Ratlam News: दूसरे वार्ड में कचरा डालने पहुंचा पार्षद पति; किसी ने वीडियो कर दिया वायरल, महापौर ने काट दिया चालान

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: शहर के वार्ड 43 की भाजपा पार्षद प्रीति कसेरा के पति संजय कसेरा के कारनामे ने पूरी परिषद की खिल्ली उड़ा दी। दरअसल वार्ड 43 के पार्षद पति ने वार्ड 22 में पहुंचकर कचरा फेंका। जिसका किसी ने वीडियो उतारकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। जो की जमकर वायरल हुई और लोगों ने खूब ट्रोल किया। वीडियो महापौर प्रहलाद पटेल तक पहुंचा जिसके बाद महापौर ने पार्षद पति के कारनामे पर सख्त रुख अपनाया। महापौर पटेल ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए चाहे जनप्रतिनिधि हो या आम नागरिक, सभी पर नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। आपको बता दे कि शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाए रखने के प्रयासों में नगर निगम द्वारा खुले में कचरा डालने वालों पर सख्ती बरती जा रही है। वार्ड क्रमांक 43 के पार्षद पति संजय कसेरा द्वारा वार्ड क्रमांक 22 में खुले में कचरा डालने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस घटना के बाद महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देश पर कसेरा पर 250 रुपये का जुर्माना लगाया गया। महापौर की उपस्थिति में उन्हें भविष्य में इस तरह का कार्य न करने की सख्त चेतावनी दी गई। फोटो भेजने पर 50 रुपए का इनाममहापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत शहर को साफ रखने के लिए निगम द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में ऐसे लोग भी हैं जो खुले में कचरा डालकर वातावरण को दूषित करते हैं। नगर निगम ने इन लोगों पर लगाम लगाने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 7471144937 जारी किया है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति खुले में कचरा डालने वाले का फोटो और पते के साथ जानकारी भेज सकता है। जानकारी भेजने वाले को 50 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, और उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। जुर्माना कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी ए.पी. सिंह, झोन प्रभारी तरुण राठौड़, और आशीष चौहान मौजूद रहे।

Ratlam News: एसपी और निगम कमिश्नर के आदेशों की बेख़ौफ धज्जियां उड़ाते मोबाइल दुकानदार

सैलाना बस स्टैंड चौराहे पर मोबाइल दुकानदारों का अतिक्रमण जारी, सांठगांठ का सारा खेल! रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज डेस्क। Ratlam News: दिवाली के सीजन में कुछ दुकानदारों ने ऐसे दुकानें सजा रखी है, जैसे इनके घर पर कोई वैवाहिक समारोह आयोजित किया जा रहा हो। नियमों को ताक पर रखकर इन्होंने आम नागरिकों के लिए समस्याएं खड़ी कर दी है। ऐसे में वाहन तो ठीक पर पैदल चलने वालों तक फजीहत में पड़ गए है। क्योंकि फुटपाथ तो ठीक इन्होंने सड़क तक घेर ली है। रतलाम में एसपी अमित कुमार ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए “एक दिवस एक रोड अभियान” जैसी पहल शुरू की थी, जिससे नागरिकों में उम्मीद जागी। लेकिन एसपी और निगम कमिश्नर के आदेशों के बावजूद, बड़े दुकानदार और रसूखदार अपनी मनमानी करने में लगे हुए हैं। इन दुकानदारों में जीवन मोबाइल, नाकोड़ा NX, सतगुरु मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक आदि है। ऐसे ही शहर के अन्य हिस्सों में भी यही हाल है। खास बात यह है की इस चौराहे पर पुलिस वाहनों की चालानी कार्रवाई करती है। शहर के प्रमुख चौराहे सैलाना बस स्टैंड (महाराणा प्रताप चौराहा) पर मोबाइल दुकानदारों द्वारा खुलेआम फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण जारी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां सड़कों पर वाहन पार्किंग के कारण जाम की स्थिति रोजाना बन रही है। यहां दुकानदारों अपना घर समझकर टेबल कुर्सियां लगाकर बैठे है। जिस पर ग्राहकों को बैठाकर लोन व फाइनेंस की स्कीम बताकर मोबाइल बेचे जा रहे है। बड़े दुकानदारों का हौसला बुलंद, छोटे दुकानदारों पर कार्रवाईसूत्रों के अनुसार, निगम के कुछ जिम्मेदारों की सांठगांठ से इन दुकानदारों को कार्रवाई का डर नहीं है। जीवन मोबाइल, नाकोड़ा NX, सतगुरु मोबाइल जैसे दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर तक फ्लेक्स और टेबल लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। यहां आने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़कों पर पार्क कर रहे हैं, जिससे चौराहे पर जाम की स्थिति बन जाती है। इनके रसूख के चलते जिम्मेदार इन पर कार्रवाई से बचते है। दो दिन पहले की गई खानापूर्तिदिवाली से पहले यातायात पुलिस और निगम की टीम ने एक संयुक्त अभियान चलाकर अस्थाई अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया। लेकिन टीम के प्रभारी राजेंद्र सिंह पंवार ने छोटे दुकानदारों को चेतावनी देने के बाद खानापूर्ति कर दी और कुछ चालान काटे। जैसे ही टीम जीवन मोबाइल, नाकोड़ा NX, और सतगुरु मोबाइल जैसी दुकानों पर पहुंची, कार्रवाई ढीली पड़ गई। पुलिस के जवान इस स्थिति में असहाय नजर आए क्योंकि निगम द्वारा छोटे और बड़े दुकानदारों में भेदभाव स्पष्ट दिखाई दिया। क्या बोले जिम्मेदार अधिकारी?नगर निगम कमिश्नर हिमांशु भट्ट ने बताया कि अस्थाई अतिक्रमण की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ट्रैफिक अनिल राय ने कहा कि फुटपाथ और पार्किंग की व्यवस्था जरूरी है और अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि दिवाली पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने का पूरा प्रयास किया जाएगा, और चेतावनी दी गई है कि अतिक्रमण तुरंत हटाएं। रतलाम के नागरिकों को अब निगम और पुलिस प्रशासन से उम्मीद है कि बड़े और छोटे दुकानदारों के बीच भेदभाव किए बिना उचित कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा निलंबित, आदेश की अवहेलना पर कलेक्टर ने की कार्रवाई

