नशे पर एक्शन या खानापूर्ति: एमडी ड्रग्स व स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार, मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने में पुलिस अब भी नाकाम

ABVP के विरोध के बाद जागी पुलिस, चॉकलेट – बिस्किट की तरह बिक रहा नशा पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में नशे के सौदागर बेखौफ अपना धंधा जमाए हुए है। जिम्मेदार आंख बंद कर दफ्तरों में आराम कर रहे है। जिले के आलम यह है की यहां जिम्मेदारों को अपनी जिम्मेदारी का एहसास तभी होता है जब कोई विरोध प्रदर्शन हो  या कोई बड़ी घटना घटित हो। 2 हफ्ते पहले विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में बढ़ रही नशाखोरी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस तंत्र सक्रिय हुआ। रविवार को थाना स्टेशन रोड पुलिस द्वारा अलग – अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इससे पहले भी ड्रग्स के नशे में जान गवाने वाले कई किस्से शहर के लोगो ने सुने है। इसको लेकर पूर्व में एक बड़ा आंदोलन भी शहर में हुआ था, जब पुलिस हरकत में आई और कुछ दिनों तक लगातार कार्रवाई भी की। लेकिन पुलिस ने उसके बाद इनके ठिकानों और सरगनाओं तक पहुंचना जरूरी नहीं समझा। जिसके बाद अब फिर ड्रग्स का यह जहर शहर को खोखला करने में जुट गया है। चॉकलेट बिस्किट की तरह गांजा, अफीम, एमडी, स्मैक जैसे नशीले पदार्थ बाजार में बिक रहे है। मगर जिम्मेदारों के कान में जू तक नहीं रेंगती नजर आ रही है। पुलिस ने रविवार आधी रात में डीमार्ट बायपास व भक्तन की बावडी रोड से आरोपी जाफर पिता अल्लाहबक्श खान उम्र 22 वर्ष निवासी फिरदौस बहन का मकान, मोचीपुरा को गिरफ्तार किया। जिसके पास से पुलिस ने 31 ग्राम एमडी ड्रग्स पकड़ी। जिसकी किमती करीब 1 लाख रूपये बताई जा रही है। वहीं दूसरी और पुलिस ने दोपहर में भक्तन की बावड़ी क्षेत्र से ही एक अन्य आरोपी मोईनुद्दीन भुरा उर्फ भुरू पिता मोहम्मद हुसैन उम्र 21 वर्ष निवासी पिंजारा पोल हाथी खाना, झोपड पट्टी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी मोईनुद्दीन के पास से 30 हजार कीमत की करीब 10 ग्राम स्मैक बरामद की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मामला पंजीबध्द कर विवेचना शुरू कर दी है। राजस्थान से मंगवाई एमडीएमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार हुए आरोपी जाफर ने पुलिस पूछताछ में बताया की वह मोबाइल से राजस्थान के अरनोद थाना क्षेत्र के गांव देवल्दी निवासी अरबाज खान से मोबाईल पर बात कर मंगवाई थी। जो की एक अन्य आरोपी बालुराम मीणा नि. सिंगपुरा माताजी थाना अऱनोद जिला प्रतापगढ ने उसे डिलीवर की। पुलिस अब फरार आरोपी अरबाज खान व बालूराम मीणा को खोजने में जुटी है। राजस्थान का “अरनोद” है नशे का हबएमडी ड्रग्स, कोकीन, ब्राऊन शुगर जैसे घातक नशे की खेप मध्यप्रदेश के पड़ोसी राज्य राजस्थान से एंट्री कर रही है। जिस पर अंकुश लगाने में पुलिस अब तक कोई ठोस अंजाम तक नहीं पहुंची है। राजस्थान से नशा एंट्री करते हुए मध्यप्रदेश के बड़े शहरों समेत गुजरात में पहुंचता है। वहीं नशे के सरगनाओं तक पहुंचने की बात की जाए तो रतलाम पुलिस के हाथ अब तक खाली है।रतलाम पुलिस ने नशे के कारोबार पर जो कार्रवाई अब तक कि है, उनमें से अधिकांश का तार सीधे राजस्थान से जुड़ा मिला है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि क्या रतलाम पुलिस प्रतापगढ़ से रतलाम में एंट्री कर रहे नशे के कारोबार के ठिकानों और सरगनाओं तक पहुंचेगी या इसी तरह केवल तस्करी पर कार्रवाई करते हुए अपनी पीठ थपथपाती रहेगी? सब जानकर भी है अनजान?कई मामलो में देखा गया है की तस्कर और नशाखोरी के आदि लोग जावरा के पिपलोदा से सीधे राजस्थान में एंट्री करते है। यहां से राजस्थान में पनप रही नशा कारोबार की दुनिया शुरू होती है। प्रतापगढ़ के गांव कोटड़ी, नौगावा, देवल्दी, कोटडी, धमोमर के आस पास के कई इलाके में जहरीले नशे का कारोबार वर्षो से चला रहा है। जो मध्यप्रदेश की युवा पीढ़ी को खोखला कर रहा है। गरीब तबके के लोगों को इस अवैध नशे के कारोबार में शामिल किया जाता है। गरीब युवाओं को नशीले पदार्थ को डिलीवर करने के लिए उपयोग में लिया जाता है। नशा कारोबारियों की गुंडई के कारण लोकल आदमी शिकायत से डरता है। सूत्रों की माने तो बड़े पैमाने पर चल रहे इस कारोबार को राजनीतिक शह के साथ ही विभागीय साठगांठ जान फूंके हुए है। कहा जाता है की इनका खुफिया तंत्र और ऊपर तक परोसा गया पैसा पुलिस तंत्र से ज्यादा सक्रिय है। नारकोटिक्स विभाग की अनदेखी या चुप्पी भी कई सवालों को खड़ा करती है।

