मध्य भारत का सबसे बड़ा एजुकेशन व कैरियर एक्सपो, हजारों विद्यार्थियों का संवारेग भविष्य

विश्व के सर्टिफाइड करियर काउंसलर्स देंगे युवाओं को मुफ्त कॉउंसलिंग, इंदौर में होगा आयोजन पब्लिक वार्ता – इंदौर,अंकित परमार। मध्य भारत का एजुकेशन हब कहा जाने वाला इंदौर अब तक के सबसे बड़े एजुकेशन व कैरियर एक्सपो का साक्षी बनने जा रहा है। जिसमे विश्वभर के सर्टिफाइड करियर काउंसलर्स इंदौर में पढ़ रहे युवाओं को मुफ्त में करियर काउंसलिंग और गाइडेंस प्रदान करेंगे। साथ ही इस कार्यक्रम में विश्व के 100 से अधिक यूनिवर्सिटी और कॉलेज आ रहे हैं जो विद्यार्थियों को 1 हजार से अधिक विश्व स्तरीय ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के साथ-साथ डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स की जानकारी और उनमें करियर बनाने के टिप्स देंगे। यह कार्यक्रम इंदौर के बास्केटबॉल परिसर में 10:30 से शाम 7:30 बजे तक आयोजित होगा। दी काउंसलिंग कैफे और कॉलेज एक्सप्लोरर जैसी नामी कंपनियां साथ आकर ये कार्यक्रम आयोजित करवा रही है। विदेशों में नौकरी के साथ शिक्षा की देंगे टिप्सकॉलेज एक्सप्लोर के फाउंडर अर्पणा जैन व सवीन जैन ने बताया की यह आयोजन शहर के स्टूडेंट्स को बेहतर शिक्षा मिल सके इस उदेश्य से किया जा रहा है। बढ़ते तकनीक और ए.आई. के जमाने में हमारे बच्चे भी शामिल हो सके और इस कंपटीशन में दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सके इसलिए कार्यक्रम किया जा रहा है। यह सेन्ट्रल इंडिया का सबसे बड़ा एक्सपो होगा जिसमे देशभर के कॉलेज और यूनिवर्सिटी हिस्सा ले रहे है। जिसमे स्टूडेंट्स के लिए एक्सपर्ट द्वारा करियर काउंसलिंग, विदेशों में शिक्षा की टिप्स और स्कॉलरशिप प्रोग्राम भी रखे गए है। स्टूडेंट अपनी क़ाबलियत के माध्यम से 50 से 100 प्रतिशत तक स्कॉलरशिप प्राप्त कर सकते है। साथ ही सर्टिफाइड करियर काउंसलर द्वारा अपने डाउट भी क्लियर कर सकेंगे। वहीं एजुकेशन इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना चुके एक्सपर्ट और इंडियाज बिगेस्ट करियर गाइडेंस बुक सीरीज के लेखक आशीष गुप्ता, आईआईएम बेंगलोर के विवेक गुप्ता, मेन्टल हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. चेतना बाजपाई द्वारा स्टूडेंट्स के लिए टॉक शो का आयोजन भी किया जा रहा है।

राहत की मांग : कड़ाके की सर्दी में युवा मोर्चा को बच्चो की चिंता, जिलाध्यक्ष विप्लव जैन ने लिखा पत्र

पब्लिक वार्ता, रतलामजयदीप गुर्जर। शहर में कड़ाके की सर्दी इस वक्त गिर रही है। इसी बीच स्कूलों में अब तक समय परिवर्तन नहीं किया गया। शासन व प्रशासन ने भी इस और कोई ध्यान अब तक नहीं दिया है। परिजन ऐसे में खासे चिंतित है। सुबह जल्दी लगने वाले स्कूलों के कारण बच्चों का स्वास्थ प्रभावित हो रहा है। परिजनों की समस्या को देखते हुए युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर के नाम पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने स्कूली बच्चों को राहत देने की बात की। इसके अलावा विप्लव जैन‌ ने शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह को भी ट्वीट कर विषय संज्ञान में दिलाया है। जिलाध्यक्ष विप्लव जैन ने बताया की रतलाम में पिछले दो दिनों से शीत लहर का प्रकोप को जारी है। तापमान में निरंतर गिरावट हो रही है। शीत के प्रकोप को देखते हुए अब स्कूलों में अवकाश और समय परिवर्तन की मांग उठने लगी है। प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय में शीत अवकाश आगे बढाए जाने का निवेदन भी किया है। भाजयुमो जिला अध्यक्ष  विप्लव जैन ने सुबह के स्कूल का समय भी 10:00 बजे से करने की मांग की है।

