पटाखों पर बैन नहीं : सोशल मीडिया के ज्ञान ने मचाया रतलाम के व्यवसायियों में हड़कंप, जानिए पूरी खबर

केवल बच्चे नहीं बड़े भी जलाते है क्रेकर्स! – सुप्रीम कोर्ट पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भारत में पटाखों की बिक्री, खरीद और उपयोग पर बेन यानी प्रतिबंध लगाने की मांग वाली याचिकाओं पर आज सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की। इसी बीच रतलाम में पटाखा व्यवसायियों में हड़कंप मच गया। जब एक सोशल मिडिया इंस्टाग्राम पेज ने भ्रामक जानकारी प्रसारित कर दी। सोशल मीडिया के अधूरे ज्ञान और अपुष्ट खबरे अब कई लोगों की मुश्किलें बन चुकी है। कई व्यापारियों ने इस भ्रामक खबर के बाद ऑर्डर भी केंसल करवा दिए। पब्लिक वार्ता ने जब इस खबर की पड़ताल की तो मालूम हुआ की सुप्रीम कोर्ट ने कुछ और ही कहा।पटाखा जलाने पर बैन को लेकर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पर्यावरण की चिंता करना केवल कोर्ट का काम नहीं हैं। यह गलत धारणा है कि पर्यावरण की चिन्ता केवल कोर्ट को होनी चाहिए। वहीं, जस्टिस सुंदरेश ने कहा कि आजकल केवल बच्चे ही क्रैकर्स नहीं जलाते, आजकल तो बड़े लोग भी पटाखा जलाते हैं। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने विशेष रूप से दिवाली पर पटाखे फोड़ने पर रोक लगाने के लिए कोई भी आदेश पारित करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि पटाखों के उपयोग पर पूर्व में जारी आदेश को लागू किया जाए। आपको बता दे सुप्रीम कोर्ट ने पहले त्योहारों और विशेष अवसरों के दौरान पटाखे फोड़ने के लिए एक विशेष समय और प्रकार के दिशानिर्देश दिए थे। यह निर्देश दिल्ली में बढ़ते प्रदुषण को लेकर थे। कोर्ट के अनुसार यह निर्देश केवल दिल्ली एनसीआर के लिए नहीं बल्कि पूरे देश के लिए थे जो अब भी लागू रहेंगे। बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण राजस्थान के उदयपुर में दिवाली त्योहार के दौरान पटाखे फोड़ने पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने आज कोई भी निर्देश पारित करने से इनकार कर दिया और कहा कि राजस्थान सहित सभी राज्यों को वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए पटाखे फोड़ने पर पहले के आदेश को लागू करना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने आज कहा कि पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध केवल त्योहारों के दौरान ही नहीं बल्कि पूरे साल भर लगाया जाना चाहिए।सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हम राज्यों को उचित कदम उठाने का निर्देश दे सकते हैं।

फिर बेख़ौफ गुंडागर्दी : रुपये मांगने को लेकर दुकानदार सहित तीन पर जानलेवा हमला, बुजुर्ग मां को केंसर के इलाज के लिए ले जाना था अहमदाबाद

