Ratlam News: पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने समता परिसर में जनसंवाद कर सुनी समस्याएं, दिए त्वरित निराकरण के निर्देश  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत 2 मार्च 2025 को थाना स्टेशन रोड अंतर्गत समता परिसर में स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।   समस्याओं के समाधान के लिए दिए गए निर्देश   जनसंवाद के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर असामाजिक तत्व अनावश्यक रूप से बैठे रहते हैं, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंता बनी रहती है। साथ ही, कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण अंधेरे में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी स्टेशन रोड स्वराज डाबी को निर्देश दिए कि—   – क्षेत्र में अनावश्यक घूमने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करें।   – पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध व्यक्तियों व फेरीवालों की सघन चेकिंग की जाए।   – नगर निगम व संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर बंद स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराया जाए।   नागरिकों से शांति व सुरक्षा के लिए अपील   पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने नागरिकों से आगामी त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। साथ ही, उन्होंने सुरक्षा को मजबूत करने के लिए घर, दुकान और कॉलोनी के मुख्य मार्गों पर जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया।  

MP News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ड्रोन से होगी निगरानी, पत्थरबाजों पर रतलाम पुलिस का हाईटेक प्लान  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बढ़ती पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए रतलाम पुलिस ने हाईटेक प्लान तैयार किया है। अब नाइट विजन ड्रोन की मदद से निगरानी की जाएगी और बदमाशों को ट्रैक कर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।   पत्थरबाजों पर कसेगा शिकंजा   रतलाम-झाबुआ इलाके में 8 लेन पर राहगीरों और वाहनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। कई मामलों में अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग जाते थे, जिससे उन्हें पकड़ना मुश्किल हो जाता था। इसे रोकने के लिए पुलिस ने पहले कैंप लगाकर स्थानीय लोगों से सहयोग मांगा और रेंडम पेट्रोलिंग भी की, लेकिन हाल ही में फिर से घटनाएं बढ़ गईं।   अब पुलिस ने नई रणनीति अपनाई है। एसपी अमित कुमार के नेतृत्व में एक्सप्रेसवे के संवेदनशील इलाकों में नाइट विजन ड्रोन का परीक्षण किया गया। इसके अलावा, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और 90 किलोमीटर के इस हिस्से में पुलिस चौकियां खोलने का भी प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।   नाइट विजन ड्रोन से बदमाशों पर नजर   एनएचएआई के सहयोग से पुलिस अब हाई-रिजॉल्यूशन नाइट विजन ड्रोन तैनात कर रही है। ये ड्रोन अंधेरे में भी पत्थरबाजों की पहचान कर सकते हैं, जिससे अपराधियों को पकड़ना आसान होगा। इसके साथ ही चोरी और तोड़फोड़ की घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।   सुरक्षित यात्रा के लिए पुलिस का बड़ा कदम   रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पुलिस चौकियां खोलने का प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही, स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर ऐसे असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।   रतलाम पुलिस की इस हाईटेक पहल से अब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों को ज्यादा सुरक्षा मिलेगी। नाइट विजन ड्रोन और बढ़ी हुई पेट्रोलिंग के चलते पत्थरबाजों और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।

Ratlam News: ऑन-ड्यूटी आरक्षक की मृत्यु पर परिजनों को 1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के थाना बड़ावदा अंतर्गत हाटपीपल्या चौकी में पदस्थ आरक्षक राकेश मोरी की 7 अक्टूबर 2024 को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई थी। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई थी।   पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार ने इस दुखद घटना के बाद पीएसपी योजना के तहत क्लेम स्वीकृति के लिए त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा को निर्देशित किया था।   आज, 23 जनवरी 2025 को, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की पीएसपी योजना के माध्यम से आरक्षक राकेश मोरी की पत्नी बुलबुल मोरी, पुत्र लक्षित मोरी एवं अन्य परिजनों को 1 करोड़ रुपए का चेक प्रदान किया।   इस अवसर पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर रवि पाटीदार, आरएमओ शरद गोयल, डेस्क ऑफिसर अर्पित भटवाल, मुख्य लिपिक उप निरीक्षक (अ) अर्चना अमेरिया, सहायक उप निरीक्षक (अ) जाकिर मंसूरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।   पीएसपी योजना की सहायता   पुलिस परिवार सुरक्षा योजना (पीएसपी योजना) के तहत यह सहायता उन पुलिसकर्मियों के परिजनों को दी जाती है, जो ड्यूटी के दौरान दुर्घटना या किसी अन्य कारण से अपने प्राण गंवा देते हैं। इस योजना का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त करना है।   समाज के लिए प्रेरणा   पुलिस विभाग द्वारा परिजनों को समय पर सहायता प्रदान करना न केवल एक संवेदनशील कदम है, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणा है। इससे पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ावा मिलता है और यह दिखाता है कि विभाग अपने कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील है।  