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: रतलाम जिले के कलेक्टर राजेश बाथम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश में उल्लेख किया गया है कि जमरा को अनुभाग आलोट और जावरा में खाद्य सुरक्षा का कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद वे लगातार रतलाम शहर अनुभाग में ही कार्य कर रहे थे। इस अवहेलना पर कलेक्टर द्वारा उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसका जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर निलंबन का कदम उठाया गया। कलेक्टर के अनुसार, जमरा के इस अनुशासनहीन आचरण के कारण आलोट और जावरा में खाद्य सुरक्षा का कार्य बाधित हो रहा था, जिससे यह कदाचार की श्रेणी में आता है। जमरा का निलंबन आदेश प्रशासनिक सख्ती और पदीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही को लेकर कलेक्टर कार्यालय की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

Ratlam News: गुरु रामदास पब्लिक स्कूल में हुआ विज्ञान महोत्सव, विद्यार्थियों ने बनाए इनोवेटिव मॉडल्स

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: गुरु रामदास पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज विज्ञान महोत्सव (Science Fiesta) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री से सम्मानित डॉ. लीला जोशी रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर वाय. के. मिश्रा, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य सुभाष कुमावत ने फीता काटकर विज्ञान महोत्सव का उद्घाटन किया। इस महोत्सव में छात्रों ने जीवविज्ञान के 27, भौतिकी के 41 और रसायन विज्ञान के 12 वर्किंग मॉडल प्रदर्शित किए। इसके अलावा, सामाजिक विज्ञान के 10 मॉडल भी बनाए गए। वाणिज्य के छात्रों द्वारा तैयार किए गए इंडस्ट्रियल पार्क और तारामंडल (Space Exploration) विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। एक विशेष हेल्थ एंड वेलनेस काउंटर पर अभिभावकों का बीएमआई चेक किया जा रहा था। विज्ञान महोत्सव के जज के रूप में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक ललित मेहता, वरिष्ठ व्याख्याता जीवविज्ञान जगदीश चंद्र गोयल, वरिष्ठ व्याख्याता रसायन शास्त्र मुकेश परमार, वरिष्ठ व्याख्याता मीनाक्षी हरोर और रवि प्रकाश मोदी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ व्याख्याता राजेंद्र सिंह राठौर और मिथिलेश मिश्रा भी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रेसिडेंट जसवंत सिंह सोढ़ी, विद्यालय मैनेजमेंट के सभी सदस्य, प्राचार्य सुनीता राठौर, प्रधान अध्यापिका वर्षा जैन और समस्त शिक्षकगण भी इस अवसर पर उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन नीलिमा उपाध्याय ने किया।

