सुविधाओं में बढ़ोतरी : आज से मिलेगा प्रतिदिन पानी, पहले चरण में शहर के इन क्षेत्रों में शुरुआत

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में प्रतिदिन पानी देने की बात अब केवल बात नहीं रही। आज यानी शुक्रवार से शहर में प्रतिदिन पानी पहुंचाने का काम शुरू होने जा रहा है। इसके लिए शहर विधायक चेतन्य काश्यप एवं महापौर प्रहलाद पटेल लगातार प्रयासरत थे। अब चरणबद्ध तरीके से प्रतिदिन जल प्रदाय की व्यवस्था होने जा रही है।आपको बता दे कि नगर निगम द्वारा शहर में जलप्रदाय के मुख्य स्त्रोत धोलावाड़, मोरवानी एवं ऋतुराज पम्पिंग हाउस पर करीब 4 करोड़ की लागत से हाई कैपेसिटी (अधिक क्षमता) के मोटर पंप लगाए गए है, जो पिछले एक माह से शहर में जलप्रदाय का काम कर रहे है। कस्तूरबा नगर टंकी से दो जोन के क्षेत्रों में प्रतिदिन पेयजल मिल रहा है।   शुरुआत में नगर निगम द्वारा प्रतिदिन जलप्रदाय कस्तूरबा नगर टंकी से वार्ड क्रमांक 9, 11 एवं 12 में होगा। यह प्रतिदिन पानी देने का पहला चरण होगा। इसमें वह क्षेत्र जहां पर वर्तमान में एक दिन छोड़कर जल प्रदाय हो रहा है, उन क्षेत्रों में प्रतिदिन यानी रोज जलप्रदाय होगा। उसके बाद जल्द शहर के अन्य क्षेत्रों में भी दूसरे व तीसरे चरण में यह सुविधा शुरू हो जाएगी। गौरतलब है कि शहर में 20 से 25 वर्ष पहले प्रतिदिन पेयजल मिलता था। इसके बाद एक दिन छोड़कर एक दिन पेयजल वितरण का कार्य किया जाता रहा है।6 माह पूर्व एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शहर विधायक काश्यप ने बताया था कि पेयजल के लिए अमृत मिशन-2 में 72 करोड़ रुपए मिले हैं, इससे जल वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ होगी। योजना में रोज पानी देने के लिए धोलावाड़ से ही 4 एमसीएम पानी अतिरिक्त मिलना तय हुआ है। विधायक ने जल्द योजना पूरी होते ही रोज पानी मिलने की बात कही थी जो अब 6 माह में चरणबद्ध तरीके से पूरी होने जा रही है।

मामला सरेराह हत्या का : परिजनों ने शव रख प्रदर्शन शुरू किया, आरोपियों को फांसी व घर तोड़ने की मांग

मामला कल रात हुए हत्याकांड का, करीब 1 घंटे से जारी है विरोध प्रदर्शन.. पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत 80 फीट रोड पर हुई 16 वर्षीय नाबालिग की हत्या के मामले में परिजनों में आक्रोश फुट चुका है। बुधवार सुबह 11 बजे साक्षी पेट्रोल पंप चौराहे पर परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। खबर लिखे जाने तक विरोध जारी था। परिजन व समाज के लोग हमला करने वाले सभी आरोपियों के मकान तोड़ने, फांसी देने व परिवार के भरण पोषण की मांग कर रहे है। मौके पर थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा, सीएसपी अभिनव बारंगे व तहसीलदार भी पहुंच चुके है। प्रदर्शन के कारण सैलाना रोड पर जाम लग गया है, जिससे आवागमन बाधित हो चुका है। आपको बता दे मृतक बालक गरीब परिवार से था और इकलौता होने के साथ सबसे छोटा था, उससे बड़ी दो बहनें है। मृतक के पिता मजदूरी का कार्य करते है। परिजनों के अनुसार घटना के समय मृतक को फोन लगाकर किसी ने बुलाया और वह घर से कुछ सामान लाने का कहकर निकला था। यह हुआ था कल रात घटनाक्रम :16 वर्षीय विनोद पिता जगदीश पांचाल निवासी महेश नगर की मौत हो गई। मृतक विनोद घटनास्थल पर घायल अवस्था में था जिसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौके पर 3-4 युवकों ने मिलकर विनोद के साथ चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को बताया की वे एक दूसरे को जानते थे और सोशल मीडिया पर इनके बीच स्टोरी या पोस्ट को लेकर कुछ विवाद हुए थे। 2 – 3 दिन पहले भी इनका आपस में विवाद हुआ था, तब से आरोपी मृतक विनोद की तलाश कर रहा था। आरोपियों ने बताया कि घटना के समय आरोपी व मृतक दोनों 80 फिट रोड से गुजर रहे थे तभी इनकी कहासुनी हुई और विनोद पर चाकू से हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से विवाद का मुख्य कारण पता लगाने में जुट गई है।

