Ratlam News: डायल 112 की तत्परता से बची जान: डेलनपुर चौकी के पास सड़क हादसे में घायल को पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत डेलनपुर चौकी के पास एक अज्ञात कार द्वारा बाइक सवार को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। इस सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद डायल 112 एफआरवी स्टाफ की तत्परता से घायल की जान बचाई जा सकी। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार, रतलाम जिले की एफआरबी क्रमांक RTM-04 थाना औद्योगिक क्षेत्र की टीम अपने एक नोडल प्वाइंट से दूसरे नोडल प्वाइंट की ओर जा रही थी। इसी दौरान डेलनपुर चौकी के पास उन्होंने देखा कि एक अज्ञात कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी है। हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान हरिओम पाटीदार (उम्र 37 वर्ष), निवासी धामनोद के रूप में हुई। एफआरवी स्टाफ ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घायल की हालत गंभीर थी और मौके पर मौजूद भीड़ एंबुलेंस का इंतजार कर रही थी, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण समय नष्ट हो रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 स्टाफ ने बिना देरी किए घायल को अपनी एफआरवी में बैठाकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, रतलाम पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचाने और त्वरित इलाज मिलने से घायल हरिओम पाटीदार की जान बचाई जा सकी। पुलिस की इस संवेदनशीलता और तत्परता की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है। सराहनीय भूमिका: डायल 112 पुलिस स्टाफ का यह मानवीय और जिम्मेदार कदम एक बार फिर यह साबित करता है कि आपात स्थिति में त्वरित निर्णय और समय पर कार्रवाई कितनी अहम होती है।

Ratlam News: रतलाम में स्कूटर सवार किशोरी से मोबाइल स्नैचिंग, सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश बदमाश

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत 80 फीट रोड पर मंगलवार शाम स्कूटर से जा रही किशोरी के हाथ से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। WATCH VIDEO कस्तूरबा नगर निवासी जूली सोनी पुत्री पवन सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार शाम करीब 4:20 बजे अपनी छोटी बहन को कोचिंग छोड़ने के लिए ई-स्कूटर से 80 फीट रोड होते हुए अलकापुरी जा रही थी। स्कूटर की पीछे वाली सीट पर बैठी छोटी बहन के हाथ में मोबाइल फोन था। जीडी अस्पताल के सामने पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने चलते वाहन के पास आकर किशोरी के हाथ से मोबाइल छीन लिया और हनुमान ताल की ओर भाग निकले। अचानक हुई घटना से दोनों बहनें घबरा गईं और स्कूटर का संतुलन बिगड़ गया, हालांकि गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे फरार हो गए। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे हैं। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी और दोनों बदमाशों ने मुंह पर रूमाल बांध रखा था। पुलिस कर रही जांच थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। लगातार बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है, खासकर महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Ratlam News: रतलाम में यूरिया संकट: एमपी एग्रो गोदाम पर किसानों का धरना, कालाबाजारी पर फूटा आक्रोश

