विरोध प्रदर्शनः कार्रवाई ना होने से हिंदू जागरण मंच ने घेरा थाना, डेढ़ माह पहले हिंदू युवती को बहला कर ले गया था मुस्लिम शिक्षक

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। हिंदू जागरण मंच ने रविवार दोपहर शहर के डीडी नगर पुलिस थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ता थाने के बाहर जमीन पर बैठ गए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुर्दाबाद के नारे लगाए। सीएसपी के देरी से आने पर नाराज होकर पदाधिकारियों ने थाने के बाहर से गुजर रहे रतलाम-शिवगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। दरअसल मामला डेढ़ माह पूर्व एक हिंदू युवती को मुस्लिम शिक्षक गुमराह कर ले जाने का है। युवती के परिजनों ने थाने गुमशुदगी दर्ज कराई है। डेढ़ माह बितने के बाद भी आज तक युवती का पुलिस पता नहीं कर पाई। इस कारण थाने का घेराव किया। थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया बात करने आए तो पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग पर पदाधिकारी अड़ गए। सीएसपी अभिनव बारंगे को सूचना दी गई। सीएसपी के आने में देरी होने से प्रदर्शन कर रहे पदाधिकारी व कार्यकर्ता आक्रोशित होने लगे। सड़क जाम करने की चेतावनी दी। तब उन्हें बताया कि सीएसपी जगन्नाथ रथ यात्रा में है। कुछ देर इंतजार के बाद सभी थाने परिसर से बाहर निकल रतलाम-शिवगढ़ मार्ग सागोद रोड पुलिया पर पहुंच जाम लगा दिया। इस दौरान सीएसपी बारंगे आ गए। पदाधिकारियों ने युवती की तलाश नहीं करने पर सवाल-जवाब किए। पदाधिकारियों का कहना था कि युवक का परिवार रतलाम में ही रहता है तो अभी तक युवती की तलाश क्यों नहीं की गई। इसके अलावा शहर में समय से पहले दुकाने बंद कराने को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने विरोध कर कहा कि विशेष वर्ग समुदाय के क्षेत्रों में देर रात तक दुकाने खुली रहती है। सीएसपी ने सारी बाते सुनकर तीन से चार दिन में युवती की तलाश कर लाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद मामला शांत हुआ। जागरण मंच के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर तीन से चार दिन में युवती को पुलिस तलाश नहीं कर पाती है तो सर्व हिंदू समाज द्वारा रतलाम बंद कराया जाएगा।इस दौरान हिंदू जागरण मंच के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य राजेश कटारिया, जिला संयोजक जगदीश पाटीदार, कमलेश ग्वालियरी, सिद्धार्थ पंड्या, कार्तिक, नंदकिशोर,सूरज चौहान, राकेश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में हिंदू संगठन पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। दर्ज है गुमशुदगी, नहीं हो रही कार्रवाईपुलिस के अनुसार परिजनों थाने में जो आवेदन दिया था उसमें युवती 21 मई 24 को घर से जाना बताया। 23 मई को अनीस खान निवासी लक्ष्मणपुरा के खिलाफ गुमराह कर ले जाने को लेकर गुमशुदगी दर्ज कराई। लगातार युवती को तलाश भी किया गया। परिजनों को आशंका है कि युवती को गुमराह कर ले जाया गया है। पुलिस की माने तो युवती की तलाश के बाद सारे बिंदुओं पर जांच की जाएगी। डीडी नगर थाना प्रभारी रविंद्र दंतोडिया ने बताया युवती की तलाश के लिए लगातार टीमे लगी हुई है। एमपी के बाहर भी पुलिस टीम गई है। शीघ्र ही युवती को तलाश कर लिया जाएगा।हिंदू जागरण मंच के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य राजेश कटारिया ने बताया कि डेढ़ माह पूर्व हिंदू युवती को मुस्लिम शिक्षक गुमराह करके ले गया है। डेढ़ माह से पुलिस से संपर्क कर रहे है। पुलिस द्वारा सही कार्रवाई नहीं की जा रही है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी समय पर नहीं पहुंचे तो चक्काजाम करना पड़ा। अधिकारियों ने कहा कि की तीन से चार दिन में युवती को तलाश लेंगे। युवती को तलाश कर नहीं लाया जाता है तो हम हिंदू सर्व समाज को लेकर रतलाम बंद करेंगे।

