Ratlam News: रतलाम में पीवीसी गोदाम में भीषण आग, गैस सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के पटेल कॉलोनी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया जब जैन स्कूल के पीछे स्थित एक पीवीसी गोदाम में अचानक आग लग गई। घनी आबादी वाले इलाके में लगी इस आग से आसपास के रहवासी घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए। WATCH VIDEO सूचना मिलते ही तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम में गैस सिलेंडर और केमिकल से भरी कैनें रखी हुई थीं, जिससे आग फैलने और विस्फोट की आशंका बनी रही। जानकारी के अनुसार, यहां एक स्टील की चोपिंग बनाने वाली फैक्ट्री भी संचालित की जा रही थी, जिसमें थिनर और अन्य ज्वलनशील रसायनों का उपयोग होता था। आग लगने के बाद थिनर की कैनें फटने लगीं और घना धुआं पूरे क्षेत्र में फैल गया। रहवासियों ने बताया कि इस गोदाम में लंबे समय से औद्योगिक गतिविधियां चल रही हैं, लेकिन रिहायशी क्षेत्र में ऐसी फैक्ट्री चलाने पर प्रशासन की अनुमति पर सवाल उठ रहे हैं।फैक्ट्री मालिक केजार मानसी ने कहा कि आग कैसे लगी, यह स्पष्ट नहीं है — “पहले आग बुझा लें, फिर बात करेंगे”। जब उनसे लाइसेंस और अनुमति के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे गोदाम और फैक्ट्रियों की जांच की जाए ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Ratlam News: रतलाम में सूने मकान में भीषण आग: डेढ़ लाख रुपए नकद समेत घरेलू सामान खाक, शॉर्ट सर्किट बना वजह

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के सुंदरवन कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक सूने मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर करीब डेढ़ लाख रुपए नकद और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय घर के सदस्य पास के साईं मंदिर दर्शन के लिए गए हुए थे। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। मकान रेलवे से रिटायर्ड स्वर्गीय राजेश कुमार महाशा का है, जहां उनकी बेटी, दामाद राज गोयल और उनकी सास रहते हैं। आग घर की पहली मंजिल के एक कमरे में लगी, जिसे पड़ोसियों ने देखा और तत्काल राज गोयल को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर निगम की दो फायर ब्रिगेड लॉरी मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने दरवाजा तोड़कर पानी की बौछारें कर आग बुझाई। पड़ोसियों की मदद से गैस सिलेंडर और कुछ अन्य सामान समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लेकिन कमरे में रखा फर्नीचर, छत का पंखा, इलेक्ट्रिक बोर्ड, बिस्तर, पलंग-पेटी और नकदी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी मकान की ऊपरी मंजिल पर लगे एसी के तारों में आग लगी थी, जिसे समय रहते बुझा दिया गया था। घटना के समय मौजूद फायर ब्रिगेडकर्मी शेखर चावरे, हेमेंद्रसिंह सोलंकी, यकीहुन अंसारी और पायलट संदीप ऊंटवाल ने तत्परता दिखाते हुए आग को फैलने से रोका।

Ratlam News: महू-नीमच हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर और ट्राले में जोरदार भिड़ंत, चालक की मौत

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: इंदौर से रतलाम की ओर आ रहे एक ट्राले और गलत साइड से आ रहे ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद ट्राला एक झोपड़ी में जा घुसा, जिससे उसमें आग लग गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतक और घायल को अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार, यह हादसा महू-नीमच हाईवे पर रतलाम से लगभग 28 किलोमीटर दूर सातरुंडा चौराहे के पास ग्राम सिमलावदा में हुआ। यहां पर ट्रैक्टर गलत दिशा में जा रहा था, तभी इंदौर की ओर से आ रहे लोहे के एंगल से भरे ट्राले ने उसे टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में ट्रैक्टर चालक दयाराम मुनिया (50), निवासी सिमलावदा ग्राम खेड़ी, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी रमेश ओहरी (50) गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के दौरान ट्रैक्टर एक बिजली के पोल से भी टकराया, जिससे निकली चिंगारियों से ट्राला और ट्रैक्टर में आग लग गई। इसके साथ ही ट्राला पास की झोपड़ी में भी जा घुसा, जिससे झोपड़ी में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे के वक्त झोपड़ी में कोई नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों के अनुसार, दयाराम मुनिया अपने साथी रमेश के साथ खेत जोतकर शाम करीब पौने पांच बजे अपने गांव खेड़ी लौट रहे थे। वे सातरुंडा से करीब 500 मीटर दूर पहुंचे थे कि तभी सामने से आ रहे ट्राले से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। घायल का चल रहा इलाजदुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने मृतक और घायल को वाहनों के बीच से निकालकर अस्पताल भेजा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और घायल रमेश ओहरी का इलाज रतलाम के मेडिकल कॉलेज में जारी है।