम्मेदारी से तथ्यों को प्रस्तुत करते है। कई फर्जी पत्रकार संगठन बिना वेरिफिकेशन के कार्ड एवं वाहन पर चिपकाने वाले मीडिया स्टीकर जारी कर रहे हैं। ऐसे लोगो पर कार्रवाही की जाए। यह भी मांग की गई कि रतलाम के पत्रकारों को जिले भर में कव्हरेज के लिए जाना पड़ता है। इस दौरान जिले में स्थित टोल बुथ कर्मचारी उनसे गलत बर्ताव करते है। प्रशासन टोलबुथ को सख्त निर्देश जारी करे कि अधिमान्य पत्रकारों के साथ ही संस्थान के कार्डधारी पत्रकारों को बेरोकटोक आवागमन कर सके। सरकारी योजनाओ के क्रियान्वयन निरीक्षण के  लिए मीडिया टूर का समय -समय पर आयोजन किया जाए। विभिन्न सरकारी समितियों में रतलाम प्रेस क्लब के अध्यक्ष सविच या उनके द्वारा नामित पत्रकारों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए। एफआईआर के मामले में हो निष्पक्ष जांचरतलाम प्रेस क्लब के सदस्य पत्रकार जयदीप गुर्जर पर 7 सितम्बर 2024 को रात्रि में रतलाम शहर में हुए उपद्रव के मामले में दर्ज किए गए प्रकरण को लेकर भी ज्ञापन सौंपा गया। इसमें मांग की कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है एवं भयमुक्त तरीके से सभी अपना कार्य कर सके इसके लिए रतलाम प्रेस क्लब सदैव प्रयास करता रहता हैं। जयदीप गुर्जर एक सक्रिय पत्रकार है एवं इस दौरान वो घटना दिनांक को अन्य पत्रकारों की तरह ही वहां पर कव्हरेज के लिए ही मौजूद थे। इस मामले में निष्पक्ष जांच कर पत्रकार साथी पर हुई एफआईआर का खात्मा किया जाए। ये रहे मौजूदप्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी, सचिव यश शर्मा बंटी, कोषाध्यक्ष राजेंद्र केलवा, उपाध्यक्ष सुजीत उपाध्याय, अमित निगम, सहसचिव मुबारिक शेरानी, कार्यकारिणी सदस्य हेमंत भट्ट, दिनेश दवे, राजेश पोरवाल, दिव्यराज सिंह राठौर, सिकंदर पटेल, चंंद्रेशेखर सोलंकी, प्रदीप नागौरा, शुभ दशोत्तर, वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व अध्यक्ष शरद जोशी,  राजेश जैन, राजेश मूणत, सुरेंद्र जैन, रमेश टांक ,ऋषीकुमार शर्मा, गोविंद उपाध्याय, रामाकांत शुक्ला, हेरंब सिंह सैंगर, ओम त्रिवेदी, महिला पत्रकार अदिति मिश्रा,तुषार कोठारी, विजय मीणा,  नरेंद्र जोशी, नीरज शुक्ला,  सौरभ कोठारी, भेरूलाल टांक, सुधीर जैन, डीएन पंचोली, केके शर्मा, जितेंद्र श्रीवास्तव, संजय पाठक, कमल सिंह जाधव,  सुशील खरे,  हेमंत कोठारी, राजेश पुरोहित,  अर्पित चौबे, विनोद वाधवा, निलेश बाफना, यशवंत राठौर, भुवनेश पंडित, विवेकानंद चौधरी, सुरेश बोरासी, चिंटु मेहता, स्वदेश शर्मा, दिग्विजय सिंह सेंगर, नवीन टांक, अशोक शर्मा, राजू अग्रवाल, संजय मिश्रा,मोंटी पारे आदि मौजूद थे।

