Ratlam News: रॉयल कॉलेज खेल महोत्सव में क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत

रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स द्वारा आयोजित खेल महोत्सव में अंतर-कक्षा क्रिकेट टूर्नामेंट का आज भव्य शुभारंभ हुआ। इस टूर्नामेंट में विभिन्न संकायों की कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का आयोजन रॉयल कॉलेज कैंपस के खेल मैदान में किया जा रहा है और यह नॉकआउट पद्धति पर आधारित है।  टूर्नामेंट में मैच टेनिस बॉल से खेले जा रहे हैं। प्रारंभिक दौर के मैच सीमित ओवरों में होंगे, जबकि सेमीफाइनल 15-15 ओवरों और फाइनल 20 ओवरों का होगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन प्रमोद गुगालिया और डायरेक्टर डॉ. उबेद अफजल ने खिलाड़ियों का परिचय लेकर किया।  शुभारंभ के मौके पर श्री गुगालिया ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक संतुलन और एकाग्रता को बढ़ाता है, बल्कि विद्यार्थियों को तन और मन से स्वस्थ बनाता है। स्वस्थ शरीर और मन ही पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में सफलता दिला सकते हैं।  इस टूर्नामेंट की जानकारी देते हुए संयोजक प्रो. कपिल केरोल ने बताया कि उद्घाटन मैच फार्मेसी द्वितीय वर्ष और बीबीए द्वितीय वर्ष की टीमों के बीच हुआ, जिसमें बीबीए की टीम ने जीत दर्ज की।  क्रिकेट टूर्नामेंट का संचालन डॉ. प्रवीण मंत्री, डॉ. अमित शर्मा, दिनेश राजपुरोहित, गजराज सिंह राठौड़ और शैलेन्द्र सिंह पंवार कर रहे हैं।  खेल और शिक्षा के समन्वय का यह प्रयास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की ओर एक कदम है।

Ratlam News: राॅयल कॉलेज खेल महोत्सव: छात्राओं ने दिखाया दमखम, छात्रों के खेल देखना बाकी

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: राॅयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में आज से राॅयल खेल महोत्सव का आयोजन शुरू हुआ। यह महोत्सव 18 नवंबर से 26 नवंबर तक चलेगा और दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में छात्राओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जबकि दूसरे चरण में छात्रों के लिए प्रतिस्पर्धाएं होंगी।  आज पहले दिन छात्राओं की खेल प्रतियोगिताओं का शानदार आगाज हुआ, जिसमें 437 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें फार्मेसी कोर्स से 106, एमबीए व बीबीए से 120, बीएससी कंप्यूटर साइंस से 66, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी से 110, नर्सिंग से 15 और बीसीए से 20 छात्राओं ने हिस्सा लिया।  प्रतियोगिताओं में लेमन स्पून रेस, चेयर रेस, खो-खो, योगा, 100 मीटर रेस, 400 मीटर रिले रेस, टग ऑफ वार** जैसी खेल विधाएं शामिल थीं।  महोत्सव में खेल समन्वयक के रूप में प्राध्यापक दीपिका कुमावत व उनकी टीम ने सफलतापूर्वक भूमिका निभाई, जबकि निर्णायक कमेटी की जिम्मेदारी डाॅ. रविन्द्र कौर अरोरा व उनकी टीम ने संभाली। खेल प्रतियोगिताओं का संचालन  प्रशासक डाॅ. डी.आर. पुरोहित द्वारा किया गया।  छात्राओं ने न केवल खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लिया, बल्कि अपने प्रदर्शन से खेल भावना का शानदार परिचय दिया। अब सभी को 26 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव के दूसरे चरण का इंतजार है, जिसमें छात्रों के बीच क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल और वाॅलीबॉल जैसी प्रतियोगिताएं होंगी।

Ratlam News: एसपी और निगम कमिश्नर के आदेशों की बेख़ौफ धज्जियां उड़ाते मोबाइल दुकानदार