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में यूरिया खाद की भारी किल्लत से परेशान किसानों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। यूरिया उपलब्ध नहीं होने से आक्रोशित किसानों ने मंडी स्थित एमपी एग्रो गोदाम पर धरना देकर जमकर नारेबाजी की। किसानों का आरोप है कि सरकारी व्यवस्था कमजोर होने के कारण उन्हें मजबूरी में ब्लैक में महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। WATCH VIDEO किसानों ने मांग की कि गांव की सहकारी सोसाइटियों पर ही नगद में खाद वितरण किया जाए और यूरिया के नगद विक्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि किसानों को राहत मिले और कालाबाजारी पर रोक लग सके। दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में किसान एमपी एग्रो गोदाम के बाहर धरने पर बैठ गए और करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। धरने की सूचना मिलने पर कृषि विभाग की उपसंचालक नीलम चौहान मौके पर पहुंचीं। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि मंगलवार से तहसील कार्यालय से टोकन सिस्टम के माध्यम से यूरिया वितरण किया जाएगा और व्यवस्था को अधिक सुचारू बनाया जाएगा। आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान किसानों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याएं भी रखीं। किसानों का कहना है कि यूरिया लेने के लिए उन्हें कड़ाके की ठंड में गोदामों के बाहर रात बितानी पड़ रही है। दूर-दराज के गांवों से आए किसान पूरी रात लाइन में लगते हैं, लेकिन सुबह टोकन सीमित होने के कारण कई बार खाली हाथ लौटना पड़ता है, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है। किसान नेता देवेन्द्र सिंह सेजावता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खाद की कालाबाजारी चरम पर है। यूरिया की एक बोरी की निर्धारित कीमत 266.50 रुपये है, लेकिन मजबूरी में किसानों को इसे 300 से 450 रुपये तक में खरीदना पड़ रहा है। धरने के दौरान किसान नेता राजेश पुरोहित, संजय पाटीदार, अनिल धाकड़, अरविंद पाटीदार, सत्तू व्यास, गोपाल गुर्जर, अरुण जाट, राधेश्याम उपाध्याय, अजय धाकड़, संदीप पाटीदार, आशीष गुर्जर, कमल चौधरी, शुभम गोस्वामी, अमन खाती, भोला पाटीदार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Ratlam News: रतलाम के सैलाना कॉलेज में फर्जी आईडी से छात्राओं से चैट का आरोप, हंगामा; छात्र कामरान जेल भेजा

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के सैलाना स्थित शासकीय महाविद्यालय में सोमवार दोपहर उस समय हंगामा हो गया, जब एक छात्र पर सोशल मीडिया पर फर्जी नामों से आईडी बनाकर छात्राओं से बातचीत करने और बिना अनुमति वीडियो बनाने के आरोप लगे। बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी कॉलेज परिसर पहुंचे और मामले को लेकर आपत्ति जताई। सूचना पर सैलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से आरोपित छात्र को थाने ले जाया गया। WATCH VIDEO आरोप है कि बीए प्रथम वर्ष का छात्र कामरान (निवासी सरवन) ने इंस्टाग्राम पर पांच से अधिक आईडी बना रखी थीं, जिनमें कुछ हिंदू नामों से और कुछ लड़कियों के नाम से थीं। आरोप लगाने वालों के अनुसार वह स्वयं को हिंदू बताकर छात्राओं से चैट करता था और कॉलेज परिसर में बिना अनुमति वीडियो भी बनाता था। इस दौरान मोबाइल में आपत्तिजनक सामग्री मिलने और कुछ डेटा डिलीट किए जाने का भी दावा किया गया। पुलिस कार्रवाई और जांचथाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि आरोपित पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। उसका मोबाइल जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल किसी छात्रा की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। बजरंग दल की ओर से दिया गया आवेदन लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपित को एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कॉलेज प्राचार्य ने बताई घटना की कड़ीमहाविद्यालय के प्राचार्य डीके पाटीदार के अनुसार, सोमवार को एनएसएस रैली के बाद श्रमदान चल रहा था। इसी दौरान करीब 12:15 बजे एक छात्र प्राचार्य कक्ष की ओर भागते हुए आया। स्टाफ के पहुंचने पर बीए प्रथम वर्ष का छात्र कामरान कार्यालय में मौजूद था। उसने बताया कि कुछ बाहरी लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसी बीच कुछ लोग कॉलेज गेट पर पहुंचे और छात्र को सौंपने की मांग करने लगे। स्टाफ ने समझाइश दी और पुलिस को सूचना दी। वीडियो वायरल, शांति व्यवस्था बहालकॉलेज में हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शांति व्यवस्था बनाए रखी। नोट: मामले में लगाए गए सभी आरोप जांचाधीन हैं। पुलिस फोरेंसिक रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Ratlam News: रतलाम में अतिक्रमण हटाने पर बवाल: शिवगढ़ रोड पर चक्काजाम, बोले- जंगल में त्रिपाल लगाकर कैसे रहें?