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में बीती रात घटी घटना ने आदर्श आचार संहिता की पुलिस गुंडा परेड को केवल रिहर्सल में तब्दील कर दिया। घटना ने शहर में बेख़ौफ हो रही गुंडागर्दी और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। इसके पूर्व दो बड़ी घटनाएं इस प्रकार की हो चुकी है। इस घटना के वायरल सीसीटीवी वीडियो ने कुछ माह पूर्व हुए चांदनी चौक में व्यापारी के हत्याकांड की तस्वीर ताजा कर दी। इसमें भी दुकानदार को उसी तरह पत्थर से हमला कर घायल होते हुए देखा जा सकता है। घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र के डोंगरे नगर की है। जहां रविवार रात गुंडातत्वों ने आनंद रेस्टोरेंट दुकान से सिगरेट व पान मसाला खरीदा। दुकानदार ने जब पैसे मांगे तो आरोपियों ने गाली गलौच करते हुए उसे धमकाया और बगैर पैसे दिए वहां से रवाना हो गए। उसके कुछ मिनट बाद आरोपी अपने कुछ अन्य साथियों के साथ आए और दुकानदार पर हमला कर दिया। जिसमें दुकानदार सहित तीन को चोट आई है। घायल प्रफुल्ल पिता दशरथ पंवार (47), छोटा भाई संजय पंवार व भांजा अनमोल पिता रोहित मारू इस हमले में गंभीर घायल हुए। प्रफुल्ल को सर में 8 के करीब व संजय व अनमोल को 3 से 4 टांके आए है। गंभीर घायल प्रफुल्ल ने बताया की आरोपियों ने डंडे, ईंट व बेल्ट से हमला किया। बीच बचाव करने आये छोटे भाई संजय व भांजे अनमोल पर भी हमला कर दिया। घर की महिलाओं व बच्चों के साथ भी गुंडों ने धक्का मुक्की की। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।क्षेत्रवासियों के अनुसार लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में गुंडे टोलियां बनाकर आए दिन घूमते है और धमकाते है। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी विकास उर्फ जग्गू मेघवाल की शिनाख्त कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास शुरू कर दिए है। सीएसपी अभिनव कुमार वारंगे ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है। मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है। आदर्श आचार संहिता में इस प्रकार की घटना होना गंभीर विषय है जल्द ही सभी आरोपी राउंडअप होंगे। विकास के पूर्व में भी मारपीट के 5 अपराध है। मां को है केंसर, ले जाना था अहमदाबाद:प्रफुल्ल के मित्रों ने बताया कि घर में बुजुर्ग मां है जिनको केंसर की बीमारी है। इनका इलाज अहमदाबाद में चल रहा है। रात को ट्रेन से उनको अहमदाबाद इलाज के लिए ले जाना था मगर उससे पहले यह घटना हो गई। बुजुर्ग मां व पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपियों पर आईपीसी की धारा 307, 294, 506, 147, 148 व 149 में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मुख्य आरोपी जग्गू समेत अन्य की तलाश में जुट गई है।  

SPECIAL REPORT
मध्यप्रदेश चुनाव 2023 : मोदी के 25 मिनट – 25 बड़ी बातें

रतलाम की सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निशाने पर रही कांग्रेस, गिनाई डबल इंजन सरकार की योजनाएं..“मध्यमवर्गीय परिवार” भी आया याद! – जैन, सनातन, आदिवासी व दलित सभी को साधने की कोशिश..भाजपा के कार्यकर्ताओं को दी नसीहत और दे गए एक काम!देखिए पूरा VIDEO पब्लिक वार्ता – नई दिल्ली/मध्यप्रदेश/रतलामस्पेशल रिपोर्ट, जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश में चुनावी रंग अब चढ़ता दिख रहा है। मालवा के बिगड़ते समीकरण को साधने भाजपा के फायरब्रांड नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोर्चा संभाला। मोदी ने अपने भाषण में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने खुद “एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी” का नारा दिया। रतलाम के बंजली में प्रधानमंत्री मोदी की विशाल सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 25 मिनट मंच से बोले। इन 25 मिनट में मोदी ने 25 बड़ी बातें कही जो आपको जानना जरूरी है। मोदी ने आते ही सबसे पहले रतलामी सेंव को याद किया। सेंव की तारीफ का चुनावी शगूफा बनाते हुए मोदी ने कहा कि आने वाली 3 दिसंबर को जब जीत का जश्न मनेगा तब लड्डू के साथ सेंव भी खूब खाई जाएगी। लाडली बहना व लाडली लक्ष्मी योजना का जिक्र करते मोदी ने कहा की पूरे देश में इसकी प्रशंसा। सभा में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सहित शहर प्रत्याशी चेतन्य काश्यप, ग्रामीण प्रत्याशी मथुरालाल डामर, सैलाना की संगीता चारेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, महामंत्री प्रदीप उपाध्याय आदि मौजूद रहे। मंच का संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किसान मोर्चा बंशीलाल गुर्जर ने किया। शुरुआत में कुछ मिनट मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित किया। सभा में प्रधानमंत्री को विधायक चेतन्य काश्यप ने थेवा आर्ट से रतलाम के कारीगर राजेश सोनी द्वारा बने प्रतीक चिन्ह को भेंट किया। भाषण की शुरुआत भारत माता की जय से हुई जो खत्म भी भारत माता की जय पर हुआ। अपने भाषण के शुरू में मोदी ने बांगरोद स्थित खाटूश्यामजी मंदिर व आलोट के श्री नागेश्वर तीर्थ धाम का जयकारा लगाया। इसे सीधे – सीधे असर शहर में चल रहे जैन – सनातन फेक्टर से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके अलावा दलित व आदिवासी समाज को साधने के लिए भी मोदी ने बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती, टंट्या मामा आदि का जिक्र किया। मोदी ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा की इस बार जीत केवल सीट तक सीमित नहीं होनी चाहिए। शत प्रतिशत बूथ पर कमल खिलना चाहिए। मोदी ने कार्यकर्ताओं को हर घर जा कर मोदीजी ने प्रणाम कहा है यह काम भी सौंपा। मोदी की 25 बड़ी बातें –