सैलाना बस स्टैंड चौराहे पर मोबाइल दुकानदारों का अतिक्रमण जारी, सांठगांठ का सारा खेल! रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज डेस्क। Ratlam News: दिवाली के सीजन में कुछ दुकानदारों ने ऐसे दुकानें सजा रखी है, जैसे इनके घर पर कोई वैवाहिक समारोह आयोजित किया जा रहा हो। नियमों को ताक पर रखकर इन्होंने आम नागरिकों के लिए समस्याएं खड़ी कर दी है। ऐसे में वाहन तो ठीक पर पैदल चलने वालों तक फजीहत में पड़ गए है। क्योंकि फुटपाथ तो ठीक इन्होंने सड़क तक घेर ली है। रतलाम में एसपी अमित कुमार ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए “एक दिवस एक रोड अभियान” जैसी पहल शुरू की थी, जिससे नागरिकों में उम्मीद जागी। लेकिन एसपी और निगम कमिश्नर के आदेशों के बावजूद, बड़े दुकानदार और रसूखदार अपनी मनमानी करने में लगे हुए हैं। इन दुकानदारों में जीवन मोबाइल, नाकोड़ा NX, सतगुरु मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक आदि है। ऐसे ही शहर के अन्य हिस्सों में भी यही हाल है। खास बात यह है की इस चौराहे पर पुलिस वाहनों की चालानी कार्रवाई करती है। शहर के प्रमुख चौराहे सैलाना बस स्टैंड (महाराणा प्रताप चौराहा) पर मोबाइल दुकानदारों द्वारा खुलेआम फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण जारी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां सड़कों पर वाहन पार्किंग के कारण जाम की स्थिति रोजाना बन रही है। यहां दुकानदारों अपना घर समझकर टेबल कुर्सियां लगाकर बैठे है। जिस पर ग्राहकों को बैठाकर लोन व फाइनेंस की स्कीम बताकर मोबाइल बेचे जा रहे है। बड़े दुकानदारों का हौसला बुलंद, छोटे दुकानदारों पर कार्रवाईसूत्रों के अनुसार, निगम के कुछ जिम्मेदारों की सांठगांठ से इन दुकानदारों को कार्रवाई का डर नहीं है। जीवन मोबाइल, नाकोड़ा NX, सतगुरु मोबाइल जैसे दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर तक फ्लेक्स और टेबल लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। यहां आने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़कों पर पार्क कर रहे हैं, जिससे चौराहे पर जाम की स्थिति बन जाती है। इनके रसूख के चलते जिम्मेदार इन पर कार्रवाई से बचते है। दो दिन पहले की गई खानापूर्तिदिवाली से पहले यातायात पुलिस और निगम की टीम ने एक संयुक्त अभियान चलाकर अस्थाई अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया। लेकिन टीम के प्रभारी राजेंद्र सिंह पंवार ने छोटे दुकानदारों को चेतावनी देने के बाद खानापूर्ति कर दी और कुछ चालान काटे। जैसे ही टीम जीवन मोबाइल, नाकोड़ा NX, और सतगुरु मोबाइल जैसी दुकानों पर पहुंची, कार्रवाई ढीली पड़ गई। पुलिस के जवान इस स्थिति में असहाय नजर आए क्योंकि निगम द्वारा छोटे और बड़े दुकानदारों में भेदभाव स्पष्ट दिखाई दिया। क्या बोले जिम्मेदार अधिकारी?नगर निगम कमिश्नर हिमांशु भट्ट ने बताया कि अस्थाई अतिक्रमण की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ट्रैफिक अनिल राय ने कहा कि फुटपाथ और पार्किंग की व्यवस्था जरूरी है और अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि दिवाली पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने का पूरा प्रयास किया जाएगा, और चेतावनी दी गई है कि अतिक्रमण तुरंत हटाएं। रतलाम के नागरिकों को अब निगम और पुलिस प्रशासन से उम्मीद है कि बड़े और छोटे दुकानदारों के बीच भेदभाव किए बिना उचित कार्रवाई की जाएगी।

Western Railway: विरोध के बाद रतलाम रेल मंडल ने अपना आदेश रोका, डेमू रेक और समय नहीं बदला जाएगा