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के मेगा इंडस्ट्रियल पार्क (निवेश क्षेत्र) की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को सोमवार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जिन रहवासियों के मकान तोड़े जाने हैं, उन्होंने रतलाम-शिवगढ़ रोड पर चक्काजाम कर सड़क पर धरना दे दिया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा। मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे WATCH VIDEO प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वे इस क्षेत्र में पिछले 30 से 40 वर्षों से रह रहे हैं। रहवासियों ने बताया कि वे पहले रतलाम शहर में अमृत सागर तालाब के किनारे रहते थे, जहां से प्रशासन ने उन्हें हटाकर बिबड़ौद क्षेत्र में बसाया था। अब एक बार फिर उन्हें उजाड़ा जा रहा है। ‘जंगल में सिर्फ त्रिपाल तान दी, परिवार कैसे रहे?’ रहवासियों ने प्रशासन द्वारा दी जा रही नई जगह लखनगढ़ को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि वहां उन्हें जंगल की जमीन पर भेजा जा रहा है, जहां न तो पक्के मकान हैं और न ही बुनियादी सुविधाएं।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन ने वहां सिर्फ त्रिपाल लगाकर छोड़ दिया, ऐसे में छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ जंगल में रहना संभव नहीं है। आज हटाए जाने हैं 30 मकान और 30 ईंट-भट्ठे प्रशासन की ओर से बताया गया कि सोमवार को मेगा इंडस्ट्रियल पार्क की 13 हेक्टेयर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना है। इस दौरान करीब 30 मकान और 30 ईंट-भट्ठों को हटाया जाना प्रस्तावित है। प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को लगभग 8 किलोमीटर दूर लखनगढ़ में शिफ्ट करने की योजना बनाई है। भारी पुलिस बल तैनात, हालात तनावपूर्ण चक्काजाम और विरोध को देखते हुए मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रभावितों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Ratlam News: आवारा मवेशी अभियान में बाधा: निगम टीम पर हमला, जबरन छुड़वाई गईं गायें

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में आवारा मवेशियों को पकड़ने निकली नगर निगम की टीम अब खुद असुरक्षित होती नजर आ रही है। बीते दो-तीन दिनों से लगातार पशुपालकों द्वारा निगम टीम पर हमला कर गायों को जबरन छुड़ाने के मामले सामने आ रहे हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि निगम कर्मचारियों को जान से मारने की धमकियां तक दी जा रही हैं। WATCH VIDEO नगर निगम टीम प्रभारी विराट मेहरा ने थाना माणकचौक और स्टेशन रोड में बसंत कॉलोनी निवासी सुरेश राठौड़ एवं उसके भांजे ध्रुव राठौड़ के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपित निगम टीम से विवाद करते दिखाई दे रहे हैं। वाहन से जबरन उतारी गईं गायें, की गई हाथापाई पुलिस को दिए आवेदन में बताया गया कि गुरुवार रात पुलिस लाइन क्षेत्र से पकड़ी गई गायों को सुरेश राठौड़ और ध्रुव राठौड़ अपना बताकर छुड़वाने पहुंचे। निगम टीम द्वारा मना करने पर दोनों ने वाहन से जबरन गायों को उतार लिया और गाली-गलौच करते हुए हाथापाई की। इसके बाद निगम की टीम जब करमदी रोड स्थित संत रविदास चौक पहुंची, तो वहां भी दोनों आरोपित पहुंच गए और अभद्र व्यवहार करते हुए पशु वाहन से गाय उतार ली। इस दौरान सुरेश राठौड़ ने खुलेआम धमकी दी कि उसे निगम, पुलिस या प्रशासन का कोई डर नहीं है। पहले भी हो चुकी है कार्रवाई में ढिलाई नगर निगम ने 15 सितंबर को पुलिस की मौजूदगी में अवैध तबेलों के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान बसंत कॉलोनी स्थित सुरेश राठौड़ के तबेले पर टीम पहुंची जरूर, लेकिन टीन शेड और पक्के निर्माण को हटाए बिना ही लौट गई। टीम के सामने ही बंधी गायों को छोड़कर खेतों की ओर भगा दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बसंत कॉलोनी स्थित तबेले में करीब 150 से अधिक गायें, जबकि ओझाखाली क्षेत्र में भाई राजेश राठौड़ के तबेले में 200 से अधिक गायें हैं। क्षेत्रवासियों ने कई बार शिकायतें कीं, लेकिन जिम्मेदारों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पहले भी कर चुके हैं हमला सुरेश और ध्रुव राठौड़ के अलावा अर्जुन गुर्जर, राहुल गुर्जर, सचिन गुर्जर, राहुल यादव, चेतन टांक सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी पूर्व में निगम टीम पर हमला कर गाय छुड़वाने की शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। पुलिस का बयान इस मामले में सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने कहा कि निगम द्वारा जब सुरक्षा की मांग की जाती है, तो पुलिस बल उपलब्ध कराया जाता है। आवेदन प्राप्त हुआ है, जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: सेमलिया रोड जमीन विवाद में हिंसा, पिता-पुत्र से मारपीट; जान से मारने की धमकी का आरोप