यह दौरा खास है! : मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली सभा रतलाम में, 4 नवंबर की तैयारियां अंतिम दौर में

पढ़िए खास खबर…आखिर क्यों मालवा में मोदी की दिलचस्पी?,भाजपा के बिगड़ते समीकरणों को मोदी फेक्टर का सहारा! पब्लिक वार्ता – नई दिल्ली/भोपाल/रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी है। 17 नवंबर को मतदान होना है ऐसे में सभी चुनावी पार्टियां अपने स्टार प्रचारकों को उतारने का प्लान बना रही है, जिसमें भाजपा सबसे आगे है। सत्तारुढ़ पार्टी भाजपा फिर से सत्ता पर काबिज होने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ने वाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 नवंबर को मध्यप्रदेश के रतलाम में अपनी पहली सभा को संबोधित करेंगे। 2023 के विधानसभा चुनाव की प्रदेश में पीएम की पहली सभा रतलाम में होगी। जिसमें मोदी 9 से अधिक विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से अपील करेंगे। इसके बाद पीएम की प्रदेश में 1 और बड़ी सभा हो सकती है जो की ग्वालियर संभाग में हो सकती है। मगर दिलचस्प यह है कि इंदौर, ग्वालियर, भोपाल जैसे महानगरों को छोड़कर मोदी का पहला रुख मालवा के रतलाम में है। मोदी की सभा के जरिये सभी 16 विधानसभा सीटों पर माहौल बनाने की रणनीति भाजपा ने बनाई है।पीएम मोदी छत्तीसगढ़ से चुनावी रैली की शुरूआत कर चुके है। पीएम को स्टार प्रचारक के रूप में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना व मिज़ोरम में भी समय देना है। एक रिपोर्ट के अनुसार मोदी पहले बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से चुनावी सभा का शंखनाद करने वाले थे, लेकिन किन्ही कारणों से यह कार्यक्रम टल गया, अब वे रतलाम आ रहे हैं। इस साल प्रधानमंत्री मोदी का मध्य प्रदेश में यह 12वां दौरा कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री मोदी रतलाम के समीप ग्राम बंजली में सभा को संबोधित करेंगे। इसकी तैयारियों को लेकर रतलाम शहर भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने पदाधिकारियों की बैठक ली। मालवा में क्यों जरूरी मोदी फेक्टर :मध्यप्रदेश के चुनाव को भाजपा हल्के में नहीं लेना चाहती है। यही कारण है की इस बार केंद्रीय नेतृत्व सीधे तौर पर दखल दे रहा है। भाजपा का मालवा पर इस बार विशेष फोकस है, क्योंकि यहां भाजपा की परंपरागत सीटे है। मालवा के अंतर्गत आगर, देवास , धार , इंदौर , झाबुआ , मंदसौर , नीमच , राजगढ़ , रतलाम , शाजापुर , उज्जैन आदि जिले आते है। मालवा में विशेषकर जातीय समीकरण गहरा प्रभाव रखता है और इसी बेल्ट में आदिवासी बहुल आबादी क्षेत्र है। इसके अलावा इंदौर के आसपास नीमच तक राजपूत समाज का प्रभाव भी अधिक है। अपनी – अपनी मांगों को लेकर दोनों ही समाज सत्तारूढ़ दल के खिलाफ मुखर है और इनके संगठनों के नेता अब चुनावी मैदान में उतर चुके है। भाजपा और कांग्रेस के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी नाराजगी व नजरअंदाजगी के चलते इनके साथ हो गए है।ऐसे में भाजपा कोई रिस्क ना लेते हुए। मालवा पर विशेष फोकस बनाए हुए। भाजपा के फायर ब्रांड नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है, जिससे भाजपा को लगता है की मोदी फेक्टर जनता पर काम करेगा और उसका सत्ता का समीकरण नहीं बिगड़ेगा। भाजपा जीते हुए अपने गढ़ को नहीं हारना देना चाहती है। रतलाम की 5 में से 4 सीट पर असमंजस :फिलहाल रतलाम में जावरा, आलोट, सैलाना व रतलाम ग्रामीण में भाजपा के बागी और सामाजिक संगठनों के निर्दलीय प्रत्याशी एक बड़ी मुसीबत बन सकते है। हाल ही में हुए पंचायत और निकाय चुनाव में सभी लोग इसका उदाहरण देख चुके है। मंदसौर व नीमच में भी अंचल क्षेत्र भाजपा से दूरी बनाने के मूड में है। उज्जैन की बड़नगर सीट पर भी यही हाल है। झाबुआ – पेटलावद सीट पर आदिवासी प्रभाव अधिक है। सैलाना व रतलाम ग्रामीण से झाबुआ तक जयस प्रभावी है उसी तरह करणी सेना भी अपना प्रभाव बनाये हुए है। हाल ही में दोनों सामाजिक संगठनों ने राजनीति में अपना – अपना समर्थन एक दूसरे को देकर एक नई उलझन पैदा कर दी है।