विरोध हक की जमीन का : आरडीए की स्कीम में ले लिया वैध कॉलोनी को, कॉलोनीवासियों ने जताया विरोध

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप समेत कमिश्नर व अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम विकास प्राधिकरण (RDA) द्वारा विकसित की जा रही टीडीएस-02 स्कीम को लेकर अपना नगर वासियों ने एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप के नाम एक ज्ञापन सौंप कर अपनी आपत्ति जताई है। अपना नगर वासियों ने इस मामले में निगमायुक्त एपीएस गहरवार और आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल से मिलकर उन्हे भी अपनी समस्या बताई और आरडीए की स्कीम में अपना नगर को शामिल करने का विरोध जताया। अपना नगर वासियों ने म.प्र.शासन के केबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप को सम्बोधित ज्ञापन में कहा है कि अपना नगर वर्ष 1980 में अस्तित्व में आई थी और तभी से यह एक अविकसित कालोनी है,जिसमें कई रहवासियों ने अपने पक्के मकान बना रखे है,जबकि कई भूखण्ड खाली पडे है। उक्त अविकसित कालोनी को म.प्र.शासन की योजनानुसार नियमितिकरण में लिया जा चुका है और नगर निगम ने नियमितिकरण की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी है। इतना ही नहीं यहां के निवासियों द्वारा हजारों रुपए नगर निगम के सम्पत्ति कर के रुप में जमा कराए जाते है।ज्ञापन में अपना नगर वासियों ने बताया कि उन्हे दो तीन दिन पूर्व ही इस बात की जानकारी मिली कि अपना नगर कालोनी को आरडीए की स्कीम टीडीएस-02 में शामिल कर लिया गया है,जबकि उक्त कालोनी को नगर निगम द्वारा नियमितिकरण में लिया जा चुका है और ऐसे में उक्त कालोनी को आरडीए की योजना से बाहर किया जाना आवश्यक है। ज्ञापन में एमएसएमई मंंत्री से मांग की गई है कि अपना नगर कालोनी को आरडीए की योजना से बाहर किया जाए,ताकि इस कालोनी के निवासियों को अपने घरों से बेदखल ना होना पडे। निगमायुक्त को सौंपा ज्ञापनअपना नगर वासी अपनी समस्या को लेकर सबसे पहले एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप के निवास पर पंहुचे,लेकिन मंत्री जी के बाहर होने की वजह से उन्हे सम्बोधित ज्ञापन उनके निजी सचिव को दिया गया। इसके बाद सभी कालोनीवासी नगर निगम पंहुचे,जहां उन्होने निगमायुक्त एपीएस गहरवार से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई। कालोनीवासियों के यह बताने पर कि अपना नगर के नियमितिकरण के लिए दावे आपत्तियां बुलाई जा चुकी है और यह प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। निगमायुक्त श्री गहरवार ने कालोनीवासियों के ज्ञापन पर उन्हे आश्वस्त किया कि वे इस मामले को गंभीरता से दिखवाएंगे। निगमायुक्त ने यह भी कहा कि नियमितिकरण में ली जा चुकी कालोनी को आरडीए द्वारा अधिग्र्रहित नहीं किया जा सकता। आरडीए अध्यक्ष से भी मिलेअपना नगरवासियों ने आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल से मुलाकात कर उन्हे भी अपनी समस्या से अवगत कराया और अपना नगर को आरडीए की योजना से बाहर निकालने का अनुरोध किया। आरडीए अध्यक्ष ने कहा कि वे अपने स्तर पर इसके लिए प्रयास करेंगे। उन्होने कहा कि योजना की स्वीकृती शासन स्तर से हो चुकी है,ऐसे में योजना को परिवर्तित नहीं किया जा सकता,फिर भी वे इसके लिए बनाए गए नियमों को दिखवाएंगे और कालोनीवासियों की यथासंभव मदद करेंगे।

