Ratlam News: खेल चेतना मेला; एथलेटिक्स में अतिथियों से पुरस्कार पाकर विजेताओं के खिल उठे चेहरे

रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के खेल मैदान पर आयोजित 25वें खेल चेतना मेला में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का समापन हुआ। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन एवं क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाते ही खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।  कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय जैन, जिला न्यायाधीश हरिओम अतलसिया, डीआईजी मनोज सिंह, भाजपा जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय और नगर निगम सभापति मनीषा शर्मा उपस्थित रहे। इनके साथ आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंदानी और खेल संयोजक अमरिक राणा आदि ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।  अतिथियों के विचार  जिला न्यायाधीश संजय जैन ने कहा, “खेल चेतना मेला बच्चों को खेलों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है। इससे बच्चों को स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ खेल के प्रति जागरूकता मिलती है।”  डीआईजी मनोज सिंह ने कहा, “पिछले 25 वर्षों से रतलाम में खेल चेतना मेला का आयोजन होना सौभाग्य की बात है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार करता है बल्कि मानसिक मजबूती भी देता है।”  भाजपा जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय ने कहा, “खेल चेतना मेले ने रतलाम में गली-गली में उत्साह का माहौल बनाया है। यह आयोजन खिलाड़ियों को अपनी जड़ों से जुड़ने और ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देता है।”  एथलेटिक्स के परिणाम  एथलेटिक्स में विभिन्न वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।  1500 मीटर जूनियर बालक वर्ग:  प्रथम – सतीश निनामा (गुरु रामदास)  द्वितीय – अरुण वसुनिया (उत्कृष्ट विद्यालय)  तृतीय – यश तिवारी (साई श्री एकेडमी)  1500 मीटर जूनियर बालिका वर्ग:  प्रथम – दिव्यांशी वर्मा (मॉर्निंग स्टार)  द्वितीय – भक्ति पांडे (गुरु तेग बहादुर)  तृतीय – गरिमा मीणा (मॉर्निंग स्टार)  100 मीटर सब जूनियर बालक वर्ग:  प्रथम – दक्ष पाठक (गुरु तेग बहादुर)  द्वितीय – कुसई जाफरजी (न्यू तैय्यबा)  तृतीय – तनिष्क जैन (सेंट जोसेफ)  100 मीटर जूनियर बालिका वर्ग:  प्रथम – चित्रांशी पाटीदार (साईं श्री)  द्वितीय – अव्या जैन (गुरु तेग बहादुर)  तृतीय – पायल डोडियार (कन्या शिक्षा)  400 मीटर सीनियर बालक वर्ग:  प्रथम – देवेश शर्मा (डायमंड पब्लिक)  द्वितीय – जॉन मावी (रेलवे)  तृतीय – शौर्य सिंह (गुरु तेग बहादुर)  400 मीटर सीनियर बालिका वर्ग:  प्रथम – दिव्या गरवाल (सीएम राइज)  द्वितीय – दुर्वा निगवाल (गुरु तेग बहादुर)  तृतीय – माही धाकड़ (समता इंटरनेशनल)  खेल चेतना मेला की विशेषता  खेल चेतना मेला रतलाम में बच्चों और युवाओं के बीच खेल भावना को प्रोत्साहित करने वाला एक प्रमुख आयोजन है। यह आयोजन न केवल खेल कौशल को बढ़ावा देता है, बल्कि स्वास्थ्य, अनुशासन और मानसिक मजबूती को भी विकसित करता है।  खेल चेतना मेला की यह रजत जयंती वर्ष की सफलता निश्चित रूप से आने वाले वर्षों में और भी बड़ी प्रेरणा बनेगी।

Ratlam News: 71वां महारुद्र यज्ञ प्रारंभ; परिषद ने किया त्रिवेणी मेले का भव्य शुभारंभ, संस्कृति और खेल का अद्भुत संगम