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सेमलिया रोड क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। WATCH VIDEO सेमलिया रोड निवासी सत्यनारायण राठौड़ ने थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह कृषि कार्य करता है और उसकी करीब साढ़े सत्रह बीघा भूमि उसके पिता गणपतलाल के नाम पर दर्ज है। इसी भूमि से सटी बाबुलाल राठौड़ की जमीन है, जिसको लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे सत्यनारायण और उसके पिता गणपतलाल घर के सामने खड़े थे। तभी आरोपित राहुल राठौड़ और बाबुलाल राठौड़ वहां पहुंचे और जमीन विवाद को लेकर मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगे। विरोध करने पर आरोप है कि राहुल राठौड़ ने सत्यनारायण के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसकी गर्दन में चोट आई और खून निकलने लगा। वहीं बाबुलाल राठौड़ ने गणपतलाल के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। घटना के दौरान अशोक राठौड़ और अनिल कुमावत ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि आगे खेत पर दिखाई दिए तो उन्हें खत्म कर देंगे। घटना के बाद सत्यनारायण अपने पिता गणपतलाल को लेकर थाने पहुंचा और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ratlam News: रतलाम मेडिकल कॉलेज में छात्राओं से छेड़छाड़: आरोपी बाइक सवार CCTV में कैद, स्टूडेंट्स ने थाने का घेराव किया

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय शासकीय मेडिकल कॉलेज रतलाम में छात्राओं से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। बुधवार रात करीब 7:50 बजे एक बाइक सवार नकाबपोश युवक कॉलेज कैंपस में घुस आया और इवनिंग वॉक कर रही दो छात्राओं को पीछे से छूकर व धक्का देकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। WATCH VIDEO आरोपी CCTV कैमरे में कैद, लेकिन चेहरा ढका हुआ डीन डॉ. अनिता मूथा ने बताया कि युवक की तस्वीर कैंपस के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। उसने काली जैकेट पहन रखी थी और चेहरा कपड़े से ढका हुआ था, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। डीन के अनुसार, आरोपी संभवतः बाहरी युवक था। लगातार छेड़छाड़ की तीन घटनाएं, छात्रों में बढ़ा गुस्सा पहली घटना के बाद गुरुवार दोपहर एक और छात्रा के साथ छेड़छाड़ की शिकायत सामने आई है। हालांकि पीड़ित छात्रा ने फिलहाल इस पर बोलने से इनकार किया है।इन घटनाओं के बाद स्टूडेंट्स का गुस्सा बढ़ गया और गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे बड़ी संख्या में छात्र औद्योगिक थाना पहुंचकर घेराव किया। 24 घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग स्टूडेंट्स ने थाना प्रभारी सत्येंद्र घनघोरिया को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे में आरोपी को पकड़ने, पुलिस सुरक्षा बढ़ाने और कैंपस में कड़ी एंट्री व्यवस्था लागू करने की मांग की। 2020 बैच के इंटर्न डॉ. प्रथम शर्मा ने कहा— “हम जिस कैंपस में रहते हैं, वही हमारा घर है। अगर यहां ही सुरक्षित नहीं हैं तो कहां जाएंगे? आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए।” सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी होगी डीन ने बताया कि— पुलिस जांच जारी, महिला अधिकारी लेंगी बयान थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने कहा कि छात्राओं के बयान महिला पुलिस अधिकारी द्वारा लिए जाएंगे। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है और आरोपी की पहचान जल्द की जाएगी।