अवैध गोवंश तस्करी: शिवगढ़ विहिप कार्यकर्ताओं ने 8 लेन से पकड़े 14 केड़े, आरोपियों को किया पुलिस के हवाले

पब्लिक वार्ता, रतलाम,जयदीप गुर्जर। शुक्रवार सुबह एट लेन से शिवगढ़ विहिप के कार्यकर्ताओं ने दो पिकअप वाहनों को पकड़ा। जिनमें अवैध रूप से गोवंश तस्करी कर ले जाए जा रहे थे। विहिप के कार्यकर्ताओं ने ग्राम समिति की सहायता से कुल 14 गोवंश को मुक्त किया। बजरंगदल के राहुल हाड़ा ने बताया की एट लेन से गोवंश तस्करी की सूचना मिली थी। जिसके बाद कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों की सहायता से घेराबंदी की गई। गो तस्कर केड़ो को रावटी व रानीसिंग होते हुए झाबुआ – दाहोद ले जा रहे थे। घेराबंदी कर पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद गोवंश को गौशाला छोड़ा गया। आरोपियो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दौरान बजरंगदल जिला सह संयोजक राहुल हाडा, प्रखंड उपाध्यक्ष रोहित, प्रखंड सहसंयोजक मनोज सोनवा, वायडी ग्राम समिति के अध्यक्ष देवेंद्र टाक, मंत्री दशरथ गुर्जर, सहसंयोजक   कमल गुर्जर, सहसंयोजक कमल खटाना आदि मौजूद थे।

बेख़ौफ गुंडागर्दी : घर में घुसकर पुजारी को चाकूओ से 11 बार गोदा, देर रात गंभीर हालात में किया भर्ती

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। देर रात शहर के थाना स्टेशन रोड क्षेत्र में एक बड़ी घटना सामने आई। घर में सो रहे पुजारी व उसके परिवार पर गुंडों ने हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने पुजारी पर करीब 11 बार चाकुओं से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में नाकाम साबित हुई है। घायल का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार थाना स्टेशन रोड के बिचलावास में कबीर साहब जैन मंदिर के पुजारी अवधेश पिता श्याम सुंदर त्रिवेदी उम्र 46 वर्ष के साथ यह घटनाक्रम हुआ। घायल अवधेश त्रिवेदी ने पुलिस को बताया की वह बिचलावास में कबीर साहब जैन मंदिर के पीछे ट्रस्ट के मकान में किराए से रहते हैं और पिछले 30 वर्षों से मंदिर के पुजारी का कार्य कर रहे हैं। फरियादी के अनुसार बीती रात वह अपने घर में सो रहे थे इसी दौरान रात 1:45 बजे उन्हें दरवाजा तोड़ने की आवाज आई। इसी दौरान लात मार कर कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। फरियादी ने बताया कि घर में घुसने वालों में भय्यू मराठा और उसके साथ पांच-छह लोग और थे। फरियादी ने बताया कि आरोपी भय्यू ने चाकू से उसके ऊपर हमला कर दिया। परिवार वाले बचाने आए तो उन पर भी आरोपी के साथियों ने हमला किया। हमले में अवधेश त्रिवेदी गंभीर रूप से घायल हुए जिन्हे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।पुलिस ने इस मामले में फरियादी अवधेश त्रिवेदी की शिकायत पर भय्यू और उसके साथी अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा और अन्य धाराओं (307,458,147,148,149) में प्रकरण दर्ज किया है।

