चुनावी सरगर्मी तेज : कलेक्टर व एसपी ने लिया बॉर्डर का जायजा, दोनों राज्यों के अधिकारियों ने की संयुक्त बैठक

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले में विधानसभा चुनाव के चलते कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी राहुल लोढा ने मंगलवार को इंटर स्टेट चेक पोस्ट निरीक्षण किया। बांसवाड़ा जिले से लगी हुई सीमा पर कुंडा, जांबूखादन, गड़ीकटारा कला चेक पोस्ट पहुंचकर तैयारी का जायजा लिया। कलेक्टर ने चेक पोस्ट पर स्टैटिक निगरानी टीम की तैनाती, टीम द्वारा किए जाने वाले कार्य की चेक लिस्ट बनाने तथा अन्य आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही मौजूद एसएसटी दल के सदस्यों को ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने, प्रत्येक गतिविधि को रजिस्टर में नोट करने, सावधानी के साथ वाहनों की चेकिंग, अनावश्यक रूप से किसी को परेशान नहीं करने के निर्देश भी दिए। बांसवाड़ा कलेक्टर एसपी के साथ संयुक्त बैठक :बाजना में कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी राहुल लोढ़ा द्वारा बांसवाड़ा कलेक्टर प्रकाशचंद शर्मा और एसपी अभिजीत सिंह के साथ बैठक आयोजित की। अधिकारियों द्वारा इंटर स्टेट बाउंड्री पर आपराधिक तत्वों की आवाजाही पर नियंत्रण, अवैध शराब तथा अवैध धन की रोकथाम पर गंभीरता से चर्चा की गई। विधानसभा के निष्पक्ष एवं स्वतंत्र निर्वाचन हेतु नियमित जानकारियो का आदान-प्रदान तय किया गया। निर्वाचन के दौरान दोनों जिलों के अधिकारी समन्वय के साथ आपसी संपर्क रखेंगे, आवश्यक जानकारी को साझा करेंगे। इस दौरान एसडीएम सैलाना मनीष जैन, एसडीओपी, जनपद सीईओ सुश्री अल्फिया खान, तहसीलदार मृगेंद्र सिसोदिया तथा बांसवाड़ा जिले के थाना स्तर के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। राजस्थान की सरहद पर विशेष निगरानी :मध्यप्रदेश के साथ राजस्थान में भी विधानसभा चुनाव है। ऐसे में राजस्थान की सरहद को छूते 39 मतदान केन्द्रों पर प्रशासन की विशेष निगाहें हैं। इसमें सर्वाधिक 20 बूथ जावरा विधानसभा क्षेत्र में हैं। यहां न केवल चैकिंग पाइंट बढ़ाए गए हैं बल्कि तीसरी आंख से भी आवाजाही पर नजर रखी जा रही है।  

फिर धराया गोल्ड : रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने मुंबई के युवक से 85 लाख की गोल्ड ज्वैलरी पकड़ी, आयकर व अन्य विभाग कर रहे जांच

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। एक माह पहले रतलाम में पुलिस ने 13 किलो से अधिक का सोना (GOLD) पकड़ा था। जिसमें दो युवकों के पास से करीब 8 करोड़ रुपए से अधिक का सोना जप्त हुआ था। जप्ती के बाद रतलाम सहित अन्य जिलों के सराफा व्यापारियों में हड़कंप मच गया था। यह सोना मुंबई से रतलाम लाया गया था।एक माह बाद फिर रतलाम में जीआरपी पुलिस ने अवैध रूप से परिवहन हो रहे गोल्ड (GOLD) पर शिकंजा कसा है। जप्त गोल्ड, ज्वैलरी के रूप में था जिसमें गले के हार, कंगन, झुमके आदि शामिल है। जीआरपी थाना प्रभारी बीएस देवड़े के अनुसार रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 4 पर किसी व्यक्ति के गोल्ड ज्वैलरी तस्करी की सूचना मिली थी। जिसके बाद सघन चेकिंग शुरू की गई। इस दौरान  प्लेटफार्म 4 पर फुटओवर ब्रिज के नीचे एक व्यक्ति बैग लिए खड़ा था। तलाशी लेने पर उसके बैग से गोल्ड की अलग-अलग प्रकार ज्वैलरी मिली। जिसका कुल वजन 1.56 किग्रा था। जिसकी बाजार में कुल कीमती लगभग 85 लाख रुपये बताई जा रही है। उक्त व्यक्ति ने पूछताछ के दौरान अपना नाम कमलेश सिंह बताया। कमलेश के पास अपने साथ ले जाए जा रहे गोल्ड का बिल व अन्य दस्तावेज मौके पर नहीं थे। पुलिस ने तुरंत तस्करी के संदेह में जीएसटी व आयकर अधिकारी को सूचना दी। जिसके बाद विधिवत जप्ती की कार्रवाई करते हुए मामला जीएसटी व आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने संबंधित फर्म को सूचना कर दी है। मुंबई की फर्म का है गोल्ड, दिखाने लाया था सेंपल  :राउंडअप किया गया युवक कमलेश मुंबई की फर्म टीएस गोल्ड का कर्मचारी बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार वह मुंबई से बाय रोड उदयपुर गया जहां उसने व्यापारियों को अपने पास रखी गोल्ड ज्वैलरी बतौर सेम्पल बताई। जिसके बाद वह बस से रतलाम आया। यहां उसने कुछ व्यापारियों से संपर्क किया मगर सैंपल नहीं दिखाया। रात को ट्रेन से वह फिर मुंबई के लिए रवाना होने वाला था। जिसके पहले ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।आगामी धार्मिक त्योहारो एवं विधानसभा चुनाव को देखते हुए ट्रेनो में सघन चेकिंग, स्टेशनों में फ्लैग मार्च, मुसाफिरखाना, आउटर, प्लेटफार्म तथा रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्धों की चेकिंग, ऑटो चालको से सघन पूछताछ, अवैध मादक पदार्थों के परिवहन व अवैध गतिविधियो के विरुद्ध कार्यवाही, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, व मोटर व्हीकल एक्ट की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। रेलवे का उपयोग अवैध परिवहन हेतु नही करने दिया जायेगा।  

