Ratlam News: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जन शिक्षण संस्थान रतलाम में महिला सम्मान संगोष्ठी का आयोजन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जन शिक्षण संस्थान, सी सेक्टर अलकापुरी, रतलाम द्वारा महिला सम्मान गतिविधि एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती दिव्या चंदन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा की उपस्थिति रही।   कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अनुदेशिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथि श्रीमती दिव्या चंदन शर्मा ने अपने ओजस्वी संबोधन में भारतीय सभ्यता एवं संस्कारों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।   विशिष्ट वक्ताओं ने विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। पूर्व निदेशिका श्रीमती कल्पना पुरोहित ने कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। अधिवक्ता सुश्री हेमलता निरंजनी ने महिला कानूनों एवं उनके अधिकारों पर प्रकाश डाला। नगर निगम रतलाम से ललिता बर्डे ने राज्य शासन की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।   कार्यक्रम के अंत में संस्थान की उत्कृष्ट अनुदेशिकाओं को प्रमाणपत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ब्यूटी पार्लर, कंप्यूटर, ड्रेस मेकिंग जैसे पाठ्यक्रमों को पूरा करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।   इस अवसर पर संस्थान के प्रभारी निदेशक श्री रघुवीर सिंह सिसोदिया, कार्यक्रम सहायक अर्जन सिंह सोनगरा, कीर्ति आजाद सोनगरा, श्रीमती भारती मौर्य सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन श्रीमती भारती मौर्य ने किया।   यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं महिला अधिकारों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। जन शिक्षण संस्थान द्वारा इस तरह के आयोजनों से महिलाओं को न केवल आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिलेगी, बल्कि वे अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक होंगी।

Ratlam News: रतलाम के मुंडलाराम और रियावन गांव में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आनंदा फाउंडेशन और जोविता मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में रतलाम जिले के मुंडलाराम और रियावन गांव में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें डेयरी उद्योग से जोड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करना था।    महिला सशक्तिकरण पर दिया गया जोर   कार्यक्रम में संजय शर्मा, रामरख, राजकुमार, क्लस्टर समन्वयक निकिता और अनीता पाटीदार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस दौरान संजय शर्मा ने महिलाओं को संबोधित करते हुए पशुपालन के महत्व और जोविता मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा स्थानीय किसानों और डेयरी उत्पादकों को दिए जा रहे समर्थन पर प्रकाश डाला।    महिला किसानों को किया सम्मानित   इस विशेष अवसर पर ग्राम सखी सहित कई महिला किसानों को सम्मानित किया गया और उपहार प्रदान किए गए। आयोजन का उद्देश्य डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना, उन्हें नए अवसरों के प्रति जागरूक करना और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था।    ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल   यह कार्यक्रम आनंदा फाउंडेशन और जोविता मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की ग्रामीण विकास और सतत कृषि व डेयरी फार्मिंग में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को नई संभावनाओं और आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।  

MP News: आईआरसीटीसी की भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 25 मार्च को रीवा से होगी रवाना, ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारका और शिर्डी के दर्शन  

इंदौर- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) द्वारा “ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारका एवं शिर्डी यात्रा” के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन 25 मार्च 2025 को रीवा से रवाना होगी और मध्यप्रदेश के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी।   किन-किन स्टेशनों से यात्री चढ़ सकते हैं   यह ट्रेन रीवा, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति, शुजालपुर, इंदौर, देवास, उज्जैन और रतलाम स्टेशनों पर रुकेगी, जहां से यात्री इसमें सवार हो सकते हैं।   11 दिन की यात्रा में होंगे ये दर्शन   यह यात्रा 10 रातें और 11 दिनों की होगी, जिसमें श्रद्धालु द्वारका, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, शिरडी, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर के दर्शन कर सकेंगे।    किराया और सुविधाएं   यात्रियों के लिए तीन श्रेणियों में पैकेज उपलब्ध हैं   – स्लीपर (इकॉनमी) – 20,700 रुपये प्रति व्यक्ति   – 3AC (स्टैंडर्ड) – 34,600 रुपये प्रति व्यक्ति   – 2AC (कम्फर्ट) – 45,900 रुपये प्रति व्यक्ति   आईआरसीटीसी इस सर्व-समावेशी टूर पैकेज में यात्रियों को आरामदायक ट्रेन यात्रा, ऑन-बोर्ड एवं ऑफ-बोर्ड भोजन, सड़क परिवहन, गुणवत्तायुक्त बसों से दर्शनीय स्थलों की यात्रा, ठहरने की सुविधा, टूर एस्कॉर्ट्स, यात्रा बीमा और सुरक्षा व हाउसकीपिंग सेवाएं प्रदान करेगा।   बुकिंग और अधिक जानकारी   इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं या अधिकृत एजेंट से संपर्क कर सकते हैं।   अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी के भोपाल, जबलपुर और इंदौर रेलवे स्टेशन कार्यालयों से निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है   – भोपाल: 9321901862, 8287931723   – जबलपुर: 0761-2998807, 9321901832, 7021091459   – इंदौर: 0731-2522200, 9321901865, 9321901866, 8287931711, 8287931624  

