Ratlam News: पंचकल्याणक महोत्सव: राज्यपाल थावरचंद गहलोत और मंत्री चैतन्य काश्यप ने दी धर्म और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा  

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सागोद रोड स्थित ऋषभधाम में श्री आदिनाथ कुंदकुंद कहान दिगंबर जैन मंदिर परमार्थिक समिति द्वारा आयोजित पंचकल्याणक महोत्सव के जन्म कल्याणक महोत्सव में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत और कैबिनेट मंत्री  चैतन्य काश्यप ने शिरकत की। इस मौके पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजकुमार अजमेरा, सचिव जिनेंद्र जैन, सुशील अजमेरा, गौरव अजमेरा, मुकेश मोठिया, कीर्ति बड़जात्या, और महेंद्र अजमेरा ने राज्यपाल और मंत्री का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया।    राज्यपाल गहलोत ने धर्म और मोक्ष का संदेश दिया   कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल गहलोत ने कहा, “पंचकल्याणक महोत्सव जैन धर्म का एक विशिष्ट धार्मिक अनुष्ठान है, जो हमें धर्म, करुणा, अहिंसा और संयम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह महोत्सव तीर्थंकर भगवान के जीवन के पांच महत्वपूर्ण चरणों को आत्मसात करने और आत्मा की दिव्यता को पहचानने का मार्गदर्शक है।”   उन्होंने 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ के आदर्श जीवन का उल्लेख करते हुए कहा, “भगवान नेमिनाथ का जीवन करुणा, अहिंसा और सत्य का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने पंचशील सिद्धांत (अहिंसा, सत्य, ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह) पर चलने का संदेश दिया, जो आज भी मानवता के लिए प्रेरणादायक है।”   मंत्री कश्यप ने सांस्कृतिक और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर   कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने भारतीय संस्कृति की प्राचीनता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “हमारी परंपरा ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के दर्शन पर आधारित है। भारतीय संस्कृति सर्वे भवंतु सुखिनः और ‘जियो और जीने दो’ की भावना को आत्मसात करती है।”   उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर जोर देते हुए कहा, “भारतीय संस्कृति में वृक्ष, जल, भूमि और जीव-जंतुओं की पूजा की परंपरा है। हर व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि वह प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करे।”   सम्मानित अतिथियों की उपस्थिति   इस अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल और मंत्री के साथ कलेक्टर, डीआईजी और एसपी भी मौजूद रहे। समिति की ओर से कलेक्टर का भी सम्मान किया गया।   महोत्सव का महत्व   पंचकल्याणक महोत्सव जैन धर्म के आदर्शों को प्रचारित करने और समाज में नैतिक और मानवीय मूल्यों को स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण आयोजन है। इस महोत्सव ने धर्म और प्रकृति संरक्षण के प्रति समाज को प्रेरित किया।  

Ratlam News: श्री जिनेन्द्र शोभायात्रा से हुआ पंचकल्याणक महोत्सव का शुभारंभ, आज मनेगा गर्भ कल्याणक महोत्सव

