गणेशोत्सव की धूम : भगवा हिंद संगठन करवा रहा रोज नए आयोजन, खेलों के साथ समापन पर होगा भव्य भोजन भंडारा

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर भर में गणेशोत्सव धूम धाम से मनाया जा रहा है। शहर के मुख्य चौराहे घास बाजार में भगवा हिंद संगठन द्वारा 10 दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। संगठन पिछले 30 सालों से गणेशोत्सव का आयोजन कर रहा है।  यहां भगवान गणेश की 7 फिट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिदिन आरती के पश्चात प्रसादी का वितरण किया जा रहा है। संगठन द्वारा पांडाल में बच्चों की खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। चम्मच अंटी रेस, चेयर रेस, पासिंग बोल जैसे विभिन्न खेल प्रतियोगिता यहां आयोजित की गई है। प्रतियोगिता के बाद विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरुस्कार भी वितरण किए जा रहे है। आखिरी के दो दिनों में महिलाओं के लिए गरबा रास का आयोजन भी संगठन के द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा भगवा हिंद संगठन परिवार की ओर से अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर 25 हजार लोगों का भव्य भंडारा रात्रि में किया जाएगा। सदस्यों ने आमजन से रात्रि 9 बजे गणेशोत्सव में शामिल होने की अपील की है।

मनमानी पर रोष : ऑटो रिक्शा चालक वसूल रहे यात्रियों से मनमाना किराया, समाजसेवियों ने दिया कलेक्टर को ज्ञापन

शहर के एडवोकेट प्रशांत ग्वालियरी इंदौर में सीखा चुके है सबक!, मगर रतलाम में प्रशासन की सुस्ती बढ़ा रही मनमानी पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में ऑटो चालकों की मनमानी व अधिक किराया वसूली को लेकर शहर के समाजसेवी मुखर हो गए है। इसको लेकर शहर के समाजसेवियों ने जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी व जिला परिवहन अधिकारी दीपक मांझी को ज्ञापन सौंपा। गौरतलब है कि शहर में स्टेशन से 1 या 2 किमी तक के सफर के 100 से 200 रुपये वसूले जाते है। इसके अलावा रात्रि में यह किराया दोगुना हो जाता है। बहुत सी शिकायत होने के बावजूद भी परिवहन विभाग व ट्रैफिक अमला कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। समाजसेवी व शांति समिति सदस्य रवि पंवार ने बताया कि रतलाम रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर प्रतिदिन हजारों यात्री रतलाम शहर में आते है। ऑटो रिक्शा चालकों द्वारा यात्रियों से मनमाना शुल्क लिया जाता है। इसके अलावा रतलाम शहर में कई ऑटो रिक्शा बगैर परमिट के अवैध रूप से चल रही है। इस अवैध वसूली के कारण शहर की जनता को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मनमानी के कारण कई बार यात्रियों से विवाद की स्थिति भी पैदा हो जाती है। ज्ञापन में मांग की गई कि समस्त ऑटो रिक्शा के परमिट की जांच कराई जाए और शहर में चल रहे हैं अवैध किराया वसूली पर रोक लगाई जाए। ज्ञापन के दौरान शीतल काबरा, संजयसिंह तंवर, अभयसिंह तंवर, आशीष चोपड़ा, दीपक शर्मा, चेतनसिंह आदि मौजूद रहे। इंदौर में बना 6 हजार का चालान :अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत सदस्य व एडवोकेट प्रशांत ग्वालियरी ने एक माह पूर्व इंदौर में ऑटो चालक को सबक सिखाया था। दरअसल ऑटो चालक ने ग्वालियरी को इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नं.1 से प्लेटफार्म नं.5 तक छोड़ने का किराया 80 रुपये लिया। जिसकी दूरी लगभग 500 मीटर थी। अधिक किराया वसूली पर जब ऑटो चालक से बोला तो उसने अभद्रता और गुंडागर्दी करना शुरू कर दी। इस पर ग्वालियरी ने ऑटो नंबर का नंबर का फोटो लेना चाह मगर चालक लड़ने लगा जिसके बाद वे केवल उसके चेहरे का फोटो ले सके। ग्वालियरी ने फोटो के आधार पर जिला परिवहन अधिकारी इंदौर को शिकायत की। पुलिस ने उक्त ऑटो ड्राइवर को ट्रेस किया। जिसके बाद परिवहन विभाग ने ऑटो चालक शब्बीर निवासी मोमिनपुरा इंदौर से 6 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। प्रशांत ग्वालियरी का कहना है की इस और प्रशासन को ध्यान देने की आवश्यकता है। यदि कोई  आम नागरिक इस तरह की लूट के संबंध में शिकायत करना चाहे तो मेरे नंबर 9827790018 पर संपर्क कर सकता है। उसे विधिवत सलाह दी जाकर उसका पूरा सहयोग किया जाएगा।