सरेराह चाकूबाजी : सोशल मीडिया की रंजिश ने दिया हत्या को अंजाम, इलाज के दौरान नाबालिक ने तोड़ा दम

थाने से महज 500 मीटर पर हुई वारदात, पुलिस ने 3 नाबालिग आरोपियों को किया राउंडअप पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत 80 फीट रोड पर चाकूबाजी में एक 16 वर्षीय नाबालिग की हत्या कर दी गई। हमला करने वाले सभी आरोपी भी नाबालिग बताए जा रहे हैं, जिनकी उम्र 14 से 16 वर्ष बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने तत्काल मुख्य आरोपी सहित दो अन्य को राउंडअप कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक बालक गरीब परिवार से था और इकलौता होने के साथ सबसे छोटा था, उससे बड़ी दो बहनें है। मृतक के पिता मजदूरी का कार्य करते है। परिजनों के अनुसार घटना के समय मृतक  को फोन लगाकर किसी ने बुलाया और वह घर से कुछ सामान लाने का कहकर निकला था। सुबह अस्पताल से पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9.30  बजे 80 फीट रोड पर चाकूबाजी की घटना हुई। जिसमें 16 वर्षीय विनोद पिता जगदीश पांचाल निवासी महेश नगर की मौत हो गई। मृतक विनोद घटनास्थल पर घायल अवस्था में था जिसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौके पर 3-4 युवकों ने मिलकर विनोद के साथ चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को बताया की वे एक दूसरे को जानते थे और सोशल मीडिया पर इनके बीच स्टोरी या पोस्ट को लेकर कुछ विवाद हुए थे। 2 – 3 दिन पहले भी इनका आपस में विवाद हुआ था, तब से आरोपी मृतक विनोद की तलाश कर रहा था। आरोपियों ने बताया कि घटना के समय आरोपी व मृतक दोनों 80 फिट रोड से गुजर रहे थे तभी इनकी कहासुनी हुई और विनोद पर चाकू से हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से विवाद का मुख्य कारण पता लगाने में जुट गई है। थाने से महज 500 मीटर की दूरी, ट्रेंड बढ़ा रहा अपराध :चाकूबाजी जहां हुई वो घटनास्थल औद्योगिक थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर है। पुलिस से बेख़ौफ इन नाबालिग आरोपियों ने पहले मृतक के साथ मारपीट की उसके बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया। पिछले कुछ सालों में सोशल मीडिया पर हुए विवादों ने संगीन अपराधों को जन्म दिया है। गैंगस्टर पर फिल्माये गए कई तरह के गाने ट्रेंड बने हुए। जिस पर युवा वर्ग रील व स्टोरी अपलोड कर अपराध की दुनियां में कदम रख रहे है। इसमें 14 से 17 वर्ष के नाबालिग युवा सबसे अधिक संख्या में है। हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें युवतियां भी शामिल है। कई तरह के गैंगस्टर स्टाइल के डाइलोग है जिनमें मारने काटने की बात होती है और उस पर लिपसिंग कर रिल्स अपलोड किए जाते है। जिसके बाद शुरू होता है सोशल मीडिया पर पर्सनल वार और वह रील से रियल लाइफ में आ जाता है। ट्रेंड में फॉलोवर्स के साथ खुद को आगे व बड़ा दिखाने की होड़ मची हुई है। हैरानी की बात है कि सोशल मीडिया कच्ची उम्र में नाबालिग युवाओं को जुर्म के रास्ते पर धकेल रहा है। बच्चों का परिजनों की निगरानी से दूर मोबाइल चलाना ऐसी घटनाओं पर अंकुश ना लगने का बड़ा कारण बन रहा है।