हिंदू विरोधी बयान! : दूसरे दिन विहीप – बजरंगदल ने फूंका राहुल गांधी का पुतला, संसद की सदस्यता समाप्त करने की मांग

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भारतीय संसद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हिंदू हिंसा करते है वाले बयान को लेकर रतलाम में लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। पहले दिन यानी मंगलवार को भाजयुमो ने जमकर नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला फूंका था। अगले दिन बुधवार दोपहर विश्व हिंदू परिषद – बजरंग दल ने कलेक्टोरेट के बाहर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पुतले को चप्पलों से पीटा जिसके बाद उसे आग के हवाले कर दिया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए विपक्षी नेता राहुल गांधी की संसद में सदस्यता समाप्त करने की मांग की। पदाधकारियों का कहना था कि लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन में नेता प्रतिपक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर रहकर राहुल गांधी ने अपनी पार्टी और उसकी विचार धारा को दर्शाते हुए हिंदू विरोधी बयान दिया है। जिससे हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची। विश्वहिंदू परिषद बजरंग दल मालवा प्रांत इसकी घोर निंदा करता है। पुतला दहन के दौरान पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन मंत्री सुखदेव पांचाल, जिला अध्यक्ष दीपक व्यास, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला उपाध्यक्ष रवि निंदाने, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला सह मंत्री अक्षय गोमो, बजरंगदल जिला सयोंजक मुकेश व्यास, सह संयोजक आशु टाक, मठ मंदिर प्रमुख मोंटी जायसवाल, प्रचार प्रमुख रिक्की सेन, अखाड़ा प्रमुख लखन वर्मा, साप्ताहिक मिलन प्रमुख सुनील राठौड़, विद्यार्थी प्रमुख कृष्णा भामा, सेवा प्रमुख अनिल रोतेला, सहित प्रखण्ड, जिला और विभाग के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

धन्यवाद मंत्री जी : कॉलेज के अस्थाई कर्मी अब हुए स्थाई कर्मी, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप का किया स्वागत

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में कार्यरत अस्थाई कर्मियों द्वारा लंबे समय से खुद को स्थाई करने की मांग की जा रही थी। इसको लेकर शहर विधायक व कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप से कॉलेज के कर्मियों ने निवेदन किया था। जिस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री काश्यप ने उन्हें जल्द ही स्थाई करने को लेकर आश्वस्त किया था। जिसके बाद अब उन्हें शासन द्वारा स्थाई कर्मी बना दिया गया है। अपनी मांग पूरी होने के बाद कॉलेज के सभी कर्मियों ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप का स्वागत कर उनके प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंदानी सहित नियुक्त हुए समस्त स्थाई कर्मी उपस्थित रहे। करमचंदानी ने बताया कि स्थाई कर्मी बने सभी कर्मचारी बीते कई वर्षों से अस्थाई रूप से महाविद्यालय में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे है। उनके द्वारा स्थाई कर्मी के रूप में नियुक्ति की लंबे समय से मांग की जा रही थी। इस संबंध में मंत्री काश्यप के समक्ष भी अपनी मांग रखी गई थी। जनभागीदारी समिति अध्यक्ष के रूप में उनके द्वारा भी पत्र लिखा गया था, जिसके परिपालन में शासन के साथ संबंधित विभाग द्वारा उक्त आदेश दिया गया। अस्थाई से स्थाई कर्मी बनने से सभी में हर्ष व्याप्त है।

प्रतिभा सम्मान समारोह : गुर्जर गौरव कल्याण परिषद का सातवां राज्य स्तरीय आयोजन, 100 से अधिक विद्यार्थी हुए सम्मानित

पब्लिक वार्ता – इंदौर,जयदीप गुर्जर। गुर्जर समाज की सेवाभावी संस्था गुर्जर गौरव कल्याण परिषद ने सातवां राज्य स्तरीय प्रतिभा सम्मान एवं छात्रवृति वितरण समारोह का आयोजन किया। यह आयोजन इंदौर के जीएसआईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागृह में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्वालियर, भिंड , मुरैना , देवास, जबलपुर, भोपाल, शिवपुरी, उज्जैन, शाजापुर, हरदा, होशंगाबाद, खरगोन, खण्डवा, नीमच, मंदसौर सहित पुरे मध्यप्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इसमें गुर्जर समाज के वे विद्यार्थी शामिल हुए जिन्होंने यूपीएससी, एमपीपीएससी, राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, हाई सेकंडरी व हाई स्कूल आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गुर्जर गौरव कल्याण परिषद के एएसआई अशोक गुर्जर ने बताया परिषद द्वारा कार्यक्रम के माध्यम से 100 से अधिक प्रतिभावान समाज के युवक व युवतियों का सम्मान किया गया। 19 मई 2024 को माउंट एवरेस्ट पर फतह करने वाली देश की सबसे उम्र दराज महिला श्रीमति ज्योति रात्रे जी का भी विशेष सम्मान किया गया। संस्था द्वारा प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली 13 छात्र/छात्राओं  को छात्रवृति भी दी गई। संस्था 2016 से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर काम कर ऑनलाइन वेबिनार व ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर केरियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रधान आयकर महानिदेशक(दिल्ली) श्रीमति सुनीता बैसला ने कहा की प्रतिभा के दम पर बच्चे मेहनत कर के अपने सपनों को पूरा करे और राष्ट्र की मुख्य धारा में प्रवेश करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपने भूमिका निभाए। कार्यक्रम को विशेष अतिथि एसपी ग्वालियर श्रीमति सुमन गुर्जर, इंदौर सायबर एसपी जितेंद्र सिंह, मंदसौर वन मंडलाधिकारी संजय रायखेरे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में आए विनर्स अकादमी के आदित्य पटेल, अन एकेडमी के सुदर्शन गुर्जर ने भी समाज के युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए गाइड किया। कार्यक्रम में दिल्ली के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर अमर चौधरी ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर संस्था द्वारा प्रकाशित द्वितीय न्यूज़ लेटर का विमोचन भी किया गया। आयोजन में गुर्जर गौरव कल्याण परिषद के पदाधिकारी व आयोजन समिति के प्रोफेसर डॉ. आरसी गुर्जर, शैलेन्द्र कामर, किशोर गुर्जर, गोकुल गुर्जर, अमित गुर्जर, शबाबूलाल सिंगल, सुरेंद्र गुर्जर, राजेश पटेल, आशीष गुर्जर, राहुल गुर्जर मौजूद रहे।

स्वास्थ शिविर : बजरंग दल के सेवा सप्ताह का समापन, सेवा कार्यो के साथ जगह – जगह हुए हैल्थ चेकप

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। बजरंग दल के सेवा सप्ताह का समापन रविवार को हुआ। बजरंगदल ने नर सेवा नारायण सेवा और समरसता के भाव से 24 से 30 जून तक सेवा सप्ताह मनाया। सेवा सप्ताह के दौरान रतलाम ज़िले मे अनेक स्थानों पर बजरंगदल कार्यकर्ताओं द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं नि:शुल्क दवा वितरण, सीबीसी जांच कर घर पहुंचाना, शुगर व ब्लड प्रेशर जांच, पौधा रोपण, मुक्तिधाम की साफ सफाई, गौशाला में साफ सफाई एवं गौ माताओं के लिए चारा – पानी की व्यवस्था जैसे कई कार्य किए गए। पूरे सप्ताह भर जिले के प्रत्येक प्रखंड में जनता के बीच सेवा कार्य किए गए। सेवा सप्ताह के समापन के दौरान जिला संगठन मंत्री सुखदेव पांचाल, विहिप जिलाध्यक्ष दीपक व्यास, जिला मंत्री गौरव शर्मा, सहमंत्री अक्षय गोमे, बजरंगदल जिला संयोजक मुकेश व्यास, सहसंयोजक आशु टांक, मठ मंदिर प्रमुख मोंटी जायसवाल, सुनील राठौड़, लखन वर्मा, कृष्णा भामा, दीपक प्रजापत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रतलाम में नियुक्ति : जनसंख्या समाधान फाउंडेश का MP में गठन, दिव्या शर्मा जिलाध्यक्ष व अनिमा शर्मा संयोजक मनोनीत

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन द्वारा मध्यप्रदेश के सभी जिलों की कार्यकारिणी का गठन किया गया। रतलाम जिले में दो दायित्वों की घोषणा हुई। जिसमें नगर की भाजपा नेत्री श्रीमती दिव्या चंदन शर्मा को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं संयोजक के पद पर श्रीमती अनिमा शर्मा की नियुक्ति की गई। नियुक्ति पर सभी ने हर्ष जताया। दायित्व मिलने के बाद दिव्या शर्मा ने बताया की 11 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय जनसंख्या दिवस है। इस दिन पूरे देश में जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के कार्यकर्ता हर साल जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करवाने के लिए ज्ञापन सौंपते आ रहे। रतलाम जिले में भी 11 जुलाई को कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। आपको बता दे जनसंख्या समाधान फाउंडेशन एक संस्था है। जो भारत में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने के लिए कई वर्षों से प्रयासरत है।  संस्था द्वारा समय समय पर विभिन्न गतिविधियों के द्वारा जनसंख्या नियंत्रण के लिए सरकार से मांग की जा रही है। जो आज भी निरंतर जारी है। संस्था के राष्ट्रीय संरक्षक इंद्रेश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री कृष्ण मुरारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला विंग वंदना त्यागी, राष्ट्रीय संयोजक ममता सहगल, प्रदेश संयोजक अलंकार जैन अधिवक्ता, महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती हेमांगी अरोरा अधिवक्ता है। संस्था के द्वारा मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों में महिला विंग की जिला अध्यक्ष व संयोजकों की नियुक्ति की गई।

कलमकारों का सम्मान : रतलाम प्रेस क्लब द्वारा उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार समारोह का आयोजन

ऐसा आयोजन पूरे प्रदेश में संभवतः कहीं नहीं होता – कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। पत्रकार या फिर कलमकार अपनी कलम और लेखनी से कई समस्याओं को उजागर करते है और उनको हल करवाते है। लेकिन पर्दे के पीछे के उनके इस काम को उचित सम्मान मिलना यदा कदा ही संभव होता है। रतलाम प्रेस क्लब ने पत्रकारों के काम को उचित सम्मान के लिए विगत वर्ष से रतलाम में उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान समारोह शुरू हुआ। जो लगातार दूसरे साल भी आयोजित किया गया। “पत्रकारिता के भाल पर उत्कृष्टता का तिलक” की टेग लाइन से शोभित इस कार्यक्रम में रतलाम के पत्रकारों में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। जेएमडी पैलेस (JMD PALACE) में गरिमामय आयोजन में उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह में केबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, समाजसेवी प्रवीण सोनी, कलेक्टर राजेश बाथम, एसपी राहुल कुमार लोढ़ा, देश के ख्यात पत्रकार और समारोह में निर्णायक की भूमिका निभाने वाले ललित उपमन्यु, सुुधीर गोरे, हर्षवर्धन प्रकाश, सचिन बोंदरिया, संस्था अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी, सचिव यश शर्मा बंटी मंचासीन रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा पत्रकारिता का मूल आधार है समाचार। लेकिन समाचार क्या है, क्या जानना आवश्यक है, समाज में जागृति आए, बुराईयो को उजागर करने के साथ-साथ अच्छाईयों को सामने लाना ये काम रतलाम के लिए पत्रकारों ने एक अलग मुकाम पर ले जाकर खड़ा कर दिया है। पुरस्कार का एक अलग ही महत्व है और भी अधिक महत्व है और आज यहां निर्णायकों ने आधार बताएं हैं वे महत्वपूर्ण हैं। जब भी निष्पक्ष प्रतियोगिता होती और पुरस्कारों की घोषणा होती है तो उलटफेर भी होते हैं। किसी भी नए काम को प्रारंभ करना तो आसान है परंतु उसे निरंतरता से चलाते रहना बहुत मुश्किल है जिसे रतलाम प्रेस क्लब ने सच कर दिखाया है। अपने ही साथियों के बीच से श्रेष्ठ को चुनना और फिर उन्हें मंच पर लाकर सम्मानित करना ये अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। रतलाम प्रेस क्लब ने जो आयोजन कर दिखाया है, वैसे आयोजन संभवत: पूरे प्रदेश में कहीं नहीं होता। रतलाम मीडिया बुराई और अच्छाई दोनों दिखाती – भाजपा जिलाध्यक्षविशेष अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता वही है जो समाज की बुराईयां, कमियां भी दिखाएं और अच्छाईयों को भी सराहे। इसमें रतलाम की पत्रकारिता सदैव ही आगे रही है। यहां से अनेकों पत्रकार राष्ट्रीय स्तर पर आज काम कर रहे हैं और यहां भी राष्ट्रीय स्तर की खबरें लिखी जा रही हैं। यह आयोजन उन्हें पुरस्कार देने का ही नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारियों का भाव जागृत करने का समारोह है। रतलाम में हुआ यह आयोजन सब सभी के लिए गर्व का विषय है जिसमें हम सबकी सहभागिता होना हमारे लिए भी हर्ष का विषय है। रतलाम में संगठित है पत्रकार – कलेक्टरकलेक्टर राजेश बाथम ने कहा कि रतलाम में पत्रकार इतने एक्टिव हैं जो समस्याओं को तत्काल उजागर करते हैं। इससे हमें भी कई बार इनका निराकरण समय रहते करने में मदद मिलती है। हमें ये बहुत कम देखने को मिला है। एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने कहा कि रतलाम के पत्रकार इतने संगठित होकर एक ग्रुप के रूप में इतनी एकता रखते हैं ये भी अपने आप में अनूठी बात है। डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के इस दौर में जहां ब्रेकिंग और तत्काल का इतना प्रेशर हैैं, वहां भी इतनी जिम्मेदारी के साथ खबर प्रेषित करना पुरस्कार ही है। बेस्ट खबर चुनना हुआ मुश्किल – निर्णायक सुधीर गोरेप्रविष्ठियों का गहन अध्य्यन कर 10 श्रेष्ठ का चुनाव करने वाले वरिष्ठ पत्रकार इंदौर के ललित उपमन्यु ने कहा कि रतलाम से उनका पुराना नाता है। लेकिन जिस रफ्तार से रतलाम विकास कर रहा है, बदल रहा है, उसी रफ्तार से रतलाम की पत्रकारिता बदली है। रतलाम से भेजी गई हर खबर अपने आप में इतनी अच्छी थी कि हमारे लिए श्रेष्ठ का चुनाव हमारी परीक्षा जैसा था। अन्य निर्णायक और देश के ख्यात पत्रकार सुधीर गोरे ने कहा कि रतलाम जैसे छोटे शहर में बैठकर जिस तरह की पत्रकारिता की जा रही है, उसे देखकर हर्ष होता है। सीमित संसाधनों के बीच भी इस तरह की पत्रकारिता और ऐसा आयोजन बड़े शहरों में भी नहीं हो रहा है। यह पूरे पत्रकार जगत के लिए गर्व की बात है। निर्णायक और ख्यात अखबार कृषक जगत के संपादक सचिन बोंदरिया ने कहा कि भारत की मूल आत्मा कृषि है, आप लोग कृषि से जुड़ी समस्याओं और उपलब्धियों पर भी खबरें प्रकाशित करें। नगद पुरस्कार के साथ जीती शील्डप्रिंट मीडिया श्रेणी में कमल सिंह जादव ने स्व. अमृत नलवाया स्मृति पुरस्कार, शिवेंद्र दुबे ने स्व. तेजमल लोढ़ा स्मृति पुरस्कार, विकल्प मेहता ने स्व. पारस मूणत स्मृति पुरस्कार प्राप्त किया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सुधीर जैन को स्व. रामनाथ शुक्ल स्मृति पुरस्कार, अमित निगम को स्व. रविंद्र भट्ट स्मृति पुरस्कार, साजिद खान और राजेंद्र केलवा ने स्व. शांतिलाल कांठेड़ स्मृति पुरस्कार प्राप्त किया। डिजिटल मीडिया श्रेणी में असीम राज पांडेय को स्व. रमेश शर्मा स्मृति पुरस्कार, नीरज कुमार शुक्ला को स्व. कैलाश बरमेचा स्मृति पुरस्कार और के. के. शर्मा और दिव्यराज सिंह राठौर को स्व. इंदरमल कटारिया स्मृति पुरस्कार प्राप्त हुआ। सामाजिक सरोकार पर स्व. लक्ष्मीदेवी मूणत स्मृति पुरस्कार सौरभ कोठारी ने जीता। फोटोग्राफी में स्वदेश शर्मा ने भगवतीलाल केलवा स्मृति पुरस्कार जीता। ग्रामीण पत्रकारिता में स्व. ओमप्रकाश दवे स्मृति पुरस्कार वीरेंद्र त्रिवेदी ने प्राप्त किया। संस्था की ओर से स्व. बी. एल. मीणा एवं स्व. वंदना मीणा स्मृति में वरिष्ठ पत्रकार और संस्थापक सदस्य रहे शरद जोशी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया। नए पुरुस्कारों की हुई घोषणास्पर्धा में निष्पक्षता और समारोह की गरिमा देखकर आंचलिक पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ सदस्य रमेश टांक ने आंचलिक पत्रकारों के लिए अगले वर्ष से पुरस्कार की घोषणा की। पूर्व अध्यक्ष राजेश जैन ने, सह सचिव रमेश सोनी ने, वरिष्ठ पत्रकार प्रियेश कोठारी ने माता श्रीमती राजल देवी की स्मृति, लगन शर्मा ने अपने पिता गजानन शर्मा माय डियर की स्मृति में, शिवेंद्र दुबे ने अपनी माता नलिनी दुबे की स्मृति में पुरस्कार देने की घोषणा की। इसके अलावा निर्णायक के रूप में पधारे इंदौर के सचिन बोंदरिया … Read more

नवीन नियुक्ति : रतलाम के नए शहर काजी सैय्यद आसिफ अली का हुआ स्वागत, मुश्ताक अली होंगे नायब काजी

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। ईद उल-अज़हा (बकरीद) के मौके पर मुस्लिम समुदाय के नए शहर काजी की नियुक्ति की गई। साथ ही नायब काजी की भी नियुक्ति की गई। यह नियुक्ति काजी परिवार की एक बैठक के बाद सभी सदस्यों की अनुसंशा पर हुई। आपको बता दे मुस्लिम समुदाय में काजी पद एक अहम भूमिका रखता है। काजी द्वारा मुसलमानी धर्म के अनुसार धर्म-अधर्म संबंधी विवादों का निर्णय किया जाता है। इसके अलावा ईद की नमाज, चांद का ऐलान, निकाह करवाने जैसे सभी मुख्य काम काजी द्वारा पूरे किए जाते है। 12 साल से सैय्यद एहमद अली रतलाम शहर काजी का दायित्व संभाल रहे थे। शहर काजी के पद पर अपनी नियुक्ति के बाद सैय्यद आसिफ अली ने बताया की मुझसे पूर्व में सैय्यद एहमद अली साहब शहर काजी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके खराब स्वास्थ व बढ़ती उम्र के कारण नमाज अदायगी, निकाह पढ़ने जैसे जकात के कार्य नहीं हो पा रहे थे। जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने काजी हॉउस में आम बैठक रखी और सर्वसम्मति से शहर काजी व नायब काजी के नाम की घोषणा की गई। इस महत्वपूर्ण दायित्व के मिलने के बाद मुस्लिम समुदाय के हित में जो भी कार्य या फैसले होंगे उन्हें ईमानदारी से पूरा करेंगे। सैय्यद आसिफ अली की नवीन शहर काजी के रूप में नियुक्ति होने के बाद सभी ने शुभकामनाएं प्रेषित की। रतलाम में शहर काजी की नियुक्ति रियासतकालीन समय से काजी परिवार के सभी सदस्यों की सहमति से होती आ रही है। काजी की नियुक्ति से पहले सभी परिवार के लोग बैठक आयोजित करते है। जिसमें सभी की सहमति से एक नाम का चयन किया जाता है।

मामला जावरा का : मंदिर में गौवंश का कटा सर फेंकने वालों के घर पर चला बुल्डोजर, आरोपी सलमान और शाकिर का मकसद नहीं आया सामने

पुलिस ने किया लाठी चार्ज और दागे आंसू गैस के गोले, 8 लेन पर 14 गौवंश की मौत, फूंका ट्रक डीआईजी-कलेक्टर से रिपोर्ट तलब, खुफिया विभाग अलर्ट, दूसरे एंगल और कनेक्शन पर होगी जांच? पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के जावरा शहर में शुक्रवार सुबह तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मामला शिव मंदिर में गोवंश का कटा सिर मिलने का है। आक्रोशित लोगों ने जावरा शहर बंद करवाने के साथ फोरलेन जाम कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज एवं तकनिकी संसाधनो की मदद से जावरा के ही रहने वाले आरोपी सलमान पिता मोहम्मद मेवाती मुसलमान उम्र 24 साल निवासी मेवातीपुरा और शाकीर पिता शाहिद कुरैशी उम्र 19 साल निवासी जेल रोड को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 295,295(क) ,153(क) भादवि ,4,9 मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम , 11 डी पशु क्रुरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। सुबह से बढ़ते तनाव के बीच भारी पुलिस बल को लगाया गया। हालांकि पुलिस ने अब तक इनके शांति व्यवस्था भंग करने के पीछे का मकसद सार्वजनिक नहीं किया है। आपको बता दे आज मुस्लिम समाज के लिए प्रमुख दिन जुम्मा यानी शुक्रवार भी था, वहीं 2 दिन बाद ईद-उल-अदा यानी बकरीद का प्रमुख त्यौहार है। जावरा की हुसैन टेकरी अपने चेहल्लुम पर्व को लेकर विश्व प्रसिद्ध है। यहां चेहल्लुम में हर धर्म के लोग हिस्सा लेते है। ऐसे में इनके द्वारा किए गए इस गंभीर घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे है। मामले की जांच में कई चौकाने वाले खुलासे हो सकते है। रोते बिलखते रहे परिजन, खुफिया विभाग अलर्टमंदिर में गोवंश का कटा सिर फेंकने के आरोपी शाकिर और सलमान के मकान पर पुलिस-प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। अवैध मकान तोड़ने की कार्रवाई से पूर्व भारी भीड़ जमा हो गई। मकान टूटता देख आरोपियों के परिजन रोते बिलखते रहे। मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया था। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार प्रदेश का खुफिया विभाग अलर्ट मोड पर आ चुका है। लोकसभा चुनाव के निपटने के बाद हुए इस घटनाक्रम ने प्रदेश सरकार को सकते में डाल दिया है। पूरे मामले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की कोई प्रतिक्रिया अब तक सामने नहीं आई है। जबकि पिछले दो दिनों से मुख्यमंत्री यादव गौरक्षा और गौसंवर्धन को लेकर विभिन्न घोषणाएं करते नजर आ रहे है। ग्रह विभाग ने डीआइजी व कलेक्टर से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। दोनों आरोपियों की मानसिकता और लिंक को भी तलाशा जा रहा है। क्योंकि रतलाम जिले में युवकों की प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़ने की कई घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी है। फिलहाल पुलिस का कहना है की दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य निकलकर आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई होगी। इधर दागे आंसू गैस, उधर फूंका ट्रकजावरा में गोवंश के मंदिर में मिले अवशेष के मामले ने तूल पकड़ा हुआ ही था की इसी बीच दोपहर करीब 12.30 बजे 8 लेन पर गौवंश से भरा ट्रक पलट गया। जिसके बाद वहां मौके पर कई लोग इकठ्ठा हो गए। इसमें 26 गोवंश में से 14 की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक में आग लगा दी। इधर, शहर में एक अन्य जगह भीड को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। घटना के बाद हिंदू संगठन और दूसरे लोग जावरा सिटी थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग की। पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने उन्हें समझाने की कोशिश करता रहा। मंदिर में फेंका था गोवंश का सिर!रतलाम के जावरा के जागनाथ मंदिर परिसर में गोवंश का कटा सिर मिला है। शुक्रवार तड़के पुजारी मंदिर पहुंचे तो सिर देखकर लोगों व पुलिस को सूचना दी। इस घटना से नाराज हिंदू संगठन जावरा को शांतिपूर्ण ढंग से बंद कराया। इसके बाद फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सूचना मिलते ही डीआइजी मनोज सिंह, कलेक्टर राजेश बाथम, एएसपी राकेश खाखा सहित भारी मात्रा में प्रशासन व पुलिस का अमला पहुंचा। शाम करीब 6 बजे ज्ञापन के बाद पूरा मामला शांत हुआ। इससे पहले 5 बजे मंदिर का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुद्धिकरण किया गया। हिंदू समाज की और से ज्ञापन में आरोपियों पर रासुका लगाने, ऐसे और भी गोवंश तस्करी में लिप्त आरोपियों को चिन्हित करने, अवैध मकान तोड़ने, शहर में संचालित बूचडख़ानों को ध्वस्त करने जैसी मांगे रखी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती पूरे शहर में की गई है। विधायक व शहर काजी ने की अपीलघटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जावरा विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय ने कहा कि घटना दुर्भाग्य पूर्ण है। पुलिस अधिकारियों से लगातार संपर्क में है। उन्होंने सरकार पर विश्वास बनाए रखने की मांग की और लोगों से शांति व्यवस्था की अपील की। वहीं दूसरी और सांप्रदायिक रंग लेते इस मामले में मुस्लिम युवकों के होने की जानकारी लगने के बाद जावरा शहर काजी हाफिज भुरू भाईजान ने शहर में समाजजनों से शांति व सौहाद्र की अपील की है। उन्होंने जारी एक पत्र में कहा की मुस्लिम समाज इसकी कड़ी निंदा करता है। आरोपियों का कोई भी धर्म हो उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामकता ना फैलाए ना ऐसी बातों पर ध्यान दे। अफवाहों से सावधान रहें। पुलिस ने भी आमजन से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