Ratlam News: न्यू ईयर पर रतलाम पुलिस की नाकेबंदी; एसपी ने खुद शुरू की ग्राउंड पुलिसिंग, शराबियों व हुड़दंगियों पर पैनी नजर

रतलाम – पब्लिक वार्ता, जयदीप गुर्जर। Ratlam News: नए साल (New Year 2025) के जश्न के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए रतलाम पुलिस ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर शहर में साइबर पेट्रोलिंग शुरू की गई है। एसपी खुद शाम को ग्राउंड में नजर आए। एसपी अमित कुमार के अनुसार हुड़दंग या अपराध की नीयत से सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में “हम शहर में करेंगे अपराध” जैसी पोस्ट डालने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा नए साल पर शराब पार्टी के बाद उत्पात करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए शहर के तमाम एंट्री और एग्जिट पर सघन चेकिंग जारी रहेगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।  एसपी अमित कुमार ने बताया की रतलाम पुलिस के इन सख्त कदमों का उद्देश्य है कि शहर में शांति बनी रहे और आम नागरिक नए साल का जश्न बिना किसी डर के मना सकें। एसपी अमित कुमार ने पुलिस के सभी अधिकारियों को साफ कहा है कि सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधियों को चिंहित कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।  होटल और ढाबों पर नजर एसपी ने सख्त हिदायत देते हुए शहर के होटल और ढाबों पर शराब परोसने पर प्रतिबंध लगाया गया है। नए साल में होटलों या ढाबों पर शराब परोसने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। गुरुवार रात एसपी अमित कुमार ने पुलिस बल के साथ सड़कों पर चेकिंग अभियान चलाया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि संदिग्धों पर पैनी नजर रखी जाए। शराब पीने वालों का मेडिकल करवाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।  सादी वर्दी में पुलिस टीम  शहर के हर थाना क्षेत्र में सादी वर्दी में पुलिस टीम तैनात रहेगी। शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक खुद एसपी अमित कुमार भी सड़कों पर नजर रखेंगे। शहर की सीमाओं पर सख्त नाकेबंदी की जाएगी और बिना वजह देर रात घूमने वालों को जेल वाहन से थाने भेजा जाएगा।  गुंडों की परेड और कानूनी चेतावनी एसपी के निर्देश के बाद सभी थानों में गुंडों की परेड करवाई गई। स्टेशन रोड और माणक चौक थानों के 20 बदमाशों को कान पकड़कर अपराध न करने की कसम दिलाई गई। औद्योगिक क्षेत्र और डीडी नगर थानों में भी बदमाशों की परेड कर उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि अपराध करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हथियार लेकर घूमने वालों पर शिकंजा रतलाम पुलिस ने चाकूबाजी और हथियारबाजी पर लगाम कसने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया। पिछले तीन दिनों में 7 बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं।

Ratlam News: बच्चों की गवाही ने दिलाई मां के हत्यारे को सजा; पत्नी की हत्या करने वाले पति को उम्रकैद