कब होगा जुआ-सट्टा बंद : महात्मा गांधी जयंती पर गांधीगिरी करके सट्टा बंद करवाने की अपील, युवाओं ने रतलाम पुलिस को भेंट किए गुलाब

प्रशासन को जगाने की अनूठी पहल, कई परिवारों को बिखेर चुका है जुआं – सट्टा! पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सेंव, साड़ी और सोने के लिए अपने मशहूर होने के साथ ही सट्टे में भी रतलाम पीछे नहीं है। शहर में चल रहे एमसीएक्स (MCX), क्रिकेट व ऑनलाइन चल रहे कई तरह के सट्टे से शहर का युवा खोखला होता जा रहा है। शहर में सट्टे से कई परिवार बर्बाद हो चुके है, इसके अलावा सट्टा कई जाने भी ले चुका है। गांधी जयंती पर सट्टे के खिलाफ शहर के युवा मुखर हो चुके है। युवाओं ने गांधीगिरी करते हुए एक अनूठे तरीके से पुलिस से अपील की और आवेदन दिया। गांधी जयंती पर शहर के युवा गुलाब के फूल हाथों में लेकर माणकचौक थाने पहुंचे। यहां मौजूद पुलिसकर्मियों को गुलाब भेंट करते हुए युवाओं ने सट्टा बंद करवाने की अपील की। आशीष सोनी ने बताया कि गांधी जयंती पर पुलिस को गुलाब भेंट करते हुए आवेदन दिया गया। हमारी मांग है कि शहर में चल रहे अनेक प्रकार के सट्टे पर पुलिस कार्रवाई करे। शहर के युवा गर्त में जा रहे है। सट्टे के कारण कई परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से बर्बाद हो चुके है। आज तक पुलिस ने सट्टे पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कि है। पुलिस से निवेदन है कि जल्द ही सट्टे पर अंकुश लगाकर युवाओं को इस कुचक्र से निकालने में मदद करे। करोड़ो का है सट्टे का कारोबार :शहर में सट्टा और जुआ अपने पैर अंगद की तरह पसारे पड़ा है। शहर में नामचीन लोग सट्टे के कारोबार में लिप्त है। पुलिस की कार्रवाई होती भी है तो सफेदपोशों के काले धंधे उजागर होने से पहले ठप्प पड़ जाती है। कहा जाता है की शहर में सट्टा बगैर मिलीभगत के नहीं चलता, यहां हर एक का हिस्सा फिक्स है। सूत्रों की माने तो शहर में रोजाना करोडों का व्यापार केवल सट्टेबाजी का ही है। आईपीएल और बड़े क्रिकेट मैच के दौरान तो आंकड़ों का अंदाजा लगाना मुश्किल है। शहर में सट्टे के कारोबारी देश – विदेश से लिंक बनाकर आज सिरमोर बने बैठे है। खेर अब शहर में चर्चा है की इस गांधीवादी तरीके का पुलिस पर क्या असर पड़ेगा? या पुलिस हर बार की तरह छोटे सटोरियों पर कार्रवाई करते हुए, बड़े सफ़ेदपोशों को नजरअंदाज करेगी?  