Ratlam News: महिला दिवस पर सफाई कर्मियों का सम्मान, श्रेष्ठ नवनिर्माण फाउंडेशन और मारवाड़ी महिला समिति की सराहनीय पहल  

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्रेष्ठ नवनिर्माण फाउंडेशन और अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति ने समाज में सफाई कर्मियों के योगदान को सराहते हुए एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया। इस कार्यक्रम के तहत रतलाम के कालिका माता मंदिर परिसर और आसपास सफाई करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।   स्वच्छता नायिकाओं का हुआ सम्मान   समारोह में सफाई कर्मियों को सम्मानस्वरूप आवश्यक सामग्री किट प्रदान की गई, जिससे उनके दैनिक कार्यों में सुविधा हो। इस पहल के जरिए न केवल उनके परिश्रम को सराहा गया, बल्कि समाज में सफाई कर्मियों के प्रति जागरूकता और सम्मान बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।   गणमान्य लोगों की उपस्थिति   कार्यक्रम में फाउंडेशन और महिला समिति के प्रमुख सदस्य शामिल हुए। इस दौरान आशा उपाध्याय, शोभा श्रेष्ठ, सचिन श्रेष्ठ और नरेंद्र श्रेष्ठ ने महिलाओं के कठिन श्रम और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।   समानता और सम्मान की ओर एक कदम   आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सफाई कर्मियों को उनका हक और सम्मान दिलाना है। महिला दिवस पर यह अनूठी पहल समाज में समानता और गरिमा की भावना को मजबूत करती है, जिससे प्रेरित होकर अन्य संस्थाएं भी ऐसे प्रयास करेंगी।  

Ratlam News: वाल्मीकि समाज पर हो रही द्वेषपूर्ण कार्यवाही के विरोध में विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नगर में वाल्मीकि समाज के सफाई कर्मचारियों पर नगर परिषद द्वारा की जा रही कथित द्वेषपूर्ण कार्यवाही के विरोध में आज विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने शीतला माता मंदिर में आरती का आयोजन कर अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।   कार्यक्रम में अखिल भारतीय वाल्मीकि पंचायत के राष्ट्रीय महामंत्री राहुल निंधाने ने नगर परिषद की कार्यवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि वाल्मीकि समाज हिंदू समाज का अभिन्न अंग है और समाज को तोड़ने की किसी भी साजिश को सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज ने सदियों के अत्याचार सहने के बावजूद अपना धर्म नहीं बदला और अब प्रशासन की जातिवादी मानसिकता के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष करेगा।   विहिप ने प्रशासन को दी चेतावनी   कार्यक्रम में विहिप के जिला धर्म प्रचार प्रमुख कुलदीप सिराणा ने कहा कि शांति समिति की बैठक में मंदिर के सामने से मांस की दुकान हटाने के लिए ज्ञापन दिया गया था, लेकिन इसके बजाय नगर परिषद ने सफाई कर्मचारियों पर कार्यवाही कर दी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगे भी समाज के लोगों पर इसी प्रकार की भेदभावपूर्ण कार्रवाई जारी रही तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।   उन्होंने आरोप लगाया कि जिस वीडियो के आधार पर सफाईकर्मियों पर कार्रवाई की गई, उसमें शामिल दुकानदार को कोई सजा नहीं दी गई, जबकि सफाई कर्मचारियों पर अनुचित कार्यवाही की गई।   सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में ज्ञापन सौंपा   शीतला माता मंदिर में आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में अखिल भारतीय वाल्मीकि पंचायत के संभागीय महामंत्री जितेंद्र हाड़े, विहिप के प्रखंड संयोजक ललित चंदेल, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष श्याम धाकड़, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विशाल पड़ियार सहित नगर परिषद के कई पार्षद, संगठन कार्यकर्ता और समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।  