रतलाम का रण : हाईकमान ने शहर में विधायक चेतन्य काश्यप पर जताया भरोसा, तीसरी बार भाजपा का बने चेहरा

सूची आते ही कार्यकर्ताओं ने शुरू की आतिशबाजी, बांटी मिठाईयां पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर जहां आयोग ने सोमवार को तारीखों का एलान किया वहीं दूसरी और भाजपा ने भी उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी की। जिसमें रतलाम शहर विधानसभा के लिए विधायक चेतन्य काश्यप पर तीसरी बार भरोसा जताया गया है। यह तीसरी बार होगा जब रतलाम शहर विधानसभा से चेतन्य काश्यप की उम्मीदवारी भाजपा से तय हुई है। शहर विधानसभा पर भाजपा के टिकट उम्मीदवारी की तमाम अटकलें अब समाप्त हुई। भाजपा ने रतलाम की 5 में से 2 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इससे पहले दूसरी सूची में सैलाना से संगीता चारेल का टिकट तय हुआ है। आलोट, जावरा और रतलाम ग्रामीण में भाजपा किसको टिकट देगी यह अब भी सस्पेंस है। फिलहाल रतलाम में भाजपा के टिकट बंटवारे को लेकर सैलाना में और रतलाम शहर में कोई गुटबाजी या अंदरूनी विरोध सामने निकलकर नहीं आया है। उम्मीदवारी की घोषणा होते ही कई भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने विधायक काश्यप के निवास पहुंचकर उन्हें बधाई दी। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और नाचते हुए मिठाइयां बांटी। शहर विधायक काश्यप ने पार्टी द्वारा उन्हे पुनः रतलाम शहर से प्रत्याशी बनाए जाने पर शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद दिया। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए विधायक निवास से जुलूस निकाला, जो कि शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। शहर के विभिन्न चौराहों पर आतिशबाजी की गई। मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में राजपत्र अधिसूचना जारी होने की तारीख -21अक्टूबर, नामांकन करने की अंतिम तारीख -30 अक्टूबर,नामांकन की जांच की तारीख -31 अक्टूबर, उम्मीदवारी वापस लेने की तारीख-2 नवंबर, मतदान की तारीख-17 नवंबर व मतगणना की तारीख -3 दिसंबर रहेगी।  

चुनावी रण का आगाज : मध्यप्रदेश समेत 5 राज्यों की चुनावी तारीखों का एलान, आचार संहिता लागू
जानिए चुनाव आयोग की पूरी तैयारियां