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: त्रिवेणी तट पर 71वें वर्ष में जिस उद्देश्य को लेकर यज्ञ किया जा रहा नारायण पूर्ण करें, ऐसी हम प्रार्थना करते हैं। सनातन धर्म में यज्ञ कर्म सर्वश्रेष्ठ है, यज्ञ साक्षात विष्णु हैं और यह तो पूरे ब्रह्माण्ड के लिए यज्ञ हो रहा है। इसके लिए कार्यकर्ता धन्यवाद के पात्र हैं। सनातन परमात्मा है यहां सभी सनातनी है। यह बात शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ त्रिवेणी के पावन तट पर शुरू हुए 71वें महारूद्र यज्ञ प्रारंभ अवसर पर महामंडलेश्वर विशोकानंद भारती ने कही। धर्मसभा के पूर्व महामंडलेश्वर, संत देवस्वरूपानंद, आत्मानंद सरस्वती आदि संतों के सान्निध्य में यज्ञ यजमान प्रेमलता व संजय दवे ने सनातन धर्म की ध्वजा फहराकर यज्ञाचार्य पंडित दुर्गाशंकर ओझा व 21 भूदेवों के मंत्रोच्चार के साथ हवन कुंड में अग्नि प्रवेश कराई। गूंजे हर हर महादेव के नारे पूरा त्रिवेणी परिसर हर-हर महादेव और सनातन धर्म…अग्नि नारायण के जयकारों से गूंज उठा। महामंडलेश्वर ने कहा कि सम्पूर्ण ब्रह्मांड सनातन के अन्तर्गत है, यज्ञ संपूर्ण ब्रह्माण्ड को ऊर्जा देने वाली नाभी है। नारी को नारायणी और नर को नारायण होना है। ये हमारी प्रकिया है। नारियों को अनुसुइयां तक पहुंचाना है, जिन्होंने तीनों देव को नियंत्रित किया है। संतों ने भी संबोधित किया। समाज प्रमुख किए गए आमंत्रितयज्ञ नारायण की आरती में विभिन्न समाज से प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया। जिसमें नागर ब्राह्मण समाज से दिलीप मेहता, राजपुत नवयुवक मंडल से राजेन्द्र सिंह  गोयल, भारत सिंह सिसौदिया, कायस्थ समाज से रत्नदीप निगम, गुर्जर समाज से देवेन्द्र गुर्जर एडवोकेट, राठौड़ तेली समाज से रतनलाल खन्नीवाल, क्षत्रिय पिपा समाज से रवि पंवार, नेपाली संस्कृति परिषद से नरेन्द्र श्रेष्ठ आदि मौजूद रहे। आरती पश्चात आमंत्रित सभी सनातन समाज बंधुओं का आयोजन समिति की और से भगवा दुपट्टा पहना कर स्वागत किया गया। संतों का सम्मान कर लिया आशीर्वादसनातन धर्मसभा एवं महारूद्र यज्ञ समिति संरक्षक पूर्व विधायक कोमलसिंह राठौर, अध्यक्ष अनिल झालानी, नवनीत सोनी, डॉ. राजेन्द्र शर्मा, ब्रजेश नंदन मेहता, सत्यदीप भट्ट, चेतन शर्मा आदि ने संतों का सम्मान कर आशीर्वाद लिया। समिति अध्यक्ष झालानी ने महारूद्र यज्ञ और पूर्व विधायक राठौर त्रिवेणी तट पर यज्ञ कब से ओर क्यो प्रारंभ से आज तक की जानकारी दी। इस अवसर पर लालचंद टांक, मोहनलाल भट्ट, सुरेश दवे, रमेश व्यास, पुष्पेन्द्र जोशी, कपूर सोनी, मनोज शर्मा, समरथ पाटीदार, राजेंद्रसिंह गोयल, राजेश दवे, सोहनलाल व्यास, सतीश पुरोहित, मुन्नालाल शर्र्मा, कैलाश झालानी, महिला मंडल की ताराबहन सोनी, राखी व्यास, आशा शर्मा सहित बड़ी संख्या में धर्मालुजन उपस्थित थे। मेले का हुआ शुभारंभत्रिवेणी के पावन तट पर आयोजित होने वाले 11 दिवसीय त्रिवेणी मेले का शुभारंभ शनिवार शाम 5 बजे विधिवत पूजा-अर्चना और भव्य समारोह के साथ किया गया। नगर निगम परिसर स्थित रंगमंच पर आयोजित उद्घाटन समारोह में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप, सांसद अनिता नागरसिंह चौहान और महापौर प्रहलाद पटेल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं की झलकत्रिवेणी मेले में प्रतिदिन शाम को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें 22 दिसंबर को भजन संध्या, 23 दिसंबर को स्थानीय आर्केस्ट्रा, 24 दिसंबर को लोक गीत और नृत्य, 25 दिसंबर को श्रीकृष्ण लीला, 27 दिसंबर को बॉलीवुड नाइट और 29 दिसंबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए मेले में 26 दिसंबर को बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता, 27 से 29 दिसंबर तक कुश्ती, कबड्डी, खो-खो और सीनियर वॉलीबॉल जैसे खेलों का आयोजन होगा। शुभारंभ समारोह में व्यक्त विचारमहापौर प्रहलाद पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि त्रिवेणी मेला रतलाम की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। उन्होंने स्वच्छता और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने पर जोर दिया।भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने नगर निगम द्वारा संस्कृति को जीवित रखने के प्रयासों की सराहना की। निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने मेले को जन-जन से जोड़ने और इसे सांस्कृतिक धरोहर के रूप में संरक्षित रखने की अपील की। मंचीय संचालन और आभार प्रदर्शनकार्यक्रम का संचालन सामान्य प्रशासन समिति प्रभारी धर्मेंद्र व्यास ने किया, जबकि आभार महापौर परिषद सदस्य अक्षय संघवी ने व्यक्त किया।इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, क्षेत्रीय पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विशेष आयोजन और अपीलनगर निगम और महापौर परिषद ने नागरिकों से त्रिवेणी मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। मेला रतलाम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को न केवल संरक्षित करता है, बल्कि नई पीढ़ी को इससे जोड़ने का माध्यम भी बनता है।त्रिवेणी मेला 31 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें हर दिन रतलाम की परंपरा, संस्कृति और खेल का अद्भुत समागम देखने को मिलेगा।