मामला फिरौती का : भाजयुमो नेता व कांट्रेक्टर शुभम के समर्थन में आया गुर्जर समाज, 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष एवं विंड एनर्जी (पवन चक्की) कांट्रेक्टर शुभम गुर्जर को अवैध वसूली के लिए धमकाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में थाना बिलपांक में 21 जनवरी को एफआईआर दर्ज की गई। जिसके बाद आरोपी पक्ष के कुछ लोगों ने एसपी राहुल कुमार लोढा से मिलकर मामले को झूठा बताकर जांच की मांग की थी। जिसके बाद अब शुभम के समर्थन में गुर्जर समाज उतर आया है। शनिवार दोपहर 1 बजे बड़ी संख्या में समाजजन एसपी ऑफिस पहुंचे। इस दौरान आक्रोशित गुर्जर समाज के लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की। समाजजनों ने आरोपियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाना बिलपांक पुलिस पर कार्रवाई ना करने का आरोप लगाया। समाज के लोगों ने एसपी के नाम ज्ञापन एएसपी राकेश खाखा को सौंपा। एएसपी खाखा ने समाजजनों को जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आश्वस्त किया। एडवोकेट देवेंद्र सिराधना ने बताया की उक्त मामले में 6 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी रवि गेहलोत, कुशल गेहलोत और लोकेश गेहलोत की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों का पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। अब तक गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर रही है। साथ ही इससे शुभम गुर्जर की जान को खतरा भी है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित ना हो इसलिए ज्ञापन के माध्यम से एसपी महोदय को अवगत करवाया गया है। कुछ भी अनहोनी अगर घटित होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। आरोपियों की गिरफ्तारी ना होना यह दर्शाता है की उनमें पुलिस कार्रवाई का कोई भय नहीं है। यह था पूरा मामला21 जनवरी को जमुनिया (रतलाम) निवासी भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष व पवनच क्कियां लगाने वाली रेन्यू कंपनी के ठेकेदार शुभम गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि बड़नगर का रवि गेहलोत, कुशल गेहलोत और लोकेश गेहलोत अवैध रूप से हर माह 10 लाख रुपए देने की मांग कर रहे हैं। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। 18 जनवरी को लोकेश ने कॉल किया और जान से मारने की धमकी दी। कुशल ने भी इसी तरह जान से मारने की धमकी दी। वहीं इसी दिन ये तीनों गाड़ी भरकर साथियों को लेकर मुझे मारने के लिए जमुनिया जीरोपॉइंट पर आए लेकिन मेरे साथियों ने बीच-बचाव किया। भविष्य में कोई बड़ा विवाद नहीं हो इसलिए इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।

गैरजिम्मेदारी और हादसा : नई सड़क पर सीवरेज के खोदे गढ्ढे से गिरकर बूजुर्ग हुआ घायल, रहवासियों ने किया चक्काजाम

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सीवरेज, पाइप, रिपेयर के नाम पर तो कभी निर्माण के नाम पर नई सड़क को खोदना और छोड़ देना, रतलाम शहर में आम बात हो गई है। टैंकर कॉलोनी में सीवरेज के लिए नई सड़क खोद देने से मंगलवार को एक बुजुर्ग घायल हो गए। इसके बाद आक्रोशित रहवासियों ने चक्काजाम कर दिया। दूसरी ओर गांधीनगर से लेकर बिरियाखेड़ी तक कई इलाकों में सड़क बनाने के लिए महीनों से खुदी हुई सड़क लोगों को घायल कर रही है। सड़क निर्माण से पहले पूरे करने वाले कार्यों को बाद में करना कई सवाल खड़े करता है। ऐसे में जिम्मेदार निगम इंजीनियर और ठेकेदार का ध्यान कहां रहता है यह भी विचार करने वाली बात है। नगर निगम की बिना ठोस प्लानिंग और योजना के तात्कालिक निर्माण लोगों के लिए लंबे समय से सरदर्द बने हुए हैं। इसी के चलते मंगलवार को टैंकर रोड पर रहवासियों ने जमकर आक्रोश जताया। रहवासी कमल पांचाल ने बताया कि टैंकर कॉलोनी में करीब 8 सालों की मांग के बाद हाल ही में सड़क निर्माण हुआ था। लेकिन सड़क बनाने के 3-4 महीने बाद ही सीवरेज लाइन डालने के नाम पर सड़क खोदकर खराब कर दी गई है। खोदी गई सड़क को ठीक से रिपेयर तक नहीं किया गया है जिसके कारण गड्ढ़े और गिट्टी के ढ़ेर पार करके निकलना पड़ता है। ऐेसे में आए दिन लोग गिरते रहते हैं। क्षेत्रवासी उजास शर्मा ने बताया मंगलवार दोपहर को सड़क से गुजर रहे क्षेत्र के ही रहवासी बुजुर्ग बद्रीलाल प्रजापत घायल हो गए। सिर से बहते खून के चलते उन्हें परिवार और पड़ोस के लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं घटना के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। ट्रैफिक रुकने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पंहुची। खबर लिखे जाने तक कोई भी निगम का जिम्मेदार रहवासियों से चर्चा करने नहीं पहुंचा था।

हत्या का अंदेशा : रतलाम रेल कर्मचारी का शव मंदसौर के गांव में मिला, शरीर पर मारपीट के मिले निशान

पब्लिक वार्ता – मंदसौर/रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम रेल मंडल के जूनियर इंजीनियर का शव तालाब किनारे मिलने पर सनसनी फैल गई। मृतक का नाम दीक्षांत पंड्या है, जो की रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के उपाध्यक्ष पद पर भी था। शव मंदसौर जिले भावगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खोड़ाना में एक तालाब किनारे मिला है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान बताए जा रहे है, जिससे पुलिस हत्या का अंदेशा जता रही है। आपको बता दे मंदसौर जिले का गांव खोड़ाना रतलाम के ढोढर के समीप है। दोनों क्षेत्र की पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर लाल रंग की गाड़ी खड़ी मिली है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोट के निशान मिले है। मृतक दीक्षांत पंड्या रेल मंडल के कैरेज एंड वैगन विभाग में पदस्थ थे। पुलिस व एफएसएल की टीम ने जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने में जुट गई है।

आस्था को बनाया अवसर : झंडे सहित अन्य सजावट सामग्री का वसूल रहे दोगुना दाम, बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने दी चेतावनी

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पूर्व नगर के सभी गली मोहल्ले सजाए जा रहे है। लोग अपने आराध्य प्रभु श्री राम के स्वागत सत्कार की तैयारियों में जुट गए है। हिंदू संगठनों ने मेरा शहर मेरी अयोध्या जैसे कार्यक्रम जारी रखे हुए। जिसमें लोग बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे है। बाजारों में सजावट की कई वस्तुएं भी उपलब्ध है जिनकी बिक्री भी जोर शोर से हो रही है। ऐसे में दुकानदार अब मनमाने दाम पर सामग्री बेचकर आस्था को अवसर बनाने में लगे है। 100 रुपये के झंडे बाजार में 200 में बेचे जा रहे है। शुक्रवार को रतलाम विहीप-बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने बाजार में निकलकर ऐसे दुकानदारों को समझाइश दी। कार्यकर्ताओं ने शहर के माणकचौक, स्टेशन रोड, दो बत्ती, न्यू रोड आदि प्रमुख बाजारों में पहुंचकर दुकानदारों से संपर्क किया। साथ ही आम जन को भी दोगुने दाम पर वस्तु नहीं खरीदने का आग्रह किया। लोगों से अपील भी की है कि ऐसे दुकानदारों की सूचना तुरंत दे। विहीप के मठ मंदिर प्रमुख मोंटी जायसवाल ने बताया लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही थी। इसलिए ऐसे दुकानदारों को समझाइश देने के लिए आज बाजारों में निकले। उनसे निवेदन किया की हिन्दू धर्म की आस्था का सम्मान करते हुए वाजिब दाम में वस्तुओं का विक्रय करे। अगर ऐसा नहीं कर सकते है तो वे अपनी दुकानें हटा लें। जिससे शहर का प्रत्येक व्यक्ति 22 जनवरी के दिन को धूमधाम से मना सके। सभी को एक दाम तय करने की सलाह दी गई है। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष पवन बंजारा, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला संयोजक मुकेश व्यास मामा, जिला सह संयोजक आशु टांक, सेवा प्रमुख अनिल रौतेला, विद्यार्थी प्रमुख कृष्णा भामा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मामला लापरवाही का : थाने की जीप से रंगदारी कांड में 4 पुलिसकर्मी नपे, एक एसआई सहित तीन को किया लाइन अटैच