पब्लिक वार्ता – नई दिल्ली/भोपाल,जयदीप गुर्जर। देश के 5 राज्यों में आखिरकार विधानसभा 2023 के चुनावी रण का आगाज हो चुका है। राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव होने है। चुनावों की तारीखों का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि छत्तीसगढ़ में दो फेज में 7 और 17 नवंबर को वोटिंग होगी। मध्यप्रदेश में 17 नवंबर और राजस्थान में 23 नवंबर को सिंगल फेज में चुनाव होगा। वहीं मिजोरम में 7 नवंबर और तेलंगाना में 30 नवंबर को एक ही फेज में वोटिंग होगी। पांचों राज्यों का रिजल्ट एक दिन 3 दिसंबर को एक साथ घोषित होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि इन राज्यों में कुल 16.14 करोड़ वोटर्स हैं। इनमें 8.2 करोड़ पुरुष, 7.8 करोड़ महिला वोटर्स हैं। 2023 में 60.2 लाख नए वोटर्स है जो पहली बार वोट डालेंगे। आचार संहिता में रहेगी ये बंदिशें :नई सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की घोषणा नहीं हो सकेंगी।मंत्री-विधायक सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।सरकारी योजनाओं के बैनर, पोस्टर्स, सरकारी वेबसाइट से मुख्यमंत्री,मंत्रियों व अन्य राजनेताओं के पोस्टर हटाए जाएंगे।किसी भी प्रोजेक्ट का शिलान्यास या उद्घाटन नहीं हो सकेगा। आचार संहिता का इन कामों पर नहीं होगा असर :जनता को जो सरकारी योजना शुरू हो चुकी हैं, उनका लाभ मिलता रहेगा।सरकार कोई तबादला नहीं कर पाएगी, लेकिन चुनाव आयोग अफसरों के तबादले कर सकेगा।सीएम- मंत्री रूटीन काम ही कर सकेंगे।सरकारी दफ्तर में जनता से जुड़े सामान्य काम पहले जैसे ही चलते रहेंगे। 5 राज्यों में आयोग की ऐसी रहेगी व्यवस्था :5 राज्यों की 679 विधानसभा सीटों के लिए 1.77 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।60.2 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इनकी उम्र 18 से 19 साल के बीच है। इसके अलावा 15.39 लाख वोटर ऐसे हैं, जो 18 साल पूरे करने जा रहे हैं और जिनके पहले से आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।17,734 मॉडल बूथ, 621 पोलिंग बूथों को दिव्यांग कर्मचारी संभालेंगे। 8192 पोलिंग बूथों पर महिलाएं कमान संभालेंगी।1.01 लाख पोलिंग बूथ पर वेबकास्टिंग होगी। आदिवासियों के स्पेशल बूथ होंगे। 2 किलोमीटर के अंदर पोलिंग बूथ होंगे।छत्तीसगढ़-उड़ीसा बॉर्डर पर चांदमेता और जगदलपुर बस्तर में बसे तुलसी डोंगरी हिल एरिया में पहली बार पोलिंग बूथ बनाया गया है। यहां पहले ग्रामीणों को वोट करने के लिए 8 किमी चलकर बूथ तक जाना पड़ता था।राजस्थान में माझोली बाड़मेर में बूथ 5 किमी दूर था। 49 वोटर्स के लिए नया बूथ 2023 के चुनाव के लिए बनाया गया है।सी विजिल ऐप से चुनावी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। लोग ऐप के जरिए शिकायत कर सकेंगे।मध्यप्रदेश में देवगांव और मंडला जिले के बिछिया में 350 वोटर्स के लिए बूथ बनाया जाएगा। ये बूथ SDM हेडक्वॉर्टर्स से 40 किमी दूर है। मध्यप्रदेश में ही नंदिया और नर्मदापुरम के पिपरिया में जिला मुख्यालय में 165 किमी दूर पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। पोलिंग पार्टी को देनवा नदी पार करके जाना होगा। इसके पहले उसे अलग गाड़ी से देनवा के किनारे तक पहुंचाया जाएगा।

थमा भागवत का उल्लास : काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का भव्य समापन, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