Ratlam News: शहर की शराब दुकान में गुंडागर्दी; नकाबपोश बदमाशों ने सेल्समैन पर हमला कर लूटी शराब और रुपए, आरोपियों की हुई पहचान

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: शहर के स्टेशन रोड थाना अंतर्गत स्थित शराब दुकान में रविवार की शाम करीब 7:20 बजे चार से पांच नकाबपोश बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। डीआरएम कार्यालय के सामने स्थित इस वाइन शॉप में बदमाशों ने सेल्समैन पप्पू दुबे और शंकर जायसवाल के साथ मारपीट कर गल्ले से नकदी लूट ली। साथ ही शराब की बोतलें भी उठाकर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अमित कुमार, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, और थाना प्रभारी स्वराज डाबी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित सेल्समैन पप्पू दुबे व शंकर ने स्टेशन रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार अपराधियों की पहचान हो चुकी है। आरोपी नाबालिग बताए जा रहे है। इनमें एक मुख्य आरोपी रोहित राठौड़ है, जो बालिग बताया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी। फेंके पत्थर और उठाई बोतलेंघटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें बदमाश पहले दुकान के बाहर खड़े दिखाई दिए। अंदर मौजूद सेल्समैन ने जब उन्हें कुछ कहा, तो वे पत्थर, लोहे की रॉड, लाठी और शराब की बोतल लेकर गेट खोलकर अंदर घुस आए। उन्होंने दुकान के कर्मचारियों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान कर्मचारी अपनी जान बचाकर अंदर की ओर भागे। एक बदमाश गल्ले से नकदी लूटकर फरार हो गया। घटना के समय दुकान पर शराब खरीदने आए ग्राहक भी बदमाशों की हरकतों से दहशत में आ गए। बदमाशों के हमले से दुकान व आसपास क्षेत्र का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

Ratlam News: रॉयल कॉलेज में विश्व ध्यान दिवस पर विशेष ध्यान सत्र का आयोजन

रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क|Ratlam News: विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज के सालाखेड़ी कैंपस में हार्टफुलनेस संस्था और भारतीय योग संघ मध्य प्रदेश के सहयोग से विशेष ध्यान सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में तनाव मुक्ति और ध्यान के माध्यम से शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक सामंजस्य बनाने के तरीकों पर चर्चा की गई।  रॉयल कॉलेज के मैनेजमेंट संकाय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नीलेश शुक्ला, शीतल शुक्ला और जितेंद्र अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। हार्टफुलनेस संस्था के नीलेश शुक्ला और जितेंद्र अग्रवाल ने ध्यान सत्र का संचालन किया।  रामचंद्र मिशन हार्टफुलनेस संस्था द्वारा लंबे समय से तनाव प्रबंधन और ध्यान प्रशिक्षण के लिए सत्र आयोजित किए जाते रहे हैं। इसी क्रम में, इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्टाफ को धयान के लाभ और इसे दैनिक जीवन में शामिल करने के तरीके सिखाए गए।  कार्यक्रम में रॉयल कॉलेज के स्टाफ सदस्य डॉ. आनंद त्रिवेदी, प्रो. जगदीश डुके, प्रो. ममता यादव, प्रो. शैलेंद्र सिंह, प्रो. अपूर्वा जोशी, प्रो. विजय पाठक और प्रो. स्नेह चौरसिया सहित अन्य उपस्थित रहे।  यह सत्र छात्रों और स्टाफ के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हुआ, जहां उन्होंने ध्यान के माध्यम से तनाव मुक्त जीवन जीने और मानसिक शांति पाने के महत्व को समझा। 

Ratlam News: साँई श्री इंटरनेशनल एकेडमी का वार्षिक उत्सव “अभ्युदय” धूमधाम से संपन्न

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क । Ratlam News: साँई श्री इंटरनेशनल एकेडमी का वार्षिक उत्सव “अभ्युदय” बड़े उत्साह और उमंग के साथ स्कूल परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर प्रहलाद पटेल और भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान गणपति की मूर्ति पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।  अतिथियों का स्वागत:संचालक राकेश देसाई, विनीता देसाई और प्राचार्य व सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. श्वेता विंचूरकर ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष श्याम विंचूरकर, सचिव राजेश भार्गव, मनोज मित्तल, मुकेश मित्तल समेत अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।  कार्यक्रम की शुरुआत:कार्यक्रम की शुरुआत में बच्चों ने गणेश वंदना, स्वागत गीत और आर्केस्ट्रा प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। अतिथि परिचय वीरेंद्र सिंह होरा द्वारा दिया गया।  वार्षिक प्रतिवेदन और उपलब्धियां:प्राचार्य डॉ. श्वेता विंचूरकर ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि स्कूल ने पिछले वर्ष शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।  महापौर प्रहलाद पटेल का संबोधन:महापौर प्रहलाद पटेल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “ज्ञान एक ऐसी पूंजी है जो बांटने से बढ़ती है।”उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने का आग्रह किया।  भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय का संबोधन:भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी जीवन में सफलता हासिल करते हैं। उन्होंने अच्छे लोगों को राजनीति में आने की आवश्यकता बताई ताकि देश और समाज की प्रगति हो सके।  रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां:छात्रों ने विभिन्न सांस्कृतिक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। प्रमुख प्रस्तुतियों में रंग-बिरंगी दुनिया, नटखट बचपन, मिशन इसरो, एरियल डांस, सुनहरे पल, रोबोटिक शो, हनुमान चालीसा और मलखंब का प्रदर्शन शामिल था।  सम्मान और पुरस्कार:अतिथियों का सम्मान शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह देकर किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नीतू भट्ट, सुलोचना तंवर, तनु प्रिया पाठक, मीना कंवर, मीनू चौहान, डॉ. कृष्ण राजावत, ज्योति पाल, भूषण व्यास और जितेंद्र राणावत का विशेष सहयोग रहा।  कार्यक्रम का संचालन और समापन:कार्यक्रम का संचालन पूनम गांधी, प्रफुल्ल शर्मा, तनीषा डामोर, जतिन पाटीदार, माधव पोरवाल, हर्षिता राव, प्राची गहलोत, प्रवीण मोतियानी, आस्था पगार, जाह्नवी, शिवानी, भव्य शर्मा, गौरव अंबानी, निर्माण शर्मा, आरती सिसोदिया, मर्दिनी, विहान देसाई, अदिति दगा, अथर्व पांचाल और मनन त्यागी ने किया।  कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन यामिनी गढ़वाल ने किया।

Ratlam News: श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल का वार्षिक उत्सव “संवर्धन” धूमधाम से मनाया गया

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, शास्त्री नगर का वार्षिक उत्सव संवर्धन शास्त्री नगर स्थित राजपूत बोर्डिंग हाउस में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता, और अंग्रेजी व्याख्याता नूतन मजावदिया उपस्थित रहे।  कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गुरु तेग बहादुर जी व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। स्कूल प्राचार्य मेघा वैष्णव, समिति अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह डंग, सचिव अजीत छाबड़ा, और प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह भामरा ने अतिथियों का स्वागत किया।  मुख्य अतिथि का संबोधन:शहर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया ने विज्ञान के सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह व्यक्ति की इच्छाशक्ति पर निर्भर करता है कि वह विज्ञान का उपयोग किस प्रकार करता है। उन्होंने अभिभावकों को अपने बच्चों के मोबाइल उपयोग पर ध्यान रखने की सलाह दी।  डाइट प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षा पद्धति में हो रहे बदलावों को अपनाना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को नैतिक शिक्षा और खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।  समिति अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई और खेल दोनों में संतुलन बनाना चाहिए और मोबाइल का सावधानीपूर्वक उपयोग करना चाहिए।  सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम:उत्सव के दौरान छात्रों ने सरस्वती वंदना, शबद कीर्तन, भांगड़ा, ड्रामा, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग डांस और बिल्डर डांस जैसे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। 300 से अधिक विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।  अतिथियों को शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वत्सला कथूरिया और शरणजीत कौर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन क्षमा चेलानी ने किया।  कार्यक्रम में गगनदीप सिंह डंग, अमरपाल सिंह वाधवा, गुरमीत सिंह गांधी, पालक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

MP News: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ब्रिटेन में विदेशी निवेशकों के साथ किया संवाद, रतलाम की मयूरी चौरडिया ने निभाई अहम भूमिका

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने 25 नवंबर से 29 नवंबर तक ब्रिटेन की आधिकारिक यात्रा के दौरान विदेशी निवेशकों से संवाद कर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को मजबूत किया। इस यात्रा में रतलाम की बेटी, सीए मयूरी चौरडिया ने एंजल इन्वेस्टर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।  मुख्यमंत्री ने अपनी बातचीत में रिन्यूएबल एनर्जी, हाइड्रोजन गैस, सोलर प्लांट, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल रिवॉल्यूशन और एजुकेशन जैसे क्षेत्रों पर जोर दिया। सीए मयूरी चौरडिया ने निवेशकों को मध्यप्रदेश में अपार संभावनाओं के बारे में बताया और कहा कि इन क्षेत्रों में विदेशी निवेशकों की गहरी रुचि है। उन्होंने यह भी साझा किया कि 2500 करोड़ रुपये का निवेश रीवा सोलर प्लांट के लिए प्रस्तावित है।  मुख्यमंत्री यादव ने निवेशकों को फरवरी 2025 में भोपाल में आयोजित होने वाले इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने का निमंत्रण दिया। साथ ही, इंदौर और भोपाल से लंदन के लिए डायरेक्ट एयर कनेक्टिविटी के प्रस्ताव पर भी चर्चा की।  इस दौरान मयूरी चौरडिया ने केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र शेखावत से भेंट कर भारतीय परंपरा, संस्कृति और जैनिज्म को विदेशों में बढ़ावा देने पर चर्चा की। उन्होंने सुझाव दिया कि टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए सेफ्टी, सिक्योरिटी और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत है।  इसके अलावा, मयूरी चौरडिया ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर आधारित पुस्तक मोदीयालॉग’ का लंदन में विमोचन किया। उन्होंने बताया कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अद्वितीय ख्याति अर्जित की है।  मुख्यमंत्री की इस यात्रा के बाद प्रदेश में करीब 60,000 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश की बेटी मयूरी चौरडिया द्वारा निभाई गई भूमिका ने न केवल रतलाम बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

MP News: नए डीजीपी कैलाश मकवाना ने पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, जनसुरक्षा पर विशेष जोर

सायबर क्राइम, नशे के कारोबार और यातायात सुरक्षा पर चलाएं व्यापक जागरूकता अभियान भोपाल – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना ने मंगलवार, 3 दिसंबर को पुलिस मुख्यालय भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन में पुलिस की सकारात्मक छवि बनाने पर विशेष जोर दिया।  प्रोफेशनल पुलिसिंग पर बलडीजीपी मकवाना ने कहा कि पुलिसिंग में अकाउंटेबिलिटी, रिस्पॉन्सिवनेस और अनुशासन अनिवार्य हैं। कानून सर्वोपरि रखते हुए सभी कार्य निष्पक्षता और ईमानदारी से किए जाएं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि भ्रष्टाचार और नशाखोरी से दूर रहते हुए समाज में विश्वास कायम करना प्राथमिकता होनी चाहिए।  सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को तेज करने का निर्देशडीजीपी ने कहा कि उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 के लिए अभी से पूरी तत्परता से तैयारियां शुरू करनी होंगी। उज्जैन और उसके आसपास के जिलों में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए समयबद्ध योजना बनाकर शासन को प्रस्तुत करें।  साइबर क्राइम और नशे पर विशेष फोकसडीजीपी ने साइबर क्राइम और अवैध नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए स्कूल-कॉलेजों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं।  इसके लिए सोशल मीडिया, शॉर्ट वीडियो, पंपलेट और संगोष्ठियों का उपयोग करें। साथ ही, सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए नशे के कारोबार का पूरा नेटवर्क ध्वस्त करें।  यातायात सुरक्षा के लिए अभियान चलाने का आदेशडीजीपी ने सड़कों पर सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने हेलमेट पहनने के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।  थानों में संवेदनशीलता और सख्ती का संतुलनडीजीपी ने कहा कि थानों में तैनात पुलिसकर्मी आमजन से संवेदनशील व्यवहार करें, लेकिन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने अधिकारियों से बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने और अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सरप्राइज विजिट करने का निर्देश दिया।  जनसुनवाई को अनिवार्य करेंउन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई अनिवार्य रूप से आयोजित होनी चाहिए। सभी शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतें।  अच्छे प्रदर्शन पर मिले पुरस्कार, खराब प्रदर्शन पर कार्रवाईडीजीपी ने कहा कि अच्छे पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाए और लापरवाह कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो। इससे पुलिस बल में अनुशासन और प्रोफेशनलिज्म को बढ़ावा मिलेगा।

MP News: रतलाम में 3 किमी लंबा जनसैलाब; बांग्लादेश में हिंदू व अन्य अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ फूटा जन आक्रोश

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। MP News: बांग्लादेश में हिंदू, बौद्ध और ईसाई अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में रतलाम जिले के सकल हिंदू समाज ने विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया। यह रैली कालिका माता मंदिर प्रांगण से शुरू होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया।  करीब 3 किमी लंबा मार्ग लोगों की भीड़ से पटा रहा। रैली का शुभारंभ संतों के आशीर्वाद और माँ कालिका की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान हजारों लोगों ने एक स्वर में बांग्लादेश में हिंदू व अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों की निंदा की। रतलाम के इस विशाल जनसैलाब ने यह संदेश दिया कि हिंदू समाज, विश्वभर में कहीं भी हो रहे अत्याचारों के खिलाफ चुप नहीं रहेगा और न्याय के लिए हर संभव प्रयास करेगा। ज्ञापन का वाचन मनोज सगरवंशी ने किया, जबकि वरिष्ठजन राजेश कटारिया, सतीश त्रिपाठी, ममता भंडारी, अनुज छाजेड़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।इस रैली ने न केवल बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के प्रति हो रहे अत्याचारों की कड़ी निंदा की, बल्कि सभी हिंदू, बौद्ध और ईसाई समाज से एकजुट होकर विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया। रैली का संचालन गायत्री परिवार के विकास शैवाल ने किया, जबकि अंत में समस्त हिंदू समाज ने आभार व्यक्त किया। आक्रोश का कारणबांग्लादेश (voilence in bangladesh) में हाल ही में हिंदुओं, बौद्धों और ईसाइयों पर हमले, धार्मिक स्थलों पर तोड़फोड़, महिलाओं का जबरन धर्मांतरण, और हत्या जैसे गंभीर अपराधों की घटनाएं सामने आई हैं।हाल की प्रमुख घटनाएं:• 27 नवंबर, मैमनसिंह: हिंदू दुकानदार पर हमला और दुकान लूट।• 26 नवंबर, सिराजगंज: लोकनाथ मंदिर पर पेट्रोल बम फेंककर हमला।• 25 नवंबर, ढाका: इस्कॉन के चिन्मय कृष्ण दास जी की झूठे आरोपों में गिरफ्तारी।• 24 नवंबर, बगेरहाट: हिंदू लड़की का जबरन धर्मांतरण और आतंकी संगठन में शामिल किया जाना।इन घटनाओं ने बांग्लादेश के अल्पसंख्यक समुदायों को भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर कर दिया है। ये बोले मंचासीनआक्रोश रैली के संयोजक राजेश कटारिया ने कहा, “बांग्लादेश में हो रहे अत्याचार सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा हैं। भारतीय समाज, विशेष रूप से हिंदू समाज, इन पीड़ितों के साथ खड़ा है।”सीए सोनाली जैन ने कहा, “मानवता को झकझोर देने वाली इन घटनाओं के खिलाफ हर भारतीय को खड़ा होना होगा।”संस्कार ऋषि पं. दिनेश व्यास नीलकंठधाम घटवास ने भारतीय संस्कृति के “वसुधैव कुटुंबकम” सिद्धांत का उल्लेख करते हुए एकता और संगठन का संदेश दिया।पूर्व सैनिक कैलाश निनामा ने कहा, “संगठन में ही शक्ति है। हमें एकजुट होकर इन षड्यंत्रों का विरोध करना होगा।”रैली में दंडी स्वामी अत्यानंद सरस्वती, स्वामी देव स्वरूप महाराज, स्वामी आनंद गिरि महाराज सहित अन्य धर्मगुरुओं और संतों ने मंच से जनता को संबोधित कर आशीर्वाद दिया।    ज्ञापन में की गई प्रमुख मांगे• भारत सरकार, बांग्लादेश पर दबाव डाले कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।• संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों के माध्यम से बांग्लादेश सरकार को जवाबदेह ठहराया जाए।• हिंसा की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। बंद रहे प्रतिष्ठानरैली को लेकर शहर में सुबह से उत्साह था। सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार तेजी से हुआ। सराफा बाजार ने पूरी तर व्यापार-व्यवसाय बंद रखा। युवाओं की टोलियां शहर में घूम रैली में शामिल होने के लिए जय श्री राम के उद्घोष के साथ आमंत्रण दे रही थी। एक बजे से लोगों का कालिका माता मंदिर आना शुरू हुआ। यहां से शाम 4 बजे रैली प्रारंभ हुई। रैली में शहर के सभी सामाजिक संगठन, व्यापारी वर्ग, बार एसोसिएशन, हिंदू संगठन, किन्नर समाज समेत सर्व हिंदू समाज हजारों की संख्या में शामिल हुआ। कालिका माता मंदिर परिसर पर कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी, रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, आलोट विधायक चिंतामण मालवीय, पूर्व विधायक दिलीप मकवाना, रतलाम भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय समेत आदि शामिल हुए। भीड़ को देखते हुए कालिका माता मंदिर झाली तालाब के पास एलईडी भी लगाई गई। सर्व समाज द्वारा रैली में शामिल लोगों के लिए चाय व पानी की भी व्यवस्था की गई थी।

