हत्या पर आक्रोश: गिरफ्तारी के बाद परिजनों की मकान तोड़ने की मांग, एएसपी को बैठना पड़ा सीढ़ियों पर

मामला गज्जू – केशव दोहरे हत्याकांड का, फरार आरोपियों पर घोषित होगा इनाम! पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम में हुए दो दोस्तों के3 जघन्य हत्याकांड के खुलासे के बाद अब परिजन आरोपियों के घर तोड़ने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। आक्रोशित परिजन व मृतक के साथी बुधवार दोपहर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। परिजनों की मांग थी की आरोपियों की अवैध संपत्ति की जांच कर अवैध निर्माण तोड़ा जाए। इसके अलावा मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाए। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने आए लोग व परिजन कलेक्टर राजेश बाथम को बुलाने की मांग पर अड़ गए। लेकिन कलेक्टर नहीं आए। करीब 1 घंटे बाद में एएसपी राकेश खाखा ने सीढ़ियों पर बैठकर परिजनों की बात सुनकर उन्हें समझाईश दी। तब जाकर वे माने और ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अपर कलेक्टर आरएस मंडलोई, सीएसपी अभिनव वारंगे मौजूद रहे। मृतक गजेंद्र के भाई राकेश ने बताया कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अवैध संपत्ति व अवैध निर्माण तोड़ा जाए। दोनों के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। आर्थिक सहायता की भी मांग की है। अधिकारियों से आश्वासन मिला है। एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि केस दर्ज किया जा चुका है। 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग परिजन कर रहे है। सभी तथ्यों पर पुलिस अमल कर कार्रवाई करेगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया जा रहा है। यह है मामला21 व 22 मार्च की दरमियानी रात रतलाम फोरलेन पर गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को कांडरवासा फंटे के पास केशव (29) पिता विष्णु गुर्जर निवासी ग्राम सेमलिया, गजेंद्र उर्फ गज्जू (30) पिता पूनमचंद्र डोडिया निवासी ग्राम अमलेटा मृत मिले थे। उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए थे। वहीं शवों से कुछ दूरी पर उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त मिली थी। पहले माना गया कि दोनो युवकों की मौत सड़क हादसे में हुई। लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए 22 मार्च को शवों को घर ले जाते समय फोरलेन अमलेटा फंटे पर जाम लगा दिया था। मामले की जांच की बात कही थी। तब जाकर पुलिस तह तक गई और आरोपियों और मृतकों के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली। जिन पर परिजन और ग्रामीण आरोप लगा रहे हैं, उन्हीं ने इस डबल हत्याकांड को अंजाम दिया। आपसी गैंगवार के चलते दोनों की हत्या की गई। जिसका खुलासा एसपी राहुलकुमार लोढ़ा ने मंगलवार को किया। डबल मर्डर मामले में अभी तक 21 आरोपी के खिलाफ पुलिस केस दर्ज कर चुकी है। जिसमे  7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर सूर्यपालसिंह (29) पिता मदनसिंह पडियार निवासी ग्राम बड़ोदिया, राहुल (30) पिता शंकरलाल जाट निवासी ग्राम रामगढ़ ( थाना सैलाना), बबलू (31) पिता अमृतलाल गुर्जर निवासी ग्राम बिबड़ोद (थाना दीनदयाल नगर थाना), शैलेंद्र उर्फ शेलू (28) पिता रमेश डिंडोर निवासी पीपली चौक (नामली), अंकित (28) पिता मुकेश कुमावत निवासी नामली, योगेश (23) भंवरलाल राठौर निवासी नामली, अभिषेक (20) पिता रणछोड़ जाट निवासी ग्राम धमोत्तर (थाना नामली) को गिरफ्तार किया है। वहीं 14 आरोपी अभी भी फरार हैं।

हत्या का पर्दाफाश: गज्जू और केशव को मारकर फेंका था हाईवे पर, मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार

मामला चार दिन पहले मिली दो दोस्तों की लाश का, पुलिस ने किया खुलासा पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के नामली थाना क्षेत्र के ग्राम कांडरवासा फंटे पर चार दिन पहले दो दोस्तों के शव मिले थे। प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे दुर्घटना मान रही थी, लेकिन परिजनों ने जब हंगामा किया तो पुलिस सतर्क हुई और जांच में जुटी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटना वाली रात क्षेत्र में एक्टिव मोबाइल की जानकारी जुटाई। दुर्घटना ग्रस्त कार के मालिक से पूछताछ की। जिसमें एक बाद एक इस मर्डर की कड़ियां खुलती गई। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि दोनों दोस्तों को 10 से अधिक हमलावरों ने लाठियों, हॉकियों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। कांडरवासा फंटे पर गुरुवार की रात को गजेंद्र उर्फ राहुल (गज्जू) उम्र 25 वर्ष पिता पूनमचंद डोडिया निवासी अमलेटा और केशव उम्र 29 वर्ष पिता विष्णुलाल गुर्जर निवासी सेमलिया के शव मिले थे। पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही थी, लेकिन मृतकों के परिजन ने हत्या की आंशका जताते हुए इप्का फैक्टरी के यहां जाम लगाया था। इसके बाद एएसपी मौके पर पहुंचे और मौजूद लोगों को प्रकरण में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। मंगलवार को एसपी राहुल कुमार लोढा ने प्रेस वार्ता करते हुए हत्या के इस मामले का खुलासा किया। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं 14 आरोपी फरार है। आरोपियों में सूर्यपाल पिता मदनसिंह पडियार निवासी ग्राम बड़ोदिया, राहुल पिता शंकरलाल जाट निवासी ग्राम रामगढ़ सैलाना, बबलू पिता अमृतलाल गुर्जर निवासी ग्राम बिबड़ोद, शैलेन्द्र उर्फ शैलू पिता रमेश डिंडोर निवासी नामली, अंकित पिता मुकेश कुमावत निवासी नामली, योगेश पिता भवरलाल राठौर निवासी नामली, अभिषेक पिता रणछोड़ जाट निवासी ग्राम धमोत्तर नामली शामिल है। पुलिस फरार 14 आरोपियों की तलाश कर रही है। ऐसे रची गई थी साजिशएसपी राहुल लोढा ने बताया की मुख्य आरोपी सूर्यपालसिंह व साथियों ने योजना बनाकर हत्या की साजिश को अंजाम दिया। मृतक केशव व गज्जू बांगरोद में अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में गए थे। वहां से आने के दौरान आरोपियों ने ब्लेक क्रेटा कार से बांगरोद से नेगड़दा के बीच मृतकों की बाइक को टक्कर मारी। जिसके बाद हॉकी, फावड़े व गेती से उनके साथ मारपीट कर उनकी हत्या कर दी। आरोपियों ने दोनों के शव कार में रखकर हाईवे पर फेंक दिए जिससे यह हत्या एक्सीडेंट लगे और वहां से भाग निकले। पुलिस जांच के दौरान सामने आया की आरोपियों का मृतकों से पुराना विवाद था। और बदला लेने की नीयत से उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने सायबर व अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस रिमांड में है इनसे और भी पूछताछ जारी है। इनके द्वारा आपराधिक गतिविधियों को कारित करने के लिए केसरिया ग्रुप व विश्वास ग्रुप की भी बाते सामने आ रही है। जिन पर भी पुलिस जांच कर रही है। फरार आरोपीकान्हा जाट निवासी नेगडदा, दीपक जाट निवासी नेगडदा, प्रदीप जोशी निवासी नेगडदा, समरथ चौधरी निवासी ग्राम नेगड़दा, रोहित कुमावत निवासी नामली, दीपक गेहलोत निवासी नामली, विजय मेट निवासी नामली, सौरभ गेहलोत निवासी नामली, सौरभ मराठा रोंगे जाति मराठा निवासी मिडटाऊन कालोनी रतलाम, राजाराम चौधरी जाति गायरी निवासी जड़वासा कला, दीपक गुर्जर निवासी बिबडोद थाना डीडीनगर रतलाम, चरणसिंह जाट निवासी नेगड़दा, ध्रुव जाट निवासी नामली, भवानसिंह निवासी ग्रामबड़ोदिया।

बुरा ना मानो होली है: घास बाजार चौराहे पर युवाओं की टोली जमाएगी रंग, तैयारियां शुरू