रंगारंग वार्षिकोत्सव : जड़वासा खुर्द में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुतियां

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिला मुख्यालय के गांव जड़वासा खुर्द में संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रंगारंग वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें छात्र-छात्राओं का रंगारंग वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण पाटीदार, जनपद सदस्य सुरेश पाटीदार, सरपंच प्रतिनिधि सुरेश परमार, उपसरपंच मांगीलाल पाटीदार, शासकीय हाईस्कूल मलवासा की प्राचार्य श्रीमती सरोज शर्मा मौजूद रहे। वार्षिकोत्सव में हर्षोल्लास के साथ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुतियां दी गई। जिसमें देशभक्ति, लोक नृत्य ,बेटी बचाओ एवं शिक्षा पर आधारित प्रस्तुतियां दी गई। अपने उद्बोधन में जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि प्रतिभाएं ग्रामीण क्षेत्र में बहुत होती है केवल उसे निखारने का कार्य किया जाना आवश्यक है। जनपद सदस्य सुरेश पाटीदार ने अपने उद्बोधन में शिक्षा के महत्व को प्रतिपादित किया एवं बच्चों को अच्छे कार्यक्रम के लिए बधाई दी। इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य आर.एन. केरावत द्वारा संस्था का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया एवं संस्था के बोर्ड परीक्षा परिणाम को 100% लाने के लिए छात्रों को प्रेरणा दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक सुष्मिता निगम, नागेश्वर उपाध्याय, मुकेश पालीवाल, बालकृष्ण शर्मा, राजेश चौहान,  श्री धाकड़, विकास तिवारी, चेतना डांगे, रजनी जोनवाल, प्रतीक्षा व्यास, नवीन डामोर, रमेश प्रजापति, राजेश दगदी, ममता कुशवाह, भावना डेविड आदि उपस्थित रहे।

रंगारंग प्रस्तुतियां : उत्कृष्ट विद्यालय में धूमधाम से मना 23वां वार्षिक उत्सव, कलेक्टर ने किया विद्यार्थियों को पुरस्कृत

लक्ष्य से भटकें नहीं, प्रश्न करने की आदत डालें, खूब प्रश्न करें  – कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सागोद रोड स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय (Govt. School Of Excellence) का 23वां वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। दो दिवसीय वार्षिकोत्सव के पहले दिन विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दी। दूसरे दिन समापन समारोह रखा गया जिसमें कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार (IAS Bhaskar Lakshakar) ने बच्चों को जीवन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कलेक्टर ने कहा की जीवन में लक्ष्य से भटकें नहीं, प्रश्न करने की आदत डालें, खूब प्रश्न करें इससे जीवन तथा केरियर को ऊंचाईयों पर ले जाने में मदद मिलेगी। कलेक्टर ने विद्याथियों से कहा कि गहन अध्ययन की आदत के साथ खेलकूद गतिविधियों में बढ-चढकर हिस्सा लें। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रुप में सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. सुलोचना शर्मा उपस्थित रही। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ की गई। प्राचार्य सुभाष कुमार कुमावत द्वारा कलेक्टर लाक्षाकार एवं डॉ. सुलोचना शर्मा का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की उत्कृष्ट झलकियां प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर स्टेट मेरिट, जिला मेरिट व उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त विद्यार्थियों का कलेक्टर द्वारा सम्मान किया गया। विद्यार्थियों के सम्मान के साथ ही उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों का भी कलेक्टर द्वारा सम्मान किया गया। प्राचार्य द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। तत्पश्चात विद्यालय की वर्ष भर की गतिविधियों व सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ललित मेहता व डॉ. ज्योति चावला द्वारा किया गया। पहले दिन सराही प्रस्तुतियांसमूह नाटिका सोशल मीडिया थीम, समूह काव्य ’मैं नाचवाने आई सा’ एवं कव्वाली ’बच्चों को लगता है यह टीचर…’ को अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वायके मिश्रा, प्राचार्य शासकीय विज्ञान एवं कला महाविद्यालय, अध्यक्ष डॉ अनिला कवंर, सेवानिवृत प्राचार्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में केसी शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी एवं संजय पुरवइया पीटीए उपाध्यक्ष रहे। सरस्वती पूजन के बाद विद्यालय के प्राचार्य ने अतिथियों का परिचय एवं विद्यालय में संचालित गतिविधियों को अवगत करवाया। प्रस्तुतियों के सभी कार्यक्रमों में मार्गदर्शक अर्चना टांक, ऐश्वर्या दुबे, मणि तोमर, माया मोर्या, मनोज मूणत आदि का श्रम स्पष्ट रूप से दृष्टिगत हो रहा था। अंत में विद्यालय परिवार की तरफ से अतिथियों को प्राचार्य सुभाष कुमावत ने प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के अलावा आरएन केरावत, गिरीश सारस्वत, अशोक लोढ़ा, सुनील कुमार कदम, चंचल जायसवाल, भावना कुमावत आदि उपस्थित रहे। संचालन आशीष दशोत्तर ने एवं आभार डॉ. ललित मेहता ने किया। नोडल डॉ. ज्योति चावला तथा सहायक नोडल रीना कोठारी रही।