गांधी जयंती : सेजावता में ग्रामीण कांग्रेस ने किया महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिला कांग्रेस के निर्देश पर रतलाम ग्रामीण की ब्लॉक कमेटी द्वारा ग्राम सेजावता में सत्य व अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती हर्षोल्लास के साथ ग्राम सेजावता में मनाई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि हम सभी को बापू के दिखाएं मार्ग पर चलना चाहिए। सत्य और अहिंसा का पालन करना चाहिए। जिसके बाद सभी अतिथियों द्वारा बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर जिला संगठन मंत्री बृजेश चौधरी, पूर्व विधायक लक्ष्मीदेवी खराड़ी, प्रदेश कांग्रेस सचिव कोमल धुर्वे, महिला कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष वेणु हरिवंश शर्मा, सेवादल जिला अध्यक्ष रानी देवदा, पूर्व मंडी अध्यक्ष दिनेश शर्मा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष टीकम सिंह, जगदीश पाटीदार, डॉ अभय ओहरी, जनपद सदस्य बलबहादुर सिंह, रतलाम ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश पटेल, दशरथ भाबर, मुल्कराज जाट, अभिषेक शर्मा, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, जिला कांग्रेस प्रवक्ता संजय रावल, ईश्वर सिंह, डिंपल सिंह, मोहन मालवीय, शंकर लाल मालवीय, नरेंद्र पाटीदार, अशोक पटेल, राजीव देवदा आदि कांग्रेस पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

भागवत ज्ञानयज्ञ : चेतन्य काश्यप फाउंडेशन ने नगर को बदला धर्म नगरी में, निकली भव्य और विराट भगवामय कलश यात्रा

ड्रोन से पुष्प वर्षा रही आकर्षण का केंद्र, हजारों महिलाओं ने सर पर धारण किया कलश पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा प्रसिद्ध कथावाचक व मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी के मुखारविंद से आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के पूर्व रतलाम के इतिहास में पहली बार भव्य एवं विराट कलश यात्रा निकाली। इसमें हजारों माता-बहने सिर पर कलश लिए शामिल हुई। कलश यात्रा पर पहली बार ड्रोन से पुष्प वर्षा की गई, जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रही।यात्रा का शुभारंभ जैन स्कूल से फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने कलश पूजा कर किया। इसके बाद विधायक काश्यप ने सिर पर भागवत पौथी धारण कर समिति सदस्य मोहनलाल भट्ट को प्रदान की। वे सपत्नीक भागवत पौथी एवं कलश के साथ रथ में सवार हुए। इसके बाद बाजना बस स्टैंड से भगवा ध्वज दिखाकर कलश यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। कलश यात्रा जैन स्कूल, बाजना बस स्टैंड से आरंभ होकर चांदनी चौक, तोपखाना, बजाज खाना, गणेश देवरी, डालूमोदी बाजार, पैलेस रोड, नगर निगम, मेहंदीकुई बालाजी मंदिर, छत्रीपुल होकर बीमा अस्पताल के पास से होते हुए अंबेडकर ग्राउंड कथा स्थल पर पहुंची। कलश यात्रा का मार्ग में जगह-जगह मंचों से विभिन्न धार्मिक, व्यापारिक, सामाजिक संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।कलश यात्रा में आगे-आगे गजराज, ऊंट एवं अश्वारोही धर्म ध्वजा लिए चल रहे थे। इसके पीछे ढोल वाहिनी, बैंड, डीजे सहित रथ में सवार होकर राधा-कृष्ण जी के प्रतीक भी शामिल हुए। कलश यात्रा के पूरे मार्ग में ड्रोन द्वारा विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई, जिससे शहरवासियों में धर्म का उत्साह व वातावरण निर्मित हुआ। मार्ग में यात्रा का फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा, गुजरात के भावनगर विधायक जीतूभाई वाघानी एवं वडोदरा विधायक केयूर भाई, जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय, जिला संयोजक बजरंग पुरोहित, आयोजन समिति सदस्य कन्हैयालाल मौर्य, गोविंद काकानी, मनोहर पोरवाल, निर्मल लुनिया, प्रेम उपाध्याय, प्रदीप उपाध्याय, मुन्नालाल शर्मा, संजय व्यास और सिद्धार्थ काश्यप आदि असंख्य लोगों ने स्वागत किया।

पुलिस की पॉलिसी : उज्जैन में बच्ची के साथ दरिंदगी के बाद रतलाम में सतर्कता, बच्ची या महिला के ऑटो में बैठते ही पहले ड्राइवर करेगा यह जरूरी काम!

सीएसपी रात में अचानक पहुंचे रेलवे स्टेशन, ऑटो ड्राइवर को दीए जरूरी निर्देश, देखे वीडियो – पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। उज्जैन में विगत दिनों हुआ मासूम के साथ दरिंदगी का मामला पूरे देश में गरमाया हुआ है। लोग आरोपियों की तत्काल फांसी की मांग कर रहे है। उज्जैन में मासूम के साथ हुए रेप केस में एक आरोपी ऑटो ड्राइवर भारत सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना के बाद अब रतलाम पुलिस भी महिला सुरक्षा को लेकर खासी सजग व सतर्क नजर आ रही है। इसको लेकर रतलाम पुलिस ने एक बेहद अच्छी व अभिनव पहल की शुरुआत की। उज्जैन में ऑटो ड्राइवर के घटना में शामिल होने के बाद अब रतलाम में ऑटो ड्राइवरों पर पुलिस ने नजर रखने की ठानी है। जिससे भविष्य में इस तरह की घटना से बचा जा सके और समाज में सुरक्षा का भाव बना रहे।शनिवार देर रात शहर सीएसपी अभिनव बारंगे ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। अचानक सीएसपी के पहुंचने से रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सभी अचंभे में पड़ गए। सीएसपी बारंगे ने वहां मौजूद ऑटो ड्राइवरों को जब बुलाया तो उनमें से अधिकतर ड्राइवर अपना वाहन छोड़कर भाग निकले। जिसके बाद सीएसपी ने ऑटो ड्राइवरों को समझाइश देकर वापस बुलवाया। सीएसपी बारंगे ने पब्लिक वार्ता को बताया की ऑटो ड्राइवर को यह निर्देश दिए गए की ऑटो में यदि कोई महिला या बालिका बैठती है तो उनके परिजनों से पहले एक बार बात कर ले। परिजनों को ड्राइवर अपनी व ऑटो रिक्शा की फोटो शेयर कर नाम आदि की जानकारी जरूर दे। परिजनों को यह आश्वासन देदे की उनकी बेटी या पत्नी सुरक्षित गंतव्य पर पहुंच जाएगी। अगर परिजन नहीं है तो नजदीकी थाने में यह उक्त सवारी व गंतव्य स्थल की जानकारी देदे। जिससे समाज में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी। सीएसपी ने मौके पर ऑटो रिक्शा के नियमों के पालन की हिदायत देते हुए कागज भी जांचे। मौजूद ड्राइवरों के पास कागज पूरे नहीं मिलने पर अगली बार कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। पुलिस अब रिक्शा यूनियन के माध्यम से ड्राइवरों के नाम, नंबर आदि की एक सूची बनाकर अपने पास रखेगी। इसके अलावा शहर के प्रत्येक रिक्शा ड्राइवर तक इन निर्देशों को पहुंचाकर इनका पालन करवाया जाएगा। जिससे उज्जैन जैसी किसी भी घटना के घटित होने से बचा जा सके। 12 साल की पीड़िता को गोद लेंगे इंस्पेक्टर वर्मा : उज्जैन महाकाल थाने के इंस्पेक्टर अजय वर्मा ने अपनी दरियादिली दिखाती हुए रेप पीड़िता को गोद लेने की बात कही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि बच्ची के घरवालों की मर्जी होगी तब ही वह बच्ची को गोद लेंगे। टीआई ने बताया कि पीड़ित बच्ची के कराहने की आवाज सुनकर वह बेहद विचलित हो गए थे। महाकाल थाने के टीआई अजय वर्मा ने पीड़ित बच्ची को गोद लेकर उसकी पढ़ाई-लिखाई का खर्च वहन करने की बात कही है। टीआई ने कहा, पीड़ित बच्ची के कराहने की आवाज से मेरा मन द्रवित हो गया। मैंने उसी समय संकल्प लिया कि इस बच्ची को संरक्षण प्रदान करूंगा। उस बच्ची को मैंने पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने का संकल्प लिया है।गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया मुझे मालूम नहीं है, लेकिन उसके विवाह, स्वास्थ्य, शिक्षा की जिम्मेदारी मेरी है। उसको पूरा करेंगे।

वाह बड़े साहब : जिला अस्पताल में छत का प्लास्टर गिरने से बालिका घायल, सिविल सर्जन ने कहा – छज्जे तो घर के भी गिर जाते है!

पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी पहुंचे अस्पताल, अव्यवस्थाओं पर कहा – “बार बार बोला जा रहा झूठ” पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिला अस्पताल की जर्जर हालात अब मरीजों के लिए आफत बनती जा रही है। कुछ दिनों पहले लगातार बारिश के कारण मरीजों को रातो-रात मेडिकल कॉलेज पहुंचाना पड़ा था। इसके बाद अस्पताल के कई हिस्से पहले से ज्यादा जर्जर बन चुके है। आइसोलेशन वार्ड के शौचालय की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया, जिससे बालिका घायल हो गई। घटना के बाद जिला अस्पताल के सिविल सर्जन एमएस सागर से जब मीडिया ने बात की तो उनका गैर जिम्मेदाराना रवैय्या सामने आया। मीडिया से बातचीत में सागर ने कहा कि छज्जे तो घर के भी गिर जाते है। तो क्या उसे इतना गंभीरता से लेते है? साथ ही एक अखबार को दिए बयान में कहा की लोक निर्माण विभाग काफी पहले इसे जर्जर घोषित कर चुका है। ऐसे में प्लास्टर गिरना स्वाभाविक है, फिर भी रिपेयरिंग करवाकर काम चला रहे हैं।खेर बड़ा सवाल यही है कि जिम्मेदारी भूलकर इस तरह के गैर जिम्मेदाराना बयान पर कोई एक्शन होगा या नहीं?गौरतलब है कि नवीन 300 बेड का अस्पताल बनने के दौरान इन्ही नए नवेले बड़े साहब ने उसके नक्शे में फेरबदल करवा कर काम रुकवा दिया था। तब तक मौजूदा नक्शे के हिसाब से नवीन अस्पताल का बेस तैयार हो गया था। जिसके बाद ठेकेदार को बेस हटाकर सभी सरिया सीमेंट निकालने पड़े थे। फिलहाल वापस से नक्शा तैयार कर लिया गया है, काम फिर शुरू हो गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद शनिवार शाम पूर्व गृहमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता हिम्मत कोठारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर उस वार्ड का निरीक्षण कर चश्मदीद मरीजों से घटना की जानकारी ली। सिविल सर्जन के बयान पर कोठारी ने कहा कि इस प्रकार का जवाब देना गैर जिम्मेदारी है। किसी को चोट लगती है तो सबको दुख होना चाहिए। कोठारी ने कहा कि 5 साल से नवीन अस्पताल के लिए बार – बार झूठ बोला जा रहा है। यहां मरीज असुरक्षित महसूस कर रहे है। यह बिल्डिंग रियासतकालीन है अब इसको नया बनाने की जरूरत है। पूर्व मंत्री के अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन भी वहां पहुंचे। जिसके बाद कोठारी ने उनके दिए बयान पर जमकर खरी खोटी सुनाई। यह हुआ था घटनाक्रम :हिम्मतनगर कॉलोनी निवासी बालिका जाह्नवी जर्जर सिस्टम की भेंट चढ़ गई। बालिका ने बताया कि उसकी दादी को इलाज के लिए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया था। दोपहर बाद दादी का हाथ पकड़कर उन्हें शौचालय में ले गई। थोड़ी दूर पर ही छत के प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा फर्श पर आ गिरा। इसका कुछ हिस्सा जाह्नवी के हाथ और सिर पर लगता हुआ नीचे आया। जाह्नवी के हाथ और सिर में चोंट आई। अचानक हुए घटनाक्रम के बाद वहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में भी हड़कंप मच गया। जिसके बाद घटना को दबाने के प्रयास सेअस्पताल प्रशासन ने चुपचाप घायल बालिका और बुजुर्ग दादी को मेडिकल कॉलेज भेज दिया। जिला अस्पताल में मेल सर्जिकल वार्ड, इमरजेंसी वार्ड की भी हालत गंभीर है। यहां पूरे बरामदा कई जगह से प्लास्टर पहले ही गिर चुका है, बारिश में पानी टपकता रहता है, जिसके निशान अब भी मौजूद है, वार्ड में भी पानी आता है।

CBI जांच की मांग : गुर्जर समाज ने दिया राज्यपाल के नाम ज्ञापन, ग्वालियर में बनाया जा रहा समाज को निशाना

हिंसा की आड़ में निर्दोष गुर्जर छात्रों व युवाओं पर दर्ज हो रहे झूठे मुकदमे, प्रदेश के गुर्जर नेताओं ने साधी चुप्पी पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। ग्वालियर में विगत दिनों हुई हिंसा के बाद गुर्जर समाज के लोगों पर प्रशासन एक के बाद एक कार्रवाई कर रहा है। इस मामले को लेकर अब रतलाम में भी गुर्जर समाज मुखर हो गया है। यहां समाज ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदेश के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप सीबीआई जांच की मांग की। समाज ने आरोप लगाया कि युवाओं व छात्रों को जबरन आरोपी बना कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। समाज ने दावा किया है कि उनके खिलाफ षडयंत्र रचा गया है। वहीं देखने में यह भी आ रहा है कि पूरे मामले से बीजेपी व कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के गुर्जर नेताओं ने दूरी बना ली है। चुनाव नजदीक होने से कोई भी इस विवाद में पड़ना नहीं चाहता है। यहां तक कि नामजद आरोपियों ने भी राजनीतिक शरण लेने की कोशिश की मगर नेता साथ देने के मूड में नहीं है। गौरतलब है कि 25 सितंबर को गुर्जरों द्वारा निकाली जा रही ‘गुर्जर जागरूकता यात्रा’ के समापन के मौके पर ग्वालियर के फूलबाग मैदान में ‘गुर्जर महाकुंभ’ (Gurjar Smaaj Mahakumbh) का आयोजन किया गया था। इस महाकुंभ में शामिल होने आए लोग महाकुंभ के बाद ज्ञापन देने के लिए कलेक्ट्रेट की और रवाना हो गए। इस दौरान कलेक्ट्रेट ऑफिस के गेट को पुलिस और प्रशासन ने बंद कर रखा था। अफसरों का कहना था कि वो अपना मांगपत्र यहीं सौंप दें, लेकिन भीड़ कलेक्ट्रेट ऑफिस के अंदर जाने की जिद पर अड़ रही। इसी बीच कुछ असमाजिक तत्वों ने बेरिकेडिंग तोड़ कलेक्ट्रेट में प्रवेश कर लिया। ज्ञापन में कहा गया कि ग्वालियर कलेक्ट्रेट में तोड़फोड़ व हिंसा हुई उसी दौरान फूलबाग में कार्यक्रम था जो वहीं शांति से समाप्त हो चुका था। इसमें गुर्जर समाज से संबंधित लोगों का हाथ ना होकर परिस्थिति को देखते हुए ऐसा लगता है कि फायदा उठाकर असमाजिक तत्वों द्वारा षड्यंत्रपूर्वक यह हिंसा की गई। पुलिस व प्रशासन ने महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया। पुलिस ने शंका के आधार पर नामजद केस दर्ज करने के अलावा करीब 1 हजार से अधिक अज्ञात नाम से एफआईआर दर्ज की।कार्रवाई में छात्रों व युवाओं पर समाज के आधार पर झूठे प्रकरण  दर्ज करने के साथ ही मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है।ज्ञापन में कहा गया कि उक्त कार्रवाई अनुचित व अवैधानिक है। समाज को निशाना बनाया जा रहा है। रतलाम गुर्जर समाज ने ज्ञापन सौंपकर हिंसा के षड्यंत्र की सीबीआई जांच की मांग की। इस दौरान समाज जनों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

पुलिस मुस्तैद : देर रात सीएसपी अभिनव बारंगे ने किया संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा, आज होगी अखाड़ों के रूट पर चर्चा

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में त्यौहारों का माहौल अपने चरम पर है। ऐसे में रतलाम पुलिस खासी सतर्कता बरते हुए है। इस बार अनंत चतुर्दशी और ईद मिलादुन्नबी एक ही दिन है। हिंदू और मुस्लिम दोनों ही धर्मावलंबी अपने परंपरागत तौर तरीकों से इन त्यौहारों को मनाते आ रहे है। एक तरफ हिंदू समाज अनंत चतुर्दशी पर दोपहर में गणेश विसर्जन का क्रम दिनभर चलता है, वहीं दूसरी और मुस्लिम समाज ईद मिलादुन्नबी पर भव्य जुलूस निकालता है। वहीं रियासतकाल के दौर से अनंत चतुर्दशी पर रात में अखाड़ो के साथ झांकियों का कारवां शहर की सड़कों पर निकलता है। दोनों ही त्यौहारों को शांति व सौहाद्र के साथ संपन्न करवाने का जिम्मा पुलिस पर होता है। इसको लेकर रतलाम पुलिस खासी सतर्क है। पुलिस ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। एसपी राहुल कुमार लोढा के निर्देशन में सोमवार देर रात सीएसपी अभिनव कुमार बारंगे शहर के संवेदनशील इलाकों में पैदल निकले। इस दौरान दीनदयाल नगर थाना प्रभारी राहुल शर्मा, हाटक की चौकी प्रभारी अनुराग यादव व पुलिस बल साथ था। सीएसपी बारंगे ने लोहार रोड, आबकारी चौराहा, शहीद चौक,अंडा गली, नाहरपुरा, कॉलेज रोड आदि स्थानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों से चर्चा कर उनसे संवाद भी किया। वहीं थाना स्टेशन रोड प्रभारी भुवानीराम वर्मा ने भी संवेदनशील क्षेत्रों मोचिपुरा, काजीपुरा, चार चक्की चौराहा आदि क्षेत्रों का बाइक द्वारा निरीक्षण किया। सीएसपी अभिनव कुमार बारंगे ने बताया की शहर में किसी प्रकार की कोई अप्रिय स्थिति ना बने इसके लिए पुलिस सतर्क है। आमजन से अपील है की त्यौहार शांति व आपसी प्रेम से मनाए। आमजन को यदि कोई ऐसा व्यक्ति मालूम पड़ता है जो अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा हो, उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दे।आपको बता दे कि सोमवार को मुस्लिम वर्ग के प्रमुखों की बैठक लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है। मंगलवार दोपहर को अखाड़ों के प्रमुख व शांति समिति के सदस्यों की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे। वहीं निकलने वाली झांकियों व अखाड़ों के रूट पर भी चर्चा की जाएगी। आलोट व ताल में निकाला फ्लैग मार्च :एसडीओपी शाबेरा अंसारी द्वारा थाना ताल एवं थाना आलोट के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। थाना प्रभारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकालकर आम लोगो से शांति पूर्वक त्योहार मनाने की अपील की गई। मार्च में थाना प्रभारी आलोट दिनेश कुमार भोजक, थाना प्रभारी ताल कर्णसिंह पाल पुलिस बल के साथ निकले। इस दौरान संवेदनशील प्रमुख चौराहों, बाजारों आदि प्रमुख स्थानों पर आमजन से संवाद भी किया।