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: पत्नी के अवैध संबंधों की शंका में उसकी गला दबाकर हत्या करने वाले आरोपी को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह फैसला प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश निर्मल मंडोरिया की अदालत ने सुनाया। फैसले की खास बात यह रही की कोर्ट ने नाबालिग बेटे-बेटी के बयान पर सजा दी। साथ ही 5 हजार का अर्थदंड भी लगाया है। अभियोजन की पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक संजीव सिंह चौहान ने की। क्या है मामलाअतिरिक्त लोक अभियोजक संजीवसिंह चौहान ने बताया कि घटना 13 अक्टूबर 2019 की है। मृतका नाजमीन की मां शहनाज (प्रतापगढ़ राजस्थान) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी का निकाह 15 साल पहले आरोपी अनीस कुरैशी निवासी बांसवाड़ा से हुआ था। आरोपी को पत्नी नाजमीन और मकान मालिक सलीम के अवैध संबंधों का शक था। इस कारण उनका अक्सर झगड़ा होता था। अनीस ने उसे फोन मर बताया था की मृतिका नाजमीन का रतलाम के हाट रॉड निवासी मकान मालिक सलीम से अवैध संबंध है। जिस पर दोनों को समझाया था। जिसके बाद उसे कॉल पर बेटी नाजमीन की हत्या की जानकारी मिली। जिसके बाद थाना स्टेशन रोड पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। कोर्ट में बेटी व बेटे ने बताया की घटना वाली रात झगड़े के दौरान मां नाजमीन ने कहा कि वह अनीस के साथ नहीं रहना चाहती और सलीम के साथ रहेगी। इससे गुस्साए अनीस ने नाजमीन का गला दबाकर हत्या कर दी। 18 गवाह हुए पेशमृतका की बेटी और बेटे ने कोर्ट में बयान दिए कि उनके पिता ने गला दबाकर उनकी मां की जान ली। पड़ोसी ने भी घटना की पुष्टि की। अभियोजन पक्ष ने मामले में 18 गवाहों को पेश किया। साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अदालत ने आरोपी अनीस कुरैशी को दोषी मानते हुए उम्रकैद और 5 हजार के जुर्माने की सजा सुनाई। कोर्ट में 18 गवाह पेश किए गए। मृतक के नाबालिग बेटे और बेटी के बयान अहम माने गए। इन्होंने गला दबाकर हत्या करना बताया था। कोर्ट ने अनीस (40) पिता मोहम्मद शरीफ कुरैशी निवासी कुशलगढ़ जिला बांसवाड़ा वर्तमान निवासी धबाईजी का वास रतलाम को हत्या के अपराध में आजीवन कारावास की सजा दी।

Ratlam News: बाजना में बवाल; सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत का मामला, पुलिस पर पथराव, कई घायल, भांजगड़ा के खिलाफ आज बंद

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के शिवगढ़ में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत के बाद बाजना क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। बीती रात प्रदर्शनकारियों ने भारी मुआवजे की मांग को लेकर पुलिस बल पर पथराव कर दिया, जिसमें एसडीओपी समेत नौ पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के विरोध में आज बाजना के व्यापारियों ने बाजार बंद कर मौन जुलूस निकालने का ऐलान किया है। घटना के बाद बाजना में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। कैसे हुआ हादसा?शुक्रवार रात करीब साढ़े 9 बजे बाजना निवासी कमल (22) और दीपक (20) मोटरसाइकिल से जा रहे थे, जब छावनी झोड़िया गांव के पास उनकी बाइक रतलाम से आ रही एक बस से टकरा गई। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंपे गए। मुआवजे की मांग और बवालशनिवार को परिजन शवों को लेकर बस मालिक के घर के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के लिए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। बस मालिक ने 13 लाख रुपये देने की पेशकश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इसे खारिज कर दिया। देर रात प्रदर्शन हिंसक हो गया, और भीड़ ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिसकर्मी घायल, कई गिरफ्तारसूत्रों के अनुसार पथराव में बाजना एसडीओपी नीलम बघेल समेत नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि प्रदर्शनकारियों पर हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। अब तक कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। व्यापारियों का बंद और विरोधइस घटना के विरोध में बाजना के व्यापारियों ने आज बाजार बंद रखा। उनका कहना है कि आदिवासी समुदाय अक्सर ऐसी घटनाओं में मुआवजे के नाम पर भारी रकम की मांग करता है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। मुख्यमंत्री की घोषणाप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से प्रत्येक परिवार को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

MP News: पुलिस ने निभाया परिवार का फर्ज, धूमधाम से की महिला कांस्टेबल की गोद भराई, जानिए पूरा मामला