Bussiness News: DPK ज्वेलर्स लाया है 15 हजार से अधिक डिज़ाइनर ज्वेलरी का कलेक्शन, मेकिंग चार्ज ने बढ़ाई खरीदारों की दिलचस्पी

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Bussiness News: शहर के सराफा बाजार में नवीन शुभारंभ हुए डीपीके ज्वैलर्स (DPK Jewellers) शोरूम ग्राहकों को अच्छा खासा लुभा रहा है। यहां ज्वेलरी खरीदने के लिए ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है। ग्राहकों को यहां 15 हजार से अधिक डिज़ाइन मिलेंगे, जो की सबसे यूनिक है। इसके अलावा 2.90% से शुरुआती मेकिंग चार्ज ने ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है।  दिवाली पर डीपीके ज्वैलर्स पर युवा डिज़ाइनर ज्वैलरी और आधुनिक आभूषणों में दिलचस्पी दिखा रहे है, वहीं पारंपरिक गहनों के चाहने वाले भी विभिन्न विकल्पों में से अपनी पसंद के आभूषणों की खरीदारी कर रहे थे।  डीपी के ज्वैलर्स के संचालक सुजय कटारिया एवं प्रशांत पोरवाल ने बताया, “गुरु पुष्य नक्षत्र पर ग्राहकों की पसंद का विशेष रूप से ध्यान रखा गया। अब धनतेरस व दिवाली के लिए हमने तैयारी कर ली है। ग्राहकों का अच्छा रिस्पॉन्स बना हुआ है। डीपीके ज्वेलर्स को विश्वसनीयता के लिए ग्राहकों द्वारा पसंद किया जा रहा है। ग्राहकों की जरूरतों को समझते हुए हम अपने कलेक्शन को बढ़ाने में भी ध्यान दे रहे है। किफायती मेकिंग चार्ज का लाभ दे रहे हैं, ताकि हर वर्ग के ग्राहक अपनी इच्छाओं को पूरा कर सकें।

Ratlam News : स्पोर्ट्स बाइक से कर रहा था ड्रग्स की तस्करी, जावरा पुलिस ने दबोचा

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस को अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा और नगर पुलिस अधीक्षक जावरा दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। मुखबिर से मिली सूचना के अनुसार असलम पिता उस्मान मेव निवासी उमठपालिया, बिना नंबर की काले रंग की स्पोर्ट्स बाइक (KTM मोटरसाइकिल) से पिपलौदा रोड की ओर से हरियाखेड़ा के पास से होते हुए उमठपालिया की ओर अवैध मादक पदार्थ ले जा रहा था। इस पर पुलिस ने हरियाखेड़ा बायपास श्मशान घाट के पास नाकाबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 20 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा और 450 ग्राम अफीम बरामद की गई। इसके साथ ही उसकी बिना नंबर की काले रंग की KTM मोटरसाइकिल भी जप्त कर ली गई। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपराध क्रमांक 625/2024 के तहत धारा 8/15,18 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच के दौरान आरोपी असलम को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे अवैध मादक पदार्थ के स्रोत और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। जप्त किया गया सामान1. 20 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा, कीमत 40,000 रुपये2. 450 ग्राम अफीम, कीमत 30,000 रुपये3. बिना नंबर की KTM काले रंग की मोटरसाइकिल, कीमत 1,00,000 रुपये सराहनीय भूमिकानिरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उनि राकेश मेहरा, उनि आर.एस. सिसोदिया, सउनि जसराज चन्देल, प्र.आर. संजय आंजना, प्र.आर. विष्णु चन्द्रावत, प्र.आर. महेन्द्र चौहान, प्र.आर. हेमन्त लिम्बोदिया, आर. मनोहर गायरी, आर. दीपराज सिंह, आर. रविन्द्र राठौर, आर. योगेश राठौर, आर. चेतन राठौर, आर. रवि पाटीदार, थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा के पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।

Ratlam News: पुलिस ने घेराबंदी कर MD ड्रग्स के साथ हिस्ट्रीशीटर को पकड़ा, आरोपी फारुख पर हत्या का प्रयास समेत 45 केस दर्ज