बोर्ड परीक्षा टाइम टेबल : एमपी बोर्ड कक्षा 10वीं की परीक्षा 05 फरवरी से और 12वीं की 06 फरवरी से होगी शुरु

बोर्ड ने बताया कैसे आएगा पेपर, वेबसाइट पर जाकर कर सकते है चेक पब्लिक वार्ता – भोपाल,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MPBSE) यानी एमपी बोर्ड (MP BOARD) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2024 के लिए टाइम टेबल (10th 12th time table) जारी कर दिया है। मध्यप्रदेश बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा 5 और 6 फरवरी, 2024 से शुरू होगी। इस बार मार्च में शुरू होने वाली बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी में ली जा रही है। बताया जा रहा है की मई जून 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। परीक्षा के बाद रिजल्ट भी मार्च के अंत में या मई के पहले सप्ताह तक जल्द ही घोषित कर दिया जाएगा। यह टाइम टेबल नियमित (रेगुलर) और स्वाध्याय (प्राइवेट) छात्रों के लिए है। इस टाइम टेबल के अनुसार दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 5 फरवरी से 28 फरवरी तक होनी है। वहीं 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 6 फरवरी से 4 मार्च तक चलेंगी। परीक्षाओं का समय यथावत सुबह 9:00 बजे से 12:00 का रखा गया है। जिसके लिए छात्रों को 8 बजे पहुंचने की हिदायत दी गई है। परीक्षा पूर्ण होने से 15 मिनट निकलने के बाद यानी सुबह 08:45 के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा हॉल में एंट्री नहीं दी जाएगी। छात्रों को हर हाल में सुबह 08:30 बजे तक परीक्षा हाल में उपस्थित होना होगा। टाइम टेबल एमपी बोर्ड 2024 आधिकारिक वेबसाइट mpbse.nic.in पर जारी किया गया है। विद्यार्थियों को बोर्ड की सुविधामप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षाओं में अब दो माह का ही समय बचा है। ऐसे में मंडल ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी करने के लिए बड़ी सुविधा दी है। छात्रों को इन परीक्षाओं की तैयारी के लिए बोर्ड ने सभी विषयों के सैंपल पेपर तैयार कर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र इन पेपर को हल कर यह जान सकेंगे कि बोर्ड के पेपर किस तरह के पैटर्न पर आएंगे। सैंपल पेपर में स्कीम ऑफ मार्क्स की जानकारी के साथ ही परीक्षा की तैयारी में विद्यार्थियों को मदद भी मिल सकेगी। इसके लिए विद्यार्थियों को बोर्ड की वेबसाइट mpbse.nic.in पर जाना होगा।