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। MP News: भागदौड़ भरी लाइफ स्टाइल के बीच पुलिसकर्मी परिवार के लिए अपना समय ना के बराबर दे पाते है। चाहे वह कोई प्रमुख त्यौहार हो या घर – समाज के पारिवारिक कार्यक्रम। बहुत कम ही ऐसा होता है जब एक पुलिस जवान ठीक ढंग से उनका लुत्फ ले पाया हो। इसी पुलिसिया भागदौड़ के बीच एक महिला पुलिसकर्मी की भावनाओं का ध्यान कैसे पूरे स्टाफ ने रखा इसका एक जीवंत उदाहरण देखने में आया है, जो अब चारो और चर्चा का विषय बन गया है। हर कोई पुलिस की इस पहल का समर्थन कर रहा है। आपको बता दे शहर में एकमात्र थाना डीडी नगर है जो आईएसओ सर्टिफाइड है, तत्कालिक एसपी राहुल लोढा के प्रयासो से थाने को सर्वश्रेष्ठ होने का सर्टिफिकेट भी मिल चुका है। दरअसल मध्यप्रदेश के रतलाम शहर में डीडी नगर थाना क्षेत्र में पदस्थ महिला कांस्टेबल शानू जमरा मां बनने जा रही है। लेकिन उनके पिता के नहीं होने से उन्हें इसकी कमी खुब खलने लगी। क्योंकि एक महिला के मां बनने से पूर्व गोद भराई का कार्यक्रम होता है। जिसमें पिता की अहम भूमिका होती है। थाने के स्टाफ को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोद भराई का आयोजन करने की ठानी। आपको बता दे धार जिले की रहने वाली शानू जमरा पिछले छह महीने से डीडी नगर थाने में पदस्थ हैं। शानू के पिता का निधन हो चुका है। कार्यक्रम में मेहंदी से लेकर अन्य पारंपरिक रस्में पूरे रीति-रिवाजों के साथ निभाई गईं। इस आयोजन ने साबित कर दिया कि पुलिस विभाग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि एक बड़ा परिवार भी है। टीआई ने निभाई पिता की भूमिकागोद भराई के कार्यक्रम में थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया ने पिता की भूमिका निभाई। थाने को सजाया गयाथाने के पूरे स्टाफ ने परिवार जैसा माहौल बनाया। नाच गाना हुआ, मिठाई बांटी गई और खाना भी रखा गया। शानू ने भावुक होकर बताया, “थाने के सभी स्टाफ ने मुझे बहन की तरह अपनाया और मेरे साथ परिवार जैसा व्यवहार किया। यह मेरे लिए बहुत खास और यादगार क्षण है।”  रतलाम एसपी अमित कुमार ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पुलिस विभाग के भीतर पारिवारिक और सहयोगी माहौल का प्रतीक है। उन्होंने पूरे थाना स्टाफ की इस भावनात्मक पहल की प्रशंसा की और कहा कि इस तरह की घटनाएं पुलिसकर्मियों के बीच मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देती हैं। गौरतलब है की एसपी अमित कुमार ने कुछ दिनों पहले पुलिसकर्मियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उनके जन्मदिन पर एक दिन की छुट्टी देने के निर्देश जारी किए थे। जिससे उनके मानसिक स्वास्थ को राहत मिल सके। एसपी अमित कुमार की इस पहल की भी जमकर तारीफ हुई थी।

Ratlam News: पुलिस और पत्रकारों ने जमकर की बल्लेबाजी, मैत्री क्रिकेट मैच में आखिरी गेंद तक बना रहा रोमांच