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश की स्वर्ण नगरी रतलाम आज सुबह से ही मंगलगान और जयघोष से गूंज उठी। पौष शुक्ल द्वादशी के शुभ अवसर पर श्री नेमीनाथ दिगंबर जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। दिगंबर जैन समाज द्वारा आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ शांति जाप और श्री जिनेन्द्र पूजन से हुआ।   इसके बाद हनुमान रुंडी स्थित नवकार भवन से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्री जिनेन्द्र भगवान और मां जिनवाणी को रजत विमान में विराजमान किया गया। शोभायात्रा में गजराज पर माता-पिता, बग्गियों में सुधर्म इंद्र, अन्य इंद्र और राजा-रानी शामिल हुए। मंगलगान और जयघोष करते हुए अपार जनसमूह के साथ शोभायात्रा सागोद रोड स्थित ऋषभ धाम पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर इस चल समारोह का भव्य स्वागत किया गया।   ऋषभ धाम पहुंचकर श्री जिनेन्द्र पूजन और ध्वजारोहण की रस्म संपन्न हुई, जिसका सौभाग्य प्रदीप चौधरी परिवार (किशनगढ़) को प्राप्त हुआ। प्रतिष्ठा मंडप का उद्घाटन भीलवाड़ा के मंजू प्रदीपकुमार गदिया परिवार द्वारा किया गया। इसके साथ ही प्रतिष्ठा मंच का उद्घाटन अचरज देवी निहालचंद पीतल फैक्ट्री (जयपुर) और याग मंडल विधान का उद्घाटन गेंदालाल महेन्द्रकुमार मोठीया परिवार द्वारा किया गया।   महत्वपूर्ण अनुष्ठान नांदी कलश की स्थापना माता-पिता शिवा देवी समुद्र विजय जी द्वारा की गई। प्रतिष्ठाचार्य द्वारा इंद्र प्रतिष्ठा विधि सम्पन्न कराई गई। दोपहर में याग मंडल विधान में माता-पिता, सौधर्म इंद्र-इंद्राणी, कुबेर और यज्ञ नायक सहित सभी इंद्रों ने भाग लिया।   शाम को बाल कक्षा का आयोजन हुआ और अतिथि विद्वानों के प्रवचनों का लाभ लिया गया। सभा के अंत में माता के सोलह स्वप्नों का प्रदर्शन और नृत्यगान के साथ छप्पन कुमारिकाओं द्वारा सेवा की गई।   आज गर्भ कल्याणक महोत्सव का आयोजन महोत्सव के दूसरे दिन, 11 जनवरी, पौष शुक्ल तेरस को गर्भ कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा।   अध्यक्ष राजकुमार अजमेरा और मीडिया प्रभारी राकेश पोरवाल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 6 बजे प्रभात मंगल गीत, शांति जाप और श्री जिनेन्द्र पूजन के साथ होगा।   सुबह 8:30 बजे माताजी के जागरण, इंद्र सभा और राज सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सौधर्म इंद्र द्वारा गर्भ कल्याणक पूजन होगा।   दोपहर 2:15 बजे वेदी शुद्धि हेतु घट यात्रा निकाली जाएगी, जो जैन स्कूल से नव निर्मित दिगंबर जिन मंदिर (राम मोहल्ला) तक पहुंचेगी। यहां सौभाग्यशाली परिवारों द्वारा वेदी की शुद्धि की जाएगी।   शाम 6 बजे बाल कक्षा, 6:30 बजे जिनेन्द्र भक्ति और रात 7 बजे गुरुदेव श्री के प्रवचन की सीडी का लाभ लिया जा सकेगा। 7:30 बजे मोटिवेशनल स्पीकर शुद्धात्मप्रकाश भारिल्ल (जयपुर) का विशेष सत्र होगा। अंत में 8:30 बजे माता शिवा देवी और अष्ट कुमारिकाओं की चर्चा के साथ गर्भ कल्याणक महोत्सव की खुशियां मनाई जाएंगी।   सकल समाज को महोत्सव में सादर आमंत्रित किया गया है।

Ratlam News: पंचकल्याणक महोत्सव का भव्य शुभारंभ कल से, देशभर से जुटेंगे श्रद्धालु