Ratlam News: रतलाम में CSC कार्यशाला का आयोजन; आयुष्मान कार्ड बनाने जैसे उत्कृष्ट कार्य करने वाले VLE सम्मानित

रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज डेस्क। Ratlam News: जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) द्वारा दी जा रही सेवाओं पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में समग्र KYC, फॉर्मर रजिस्ट्री, आयुष्मान भारत, CSC टेली लॉ, नेशनल पेंशन स्कीम, बैंकिंग सेवाएं, आधार कार्ड सेवा, ग्रामीण ई-स्टोर जैसी सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला में मुख्य अतिथि अतुलित राय, राज्य प्रबंधक, CSC ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड ने जिले के सभी VLE (Village Level Entrepreneur) को संबोधित किया। इस दौरान CSC आधार राज्य प्रमुख अनुराग सिंह और बैंकिंग टीम के सागर गुप्ता ने भी विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी। महिला VLE और अन्य उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित इस दौरान CSC महिला VLE को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, जिले के अन्य VLE को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। CSC प्रबंधक आशीष रसीले ने सभी VLE से अधिक से अधिक समग्र KYC और फॉर्मर रजिस्ट्री करने की अपील की, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक आम नागरिकों तक पहुंच सके। विशेष सम्मान: अस्पताल में मरीजों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने वाले VLE सम्मानित राज्य प्रबंधक अतुलित राय ने आपातकालीन परिस्थितियों में अस्पताल पहुंचकर मरीजों के आयुष्मान कार्ड बनाने और अन्य सामाजिक कार्यों में योगदान देने के लिए रतलाम के अंशुमन सोनी, अमित शाह एवं अन्य VLE को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस पर मंत्री ने किया सम्मान गणतंत्र दिवस के अवसर पर रतलाम जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने में उत्कृष्ट कार्य करने और गंभीर परिस्थितियों में अस्पताल में भर्ती मरीजों के कार्ड बनाने के लिए मध्यप्रदेश शासन के MSME कैबिनेट मंत्री श्री चैतन्य काश्यप, जिलाधीश महोदय और जिला पुलिस अधीक्षक महोदय ने CSC VLE अंशुमन सोनी और अमित शाह को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। इस कार्यशाला में जिले के सभी VLE ने भाग लिया और सरकार की विभिन्न डिजिटल सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Ratlam News: स्वामी विवेकानंद व्याख्यानमाला का पंचम संस्करण 8-9 मार्च को होगा आयोजित  

राजस्व कॉलोनी में समिति की बैठक सम्पन्न, हिंदुत्व और सामाजिक परिवर्तन पर होंगे व्याख्यान   रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: स्वामी विवेकानंद व्याख्यानमाला समिति की बैठक राजस्व कॉलोनी में आयोजित की गई, जिसमें आगामी 8 और 9 मार्च को अमृत गार्डन, सैलाना रोड पर व्याख्यानमाला के पंचम संस्करण के आयोजन का निर्णय लिया गया। नगर के युवा और प्रबुद्ध वर्ग में विशेष रूप से लोकप्रिय इस व्याख्यानमाला में समाज के विभिन्न वर्गों को आमंत्रित करने की योजना भी बनाई गई।   बैठक में यह तय किया गया कि इस वर्ष समाज में आवश्यक पंच परिवर्तन और हिंदुत्व की प्रासंगिकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजन में विशिष्ट विद्वानों और समाज सुधारकों को आमंत्रित कर इन विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी।   बैठक में उपस्थित गणमान्य सदस्य   बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष विम्पी छाबड़ा ने की। इस दौरान डॉ. हितेश पाठक, सुनीता छाजेड़, विजय जोशी, विनीता ओझा, प्रवीण रामावत, अदिति दवेसर, शिल्पा जोशी, विनीता लोढ़ा, पुष्पराज छजलानी, विजया कुशवाह, प्रवीण ओझा, शगुन बड़जात्या, हेमंत मूणत, विकास शेवाल, गीतांजलि उपाध्याय, संध्या बत्रा, डॉ. खुशबु जांगलवा समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।   स्वामी विवेकानंद के विचारों को बढ़ावा देने की पहल   समिति के अनुसार, स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी समाज और विशेष रूप से युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं। उनके संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए यह व्याख्यानमाला आयोजित की जाती है। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों से इस कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।  

Special Train: होली और गर्मियों की छुट्टियों में सफर होगा आसान, रतलाम मंडल से होकर चलेंगी 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Special Train: होली और गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने रतलाम मंडल से होकर चार जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन करने का फैसला किया है। ये ट्रेनें विशेष किराए पर चलाई जाएंगी और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेंगी।   1. मुंबई सेंट्रल – काठगोदाम साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल (09075/09076)   यात्रा तिथि 12 मार्च 2025 से 25 जून 2025 (मुंबई से) और 13 मार्च 2025 से 26 जून 2025 (काठगोदाम से)   प्रस्थान समय   – 09075 मुंबई सेंट्रल से हर बुधवार 11:00 बजे   – 09076 काठगोदाम से हर गुरुवार 17:30 बजे   ठहराव बोरीवली, वापी, वलसाड, उधना, वडोदरा, रतलाम, मथुरा, बरेली जंक्शन, हल्द्वानी समेत कई स्टेशन   कोच एसी 2 टियर, एसी 3 टियर, स्लीपर क्लास, और जनरल सेकेंड क्लास   2. मुंबई सेंट्रल – कानपुर अनवरगंज साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल (09185/09186)   यात्रा तिथि 9 मार्च 2025 से 29 जून 2025 (मुंबई से) और 10 मार्च 2025 से 30 जून 2025 (कानपुर से)   प्रस्थान समय   – 09185 मुंबई सेंट्रल से हर रविवार 11:00 बजे   – 09186 कानपुर अनवरगंज से हर सोमवार 18:25 बजे   ठहराव रतलाम, मथुरा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बिल्हौर समेत प्रमुख स्टेशन   कोच एसी 2 टियर, एसी 3 टियर, स्लीपर क्लास, और जनरल सेकेंड क्लास   3. वडोदरा – हरिद्वार साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल (09101/09102)   यात्रा तिथि 8 मार्च 2025 से 29 मार्च 2025 (वडोदरा से) और 9 मार्च 2025 से 30 मार्च 2025 (हरिद्वार से)   प्रस्थान समय   – 09101 वडोदरा से हर शनिवार 16:50 बजे   – 09102 हरिद्वार से हर रविवार 17:20 बजे   ठहराव रतलाम, गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मथुरा, रुड़की समेत प्रमुख स्टेशन   कोच फर्स्ट एसी, एसी 2 टियर, एसी 3 टियर, स्लीपर क्लास, और जनरल सेकेंड क्लास   4. काचेगुडा – मदार स्पेशल (07701/07702)   यात्रा तिथि 11 और 16 मार्च 2025 (काचेगुडा से) और 13 और 18 मार्च 2025 (मदार से)   प्रस्थान समय   – 07701 काचेगुडा से 23:30 बजे   – 07702 मदार से 16:05 बजे   ठहराव रतलाम, उज्जैन, चित्तौड़गढ़, अजमेर समेत प्रमुख स्टेशन   कोच एसी 2 टियर, एसी 3 टियर, एसी 3-टियर इकोनॉमी, स्लीपर क्लास, और जनरल सेकेंड क्लास   बुकिंग और अन्य जानकारी   ट्रेन संख्या 09075, 09185 और 09101 की बुकिंग 6 मार्च 2025 से शुरू होगी   यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं   ये सभी ट्रेनें विशेष किराए पर संचालित की जाएंगी   यात्रियों की सुविधा और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा यह विशेष कदम उठाया गया है। यदि आप भी यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो समय रहते टिकट बुक कर लें।

MP News: चिठ्ठी लिखकर 50 हजार तक का इनाम व विदेश जाने का मौका, उसके लिए लेना होगा डाकघर की इस प्रतियोगिता में भाग

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: भारतीय डाक विभाग द्वारा 09 से 15 वर्ष की आयु के छात्र-छात्राओं के लिए अंतर्राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय है –   कल्पना करो कि तुम महासागर हो। किसी को यह पत्र लिखो, जिसमें यह समझाओ कि वे तुम्हारी अच्छी देखभाल क्यों और कैसे करें।   “Imagine you are the ocean. Write a letter to someone explaining why and how they should take good care of you.” प्रतियोगिता संभागीय स्तर पर रतलाम प्रधान डाकघर में 16 मार्च 2025 रविवार को सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें भाग लेने के इच्छुक छात्र-छात्राएं 10 मार्च 2025 तक अपना आवेदन अधीक्षक डाकघर, रतलाम संभाग, रतलाम 457001 के पते पर भेज सकते हैं।   प्रतिभागी अंग्रेजी अथवा हिंदी भाषा में पत्र लेखन कर सकते हैं। प्रतियोगिता के विभिन्न स्तरों पर विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।   मध्यप्रदेश परिमंडल स्तर पर प्रथम पुरस्कार 25,000 रुपये और प्रमाण पत्र, द्वितीय पुरस्कार 10,000 रुपये और प्रमाण पत्र तथा तृतीय पुरस्कार 5,000 रुपये और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।   राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार 50,000 रुपये और प्रमाण पत्र, द्वितीय पुरस्कार 25,000 रुपये और प्रमाण पत्र तथा तृतीय पुरस्कार 10,000 रुपये और प्रमाण पत्र दिया जाएगा।   अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन विजेता प्रविष्टियों का चयन करेगा और सर्वोत्तम तीन प्रतिभागियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाण पत्र प्रदान करेगा। इसके अलावा, स्वर्ण पदक विजेता को स्विट्जरलैंड के बर्न स्थित वैश्विक डाक संघ मुख्यालय की यात्रा करने का अवसर या एक वैकल्पिक पुरस्कार दिया जाएगा।   अधिक जानकारी के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं मोबाइल नंबर 9425972971 पर संपर्क कर सकते हैं या भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.indiapost.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।   यह प्रतियोगिता न केवल छात्रों की लेखन क्षमता को निखारने का अवसर देगी, बल्कि उन्हें पर्यावरण संरक्षण और महासागर की देखभाल के प्रति जागरूकता फैलाने का मंच भी प्रदान करेगी। साथ ही, स्विट्जरलैंड यात्रा जीतने का सुनहरा मौका भी मिलेगा।   यदि आप 09 से 15 वर्ष की आयु के बीच हैं, तो इस शानदार प्रतियोगिता का हिस्सा बनें और अपनी लेखनी से दुनिया को जागरूक करें।

Ratlam News: पटवारी संघ ने किया प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: प्रांतीय पटवारी संघ जिला रतलाम के पदाधिकारियों और सैलाना अनुभाग के पटवारियों ने बाजना तहसील कार्यालय में प्रदर्शन कर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। यह विरोध प्रदर्शन दो दिन पूर्व निलंबित किए गए पटवारी सुनील भगोरा की बहाली और तहसील की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किया गया।   पटवारी संघ ने उठाई बहाली की मांग   पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाटीदार ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र में पटवारियों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इनमें ग्रामीणों का पलायन, मोबाइल नेटवर्क की समस्या, किसानों की अशिक्षा और आधार कार्ड में मोबाइल नंबर न जुड़े होने जैसी परेशानियां शामिल हैं। इसके बावजूद पटवारी अपने नियमित कार्यों के साथ-साथ शासन की योजनाओं को सफल बनाने के लिए प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि सुनील भगोरा के निलंबन की कार्रवाई अधिकारियों के द्वेषपूर्ण व्यवहार को दर्शाती है, जो कि निंदनीय है। यदि तीन दिन के भीतर निलंबन समाप्त नहीं किया जाता, तो पटवारी संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।   संघटनों का मिला समर्थन   बाजना में हुए इस विरोध प्रदर्शन को अपाक्स और ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन का समर्थन मिला। पटवारी संघ के बैनर तले जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार टांक भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ पूरी तरह से पटवारी संघ के साथ खड़ा है और सुनील भगोरा के निलंबन के विरोध में हरसंभव सहयोग देगा।   पटवारियों ने जताई नाराजगी   संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष ध्रुवलाल निनामा ने कहा कि पटवारी हमेशा किसानों के हित में कार्य करता है और शासन की योजनाओं को क्रियान्वित करने में पूरी निष्ठा से जुटा रहता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी के साथ गलत व्यवहार होता है, तो संघ उसके समर्थन में खड़ा रहता है। ऐसे में जब एक छोटे कर्मचारी के साथ अन्याय हुआ है, तो उसका विरोध करना भी जरूरी है।   इस दौरान ज्ञापन का वाचन अशोक योगी द्वारा किया गया। विरोध प्रदर्शन में सैलाना अनुभाग के सभी पटवारी एवं तीनों तहसीलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।