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के स्टेशन रोड पुलिस थाने से दो युवकों द्वारा  टीआई की जीप ले जाकर रंगदारी करने के मामले में एएसपी राकेश खाका ने चार पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। आपको बता दे की मामले में उज्जैन आईजी संतोष सिंह ने डीआईजी मनोज सिंह को जांच के आदेश दिए है। जिसे दो दिन में पूरा करने के निर्देश दिए है। जिसके बाद शाम होते ही 4 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया। जिसमें थाने के सब इंस्पेक्टर देवीलाल पाटीदार, हेड कांस्टेबल शैलेंद्रसिंह व दो आरक्षक नीरज चौहान व याकूब शामिल है। यह चारों पुलिकर्मी तब थाने में मौजूद थे। सीएसपी अभिनव वारंगे ने बताया मामले की गंभीरता पर प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई है। इसको लेकर एएसपी राकेश खाखा ने कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है। अन्य की लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी। यह था पूरा मामलाखबर पढ़ने के लिए लिंक पर क्लिक करे गंभीर मामला : नाक के नीचे थाने से जीप उठा ले गए और होटल व्यापारी को धमकाया, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप – PUBLIC वार्ता CLICK HEREhttps://publicvarta.com/took-away-the-jeep-from-the-police-station-right-under-my-nose-and-threatened-the-hotelier/ जरूरी, विश्वसनीय व सटीक खबरों के लिए अभी जुड़िये हमारे Whatsapp ग्रुप सेFollow this link to join my WhatsApp group: https://chat.whatsapp.com/IdzmfTm5DNyAcsuJ0iKXGu

गंभीर मामला : नाक के नीचे थाने से जीप उठा ले गए और होटल व्यापारी को धमकाया, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया जब उनकी गैर जानकारी के वाहन थाने से बाहर पहुंच गया। वाहन बाहर पहुंचा मगर हद तो तब हो गई जब दो नशेड़ियों ने एक होटल व्यापारी को वसूली के लिए धमकाया। जिसके बाद व्यापारी ने थाने पहुंचकर घटनाक्रम बताया और वीडियो बताया तो सब हक्के बक्के रह गए। ऐसे में अब पुलिस की चाकचौबंद व्यवस्था पर कई गंभीर प्रश्न उठना शुरू हो गए है। एक बड़ा सवाल यह भी है की आखिर यह सब कैसे हुआ? पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं घटनाक्रम को लेकर एएसपी राकेश खाखा ने पुलिस की और से सफाई भी पेश की है। व्यापारी की शिकायत पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार फरियादी हरीश पिता नानकराम चौथयानी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी के अनुसार उसकी स्टेशन रोड पर होटल है। 14- 15 जनवरी की रात करीब 1:00 बजे फरियादी अपनी होटल के काउंटर पर बैठा था, तभी स्टेशन रोड थाना पुलिस का मोबाइल वाहन (जीप) सायरन बजाते हुए स्टेशन की और गया। पुलिस वाहन वापस पलट कर फरियादी की होटल के सामने आकर रुका। फरियादी के अनुसार पुलिस वाहन चला रहे चालक ने सायरन बजाकर उसे वाहन के पास बुलाया और बोला कि तुम लोगों ने दुकान अभी तक क्यों खोल रखी है।इसके बाद चालक ने फरियादी से शराब पीने के लिए रुपए भी मांगे। फरियादी ने जब चालक से सवाल किया तो उसने कालर पकड़कर चाटा मार दिया। फरियादी के अनुसार चालक ने वाहन के पास की सीट पर बैठे व्यक्ति की और इशारा कर बोला की साहब साथ में बैठे हैं और शराब पीने के लिए रुपए मांगे। चालक ने अभद्रता करते हुए गलियां भी दी। इस दौरान मौके पर और लोग भी आ गए थे। लोगों के विरोध के बाद आरोपी गाड़ी लेकर चला गया। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी इमरान और उसके साथी के खिलाफ धारा 327, 323, 294,34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाने का वाहन अधिग्रहित किया हुआ है। आरोपी इमरान पूर्व में इस वाहन का चालक रह चुका है। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पुछताछ की जा रही है। आरोपी पुलिस वाहन थाने से कैसे लेकर गया इस संबंध में भी जांच शुरू कर दी है। – राकेश खाखा, एएसपी –  रतलाम पुलिस

0%