श्री जिनेन्द्र एवं जिनवाणी शोभा यात्रा के साथ होगा ध्वजारोहण रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: श्री आदिनाथ कुंदकुंद कहान दिगंबर जैन पारमार्थिक समिति, तत्व लहर महिला मंडल और सकल दिगंबर जैन समाज के संयुक्त तत्वावधान में कल, 10 जनवरी, पौष शुक्ल द्वादशी के दिन भगवान अजितनाथ के ज्ञानकल्याणक महोत्सव के शुभ अवसर पर रतलाम में श्री 1008 नेमीनाथ दिगंबर जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। इस अवसर पर देशभर से सैकड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।   कार्यक्रम का विस्तृत विवरण महोत्सव का शुभारंभ प्रातः मंगलाचरण और प्रभात गीत से होगा।   – सुबह 6:30 बजे: शांति जाप का आयोजन सांगोद रोड स्थित ऋषभ धाम शौरीपुर नगरी में होगा।   – सुबह 7 बजे: श्री जिनेन्द्र पूजन नवकार भवन में होगा।   – सुबह 7:45 बजे: मंगल कलश एवं नांदी कलश विधि माता-पिता के घर राम मोहल्ला से प्रारंभ होगी।   – सुबह 8:30 बजे: श्री जिनेन्द्र एवं जिनवाणी शोभा यात्रा नवकार भवन से ऋषभ धाम तक निकाली जाएगी।   – सुबह 10:30 बजे: उद्घाटन समारोह।   – 11:30 बजे: इंद्र प्रतिष्ठा।   – दोपहर 1:30 बजे: शास्त्र प्रवचन।   – 2:15 बजे: याग मंडल विधान।   – शाम 6 बजे: बाल कक्षा और श्री जिनेन्द्र भक्ति।   – रात्रि 7 बजे: गुरुदेवश्री के सीडी प्रवचन।   – 7:30 बजे: शास्त्र प्रवचन।   – 8:15 बजे: इंद्र सभा, राज सभा, सोलह स्वप्नों का प्रदर्शन और नृत्य-गान के साथ 56 कुमारिकाओं द्वारा माता की सेवा।   माता की गोद भराई और मेहंदी का आयोजन महोत्सव से पूर्व, विभिन्न महिला मंडलों ने माता की गोद भराई और मेहंदी कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर तत्व लहर महिला मंडल, सकल दिगंबर महिला मंडल, विद्या सिंधु महिला मंडल, और सम्यक तरंग महिला मंडल ने अपनी विशेष प्रस्तुतियां दीं।   तत्व लहर महिला मंडल की आभा अजमेरा, दीपा जैन, मेघना बड़जात्या, ललिता पाटौदी, प्रीति गोधा और श्वेता पाटनी ने सभी का आभार व्यक्त किया।   समिति की अपील महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजकुमार अजमेरा, उपाध्यक्ष कीर्ति बड़जात्या, जिनेन्द्र जैन, सुशील अजमेरा, महेंद्र अजमेरा, विजय बड़जात्या, मुकेश मोठिया, कमल पाटनी, संजय गोधा और प्रमोद पाटनी ने सकल जैन समाज और धर्मप्रेमी बंधुओं से महोत्सव में भाग लेकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।   यह पंचकल्याणक महोत्सव रतलाम शहर के लिए न केवल आध्यात्मिक बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी ऐतिहासिक होगा। श्रद्धालु इस आयोजन का लाभ लेकर धर्म, ज्ञान और भक्ति का अनुभव करेंगे।

Ratlam News: रतलाम में त्वचा रोगियों के लिए विशेष शिविर का आयोजन, इस रविवार शहर के प्रसिद्ध डॉक्टर देंगे सेवाएं

रतलाम। Ratlam News: शहर के भारत मेडिकल स्टोर एवं क्लीनिक के तत्वावधान में इस रविवार को एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें त्वचा रोग, कुष्ठ रोग, और गुप्त रोग से संबंधित समस्याओं का निवारण किया जाएगा। यह शिविर उन लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जो त्वचा संबंधी बीमारियों और देखभाल के उपायों पर विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लेना चाहते हैं।यह शिविर त्वचा की देखभाल और बीमारियों के उपचार के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जो स्थानीय निवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगा।उचित परामर्श के साथ-साथ आवश्यक दवाइयां और जीवनशैली से जुड़े सुझाव दिए जाएंगे। शिविर में भाग लेने के लिए आपको भारी भरकम फीस से छुटकारा मिलेगा। त्वचा रोग पर विशेष शिविरइस शिविर में प्रसिद्ध त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेशकुमार मीना (एमबीबीएस, एमडी) अपनी सेवाएं देंगे। डॉ. मीना रतलाम के प्रतिष्ठित चिकित्सकों में से एक हैं और त्वचा रोग, कुष्ठ रोग, तथा गुप्त रोगों के उपचार में विशेषज्ञता रखते हैं। शिविर में निम्नलिखित समस्याओं का समाधान किया जाएगा: ऐसे करवा सकते है रजिस्ट्रेशनशिविर का आयोजन गायत्री टाकीज रोड स्थित भारत क्लिनिक (6, शहर सराय, गायत्री टॉकीज के पास, रतलाम) पर होगा। जिसके लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क मात्र 100 रुपए का रहेगा। शिविर रविवार यानी 12 जनवरी को दोपहर 12 से 4 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में भाग लेने से पहले आपको दिए गए नंबर 9644650272, 831997837 पर कॉल कर रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। शिविर में त्वचा की देखभाल और त्वचा को स्वस्थ रखने के उपायों पर विस्तृत मार्गदर्शन। त्वचा रोग के प्रति जागरूक हो जनताइस शिविर का मुख्य उद्देश्य है कि लोग त्वचा से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लें और विशेषज्ञ से उचित उपचार लें। बदलती जीवनशैली, खानपान की आदतें, और बढ़ते प्रदूषण के कारण त्वचा संबंधी समस्याएं आम हो गई हैं। ऐसे में, यह शिविर आमजन को स्वास्थ्य और सुंदरता दोनों के प्रति जागरूक करेगा। अधिक जानकारी व रेजिस्ट्रेशन के लिए 9644650272, 831997837 नंबर पर कॉल कर सकते है।