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News : रतलाम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर गुंडे को MD ड्रग के साथ गिरफ्तार किया है। गौरतलब है की हालही में हुई क्राइम मीटिंग में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के आदेश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक अभिलाष भलावी के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में सउनि दिनेश कणिक की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार भक्तन की बावड़ी अंडरब्रिज के पास एक व्यक्ति के MD ड्रग्स बेचने की योजना की जानकारी मिली। आरोपी की पहचान सफेद सेंडो बनियान और स्लेटी केपरी पहने व्यक्ति के रूप में हुई थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम फारुख उर्फ उज्जैनी पिता रियासत अली, उम्र 43 वर्ष, निवासी पुरोहित जी का वास शनि गली, रतलाम बताया। उसकी तलाशी लेने पर 44 ग्राम MD ड्रग्स, जिसकी कीमत लगभग 4,40,000 रुपये है, बरामद की गई। आरोपी फारुख को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1226/2024, धारा 8/22,29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी MD ड्रग्स किससे लाया और किसे बेचने की योजना बना रहा था। 45 आपराधिक रिकॉर्ड दर्जआरोपी फारुख उर्फ उज्जैनी पर हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, छेड़छाड़, चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट समेत कुल 45 अपराध दर्ज हैं। वह थाना स्टेशन रोड की गुंडा सूची में भी शामिल है। इनकी रही सराहनीय भूमिका इस सफलता में निरीक्षक राजेन्द्र वर्मा, उनि शांतिलाल चौहान, उनि प्रेमसिंह हटीला, सउनि दिनेश कणिक, प्र.आर. हेमंत परमार, प्र.आर. मनोज पांडेय, प्र.आर. महेन्द्र फतरोड, प्र.आर. नरेन्द्र चावडा, आर. हर्षल शर्मा, आर. लोकेन्द्र सोनी, आर. राजेश परिहार और सायबर सेल के प्र.आर. मनमोहन एवं आर. मयंक व्यास का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Ratlam News: पुलिस ने छात्राओं को बताया सायबर क्राइम से बचाव के तरीके, सायबर जागरूकता सेमिनार का आयोजन

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News:  में बढ़ते सायबर अपराधों और सायबर धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और जिला सायबर सेल को संयुक्त रूप से सायबर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस दिशा में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के मार्गदर्शन में सायबर सेल टीम ने शासकीय नवीन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आनंद कॉलोनी रतलाम में सायबर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया। सेमिनार की शुरुआत पुलिस अधीक्षक के संदेश के साथ की गई, जिसे सायबर सेल प्रभारी मनमोहन शर्मा ने वाचन किया। प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा ने छात्राओं को बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले विभिन्न सायबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि फोन कॉल्स, व्हाट्सएप, या सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के बारे में बिना डरे परिजन, शिक्षक और पुलिस से संपर्क करें। सायबर सेल के आरक्षक विपुल भावसार ने छात्राओं को सायबर फ्रॉड के प्रकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सायबर अपराधी किस प्रकार रिश्तेदार, आर्मी/पुलिस अधिकारी, यू-ट्यूब चैनल या बैंक अधिकारी बनकर फ्रॉड करते हैं। इसके अलावा, यूपीआई और नेट बैंकिंग में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में समझाया गया। आरक्षक मयंक व्यास ने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने अनजान लिंक, apk फाइल, रिमोट ऐप्स से होने वाले फ्रॉड और व्हाट्सएप हैक के खतरों के बारे में समझाया। छात्राओं को यह भी बताया कि सोशल मीडिया की प्राइवेसी सेटिंग और टू स्टेप वेरिफिकेशन सेटिंग ऑन रखें। किसी अनजान व्यक्ति को फ्रेंडलिस्ट में एड करने से व्यक्तिगत जानकारी सायबर अपराधियों तक पहुंच सकती है, जिससे क्लोन प्रोफाइल बनाकर धोखाधड़ी हो सकती है। सेमिनार में बताया गया कि सायबर धोखाधड़ी होने पर सायबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर सकते हैं या नजदीकी पुलिस स्टेशन में संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर संस्था की प्राचार्या ममता अग्रवाल, शिक्षिकाएं असर सिद्दीकी, सुनीता अंब, ममता शर्मा, मनीषा राठौर, दीपिका जैन, चहेती, शिखा गुप्ता, सोनाक्षी और शिक्षक शक्ति सिंह सोलंकी, संजय गोयल, नरेंद्र चौहान, मयंक जादव, श्रीकांत देवल समेत विद्यालय की सभी छात्राएं उपस्थित रहीं।

Ratlam News: महू-नीमच हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर और ट्राले में जोरदार भिड़ंत, चालक की मौत