Ratlam News: बांग्लादेशी हिंदुओं पर अत्याचार; केबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने की निंदा, 3 लाख लोगों के जुटने की संभावना

प्रशासन की व्यवस्था चाकचौबंद, शहर सहित जिलेभर के लिए वाहन पार्किंग व्यवस्था जारी रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: बांग्लादेश में तख्ता पलट के बाद इस्लामी कट्टरपंथियों द्वारा हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर बढ़ते अत्याचारों के विरोध में रतलाम में सकल हिंदू समाज द्वारा 3 दिसंबर को एक विशाल जन आक्रोश रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली दोपहर 2 बजे कालिका माता मंदिर से शुरू होगी।रैली में रतलाम शहर के साथ-साथ जावरा, सैलाना, आलोट, ताल और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों के अनुसार, रैली में करीब 3 लाख लोगों के जुटने का अनुमान है। रैली को लेकर प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बांग्लादेश में अत्याचार की घटनाएंबांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों में हत्या, लूटपाट, आगजनी, जबरन धर्मांतरण और महिलाओं पर अमानवीय अत्याचार की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिससे पूरे देश में आक्रोश है। रैली का उद्देश्य बांग्लादेश के पीड़ित हिंदुओं के साथ एकजुटता दिखाना और उनकी रक्षा के लिए भारत सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग करना है।रतलाम के लोगों से इस रैली में अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है, ताकि समाज के सामूहिक आक्रोश को एक स्वर दिया जा सके। मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया रैली में शामिल होने का आह्वानरतलाम शहर विधायक और एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप ने रतलाम की जनता से इस जन आक्रोश रैली में शामिल होने का आह्वान किया है।मंत्री काश्यप ने कहा, “रतलाम की जनता रैली में शामिल होकर एकता का परिचय दे। मैं इन घटनाओं की घोर निंदा करता हूं और भारत सरकार से अपील करता हूं कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।” पार्किंग व्यवस्था इस प्रकार होगी:• रतलाम शहर के वाहनों के लिए: गुलाब चक्कर और पुराना कलेक्टोरेट।• ग्रामीण क्षेत्रों (जावरा, सैलाना, आलोट, बाजना, आदि) से आने वाले वाहनों के लिए: अंबेडकर ग्राउंड के पीछे का गेट।(इन वाहनों को दो बत्ती चौराहे और फव्वारा चौक से डायवर्ट किया जाएगा।)