MP News: पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में सैलेरी के पड़े लाले, 126 कर्मचारी कर रहे विरोध की तैयारी

रतलाम – पब्लिक वार्ता, जयदीप गुर्जर। MP News: प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय कला एवं विज्ञान विद्यालय (PM College of excellence) के कर्मचारियों को माह दिसंबर 2024 का वेतन अभी तक नहीं मिला है, जिसके कारण मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ की ओर से महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कर्मचारियों को तत्काल वेतन देने की मांग की गई है। संघ के संरक्षक मुनीर खान ने बताया कि यदि सात दिन के भीतर कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जाता है, तो संगठन आंदोलन की राह अपनाएगा। ज्ञापन प्रस्तुत करते समय संघ के कोषाध्यक्ष शांतिलाल चौहान, जिला सचिव गोविंद सोनगरा, राधेश्याम मालाकार, विभागीय संयोजक प्रकाश खींची, वीरेंद्र सिंह तंवर के साथ महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, शासकीय तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तथा जनभागीदारी कर्मचारी भी मौजूद थे। लोन की किस्तें चूके, लगी पेनल्टी सचिव गोविंद सोनगरा के अनुसार 126 कर्मचारियों को दिसंबर 2024 का वेतन आज, 7 जनवरी 2025 तक नहीं मिला है। कर्मचारियों को वेतन न मिलने के कारण उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर उन कर्मचारियों को, जिनके बैंक में लोन हैं, जिनकी वजह से उन्हें पेनल्टी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही कर्मचारियों की साख (सिविल) पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ा है। महाविद्यालय के कर्मचारियों का कहना है कि वेतन में देरी से उनके परिवारों पर आर्थिक और मानसिक दबाव बढ़ा है। इस संबंध में म.प्र. लघुवेतन कर्मचारी संघ, रतलाम के जिला सचिव गोविंद सोनगरा ने महाविद्यालय प्रशासन से शीघ्र वेतन भुगतान की मांग की है। उनका कहना है कि अगर सात दिनों के भीतर वेतन का भुगतान नहीं होता है, तो संगठन विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा। इस मामले की पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।

Ratlam News: बाबूस टीम ने जीता माधव राव कॉमरेड ट्रॉफी का फाइनल, ₹1 लाख की इनामी राशि हासिल की  

रतलाम-पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: स्व. कन्हैया लाल जी गोमे की स्मृति में आयोजित माधव राव कॉमरेड ट्रॉफी का शानदार समापन हुआ। इंडिया स्पोर्ट्स के तत्वावधान में हुए इस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में ₹1,00,000 की इनामी राशि के लिए बाबूस 11 और रिलायबल टीम आमने-सामने रहीं।   फाइनल मैच में रिलायबल टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। हालांकि, टीम का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा और पूरी टीम 77 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में, बाबूस 11 ने रोमांचक मुकाबले में आखिरी ओवर में जीत दर्ज कर ₹1,00,000 की इनामी राशि और ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। वहीं, उपविजेता रिलायबल टीम को ₹50,000 की नगद राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई।   मुख्य अतिथियों ने दी शुभकामनाएं   इस मौके पर फाइनल मैच के मुख्य अतिथि रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद श्री गुमान सिंह डामोर रहे। उनके साथ राजेंद्र पाटीदार, जवाहर व्यायाम शाला के संचालक गौरव जाट, वैभव जाट, पूर्व पार्षद सूरज सिंह जाट, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विप्लव जैन, मंडल अध्यक्ष राहुल राका, और मदन सोनी भी उपस्थित रहे।   स्पर्धा संरक्षक के रूप में श्रीनिवास राव जाधव और संयोजक भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री अजय गोमे ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली।   आयोजन समिति और निर्णायक मंडल   फाइनल मैच के दौरान गोविंद मालवीय ने कॉमेंट्री की, जबकि विशाल हिरवे ने स्कोरिंग का कार्यभार संभाला। मैच का संचालन अंपायर ईश्वर राठौर और अखिलेश राव ने किया।   इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य मोहन जटा, राहुल मेघवाल, सोनू बटला, नोमान अली, आशीष सुमित, लखन राणा, पंकज भाऊ, राहुल सुमित, शेखर, और आदित्य भी मौजूद रहे।   फाइनल मैच की मुख्य झलकियां   – विजेता टीम: बाबूस 11 – ₹1,00,000 और ट्रॉफी   – उपविजेता टीम: रिलायबल – ₹50,000 और ट्रॉफी   – रिलायबल का स्कोर: 77 रन (ऑलआउट)   – बाबूस 11 का प्रदर्शन: आखिरी ओवर में शानदार जीत    खेल प्रेमियों में उत्साह   इस टूर्नामेंट ने न केवल खिलाड़ियों बल्कि खेल प्रेमियों के बीच भी काफी उत्साह पैदा किया। आयोजन की सफलता के लिए सभी प्रतिभागी टीमों और समिति सदस्यों को बधाई दी गई। माधव राव कॉमरेड ट्रॉफी ने रतलाम जिले के खेल आयोजनों में एक नई ऊर्जा का संचार किया।  

Ratlam News: भगवान नेमीनाथ जिनबिंब पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव 10 से 15 जनवरी तक, तैयारियां जोरों पर

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: श्री आदिनाथ कुंदकुंद कहान दिगंबर जैन पारमार्थिक समिति के तत्वावधान में श्री तत्व लहर महिला मंडल व सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा 10 से 15 जनवरी तक भगवान नेमीनाथ दिगंबर जिनबिंब पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर से समाजजन शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।   प्रमुख अतिथि और विद्वानों का होगा आगमन आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय बड़जात्या (इंदौर), उपाध्यक्ष कीर्ति बड़जात्या, कोषाध्यक्ष मुकेश मोठिया, सचिव जिनेंद्र पाटनी, सहसचिव अंकित पाटनी ने बताया कि महोत्सव में शामिल होने के लिए कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।   महोत्सव में ख्याति प्राप्त विद्वान जैसे पंडित राजेंद्र कुमार जैन (जबलपुर), पंडित राजकुमार शास्त्री (उदयपुर), डॉ. मनीष जैन शास्त्री (मेरठ), पंडित विपिन शास्त्री (नागपुर), पंडित विवेक जैन (छिंदवाड़ा) और डॉ. सौरभ शास्त्री (इंदौर) उपस्थित रहेंगे। साथ ही, सुप्रसिद्ध हस्तियां सुशील कुमार जैन चक्रेश (कोलकाता) और श्री पदमकुमार पहाड़िया (इंदौर) भी शिरकत करेंगी।   महोत्सव का छह दिवसीय कार्यक्रम भगवान नेमीनाथ के पंच कल्याणक महोत्सव में विभिन्न धार्मिक गतिविधियां होंगी:   – 10 जनवरी: भगवान के जन्म से छह माह पूर्व की पूर्व क्रिया।   – 11 जनवरी: गर्भ कल्याणक।   – 12 जनवरी: जन्म कल्याणक।   – 13 जनवरी: तप कल्याणक।   – 14 जनवरी: ज्ञान कल्याणक।   – 15 जनवरी: मोक्ष कल्याणक।   महोत्सव का आयोजन ऋषभ धाम सागोद में होगा।   राम मोहल्ला में मंदिर निर्माण पूर्ण, सागोद में मान स्तंभ तैयार   शहर के राम मोहल्ला में श्री आदिनाथ सीमंधर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है। इसमें भगवान आदिनाथ की 61 इंची प्रतिमा सहित सीमंधर स्वामी, पार्श्वनाथ स्वामी और नेमीनाथ स्वामी की प्रतिमाएं प्रतिष्ठित की जाएंगी।   सागोद स्थित ऋषभ धाम पर 36 फीट ऊंचे मान स्तंभ का निर्माण भी पूरा हो चुका है। मंदिर निर्माण में पंडित विवेक जैन (छिंदवाड़ा) और इंजीनियर विनोद निरखे (मलकापुर) का योगदान सराहनीय रहा।   प्रतिष्ठा विधि का संचालन प्रतिष्ठाचार्य पंडित रजनी भाई दोशी करेंगे   महोत्सव की प्रतिष्ठा विधियां प्रतिष्ठाचार्य पंडित रजनी भाई दोशी (हिम्मतनगर) की अगुवाई में होंगी। निर्देशन पंडित विराग शास्त्री (जबलपुर) करेंगे। सह प्रतिष्ठाचार्य के रूप में पंडित संजय शास्त्री (कोटा), डॉ. मनोज जैन और श्रेणिक जैन (जबलपुर) उपस्थित रहेंगे।   भगवान नेमीनाथ के पंच कल्याणक महोत्सव में समाजजन के लिए आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभवों की अनूठी प्रस्तुति होगी।

Ratlam News: शांतिकुंज हरिद्वार से पूजित चरण पादुकाएँ बांगरोद पहुँची, 24 कुण्डीय गायत्री यज्ञ के साथ होगी स्थापना

रतलाम-पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के समीप स्थित ग्राम बांगरोद के श्रीराम गौशाला एवं गायत्री धाम में “प्रखर प्रज्ञा – सजल श्रद्धा” नामक नवनिर्मित चरणपीठ में शांतिकुंज हरिद्वार से लाई गई अभिमंत्रित एवं पूजित चरण पादुकाओं की स्थापना की जाएगी। यह स्थापना आगामी 22 से 25 जनवरी 2025 तक आयोजित 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के अंतर्गत होगी।   गुरुवार सुबह शांतिकुंज हरिद्वार से चरण पादुकाएँ लेकर रतलाम एवं बांगरोद के गायत्री परिजनों का दल बांगरोद पहुँचा। पादुकाओं के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में गायत्री परिजन और ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने पूरे उत्साह के साथ पादुकाओं का फूल-मालाओं और श्रद्धापूर्वक पूजन से स्वागत किया।   चल समारोह और स्वागत कार्यक्रम   चरण पादुकाओं को ग्राम में एक भव्य चल समारोह के रूप में ले जाया गया। इस दौरान गायत्री परिजनों ने मंत्रोच्चार, भजन और गीत गाकर वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। ग्राम के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए यह चल समारोह श्रीराम गौशाला स्थित गायत्री धाम पहुँचा। यहां मंत्र जाप, पुष्पांजलि और पूजन के साथ पादुकाओं को सम्मानपूर्वक रखा गया।   महायज्ञ का आयोजन गायत्री परिवार ट्रस्ट और शांतिकुंज हरिद्वार से आने वाली आचार्य टोली 22 से 25 जनवरी 2025 तक होने वाले इस 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का संचालन करेगी। इस महायज्ञ के माध्यम से चरण पादुकाओं की स्थापना विधि-विधान से की जाएगी।   विशेष अतिथियों की उपस्थिति स्वागत समारोह में गायत्री परिवार नगर ट्रस्ट के पातीराम शर्मा, जिला समन्वयक दामोदर शर्मा, प्रांतीय युवा प्रमुख विवेक चौधरी, मदनमोहन साहू, तहसील संयोजक लाला भाई पाटीदार, प्रज्ञा मंडल अध्यक्ष पन्नालाल सूर्या, और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। महिला मंडल की डॉली साहू, वीणा पाठक, ज्योति गौड़ और अन्य परिजन भी इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।   गायत्री महायज्ञ एवं चरण पादुकाओं की स्थापना के साथ यह आयोजन ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र बनेगा।

