MTFE ठगी मामला : रतलाम पुलिस ने खंगाली कंपनी की जड़, कर्नाटक के युवक को किया गिरफ्तार, कई देशों में लगा चुकी है चुना

40 लाख रुपये पुलिस ने प्रयास कर रुकवाए, जल्द ही थाने में जमा करवाए QR कोड की प्रिंट पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मंदसौर, नीमच व रतलाम समेत कई जिलो के नागरिक एप्लिकेशन से पैसा डबल करने में ठगी का शिकार हुए है। ऐसी एक कंपनी का नाम MTFE (एमटीएफई) था। जिसने लोगो के साथ अरबो रुपये की धोखाधड़ी की। लोगो की शिकायत पर रतलाम एसपी राहुल कुमार लोढा ने आम जनता से अवैध तरिके से रुपये जमा करने व अधिक रुपये देने का लालच देकर फ्राड करने वाली फर्जी कम्पनियों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान शुरू किया। इसके लिए एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी जावरा दुर्गेश आर्मो , सीएसपी रतलाम अभिनव वारंगें, सायबर सेल, थाना प्रभारी औ.क्षे. जावरा, थाना प्रभारी स्टेशन रोड़ के नेतृत्व में टीम गठीत की गयी थी। आज प्रेस वार्ता कर पुलिस ने इस मामले में बड़ा खुलासा किया। साथ ही ठगी का शिकार हुए लोगों के लिए एक फॉरमेट भी जारी किया। जिससे पुलिस उन लोगों का पैसा वापस दिलाने में मदद कर सके।            मामले की जानकारी देते हुए एसपी राहुल कुमार लोढा ने बताया की टीम ने थाना औ.क्षैत्र जावरा पर में पहले से गिरफ्तार आरोपियों  के मेमोरेण्डम, काल डिटेल, बैंक खाते जानकारी एवं तकनिकी साक्ष्य के आधार पर दूसरे अन्य आरोपियों की तलाश की। इसमे MTFE फर्जी कम्पनी के अपराध मे संदेही कम्पनी कलिन स्केम प्रायवेट लिमिटेड कम्पनी का मालिक योगानंन्दा का नाम सामने आया। जो दिनांक 23 सितंबर को MTFE फर्जी कम्पनी की जानकारी लेने के लिए रतलाम आया हुआ था। पुलिस ने मुखबीर की सूचना व फोटो के आधार पर पकडा एवं पुछताछ की तो उसने अपना नाम योगानन्दा बांबोरे पिता चंन्द्रशेखऱ राव उम्र 41 साल निवासी फ्लेट नम्बर 102 सेकंड फ्लोर 0258 ललीता गौरी जया नगर, थाना जया नगर, बैंगलौर, कर्नाटक का होना बताया। पुलिस ने बताया कि आरोपी योगानन्द ने अपनी कम्पनी कलिन स्केम प्रायवेट लिमिटेड के द्वारा पहले से गिरफ्तार आरोपी हुजैफा जमाली निवासी नीमच म.प्र. के साथ मिलकर उक्त MTFE फर्जी कम्पनी के वित्तिय लेनदेन को करना स्वीकार किया। यह कंपनी कई देशों में भी इस तरह की ठगी कर चुकी है। वहां की एजेंसिया भी जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार दिनांक 21 सितंबर को फरियादी अशरफ पिता रौनक अली उम्र 30 वर्ष निवासी धाबाई जी का वास, रतलाम ने गोविंद सिंह चंद्रावत निवासी जवाहर नगर रतलाम व संदीप टाक निवासी प्रतापगढ़ राजस्थान के खिलाफ रिपोर्ट करवाई। फरियादी के अनुसार दोनों ने दोगुने का लालच देकर धोखाधड़ी करते हुए MTFE कम्पनी आनलाईन एप के माध्यम से रुपये जमा करवाए। पुलिस ने जब जांच की तो शिकायत सही मिली। मामले में थाना स्टेशन रोड पुलिस ने धारा 406,420,120(बी) भादवि , 21(1), 21(2), 21(3) अनियमित जमा योजना प्रतिबंध अधिनियम 2019 में मामला पंजिबद्ध कर आरोपी गोविंदसिंह पिता रतनसिंह चंद्रावत व संदीप पिता फकिरचंद टांक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने  आमलोगो को भारी फायदा कमाने का लालच देकर लोगो से कनाडा देश की कम्पनी का भारत में अनाधिकृत रुप से संचालित एक एप में MTFE फर्जी कम्पनी को संचालित कर रुपया जमा करना बताया। दोनो ने रुपयों का गबन कर भाग जाने की बात भी कही। एसपी के अनुसार फर्जी एमटीएफई कम्पनी के संबंध में और भी खुलासे होने की पूरी संभावना है। मामले में जांच टीम के औद्योगीक क्षेत्र जावरा टीआई प्रकाश गडरिया, एसआई रघुवीर जोशी, एसआई राकेश मेहरा, सायबर सेल प्रभारी एसआई अमित शर्मा, आरक्षक विपुल भावसार की सराहनीय भूमिका रही। इस तरह से फॉरमेट जमा करवाए :MTFE कम्पनी से जुड़े लोग जिन्होंने एमटीएफई कम्पनी के एप्लिकेशन को डाउनलोड कर उसमें पैसा लगाया है। पुलिस ने ऐसे लोगों से उक्त जानकारी मांगी है। जिससे उनका पैसा वापस लाने में सहायता हो सके। सायबर सेल प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि व्यक्ति अपना एमटीएफई का क्यूआर कोड (QR CODE) जिसमें टीआरसी-20 का एड्रेस है, उसका स्क्रीनशॉट लेकर उसकी प्रिंट निकाल ले। उस प्रिंट को हमारे द्वारा जारी फॉरमेट में अपने पास के थाने पर जमा करावे। प्रिंट का लेमिनेशन जरूर करवाए। 3 दिन में यह प्रक्रिया कर लेवे। इसके लिए थानों पर अलग से डेस्क बनाई गई है।

आखिरकार मिला घर : मां आशापुरा सहयोग दल ने दिव्यांग भिक्षुक को 2 माह तक संभाला, ढूंढने पर महाराष्ट्र में मिला परिवार

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर की सड़क पर दयनीय हालात में मिला एक वृद्ध भिक्षुक आज अपने घर पहुंचा। आशापुरा दल को करीब 2 माह पूर्व सड़क पर एक भिक्षुक संतोष लाचार हालात में मिला। उस समय उसका एक पैर पहले से नहीं था और दूसरा पैर बुरी तरह से सड़ चुका था। उसमें कीड़े लग गए थे। जिसके बाद दल ने तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज उपचार के लिए भर्ती किया। स्थिति ज्यादा गंभीर होने व पर्याप्त साधन ना होने के कारण संतोष को इंदौर एमवाय हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहां ऑपरेशन कर डॉक्टर ने संतोष का दूसरा पैर भी अलग किया गया। संतोष मानसिक रूप से भी अस्वस्थ था। लंबे समय से संतोष एमवाय के सहारा वार्ड में उसके रख कर उसका इलाज कर उसकी कॉउंसलिंग की गई। जिसके फलस्वरूप अब संतोष अपने परिवार से मिल पाया है। नगर की समाजसेवी मेघा श्रोत्रिय ने जब परिजनों से फोन पर संतोष के बारे में बताया तो उनके आंसू छलक पड़े। परिजनों ने बताया कि घर में छोटी मोटी बातो को लेकर झगड़ों के कारण घर छोड़ चले गए थे। ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकीन कोई जानकारी नहीं मिली। आशापुरा दल टीम की सदस्य मेघा मेघा श्रोत्रिय ने बताया कि  भिक्षुक संतोष के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उनके बारे में जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि उनका पूरा परिवार है। जो कि महाराष्ट्र के कोपरगांव में रहता है। संतोष ने अब जाकर सही जानकारी दी। संतोष के बताए पते पर उसके परिवार को खोजने के लिए टीम सदस्यो ने महाराष्ट्र के अहमद नगर पुलिस की सहायता ली। परिवार के मिल जाने पर पुलिस ने उनके परिजनों को पुरी घटना से अवगत करवाया। संतोष के स्वस्थ होने की खबर मिलते ही परिवार महाराष्ट्र से इंदौर आया। उनकी बेटी इंदौर आकर खुशी खुशी अपने पिता को साथ ले गई। संतोष को अस्पताल की ओर से दिव्यांग ट्राइसाइकिल भी भेंट कि गई। इस सराहनीय कार्य में आशापुरा सहयोग दल मेघा श्रोत्रिय , महाकाल मानव सेवा समिति इंदौर के जय्यू भैया, सीमा सिंह , प्रियांश पांडे , समस्त नर्सिंग स्टाफ, मेंटल हॉस्पिटल के जितेंद्र  जी , इमरान खान आदि का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

प्रतिभा सम्मान : चेतन्य काश्यप फाउंडेशन करेगा मेधावियों का सम्मान, कर्नाटक के राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा हर साल की तरह इस साल भी शहर की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह का कल यानी रविवार को आयोजन होगा। यह आयोजन बड़बड़ स्थित विधायक सभागृह में रखा गया है। इसमें 10वी व 12वी बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत और उससे अधिक अंक लाने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। फाउंडेशन 2014 से  निरंतर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का यह अनूठा कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इन 8 सालों में लगभग 12 हजार मेधावी छात्र – छात्राओं को सम्मानित किया जा चुका है। इस साल सम्मान पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या 2 हजार के करीब होगी। फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद गुमान सिंह डामोर करेंगे। इस मौके पर विशेष अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी जीतू जिराती, जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय, जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा एवं महापौर प्रहलाद पटेल रहेंगे।चेतन्य काश्यप फाउंडेशन शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस आयोजन को निरंतर करता आ रहा है। प्रत्येक मेधावी विद्यार्थी को फाउंडेशन द्वारा सम्मान स्वरूप टाईटन रिस्ट वॉच एवं शील्ड प्रदान की जाएगी।प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजन समिति में सलाहकार केरूप में पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, निर्मल लुनिया, सदस्य महेंद्र नाहर, मनोज शर्मा, सोना शर्मा, मुकेश सोनी, आनंद जैन है। समारोह की सूचना समस्त स्कूलों को दी गई हैै। समारोह के कूपन स्कूलों के माध्यम से बच्चों तक भिजवाए गए है। कूपन के आधार पर ही मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया है।

जन आक्रोश यात्रा : कांग्रेस के जीतू पटवारी और नेता मयंक जाट का भाजपा पर हल्ला बोल!, यात्रा का हुआ भव्य स्वागत

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। आलोट से जिले में प्रवेश करने के बाद शुक्रवार शाम कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा शहर में पहुंची। इसके पहले जावरा और सैलाना होते हुए यात्रा शिवगढ़ पहुंची। बाजना बस स्टैंड से नगर में प्रवेश करने के बाद यात्रा चांदनी चौक, चौमुखी पुल, डालूमोदी बाजार आबकारी चौराहा होते हुए रानीजी के मंदिर पहुंचकर आमसभा में तब्दील हो गई। यात्रा का जगह जगह कांग्रेस नेताओं ने मंच लगाकर स्वागत किया।यहां क्षेत्रीय यात्रा प्रभारी जीतू पटवारी, यात्रा संयोजक व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया व अन्य नेताओं ने कुशासन को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं से गुटबाजी छोड़कर मेहनत व लगन के साथ विधानसभा चुनाव में जुट जाने की नसीहत दी। साथ ही जनता से आगामी चुनाव में कांग्रेस को जिताने का आह्वान किया। इस दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना, प्रेमलता दवे, यास्मीन शेरानी आदि कांग्रेस नेता भी उपस्थित रहे। धानमंडी में आयोजित सभा में कांग्रेस नेता जीतू पटवारी और यात्रा संयोजक मयंक जाट ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। राउ विधायक जीतू पटवारी ने लाडली बहना योजना के कार्यक्रमों के नाम पर भाजपा द्वारा फिजूल खर्ची किए जाने का आरोप लगाया है। जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में शराब की बिक्री हर घर तक दोगुना हो गई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि बड़े-बड़े पांडाल लगाकर फैशन शो की तरह लंबे-लंबे रैंप बनाए जाते हैं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह हाथ में माइक लेकर रैम्प पर चलकर भाषण देते हैं। कांग्रेस नेता पटवारी ने कहा कि विधानसभा में मेरे प्रश्न के जवाब में लाडली बहन के 13 कार्यक्रमों में 40 करोड रुपए खर्च करने की जानकारी दी गई। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता मयंक जाट ने कहा की 10 साल पहले शहर विधायक ने माही का पानी रतलाम में लाने की बात कही थी। 10 साल बाद माही का पानी तो नहीं आया मगर मुख्यमंत्री द्वारा नर्मदा का पानी लाने की नई घोषणा कर दी गई। जाट ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी रतलाम नगर निगम परिषद बैठक में भाजपा बाजार बैठक वसूली का प्रस्ताव लेकर आई। कांग्रेस पार्षदों ने जब इसका विरोध किया तो प्रस्ताव को स्थगित किया गया। भाजपा सरकार में गरीब, आमजन, व्यापारी सभी परेशान है।

MP ELECTION 2023 : आज कांग्रेस जन आक्रोश यात्रा का शहर में डेरा, क्या बीजेपी का गढ़ भेद पाएगी यह एंट्री?

शहर विधायक के सामने टिकट नहीं बल्कि इस बात की चिंता!, दोनों दलो के बीच चुनावी शंखनाद शुरू पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। प्रदेश में इस वक्त विधानसभा चुनाव 2023 (MP ELECTION 2023) की तैयारियां जोर शोर से जारी है। चुनावी साल में जहां एक तरफ बीजेपी जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है तो वहीं दूसरी और इसी के मुकाबले कांग्रेस ने जन आक्रोश यात्रा शुरू की है। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा ने गुरुवार को आलोट से जिले में प्रवेश किया। आज यात्रा शहर में अपना डेरा डालेगी। कांग्रेस का दावा है कि यह यात्रा बीजेपी के कुशासन के खिलाफ है। यात्रा की कमान बेबाक छवि रखने वाले कांग्रेस के पूर्व मंत्री और कद्दावर नेता जीतू पटवारी संभाले हुए है। यात्रा में AICC प्रभारी कुलदीप इंदौरा, MPCC जिला प्रभारी अमिताभ मंडलोई, विधायक कुणाल चौधरी व सैलाना विधायक हर्ष विजय गहलोत शामिल होंगे। बड़ा सवाल यही है की क्या आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस रतलाम में अपना परचम लहरा पाएगी? बीजेपी के लिए रतलाम शहर विधानसभा सेफ व सेक्योर सीट मानी जाती है। कहा जाता है कि यहां आंख बंद करके वोट बीजेपी में ही गिरते है। चाहे बीजेपी का उम्मीदवार कोई भी हो, इससे फर्क नहीं पड़ता। खेर कांग्रेस में फिलहाल ऐसी कोई चर्चा नहीं है जिसमें रतलाम शहर के लिए उम्मीदवार तय माना जा सके! सवाल इसलिए भी वाजिब है क्योंकि निकाय चुनाव में सामने आए परिणाम ने सभी को चोंका दिया था। कांग्रेस के प्रत्याशी मयंक जाट ने बीजेपी के चेहरे पर चुनाव के दौरान शिकन ला दी थी। वहीं बीजेपी का वोट परसेंट भी बहुत अधिक गिर गया। जहां किसी समय 24 हजार का मार्जिन से जितने वाली बीजेपी को केवल 8 हजार पर ही संतुष्ट होना पड़ा। इसके बाद से सतर्क हो चुकी बीजेपी की हाइकमान ने रतलाम शहर को लेकर जमकर जोड़ घटाव किए है। बीजेपी विधानसभा चुनाव 2023 में कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। वहीं शहर विधायक चेतन्य कश्यप भी अपने टिकट को लेकर तो आश्वस्त है मगर उन्हें चिंता अपने वोट मार्जिन की है। 2018 में इन्होंने 43 हजार से अधिक वोटों से कांग्रेस को शिकस्त दी थी। लेकिन निकाय चुनाव के बाद से यह मार्जिन बना लेना मुश्किल दिखाई पड़ता है। बहरहाल इसके बाद से राजनीति में शाम-दाम-दंड-भेद का खेल भी बीजेपी का शुरू हो चुका है। बीजेपी सीट बचाने के अलावा अपना मार्जिन बढाने या बनाने में जमकर कोशिश करेगी। वहीं कांग्रेस रतलाम शहर में कमीशनखोरी, भ्र्ष्टाचार, सड़क, सीवरेज व पानी जैसी मूलभूत समस्याओं पर बीजेपी को निशाना बनाएगी। फिलहाल देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा की तरह कांग्रेस की यह जन आक्रोश यात्रा भी फेल रहेगी या जनता इससे सच में जुड़ेगी। बकौल जनता 14 दिन पहले निकली बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा केवल कार्यकर्ता और स्वागत यात्रा बनकर ही रह गई थी। वैसे ही कहीं कांग्रेस की इस यात्रा के हाल ना हो!

हड़ताल के 26 दिन : पटवारियों ने निकाली मौन मशाल रैली, संयुक्त कर्मचारी संघ ने दिया समर्थन

पब्लिक वार्ता – रतलाम,कुलदीप माहेश्वरी। पटवारियों की 5 सूत्रीय माँगो को लेकर जारी हड़ताल को आज 26 हो चुके है। मगर अब तक सरकार ने उनकी मांगों को लेकर कोई निराकरण नहीं किया है। गुरुवार को रतलाम के पटवारी संघ द्वारा आज मौन मशाल रैली निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में जिले के पटवारी शामिल हुए। इस दौरान पटवारी हाथों में तख्तियां लेकर निकले। आज रैली में संयुक्त कर्मचारी संघ भी पटवारियों के समर्थन में शामिल हुआ। रैली मेहंदीकुई बालाजी से शुरू होते हुए जेल रोड, न्यू रोड, दो बत्ती, सज्जन सिंह प्रतिमा होती हुई छत्रीपुल स्थित अम्बेडकर प्रतिमा पर सम्पन्न हुई। संघ के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाटीदार ने बताया कि मशाल क्रांति का प्रतीक है और शासन द्वारा कर्मचारियों के हितो पर कुठाराघात करने से विरोध स्वरूप आज ये मौन मशाल रैली निकाली गई। आंदोलन में अब और तेजी आएगी क्योंकि अब संयुक्त कर्मचारी संघ के सदस्य भी समर्थन हेतु खुलकर सामने आ रहे है। मशाल रैली में मप्र तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शरद शुक्ल,  राजस्व निरीक्षक संघ के अध्यक्ष मेहरबानसिंह मालविय, पटवारी संघ के उपप्रांताध्यक्ष ध्रुवलाल निनामा, संभागध्यक्ष हेमंत सोनी, अनुभाग अध्यक्ष मणिलाल कोलवार, तहसील अध्यक्ष राजेश रावल, दया गुर्जर, भूपेंद्र चावड़ा, प्रभु गरवाल, गौरव बोरिया, रितेश साँसरी, ओमकार भूरिया सहित बड़ी संख्या में पटवारी शामिल रहे।

अवैध मांस परिवहन : 2 वेन में करीब 10 क्विंटल मांस पकड़ा, गौमांस की शंका में नमूने की होगी फोरेंसिक जांच

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के ढोलावाड़ – बासिन्द्रा मार्ग पर गुरुवार सुबह 2 इको वेन से करीब 10 क्विंटल अवैध मांस परिवहन करते पकड़ा गया। इको वेन क्रमांक MP43CB7867 व MP43CB3722 में लगभग 15 से 17 मांस भरे कट्टे मिले।वहीं मामले में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने शंका जाहिर की है कि उक्त मांस गौवंश का हो सकता है। मौके से आरोपियों के पास  परिवहन से संबंधित कोई अनुमति या अन्य दस्तावेज भी नहीं मिले। मौके पर बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौजूद थे। हिंदू जागरण मंच के जिला सहसंयोजक कमलेश ग्वालियरी ने बताया की लगातार अवैध मांस परिवहन की सूचनाएं मिल रही थी। सुबह करीब 10 बजे ढोलावाड़ – बासिन्द्रा मार्ग पर दो वेन गुजर रही थी, जिसमें से खून टपक रहा था। कार्यकर्ताओं ने जब  वेन को रोका तो उसमें से बड़ी मात्रा में लगभग 10 क्विंटल मांस निकला। जिसके बाद मौके पर पुलिस को बुलाकर दोनों वेन में सवार चारो आरोपियों को पुलिस के हवाले किया। वहीं पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि रावटी व बाजना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध मांस का परिवहन हो रहा है। मगर जिम्मेदार इस और बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे। थाना रावटी के सब इंस्पेक्टर रामसिंह खपेड़ ने बताया की अवैध मांस परिवहन की सूचना मिलने पर पुलिस ने दो इको वेन को जप्त किया है। मौके से चार आरोपी मुनीर पिता हसन अली निवासी मिल्लत नगर, माजिद पिता जहागीर कुरैशी निवासी न्यू काजीपुरा, इमरान पिता नसरू कुरैशी व आबिद पिता यूनुस कुरैशी निवासी कसाई मंडी हरिजन बस्ती को हिरासत में लिया है।  आरोपियों पर म. प्र. कृषिक पशु अधिनियम की धारा 8 व 11 में मामला दर्ज किया है। आरोपी शुरुआती पूछताछ में मांस बकरे और पाड़े का होना बता रहे है। यह लोग मांस को बामनिया क्षेत्र में विक्रय के लिए ले जाना बता रहे है। फिलहाल मामले की विधिवत जांच की जाएगी। मांस का नमूना जांच के लिए फोरेंसिक विभाग भेजा गया है। जांच के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि अवैध परिवहन हो रहा मांस किस पशु का है।

MP में जनआक्रोश यात्रा : आज रतलाम में प्रेमचंद गुड्डू के नेतृत्व में कांग्रेस भरेगी हुंकार, जीतू पटवारी और कुलदीप इंदौरा भी होंगे शामिल

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश में बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा को चुनौती देने के लिए कांग्रेस ने ‘जन आक्रोश रैली’ की शुरुआत कर दी है। कांग्रेस का दावा है कि शिवराज सरकार के खिलाफ जनता के आक्रोश और असंतोष को आवाज देने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। प्रदेश में कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा 21सितंबर गुरुवार को शाम को रतलाम जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा का नेतृत्व पूर्व मंत्री जीतू पटवारी व प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी कुलदीप इंदौरा करेंगे। गुरुवार को शाम 5 बजे जन आक्रोश यात्रा मंदसौर से रतलाम जिले के आलोट विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। आलोट के बरखेड़ा में प्रवेश के दौरान यात्रा का स्वागत पूर्व सांसद व वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रेमचंद गुड्डू करेंगे। प्रेमचंद गुड्डू के नेतृत्व में आलोट क्षेत्र के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान उपस्थित रहेंगे। जानकारी के अनुसार बरखेड़ा में प्रवेश करने के दौरान शाम को जन आक्रोश यात्रा के पहले रथ सभा होगी। सभा को पूर्व मंत्री व राऊ विधायक जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी कुलदीप इंदौरा व पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू संबोधित करेंगे। बरखेड़ा से जनाक्रोश यात्रा कराड़िया होते हुए ताल पहुंचेगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों द्वारा जगह – जगह आक्रोश यात्रा का स्वागत किया जाएगा। जन आक्रोश यात्रा के ताल पहुंचने पर भी सभा का आयोजन होगा। यात्रा का रात्रि विश्राम ताल के पास अष्ट पद जैन तीर्थ पर रहेगा। यात्रा के रतलाम जिले में प्रवेश के दौरान स्वागत के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश पटेल सहित कांग्रेस नेता अजीत बोरासी, रमेश पाठक  आदि उपस्थित रहेंगे।

सौंपा ज्ञापन : MPMSR यूनियन की न्यूनतम वेतन की मांग, नवंबर में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की राष्ट्रव्यापी हड़ताल

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सीटू एवं मध्यप्रदेश – छत्तीसगढ़ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन ने संयुक्त रूप से पूरे प्रदेशभर में न्यूनतम वेतन के रिवीजन की मांग को लेकर बुधवार को ज्ञापन सौंपा। यूनियन के सदस्य रतलाम के एमआर कार्यालय से मोटरसाइकिल रैली निकालते हुए कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नाम का ज्ञापन सौंपा गया। एमपीएमएसआरयू रतलाम इकाई के अध्यक्ष कॉमरेड अश्विनी शर्मा ने बताया की मध्यप्रदेश की सरकार ने 2016 में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के लिए न्यूनतम वेतन घोषित किया था।लेकिन पिछले 9 साल से न तो न्यूनतम वेतन में कोई रिवीजन किया गया है और न ही 8 घंटे के काम को लागू किया गया।  साथ ही मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के लिए लागू  सेल्स प्रमोशन एम्प्लाइज एक्ट 1976 का पालन भी नहीं किया जा रहा है। रतलाम जिले के उपाध्यक्ष कॉमरेड अभिषेक जैन ने बताया की पुरे देश में मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है जिसने पिछले 9 सालों में मजदूरों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी नही की है। इसके अलावा शिवराज सरकार ने ट्रेड यूनियनों की त्रिपक्षीय समितियों के साथ आज तक कोई बैठक नहीं की। जिसके खिलाफ सीटू एवं एमपीएमएसआरयू पूरे प्रदेश में न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर मुखर हुई है। साथ ही भारत सरकार के श्रम मंत्री भूपेंद्रसिंह यादव के नाम मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की समस्याओं को लेकर 8 सूत्रीय मांगों का भी ज्ञापन सौंपा गया। एमपीएमएसआरयू (MPMSRU) के  प्रादेशिक उपाध्यक्ष कॉमरेड अश्विनी शर्मा ने जानकारी दी कि हमारे अखिल भारतीय संगठन FMRAI द्वारा 30 नवंबर 2023 को 8 सूत्रीय मांगों को लेकर  एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया गया है। हमारी मांग है कि देश के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की समस्याओं को लेकर बनी त्रिपक्षीय समिति की बैठक बुलाई जाए। जिसमें एसपीएक्ट 1976 को सुरक्षित एवं सुनिश्चित किया जाए। मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के काम करने की नियमावाली तय होने के साथ काम करने के मौलिक अधिकार को सुरक्षित किया जाए। सेल्स प्रमोशन एम्प्लाइज की डिजिटेलाइजेशन के नाम ट्रेकिंग सर्विलांस पर रोक लगाए। दवाओं पर जीरो जीएसटी लागू करे। इस दौरान रतलाम इकाई के सहसचिव कॉमरेड रसीद खान, कोषाध्यक्ष संजय व्यास, कार्यकारणी सदस्य अविनाश पोरवाल, ,सचिन तिवारी, निखिल मिश्र, आनंद गरवाल, एम एल नगावत एवं काफी संख्या में दवा प्रतिनिधि व अन्य ट्रेड यूनियन के साथी उपस्थित रहे।

रंजिश ने रची हत्या : पंचेड़ में युवक की हत्या में शामिल 3 आरोपी गिरफ्तार, छोटे भाई के साथ हुए कुकृत्य का लेना था बदला!

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सोमवार रात रतलाम के पास गांव पंचेड़ में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है की नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचेड़ में अज्ञात आरोपियों ने 23 वर्षीय युवक आबिद पिता सुल्तान हुसैन की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। मामले ने देखते ही देखते सांप्रदायिक रंग ले लिया था। जिसके बाद बतौर एहतियात मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करते हुए पूरे गांव को छावनी बना दिया गया। पुलिस कप्तान राहुल कुमार लोढ़ा ने खुद मौके पर पहुंचकर मामले में पूरी जानकारी ली थी। जिसके बाद आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई थी। इसी बीच मंगलवार को शव दफनाने से पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुस्लिम समाज ने नामली थाने का घेराव भी कर दिया था। समझाईश के बाद परिजन व समाज के लोगों ने मृतक का शव दफनाया। मामले में खुलासा करते हुए एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि मुख्य आरोपी के छोटे भाई के साथ साल 2020 में मृतक आबिद हुसैन पर अपहरण कर अप्राकृतिक कृत्य करने का आरोप था। इस मामले में उस पर विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हुआ था। वह जमानत पर आया था। इसी बात पर बदला लेने की नियत से आरोपियों ने मौका देखकर आबिद की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आशुतोष उर्फ भोला पिता दिनेश भांबी उम्र 23 वर्ष, त्रिभुवन पिता भंवरसिंह चौहान उम्र 20 वर्ष व एक 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने तीनो को चित्तौड़गढ़ टोल से गिरफ्तार किया। पुलिस हत्या की धारा में केस दर्ज मामले में आगे जांच कर रही है।