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Western Railway: रतलाम रेल मंडल (Ratlam Railways) द्वारा मेमू रेक से ट्रेनों के संचालन को लेकर जारी किए गए आदेश को फिलहाल होल्ड कर दिया गया है, और अगले आदेश तक मौजूदा ट्रेनें पूर्वानुसार चलती रहेंगी। 28 अक्टूबर 2024 से रतलाम-भीलवाड़ा-रतलाम एक्सप्रेस (Ratlam To Bhilwara Demu Train) को डेमू के स्थान पर मेमू रेक से संचालित करने का आदेश जारी किया गया था। साथ ही कुछ ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के समय और प्लेटफॉर्म में बदलाव भी किए गए थे। मंडल के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीणा ने बताया की अपरिहार्य कारणों से इस फैसले को रोका गया है। शुक्रवार को जारी आदेश 24 घंटे के भीतर शनिवार को वापस ले लिए गए। मालवा रेल फेन क्लब के शिवम राजपुरोहित ने आदेश आने के बाद उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और विरोध किया। जिसके बाद इस फैसले को वापस ले लिया गया। दरअसल रतलाम मंडल को रेलवे बोर्ड द्वारा एक मेमू रेक आवंटित किया गया था, जिसके बाद अधिकारियों ने रतलाम-भीलवाड़ा-रतलाम और रतलाम-चित्तौड़गढ़-रतलाम डेमू ट्रेनों (Ratlam To Chittaurgadh Train) को क्रमशः 28 और 29 अक्टूबर से मेमू रेक से संचालित करने का नोटिफिकेशन जारी किया था। इस फैसले से आम यात्रियों को असुविधा होने की संभावना थी, क्योंकि महू से भीलवाड़ा और महू से चित्तौड़गढ़ तक यात्रियों को डेमू ट्रेनों में बिना बदलाव यात्रा करने की सुविधा थी। लेकिन नए फैसले के अनुसार, अब यात्रियों को रतलाम में ट्रेन बदलनी पड़ती, जिससे यात्रियों के सफर में कठिनाइयां आ सकती थीं। इसके अलावा, आदिवासी अंचल की लाइफलाइन मानी जाने वाली दाहोद-रतलाम-उज्जैन मेमू ट्रेन के समय में भी बदलाव से यात्रियों को मुश्किल होती। मेमू रेक को नहीं जाने देना चाहते थे!क्लब के शिवम राजपुरोहित ने बताया की मंडल प्रबंधक का बयान आया की रतलाम मंडल को केवल एक मेमू रेक मिला था, और इसे हाथ से जाने नहीं देना चाहते थे, इसलिए यह निर्णय लिया गया। इस निर्णय पर मालवा रेल फेन क्लब ने सवाल उठाते हुए सुझाव दिया कि मेमू रेक (Memu Train) का उपयोग उज्जैन-चित्तौड़गढ़-उज्जैन एक्सप्रेस में फतेहाबाद के रास्ते किया जा सकता था ताकि यह रेक रतलाम मंडल के अधीन ही रहता। उन्होंने महू-भीलवाड़ा और महू-चित्तौड़गढ़ डेमू गाड़ियों (Demu Train) को यथावत बनाए रखने की मांग की, जिससे आम यात्रियों को बिना किसी बदलाव के यात्रा जारी रखने का विकल्प मिलता। इस आदेश का विरोध किया गया, जिसके परिणामस्वरूप अब इस आदेश को रद्द कर दिया गया है।

Ratlam News: महू-नीमच हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर और ट्राले में जोरदार भिड़ंत, चालक की मौत

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: इंदौर से रतलाम की ओर आ रहे एक ट्राले और गलत साइड से आ रहे ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद ट्राला एक झोपड़ी में जा घुसा, जिससे उसमें आग लग गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतक और घायल को अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार, यह हादसा महू-नीमच हाईवे पर रतलाम से लगभग 28 किलोमीटर दूर सातरुंडा चौराहे के पास ग्राम सिमलावदा में हुआ। यहां पर ट्रैक्टर गलत दिशा में जा रहा था, तभी इंदौर की ओर से आ रहे लोहे के एंगल से भरे ट्राले ने उसे टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में ट्रैक्टर चालक दयाराम मुनिया (50), निवासी सिमलावदा ग्राम खेड़ी, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी रमेश ओहरी (50) गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के दौरान ट्रैक्टर एक बिजली के पोल से भी टकराया, जिससे निकली चिंगारियों से ट्राला और ट्रैक्टर में आग लग गई। इसके साथ ही ट्राला पास की झोपड़ी में भी जा घुसा, जिससे झोपड़ी में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हादसे के वक्त झोपड़ी में कोई नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों के अनुसार, दयाराम मुनिया अपने साथी रमेश के साथ खेत जोतकर शाम करीब पौने पांच बजे अपने गांव खेड़ी लौट रहे थे। वे सातरुंडा से करीब 500 मीटर दूर पहुंचे थे कि तभी सामने से आ रहे ट्राले से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। घायल का चल रहा इलाजदुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने मृतक और घायल को वाहनों के बीच से निकालकर अस्पताल भेजा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और घायल रमेश ओहरी का इलाज रतलाम के मेडिकल कॉलेज में जारी है।

MP News: विश्व के हजारों स्कूलों को पछाड़कर अव्वल बना ये सरकारी स्कूल, देश में बनाई अलग पहचान

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। MP News: रतलाम के विनोबा नगर स्थित सीएम राइज स्कूल ने गुरुवार को विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूलों में शीर्ष स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। लंदन स्थित संस्था टी4 एजुकेशन ने वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से रतलाम के इस सरकारी स्कूल को “इनोवेशन श्रेणी” में विश्व का सर्वश्रेष्ठ स्कूल घोषित किया। यह उपलब्धि न केवल स्कूल के लिए, बल्कि भारत के शिक्षा क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण क्षण है। टी4 एजुकेशन की घोषणा टी4 एजुकेशन के संस्थापक और सीईओ श्री विकास पोटा ने सीएम राइज विनोबा नगर स्कूल की टीम और मध्य प्रदेश सरकार को इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि भारत के सरकारी स्कूल भी विश्व स्तरीय शिक्षा प्रदान करने में सक्षम हैं। यह सफलता दुनिया भर के शिक्षकों और नीति निर्माताओं को प्रेरित करेगी।” 100 देशों के स्कूलों को दी मातटी4 एजुकेशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक देशों के हजारों स्कूलों ने भाग लिया था, जिनमें अमेरिका, यूरोप और एशिया के प्रतिष्ठित निजी स्कूल भी शामिल थे। रतलाम के इस स्कूल ने प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में कड़ी टक्कर देते हुए विश्व के शीर्ष 10 स्कूलों में अपनी जगह बनाई, और अंततः इनोवेशन श्रेणी में प्रथम स्थान पर पहुंचा। भावुक हुए स्कूल के सह प्राचार्यस्कूल के सह प्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौर ने इस उपलब्धि पर भावुक होकर कहा, “हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारा स्कूल दुनिया में अव्वल आएगा। हमने चुनौतियों के बीच नए विचारों को वास्तविकता में बदलने के लिए हर दिन संघर्ष किया। यह उपलब्धि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को वैश्विक पहचान दिलाने वाला क्षण है।” मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री की बधाईमध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने भी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि रतलाम के इस स्कूल ने देश के लिए गर्व का क्षण प्रदान किया है। स्कूल की इनोवेटिव गतिविधियांसीएम राइज स्कूल ने विद्यार्थियों की उपस्थिति और दक्षता बढ़ाने के लिए कई इनोवेटिव तरीकों का प्रयोग किया। टीम हडल, कैप्सूल ट्रेनिंग, प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग और लर्निंग शोकेस जैसे कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Jammu & Kashmir Terror Attack: गगनगीर में श्रमिकों पर कायराना हमला, पांच की मौत, चार घायल, पूरे देश में उबाल

श्रीनगर – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Jammu & Kashmir Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गगनगीर, सोनमर्ग में रविवार को हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। ज़ेडमोढ़ सुरंग परियोजना में काम कर रहे श्रमिकों पर हुए इस हमले में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान (SKIMS) में भर्ती कराया गया है। पुलिस और सेना ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। मृतकों में डॉक्टर और इंजीनियर भी शामिलइस हमले में जान गंवाने वालों में मध्य प्रदेश के मैकेनिकल इंजीनियर अमित शुक्ला, बिहार के मोहम्मद हनीफ, कलीम और फहीम नासिर, और जम्मू के शशि अब्रॉल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने निर्माणाधीन सुरंग के पास श्रमिकों के आवास शिविर पर हमला किया। इस हमले में कई लोग घायल हुए, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। केंद्र और राज्य सरकार की कड़ी प्रतिक्रियाइस कायराना हमले पर देशभर में आक्रोश व्याप्त है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे “घृणित और कायरतापूर्ण कृत्य” करार दिया। उन्होंने कहा, “इस हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें हमारे सुरक्षा बलों से कठोरतम जवाब मिलेगा।” शाह ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस हमले पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा, “मैं प्रार्थना करता हूं कि सभी घायल जल्द स्वस्थ हों।” उन्होंने इस प्रकार की घटनाओं को शांति और विकास के खिलाफ साजिश करार दिया। आतंकी हमले से देश में उबालस हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश है। सुरक्षा एजेंसियों ने भी आतंकियों की धरपकड़ के लिए अभियान तेज कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह इलाका ज़ेडमोढ़ सुरंग और राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक काम कर रहे हैं। देशभर से आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांगें उठ रही हैं। जनता और सुरक्षा बल इस हमले को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं हैं, और सरकार से सख्त कदम उठाने की अपील कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार इस हमले से पहले सुरक्षा एजेंसियों को त्योहारों के दौरान कश्मीर में संभावित आतंकी हमलों की खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद इलाके में अलर्ट जारी किया गया था।

Train Time Table: दिवाली से पहले कई ट्रेनों का मार्ग बदला, पश्चिम और उत्तर मध्य रेलवे में यार्ड रिमॉडलिंग कार्य नूं,

भोपाल – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Train Time Table: पश्चिम और उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों में यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, जबलपुर मंडल के कटनी-सिंगरौली खंड में गोंदवाली स्टेशन के यार्ड रिमॉडलिंग कार्य और प्रयागराज मंडल के प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। इन ट्रेनों में कई प्रमुख गाड़ियां शामिल हैं, जो अलग-अलग तारीखों पर अपने निर्धारित मार्ग से हटकर नए मार्गों से संचालित होंगी। पश्चिम मध्य रेलवे में प्रभावित ट्रेनेंपश्चिम मध्य रेलवे के रतलाम मंडल से गुजरने वाली निम्नलिखित ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी: 1. गाड़ी संख्या 19608 मदार जंक्शन-कोलकाता एक्सप्रेस 21 एवं 28 अक्टूबर को कटनी मुडवारा-सतना-प्रयागराज छिवकी- पं. दीनदयाल उपाध्याय जं. होते हुए चलेगी। 2. गाड़ी संख्या 19607 कोलकाता-मदार एक्सप्रेस 17 एवं 24 अक्टूबर को गढ़वा रोड-सोननगर-पं. दीनदयाल उपाध्याय जं.-प्रयागराज छिवकी होते हुए चलेगी। 3. गाड़ी संख्या 18009 संतरागाछी-अजमेर एक्सप्रेस 18 एवं 25 अक्टूबर को गढ़वा रोड-पं. दीनदयाल उपाध्याय जं.-प्रयागराज छिवकी मार्ग से जाएगी। 4. गाड़ी संख्या 18010 अजमेर-संतरागाछी एक्सप्रेस 20 एवं 27 अक्टूबर को कटनी मुड़वारा-सतना-प्रयागराज छिवकी मार्ग से चलेगी। 5. गाड़ी संख्या 19413 अहमदाबाद-कोलकाता एक्सप्रेस 23 अक्टूबर को कटनी मुड़वारा-सतना-प्रयागराज छिवकी मार्ग से चलेगी। 6. गाड़ी संख्या 19414 कोलकाता-अहमदाबाद एक्सप्रेस 19 एवं 26 अक्टूबर को गढ़वा रोड-पं. दीनदयाल उपाध्याय जं.-प्रयागराज छिवकी मार्ग से जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे में प्रभावित ट्रेनें उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में भी ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनें प्रभावित हुई हैं: 1. गाड़ी संख्या 09067 उधना-बरौनी स्पेशल 17 अक्टूबर को इटावा-कानपुर सेंट्रल-लखनऊ-जंघई-वाराणसी मार्ग से चलेगी। 2. गाड़ी संख्या 09068 बरौनी-उधना स्पेशल 18 अक्टूबर को वाराणसी-जंघई-लखनऊ-कानपुर सेंट्रल-इटावा मार्ग से संचालित होगी। विशेष जानकारी:उक्त ट्रेनें अपने परिवर्तित मार्गों से गुजरते समय कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर ठहराव लेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन परिवर्तनों का ध्यान रखें और यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करें।

UP NEWS: मऊ जिला अस्पताल में सांसद और डॉक्टर के बीच तू-तू मैं-मैं, सासंद से कहा- नेतागिरी बाहर करो!, वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। UP NEWS: मऊ जिला अस्पताल में बुधवार को उस समय हंगामा मच गया जब घोसी लोकसभा के सपा सांसद राजीव राय और अस्पताल में तैनात डॉ. सौरभ त्रिपाठी के बीच तीखी बहस हो गई। घटना तब हुई जब सांसद राजीव राय मरीजों की शिकायतों पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि डॉक्टर सौरभ त्रिपाठी अपने कक्ष से बाहर जाने की तैयारी में थे, जबकि मरीजों को उपचार की आवश्यकता थी। जब सांसद ने डॉक्टर को रोकने का प्रयास किया, तो डॉक्टर त्रिपाठी ने आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, “नेतागिरी जाओ बाहर करो।” इस घटना ने सांसद राजीव राय को नाराज कर दिया और दोनों के बीच जमकर बहस हो गई। यह पूरी घटना  कैमरे में कैद हो गई, और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। डॉक्टर पर पहले भी लगे हैं बदसलूकी के आरोपडॉ. सौरभ त्रिपाठी पहले भी अपने बदसलूकी के लिए चर्चा में रहे हैं। कुछ समय पहले उन्होंने अस्पताल में कवरेज करने आए एक पत्रकार के साथ भी दुर्व्यवहार किया था, जिसमें डॉक्टर ने पत्रकार का मोबाइल तोड़ दिया था और हेलमेट से हमला करने का भी आरोप है। इसके बावजूद, डॉक्टर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सांसद की नाराजगी और जांच के आदेशघटना के बाद सांसद राजीव राय ने अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर की और प्रशासन से इस मामले की जांच की मांग की। अस्पताल के सीएमएस डॉ. धनंजय  ने जानकारी दी कि डॉक्टर सौरभ की रिपोर्ट जिलाधिकारी (डीएम) को भेजी जाएगी, और इस मामले की पूरी जांच की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि उच्च स्तरीय जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि मामला अब हाई प्रोफाइल हो चुका है।

When to celebrate Diwali?: देशभर में इस दिन मनेगी 2024 की दिवाली, जयपुर की धर्मसभा में हुआ निर्णय

धर्मसभा में 100 से अधिक विद्वान, ज्योतिषाचार्य और धर्माचार्य उपस्थित हुए, गहन विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि दीपावली (Diwali 2024) का पर्व 31 अक्टूबर 2024 को मनाने का निर्णय जयपुर – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। कब मनाएं दिवाली?: दीपावली पर्व की तिथि को लेकर देशभर में जारी असमंजस के बीच, 15 अक्टूबर 2024 को जयपुर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के नवीन सभागार में अखिल भारतीय विद्वत परिषद द्वारा एक महत्वपूर्ण धर्मसभा का आयोजन किया गया। धर्मसभा में 100 से अधिक विद्वान, ज्योतिषाचार्य और धर्माचार्य उपस्थित हुए। प्रमुख ज्योतिषाचार्य प्रो. रामपाल शास्त्री की अध्यक्षता में हुई इस धर्मसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष दीपावली (When to celebrate Diwali?) का महापर्व 31 अक्टूबर 2024, गुरुवार को ही मनाया जाएगा। धर्मसभा के अनुसार, यह तिथि शास्त्रसम्मत है और इसी दिन लक्ष्मी पूजन (Lakshmi Pujan) का सही समय है। धर्मसभा का निर्णय: 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी दीपावलीधर्मसभा में विद्वानों ने विभिन्न पंचांगों, ज्योतिषीय गणनाओं और शास्त्रीय प्रमाणों का सूक्ष्म अध्ययन किया। गहन विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि दीपावली का पर्व 31 अक्टूबर 2024 को ही मनाना शास्त्रों के अनुसार उचित और शुभ है। इस दिन प्रदोषकाल में व्यापिनी कार्तिकी अमावस्या का समय रहेगा, जो लक्ष्मी पूजन के लिए सबसे शुभ मानी जाती है। धर्मसभा के संयोजक प्रो. मोहनलाल शर्मा ने बताया कि विद्वानों ने पंचांगों की गणनाओं और सूर्य सिद्धांत के आधार पर इस निर्णय को अंतिम रूप दिया। उन्होंने कहा, “31 अक्टूबर की रात को पूरी अमावस्या व्यापिनी रहेगी, और शास्त्रों के अनुसार कर्मकाल में तिथि की प्राप्ति आवश्यक होती है। इस कारण 31 अक्टूबर को ही दीपावली मनाई जानी चाहिए।” शास्त्रों का समर्थन: प्रदोषकाल में लक्ष्मी पूजन का महत्वधर्मशास्त्रों के अनुसार, प्रदोषकाल में लक्ष्मी पूजन को अत्यधिक शुभ और फलदायी माना जाता है। धर्मसभा में इस बात पर जोर दिया गया कि 31 अक्टूबर को प्रदोषकाल के समय व्यापिनी अमावस्या रहेगी, और उसी समय लक्ष्मी पूजन करना शास्त्रों के अनुसार सबसे उचित होगा। धर्मसभा के अध्यक्ष प्रो. रामपाल शास्त्री ने कहा, “दीपावली का पर्व तब तक सही नहीं माना जा सकता जब तक कि वह प्रदोषकाल में व्यापिनी अमावस्या के समय न हो।” विरोध के स्वर: 1 नवंबर को भी दिवाली के पक्ष में विद्वानों की रायहालांकि धर्मसभा में 31 अक्टूबर की तिथि को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया, कुछ विद्वानों ने इसका विरोध भी जताया। जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रवक्ता शास्त्री कोसलेंद्रदास सहित अन्य विद्वानों ने तर्क दिया कि 1 नवंबर को सूर्योदय और सूर्यास्त के बाद अमावस्या रहेगी, जो लक्ष्मी पूजन के लिए अधिक शुभ मानी जाती है। शास्त्री कोसलेंद्रदास ने कहा, “शास्त्रों में यह स्पष्ट उल्लेख है कि जब दो दिन अमावस्या का योग हो, तो दूसरे दिन अमावस्या को पर्व मनाना चाहिए। इस वर्ष 1 नवंबर को भी अमावस्या सूर्योदय के बाद तक बनी रहेगी, इसलिए 1 नवंबर को दीपावली का पर्व मनाना शास्त्रसम्मत होगा।” ज्योतिषाचार्य पंडित दिनेश शर्मा ने भी इसी प्रकार का तर्क देते हुए कहा, “दो दिन अमावस्या होने पर शास्त्रों के अनुसार उत्तर वाली अमावस्या (दूसरे दिन) को लक्ष्मी पूजन करना सही होता है। 1 नवंबर को स्वाति नक्षत्र का भी संयोग रहेगा, जिससे लक्ष्मी पूजन का महत्व और बढ़ जाएगा।” देशभर में विविधता: अलग-अलग राज्यों में अलग तिथियों पर दीपावलीदीपावली पर्व को लेकर देशभर में अलग-अलग पंचांगों के आधार पर विभिन्न तिथियों का निर्धारण किया गया है। अयोध्या के राममंदिर में 1 नवंबर को दीपावली मनाई जाएगी, जबकि काशी में सौर पंचांग सिद्धांत के अनुसार 31 अक्टूबर को ही पर्व मनाने का निर्णय लिया गया है। दिल्ली के कुछ पंचांगकर्ता 1 नवंबर को दीपावली मानने के पक्ष में हैं, वहीं राजस्थान के जयविनोदी पंचांग और सर्वेश्वर जयादित्य पंचांग के अनुसार 31 अक्टूबर को ही दीपावली मनाई जाएगी। जयपुर के प्रसिद्ध गोविंद देव जी मंदिर में भी 31 अक्टूबर को ही लक्ष्मी पूजन होगा। धर्मसभा का उद्देश्य: एकरूपता और धार्मिक अनुशासन की स्थापनाधर्मसभा के निर्णय का उद्देश्य पूरे देश में दीपावली की तिथि को लेकर चल रहे भ्रम को समाप्त करना और सनातन धर्म के अनुयायियों के बीच धार्मिक अनुशासन और एकरूपता को बढ़ावा देना है। धर्मसभा के विद्वानों ने कहा कि शास्त्रों के आधार पर 31 अक्टूबर को दीपावली मनाना सर्वश्रेष्ठ और शुभ है। धर्मसभा का निर्णय यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है कि सनातन धर्म के अनुयायी सही समय पर दीपावली का महापर्व मना सकें।