विधायक चेतन्य काश्यप की घोषणा, 33 लाख में विरुपाक्ष महादेव मंदिर का बनेगा भव्य द्वार पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का रविवार को सुप्रसिद्ध कथावाचक एवं मोटीवेशनल स्पीकर जया किशोरी ने सबको राम-राम कहकर भव्य समापन किया। उन्होने कहा कि चेतन्य काश्यप परिवार ने भव्य आयोजन किया। भगवान इन पर सदैव कृपा बनाए रखे और यह धर्म के काम करते रहे। अंतिम दिवस की कथा की शुभारंभ आरती में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी शामिल हुए। विधायक चेतन्य काश्यप ने इस मौके पर अपने फाउंडेशन से बिलपांक के प्रसिद्ध श्री विरूपाक्ष मंदिर के प्रवेश मार्ग पर 33 लाख रुपए से भव्य द्वारा बनाने की घोषणा की। भागवत समापन पर यज्ञ हुआ, जिसमें शहर विधायक ने सपरिवार आहुतियां दी। जिसके बाद भागवत पौथी का पूजन कर उन्हें विदा कर विप्रभोज कराया गया। मिनी महाकुंभ के रूप में आयोजित इस विराट आयोजन के समापन में महाप्रसादी भी हुई, जिसका असंख्य श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ लिया। जया किशोरी ने भागवत कथा श्रवण कराते हुए कहा कि भगवान ने सीख दी है कि स्वार्थ वाला प्रेम, भक्ति, मित्रता ज्यादा समय तब नहीं टिकती। सबसे ऊपर कुछ है तो वह सिर्फ निःस्वार्थ प्रेम है। सच्चे भक्त को सिर्फ भगवान पर भरोसा होता है। भगवान अपनी हर लीला में यहीं सीख देते है। उन्होने कहा कि जीवन में आपकी संगत और सलाहकार बहुत मायने रखते है। पांच पांडव भगवान श्री कृष्ण की सलाह से सत्य के मार्ग पर चलकर बचे रहे, जबकि 100 कौरव, मामा शकुनि की सलाह मानकर खत्म हो गए। आप अपनी जिंदगी को शकुनी मामाओं से दूर रखे। दुनिया में सबसे कीमती चीज है समय, यदि आप उसे बर्बाद करेंगे तो एक दिन वह आपको बर्बाद कर देगा। कर्म का हिसाब भगवान भी चुका कर गए है। श्रीमद् भागवत कथा की यह सीख सबको याद रखनी चाहिए। कथा के शुरुआत में फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, श्रीमती नीता काश्यप, सिद्धार्थ काश्यप, पूर्वी काश्यप एवं श्रवण काश्यप ने पौथी पूजन किया। इसके बाद समिति सदस्यों एवं अतिथियों द्वारा आरती की गई। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कथा में लिया हिस्सा :केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भागवत कथा का रसपान कर रहा जनमानस ही भारत की ताकत है। जया किशोरी हमारे अतीत और भविष्य को जोड़ने का काम कर रही है। हमारी माता-बहनों की ताकत से देश आगे बढ़ रहा है। दुनिया की कोई ताकत अब हमे रोक नहीं पाएगी। गोयल ने विधायक चेतन्य काश्यप को इस भव्य आयोजन के लिए साधुवाद दिया। वड़ोदरा विधायक केयूरभाई ने फाउंडेशन एवं विधायक चेतन्य काश्यप का अभिनंदन करते हुए कहा कि जया किशोरी भागवत सप्ताह के माध्यम से धर्म, संस्कृति को संजोने का काम कर रही है। भाजपा जिला प्रभारी प्रदीप पांडे्य ने कहा कि चेतन्य काश्यप फाउंडेशन धर्म की ध्वजा लेकर जब काम करता है तब हमारा मस्तक ऊंचा होता है, हमारी छाती चौड़ी होती है। इसी कड़ी में विरूपाक्ष महादेव मंदिर के द्वार का निर्माण चेतन्य काश्यपजी द्वारा कराया जा रहा है। इस दौरान सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक दिलीप मकवाना, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा, महापौर प्रहलाद पटेल आदि मौजूद रहे। देश को मोदी और रतलाम को काश्यप की जरूरत :अखंड ज्ञान आश्रम के स्वामी श्रीदेव स्वरूपानंद जी महाराज ने कहा कि यह भागवत कथा का कुंभ है। रतलाम में चेतन्य काश्यप धर्म प्रेमी है। भगवान यदि किसी को दौलतवान बनाए तो इतना उदारवान भी बनाए कि वह धर्म और समाज के लिए खर्च कर सके। वह सभी धर्म के लिए कार्य करते है, यह रतलाम के लिए गर्व की बात है। रतलाम में बीते दस वर्षों में जो विकास देखा है, वह अद्भुत है। देश के लिए यदि नरेंद्र मोदी की जरूरत है तो रतलाम के लिए चेतन्य काश्यप की जरूरत है। सर्व समाज के आयोजन परिवार का सौभाग्य :फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि जया किशोरी ने सात दिन तक जो धर्म गंगा यहां बहाई है, उससे निश्चित रूप से रतलाम में एक इतिहास बना है। कथा के आरंभ में निकली कलश यात्रा ने भी इतिहास रच दिया। समावेशी सोच के साथ सर्व समाज के आयोजन करना मेरा व परिवार का सौभाग्य है। काश्यप ने बिलपांक स्थित विरूपाक्ष मंदिर के प्रवेश मार्ग पर अपने फाउंडेशन से भव्य द्वार निर्माण की घोषणा करते हुए मंदिर के इतिहास पर प्रकाश डाला। विधायक काश्यप ने कहा कि दस वर्ष पूर्व आपने मुझे जनप्रतिनिधि बनाया। उसके बाद रतलाम के विकास की गति को बहुत तेज रखा है और इसे आगे भी जारी रखेंगे। हमे भौतिकता, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, आध्यात्मिकता और सामाजिक समरसता को साथ लेकर चलना है। सनातन संस्कृति हमारी हिंदू संस्कृति को सदैव पल्लवित करती रहेगी। उन्होने कथा आयोजन में सहयोगियों एवं शहरवासियों का आभार जताया। विभिन्न संस्थाओं ने किया स्वागत-अभिनन्दन :कथा के आरंभ में आयोजन समिति सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा कथावाचक जया किशोरी एवं विधायक चेतन्य काश्यप का स्वगत-अभिनंदन किया गया। इस दौरान महाराष्ट्र समाज, माहेश्वरी समाज, अग्रवाल समाज, मारवाड़ी स्वर्णकार समाज, जनशक्ति संस्था, यादव समाज, गुजराती समाज एवं स्कूल ट्रस्ट, रतलाम प्रापर्टी ब्रोकर्स एसोसिएशन, न्यू सुपर क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन, जवाहर व्यायाम शाला परिवार, मैजिक ऐसोसिएशन, सनातन धर्म महासभा, पुजारी संघ, भांभी समाज, कैलाश मानसरोवर समिति एवं रतलाम प्रेस क्लब सदस्यगण उपस्थित रहे।