MTFE ठगी मामला : रतलाम पुलिस ने खंगाली कंपनी की जड़, कर्नाटक के युवक को किया गिरफ्तार, कई देशों में लगा चुकी है चुना

40 लाख रुपये पुलिस ने प्रयास कर रुकवाए, जल्द ही थाने में जमा करवाए QR कोड की प्रिंट पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मंदसौर, नीमच व रतलाम समेत कई जिलो के नागरिक एप्लिकेशन से पैसा डबल करने में ठगी का शिकार हुए है। ऐसी एक कंपनी का नाम MTFE (एमटीएफई) था। जिसने लोगो के साथ अरबो रुपये की धोखाधड़ी की। लोगो की शिकायत पर रतलाम एसपी राहुल कुमार लोढा ने आम जनता से अवैध तरिके से रुपये जमा करने व अधिक रुपये देने का लालच देकर फ्राड करने वाली फर्जी कम्पनियों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान शुरू किया। इसके लिए एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी जावरा दुर्गेश आर्मो , सीएसपी रतलाम अभिनव वारंगें, सायबर सेल, थाना प्रभारी औ.क्षे. जावरा, थाना प्रभारी स्टेशन रोड़ के नेतृत्व में टीम गठीत की गयी थी। आज प्रेस वार्ता कर पुलिस ने इस मामले में बड़ा खुलासा किया। साथ ही ठगी का शिकार हुए लोगों के लिए एक फॉरमेट भी जारी किया। जिससे पुलिस उन लोगों का पैसा वापस दिलाने में मदद कर सके।            मामले की जानकारी देते हुए एसपी राहुल कुमार लोढा ने बताया की टीम ने थाना औ.क्षैत्र जावरा पर में पहले से गिरफ्तार आरोपियों  के मेमोरेण्डम, काल डिटेल, बैंक खाते जानकारी एवं तकनिकी साक्ष्य के आधार पर दूसरे अन्य आरोपियों की तलाश की। इसमे MTFE फर्जी कम्पनी के अपराध मे संदेही कम्पनी कलिन स्केम प्रायवेट लिमिटेड कम्पनी का मालिक योगानंन्दा का नाम सामने आया। जो दिनांक 23 सितंबर को MTFE फर्जी कम्पनी की जानकारी लेने के लिए रतलाम आया हुआ था। पुलिस ने मुखबीर की सूचना व फोटो के आधार पर पकडा एवं पुछताछ की तो उसने अपना नाम योगानन्दा बांबोरे पिता चंन्द्रशेखऱ राव उम्र 41 साल निवासी फ्लेट नम्बर 102 सेकंड फ्लोर 0258 ललीता गौरी जया नगर, थाना जया नगर, बैंगलौर, कर्नाटक का होना बताया। पुलिस ने बताया कि आरोपी योगानन्द ने अपनी कम्पनी कलिन स्केम प्रायवेट लिमिटेड के द्वारा पहले से गिरफ्तार आरोपी हुजैफा जमाली निवासी नीमच म.प्र. के साथ मिलकर उक्त MTFE फर्जी कम्पनी के वित्तिय लेनदेन को करना स्वीकार किया। यह कंपनी कई देशों में भी इस तरह की ठगी कर चुकी है। वहां की एजेंसिया भी जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार दिनांक 21 सितंबर को फरियादी अशरफ पिता रौनक अली उम्र 30 वर्ष निवासी धाबाई जी का वास, रतलाम ने गोविंद सिंह चंद्रावत निवासी जवाहर नगर रतलाम व संदीप टाक निवासी प्रतापगढ़ राजस्थान के खिलाफ रिपोर्ट करवाई। फरियादी के अनुसार दोनों ने दोगुने का लालच देकर धोखाधड़ी करते हुए MTFE कम्पनी आनलाईन एप के माध्यम से रुपये जमा करवाए। पुलिस ने जब जांच की तो शिकायत सही मिली। मामले में थाना स्टेशन रोड पुलिस ने धारा 406,420,120(बी) भादवि , 21(1), 21(2), 21(3) अनियमित जमा योजना प्रतिबंध अधिनियम 2019 में मामला पंजिबद्ध कर आरोपी गोविंदसिंह पिता रतनसिंह चंद्रावत व संदीप पिता फकिरचंद टांक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने  आमलोगो को भारी फायदा कमाने का लालच देकर लोगो से कनाडा देश की कम्पनी का भारत में अनाधिकृत रुप से संचालित एक एप में MTFE फर्जी कम्पनी को संचालित कर रुपया जमा करना बताया। दोनो ने रुपयों का गबन कर भाग जाने की बात भी कही। एसपी के अनुसार फर्जी एमटीएफई कम्पनी के संबंध में और भी खुलासे होने की पूरी संभावना है। मामले में जांच टीम के औद्योगीक क्षेत्र जावरा टीआई प्रकाश गडरिया, एसआई रघुवीर जोशी, एसआई राकेश मेहरा, सायबर सेल प्रभारी एसआई अमित शर्मा, आरक्षक विपुल भावसार की सराहनीय भूमिका रही। इस तरह से फॉरमेट जमा करवाए :MTFE कम्पनी से जुड़े लोग जिन्होंने एमटीएफई कम्पनी के एप्लिकेशन को डाउनलोड कर उसमें पैसा लगाया है। पुलिस ने ऐसे लोगों से उक्त जानकारी मांगी है। जिससे उनका पैसा वापस लाने में सहायता हो सके। सायबर सेल प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि व्यक्ति अपना एमटीएफई का क्यूआर कोड (QR CODE) जिसमें टीआरसी-20 का एड्रेस है, उसका स्क्रीनशॉट लेकर उसकी प्रिंट निकाल ले। उस प्रिंट को हमारे द्वारा जारी फॉरमेट में अपने पास के थाने पर जमा करावे। प्रिंट का लेमिनेशन जरूर करवाए। 3 दिन में यह प्रक्रिया कर लेवे। इसके लिए थानों पर अलग से डेस्क बनाई गई है।