Ratlam News: कबाड़ गोडाउन में भीषण आग, 30 फायर ब्रिगेड ने तीन घंटे में पाया काबू

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के हाट रोड स्थित वेद व्यास कॉलोनी के कॉर्नर पर मौजूद एक कबाड़ गोडाउन में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे कबाड़ को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा और बीच-बीच में 5 से अधिक धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। WATCH VIDEO सूचना मिलते ही रतलाम व आसपास की 25 से 30 फायर ब्रिगेड लॉरी मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सुरक्षा को देखते हुए पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी। गोडाउन में प्लास्टिक, कागज व गैस सिलेंडर भी मिले गोडाउन में बड़ी मात्रा में कागज के पुस्टें, प्लास्टिक, कांच की बोतलें और गैस सिलेंडर रखे हुए थे। हालांकि सिलेंडरों को समय रहते सामने वाली बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया। जानकारी मिली है कि गोडाउन में लोहा काटने के लिए गैस सिलेंडर का उपयोग किया जाता था। रहवासी क्षेत्र में वर्षों से संचालित हो रहा गोडाउन गोडाउन के इर्द-गिर्द दुकानें, कॉलोनी और सामने एक मल्टी मौजूद है। गोडाउन के बाहर कंचन इंटरप्राइजेस का बोर्ड लगा था और बताया गया कि यह किसी दिनेश व लच्छू कबाड़ी का गोडाउन है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि यह गोडाउन कई वर्षों से रहवासी इलाके में अवैध रूप से संचालित हो रहा है। नोटिस भी दिए गए, लेकिन प्रशासन व निगम इसे हटाने में नाकाम रहा। स्थानीय लोग कैमरे पर बात करने से कतराते दिखे। मौके पर पुलिस मौजूद, बड़े अधिकारी नहीं पहुंचे सबसे पहले हाट चौकी प्रभारी पंकज राजपूत और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया पहुंचे लेकिन थोड़ी देर बाद वापस चले गए। बाद में जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय पहुंचे।हालांकि जिला प्रशासन, नगर निगम कमिश्नर या कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। सुरक्षा हेतु विद्युत सप्लाई बंद गोडाउन के बाहर बिजली कंपनी की डीपी लगी हुई थी। आग फैलने के कारण हाट की चौकी, वेद व्यास कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों की बिजली काटना जरूरी हो गया।आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की दुकानों की छत पर रखा फ्रीज, कूलर व अन्य सामान भी जल गया। आग का कारण स्पष्ट नहीं एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।सीएसपी घनघोरिया ने कहा कि मौके पर फायर लॉरी भेज दी गई थीं और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

Ratlam News: रतलाम में घर में सेंधमारी: कुख्यात चोर गिरफ्तार, 1 लाख के आभूषण बरामद

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फरियादी फरजाना बी पति रईस कुरैशी, निवासी शैरानीपुरा हरिजन बस्ती, ने दिनांक 08 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ था और अलमारी में रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। WATCH VIDEO घर में रखे सोने के कान के टॉप्स, लटकन, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की चेन, पायल, बच्चों के गुल्लक में रखे 5 हजार रुपये और बी.सी. के नगदी रुपए चोरी हो गए थे। कुल चोरी का माल करीब 1 लाख रुपये कीमत का था। इस पर थाना स्टेशन रोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 896/25, धारा 331(4), 305(A) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की तत्पर कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन द्वारा सउनि देवेन्द्र सिंह सेंगर को जांच सौंपी गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी मोईन उर्फ मोनु जुगाड (28 वर्ष), निवासी हाथीखाना बाई जी का वास, रतलाम को गिरफ्तार किया।आरोपी की निशानदेही पर फरियादी के घर से चोरी गया सामान जप्त किया गया। जप्त सामान आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड गिरफ्तार आरोपी मोईन उर्फ मोनु जुगाड के विरुद्ध पहले से ही 23 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमेंभादवि की धारा 379, 380, 457,आर्म्स एक्ट,NDPS एक्ट,आबकारी एक्ट आदि के मामले शामिल हैं। आरोपी पर लगातार चोरी, हथियार और मारपीट के मामले दर्ज होते रहे हैं। सराहनीय भूमिका थाना स्टेशन रोड की टीम की सक्रियता से चोरी का खुलासा हुआ। इनकी भूमिका सराहनीय रही: