MP News: एम्बुलेंस में मरीज नहीं अफीम का फल जा रहा था; तस्करों ने निकाला तस्करी का नायाब तरीका, चढ़े पुलिस के हत्थे

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। MP News: यूं तो आमतौर पर एम्बुलेंस का नाम सुनकर मरीज को ले जाने की धारणा हम सबके मन में आती है। मगर इस खबर को सुनने के बाद आपकी ये धारणा बदल भी सकती है। दरअसल रतलाम पुलिस ने एक ऐसे तस्करी के नायाब तरीके का पर्दाफाश किया है जिसे सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे। यहां अफीम के फल यानी डोडा चूरा की तस्करी एम्बुलेंस में की जा रही थी। लेकिन तस्करों के इस नायाब तरीके को पुलिस ने फेल कर दिया और उन्हें धरदबोचा। मध्यप्रदेश से डोडाचूरा एम्बुलेंस में भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। रतलाम एसपी अमित कुमार (IPS Amit Kumar) ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। एसपी ने बताया की अब से अन्य राज्यों व लोकल एम्बुलेंस की भी जांच सुनिश्चित की जाएगी। एम्बुलेंस पर आसानी से कोई भी संदेह नहीं करता है। जिसका फायदा अपराधियों द्वारा उठाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के ग्राम तला निवासी रणजीत गंगाराम मोडके, उम्र 42 वर्ष व रूपेश लक्ष्मण माने, उम्र 35 वर्ष को गिरफ्तार किया। ये दोनों आरोपी एम्बुलेंस में करीब 42 बोरों में भरकर डोडाचूरा ले जा रहे थे। बोरों (बारदान) में करीब 17 लाख कीमत का 8 क्विंटल 39 किलो 850 ग्राम डोडाचूरा भरा था। भारी मात्रा में बोरों को उतारने चढ़ाने में पुलिसकर्मियों के भी पसीने निकल गए। एसपी ने टीम को 10 हजार के इनाम से पुरुस्कृत किया। वहीं आईजी उज्जैन उमेश जोगा द्वारा 30 हजार का पुरस्कार कार्रवाई करने वाली टीम को देने की घोषणा की गई। एम्बुलेंस महाराष्ट्र के किसी  अस्पताल से अनुबंधित की गई है। जिससे रास्ते में कोई नहीं रोकता है। जान ले क्‍या होता है डोडाचूराभारत दुनिया में अफीम के सबसे ज्‍यादा वैध उत्‍पादन वाला देश है। मध्‍यप्रदेश के मालवा और राजस्थान के मेवाड़ के साथ उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में अफीम की वैध खेती होती है। अफीम जिस फल में से निकलती है, उसे डोडा कहते हैं। पौधे पर लगे कच्‍‍‍‍चे फलों पर चीरा लगाकर अफीम निकाल ली जाती है और पकने के बाद इसके दाने (खसखस या पोस्‍तदाना) निकाले जाते है। उसके बाद यह डोडा जब टुकड़े हो जाता है तो यह डोडाचूरा कहलाता है। इसे लोग पानी में भिगोकर नशे के लिए सेवन करते है। इसका अधिकांश उपयोग राजस्थान, पंजाब और हरियाणा राज्यों में होता है। 5 से 6 बार कर चुके आना – जानाएसपी अमित कुमार ने बताया की जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। दिनांक 27 अक्टूबर 2024 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि FORCE कम्पनी की एक एम्बुलेंस (वाहन नंबर MH06BW5365) में दो व्यक्ति, जिनकी उम्र लगभग 35 से 40 साल है, मादक पदार्थ डोडाचूरा से भरे बोरे लेकर मंदसौर-जावरा की ओर से महाराष्ट्र की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेजावता फंटा फोरलेन रोड पर नाकाबंदी की। जल्द ही जावरा-मंदसौर की तरफ से एम्बुलेंस आती हुई दिखी। पुलिस ने एम्बुलेंस को रोककर तलाशी ली, जिसमें दो लोग बैठे थे। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम रणजीत मोडके और रूपेश माने बताया। आरोपी पहले 5 से 6 बार इस तरह से डोडा तस्करी कर चुके थे। एम्बुलेंस के पिछले हिस्से में 42 बोरे मिले, जिनमें डोडाचूरा भरा हुआ था। इन बोरों का कुल वजन 8 क्विंटल 39 किलो 850 ग्राम पाया गया। पुलिस ने एम्बुलेंस, डोडाचूरा और दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 776/2024, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मादक पदार्थ को सीतामऊ के पास से लाया गया था और इसे महाराष्ट्र ले जाने की तैयारी थी। पुलिस ने एम्बुलेंस को जप्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इनके रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही महाराष्ट्र में इसके पीछे कौन सरगना है उसे भी तलाश रही है। इनकी रही सराहनीय भूमिकाइस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक वी.डी. जोशी, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र रघुवंशी, सहायक उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भुरिया, दशरथ माली, प्रधान आरक्षक नीरज त्यागी, गजेंद्र शर्मा, आरक्षक पवन मेहता, अर्जुन खिची, लखनसिंह, मोहन पाटीदार, धर्मेन्द्र मईड़ा, लंकेश पाटीदार और दुर्गालाल गुजराती ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

MP News: धनतेरस पर करोड़ों की सजावट देखने पहुंचेंगे सीएम डॉ. मोहन यादव, धनतेरस पर रतलाम के महालक्ष्मी मंदिर में करेंगे दर्शन

रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज डेस्क। MP News: सीएम डॉ. मोहन यादव का दिवाली से पहले धनतेरस पर रतलाम दौरा संभावित है। 29 अक्टूबर को सीएम के आगमन की संभावना है, जिसमें वे माणकचौक स्थित महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन कर सकते हैं। गौरतलब है की रतलाम का महालक्ष्मी मंदिर अपनी अनोखी साज – सज्जा के कारण विश्व में प्रसिद्ध है। यहां नोटों की लड़ियों व हीरे – जवाहरातों से मंदिर सजाया जाता है। जिसकी अनुमानित कीमत करोड़ों में होती है। सीएम के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर राजेश बाथम ने शनिवार को मंदिर का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, ताकि श्रद्धालुओं और वीआईपी आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने मंदिर में सजावट कार्य का भी जायजा लिया, जहां करीब 1 करोड़ से अधिक मूल्य के नोटों व आभूषणों से मंदिर को सजाया जा रहा है। सीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामसीएम के संभावित दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। एसपी अमित कुमार ने महालक्ष्मी मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक में दिशा-निर्देश जारी किए। सीएम का दौरा अभी औपचारिक रूप से घोषित नहीं हुआ है, परंतु सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। एएसपी राकेश खाखा ने भी सायं को चौराहे का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और पूजन सामग्री विक्रेताओं से चर्चा कर उन्हें वैकल्पिक स्थान पर अस्थायी रूप से दुकान लगाने का सुझाव दिया। इस दौरान सीएपी अभिलाष भलावी, टीआई सुरेंद्रसिंह गडरिया, ट्रैफिक डीएसपी अनिल यार, ट्रैफिक सुबेदार अनोखीलाल परमार आदि मौजूद थे। मंदसौर में कार्यक्रम के बाद रतलाम आने की संभावना29 अक्टूबर को सीएम डॉ. मोहन यादव मंदसौर में किसान सम्मान निधि वितरण और मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद उनके रतलाम पहुंचने और महालक्ष्मी मंदिर के दर्शन करने की संभावना है। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय से दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में तैयारियों पर चर्चा  मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर भाजपा पदाधिकारियों की एक बैठक हुई, जिसमें सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप, जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, और अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए। बैठक में मुख्यमंत्री के आगमन पर उनका भव्य स्वागत करने का निर्णय लिया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का 29 अक्टूबर को प्रातः 10.30 बजे नगर आगमन संभावित है।