रॉयल कॉलेज के विद्यार्थियों का सांची डेयरी प्लांट में इंडस्ट्रियल विजिट

रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। रॉयल कॉलेज के बीएससी माइक्रोबायोलॉजी एवं बायोटेक्नोलॉजी प्रथम वर्ष  के 90 विद्यार्थियों ने रतलाम सागोद रोड स्थित सांची दुग्ध डेरी प्लांट का औद्योगिक भ्रमण किया । औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य स्टूडेंट्स को व्यावहारिक कार्य वातावरण के बारे में जानकारी प्रदान करना रहा, साथ ही साथ इस शैक्षणिक भ्रमण से स्टूडेंट्स अपने प्रायोगिक ज्ञान में अभिवृद्धि करेंगे एवं स्वरोजगार तथा उद्यमी बनने के लिए प्रेरित होंगे। सांची दुग्ध डेरी प्लांट के मार्केटिंग हेड  पी एस  राना ने विद्यार्थियों को समूह में लेकर विभिन्न लैब का विजिट करवाया एवं सभी प्रक्रियाओं को मय डेमो दिखाया गया। स्टूडेंट्स को प्लांट की मशीनरी,टेस्टिंग लैबोरेट्री प्रशिक्षण प्रक्रिया, पैकिंग, मार्केटिंग जैसे कार्यो की प्रैक्टिकल जानकारी दी गई। संस्था के प्रशासक दिनेश राजपुरोहित विभाग अध्यक्ष प्रो. कपिल केरोल,बायोटेक विभाग की प्रो. पूजा पाटीदार एवं  माइक्रो बायोलॉजी विभाग से प्रो.नैंसी धीमन का सहयोग रहा।

गुर्जर समाज ने मनाया भगवान देवनारायण के अश्व लीलाधर का जन्मोत्सव, निकली ध्वज यात्रा

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। गुर्जर समाज के लोगों ने भादवी छठ पर अपने आराध्य देव भगवान श्री देवनारायण जी के प्रिय अश्व का जन्मोत्सव बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर गुर्जर समाज द्वारा आकर्षक श्री देवरा देव धर्मराज ध्वज यात्रा का आयोजन किया गया, जो ढोल ढमाकों के साथ श्री देवनारायण मंदिर धभाई जी के वास से निकली और देवनारायण जी के जयकारों के साथ नाचते गाते हुए क्षेत्र के मुख्य मार्गों से होते हुए ग्राम सालाखेड़ी स्थित श्री देवनारायण जी मंदिर पहुंची। जहां शिखर पर ध्वज चढ़ाने के साथ यात्रा समाप्त हुई। आकर्षक झांकी, ढोल और पचरंगी ध्वजा यात्रा के आकर्षण का केंद्र रहे। रास्ते भर देवनारायण जी के भक्त अपने आराध्य के जयकारे लगाते रहे और अंत में महिलाओं द्वारा भजन और गरबा रास किया गया। यात्रा समाप्ति पर खीर प्रसादी का वितरण किया गया। श्री देवरा देव धर्मराज ध्वज यात्रा में मुरलीधर गुर्जर, राधेश्याम गुर्जर, रूपेश गुर्जर, राजेश परिहार, दीपक गुर्जर, राजेश गुर्जर, चेतन गुर्जर, दिग्विजय सिंह धाभाई, निलेश गुर्जर, अर्जुन गुर्जर, रमेश चंद्र गुर्जर, विक्रम सोलंकी, पप्पू गुर्जर, दिलीप गुर्जर आदि बड़ी संख्या में देवनारायण जी के भक्त महिला और पुरुष उपस्थित रहे।

ताक पर महिला सुरक्षा : हरितालिका तीज पर पूजा करने जा रही युवती से छेड़छाड़, घंटों तक इंतजार के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस

थाने पहुंचे भाजयुमो नेता को धक्का मारकर निकाला बाहर, प्रदर्शन के बाद एएसआई कनिक लाइन हाजिर रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। शहर में चरमराई कानून व्यवस्था की तस्वीर शुक्रवार रात सामने आई। थाना स्टेशन रोड अंतर्गत हरमाला रोड पर हरतालिका तीज मनाने एक युवती पूजा के लिए घर से तैयार होकर जब मंदीर पहुंच रही थी तभी रास्ते में कुछ मनचलों ने उस पर ताने कंसने शुरू कर दिए। छेड़छाड़ की घटना से घबराई युवती नेज ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद क्षेत्रवासियों और परिजनों ने मौके पर आरोपियों को पकड़ लिया। क्षेत्रवासियों के अनुसार युवकों को पकड़कर पुलिस को फोन लगाए लेकिन थाना स्टेशन रोड से कोई भी जिम्मेदार घटनास्थल नहीं पहुंचा। जिसके बाद क्षेत्र के पार्षद प्रतिनिधि और भाजयुमो उपाध्यक्ष जलज सांखला, मंडल अध्यक्ष आयुष पडियार को बुलाया और सभी थाने पहुंचे। गौरतलब है की हरमाला रोड पर चौगानिया भेरु और फूल मंडी के आसपास का क्षेत्र शराबियों का अड्डा बना हुआ है और पुलिस को सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। वहीं इस घटना ने शहर के थानों पर महिला सुरक्षा के पुलिस दावों की पोल खोल कर रख दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब आठ बजे दो शराबी मनचलों ने मंदिर जा रही युवती को छेड़ दिया। इसकी जानकारी लगने पर लोगों ने स्टेशन रोड थाने पर शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर रहवासी भड़क गए और थाने पहुंचे। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जिला उपाध्यक्ष जलज सांखला व भाजयुमो मंडल अध्यक्ष आयुष पड़ियार भी उनके साथ थे। आरोप है की कार्रवाई नहीं करने पर मंडल अध्यक्ष आयुष पड़ियार जब थाने के अंदर पहुंचे तो वहां मौजूद एएसआई दिनेश कनिक ने उन्हें धक्का मारकर बाहर कर दिया। जिसके बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष विप्लव जैन कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंच गए। यहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी कर विरोध किया। आक्रोशित कार्यकर्ता बदतमीजी करने वाले एएसआई दिनेश कनिक पर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। जिसके बाद एसएसपी राहुल लोढा ने कनिक को लाइन अटैच कर दिया। उधर युवती की ओर से भी थाने पर एफआईआर दर्ज कर ली गई।

स्वास्थ की चिंता : पाइपलाइन टूटने से टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ा, श्रेष्ठ नवनिर्माण फाउंडेशन ने की अपील

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। शहर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन टूटने की शिकायत आमतौर पर सभी दूर देखने में आ रही है। ऐसे में उस दौरान मौजूद गड्ढों में पानी भर जाता है। यही पानी हमारे स्वास्थ पर गंभीर प्रभाव डालता है। इसी को लेकर श्रेष्ठ नवनिर्माण फाउंडेशन ने चिंता जाहिर करते हुए अधिकारियों से अपील की है। फाउंडेशन के सचिव नरेंद्र श्रेष्ठ ने बताया पाइपलाइन फूटने से पानी सड़क पर फैल जाता है और सप्लाई बंद होने के कारण गंदा पानी वापस पाइपलाइन में चला जाता है, जो अगली सप्लाई में नागरिकों तक पहुंच जाता है। इससे शहर में टाइफाइड और अन्य पानी जनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। श्रेष्ठ ने जिला अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, और निगम के अन्य अधिकारियों से अपील की है कि वे इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान दें और उचित कदम उठाएं। फाउंडेशन का कहना है कि पाइपलाइन टूटने से न केवल जल सप्लाई बाधित हो रही है बल्कि गंदे पानी के पुनः पाइपलाइन में जाने से नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। फाउंडेशन के प्रतिनिधियों का कहना है कि अधिकारियों को तुरंत उचित कदम उठाने चाहिए ताकि पाइपलाइन टूटने की समस्या को रोका जा सके और साफ पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही, अधिकारियों से आग्रह किया गया है कि वे सड़क निर्माण कार्यों के दौरान पाइपलाइनों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और नागरिकों को बीमारियों से बचाने के लिए उचित प्रबंध करें।

रतलाम में श्रीबाबा रामदेव जी का जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया गया