PM मोदी in रतलाम : 2 घंटे रतलाम में रहेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खुली जीप से पहुंचेगे सभास्थल

प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने ली बैठक, आज केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर रतलाम में पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भाजपा के फायरब्रांड नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 नवंबर को रतलाम आएंगे। इस दौरान वे रतलाम समेत आसपास के कुल 17 प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से अपील करेंगे। प्रधानमंत्री की सभा रतलाम शहर के नजदीक ग्राम बंजली में आयोजित की जाएगी। पीएम के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार पूरे आयोजन में प्रधानमंत्री मोदी दो घंटे का समय देंगे, जिसमें एक घंटे तक वह सभा को संबोधित करेंगे। व्यवस्था इस तरह से की जा रही है कि बंजली हवाई पट्टी से सभास्थल पर प्रधानमंत्री मोदी खुली जीप में कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए पहुंचेंगे। मोदी की सभा में नीमच जिले की तीन, मंदसौर की चार, रतलाम की पांच विधानसभा सहित बड़नगर, बदनावर, खाचरौद, महिदपुर, झाबुआ विधानसभा के प्रत्याशी भी मंच पर मौजूद रहेंगे। रतलाम में होने जा रही सभा की तैयारियों के संबंध में भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक चेतन्य काश्यप की उपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। काश्यप ने बताया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभा संबोधित करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 नवंबर को रतलाम आ रहे है। वे बंजली में सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में रतलाम सहित 9 विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशी मौजूद रहेंगे। इसमें प्रधानमंत्री जी की सभा को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई। बैठक में सभा के विभिन्न कार्यों हेतु पदाधिकारियों में कार्य विभाजन भी किया गया। इस दौरान प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। आज केंद्रीय मंत्री तोमर आएंगे :भारतीय जनता पार्टी चुनाव समिति संयोजक केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर 2 नवंबर को रतलाम आएंगे। वे शाम 6 बजे सज्जनप्रभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा की तैयारियों को लेकर विधानसभा प्रत्याशियों एवं पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके बाद शाम 7.30 बजे विसाजी मेंशन पर त्रिदेव कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। इस प्रकार रहेगा पूरा कार्यक्रम :भाजपा के संगठन स्तर पर जारी किए गए कार्यक्रम अनुसार प्रधानमंत्री मोदी चार नवंबर को हेलीकाप्टर से दोपहर 1:50 बजे बंजली हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे। 2.20 बजे हवाई पट्टी पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। 2.30 बजे खुले वाहन में कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार कर 2.45 बजे मंच पर पहुंचेंगे। जनसभा को संबोधित करने के बाद 3.45 बजे मंच के पीछे कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद वह बंजली हवाई पट्टी से 3.55 बजे इंदौर के लिए रवाना होंगे।

मैदान में मयंक : पारस दादा के समर्थन में निकले युवा नेता मयंक जाट, विजय तिलक लगाकर लोगों ने किया स्वागत

मयंक जाट के मोर्चा संभालते ही राजनीतिक गलियारों में चुनावी चर्चा हुई तेज पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विधानसभा चुनाव में शहर के कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा “दादा” के चुनाव प्रचार ने अब गति पकड़ ली है। इसी बीच युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और कांग्रेस के कद्दावर नेता मयंक जाट ने भी मोर्चा संभाल लिया है। हालांकि मयंक शुरू से ही प्रचार में जुटे है मगर मंगलवार शाम कांग्रेस नेता मयंक जाट बगैर प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जनसपंर्क पर निकले। मयंक के इस जनसंपर्क के बाद से चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई है। चर्चा इसलिए भी तेज है क्योंकि निकाय चुनाव में महापौर प्रत्याशी रहे जाट ने भाजपा के सामने एक चुनौती खड़ी कर दी थी। निकाय चुनाव में भाजपा ने अपनी लीड भी खो दी थी। मयंक युवाओं में चर्चित चेहरा है उसके अलावा महिला वर्ग व छोटे बच्चों में भी मयंक का अपना फेन बेस मजबूत बना हुआ है। अब विधानसभा चुनाव में एक और पारस सकलेचा प्रचार का मोर्चा संभाले है तो दूसरी और मयंक जाट। सकलेचा के समर्थन में युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट ने गांधी नगर स्थित श्री राधाकृष्ण मन्दिर में भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद वार्ड 1 व 2 में  जनसम्पर्क किया। इस दौरान क्षेत्र में बच्चों से लेकर बड़े तक मयंक के स्वागत में जुट गए। बालिकाओं ने विजय तिलक लगाकर जनसंपर्क पर आए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। वहीं दूसरी और कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा ने चांदनी चौक में जनसंपर्क किया। मयंक जाट ने बताया कि जनता का प्रेम व आशीर्वाद कांग्रेस के साथ है। शहर में विकास के नाम पर भोली भाली जनता को केवल ठगा गया। जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और यह परिवर्तन जनता अपने मत का प्रयोग कर बहुत जल्द लाने वाली है। रतलाम सहित प्रदेश में कांग्रेस अपनी सरकार बनाने जा रही है। भाजपा से गरीब व अमीर सभी तबके के लोग परेशान है। जनसंपर्क में शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना, प्रेमलता दवे, सुजीत उपाध्याय, संजय दवे आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

चुनावी रण में डॉक्टर साहब : ग्रामीण में भाजपा – कांग्रेस के विकल्प बनकर निर्दलीय उतरे डॉ. अभय ओहरी?, चौपालों से जमा रहे रंग

नेता नहीं आपके बीच आपका बेटा और सेवक बनकर आया हूं – डॉ. ओहरी पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम ग्रामीण से निर्दलीय नामंकन दाखिल करने के बाद जयस नेता डॉ. अभय ओहरी ने भी विधानसभा के चुनावी रण में अपना बिगुल फूंक दिया है। डॉ. ओहरी लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करने में व्यस्त है। इनकी चौपाल पर चर्चा के अंदाज ने सबको हैरत में डाला हुआ है। डॉ. ओहरी के मैदान में आने के बाद ग्रामीण में तीसरे विकल्प के कयास लगने तेज हो गए है। डॉ ओहरी के जनसपंर्क को “बदलाव के लिए तैयार है हम” अभियान का नाम दिया गया है। चौपाल बैठकों में आने वाले नागरिक अपनी – अपनी समस्याओं से डॉ. ओहरी को अवगत करवा रहे है। मंगलवार को डॉ. अभय ओहरी ने समर्थकों के साथ 4 पंचायतों में जनसपंर्क किया। जिसमें राजपुरा, सरवनी खुर्द, बिबड़ोद, रामपुरिया व पलसोड़ी में चौपाल बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व विधायक श्रीमति लक्ष्मीदेवी खराड़ी ने डॉ. ओहरी का स्वागत कर जीत के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी। डॉ. ओहरी ने लक्ष्मीदेवी खराड़ी के पैर छूकर जीत का आशीर्वाद लिया। डॉ. ओहरी ने चौपाल पर दिए एक भाषण में खुद के पीछे हटने से साफ मना कर दिया है। ओहरी ने बताया कि इस बार ग्रामीण की जनता बदलाव चाहती है। ग्रामीण का हर व्यक्ति ना भाजपा को पसंद करता है और ना ही कांग्रेस को। विपक्षी दलों द्वारा एक नई अफवाह को जन्म दिया जा रहा है। जिससे ग्रामीण की भोली भाली जनता को बरगलाया जा सके।विपक्षी दल के लोग कान खोलकर सुन ले की मेरे द्वारा किसी भी कीमत पर नामांकन फार्म वापस नहीं लिया जाएगा। चुनावी मैदान से अब हम पीछे नहीं हटेंगे और जनता का हमें पूरा समर्थन है। इस बार पूरा विश्वास है कि जनता अपना आशीर्वाद देकर हमारी विजयी सुनिश्चित करेगी। ग्रामीण करेगा तरक्की, वादा है! :डॉ. ओहरी ने जनता से संवाद करते हुए कहा कि में नेता नहीं आपके बीच आपका बेटा और सेवक बनकर आया हूं। लगातार सत्ता व शासन से आपकी मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों की लड़ाई में आपके साथ खड़ा रहा और आगे भी खड़ा रहूंगा। पिछले जितने विधायक जीतकर आए उन्होंने ग्रामीण की हमारी भोली भाली जनता को केवल झूठे वादे और आश्वासन दिया। आपका आशीर्वाद मुझ पर बना रहा तो निश्चित ही हमारा ग्रामीण क्षेत्र उम्मीद से अधिक तरक्की करेगा यह वादा भी है और इरादा भी। समस्याओं से घिरा मेरा ग्रामीण परिवार अब बदलाव के लिए तैयार है। जनसंपर्क में जयस के कार्यकर्ता व ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

जावरा का जीवन! : निर्दलीय हुंकार भरने के बाद जीवनसिंह शेरपुर का हल्ला बोल, भाजपा – कांग्रेस की घोषणाओं पर कही दो टूक

अगर वो बोले राष्ट्र हित में वोट करना, तो आप समझना मुझे वोट करना – जीवनसिंह शेरपुर पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जावरा विधानसभा से निर्दलीय मैदान में उतरे जीवनसिंह शेरपुर अब हल्ला बोल मोड पर दिखाई दे रहे है। जीवनसिंह नामांकन भरने के बाद से ही क्षेत्र में जनसपंर्क पर जुट चुके है। इसी के साथ उनका जनसंपर्क अभियान तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को जावरा में सरदार पटेल जयंती पर माल्यार्पण के बाद शेरपुर ने जनसंपर्क की शुरुआत की। इस दौरान शेरपुर अपने समर्थकों के साथ जावरा गोठड़ा, मुंडला, कामलिया, चौकी, सेदपुर, लालुखेड़ी, आलमपुर ठिकरिया आदि गांवों में पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं व लोगों ने जगह – जगह उनका स्वागत किया गया। मंगलवार को जीवनसिंह ने जनसंपर्क के दौरान भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टियों को आड़े हाथों लिया। इसी के साथ आरोप – प्रत्यारोप की राजनीति जावरा विधानसभा में शुरू हो चुकी है। शेरपुर ने वर्तमान विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे पर  तंज कसते हुए कहा की हमारा विधायक किसानों की फसले खराब होती है तो उसकी आवाज तक सदन में नहीं उठाता है। किसानों को पूरा मुआवजा तक नहीं मिल रहा है। निर्दलीय प्रत्याशी जीवनसिंह शेरपुर ने अपने भाषण में कहा की चाहे वो विधायक बने या ना बने, मगर जनता की समस्या आज से मेरी समस्या है और रहेगी। आपकी हर समस्यायों को प्राथमिक से दूर करूंगा।क्षेत्र का गरीब मेरे लिए पहले होगा। भाजपा वाले बोल रहे हैं हम महिलाओं को हजार रुपए देंगे तो कांग्रेस वाले बोल रहे हैं हम महिलाओं को पंद्रह सौ देंगे लेकिन हमारे बच्चों के भविष्य के बारे में कोई बात नहीं कर रहा की हम आपके बच्चे को रोजगार देंगे, अच्छी शिक्षा देंगे या अच्छी स्वास्थ्य व्यवस्था देंगे। यह लोग जितना दे रहे उस से दो गुना ले रहे है। कांग्रेस ने बाहरी उम्मीदवार को टिकट दिया। क्या पूरे विधानसभा में एक भी लायक उम्मीदवार नहीं था कि कांग्रेस को बाहर से उम्मीदवार चुनना पड़ा। कांग्रेस पुरी तरह खत्म हो गई है। 

