श्रीमद् भागवत कथा : राजनीति पर कथावाचक जया किशोरी ने कही बड़ी बात, संघ प्रचारक ने कहा – आदर्श विधायक है काश्यप

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के दूसरे दिन मंगलवार को सुप्रसिद्ध कथावाचक व मोटीवेशनल स्पीकर जया किशोरी ने शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग जीवंत श्रवण करवाया। शिव बारात और विवाह के अन्य प्रसंगों में श्रद्धालु भजनों पर झूम उठे। पूरा परिसर प्रभु की जय-जयकार से गूंज उठा। प्रभु के विवाह का दृश्य अद्भुत रहा। गाजे-बाजे के साथ भगवान शंकर की बारात आई और माता पार्वती से विवाह संपन्न हुआ। इससे पूर्व माता अनुसुइया, वराह अवतार के प्रसंगों ने भावविहल किया। कथा का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के धर्म प्रचार-प्रसार प्रमुख मध्य भारत प्रांत पार्थ सारथी की उपस्थिति में पौथी पूजन के साथ किया गया। जया किशोरी ने कहा कि जीवन में कुछ बातों का असर समझाने से नहीं करके दिखाने में होता है, इसलिए आप राजनीति करते है, तो श्री कृष्ण-सी करें, वह अच्छी है। श्री कृष्ण ने धर्म को जीता दिया। वे अपनी हर लीला में सीख देते है। रामायण को उठाए, तो भी उसमें सब कुछ मिलेगा। भगवान ने अपनी लीलाओं से जिंदगी कैसे जीना है, यह सीख दी। आप शास्त्र ले आए तो कुछ सीखने की जरूरत नहीं पढे़गी। दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक ज्ञान श्रीमद् भागवत गीता है। भगवान ने अर्जुन से कभी कुछ छोड़ने को नहीं कहा, बल्कि जो मिला है, उसे अपने पर हावी न होने देने की बात कही। आपके कारण यदि किसी एक व्यक्ति का जीवन थोड़ा अच्छा हो जाए, तो समझ लेना कि आपने इंसान बनने का कर्तव्य पूरा कर लिया। बच्चों को जीवन में आगे रहना नहीं, अपितु अच्छा इंसान बनना सीखाएं, जिससे वह अपने आप आगे हो जाएगा। कथा की द्वितीय संध्या में समापन से पूर्व शिव पार्वती विवाह प्रसंग का मंचन किया गया। इसके बाद महाआरती हुई। आरंभ में संघ प्रचारक पार्थ सारथी ने कहा कि जया किशोरी आज देशभर में सनातन धर्म की ध्वजा फहरा रही है। वे इस तरह का समाज जागरण और प्रेरणा देने का काम लगातार करती रहे। विधायक चेतन्य काश्यप भी आदर्श विधायक के रूप में स्थापित है। वे खेल, धार्मिक, सामाजिक आयोजनों से नित-नए आदर्श स्थापित कर रहे है। श्री काश्यप ने सैकड़ों बच्चों को कुपोषण से बाहर लाने का प्रशंसनीय कार्य किया है। ऐसे विधायक को पाकर हम धन्य है। विभिन्न संस्थाओं ने किया अभिनंदन :कथा के आरंभ में जया किशोरी एवं फाउण्डेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, श्रीमती नीता काश्यप, सिद्धार्थ काश्यप एवं श्रवण काश्यप ने पौथी पूजन किया। शहरवासियों की ओर से श्री बरबड़ हनुमान मंदिर ट्रस्ट, आर्ट ऑफ लीविंग परिवार, जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाईजेशन (जीतो) रतलाम चेप्टर, वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन, श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक श्रीसंघ नीम चौक, लायंस क्लब समस्त ग्रुप, श्री राजपूत समाजजन, श्री मारवाड़ी सेन समाज, भाजपा अंबेडकर मंडल ने जया किशोरी का अभिनंदन किया। इस दौरान समिति सदस्यगण उपस्थित रहे।

भागवत ज्ञानयज्ञ : चेतन्य काश्यप फाउंडेशन ने नगर को बदला धर्म नगरी में, निकली भव्य और विराट भगवामय कलश यात्रा

ड्रोन से पुष्प वर्षा रही आकर्षण का केंद्र, हजारों महिलाओं ने सर पर धारण किया कलश पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा प्रसिद्ध कथावाचक व मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी के मुखारविंद से आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के पूर्व रतलाम के इतिहास में पहली बार भव्य एवं विराट कलश यात्रा निकाली। इसमें हजारों माता-बहने सिर पर कलश लिए शामिल हुई। कलश यात्रा पर पहली बार ड्रोन से पुष्प वर्षा की गई, जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रही।यात्रा का शुभारंभ जैन स्कूल से फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने कलश पूजा कर किया। इसके बाद विधायक काश्यप ने सिर पर भागवत पौथी धारण कर समिति सदस्य मोहनलाल भट्ट को प्रदान की। वे सपत्नीक भागवत पौथी एवं कलश के साथ रथ में सवार हुए। इसके बाद बाजना बस स्टैंड से भगवा ध्वज दिखाकर कलश यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। कलश यात्रा जैन स्कूल, बाजना बस स्टैंड से आरंभ होकर चांदनी चौक, तोपखाना, बजाज खाना, गणेश देवरी, डालूमोदी बाजार, पैलेस रोड, नगर निगम, मेहंदीकुई बालाजी मंदिर, छत्रीपुल होकर बीमा अस्पताल के पास से होते हुए अंबेडकर ग्राउंड कथा स्थल पर पहुंची। कलश यात्रा का मार्ग में जगह-जगह मंचों से विभिन्न धार्मिक, व्यापारिक, सामाजिक संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।कलश यात्रा में आगे-आगे गजराज, ऊंट एवं अश्वारोही धर्म ध्वजा लिए चल रहे थे। इसके पीछे ढोल वाहिनी, बैंड, डीजे सहित रथ में सवार होकर राधा-कृष्ण जी के प्रतीक भी शामिल हुए। कलश यात्रा के पूरे मार्ग में ड्रोन द्वारा विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई, जिससे शहरवासियों में धर्म का उत्साह व वातावरण निर्मित हुआ। मार्ग में यात्रा का फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा, गुजरात के भावनगर विधायक जीतूभाई वाघानी एवं वडोदरा विधायक केयूर भाई, जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय, जिला संयोजक बजरंग पुरोहित, आयोजन समिति सदस्य कन्हैयालाल मौर्य, गोविंद काकानी, मनोहर पोरवाल, निर्मल लुनिया, प्रेम उपाध्याय, प्रदीप उपाध्याय, मुन्नालाल शर्मा, संजय व्यास और सिद्धार्थ काश्यप आदि असंख्य लोगों ने स्वागत किया।

भागवतमय होगा रतलाम : प्रसिद्ध कथावाचक जया किशोरी के मुखारविंद से होगी कथा, चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा होगा भव्य आयोजन

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा प्रसिद्ध कथावाचक व मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी की कथा का आयोजन किया जा रहा है। श्रीमद् भागवत कथा 2 से 8 अक्टूबर तक शहर के अंबेडकर ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। कथा का समय दोपहर 3 से 6 बजे तक रहेगा जिसकी सभी तैयारियां लगभग पुरी कर ली गई है। वहीं जया किशोरी कथा के पूर्व रतलाम पहुंचेगी।आपको बता दे की कुछ माह पूर्व कथावाचक जया किशोरी ग्राम कनेरी में भगवत करने आई थी। तब शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने जया किशोरी को शहर में कथा वाचन के लिए आमंत्रित किया था, तब उन्होंने अक्टूबर में कथा की स्वीकृति दी थी। जया किशोरी के समर्थकों में सबसे ज्यादा संख्या युवा वर्ग की है।  इनकी भगवत कथा सुनने लोग दूर – दराज क्षेत्रों से भी आते है। कल यानी 2 अक्टूबर से शुरू होने जा रही श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व नगर में भव्य कलश यात्रा निकलेगी। कलश यात्रा बाजना बस स्टैंड चौराहा, जैन स्कूल से दोपहर 12:30 बजे निकलेगी। इसमें हजारों माताएं-बहने सिर पर कलश लेकर चलेगी। कलश यात्रा चांदनी चौक, तोपखाना, बजाज खाना, गणेश देवरी, डालूमोदी बाजार, पैलेस रोड, नगर निगम, मेहंदीकुई बालाजी मंदिर, छत्रीपुल होकर बीमा अस्पताल के पास से अंबेडकर ग्राउंड स्थित कथा स्थल पर पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित होगी। कथा के दौरान विभिन्न धार्मिक उत्सव भी होंगे। कथा के बाद प्रतिदिन भक्तों के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन भी कथा स्थल पर रहेगा। विशेष उपस्थिति सांसद गुमानसिंह डामाेर, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा की रहेगी। कलश यात्रा में गजराज, ऊंट, अश्व होंगे शामिल :कलश यात्रा संयोजक गोविंद काकानी ने बताया कि कलश यात्रा में गजराज, ऊंट एवं अश्व पर ध्वज वाहक चलेंगे। इसके बाद 11 सदस्यीय ढोल वाहिनी, 11 सदस्यीय भगवा ध्वज वाहिनी एवं रथ भागवतजी सवार रहेंगे। यात्रा में असंख्य कलशधारी महिलाओं के साथ पुष्प वर्षा वाहन, बैंड, डीजे वाहन, राधा-कृष्ण आदि शामिल रहेंगे। विधायक श्री काश्यप एवं आयोजन समिति ने कलश यात्रा को सफल बनाने का आव्हान किया है।

देर रात रतलाम पहुंची राष्ट्रीय संत साध्वी ऋतंभरा, नीमच में कल से शुरू होगी भव्य श्रीराम कथा

राम मंदिर आंदोलन में फायर ब्रांड चेहरा रही, पब्लिक वार्ता से बातचीत में सनातन और मथुरा जन्मभूमि पर कही यह बड़ी बात… पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। राष्ट्रीय संत और राम मंदिर आंदोलन का फायर ब्रांड चेहरा साध्वी ऋतंभरा देर रात 1 बजे रतलाम पहुंची। जहां नीमच से आए गुरु भक्तों ने साध्वी ऋतंभरा का स्वागत किया। रतलाम रेलवे स्टेशन पर उतरकर साध्वी साध्वी ऋतंभरा बाय रोड नीमच के लिए रवाना हुई। दरअसल सोमवार से नीमच में साध्वी साध्वी ऋतंभरा के मुखारविंद से नीमच में भव्य श्रीराम कथा का आयोजन शुरू होने जा रहा है। यह आयोजन नीमच के गोयल एवं चौपड़ा परिवार द्वारा किया जा रहा है। नीमच के दशहरा मैदान में प्रतिदिन दोपहर 2 से 5 बजे तक कथा का आयोजन होगा।आपको बता दे कि साध्वी ऋतंभरा एक राष्ट्रीय संत व कथा वाचक हैं। 1992 में राम मंदिर आंदोलन में इनकी भूमिका भी अहम थी। साध्वी ऋतंभरा केवल भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी हिन्दू धर्म का प्रचार प्रसार कर रही है। इनके देश में कई स्थानों पर आश्रम हैं, जहां कई प्रकार के सामाजिक व धार्मिक कार्य होते हैं। समाज में इनके द्वारा वात्सल्य सेवा समिति का सफल संचालन किया जा रहा है। सनातन नेताओं की बकवास से नहीं मिटेगा :साध्वी ऋतंभरा ने रतलाम पहुंचकर पब्लिक वार्ता न्यूज से चर्चा की। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे और राज्य सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन की ‘सनातन धर्म’ पर टिप्पणी को लेकर पूछे गए सवाल पर साध्वी ने कहा की यह उनके दिमाग का दिवालियापन है। मारा उसी को जा सकता है जिसका जन्म हुआ हो, सनातन आदि अनंत है। सनातन विश्व को शांति और जीने का अधिकार देता है। जो सनातन रावण और कंश से नहीं मिटा वो इन नेताओं की बकवास से मिटने वाला नहीं है। सनातन वो विचार है जो चींटी से लेकर ब्रह्मा तक एक ही चेतना का दर्शन करता है। मथुरा कृष्ण जन्मभूमि के सवाल पर साध्वी ने कहा कि सभी विवाद जल्द ही समाप्त होंगे।

CBI जांच की मांग : गुर्जर समाज ने दिया राज्यपाल के नाम ज्ञापन, ग्वालियर में बनाया जा रहा समाज को निशाना

हिंसा की आड़ में निर्दोष गुर्जर छात्रों व युवाओं पर दर्ज हो रहे झूठे मुकदमे, प्रदेश के गुर्जर नेताओं ने साधी चुप्पी पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। ग्वालियर में विगत दिनों हुई हिंसा के बाद गुर्जर समाज के लोगों पर प्रशासन एक के बाद एक कार्रवाई कर रहा है। इस मामले को लेकर अब रतलाम में भी गुर्जर समाज मुखर हो गया है। यहां समाज ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदेश के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप सीबीआई जांच की मांग की। समाज ने आरोप लगाया कि युवाओं व छात्रों को जबरन आरोपी बना कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। समाज ने दावा किया है कि उनके खिलाफ षडयंत्र रचा गया है। वहीं देखने में यह भी आ रहा है कि पूरे मामले से बीजेपी व कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के गुर्जर नेताओं ने दूरी बना ली है। चुनाव नजदीक होने से कोई भी इस विवाद में पड़ना नहीं चाहता है। यहां तक कि नामजद आरोपियों ने भी राजनीतिक शरण लेने की कोशिश की मगर नेता साथ देने के मूड में नहीं है। गौरतलब है कि 25 सितंबर को गुर्जरों द्वारा निकाली जा रही ‘गुर्जर जागरूकता यात्रा’ के समापन के मौके पर ग्वालियर के फूलबाग मैदान में ‘गुर्जर महाकुंभ’ (Gurjar Smaaj Mahakumbh) का आयोजन किया गया था। इस महाकुंभ में शामिल होने आए लोग महाकुंभ के बाद ज्ञापन देने के लिए कलेक्ट्रेट की और रवाना हो गए। इस दौरान कलेक्ट्रेट ऑफिस के गेट को पुलिस और प्रशासन ने बंद कर रखा था। अफसरों का कहना था कि वो अपना मांगपत्र यहीं सौंप दें, लेकिन भीड़ कलेक्ट्रेट ऑफिस के अंदर जाने की जिद पर अड़ रही। इसी बीच कुछ असमाजिक तत्वों ने बेरिकेडिंग तोड़ कलेक्ट्रेट में प्रवेश कर लिया। ज्ञापन में कहा गया कि ग्वालियर कलेक्ट्रेट में तोड़फोड़ व हिंसा हुई उसी दौरान फूलबाग में कार्यक्रम था जो वहीं शांति से समाप्त हो चुका था। इसमें गुर्जर समाज से संबंधित लोगों का हाथ ना होकर परिस्थिति को देखते हुए ऐसा लगता है कि फायदा उठाकर असमाजिक तत्वों द्वारा षड्यंत्रपूर्वक यह हिंसा की गई। पुलिस व प्रशासन ने महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया। पुलिस ने शंका के आधार पर नामजद केस दर्ज करने के अलावा करीब 1 हजार से अधिक अज्ञात नाम से एफआईआर दर्ज की।कार्रवाई में छात्रों व युवाओं पर समाज के आधार पर झूठे प्रकरण  दर्ज करने के साथ ही मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है।ज्ञापन में कहा गया कि उक्त कार्रवाई अनुचित व अवैधानिक है। समाज को निशाना बनाया जा रहा है। रतलाम गुर्जर समाज ने ज्ञापन सौंपकर हिंसा के षड्यंत्र की सीबीआई जांच की मांग की। इस दौरान समाज जनों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

निर्विघ्न मना त्यौहार : ईद मिलादुन्नबी जुलूस और गणेश विसर्जन शांति से संपन्न, पुलिस की रही चाकचौबंद व्यवस्था

रात में इस रूट से निकलेंगे परंपरागत अखाड़े और झांकिया, देखे तैयारियों का वीडियो पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में अनंत चतुर्दशी और ईद मिलादुन्नबी का त्यौहार एक ही दिन एक साथ संपन्न हुआ। हिंदू और मुस्लिम दोनों ही धर्मावलंबीयों ने अपने परंपरागत तौर तरीके से त्यौहार मनाया।  हिंदू समाज का अनंत चतुर्दशी पर गणेश विसर्जन का क्रम दिनभर चलता रहा, वहीं दूसरी और मुस्लिम समाज का ईद मिलादुन्नबी पर भव्य जुलूस भी तय रूट से शांति पूर्वक निकला।  दोनों ही त्यौहारों को शांति व सौहाद्र के साथ संपन्न करवाने का जिम्मा पुलिस पर था। इसको लेकर रतलाम पुलिस खासी सतर्क रही। पुलिस की बेहतर व्यवस्था से शहर में कोई अप्रिय स्थिति नहीं बनी वहीं ट्रैफिक भी दुरुस्त रहा। नागरिकों ने इसके लिए सोशल मीडिया पर पुलिस की जमकर सराहना भी की। आपको बता दे की रतलाम सांप्रदायिक लिहाज से प्रदेश में काफी संवेदनशील माना जाता है। यही कारण है कि इस बार पुलिस के लिए दोनों त्यौहार एक साथ शांति से संपन्न करवाना एक चुनौती पूर्ण कार्य था। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गणेश विसर्जन के लिए प्रतिमाएं निकली जो कि कालिका माता व हनुमान ताल पर विसर्जित की गई। मुस्लिम समाज ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर जुलूस निकाला जिसमें विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने कई प्रकार की खाने की वस्तुएं वितरित की। पुलिस अब रात की तैयारियों में जुट चुकी है। रतलाम एसपी राहुल कुमार लोढा दिन भर राउंड पर रहे। साथ ही एएसपी राकेश खाखा और सीएसपी अभिनव बारंगे ने जुलूस और विसर्जन यात्राओं पर नजर रखे हुए थे। पुलिस अब रात में निकलने वाली झांकियों और अखाड़ों की तैयारियों में जुट चुकी है। एसपी राहुल कुमार लोढा ने पब्लिक वार्ता को बताया की व्यवस्थाएं बेहतर रहे इसके लिए हर जरूरी प्रयास किया गया है। दोपहर में जुलूस व विसर्जन जन सहयोग से पुरा हुआ। इसी तरह रात में भी व्यवस्थाएं बेहतर बनी रहे इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए गए है। पुलिस फोर्स हर पॉइंट पर तैनात रहेगा। रात को दिखाएंगे करतब, तैयारियां पुरीशहर में इस बार 10 से अधिक झांकियां निकाली जा रही हैं। साथ ही एक दर्जन से अधिक व्यायामशालाओं के 10 हजार से अधिक कलाकार हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। बड़ो के साथ ही नन्हें पहलवान भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।सभी झांकियां व अखाड़े अपने-अपने क्षेत्र से देर शाम को निकलेंगे। सभी झांकियां लोकेंद्र टॉकीज चौराहा, शहीद चौक, धानमंडी, गणेश देवरी, तोपखाना, चांदनीचौक, चौमुखीपुल, घासबाजार, डालूमोदी बाजार से होकर गुजरेंगी। झांकियों के कारवां के दौरान सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहेगा। सुबह करीब 9 बजे झांकियों व अखाड़ों का विसर्जन होगा।

पुलिसिंग मोड ON : अनंत चतुर्दशी और ईद-मिलादुन्नबी एक ही दिन, जुलूस को लेकर मुस्लिम समाज प्रमुखों की बैठक, रूट किया तय

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में इस बार पुलिस थोड़ी खास सतर्कता बरते हुए है। इसके पीछे कारण रतलाम का संवेदनशील होना और इस साल अनंत चतुर्दशी और ईद मीलादुन्नबी का त्यौहार एक ही दिन होना है। ऐसे में दोनों धर्मों के प्रमुख त्यौहार शांति व सोहाद्र से संपन्न हो इसके लिए रतलाम पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। आपको बता दे कि अनंत चतुर्दशी पर गणेश विसर्जन के कार्यक्रम व विसर्जन यात्राएं निकलती है और हर साल ईद मिलादुन्नबी पर मुस्लिम समाज का एक बड़ा जुलूस भी निकलता है। दोनों त्यौहार के एक ही दिन होने से पुलिस ने रूट प्लान रेडी कर लिया है। वहीं सोमवार को मुस्लिम समाज के प्रमुख व्यक्तियों की एक बैठक लेकर उन्हें जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। इसके बाद अखाड़ों के प्रमुख लोगों के साथ भी पुलिस एक बैठक रखेगी। रतलाम एएसपी राकेश खाखा ने पुराने पुलिस कंट्रोल रूम में मुस्लिम समाज प्रमुखों की बैठक का आयोजन किया। पुराने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित शांति समिति बैठक में एसडीएम संजय केशव पांडेय, सीएसपी रतलाम अभिनव बारंगे भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने समितियों से सभी त्यौहार शांतिपूर्वक मनाने एवं चल समारोह भी शांतिपूर्वक निकाले जाने की बात कही। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया की दिनांक 28 सितंबर को ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस आबकारी चौराहा से शुरू होकर लोहार रोड→  हरदेवलाला पिपली → तोपखाना →चांदनी चौक→कसारा बाजार →भरावा कुई →रंगरेज रोड़ →घास बाजार→खेरादी वास → डालुमोदी बाजार → पैलेस रोड → महलवाड़ा → सूरज पोर →मोचीपुरा चौराहा → नगरनिगम → मेहंदीकुई → छत्रीपुल → थाना स्टेशन रोड  → घोड़ा चौराहा → दो बत्ती चौराहा → न्यू रोड → लोकेंद्र टाकीज → शहरसराय → शहीद चौक →आबकारी चौराहा →कसाई मंडी पर समाप्त होगा। रूट के अनुसार ही जुलूस निकाला जाएगा। इस साल रूट परिवर्तन कालिका माता क्षेत्र में विसर्जन कार्यक्रम के कारण परिवर्तित किया गया है। आने वाले  वर्ष से जुलूस अपने परंपरागत मार्ग से ही निकलेगा। निकलने वाले जुलूस का समय सुबह 08 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। बैठक में मुस्लिम समाज से इब्राहिम शेरानी, इमरान हुसैन, सलीम कुरैशी, सैय्यद उसदजेदी, काजी अफराज अली, मोहसिन खान, इमरान खोखर समेत अन्य समाजजन मौजूद रहे।

गणेशोत्सव की धूम : भगवा हिंद संगठन करवा रहा रोज नए आयोजन, खेलों के साथ समापन पर होगा भव्य भोजन भंडारा

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर भर में गणेशोत्सव धूम धाम से मनाया जा रहा है। शहर के मुख्य चौराहे घास बाजार में भगवा हिंद संगठन द्वारा 10 दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। संगठन पिछले 30 सालों से गणेशोत्सव का आयोजन कर रहा है।  यहां भगवान गणेश की 7 फिट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिदिन आरती के पश्चात प्रसादी का वितरण किया जा रहा है। संगठन द्वारा पांडाल में बच्चों की खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। चम्मच अंटी रेस, चेयर रेस, पासिंग बोल जैसे विभिन्न खेल प्रतियोगिता यहां आयोजित की गई है। प्रतियोगिता के बाद विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरुस्कार भी वितरण किए जा रहे है। आखिरी के दो दिनों में महिलाओं के लिए गरबा रास का आयोजन भी संगठन के द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा भगवा हिंद संगठन परिवार की ओर से अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर 25 हजार लोगों का भव्य भंडारा रात्रि में किया जाएगा। सदस्यों ने आमजन से रात्रि 9 बजे गणेशोत्सव में शामिल होने की अपील की है।

आखिरकार मिला घर : मां आशापुरा सहयोग दल ने दिव्यांग भिक्षुक को 2 माह तक संभाला, ढूंढने पर महाराष्ट्र में मिला परिवार

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर की सड़क पर दयनीय हालात में मिला एक वृद्ध भिक्षुक आज अपने घर पहुंचा। आशापुरा दल को करीब 2 माह पूर्व सड़क पर एक भिक्षुक संतोष लाचार हालात में मिला। उस समय उसका एक पैर पहले से नहीं था और दूसरा पैर बुरी तरह से सड़ चुका था। उसमें कीड़े लग गए थे। जिसके बाद दल ने तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज उपचार के लिए भर्ती किया। स्थिति ज्यादा गंभीर होने व पर्याप्त साधन ना होने के कारण संतोष को इंदौर एमवाय हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहां ऑपरेशन कर डॉक्टर ने संतोष का दूसरा पैर भी अलग किया गया। संतोष मानसिक रूप से भी अस्वस्थ था। लंबे समय से संतोष एमवाय के सहारा वार्ड में उसके रख कर उसका इलाज कर उसकी कॉउंसलिंग की गई। जिसके फलस्वरूप अब संतोष अपने परिवार से मिल पाया है। नगर की समाजसेवी मेघा श्रोत्रिय ने जब परिजनों से फोन पर संतोष के बारे में बताया तो उनके आंसू छलक पड़े। परिजनों ने बताया कि घर में छोटी मोटी बातो को लेकर झगड़ों के कारण घर छोड़ चले गए थे। ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकीन कोई जानकारी नहीं मिली। आशापुरा दल टीम की सदस्य मेघा मेघा श्रोत्रिय ने बताया कि  भिक्षुक संतोष के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उनके बारे में जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि उनका पूरा परिवार है। जो कि महाराष्ट्र के कोपरगांव में रहता है। संतोष ने अब जाकर सही जानकारी दी। संतोष के बताए पते पर उसके परिवार को खोजने के लिए टीम सदस्यो ने महाराष्ट्र के अहमद नगर पुलिस की सहायता ली। परिवार के मिल जाने पर पुलिस ने उनके परिजनों को पुरी घटना से अवगत करवाया। संतोष के स्वस्थ होने की खबर मिलते ही परिवार महाराष्ट्र से इंदौर आया। उनकी बेटी इंदौर आकर खुशी खुशी अपने पिता को साथ ले गई। संतोष को अस्पताल की ओर से दिव्यांग ट्राइसाइकिल भी भेंट कि गई। इस सराहनीय कार्य में आशापुरा सहयोग दल मेघा श्रोत्रिय , महाकाल मानव सेवा समिति इंदौर के जय्यू भैया, सीमा सिंह , प्रियांश पांडे , समस्त नर्सिंग स्टाफ, मेंटल हॉस्पिटल के जितेंद्र  जी , इमरान खान आदि का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

धूमधाम से मनाया लोकदेवता बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव, मारू भांबी समाज की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

  पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। लोकदेवता श्री बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव भादवा बीज रविवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर हाट रोड स्थित शहर के अति प्राचीन बाबा रामदेवजी मंदिर पर श्री मारू भांबी समाज द्वारा दो दिवसीय उत्सव रखा गया। समाजजन भारी वर्षा के बीच चल समारोह में पैदल निकले। चल समारोह के बाद महाआरती का आयोजन किया गया।     श्री मारू भांबी सामाजिक सेवा समिति के रविन्द्र गहलोत ने बताया की समाज के आराध्य देवता श्री रामदेवजी के जन्मोत्सव पर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन रखा गया। इसमें समाज के उन छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे अंक हासिल किए। समिति द्वारा पिछले 4 माह में लगभग 5 लाख रुपये के कार्य मंदिर परिसर में किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रतलाम शहर विधायक चैतन्य काश्यप, विशिष्ट अतिथि राजसमंद पूर्व विधायक बंशीलाल गहलोत, समाज के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल मारू, जावरा के पूर्व पार्षद प्रदीप शर्मा थे। अतिथियों ने 20 से अधिक प्रतिभावान छात्र-छात्राओ को शील्ड व प्रोत्साहन राशि भेंट की। भारतीय यूथ बास्केटबॉल टीम के खिलाड़ी गोल्ड मेडल विजेता मोहित जोकचंद को बंशीलाल जी गहलोत ने 50 हजार रूपये की राशि भेंट की। साथ ही धर्मशाला निर्माण में 20,000 रू. का पुनः सहयोग किया। जन्मोत्सव के अवसर पर शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि समाज में सांस्कृतिक कार्यक्रम हो या प्रतिभा सम्मान समारोह जैसे सृजनात्मक कार्यक्रम ऐसे समारोह सामाजिक समन्वय के लिए बहुत आवश्यक है और यह मेरे रतलाम शहर की अवधारणा में सर्वांगीण विकास के विचार को मजबूती देते है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष झमक पड़ियार, कोषाध्यक्ष राजेश बोचा, सहकोषाध्यक्ष प्रभूलाल राठौड़, युवा प्रकोष्ठ के गोलू भूमारचा सहित वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य, दीपेश पड़ियार, रमेश जोकचंद, महेश मकवाना, अमर भूमारचा, दिनेश पड़ियार, जगदीश मातोरिया, मनोज गोधा, मांगीलाल अनखे, बाबूलाल जोकचंद, बहादुर सिंह खांबू , नंदकिशोर खांबू , दीपक बामनिया, सावन राठौड़, सहित समस्त युवा कार्यकरिणी सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विकास शैवाल ने किया व आभार सचिव रविंद्र गहलोत ने माना।