काला कारोबार : रतलाम में स्मैक के साथ इंदौर के दो युवक धराए, राजस्थान से मध्यप्रदेश-गुजरात में धड़ल्ले से सप्लाय हो रहा नशा

दो राज्यों की पुलिस के बीच फंसा रहता है पेंच, आखिर क्यों प्रतापगढ़ बना है अड्डा, पढ़िए पूरी खबर पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में अवैध नशे के कारोबार को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी बीच पिपलोदा थाना अंतर्गत पुलिस ने इंदौर के दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों अवैध मादक पदार्थ स्मैक को ले जा रहे थे। पुलिस ने इनसे 25 ग्राम स्मैक जप्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार के करीब बताई जा रही है। बरहाल पुलिस के लिए नशे का अवैध कारोबार सिर दर्द बना हुआ है। एमडी ड्रग्स, कोकीन, ब्राऊन शुगर जैसे घातक नशे की खेप मध्यप्रदेश के पड़ोसी राज्य राजस्थान से एंट्री कर रही है। जिस पर अंकुश लगाने में पुलिस अब तक कोई ठोस अंजाम तक नहीं पहुंची है। राजस्थान से नशा एंट्री करते हुए मध्यप्रदेश के बड़े शहरों समेत गुजरात में पहुंचता है। वहीं नशे के सरगनाओं तक पहुंचने की बात की जाए तो रतलाम पुलिस के हाथ अब तक खाली है।रतलाम पुलिस ने नशे के कारोबार पर जो कार्रवाई अब तक कि है, उनमें से अधिकांश का तार सीधे राजस्थान से जुड़ा मिला है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि क्या रतलाम पुलिस प्रतापगढ़ से रतलाम में एंट्री कर रहे नशे के कारोबार के ठिकानों और सरगनाओं तक पहुंचेगी या इसी तरह केवल तस्करी पर कार्रवाई करते हुए अपनी पीठ थपथपाती रहेगी। इसके अलावा गौर करने वाली बात यह है की नशे के कारोबार पर निगरानी रखने वाला मुख्य विभाग नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) कार्रवाई के मामले में कहीं नजर नहीं आता दिखाई देता है, सारी धरपकड़ पुलिस के जिम्मे ही नजर आती है। आपको बता दे कि रतलाम में विगत माह ड्रग्स के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन युवाओं ने किया था। जिसके बाद पुलिस ने खास अभियान चलाकर एमडी, कोकीन जैसी हैवी ड्रग्स पर एक के बाद एक कार्रवाई की। रतलाम एसपी राहुल कुमार लोढा ने जिले के सभी थानों पर अवैध मादक पदार्थों के व्यापार एवं परिवहन से जुड़े संदिग्ध लोगों पर कड़ी निगरानी रखकर सभी को सख्त निर्देश दिए है। पिपलोदा थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान के अनुसार शनिवार को टीम ने मुखबिर की सूचना पर इंदौर के रोहित पिता मनोज सिमोलिया उम्र 20 वर्ष नि. कृष्णबाग कॉलोनी मालवीय नगर व मुनेन्द्रसिंह पिता मानवेन्द्रसिंह सेंगर उम्र 22 वर्ष निवासी महेशबाग कॉलोनी को 25 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी एक होंडा कम्पनी की स्कूटी से स्मैक ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ स्मैक व स्कूटी (mp09uj2016) को जप्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। राजस्थान का प्रतापगढ़ बना अड्डा :सूत्रों की माने तो इंदौर के ये दोनों युवक अपने खुद के इस्तेमाल के लिए स्मैक ले जा रहे थे। दोनों ही राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के गांव कोटड़ी से स्मैक इंदौर ले जा रहे थे। तस्कर और नशाखोरी के आदि लोग जावरा के पिपलोदा से सीधे राजस्थान में एंट्री करते है। यहां से राजस्थान में पनप रही नशा कारोबार की दुनिया शुरू होती है। प्रतापगढ़ के गांव कोटड़ी, नौगावा, देवल्दी, कोटडी, धमोमर के आस पास के कई इलाके में जहरीले नशे का कारोबार चला रहा है। जो मध्यप्रदेश की युवा पीढ़ी को खोखला कर रहा है। गरीब तबके के लोगों को इस अवैध नशे के कारोबार में शामिल किया जाता है। गरीब युवाओं को नशीले पदार्थ को कोरियर करने के लिए उपयोग में लिया जाता है। नशा कारोबारियों की गुंडई के कारण लोकल आदमी शिकायत से डरता है।  सूत्रों की माने तो बड़े पैमाने पर चल रहे इस कारोबार को राजनीतिक शह के साथ ही विभागीय साठगांठ जान फूंके हुए है। कहा जाता है की इनका खुफिया तंत्र और ऊपर तक परोसा गया पैसा पुलिस तंत्र से ज्यादा सक्रिय है। यहां अफीम की बेहतरीन खेती, बनी फैक्ट्रियां :राजस्थान के प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़ और मध्यप्रदेश के मंदसौर, नीमच की जमीन अफीम उत्पादन के लिए बेहतरीन जमीन है। यहां हर साल बड़ी मात्रा में अफीम का उत्पादन होता है और इसी से एमडीएमए ड्रग बनती है। इसके अलावा हेरोइन, कोकीन सहित अन्य नशीले ड्रग्स भी इसी से बनाए जाते हैं। कुछ समय पहले तक ड्रग तस्कर यहां से सिर्फ अफीम लेकर जाते थे और बाद में अन्य राज्यों और जिलों में छोटे घरेलू प्लांट के माध्यम से इनमें कैमिकल मिलाते हुए अन्य ड्रग्स बनाते थे।एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने जब कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी पर ही रोकथाम लगा दी तो तस्करों ने नया जुगाड़ निकाला। लोकल स्तर पर ही छोटे – छोटे घरों में इसका निर्माण शुरू कर दिया। इसे बनाने के लिए ज्यादा बड़े प्लांट की आवश्यकता नहीं होती और जिन कैमिकल की जरूरत होती है वह कैमिस्ट्री शॉप या ऑनलाइन आर्डर कर मिल जाते हैं।मध्यप्रदेश और राजस्थान में नशे के सरगना के रूप में लाला-पठान बंधुओं का नाम पहले नंबर पर आता है। कुनबे के कई लोग मादक पदार्थों की तस्करी, हथियारों की तस्करी, सूदखोरी और जमीन हथियाने के धंधे में शामिल हैं। इन पर पुलिस ने पिछले 3 सालों में कई बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। लेकिन फिर भी नशे के काले कारोबार के बंद होने का कोई अंदेशा अब तक नजर आता नहीं दिख रहा है।