Ratlam News: एसपी और निगम कमिश्नर के आदेशों की बेख़ौफ धज्जियां उड़ाते मोबाइल दुकानदार

सैलाना बस स्टैंड चौराहे पर मोबाइल दुकानदारों का अतिक्रमण जारी, सांठगांठ का सारा खेल! रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज डेस्क। Ratlam News: दिवाली के सीजन में कुछ दुकानदारों ने ऐसे दुकानें सजा रखी है, जैसे इनके घर पर कोई वैवाहिक समारोह आयोजित किया जा रहा हो। नियमों को ताक पर रखकर इन्होंने आम नागरिकों के लिए समस्याएं खड़ी कर दी है। ऐसे में वाहन तो ठीक पर पैदल चलने वालों तक फजीहत में पड़ गए है। क्योंकि फुटपाथ तो ठीक इन्होंने सड़क तक घेर ली है। रतलाम में एसपी अमित कुमार ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए “एक दिवस एक रोड अभियान” जैसी पहल शुरू की थी, जिससे नागरिकों में उम्मीद जागी। लेकिन एसपी और निगम कमिश्नर के आदेशों के बावजूद, बड़े दुकानदार और रसूखदार अपनी मनमानी करने में लगे हुए हैं। इन दुकानदारों में जीवन मोबाइल, नाकोड़ा NX, सतगुरु मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक आदि है। ऐसे ही शहर के अन्य हिस्सों में भी यही हाल है। खास बात यह है की इस चौराहे पर पुलिस वाहनों की चालानी कार्रवाई करती है। शहर के प्रमुख चौराहे सैलाना बस स्टैंड (महाराणा प्रताप चौराहा) पर मोबाइल दुकानदारों द्वारा खुलेआम फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण जारी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां सड़कों पर वाहन पार्किंग के कारण जाम की स्थिति रोजाना बन रही है। यहां दुकानदारों अपना घर समझकर टेबल कुर्सियां लगाकर बैठे है। जिस पर ग्राहकों को बैठाकर लोन व फाइनेंस की स्कीम बताकर मोबाइल बेचे जा रहे है। बड़े दुकानदारों का हौसला बुलंद, छोटे दुकानदारों पर कार्रवाईसूत्रों के अनुसार, निगम के कुछ जिम्मेदारों की सांठगांठ से इन दुकानदारों को कार्रवाई का डर नहीं है। जीवन मोबाइल, नाकोड़ा NX, सतगुरु मोबाइल जैसे दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर तक फ्लेक्स और टेबल लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। यहां आने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़कों पर पार्क कर रहे हैं, जिससे चौराहे पर जाम की स्थिति बन जाती है। इनके रसूख के चलते जिम्मेदार इन पर कार्रवाई से बचते है। दो दिन पहले की गई खानापूर्तिदिवाली से पहले यातायात पुलिस और निगम की टीम ने एक संयुक्त अभियान चलाकर अस्थाई अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया। लेकिन टीम के प्रभारी राजेंद्र सिंह पंवार ने छोटे दुकानदारों को चेतावनी देने के बाद खानापूर्ति कर दी और कुछ चालान काटे। जैसे ही टीम जीवन मोबाइल, नाकोड़ा NX, और सतगुरु मोबाइल जैसी दुकानों पर पहुंची, कार्रवाई ढीली पड़ गई। पुलिस के जवान इस स्थिति में असहाय नजर आए क्योंकि निगम द्वारा छोटे और बड़े दुकानदारों में भेदभाव स्पष्ट दिखाई दिया। क्या बोले जिम्मेदार अधिकारी?नगर निगम कमिश्नर हिमांशु भट्ट ने बताया कि अस्थाई अतिक्रमण की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ट्रैफिक अनिल राय ने कहा कि फुटपाथ और पार्किंग की व्यवस्था जरूरी है और अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि दिवाली पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने का पूरा प्रयास किया जाएगा, और चेतावनी दी गई है कि अतिक्रमण तुरंत हटाएं। रतलाम के नागरिकों को अब निगम और पुलिस प्रशासन से उम्मीद है कि बड़े और छोटे दुकानदारों के बीच भेदभाव किए बिना उचित कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा निलंबित, आदेश की अवहेलना पर कलेक्टर ने की कार्रवाई

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: रतलाम जिले के कलेक्टर राजेश बाथम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश में उल्लेख किया गया है कि जमरा को अनुभाग आलोट और जावरा में खाद्य सुरक्षा का कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद वे लगातार रतलाम शहर अनुभाग में ही कार्य कर रहे थे। इस अवहेलना पर कलेक्टर द्वारा उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसका जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर निलंबन का कदम उठाया गया। कलेक्टर के अनुसार, जमरा के इस अनुशासनहीन आचरण के कारण आलोट और जावरा में खाद्य सुरक्षा का कार्य बाधित हो रहा था, जिससे यह कदाचार की श्रेणी में आता है। जमरा का निलंबन आदेश प्रशासनिक सख्ती और पदीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही को लेकर कलेक्टर कार्यालय की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

Ratlam News : स्पोर्ट्स बाइक से कर रहा था ड्रग्स की तस्करी, जावरा पुलिस ने दबोचा

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस को अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा और नगर पुलिस अधीक्षक जावरा दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। मुखबिर से मिली सूचना के अनुसार असलम पिता उस्मान मेव निवासी उमठपालिया, बिना नंबर की काले रंग की स्पोर्ट्स बाइक (KTM मोटरसाइकिल) से पिपलौदा रोड की ओर से हरियाखेड़ा के पास से होते हुए उमठपालिया की ओर अवैध मादक पदार्थ ले जा रहा था। इस पर पुलिस ने हरियाखेड़ा बायपास श्मशान घाट के पास नाकाबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 20 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा और 450 ग्राम अफीम बरामद की गई। इसके साथ ही उसकी बिना नंबर की काले रंग की KTM मोटरसाइकिल भी जप्त कर ली गई। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपराध क्रमांक 625/2024 के तहत धारा 8/15,18 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच के दौरान आरोपी असलम को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे अवैध मादक पदार्थ के स्रोत और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। जप्त किया गया सामान1. 20 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा, कीमत 40,000 रुपये2. 450 ग्राम अफीम, कीमत 30,000 रुपये3. बिना नंबर की KTM काले रंग की मोटरसाइकिल, कीमत 1,00,000 रुपये सराहनीय भूमिकानिरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उनि राकेश मेहरा, उनि आर.एस. सिसोदिया, सउनि जसराज चन्देल, प्र.आर. संजय आंजना, प्र.आर. विष्णु चन्द्रावत, प्र.आर. महेन्द्र चौहान, प्र.आर. हेमन्त लिम्बोदिया, आर. मनोहर गायरी, आर. दीपराज सिंह, आर. रविन्द्र राठौर, आर. योगेश राठौर, आर. चेतन राठौर, आर. रवि पाटीदार, थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा के पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।

Ratlam News: पुलिस ने घेराबंदी कर MD ड्रग्स के साथ हिस्ट्रीशीटर को पकड़ा, आरोपी फारुख पर हत्या का प्रयास समेत 45 केस दर्ज

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News : रतलाम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर गुंडे को MD ड्रग के साथ गिरफ्तार किया है। गौरतलब है की हालही में हुई क्राइम मीटिंग में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के आदेश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक अभिलाष भलावी के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में सउनि दिनेश कणिक की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार भक्तन की बावड़ी अंडरब्रिज के पास एक व्यक्ति के MD ड्रग्स बेचने की योजना की जानकारी मिली। आरोपी की पहचान सफेद सेंडो बनियान और स्लेटी केपरी पहने व्यक्ति के रूप में हुई थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम फारुख उर्फ उज्जैनी पिता रियासत अली, उम्र 43 वर्ष, निवासी पुरोहित जी का वास शनि गली, रतलाम बताया। उसकी तलाशी लेने पर 44 ग्राम MD ड्रग्स, जिसकी कीमत लगभग 4,40,000 रुपये है, बरामद की गई। आरोपी फारुख को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1226/2024, धारा 8/22,29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी MD ड्रग्स किससे लाया और किसे बेचने की योजना बना रहा था। 45 आपराधिक रिकॉर्ड दर्जआरोपी फारुख उर्फ उज्जैनी पर हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, छेड़छाड़, चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट समेत कुल 45 अपराध दर्ज हैं। वह थाना स्टेशन रोड की गुंडा सूची में भी शामिल है। इनकी रही सराहनीय भूमिका इस सफलता में निरीक्षक राजेन्द्र वर्मा, उनि शांतिलाल चौहान, उनि प्रेमसिंह हटीला, सउनि दिनेश कणिक, प्र.आर. हेमंत परमार, प्र.आर. मनोज पांडेय, प्र.आर. महेन्द्र फतरोड, प्र.आर. नरेन्द्र चावडा, आर. हर्षल शर्मा, आर. लोकेन्द्र सोनी, आर. राजेश परिहार और सायबर सेल के प्र.आर. मनमोहन एवं आर. मयंक व्यास का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Ratlam News: पुलिस ने छात्राओं को बताया सायबर क्राइम से बचाव के तरीके, सायबर जागरूकता सेमिनार का आयोजन

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News:  में बढ़ते सायबर अपराधों और सायबर धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और जिला सायबर सेल को संयुक्त रूप से सायबर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस दिशा में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के मार्गदर्शन में सायबर सेल टीम ने शासकीय नवीन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आनंद कॉलोनी रतलाम में सायबर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया। सेमिनार की शुरुआत पुलिस अधीक्षक के संदेश के साथ की गई, जिसे सायबर सेल प्रभारी मनमोहन शर्मा ने वाचन किया। प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा ने छात्राओं को बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले विभिन्न सायबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि फोन कॉल्स, व्हाट्सएप, या सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के बारे में बिना डरे परिजन, शिक्षक और पुलिस से संपर्क करें। सायबर सेल के आरक्षक विपुल भावसार ने छात्राओं को सायबर फ्रॉड के प्रकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सायबर अपराधी किस प्रकार रिश्तेदार, आर्मी/पुलिस अधिकारी, यू-ट्यूब चैनल या बैंक अधिकारी बनकर फ्रॉड करते हैं। इसके अलावा, यूपीआई और नेट बैंकिंग में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में समझाया गया। आरक्षक मयंक व्यास ने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने अनजान लिंक, apk फाइल, रिमोट ऐप्स से होने वाले फ्रॉड और व्हाट्सएप हैक के खतरों के बारे में समझाया। छात्राओं को यह भी बताया कि सोशल मीडिया की प्राइवेसी सेटिंग और टू स्टेप वेरिफिकेशन सेटिंग ऑन रखें। किसी अनजान व्यक्ति को फ्रेंडलिस्ट में एड करने से व्यक्तिगत जानकारी सायबर अपराधियों तक पहुंच सकती है, जिससे क्लोन प्रोफाइल बनाकर धोखाधड़ी हो सकती है। सेमिनार में बताया गया कि सायबर धोखाधड़ी होने पर सायबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर सकते हैं या नजदीकी पुलिस स्टेशन में संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर संस्था की प्राचार्या ममता अग्रवाल, शिक्षिकाएं असर सिद्दीकी, सुनीता अंब, ममता शर्मा, मनीषा राठौर, दीपिका जैन, चहेती, शिखा गुप्ता, सोनाक्षी और शिक्षक शक्ति सिंह सोलंकी, संजय गोयल, नरेंद्र चौहान, मयंक जादव, श्रीकांत देवल समेत विद्यालय की सभी छात्राएं उपस्थित रहीं।

Ratlam News: शादियों में होटल के अंदर शराब परोसने पर लाइसेंस होगा रद्द, पुलिस ने जारी किए दिशा निर्देश

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: एसपी अमित कुमार ने मंगलवार को शहर के सभी मैरिज गार्डन संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें सुरक्षा और व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में एसपी ने गार्डन और हॉल संचालकों को सुरक्षा प्रबंधों को सुधारने के सुझाव दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा उल्लंघन न हो। बैठक में मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिसमें सभी मैरिज गार्डन और हॉल में सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्यता पर जोर दिया गया। कैमरों को इस तरह से स्थापित करने का निर्देश दिया गया कि वे अंदर और बाहर के सभी हिस्सों को कवर कर सकें, साथ ही कैमरे नाइट विजन और फेस डिटेक्शन वाले हों। इन कैमरों की फीड सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से जुड़ी रहेगी, जिससे वास्तविक समय में निगरानी की जा सकेगी। इसके अलावा, डेटा को तीन महीने तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जानी चाहिए। एसपी अमित कुमार ने बिना लाइसेंस के शराब परोसने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। यदि किसी भी गार्डन या हॉल में शराब पाई जाती है, तो उसका रजिस्ट्रेशन रद्द किया जाएगा। इसके साथ ही अग्नि सुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन निकास दरवाजों, उचित पार्किंग व्यवस्था, और निजी गार्ड की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रत्येक गार्डन संचालक को अपने कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन करवाने का आदेश दिया गया, साथ ही ध्वनि प्रणाली के उपयोग के संबंध में न्यायपालिका और प्रशासन के आदेशों का पालन अनिवार्य बताया गया। इस बैठक का उद्देश्य शहर में शादियों के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को मजबूत करना था, ताकि आम जनता को कोई असुविधा न हो। पुलिस द्वारा दिए गए सुझा व निर्देश 1. सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्यता: सभी मैरिज गार्डन और हॉल में अंदर और बाहर कैमरे लगाए जाएं, जो नाइट विजन और फेस डिटेक्शन की क्षमता वाले हों और तीन महीने तक डेटा सुरक्षित रखें। 2. शराब परोसने पर सख्त कार्रवाई: बिना लाइसेंस के शराब परोसे जाने पर मैरिज गार्डन या हॉल का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया जाएगा। 3. संबंधित अधिकारियों से अनुमति: गार्डन संचालकों को गार्डन संचालन के लिए उचित अनुमति प्राप्त कर पुलिस स्टेशन में जमा करनी होगी। 4. अग्नि सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था: हॉल में आपातकालीन दरवाजों और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। 5. साउंड सिस्टम का नियमन:  साउंड सिस्टम की आवाज जिला प्रशासन और न्यायपालिका द्वारा निर्धारित सीमा में होनी चाहिए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। 6. पार्किंग और यातायात व्यवस्था: गार्डन में दो प्रवेश और निकास द्वार होने चाहिए और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था होनी चाहिए। 7. सुरक्षा गार्ड की अनिवार्यता:  कार्यक्रमों के दौरान निजी सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था अनिवार्य होगी। 8. कैमरों का पुलिस कंट्रोल रूम से कनेक्शन: रोड की दिशा में लगे कैमरों को पुलिस कंट्रोल रूम से कनेक्ट किया जाएगा ताकि निगरानी हो सके। 9. सुरक्षा उपकरणों की जिम्मेदारी: सभी सुरक्षा उपकरण जैसे शेड, स्टेंट, विद्युत और अग्नि सुरक्षा की जिम्मेदारी गार्डन संचालकों की होगी। 10. कर्मचारियों का सत्यापन: गार्डन के कर्मचारियों और गार्डों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया गया।

