Ratlam News: रतलाम स्टेशन रोड थाने में देर रात हंगामा: रात्रि गश्त की मांग पर भाजपा पार्षद ने TI पर लगाए अभद्रता के आरोप

रतलाम स्टेशन रोड थाना में रात्रि गश्त की मांग को लेकर देर रात हंगामा हुआ। भाजपा पार्षद आयुषी सांखला ने TI जितेंद्र सिंह जादौन पर अभद्रता का आरोप लगाया। एएसपी राकेश पंद्रो ने जांच और गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के स्टेशन रोड थाना परिसर में मंगलवार देर रात उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब वार्ड क्रमांक 25 की भाजपा पार्षद आयुषी जलज सांखला ने थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। मामले की जानकारी मिलते ही महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा पदाधिकारी, एमआईसी सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। वीडियो देखे मामला बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो मौके पर पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद देर रात प्रदर्शन समाप्त हुआ। रात्रि गश्त की मांग को लेकर थाने पहुंचीं थीं पार्षद पार्षद आयुषी सांखला के अनुसार, उनके वार्ड के शुभ विहार, राम रेसिडेंसी गेट और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से देर रात करीब 1:30 बजे से 3 बजे के बीच असामाजिक तत्व हथियार लेकर घूम रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से लगातार सीएसपी और स्टेशन रोड थाना प्रभारी से फोन पर रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण मंगलवार देर रात वे भाजपा मंडल अध्यक्ष नीलेश गांधी, राजेश कटारिया और क्षेत्र के रहवासियों के साथ स्टेशन रोड थाने पहुंचीं। TI पर अभद्र व्यवहार का आरोप, बढ़ा विवाद पार्षद का आरोप है कि शिकायत सुनने के बजाय थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन ने उनके और भाजपा मंडल अध्यक्ष के साथ अभद्र व्यवहार किया। उनके अनुसार, थाना प्रभारी ने कहा, “क्या आपके कहने से पुलिस पॉइंट लगाऊंगा?” इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। घटना की सूचना मिलते ही महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा के दोनों मंडल अध्यक्ष, एमआईसी सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्टेशन रोड थाने पहुंच गए। सभी ने थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और उन्हें लाइन हाजिर करने की मांग करते हुए विरोध दर्ज कराया। ASP राकेश पंद्रो ने दिया जांच और गश्त बढ़ाने का आश्वासन मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो देर रात स्टेशन रोड थाने पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। एएसपी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिया। पार्षद बोलीं- जनता की सुरक्षा के लिए गई थी, विरोध जारी रहेगा भाजपा पार्षद आयुषी सांखला ने कहा कि वे किसी विवाद के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और पुलिस का सहयोग लेने थाने पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार होता है, तो आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं की शिकायतों को किस तरह सुना जाता होगा, इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना प्रभारी के खिलाफ उचित कार्रवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।

0%