विधानसभा चुनाव 2023 : जिला प्रशासन दे रहा तैयारियों को अंतिम रूप, कल से शुरू होगी वोटिंग टीम की ट्रेनिंग

हर खबर पर प्रशासन रखेगा नजर, क्या है MCMC और क्यों रहेगा सतर्क? पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विधानसभा चुनाव 2023 के लिए रतलाम जिले के वोटिंग टीम का प्रशिक्षण 8 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। तीन दिन कि ट्रेनिंग रतलाम पब्लिक स्कूल में होगी। इसमें लगभग 3 हजार कर्मचारी प्रशिक्षण लेंगे। आने वाले कुछ दिनों में मतदान की तारीखों का एलान भी संभवतः हो जाएगा। जिसके बाद आचार संहिता लागू होने के साथ निर्वाचन आयोग अहम भूमिका में आ जाएगा। चुनाव आयोग ऑब्जर्वर की मीटिंग कर चुका है, जिसमें अनुमान लगाया जा रहा है कि पांच राज्यों में होने वाले चुनावों को लेकर तारीख व व्यवस्थाओं पर निर्णय लिया गया।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्रकुमार सूर्यवंशी ने बताया कि वोटिंग के लिए जो टीम होगी उनकी ट्रेनिंग 8 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक रखी गई है। करीब 35 मास्टर ट्रेनर्स कर्मचारियों को वोटिंग करवाने से जुड़ी ट्रेनिंग देंगे। इसमें रिजर्व कर्मचारी भी सम्मिलित होंगे। ट्रेनिंग लेने वालों में पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी क्रमांक एक सम्मिलित होंगे। सभी कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार निष्पक्ष एवं स्वतंत्र निर्वाचन संपन्न करने के लिए गंभीरता के साथ प्रशिक्षण लेने हेतु निर्देशित किया गया है।वहीं ट्रेनिंग में अनुपस्थित रहने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।  एमसीएमसी (MCMC) कक्ष का निरीक्षण :आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 को देखते हुए जिला पंचायत परिसर में जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (MCMC) कक्ष बनाया गया है। कलेक्टर सूर्यवंशी ने शनिवार को जिला एमसीएमसी कक्ष पहुंचकर निरीक्षण किया। कलेक्टर द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश मौजूद जिला जनसंपर्क अधिकारी शकील अहमद खान को दिए गए।आपको बता दे कि जिला एमसीएमसी कक्ष में प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रकाशित, प्रसारित पेड़ न्यूज़ की मॉनीटरिंग की जाएगी। इसके लिए कक्ष में समाचार पत्रों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक टीवी चैनल की निगरानी के लिए टेलीविजन सेट्स लगाए गए हैं। इलेक्ट्रॉनिक खबरों की रिकॉर्डिंग हेतु रिकॉर्डर की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा 24 घंटे मॉनिटरिंग हेतु 3 शिफ्ट में कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जिला एमसीएमसी द्वारा प्रिंट मीडिया के अलावा स्थानीय लोकल चैनल के साथ ही प्रादेशिक तथा राष्ट्रीय टीवी चैनल पर प्रसारित खबरों की भी मॉनिटरिंग की जाएगी।