सेवा गाथा : शिवगढ़ में वितरित किए कंप्यूटर कोर्स के प्रमाण पत्र, माधव सेवा न्यास व सेवा भारती का संयुक्त प्रकल्प

पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। जिला मुख्यालय के शिवगढ़ में माधव सेवा न्यास उज्जैन एवं रतलाम सेवा भारती द्वारा संचालित कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर के छात्र – छात्राओं ने कंप्यूटर कोर्स पूरा किया। जिसके बाद उन्हें शुक्रवार को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कंप्यूटर सेंटर पर आने वाले विद्यार्थियों ने डीसीए पीजीडीसीए एवं बेसिक कंप्यूटर कोर्स की परीक्षा पास की। प्रमाण पत्र वितरण से पहले सेंटर पर भारत माता के चित्र पर माल्यापर्ण किया गया। जिसमें मुख्य रूप से माधव सेवा न्यास अध्यक्ष बलराज भट्ट, सचिव विपिन आर्य, रतलाम सेवा भारती सचिव मोहित कसेरा, माधव सेवा न्यास के लखन धनगर आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विजेंद्रसिंह चौहान ने किया। सेवा भारती के मोहित कसेरा ने बताया की माधव सेवा न्यास की सेवा गाथा अब सैलाना बजाना के गांव – गांव में पहुंच रही है। न्यास द्वारा क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के सेवा कार्यों में प्रमुख कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र शिवगढ़ जिला रतलाम में गत वर्ष से संचालित हो रहा ।है जिसके सुपरिणाम आने लगे हैं। न्यास के अध्यक्ष बलराज भट्ट ने छात्र – छात्राओं के उज्जवल भविष्य की शुभकामना देते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

मतदाता जागरूकता संदेश : जैन विद्या निकेतन में बनाई बच्चों ने 100 फिट की रंगोली, “छोड़ो अपने सारे काम –  पहले चलो करे मतदान”

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव शुरू होते ही प्रत्याशी अपने – अपने प्रचार में जुटे हुए है। आगामी 17 नवंबर को मतदान होना है। ऐसे में शत प्रतिशत मतदान कराने के उद्देश्य से सामाजिक संस्थाएं, प्रशासन व विद्यालय मतदाताओं में जागरूकता लाने का कार्य कर रहे है। जिससे लोगों में जागरूकता आए और वे शत प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भूमिका सुनिश्चित कर सके। इसी को लेकर शहर के सागोद रोड़ स्थित जैन विद्या निकेतन स्कूल के विधार्थियो ने करीब 100 फिट की रंगोली बनाई। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत 50 फिट लंबी व 50 फिट चोड़ी रंगोली का निर्माण कश्यप सभागृह में किया गया। रंगोली में भारत देश के नक्शे के साथ मतदान का संदेश “छोड़ो अपने सारे काम – पहले चलो करे मतदान” लिखा गया। इसके अलावा मतदान के विषय में कई मनमोहक व आकर्षक रंगोलीयां फूलों व रंगों से विद्यार्थियों ने बनाई। स्कूल प्राचार्य मृदुला शर्मा ने बताया कि विद्यालय के सभी कक्षा के करीब 45 विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। इस मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य एवं सभी शिक्षक उपस्थित थे।

प्रतिभा का सम्मान : पुरुस्कार मिलते ही खिल उठे विद्यार्थियों के  चेहरे, सैकड़ों अभिभावकों ने सराहा चेतन्य काश्यप फाउंडेशन