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  जयदीप गुर्जर। Ratlam News: पुलिस लाइन के मैदान पर रविवार सुबह का नजारा कुछ अलग ही था। आमतौर पर क्राइम सीन या इवेंट पर पर साथ रहने वाले पुलिस और पत्रकारों ने खेल के मैदान में अपना समय साथ बिताया। पत्रकारों और पुलिस के बीच खेले गए मैत्री क्रिकेट मैच में दोनों टीमों ने चौकों-छक्कों की बौछार कर रोमांच को आखिरी गेंद तक बनाए रखा। इस रोमांचक मुकाबले में कभी पत्रकार आगे दिखे तो कभी पुलिस की टीम। पुलिस इलेवन की कप्तानी एसपी अमित कुमार ने की, जबकि पत्रकार इलेवन का नेतृत्व मुकेशपुरी गोस्वामी के हाथों में था। टॉस जीतकर पुलिस ने पहले बल्लेबाजी कीमैच की शुरुआत में एसपी अमित कुमार और एएसपी राकेश खाखा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय लिया। टॉस पत्रकार सौरभ कोठारी ने करवाया, जिसे पुलिस कप्तान ने जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। 12 ओवर के इस मैच में पुलिस इलेवन ने कुल 115 रन का स्कोर खड़ा किया। पत्रकारों की शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजीपत्रकार इलेवन की ओर से सुरेंद्र जैन, प्रदीप नागौरा, दिव्यराज सिंह राठौर, राजेंद्र केलवा, अर्पित चौबे, किशोर जोशी दत्ता, यशवंत सिंह राठौर, समीर खान, साजिद खान, दुष्यंत सिंह तंवर और शैलेंद्र पारे ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रदीप नागौरा ने सबसे ज्यादा 69 रन बनाए, जबकि दिव्यराज सिंह राठौर ने 20 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में राजेंद्र केलवा ने 2 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट लिए और एक कैच भी पकड़ा। यशवंत सिंह राठौर ने 3 ओवर में 21 रन देकर 1 विकेट लिया और दिव्यराज सिंह राठौर ने 3 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट लिए। पुलिस इलेवन का ज़ोरदार प्रदर्शनपुलिस इलेवन की ओर से आरआई मोहन भर्रावत ने 72 रनों की शानदार पारी खेली। जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो और रतलाम सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया खाता नहीं खोल सके। एसपी अमित कुमार ने 10 रन जबकि एएसपी राकेश खाखा ने 8 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में बूदन ने 3 ओवर में केवल 13 रन दिए, आकाश ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, और टीआई सुरेंद्र गडरिया ने 1 ओवर में 4 रन देकर 1 विकेट लिया। मैच के बाहर भी बना मनोरंजन का माहौलमैच के दौरान हंसी-मजाक और कॉमेंट्री से माहौल खुशनुमा बना रहा। अंत में शानदार प्रदर्शन के लिए पत्रकार इलेवन के प्रदीप नागौरा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रेस क्लब सचिव यश शर्मा बंटी, वरिष्ठ पत्रकार गोविंद उपाध्याय, भेरूलाल टांक, सौरभ कोठारी, नरेंद्र जोशी, जितेंद्र सिंह सोलंकी, अदिति मिश्रा, मुबारिक शेरानी, नीरज बरमेचा, विनोद वाधवा, जयदीप गुर्जर, विवेकानंद चौधरी, राजेश वासनवाल, चंद्रशेखर सोलंकी, राकेश पोरवाल, शाहिद मीर, स्वदेश शर्मा, नवीन टांक, उत्तम शर्मा, उमेश मिश्रा, मो. हुसैन और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पुलिस की ओर से गोविंद मालवीय ने स्कोरिंग और कॉमेंट्री की। अम्पायरिंग अमोल कस्तौरे और यश हाड़े ने की।

Ratlam News: परवलिया में निजी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत पहुंची कलेक्टोरेट, हाल ही में चला था बुल्डोजर

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News : जिले की तहसील जावरा के परवलिया गांव में निजी भूमि पर अवैध कब्जे और अवैध गतिविधियों के मामले में भूमि स्वामी कमल पांचाल ने प्रशासन से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित ने कलेक्टर को लिखे आवेदन में बताया कि उनकी निजी भूमि, सर्वे नम्बर 346/2, 292, और 295 पर प्रतिप्रार्थियों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है और निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। इसके साथ ही, उक्त जमीन पर अवैध रूप से देह व्यापार जैसी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के वातावरण पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। पीड़ित का आरोप है कि प्रतिप्रार्थीगण ने उनकी निजी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है और उस पर विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य जारी हैं। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जा हटवाकर उन्हें उनकी जमीन का अधिकार सौंपा जाए। कमल पांचाल ने बताया की प्रशासन द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अपनी निजी भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की है। जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द इस मामले में उचित कार्रवाई कर उन्हें उनकी भूमि का अधिकार दिलाया जाए। 4 दिन पहले तोड़ा अतिक्रमणरतलाम के जावरा-नीमच फोरलेन पर परवलिया गांव में प्रशासन ने बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान 33 मकानों पर जेसीबी चलाकर अवैध निर्माण तोड़े गए। यह सभी मकान फोरलेन की सीमा से सटे थे। जानकारी के अनुसार कार्रवाई से पहले भी कई बार मकान मालिकों को नोटिस दिया गया था, लेकिन उन्होंने अवैध निर्माण नहीं हटाए। जिसके बाद बुधवार को प्रशासन के अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ सख्ती से कार्रवाई की। वहीं इस क्षेत्र से 1 नवंबर को एक उज्जैन का युवक लापता हो गया था। जिसका शव बुधवार को एक कुएं से बरामद किया गया। प्रशासन की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को लोगों ने परवलिया क्षेत्र से लापता हुए युवक से जोड़ लिया। हालांकि, बाद में अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण की कार्रवाई एमपीआरडीसी के नोटिस के बाद की जा रही है।