आखिरकार मिला घर : मां आशापुरा सहयोग दल ने दिव्यांग भिक्षुक को 2 माह तक संभाला, ढूंढने पर महाराष्ट्र में मिला परिवार

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर की सड़क पर दयनीय हालात में मिला एक वृद्ध भिक्षुक आज अपने घर पहुंचा। आशापुरा दल को करीब 2 माह पूर्व सड़क पर एक भिक्षुक संतोष लाचार हालात में मिला। उस समय उसका एक पैर पहले से नहीं था और दूसरा पैर बुरी तरह से सड़ चुका था। उसमें कीड़े लग गए थे। जिसके बाद दल ने तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज उपचार के लिए भर्ती किया। स्थिति ज्यादा गंभीर होने व पर्याप्त साधन ना होने के कारण संतोष को इंदौर एमवाय हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहां ऑपरेशन कर डॉक्टर ने संतोष का दूसरा पैर भी अलग किया गया। संतोष मानसिक रूप से भी अस्वस्थ था। लंबे समय से संतोष एमवाय के सहारा वार्ड में उसके रख कर उसका इलाज कर उसकी कॉउंसलिंग की गई। जिसके फलस्वरूप अब संतोष अपने परिवार से मिल पाया है। नगर की समाजसेवी मेघा श्रोत्रिय ने जब परिजनों से फोन पर संतोष के बारे में बताया तो उनके आंसू छलक पड़े। परिजनों ने बताया कि घर में छोटी मोटी बातो को लेकर झगड़ों के कारण घर छोड़ चले गए थे। ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकीन कोई जानकारी नहीं मिली। आशापुरा दल टीम की सदस्य मेघा मेघा श्रोत्रिय ने बताया कि  भिक्षुक संतोष के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उनके बारे में जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि उनका पूरा परिवार है। जो कि महाराष्ट्र के कोपरगांव में रहता है। संतोष ने अब जाकर सही जानकारी दी। संतोष के बताए पते पर उसके परिवार को खोजने के लिए टीम सदस्यो ने महाराष्ट्र के अहमद नगर पुलिस की सहायता ली। परिवार के मिल जाने पर पुलिस ने उनके परिजनों को पुरी घटना से अवगत करवाया। संतोष के स्वस्थ होने की खबर मिलते ही परिवार महाराष्ट्र से इंदौर आया। उनकी बेटी इंदौर आकर खुशी खुशी अपने पिता को साथ ले गई। संतोष को अस्पताल की ओर से दिव्यांग ट्राइसाइकिल भी भेंट कि गई। इस सराहनीय कार्य में आशापुरा सहयोग दल मेघा श्रोत्रिय , महाकाल मानव सेवा समिति इंदौर के जय्यू भैया, सीमा सिंह , प्रियांश पांडे , समस्त नर्सिंग स्टाफ, मेंटल हॉस्पिटल के जितेंद्र  जी , इमरान खान आदि का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

MP ELECTION 2023 : आज कांग्रेस जन आक्रोश यात्रा का शहर में डेरा, क्या बीजेपी का गढ़ भेद पाएगी यह एंट्री?