Ratlam News: रोज के झगड़े से परेशान होकर बाप – बेटे ने पड़ोसी भतीजे को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने रातो-रात पकड़ा

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: रतलाम जिले के बड़ावदा थाना पुलिस ने एक अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब 15 अक्टूबर 2024 को बड़ावदा वार्ड नंबर 5 में सुनिल चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत शरीर उसके घर में पाया गया। मृतक के गले पर गला घोंटने के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया यह मर्डर का मामला प्रतीत हुआ। मृतक के भाई अंकित चौहान द्वारा पुलिस को दी गई सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तत्तपरता दिखाते हुए सूचना मिलने के बाद रातो रात आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पहुंचकर तफ्तीश की और जांच अधिकारी को निर्देशित किया। हत्या में शामिल दोनों आरोपी मृतक के रिश्तेदार है। जिनमें एक मृतक का चाचा तो दुसरा उसका चचेरा भाई है। पलंग पर पड़ा था शवमृतक सुनिल चौहान का शव उसके घर के कमरे में पलंग पर पड़ा मिला, जिसके गले में गला घोंटने के स्पष्ट निशान थे। घटना स्थल की जांच के दौरान यह पाया गया कि कमरे का दरवाजा सिर्फ हल्का सा अटका हुआ था, जिससे यह साफ हुआ कि कोई बाहरी व्यक्ति कमरे में आ सकता था। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई कि सुनिल चौहान की मौत गला घोंटने के कारण हुई थी, जिसकी पुष्टि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में भी हुई। पुलिस जांच और आरोपियों का खुलासाघटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने पड़ोसियों और पारिवारिक सदस्यों से पूछताछ की, जिससे यह जानकारी मिली कि मृतक सुनिल शराब पीने का आदि था और आए दिन पड़ोसियों के साथ झगड़ा करता रहता था। मृतक के पड़ोसी रमेश और उसका बेटा रवि पूछताछ के दौरान संदिग्ध पाए गए, जिन्हें हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में रमेश और रवि ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि सुनिल के नशे में झगड़ा करने की आदत से वे परेशान हो गए थे। दिनांक 13 अक्टूबर 2024 की रात को, दोनों ने मिलकर प्लास्टिक पाइप से सुनिल का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। जप्ती और गिरफ्तारीपुलिस ने हत्या में उपयोग किए गए प्लास्टिक पाइप को जप्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी हैं:  1. रमेश पिता देवीसिंह चौहान, उम्र 46 वर्ष  2. रवि पिता रमेश चौहान, उम्र 25 वर्ष पुलिस टीम की सराहनीय भूमिकाइस केस को सुलझाने में थाना प्रभारी टी.एस. डावर, उप निरीक्षक जे.सी. कुमावत, राजेश मालवीय, सउनि एम.एल. दसोरिया, प्र.आर. अलेक्जेण्डर राय, प्र.आर. राजेश पानोला, आरक्षक गोपालसिंह और आरक्षक बालुसिंह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (Ips Amit Kumar) ने इस सफल कार्यवाही के लिए टीम की प्रशंसा की और जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज में शांति और सुरक्षा बनी रहे

MP News: रक्षक बना भक्षक, पुलिसकर्मी ने की युवती से छेड़छाड़, घर तक किया पीछा, धमकाकर थाने में रखा चार घंटे

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। MP News: पुलिस को समाज का रक्षक माना जाता है, पर जब वही रक्षक अपनी जिम्मेदारी को भूलकर भक्षक बन जाए, तो आम जनता का विश्वास हिल जाता है। रतलाम में ऐसा ही एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। माणक चौक थाना क्षेत्र में तैनात एक पुलिसकर्मी, जिसे महिला सुरक्षा का जिम्मा दिया गया था, ने न केवल युवती से छेड़छाड़ की, बल्कि उसका घर तक पीछा भी किया। यही नहीं, जब युवती और उसका भाई शिकायत करने थाने पहुंचे, तो वहां मौजूद आरोपी पुलिसकर्मी ने न सिर्फ धमकियां दीं बल्कि उन्हें चार घंटे तक थाने में बैठाए रखा। आरोपी आरक्षक का नाम दुर्गेश उर्फ सोनू जाट है। सूत्रों के अनुसार आरक्षक अनुकंपा नियुक्ति पर विभाग में भर्ती हुआ था। शादीशुदा आरोपी दुर्गेश के एक बेटा व एक बेटी है। एएसपी राकेश खाखा के अनुसार आरोपी आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है। उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के आदेश दिए है। घटना का पूरा विवरणयह मामला 13 अक्टूबर 2024 की शाम का है। 21 वर्षीय पीड़िता अपने घर लौट रही थी, जब साक्षी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए रुकी। वहां मौजूद आरोपी पुलिसकर्मी दुर्गेश जाट ने अभद्र टिप्पणियां कीं। इसके बाद, जब युवती सब्जी लेने निकली, तो दुर्गेश जाट ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। घर लौटने पर भी आरोपी युवती के घर तक पहुंच गया। जब पीड़िता ने अपने भाई को इस बारे में बताया, तो भाई ने आरोपी को ललकारा, जिस पर पुलिसकर्मी अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। थाने में घटी शर्मनाक घटनाअपनी सुरक्षा की उम्मीद लेकर जब पीड़िता और उसका भाई औद्योगिक थाना पहुंचे, तो वहां पहले से ही आरोपी पुलिसकर्मी मौजूद था। थाने में ही उसने पीड़िता और उसके भाई को गालियां दीं और धमकियां दीं। इससे भी ज्यादा शर्मनाक बात यह रही कि थाने में एफआईआर दर्ज करने में काफी देरी की गई। पीड़िता और उसके भाई को करीब चार घंटे तक थाने में बैठाए रखा गया, जबकि कानून के रखवाले खुद अपराधी के खिलाफ कार्रवाई करने में हिचकिचा रहे थे। आखिरकार, महिला थाना प्रभारी की उपस्थिति में पीड़िता के बयान दर्ज किए गए और छेड़छाड़ की एफआईआर दर्ज हुई। आरोपी निलंबित, एसपी ने की कार्रवाई की पुष्टिरतलाम के एसपी अमित कुमार ने घटना की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी पुलिसकर्मी दुर्गेश जाट को निलंबित कर दिया। एसपी ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पीड़िता को न्याय मिले। हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस विभाग की लापरवाही और थाने में पीड़िता के साथ हुए व्यवहार ने सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की छवि पर गहरा धक्कायह मामला तब सामने आया है, जब पुलिस विभाग “अभिमन्यु अभियान” चला रहा है, जो महिला सुरक्षा और जागरूकता को लेकर शुरू किया गया एक महत्वपूर्ण अभियान है। इस अभियान के तहत पुलिस लोगों को यह संदेश देने का प्रयास कर रही है कि महिलाएं सुरक्षित हैं, और उन्हें किसी भी तरह की हिंसा या उत्पीड़न से डरने की जरूरत नहीं है। पर जब खुद पुलिसकर्मी ही महिलाओं के प्रति इस तरह का व्यवहार करेंगे, तो समाज में महिला सुरक्षा का संदेश कैसे पहुंचेगा? न्याय की मांगरतलाम की इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। जनता और महिला संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और दोषी पुलिसकर्मी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पुलिस विभाग के अंदर फैली इस तरह की भ्रष्ट मानसिकता पर रोक लगाई जाए और ऐसे अपराधियों को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त किया जाए। यह घटना सिर्फ रतलाम की नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के लिए एक चेतावनी है कि यदि पुलिस जैसी सुरक्षा एजेंसी में इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी, तो जनता का कानून व्यवस्था पर से विश्वास उठ जाएगा। पुलिस विभाग को अपनी छवि को सुधारने के लिए कड़े कदम उठाने होंगे और यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।