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: इंदौर से रतलाम की ओर आ रहे एक ट्राले और गलत साइड से आ रहे ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद ट्राला एक झोपड़ी में जा घुसा, जिससे उसमें आग लग गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतक और घायल को अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार, यह हादसा महू-नीमच हाईवे पर रतलाम से लगभग 28 किलोमीटर दूर सातरुंडा चौराहे के पास ग्राम सिमलावदा में हुआ। यहां पर ट्रैक्टर गलत दिशा में जा रहा था, तभी इंदौर की ओर से आ रहे लोहे के एंगल से भरे ट्राले ने उसे टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में ट्रैक्टर चालक दयाराम मुनिया (50), निवासी सिमलावदा ग्राम खेड़ी, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी रमेश ओहरी (50) गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के दौरान ट्रैक्टर एक बिजली के पोल से भी टकराया, जिससे निकली चिंगारियों से ट्राला और ट्रैक्टर में आग लग गई। इसके साथ ही ट्राला पास की झोपड़ी में भी जा घुसा, जिससे झोपड़ी में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे के वक्त झोपड़ी में कोई नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों के अनुसार, दयाराम मुनिया अपने साथी रमेश के साथ खेत जोतकर शाम करीब पौने पांच बजे अपने गांव खेड़ी लौट रहे थे। वे सातरुंडा से करीब 500 मीटर दूर पहुंचे थे कि तभी सामने से आ रहे ट्राले से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। घायल का चल रहा इलाजदुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने मृतक और घायल को वाहनों के बीच से निकालकर अस्पताल भेजा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और घायल रमेश ओहरी का इलाज रतलाम के मेडिकल कॉलेज में जारी है।

Ratlam News: बाजार में निकलने से पहले जान ले ये खबर वरना होना पड़ेगा परेशान, दीपावली से बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर के मध्य स्थित बाजारों में बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए रतलाम पुलिस ने यातायात डायवर्शन और पार्किंग व्यवस्था की योजना जारी की है। यह योजना 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2024 तक लागू रहेगी। यातायात पुलिस ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए सरल और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित किया है। आप भी बाजार आने से पहले इस व्यवस्था को जरूर जान ले। वरना आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रूट डायवर्शन प्लानत्योहार के दौरान नाहरपुरा चौराहा, डालूमोदी बाजार, घास बाजार, माणकचौक, न्यू क्लाथ मार्केट, गणेश देवरी, नीमचौक, और तोपखाना सहित कई क्षेत्रों में चार पहिया वाहन, ऑटो रिक्शा और मैजिक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इन क्षेत्रों को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है, जहां किसी भी प्रकार के वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। नो व्हीकल जोनलक्ष्मीजी का मंदिर, माणकचौक थाना, नोलाईपुरा, जमनालाल स्वीट्स से माणकचौक चौराहा, साहूबावडी, और भुट्टा बाजार गली तक के रास्ते को भी नो व्हीकल जोन के रूप में चिन्हित किया गया है। वन वे (एकांकी मार्ग) व्यवस्थाघास बाजार से डालूमोदी बाजार, नाहरपुरा चौराहा से डालूमोदी बाजार, गणेश देवरी से डालूमोदी बाजार, चौमुखी पुल से गणेश देवरी और चाँदनी चौक से चौमुखी पुल तक एकांकी मार्ग व्यवस्था लागू की गई है, यानी इन मार्गों पर वाहनों को एक ही दिशा में जाने की अनुमति होगी। वाहन पार्किंग व्यवस्थाभीड़भाड़ से बचने और यातायात को सुगम बनाने के लिए रतलाम पुलिस ने कई स्थानों पर पार्किंग स्थलों का चयन किया है। धनजीबाई का नोहरा – दोपहिया वाहन पार्किंग। ईदगाह के पास (सुतारों का वास)- दोपहिया और चार पहिया वाहन पार्किंग। आजाद चौक (चाँदनी चौक के अंदर) – दोपहिया वाहन पार्किंग। डॉ. देवीसिंह की गली – दोपहिया वाहन पार्किंग। चौडावास, रामगढ़ – दोपहिया वाहन पार्किंग। काशीनाथ का नोहरा – दोपहिया और चार पहिया वाहन पार्किंग। अमृतसागर तालाब के किनारे – दोपहिया और चार पहिया वाहन पार्किंग। यातायात पुलिस की अपीलयातायात पुलिस रतलाम ने नगरवासियों और दुकानदारों से अपील की है कि वे चार पहिया वाहनों को बाजार क्षेत्र में लेकर न आएं और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें। नियमों का पालन न करने पर वाहनों को क्रेन से टो किया जा सकता है।

0%