तेज होता जनसंपर्क : शहर में भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप का जगह – जगह भव्य स्वागत, समर्थन में लग रहे नारे

पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने परिवार के साथ किया स्वागत पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक चेतन्य काश्यप का जनसंपर्क शनिवार को संत रविदास चौक से आरंभ हुआ। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। जनसंपर्क करते हुए डालू मोदी बाजार पैलेस रोड पर काश्यप, पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी के निवास पहुंचे। कोठारी ने सपरिवार काश्यप का आत्मीय स्वागत किया। भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप बाद में भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया, जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, सह कार्यालय मंत्री राकेश नागर सहित पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत-अभिनंदन किया। जनसंपर्क में क्षेत्र के रहवासियों द्वारा काश्यप का आत्मीय स्वागत किया। जनसंपर्क के दौरान बैंड वाले ने अपना यंत्र बजाकर अनोखे अंदाज में कश्यप का स्वागत किया। समर्थक कमल का फूल देकर अबकी बार 56 हजार पार के नारे लगाते भी नजर आए। जनसंपर्क शनिवार को सुबह वार्ड क्रमांक 24, 25, 26, 40 एवं 42 में किया गया। इसकी शुरुआत संत रविदास चौक से हुई। यहां से हरमाला रोड, मेहताजी का वास, थावरिया बाजार से टंकी चौराहा, गायत्री मेडिकल, नागर वास, दौलतगंज से डालूमोदी बाजार होकर पैलेस रोड होकर पैलेस गेट पर समापन हुआ।

अंदाज अपना – अपना : प्रचार के बाद बजरंग पर पहुंचे पारस दादा, युवाओं के साथ ली चाय की चुस्की और सेल्फी

केंद्रीय चुनाव कार्यालय का हुआ उदघाटन… पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विधानसभा चुनाव के नामांकन दाखिल होते ही प्रत्याशी जनता के बीच अपने – अपने अंदाज में पहुंच रहे है। यही नजारा रतलाम शहर में भी देखने को मिला। रतलाम में शाम होते ही चाय के शौकीनों का जमावड़ा लगता है। शनिवार को स्टेशन रोड पर शहर की फेमस बजरंग चाय पर कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा अचानक पहुंचे। यहां उन्होंने पहुंचते ही अपने लिए व समर्थकों के लिए चाय का आर्डर दिया। सकलेचा को देखकर हर कोई हैरत में भी पड़ गया। बजरंग चाय पर युवाओं ने सकलेचा के साथ चाय पी और सेल्फी भी ली। इस दौरान करीब 30मिनट तक सकलेचा ने युवाओं से शहर के मुद्दों के बारे में चर्चा की। आपको बता दे की शहर में धीरे धीरे चुनावी रंग परवान चढ़ते नजर आ रहा है। प्रत्याशी अपने- अपने अंदाज में चुनाव प्रचार के लिए जुट गए है। कांग्रेस प्रत्याशी पारस दादा सकलेचा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय  लक्कड़ पीठा (यूको बैंक के सामने) पर खोला गया। जिसका शुभारंभ वरिष्ठ अभिभाषक शांतिलाल मालवीय के हाथों किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को भारी बहुमतों से रतलाम शहर और मध्य प्रदेश में विजय दिलाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर  युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, राजकुमार जैन लाला, विनोद मिश्रा मामा, संदीप शुक्ला, जोएब आरिफ, राकेश झालानी, पीयूष बाफना, पुनीत शर्मा, धर्मेंद्र मंडवारिया, सतीश पुरोहित, अनिल झालानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।