Ratlam News: पटवारियों ने 15 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर, एसडीएम और कोषालय अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में पटवारियों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर प्रांतीय पटवारी संघ रतलाम के सदस्यों ने आज कलेक्टर भू-अभिलेख, एसडीएम रतलाम शहर और जिला कोषालय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में 15 सूत्रीय मांगों के साथ अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की गई।   मुख्य मांगें कलेक्टर भू-अभिलेख को सौंपे गए ज्ञापन में पटवारियों ने निम्न प्रमुख मांगें रखीं:   1. भूमि रिपोर्ट फॉर्म सी की अनिवार्यता समाप्त की जाए।   2. वेब जीआईएस और सारा सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।   3. एग्रीस्टेक भत्तों का बजट सुनिश्चित किया जाए।   4. समयमान वेतनमान स्वीकृत होने के बावजूद भुगतान न होने की समस्या का समाधान किया जाए।   5. डीए एरियर और अतिरिक्त हलकों के मानदेय का जल्द भुगतान किया जाए।   6. स्वामित्व योजना और अन्य योजनाओं का मानदेय जारी किया जाए।   7. लंबित मोबाइल और लैपटॉप भुगतान जल्द किया जाए।   8. खसरा और बी-1 की अद्यतन प्रति पटवारियों को उपलब्ध कराई जाए।   9. खातेदारों की सहमति के बिना शामिलाती भूमि का हिस्सा खोलने की प्रक्रिया को रोका जाए।   एसडीएम के समक्ष रखी मांगें एसडीएम रतलाम शहर को ज्ञापन सौंपते हुए पटवारियों ने बताया कि:   – नवंबर माह में हड़ताल अवधि का वेतन स्वीकृत किए जाने के आदेश के बावजूद अभी तक भुगतान नहीं हुआ है।   – अतिरिक्त हलकों और स्वामित्व योजना का मानदेय लंबित है।   – बिना लिखित आदेश और भत्ते के पटवारियों को कोर्ट मामलों में भेजा जा रहा है।   कोषालय अधिकारी से प्रशिक्षण की मांग जिला कोषालय अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में पटवारियों ने बिल और मानदेय भुगतान में आ रही त्रुटियों को लेकर कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण की मांग की। कोषालय अधिकारी ने इस पर अपनी सहमति दी।   लंबित मांगों पर चेतावनी जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाटीदार ने कहा कि पटवारी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। यदि मांगों का निराकरण जल्द नहीं किया गया, तो मजबूरन चरणबद्ध आंदोलन करना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।   पटवारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ज्ञापन देने के दौरान जिले के सभी तहसील अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पटवारी उपस्थित रहे।  

Ratlam News: शिक्षा गुणवत्ता और शिक्षक सम्मेलन 2024 का भव्य आयोजन

“शिक्षा एक संस्कार है और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अहम है” – मंत्री चेतन्य काश्यप रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: आजाद अध्यापक शिक्षक संघ द्वारा आयोजित शिक्षा गुणवत्ता एवं शिक्षक सम्मेलन 2024 विधायक सभागृह रतलाम में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मप्र शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि “शिक्षा एक संस्कार है और शिक्षकों की भूमिका राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण है। शिक्षक केवल सामान्य कर्मचारी नहीं, बल्कि समाज में विशेष सम्मान के पात्र हैं। उनका आचार और व्यवहार बच्चों के जीवन पर गहरा प्रभाव डालता है।”  सम्मेलन में मंत्री काश्यप ने शिक्षकों की समस्याओं और सुझावों पर ध्यान देने का आश्वासन दिया और कहा कि संघ द्वारा मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री तक मुद्दों को पहुंचाया जाएगा। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता और शिक्षक-छात्र संबंध को बेहतर बनाने पर जोर दिया।  संघ ने सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापनआजाद अध्यापक शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष भरत पटेल ने शिक्षकों की ग्रेच्युटी, पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति और शिक्षा विभाग के मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मंत्री काश्यप को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया। पटेल ने कहा कि शिवराज सरकार ने शिक्षकों को छठा और सातवां वेतनमान, शासकीय कर्मचारी का दर्जा और शिक्षक का पदनाम दिया, जिसके लिए शिक्षक आभारी हैं।  विशेष अतिथियों ने किया संबोधितमहापौर प्रहलाद पटेल ने स्कूलों में स्वच्छता को बढ़ावा देने की बात कही और कहा कि नगर निगम सभी शासकीय प्राथमिक विद्यालयों की सफाई सुनिश्चित करेगा। नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने भी शिक्षकों के योगदान को सराहा। रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी ने कहा कि यह आयोजन शिक्षकों की एकता और जिम्मेदारी को दर्शाता है।  सीएम राइज विनोबा स्कूल का सम्मानसम्मेलन में रतलाम के सीएम राइज विनोबा स्कूल को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। स्कूल की प्राचार्य संध्या वोरा और उनकी टीम को मुख्य अतिथि और संघ के प्रांताध्यक्ष ने स्मृति चिह्न भेंट किए।  सरस्वती पूजन और स्वागत के साथ हुआ शुभारंभकार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा और वंदना के साथ हुआ। संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गौंड ने संघ के उद्देश्य और कार्यों पर प्रकाश डाला। संचालन नीरज शुक्ला और अदिति मिश्रा ने किया।  सम्मेलन में सैकड़ों शिक्षक हुए शामिल  समारोह में जिले के सैकड़ों शिक्षक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में जिला संयोजक कैलाश जादौन, जिला प्रवक्ता सादिक मोहम्मद खान सहित अन्य पदाधिकारियों का सहयोग रहा।

↑
0%