Ratlam News: मोमिनपुरा में चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश; फिर भी हिस्ट्रीशीटर एजाज हो गया फरार, निकाला जुलूस

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: जिले के मोमिनपुरा क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर एजाज कुरैशी द्वारा संचालित जुए के अड्डे पर पुलिस ने बीती रात दबिश दी। पुलिस ने मौके से 17 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी एजाज कुरैशी फरार हो गया। पुलिस ने मकान मालकिन मुमताज कुरैशी सहित 19 आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट और बीएनएस-2023 की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया है। जुए के अड्डे पर रतलाम सहित सैलाना, नागदा और जावरा के जुआरी भी ताश के पत्ते फेंटकर हजारों की हार-जीत पर दांव लगाते मिले। सूत्रों कि माने तो एजाज द्वारा संचालित जुए के अड्डे पर दबिश देने में कई बार अधिकारियों को खाली हाथ आना पड़ा है। पुलिस टीम पहुंचने से पहले एजाज तक खबर पहुंच जाती है। एजाज जिस जगह जुआ संचालित करता है वह भी एक भूल भूलैया है। जहां रास्तों को समझ पाना पुलिस के लिए भी टेढ़ी कील साबित होता है। जुआरियों को जेल भेजा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों का सोमवार को माणकचौक क्षेत्र से पैदल जुलूस निकाला गया और उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए। गिरफ्तार जुआरियों में रतलाम, सैलाना, नागदा और जावरा के निवासी शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की सूची1. नीलेश पिता गोपाल सोनी, निवासी भरावा की कुई (रतलाम)2. संतोष पिता लक्ष्मीनारायण राठौर, निवासी गोशाला रोड (रतलाम)3. जुल्फीकार पिता गफ्फार खान, निवासी भारत कॉलोनी (जावरा)4. युसूफ पिता शमशुद्धिन नीलगर, निवासी हम्मालपुरा (जावरा)5. सोमील पिता मनोहरलाल रांका, निवासी राजस्व कॉलोनी (रतलाम)6. गुलशेर पिता शफी खान, निवासी नागदा जंक्शन7. दिलीप पिता रामखिलावन वर्मा, निवासी रेलवे कॉलोनी (रतलाम)8. मनीष पिता हीरालाल टांक, निवासी करमदी रोड (रतलाम)9. सलीम पिता ईलाही बक्श शाह, निवासी सुभाष नगर (रतलाम)10. फिरोज पिता इकबाल अहमद, निवासी मोमिनपुरा (रतलाम)11. मोहम्मद हनीफ पिता एजाज कुरैशी, निवासी कुरैशी मंडी (रतलाम)12. सुनील पिता नाकू निनामा, निवासी रामपुरिया (सैलाना)13. दिनेश पिता हुकिया डिंडौर, निवासी रामपुरिया (सैलाना)14. लियाकत अली पिता मुस्ताक अली, निवासी ओझाखाली (रतलाम)15. कमलेश पिता कालूराम सिलावट, निवासी लक्कड़पीठा (रतलाम)16. इमरान पिता इकबाल खान, निवासी राजेंद्र नगर (रतलाम)17. सलीम पिता युसूफ मोहम्मद लोहार, निवासी भारत कॉलोनी (जावरा) पुलिस को फरार हिस्ट्रीशीटर एजाज की तलाशएसपी अमित कुमार को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर देर रात एजाज के जुए के अड्डे पर दबिश दी गई। पुलिस टीम ने क्षेत्र को चारों ओर से घेरकर दबिश मारी, लेकिन एजाज कुरैशी अड्डे से अंदरूनी रास्ते से फरार हो गया। एजाज के खिलाफ पहले से ही मारपीट, रासुका, हत्या का प्रयास, बलवा, जुआ, सट्टा एक्ट जैसे 40 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी गिरफ्तारी में जुटी है। मौके से जब्त हुई नकदीपुलिस ने घटनास्थल से ताश पत्तों के साथ 1 लाख 92 हजार 565 रुपये नकद जब्त किए हैं। फरार एजाज के पास भी बड़ी रकम होने की संभावना है। एसपी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें ताकि समाज को इस तरह के कृत्यों से सुरक्षित रखा जा सके।