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। श्री मारू भांबी समाज द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में श्री बाबा रामदेव जी का जन्म उत्सव मनाया गया। पहले दिन प्रसन्न परसाई और उनकी टीम ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जबकि दूसरे दिन चल समारोह शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ हाट की चौकी स्थित मंदिर पर पहुंचा। रतलाम शहर अध्यक्ष बद्रीलाल पुनवर ने ध्वज पूजन कर महाआरती की शुरुआत की। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विप्लव जैन, युवा नेतृत्व मदन सोनी, पूर्व पार्षद एमआईसी सदस्य मंगल लोढ़ा, सुदीप पटेल, नवनिर्माण हिंद व्यायाम शाला के प्रमुख मनोज वर्मा उपस्थित थे। समिति के उपाध्यक्ष झमक पडियार, सचिव रवींद्र गहलोत, कोषाध्यक्ष राजेश बोचा, सहकोषाध्यक्ष प्रभुलाल राठौड़, युवा प्रकोष्ठ प्रभारी गोलू भुमारचा, पूर्व रतलाम शहर अध्यक्ष कन्हैयालाल बोका, दीपेश पडियार, जगदीश मातोरिया, दिनेश पडियार, महेश मकवाना, रमेश जोकचंद, रमेश कथिरिया, बाबूलाल जोकचंद, बहादुर सिंह खांबू, नंदकिशोर खांबू, दीपक बामनिया सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य, युवा कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में सभी समाज जन उपस्थित थे। इस अवसर पर सभी ने श्री बाबा रामदेव जी का जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया और उनके जीवन और संदेशों को याद किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी का सहयोग रहा।

भव्य शाही सवारी : बाबा महाकाल के साथ आए गजानंद भगवान, बजरंगबली ने मोहा मन

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। शहर के वृंदावन ग्रुप द्वारा दो मुंह की बावड़ी – पिपलचौक पर 10 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत 7 सितंबर से होगी। इससे पहले ग्रुप द्वारा भगवान महाकाल की प्रतिकात्मक शाही सवारी निकाली गई। जिसमें पालकी में महाकाल का मुखोटा सबसे आगे चल रहा था। जिसे भक्तों ने अपने कंधों पर उठा रखा था। पालकी के पीछे सांवरिया सेठ जी की प्रतिकात्मक प्रतिमा रथ में विराजमान थी। सांवरिया सेठ के रथ के पीछे हाथी चल रहा था जिस पर भगवान महाकाल के मन महेश स्वरूप के दर्शन भक्तों ने किए। ग्रुप द्वारा 15 फिट ऊंची गणेश प्रतिमा का नगर आगमन करवाया गया। जिसकी स्थापना विधि – विधान से 7 सितंबर यानी गणेश चतुर्थी पर की जाएगी। इस प्रतिमा में बजरंगबली की गोद में श्रीगणेश विराजमान है। सवारी में बजरंगबली का स्वरूप लिए कलाकार ने सभी का मन मोहा। बजरंगबली द्वारा की जा रही तरह – तरह की नाट्य प्रस्तुति ने भक्तों को खूब आश्चर्य में डाला। शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शाही सवारी कॉलेज रोड दो मुंह की बावड़ी पर समाप्त हुई।

अभ्यास कैरियर इंस्टिट्यूट पर विद्यार्थियों ने मनाया शिक्षक दिवस

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। शास्त्री नगर स्थित अभ्यास कैरियर इंस्टिट्यूट में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साह मनाया। इंस्टिट्यूट के मैनेजिंग डायरेक्टर नीलीमा कुमावत ने बताया कि डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों को मंगल तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया। डॉ राकेश कुमावत ने विद्यार्थियों को शिक्षक की समाज में भूमिका से अवगत करवाया और बताया कि कैसे एक शिक्षक विद्यार्थी के जीवन में आने वाली हर समस्या को आसान तरीके से हल कर सकता है। संस्था के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों ने ढोल नगाड़ों के साथ शिक्षकों से केक कटवाए और उपहार भी दिए। इस अवसर पर सभी ने शिक्षकों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

0%