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। देशभर में रंगों के सबसे बड़े त्यौहार होली की तैयारियां जोरों पर चल रही है। भारत के इस प्रमुख त्यौहार का डंका यहां की गलियों के अलावा विदेशियों को भी खूब भाता है। मध्यप्रदेश के रतलाम में होलिका दहन के अगले दिन सोमवार को धुलेटी पर जमकर माहौल जमता है। शहर के घास बाजार चौराहे पर आशीष सोनी मित्र मंडल द्वारा भव्य आयोजन होगा। जानकारी देते हुए आशीष सोनी ने बताया की इस वर्ष घास बाजार चौराहे पर युवाओं की टोली होली का त्यौहार सामुहिक रूप से मनाने जा रही है। यहां रंगारंग गुलाल के अलावा लाइव मुजिक इवेंट का आनंद लेंगे। डीजे साउंड, वाटर फाउंटेन और कलर फोगिंग सिस्टम प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी जो देर शाम तक चलेगा।

हत्या या दुर्घटना: संदिग्ध अवस्था में मिली दो युवकों की लाश, परिजनों ने किया हाइवे जाम

दोनों युवक थे गहरे दोस्त, एक कि होना थी अप्रैल माह में शादी पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। नामली थाना अंतर्गत कांडरवासा फंटे के समीप संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। रात करीब 2 बजे हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को 2 शव डिवाइडर के समीप पड़े मिले। शव मिलने के तुरंत बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे दुर्घटना बता रही है। वहीं मृतकों के परिजन हत्या होने की आशंका जता रहे है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राहुल लोढा ने फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. अतुल मित्तल को जांच के लिए भेजा है। पीएम कर शव सौंपने के बाद निष्पक्ष जांच के की मांग को लेकर परिजनों ने इप्का के पास हाइवे जाम कर दिया। उनकी मांग है की एसपी खुद आकर उनकी बात सुने। फिलहाल पुलिस उन्हें समझाने में जुटी है। हाइवे के दोनों और लंबा जाम लग गया है। नामली थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान के अनुसार गुरुवार देर रात मृतक केशव पिता विष्णु गुर्जर (29) निवासी सेमलिया व उसका दोस्त राहुल उर्फ गज्जू पिता पूनमचंद डोडिया (30) निवासी अमलेटा गांव पलदुना से दोस्त के जन्मदिन से लोट कर आ रहे थे। दोनों दोस्त बाइक पर थे। इसी दौरान हादसे में दोनों की जान चली गई। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताने के बाद फिलहाल पुलिस अन्य बिंदुओं के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है। दोनों के शव मेडिकल कॉलेज पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी। वहीं दोनों की मौत की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में परिजन व साथी मेडिकल पहुंचे। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। दोनो कॉलेज से गहरे दोस्तकेशव और गज्जू कॉलेज समय से गहरे दोस्त थे। इनका जुड़ाव सुनील सूर्या गैंग से था। कुछ माह पूर्व ही सैलाना में एक ढाबे से मारपीट के एक मामले में दोनों जेल से छूटकर आये थे। झगड़ों व गैंगवार के चलते परिजनों और साथियों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक युवक गज्जू की कुछ दिनों बाद अप्रैल माह में शादी थी। जिसकी तैयारी चल रही थी। मृतक के साथियों के अनुसार जेल से छूटने के बाद दोनों दोस्तों ने आपराधिक गतिविधियां छोड़कर सामान्य जीवन शुरू किया था।

“फोन” लेना है क्या? : कोड वर्ड में पिस्टल बेचने वाले 4 बदमाशों को पुलिस ने दबोचा, बड़ी वारदात टली

खाचरोद व जावरा के बदमाश गिरफ्तार, धार जिले का मुख्य सप्लायर फरार पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। पुलिस ने जिले के जावरा में अवैध हथियार मामले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 4 अवैध पिस्टल व 11 जिंदा राउंड भी जप्त किए। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 81 हजार बताई जा रही है। मामले में 1 आरोपी फरार है जो की सिकलीगर कारीगर है। आरोपी पिस्टलों की खरीद फरोख्त के लिए कोड वर्ड का इस्तेमाल करते थे। बदमाशों ने पिस्टल का कोड फोन रखा हुआ था। पुलिस आरोपियों के द्वारा शहर या अन्य जिलों में बेची गई पिस्टल आदि की भी जानकारी जुटा रही है। जावरा सिटी थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने बताया की एसपी राहुल लोढा के निर्देशन व जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में अवैध हथियार के सौदागरों के खिलाफ अभियान चलाया गया। जिसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने पर सूचना प्राप्त हुई की शहर के हिस्ट्रीशीटर बदमाश पिस्टल के अवैध धंधे में लिप्त है। सूचना पर मच्छी भवन मैदान जावरा से आरोपी शोएब खान निवासी उदासी की बाडी तालनाका व शाजेब खान निवासी कमलीपुरा जावरा को पकडा तथा उनके कब्जे से कुल 03 पिस्टल 09 राऊण्ड जप्त किए। आरोपीगण जावरा शहर मे कोई बडी घटना मिलकर कारित करने वाले थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने पिस्टल उज्जैन के खाचरोद से लाना बताया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने टीम बनाकर खाचरोद के सप्लायर्स की तलाश शुरू कर दी। टीम ने भुरा पिता छोटे खान पठान निवासी जमातखाने के सामने व शोएब मेव पिता रफिक मेव उर्फ मामा निवासी खाचरोद को दबिश देकर गिरफ्तार किया। इनके पास से पुलिस ने 1 पिस्टल व 2 जिंदा राउंड जप्त किए। खाचरोद के पकड़ाए इन आरोपियों से जब पूछताछ की गई तो इनका कनेक्शन धार के सिकलीगर कारीगर से मिला। आरोपियों ने पुलिस को बताया की धार जिले के बारिया गंधवानी निवासी गुरुचरण पिता महेन्द्रसिह चांवला से वे पिस्टलों की अवैध खरीदी करते थे। पुलिस अब फरार आरोपी गुरुचरण की तलाश में जुटी है। सराहनीय भुमिका:मामले के खुलासे में टीआई जितेन्द्र सिह जादौन, एसआई जगदीशसिंह तोमर , एएसआई हीरालाल परमार, आर. अंतिम चौधरी, राधेश्याम चौहान, राजेश पवार, आरक्षक ललीत जगावत, आरक्षक रामप्रसाद मीणा एवं सायबर सेल रतलाम की भूमिका सराहनीय रही।

एक्शन में भाजपा : सभी मोर्चों के प्रमुखों को जिलाध्यक्ष ने बुलाया, 400 पार पर लगने का दिया लक्ष्य

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पैलेस रोड़ स्थित भाजपा के जिला कार्यालय मे पार्टी के सातों मोर्चा की संयुक्त बैठक हुई। जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने “अब की बार 400 पार” का लक्ष्य पूरा करने का आव्हान किया। उन्होने कहा सभी मोर्चा कार्यकर्ता बूथ विजय अभियान के तहत् घर-घर जाए और आमजन को भाजपा की केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यो की जानकारी देकर अधिक से अधिक भाजपा के पक्ष मे मतदान करने के लिए प्रेरित करे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी ने बताया कि बैठक मे भाजपा के सभी मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष उपाध्याय ने उन्हे बूथ विजय अभियान के तहत दिए जाने वाले करणीय कार्यो की जानकारी देते हुए प्रत्येक कार्य मे सक्रियता पूर्वक योगदान देने पर बल दिया। बैठक के दौरान लोकसभा चुनाव सह संयोजक एवं पूर्व विधायक दिलीप मकवाना जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने भी मार्गदर्शन दिया। बैठक मे मोर्चा पदाधिकारी हरिराम शाह, राहुल निन्धाने, अनुकुल सोनी, सोमेश पालीवाल, राकेश पाटीदार, विप्लव जैन, मंसूर जमादार, अनिता कटारिया, अनिता पाहूजा, मंसूर जमादार, कन्हैयालाल पाटीदार, रामसिंह सिसोदिया, बद्रीलाल चैधरी, सुदीप पटेल, दिनेश राठौड़, करण वशिष्ठ आदि मौजूद रहे। महिला मोर्चा की हुई बैठकभाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने लोकसभा चुनाव को लेकर जिला कार्यालय मे भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसमें उन्होंने लोकसभा चुनाव मे पार्टी के पक्ष मे अधिक से अधिक मतदान कराने पर बल दिया। श्री उपाध्याय ने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के कल्याण के कार्य किये है। इस चुनाव मे पार्टी ने हर बूथ पर 370 मत बढाने का लक्ष्य रखा है। सभी जनप्रतिनिधि इसे पूरा करने मे लग जाये चुनाव के लिए इन दिनों बूथ विजय अभियान भी चल रहा है, जिसमें सभी अधिक से अधिक सहभागिता कर उसे सफल बनाए। बैठक मे निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा , महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिता कटारिया सहित पार्षदगण उपस्थित रहे।

नशे का नया कारोबार: खुलेआम बिक रहा था लोकल एनैस्थिसिया इंजेक्शन, रंगे हाथ धराया मेडिकल संचालक

एसपी राहुल लोढा की सख्त चेतावनी, दर्जनों मेडिकल स्टोर्स रडार पर! पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में बढ़ रही नशाखोरी पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पिछले 10 दिनों में पुलिस ने दर्जनभर नशे के सौदागरों को सलाखों के पीछे किया। इसी बीच पुलिस ने एक नए नशे के इजात होने की भी जानकारी जुटाई। यह नशा था लोकल एनैस्थिसिया इंजेक्शन का। जो की बाजार में खूलेआम बेचा जा रहा था। एसपी राहुल लोढा ने एमडी, स्मेक जैसी ड्रग के अलावा एक टीम को इसमें भी लगाया। जब पुलिस ने इसके बारे में जानकारी जुटाई तो पुलिस के आला अफसर भी हक्के बक्के रह गए। एनैस्थिसिया (बेहोश या सुन्न करना) जैसी प्रोसेस के लिए उपयोग में ली जाने वाली ड्रग्स के लिए उसकी मात्रा, समय व स्पेशलिस्ट का होना बहुत आवश्यक है, वरना यह ड्रग आपकी जान ले सकती है। इसके बावजूद कुछ नशेड़ी इसको नशे के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। यहां सबसे बड़ा सवाल यही है की आखिर इनके पास इसको लेने की मात्रा का अनुमान कैसे मालूम हुआ और कहां से सीखा गया? रतलाम पुलिस इसी तफ्तीश में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने ऐसे ही एक मेडिकल स्टोर पर छापेमार कार्रवाई करते हुए इस मामले को उजागर किया है। पुलिस के पास ऐसे और भी मेडिकल स्टोर्स की सूची है जिन पर कार्रवाई होना बाकी है। रंगे हाथ धराया मेडिकल संचालकएसपी राहुल लोढा द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बुधवार रात को एक मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी की महू रोड स्थित सांवरिया मेडिकल स्टोर से लोकल एनैस्थिसिया इंजेक्शन को नशे के उपयोग के लिए ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। पुलिस के साथ ड्रग विभाग की टीम भी कार्रवाई में शामिल थी। एसपी राहुल लोढा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा लगातार नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एमडी और ब्राउन शुगर सहित अन्य मादक पदार्थ बेचने वाले 18 लोगों को पिछले कुछ दिनों में गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया इन लोगों से पूछताछ में जो जानकारी मिली उसमें यह बात भी सामने आई कि शहर के कुछ मेडिकल स्टोर से अलग-अलग तरह के इंजेक्शन लेकर नशे के आदि लोगों द्वारा उनमें एमडी और ब्राउन शुगर मिलाकर भी नशे के रूप में उपयोग किया जा रहा है। कुछ मेडिकल स्टोर्स पर बिना प्रिस्क्रिप्शन के प्रतिबंधित दवाओं को बेधड़क बेचा जा रहा है। जा सकता है, उसे कुछ मेडिकल संचालक नशे के आदि लोगों को ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। जबकी इस दवा का उपयोग क्लिनिक या हॉस्पिटल में डॉक्टर्स के अलावा कोई नहीं करता है। पुलिस ने भेजा अपना ग्राहकपुलिस ने बुधवार रात को ड्रग विभाग की टीम को साथ में लेकर पुलिस ने महू रोड स्थित सांवरिया मेडिकल दुकान पर कार्रवाई की है। पुलिस ने एक व्यक्ति को पहचान युक्त नोट देखकर दुकान पर एनैस्थिसिया इंजेक्शन लेने भेजा। दुकान पर बैठे व्यक्ति भरत राठौड़ ने जब प्रिंट रेट से ज्यादा रुपए लेकर इंजेक्शन दिया तो पुलिस ने ड्रग विभाग के अधिकारियों के साथ दुकान पर कार्रवाई की। ड्रग विभाग के अधिकारियों ने दुकान का स्टॉक रजिस्टर भी जप्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसपी राहुल लोढा ने कहा कि पुलिस के पास और भी कई जानकारियां है, जिसके आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई के दौरान एएसपी राकेश खाखा, ड्रग इंस्पेक्टर अजय ठाकुर, थाना स्टेशन रोड टीआई दिनेश भोजक मौजूद रहे।

पानी की केन में दारू: शराब की होम डिलिवरी करने वाला चढ़ा आबकारी के हत्थे, शीतल आरओ प्लांट पर दबिश

सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. सिद्दीकी के निर्देशन में टीम की कार्रवाई पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। आबकारी विभाग की टीम ने शहर के कस्तूरबा नगर में दबिश देकर अवैध शराब पकड़ी। आरोपी द्वारा फोन पर ऑर्डर लेने के बाद संबंधित पते पर शराब डिलीवर की जाती थी। इसमें आरओ प्लांट में उपयोग की जाने वाली पानी की केन का उपयोग किया जा रहा था। आरोपी का कस्तूरबा नगर मेन रोड पर शीतल जल नाम से आरओ वाटर प्लांट है। टीम ने आरोपी के पास से करीब 1 लाख 48 हजार 930 रुपए कीमत की 108 विदेशी शराब की बोतलें जब्त की। इसमें अलग अलग तरह के 12 ब्रांड की शराब शामिल है। सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी ने बताया की आचार संहिता के बाद अवैध शराब परिवहन पर सतत निगरानी रखी जा रही है। बुधवार को सूचना मिलने पर टीम द्वारा बाजना बस स्टैंड चौराहे पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी निलेश बोथरा को बाजना स्टैंड के आगे चौराहे पर घेराबंदी कर रोका। आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास डिलीवरी के लिए विदेशी शराब की बोतलें मिली। पूछताछ करने पर आरोपी बोथरा ने कस्तूरबा नगर मैन रोड के पास स्थित अपने घर पर शराब का स्टॉक करने की बात कही। आरोपी की निशानदेही पर आबकारी टीम ने जब घर पर तलाशी ली तो वहां से कुल 9 पेटी से अधिक अंग्रेजी शराब मिली। आरोपी से 1 लाख 48 हजार 930 रुपए कीमत की शराब के अलावा एक्सेस कंपनी का स्कूटर (MP43EJ8509) भी जप्त किया गया। जिसका उपयोग वह शराब सप्लाई के लिए कर रहा था। अभी और होगी कार्रवाईसहायक आबकारी आयुक्त डॉ. सिद्दीकी ने पब्लिक वार्ता को बताया की आबकारी की टीम आरोपी से अवैध शराब लाने के संबंध में पूछताछ कर रही है। आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई विभाग द्वारा की जाएगी। इसके सोर्स का पता लगाया जा रहा है। इसमें और कौन लोग शामिल है उसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। इनकी रही सराहनीय भूमिकाउक्त कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी पीसी केरवार के निर्देशन में आबकारी वृत्त प्रभारी चेतन वैद, एसआई वंदना अग्रवाल, पुष्पराज चौहान, अशोक दवे, कांस्टेबल भगवती सोलंकी, भावना, पुष्पा, मीना विक्टोरिया, नगर सैनिक चेतराम, बद्रीलाल, बनसिंह, संतोष नेका की सराहनीय भूमिका रही।

लोकसभा चुनाव 2024: चुनाव से पहले पुलिस की तैयारी, दो थाना क्षेत्रों से निकला फ्लैग मार्च

CAPF की टुकड़ी के साथ एसपी राहुल लोढा व कलेक्टर राजेश बाथम निकले पैदल पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। लोकसभा चुनाव 2024 के अंतर्गत जिले में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन अपनी – अपनी तैयारियां लगभग पुरी कर चुका है। सोमवार को सीएपीएफ की टुकड़ी (CAPF : Central Armed Police Force) व पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान कलेक्टर राजेश बाथम व एसपी राहुल लोढ़ा मार्च के साथ पैदल चले। फ्लैग मार्च थाना स्टेशन रोड व थाना औद्योगिक क्षेत्र में निकाला गया। एसपी व कलेक्टर के अलावा मार्च में अपर कलेक्टर आर.एस. मंडलोई, एएसपी राकेश खाखा, एसडीएम संजीव पांडे, सीएसपी अभिनव वारंगे भी फ्लैग मार्च में शामिल हुए। फ्लैग मार्च में जिला पुलिस बल, होमगार्ड तथा अन्य बलों के जवान स्टेशन रोड थाना परिसर से निकले जो कॉन्वेन्ट तिराहा, आनंद कॉलोनी, मोचिपुरा, हाकिमवाड़ा, महलवाड़ा, मेहन्दीकुई बालाजी मंदिर होते हुए थाना परिसर में समाप्त हुआ। एसपी राहुल लोढा ने बताया की चुनाव के मद्देनजर शहर में पुलिस व जनता के बीच संवाद व विश्वास स्थापित हो इसलिए फ्लैग मार्च निकाला गया है। चुनाव में सफल मतदान के लिए पुलिस की तैयारियां पूरी है। इस दौरान निगरानी शुदा बदमाशों व गुंडो पर जिलाबदर व अन्य प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

ड्रग्स पर दबिश : रतलाम पुलिस की 10 दिन में तीसरी बड़ी कार्रवाई, सुनील सूर्या सहित 4 गिरफ्तार

संलिप्तता पाए जाने पर एसपी ने थाना स्टेशन रोड के 3 कांस्टेबल किए सस्पेंड पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। एमडी ड्रग्स मामले में पुलिस ने 10 दिन के भीतर ही तीसरी बड़ी कार्रवाई की। एसपी राहुलकुमार लोढा के निर्देश पर सीएसपी अभिनव वारंगे की टीम ने शहर में लगातार छापेमारी की कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है। आपको बता दे कुछ दिनों पहले विद्यार्थी परिषद ने शहर में बढ़ रही नशाखोरी पर आक्रोश जताते हुए एसपी व कलेक्टर को ज्ञापन दिया था। जिसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने एक के बाद एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एमडी, स्मेक जैसे घातक जहरीले नशे पर कार्रवाई की। इसी मामले में लापरवाही बरतने के मामले में एसपी राहुल लोढा ने रविवार रात थाना स्टेशन रोड के तीन कांस्टेबल अभिषेक जोशी, पंकज बारिया व संजय चौहान को सस्पेंड कर दिया। सोमवार को मुखबीर सुचना पर पर डीमार्ट बाय पास रोड होते हुवे भक्तन की बावडी वाले रोड से आरोपी आशीष पिता सुशील सोनी नि. चाँदनी चौक रतलाम को अवैध मादक पदार्थ एमडी 30 ग्राम किमती 1 लाख रूपये के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी से उक्त एमडी किससे लाने के संबंध में पुछताछ की तो उसने जावरा  से एमडी लाना बताया। जो वह रतलाम के तीन व्यक्ति सईद पिता फजल हुसैन निवासी हकीमवाड़ा रतलाम, हनी पिता जफर शेख निवासी नाहरपुरा रतलाम व सुनिल सुर्या पिता इंदरमल जैन निवासी शास्त्री नगर रतलाम को देने के लिए लाया था। पुलिस ने आरोपी आशीष सोनी की निशानदेही पर अन्य आरोपी सईद, सुनील सूर्य व हनी को भी गिरफ्तार किया। उक्त मामले में थाना स्टेशन रोड पर अप.क्र 329/2024 धारा 8/22,8/29 एनडीपीएस एक्ट का पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया है। सराहनीय भूमिकाथाना स्टेशन रोड टीआई दिनेश भोजक, उपनिरीक्षक आनंद बागवान, उनि अमित शर्मा, प्रआर.790 राजु अमलियार,आर. 374 हर्षल शर्मा, आर.902 विशाल सेन, आर 208 राकेश निनामा , आर.82 ललित वर्मा,आर 158 संदीप कुमरे की सराहनीय भूमिका रही।