बजरंग दल ज्ञापन : प्रदेश में बढ़ रही गौवंश तस्करी को लेकर आक्रोश, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

गौरक्षा विभाग ने की मांग – जिस थाना क्षेत्र में हो तस्करी, वहां थाना प्रभारी हो निलंबित! पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विश्व हिंदू परिषद के गौरक्षा विभाग द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन प्रदेश में लगातार बढ़ती जा रही गौवंश तस्करी की रोकथाम के लिए दिया गया। सोमवार सुबह विहिप बजरंगदल के कार्यकर्ता नवीन कलेक्टर ऑफिस रतलाम में एकत्रित हुए और जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी के बाद ज्ञापन वहां उपस्थित नायब तहसीलदार को सौंपा गया। इस दौरान प्रांत गौ रक्षा प्रमुख जगदीश धाकड़, विभाग सहमंत्री पवन बंजारा, विभाग संयोजक विनोद शर्मा, विभाग गौरक्षा प्रमुख नटवर सिंह, विभाग सामाजिक समरसता प्रमुख राहुल सोनी, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला उपाध्यक्ष रवि निंदाने, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला संयोजक मुकेश व्यास, सह संयोजक आशु टांक, गौरक्षा प्रमुख योगेश चौहान, सहगौरक्षा प्रमुख दीपक प्रजापत, जिला कोषाध्यक्ष शंकर सिंह, जिला सहमंत्री पवन देवड़ा, अक्षय गोमे, जिला सामाजिक समरसता प्रमुख मनोज पंवार, जिला सेवा प्रमुख अनिल रौतेला, लखन बरगुंडा, जिला साप्ताहिक मिलन प्रमुख सुनील राठौड़, हीरालाल सीरवी व अन्य प्रखंड के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। ज्ञापन में रखी यह मांगेविहिप द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया की प्रदेश में गोवंश तस्करी बंद हो, पशु बाजार बंद किए जाए। यदि मेले की चिट्ठी पर गोवंश नियम विरुद्ध भरा हो तो मेला समिति पर गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएं। आबकारी के नियम जैसे नियम विरुद्ध गोवंश परिवहन पर वहन राजसात अनिवार्य करें।जिस थाना क्षेत्र में गो तस्करी होती हैं तो थाना प्रभारी को निलंबित किया जावे। एक से अधिक बार वाहन गो तस्करी करते पकड़े जाने पर रासुका के तहत प्रकरण दर्ज किया जावे।1962 संजीवनी पशु एंबुलेंस को गोवंश के लिए 150 रुपए शुल्क से मुक्त रखा जावे। खेत की मेड़ पर लगने वाली झटका मशीन पर प्रतिबंध लगाया जावे। गो तस्करी रोकने में बलिदान या अंग विहीन होने पर गो भक्तों को गौ सेवक सम्मान दिया जाए। परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी दी जाए। गौशालाओं को भूमि आवंटन प्रक्रिया सरल कर तुरंत भूमि आवंटित की जाए। गौशालाओं को 5 हॉर्स पावर का विद्युत कनेक्शन मुक्त दिया जाए,जनभागीदारी से गौशालाओं में निर्माण कार्य की अनुमति हो। स्वयंसेवी संस्थाओं को मनरेगा से मजदूर (सेवक) दिया जावे। गोचर भूमि अतिक्रमण मुक्त की जावे। गौशालाओं द्वारा निर्मित वर्मी कंपोस्ट, किट नियंत्रक, को फर्टिलाइजर्स एक्ट से बाहर किया जाए। गौशालाओं द्वारा निर्मित वर्मी कंपोस्ट, किट नियंत्रक को शासन खरीद कर सहकारी संस्थाओं के माध्यम से बिक्री करें। गो उत्पाद को टैक्स मुक्त किया जाएं। पशु जांच चौकिया स्थापित की जाए। गो समाधि स्थल का चयन कर सुरक्षित की जाए। प्रदेश में नवनिर्मित मनरेगा गौशाला को पूर्ण कर गोवंश रखा जाए ताकि बारिश में गोवंश सुरक्षित रह सके। प्रत्येक गोपालक जो की घर में गौ माता की सेवा करता है। उसे प्रति गाय के हिसाब से प्रति माह 1200 रुपए गो वंदन राशि दी जाए।

0%