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शिक्षा जीवन भर साथ रहने वाली हैं, आपने जो शिक्षा प्राप्त की है, उसे जीतना बाटोगे, वह उतनी बढ़ेगी और आपका सम्मान भी बढ़ेगा। धन-दौलत चोरी हो सकती है ,लेकिन विद्या चोरी नहीं हो सकती। शिक्षा से जीवन का आधार बनाना बहुत आवश्यक है। विधायक चेतन्य काश्यप शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल के क्षेत्र में लगातार काम कर मानवीय और ईश्वरीय सेवा कर रहे है। यह बात  कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत ने चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित  प्रतिभा सम्मान समारोह में कही। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी जीतू जिराती, जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय, जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा, महापौर प्रहलाद पटेल, फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, पूर्व विधायक जितेंद्र गेहलोत, आयोजन समिति सलाहकार एवं पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा मंचासीन रहे।  राज्यपाल गेहलोत ने प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित होने वाले मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए चेतन्य काश्यप फाउंडेशन को धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने वाले ऐसे आयोजन से दूसरे बच्चे भी प्रेरित होंगे। राज्यपाल ने विधायक काश्यप से 10वीं और 12वीं पास करने के बाद किन्हीं कारणों से उच्च शिक्षा से वंचित रहने वाले बच्चों के लिए प्रयास करने का आग्रह किया। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी जीतू जिराती ने कहा कि विधायक काश्यप अपने क्षेत्र में बच्चों का भविष्य बनाने का काम कर रहे है। उन्होंने जो संकल्प और प्रकल्प लिए है, वह हर कोई नहीं ले सकता है। अहिंसा ग्राम, कुपोषण, शिक्षा, खेल के क्षेत्र में वह काम कर रहे है। कोविड में जब रिश्तेदार और पैसा काम नहीं आ रहा था। उस समय ऑक्सीजन की आवश्यकता होने पर चेतन्य काश्यप फाउंडेशन ने मानव जाति को बचाने का प्रयास किया और ऑक्सीजन प्लांट लगाकर रतलाम के लोगों की जान बचाई। उन्हें गर्व है कि हमारे बीच एक ऐसे जनप्रतिनिधि है जो धन कमाने में नहीं बल्कि पुण्य कमाने का काम कर रहे है।फाउंडेशन अध्यक्ष विधायक चेतन्य काश्यप ने मेधावी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपको अपने जीवन और स्वभाव में सहनशीलता लाना होगी। जीवन में आने वाली सफलता और असफलता को समान रूप से स्वीकार करें। असफलता जीवन में आती है तब सफलता के लिए तैयार होना पड़ता है। खेल चेतना मेला आयोजन का उद्देश्य यहीं है। हम खेल में रोज हारकर जीतने का प्रयास करते है और आखिरकार जीतते है। श्री काश्यप ने कहा कि रतलाम के भविष्य के लिए मेगा इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन प्रधानमंत्रीजी के हाथ से हुआ है। यह रतलाम का सौभाग्य है कि एक ऐसा हाथ रतलाम के साथ लगा है, कि अब क्षेत्र के विकास को कोई रोक नहीं सकता है। 460 करोड़ की लागत से इसका निर्माण होगा और 75 हजार करोड़ का निवेश यहां होगा। करीब पौने दो लाख युवाओं को प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। रतलाम का युवा अब बाहर नहीं जाएगा बल्कि बाहर का युवा रतलाम आकर काम करेगा। भाजपा जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय ने कहा कि विधायक काश्यप एक अच्छे सामाजिक कार्यकर्ता है। उनका फाउंडेशन समाज, स्वास्थ्य, शिक्षा में लगातार काम कर रहा है। प्रतिस्पर्धा में कभी सफलता तो कभी असफलता मिलती है लेकिन असफलता को हम अपने परिश्रम की पराकाष्ठा से मिटा सकते है। ऐसा करने का साहस यदि हर विद्यार्थी में है तो उसे सभी का आशीर्वाद मिलेगा।महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि लोग अपने, परिवार के लिए सोचते है लेकिन विधायकजी नगर और यहां के बच्चों के विकास के लिए सोचते है। जमाना काम्पीटिशन का है। आप अपने सपनों को बड़ा करें और एक ही सपना देखे, क्योंकि अलग-अलग सपने देखने से वह पूरे नहीं होते है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा ने भी मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। समारोह में 10वीं एवं 12वीं की सीबीएसई एवं एमपी बोर्ड की परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले करीब दो हजार मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इसमें 92 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को मंचासीन किया गया। प्रत्येक मेधावी विद्यार्थी को सम्मान स्वरूप टाइटन रिस्ट वाच एवं शील्ड प्रदान की गई। समारोह के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, मेधावी विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विकास शैवाल ने किया।