महालक्ष्मी प्रकटोत्सव : धूमधाम से मनाया धन और वैभव की देवी का जन्मोत्सव, श्रीमाली ब्राह्मण समाज ने निकाला चल समारोह

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। धन की देवी महालक्ष्मी का प्रकटोत्सव शुक्रवार को भक्तिभाव के साथ मनाया गया। शहर के प्राचीन महालक्ष्मी मंदिरों के पर आयोजन किए गए। कालिका माता मंदिर परिसर स्थित श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर पर अभिषेक श्रंगार दर्शन हवन-पूजन-वंदन के लिए भक्तों का सुबह से देर शाम तक तांता लगा रहा। शहर की प्राचीन और विश्व विख्यात माणक चौक स्थित महालक्ष्मी मंदिर पर रात में आरती के बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया। महिलाओं ने भजनों की प्रस्तुति पर फूलों की वर्षाकर भक्ति रस में सरोबार होकर जमकर गरबारास किया। मंदिर के बाहर दर्शनार्थियों की लंबी-लंबी कतार श्रद्धालुओं की लगती रही। देर रात्रि में धूमधाम से महालक्ष्मी का जन्मोत्सव मनाकर प्रसाद का वितरण किया। श्रीमाली ब्राह्मण समाज की ओर से महालक्ष्मी जन्मोत्सव पर महालक्ष्मी के साथ शिव जलाभिषेक की झिलमिलाती झांकी चल समारोह निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष शामिल हुए। चल समारोह श्रीमालीवास स्थित श्रीमाली ब्राह्मण धर्मशाला से शुरू होकर माणक चौक महालक्ष्मी मंदिर, पैलेस रोड, कॉलेज रोड मठ एवं श्रीमालीवास पुनेश्वर महादेव मंदिर स्थित महालक्ष्मी मंदिर तक पहुंचा। यहां पूजा अर्चना की गई। इसके बाद रात्रि 12 बजे श्रीश्रीमाली ब्राह्मण समाज धर्मशाला में आरती एवं प्रसादी वितरण किया।


श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ : पांचवे दिन हुआ कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन, विधायक चेतन्य काश्यप ने परिवार सहित किया पौथी पूजन

सनातन धर्म कभी अंध विश्वास करना नहीं सिखाता – कथावाचक जया किशोरी

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के पांचवे दिन शुक्रवार को सुप्रसिद्ध कथावाचक व मोटीवेशनल स्पीकर जया किशोरी ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुमधुर वर्णन किया। इसके बाद गोवर्धन पूजा का सजीव चित्रण किया और भगवान को छप्पन भोग भी लगाए। कथा के दौरान भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। शनिवार को कंस वध, रासलीला, गोपी-उद्धव संवाद तथा श्रीकृष्ण-रूकमणी विवाह के प्रसंग को सुनाया जाएगा।कथा में जया किशोरी ने कहा कि सनातन धर्म हमे कभी अंध विश्वास करना नहीं सिखाता, बल्कि वह जिज्ञासा सिखाता हैं। अधिकतर शास्त्र प्रश्नों से शुरू हो रहे है। गीता जी में अर्जुन भी भगवान से प्रश्न कर रहे है। प्रश्न इस मंशा से करो की सच जानना है, इस मंशा से नहीं कि सामने वाले को गलत साबित करना है। विडंबना है कि आज प्रश्नकर्ताओं के प्रश्न में अहंकार अधिक झलकता है, सत्य की जिज्ञासा कम रहती है। जया किशोरी ने कहा की भगवत गीता के माध्यम से भगवान ने कई सीख दी है। उनकी सीख है कि साथ सही का देना है, भले ही सामने अपना खड़ा हो। आज यह बात बोलना आसान है, लेकिन जब वहीं परिस्थिति स्वयं पर आती है तो यह सीख नहीं निभा पाते है। कथा के शुरुआत में फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, श्रीमती नीता काश्यप, सिद्धार्थ काश्यप, पूर्वी काश्यप एवं श्रवण काश्यप ने पौथी पूजन किया। इसके बाद समिति सदस्यों एवं अतिथियों द्वारा आरती की गई। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सैलाना विधायक संगीता चारेल उपस्थित रही। नगर की विभिन्न संस्थाओं श्री सनातन धर्म महारूद्र यज्ञ समिति, जीव मैत्री परिवार, श्री बद्रीनाथ सेवा ट्रस्ट, श्री हरियाणा गौड़ ब्राहम्ण समाज, श्री गढ़ कैलाश सेवा समिति, रतलाम जिला खाद बीज व्यापारी ऐसोसिएशन, खेल चेतना मेला आयोजन समिति एवं क्रीड़ा भारती, श्री परशुराम युवा मंच, गुर्जर गौड़ समाज महिला मंडल, जीतो महिला विंग चैप्टर, ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन, श्री ब्राह्मण स्वर्णकार समाज, श्री खरतरगच्छ जैन श्री संघ, जांगिड़ ब्राहम्ण मेवाड़ा समाज, सिंधी समाज, दीनदयाल मंडल आदि संस्थाओं द्वारा  जया किशोरी एवं विधायक चेतन्य काश्यप स्वागत-अभिनंदन किया गया।

जन्में कृष्ण कन्हैया : श्रीमद भागवत कथा के चौथे दिन जया किशोरी ने कहा – “भगवान सुख में साथ रहे ना रहे दुख में हमेशा साथ रहता है”

पांडाल में गूंजा नंद के आनंद भयों, आज करेंगे भगवान श्रीकृष्ण अपनी बाल लीलाएं पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। चौथे दिन गुरूवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही। सुप्रसिद्ध कथावाचक व मोटीवेशनल स्पीकर जया किशोरी ने जैसे ही श्रीकृष्ण जन्म का उदघोष किया, वैसे ही नंद के आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की गूंज से पूरा पांडाल झूम उठा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के जीवंत मंचन ने सबका मन मोह लिया। इससे पूर्व भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मना। जया किशोरी ने धर्म की कथा, समुद्र मंथन और भगवान विष्णु के वामन अवतार की कथा भी सजीव श्रवण कराई। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष विभाष उपाध्याय रहे। शुक्रवार को श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग की कथा श्रवण कराई जाएगी। गुरूवार को जया किशोरी ने कहा कि जीवन में सिर्फ भगवान ही है जो आपका साथ देते है। वह सुख में साथ रहे या न रहे लेकिन दुख में हमेशा साथ रहते है। भले ही दिनभर भगवान का नाम न लें, लेकिन एक नियम बनाए कि जब भी घर से निकले कम से कम तब एक बार तो भगवान का नाम ले। नियम ऐसा हो कि दुनिया इधर की उधर हो जाए, लेकिन नियम न टूटे। भगवान वहीं आते है जो बुलाता है।उन्होने कहा प्रभु कहते कि उपभोग करते रहोगे तो तृप्ति कैसे मिलेगी। यदि तृप्ति चाहिए, तो इनका त्याग करना पडे़गा। यदि आप किसी चीज को ग्रहण कर रहे हो तो उसका त्याग नहीं कर सकते हो। दुनिया इसलिए सुंदर नहीं बनाई कि तुम मुझे भूल जाओ। जो चीजे सुख के लिए दी, आज वहीं दुख का कारण बन गई है। भागवत कथा हमे जीवन का दर्शन सिखाती है। इसे श्रवण करने से मानव मात्र का कल्याण हो जाता है। शुरुआत में मुख्य अतिथि विभाष उपाध्याय ने कहा कि जन्मांतर के सुकृत पुण्यों के फलस्वरूप भागवत कथा सुनने को मिलती है। यह अवसर चेतन्य काश्यप जी के माध्यम से आया है, जिसके लिए उन्हे धन्यवाद देता हूं। कामना करता हूं कि इसी प्रकार से वे सनातन का उद्घोष करते रहे और उसकी गूंज सर्वत्र सुनाई दे।कथा से पूर्व फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, श्रीमती नीता काश्यप,, सिद्धार्थ काश्यप एवं श्रवण काश्यप सहित समिति सदस्यों एवं अतिथियों द्वारा आरती की गई। उसके पश्चात संत रविदास समाज, मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स, वाघेला गौसेवा समिति, आदि गौड़ ब्राहम्ण समाज, पंचमुखी हनुमान मंदिर समिति, जगन्नाथ यात्रा समिति, वाल्मीकि समाज, श्री राठौर क्षत्रीय तेली समाज चार भुजानाथ, प्रभु प्रेेमी संघ, समन्वय परिवार एवं काकानी फाउंडेशन, मेहंदीकुई बालाजी न्यास एवं तुलसी परिवार, हरिहर सेवा समिति, प्रजापिता ब्रम्हकुमारी बहने, सिखवाल ब्राम्हण समाज, मुखर्जी मंडल, जैन श्वेताम्बर सोशल ग्रुप आदि ने जया किशोरी एवं विधायक काश्यप का स्वागत अभिनंदन किया।

0%