शहर विधायक के सामने टिकट नहीं बल्कि इस बात की चिंता!, दोनों दलो के बीच चुनावी शंखनाद शुरू पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। प्रदेश में इस वक्त विधानसभा चुनाव 2023 (MP ELECTION 2023) की तैयारियां जोर शोर से जारी है। चुनावी साल में जहां एक तरफ बीजेपी जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है तो वहीं दूसरी और इसी के मुकाबले कांग्रेस ने जन आक्रोश यात्रा शुरू की है। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा ने गुरुवार को आलोट से जिले में प्रवेश किया। आज यात्रा शहर में अपना डेरा डालेगी। कांग्रेस का दावा है कि यह यात्रा बीजेपी के कुशासन के खिलाफ है। यात्रा की कमान बेबाक छवि रखने वाले कांग्रेस के पूर्व मंत्री और कद्दावर नेता जीतू पटवारी संभाले हुए है। यात्रा में AICC प्रभारी कुलदीप इंदौरा, MPCC जिला प्रभारी अमिताभ मंडलोई, विधायक कुणाल चौधरी व सैलाना विधायक हर्ष विजय गहलोत शामिल होंगे। बड़ा सवाल यही है की क्या आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस रतलाम में अपना परचम लहरा पाएगी? बीजेपी के लिए रतलाम शहर विधानसभा सेफ व सेक्योर सीट मानी जाती है। कहा जाता है कि यहां आंख बंद करके वोट बीजेपी में ही गिरते है। चाहे बीजेपी का उम्मीदवार कोई भी हो, इससे फर्क नहीं पड़ता। खेर कांग्रेस में फिलहाल ऐसी कोई चर्चा नहीं है जिसमें रतलाम शहर के लिए उम्मीदवार तय माना जा सके! सवाल इसलिए भी वाजिब है क्योंकि निकाय चुनाव में सामने आए परिणाम ने सभी को चोंका दिया था। कांग्रेस के प्रत्याशी मयंक जाट ने बीजेपी के चेहरे पर चुनाव के दौरान शिकन ला दी थी। वहीं बीजेपी का वोट परसेंट भी बहुत अधिक गिर गया। जहां किसी समय 24 हजार का मार्जिन से जितने वाली बीजेपी को केवल 8 हजार पर ही संतुष्ट होना पड़ा। इसके बाद से सतर्क हो चुकी बीजेपी की हाइकमान ने रतलाम शहर को लेकर जमकर जोड़ घटाव किए है। बीजेपी विधानसभा चुनाव 2023 में कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। वहीं शहर विधायक चेतन्य कश्यप भी अपने टिकट को लेकर तो आश्वस्त है मगर उन्हें चिंता अपने वोट मार्जिन की है। 2018 में इन्होंने 43 हजार से अधिक वोटों से कांग्रेस को शिकस्त दी थी। लेकिन निकाय चुनाव के बाद से यह मार्जिन बना लेना मुश्किल दिखाई पड़ता है। बहरहाल इसके बाद से राजनीति में शाम-दाम-दंड-भेद का खेल भी बीजेपी का शुरू हो चुका है। बीजेपी सीट बचाने के अलावा अपना मार्जिन बढाने या बनाने में जमकर कोशिश करेगी। वहीं कांग्रेस रतलाम शहर में कमीशनखोरी, भ्र्ष्टाचार, सड़क, सीवरेज व पानी जैसी मूलभूत समस्याओं पर बीजेपी को निशाना बनाएगी। फिलहाल देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा की तरह कांग्रेस की यह जन आक्रोश यात्रा भी फेल रहेगी या जनता इससे सच में जुड़ेगी। बकौल जनता 14 दिन पहले निकली बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा केवल कार्यकर्ता और स्वागत यात्रा बनकर ही रह गई थी। वैसे ही कहीं कांग्रेस की इस यात्रा के हाल ना हो!

अवैध मांस परिवहन : 2 वेन में करीब 10 क्विंटल मांस पकड़ा, गौमांस की शंका में नमूने की होगी फोरेंसिक जांच

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के ढोलावाड़ – बासिन्द्रा मार्ग पर गुरुवार सुबह 2 इको वेन से करीब 10 क्विंटल अवैध मांस परिवहन करते पकड़ा गया। इको वेन क्रमांक MP43CB7867 व MP43CB3722 में लगभग 15 से 17 मांस भरे कट्टे मिले।वहीं मामले में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने शंका जाहिर की है कि उक्त मांस गौवंश का हो सकता है। मौके से आरोपियों के पास  परिवहन से संबंधित कोई अनुमति या अन्य दस्तावेज भी नहीं मिले। मौके पर बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौजूद थे। हिंदू जागरण मंच के जिला सहसंयोजक कमलेश ग्वालियरी ने बताया की लगातार अवैध मांस परिवहन की सूचनाएं मिल रही थी। सुबह करीब 10 बजे ढोलावाड़ – बासिन्द्रा मार्ग पर दो वेन गुजर रही थी, जिसमें से खून टपक रहा था। कार्यकर्ताओं ने जब  वेन को रोका तो उसमें से बड़ी मात्रा में लगभग 10 क्विंटल मांस निकला। जिसके बाद मौके पर पुलिस को बुलाकर दोनों वेन में सवार चारो आरोपियों को पुलिस के हवाले किया। वहीं पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि रावटी व बाजना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध मांस का परिवहन हो रहा है। मगर जिम्मेदार इस और बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे। थाना रावटी के सब इंस्पेक्टर रामसिंह खपेड़ ने बताया की अवैध मांस परिवहन की सूचना मिलने पर पुलिस ने दो इको वेन को जप्त किया है। मौके से चार आरोपी मुनीर पिता हसन अली निवासी मिल्लत नगर, माजिद पिता जहागीर कुरैशी निवासी न्यू काजीपुरा, इमरान पिता नसरू कुरैशी व आबिद पिता यूनुस कुरैशी निवासी कसाई मंडी हरिजन बस्ती को हिरासत में लिया है।  आरोपियों पर म. प्र. कृषिक पशु अधिनियम की धारा 8 व 11 में मामला दर्ज किया है। आरोपी शुरुआती पूछताछ में मांस बकरे और पाड़े का होना बता रहे है। यह लोग मांस को बामनिया क्षेत्र में विक्रय के लिए ले जाना बता रहे है। फिलहाल मामले की विधिवत जांच की जाएगी। मांस का नमूना जांच के लिए फोरेंसिक विभाग भेजा गया है। जांच के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि अवैध परिवहन हो रहा मांस किस पशु का है।

सौंपा ज्ञापन : MPMSR यूनियन की न्यूनतम वेतन की मांग, नवंबर में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की राष्ट्रव्यापी हड़ताल

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सीटू एवं मध्यप्रदेश – छत्तीसगढ़ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन ने संयुक्त रूप से पूरे प्रदेशभर में न्यूनतम वेतन के रिवीजन की मांग को लेकर बुधवार को ज्ञापन सौंपा। यूनियन के सदस्य रतलाम के एमआर कार्यालय से मोटरसाइकिल रैली निकालते हुए कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नाम का ज्ञापन सौंपा गया। एमपीएमएसआरयू रतलाम इकाई के अध्यक्ष कॉमरेड अश्विनी शर्मा ने बताया की मध्यप्रदेश की सरकार ने 2016 में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के लिए न्यूनतम वेतन घोषित किया था।लेकिन पिछले 9 साल से न तो न्यूनतम वेतन में कोई रिवीजन किया गया है और न ही 8 घंटे के काम को लागू किया गया।  साथ ही मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के लिए लागू  सेल्स प्रमोशन एम्प्लाइज एक्ट 1976 का पालन भी नहीं किया जा रहा है। रतलाम जिले के उपाध्यक्ष कॉमरेड अभिषेक जैन ने बताया की पुरे देश में मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है जिसने पिछले 9 सालों में मजदूरों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी नही की है। इसके अलावा शिवराज सरकार ने ट्रेड यूनियनों की त्रिपक्षीय समितियों के साथ आज तक कोई बैठक नहीं की। जिसके खिलाफ सीटू एवं एमपीएमएसआरयू पूरे प्रदेश में न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर मुखर हुई है। साथ ही भारत सरकार के श्रम मंत्री भूपेंद्रसिंह यादव के नाम मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की समस्याओं को लेकर 8 सूत्रीय मांगों का भी ज्ञापन सौंपा गया। एमपीएमएसआरयू (MPMSRU) के  प्रादेशिक उपाध्यक्ष कॉमरेड अश्विनी शर्मा ने जानकारी दी कि हमारे अखिल भारतीय संगठन FMRAI द्वारा 30 नवंबर 2023 को 8 सूत्रीय मांगों को लेकर  एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया गया है। हमारी मांग है कि देश के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की समस्याओं को लेकर बनी त्रिपक्षीय समिति की बैठक बुलाई जाए। जिसमें एसपीएक्ट 1976 को सुरक्षित एवं सुनिश्चित किया जाए। मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के काम करने की नियमावाली तय होने के साथ काम करने के मौलिक अधिकार को सुरक्षित किया जाए। सेल्स प्रमोशन एम्प्लाइज की डिजिटेलाइजेशन के नाम ट्रेकिंग सर्विलांस पर रोक लगाए। दवाओं पर जीरो जीएसटी लागू करे। इस दौरान रतलाम इकाई के सहसचिव कॉमरेड रसीद खान, कोषाध्यक्ष संजय व्यास, कार्यकारणी सदस्य अविनाश पोरवाल, ,सचिन तिवारी, निखिल मिश्र, आनंद गरवाल, एम एल नगावत एवं काफी संख्या में दवा प्रतिनिधि व अन्य ट्रेड यूनियन के साथी उपस्थित रहे।

रंजिश ने रची हत्या : पंचेड़ में युवक की हत्या में शामिल 3 आरोपी गिरफ्तार, छोटे भाई के साथ हुए कुकृत्य का लेना था बदला!

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सोमवार रात रतलाम के पास गांव पंचेड़ में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है की नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचेड़ में अज्ञात आरोपियों ने 23 वर्षीय युवक आबिद पिता सुल्तान हुसैन की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। मामले ने देखते ही देखते सांप्रदायिक रंग ले लिया था। जिसके बाद बतौर एहतियात मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करते हुए पूरे गांव को छावनी बना दिया गया। पुलिस कप्तान राहुल कुमार लोढ़ा ने खुद मौके पर पहुंचकर मामले में पूरी जानकारी ली थी। जिसके बाद आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई थी। इसी बीच मंगलवार को शव दफनाने से पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुस्लिम समाज ने नामली थाने का घेराव भी कर दिया था। समझाईश के बाद परिजन व समाज के लोगों ने मृतक का शव दफनाया। मामले में खुलासा करते हुए एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि मुख्य आरोपी के छोटे भाई के साथ साल 2020 में मृतक आबिद हुसैन पर अपहरण कर अप्राकृतिक कृत्य करने का आरोप था। इस मामले में उस पर विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हुआ था। वह जमानत पर आया था। इसी बात पर बदला लेने की नियत से आरोपियों ने मौका देखकर आबिद की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आशुतोष उर्फ भोला पिता दिनेश भांबी उम्र 23 वर्ष, त्रिभुवन पिता भंवरसिंह चौहान उम्र 20 वर्ष व एक 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने तीनो को चित्तौड़गढ़ टोल से गिरफ्तार किया। पुलिस हत्या की धारा में केस दर्ज मामले में आगे जांच कर रही है।

धूमधाम से मनाया लोकदेवता बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव, मारू भांबी समाज की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

  पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। लोकदेवता श्री बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव भादवा बीज रविवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर हाट रोड स्थित शहर के अति प्राचीन बाबा रामदेवजी मंदिर पर श्री मारू भांबी समाज द्वारा दो दिवसीय उत्सव रखा गया। समाजजन भारी वर्षा के बीच चल समारोह में पैदल निकले। चल समारोह के बाद महाआरती का आयोजन किया गया।     श्री मारू भांबी सामाजिक सेवा समिति के रविन्द्र गहलोत ने बताया की समाज के आराध्य देवता श्री रामदेवजी के जन्मोत्सव पर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन रखा गया। इसमें समाज के उन छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे अंक हासिल किए। समिति द्वारा पिछले 4 माह में लगभग 5 लाख रुपये के कार्य मंदिर परिसर में किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रतलाम शहर विधायक चैतन्य काश्यप, विशिष्ट अतिथि राजसमंद पूर्व विधायक बंशीलाल गहलोत, समाज के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल मारू, जावरा के पूर्व पार्षद प्रदीप शर्मा थे। अतिथियों ने 20 से अधिक प्रतिभावान छात्र-छात्राओ को शील्ड व प्रोत्साहन राशि भेंट की। भारतीय यूथ बास्केटबॉल टीम के खिलाड़ी गोल्ड मेडल विजेता मोहित जोकचंद को बंशीलाल जी गहलोत ने 50 हजार रूपये की राशि भेंट की। साथ ही धर्मशाला निर्माण में 20,000 रू. का पुनः सहयोग किया। जन्मोत्सव के अवसर पर शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि समाज में सांस्कृतिक कार्यक्रम हो या प्रतिभा सम्मान समारोह जैसे सृजनात्मक कार्यक्रम ऐसे समारोह सामाजिक समन्वय के लिए बहुत आवश्यक है और यह मेरे रतलाम शहर की अवधारणा में सर्वांगीण विकास के विचार को मजबूती देते है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष झमक पड़ियार, कोषाध्यक्ष राजेश बोचा, सहकोषाध्यक्ष प्रभूलाल राठौड़, युवा प्रकोष्ठ के गोलू भूमारचा सहित वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य, दीपेश पड़ियार, रमेश जोकचंद, महेश मकवाना, अमर भूमारचा, दिनेश पड़ियार, जगदीश मातोरिया, मनोज गोधा, मांगीलाल अनखे, बाबूलाल जोकचंद, बहादुर सिंह खांबू , नंदकिशोर खांबू , दीपक बामनिया, सावन राठौड़, सहित समस्त युवा कार्यकरिणी सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विकास शैवाल ने किया व आभार सचिव रविंद्र गहलोत ने माना।

आसमां से 8 लेन : 20 सितंबर से MP में शुरू होगा एक्सप्रेस वे, कितना और कैसे लगेगा टोल टैक्स, जानिए इस खबर में और देखे वीडियो

  बारिश के बीच बादलों में घिरा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे इतना खूबसूरत!, देखिए EXCLUSIVE वीडियो सिर्फ पब्लिक वार्ता पर CLICK HERE – देखे वीडियो ऊपर क्लिक करें पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। दिल्ली – मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे मध्यप्रदेश में बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है। 8 लेन वाले प्रदेश के हिस्से में वाहनों का आवागमन 20 सितंबर से अधिकृत रूप से शुरू हो जाएगा। आपको बता दे कि प्रदेश में एक्सप्रेस वे या 8 लेन रतलाम, मंदसौर व झाबुआ जिले से गुजर रहा है। इसके शुरू होते ही पहले दिन से ही टोल-टैक्स भी लगना शुरू हो जाएगा। हालांकि बगैर किसी बड़े राजनीतिक आयोजन के ही इसे शुरू किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसका शुभारंभ करने की बाते शुरू से की जा रही थी। नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (NHAI) के एक्सप्रेस-वे एनई-4 की दिल्ली से मुंबई तक की कुल दूरी 1380 किलोमीटर है। 244.5 किलोमीटर का यह सड़क मार्ग मध्यप्रदेश के हिस्से में आता है, जिसमें 3 जिले शामिल है। रतलाम जिले में 90, झाबुआ जिले में 50.95 व मंदसौर में 102 किमी में इसकी लंबाई है। मुंबई से दिल्ली का सफर 12 से 13 घंटे, रतलाम सेंटर : एक्सप्रेस-वे से मुंबई से दिल्ली के सफर में अब केवल 12 से 13 घंटे ही लगेंगे। अभी करीब 22 घंटे तक का समय लग रहा है। खास बात यह है कि रतलाम दोनों बड़े शहरों का सेंटर पॉइंट रहेगा। आपको रतलाम से मुंबई जाना हो या दिल्ली, समय बराबर 6 – 7 घंटे लगेगा। एक्सप्रेस वे पर टू व्हीलर प्रतिबंधित रहेंगे जबकि फोर व्हीलर और अन्य वाहन के लिए गति 100 से 120 किमी प्रति घण्टे तक रहेगी। अगर आप इससे ज्यादा की स्पीड रखते है तो यहां टोल की तरह ही ऑटोमेटिक चालान भी कट जाएगा। स्पीड कंट्रोलिंग के लिए पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। ऐसे कटेगा टोल टैक्स : एक्सप्रेस-वे पर टोल टैक्स लागत पर आधारित होगा। जिस पार्ट में पुल-पुलियाएं व इंटरचेंज ज्यादा होंगे वहां टोल ज्यादा लगेगा। टोल की दरें सेक्शन के अनुसार होगी। राजस्थान के दौसा में यह शुरू हो चुका है। वहां वाले हिस्से के मान से देखे तो कार व हल्के वाहनों के लिए टोल 2.20 रुपये से 2.25 रुपये प्रति किलोमीटर तक की दर हो सकती है। बड़े यात्री वाहन, ट्रक के लिए यह 7 से 7.35 रुपये तक होने की संभावना है। फिलहाल MP में टोल टैक्स कितना क्या होगा इसकी जानकारी जल्द ही आधिकारिक रूप से दे दी जाएगी। 8 लेन में एंट्री के समय आपकी गाड़ी को रजिस्टर्ड कर लिया जाएगा। इसके बाद आप जहां से आउट होंगे वहां तक का चार्ज प्रति किलोमीटर के हिसाब से काट लिया जाएगा। रतलाम को मिलेगा लाभ : एक्सप्रेस वे पर दिल्ली व मुंबई का सेंटर पॉइंट रतलाम शहर होगा। जिससे इसका लाभ रतलाम को मिलने वाला है। खास बात यह है कि रतलाम से धामनोद के समीप होकर व जावरा के भूतेड़ा के समीप इंटरचेंज होने से दो स्थानों से वाहनों की एक्सप्रेस वे पर आवाजाही हो सकेगी। इससे बांंसवाड़ा, उज्जैन, आगर, इंदौर से आने वाले वाहन भी रतलाम या जावरा होकर ही निकलेंगे। रतलाम में बनने वाले मेगा इंडस्ट्रियल पार्क को भी एक्सप्रेस वे से जोड़ा जाएगा। इससे व्यापारिक व आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी। (फोटो व वीडियो : सुनील सोनार्थी)