रॉयल कॉलेज के विद्यार्थियों का सांची डेयरी प्लांट में इंडस्ट्रियल विजिट

रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। रॉयल कॉलेज के बीएससी माइक्रोबायोलॉजी एवं बायोटेक्नोलॉजी प्रथम वर्ष  के 90 विद्यार्थियों ने रतलाम सागोद रोड स्थित सांची दुग्ध डेरी प्लांट का औद्योगिक भ्रमण किया । औद्योगिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य स्टूडेंट्स को व्यावहारिक कार्य वातावरण के बारे में जानकारी प्रदान करना रहा, साथ ही साथ इस शैक्षणिक भ्रमण से स्टूडेंट्स अपने प्रायोगिक ज्ञान में अभिवृद्धि करेंगे एवं स्वरोजगार तथा उद्यमी बनने के लिए प्रेरित होंगे। सांची दुग्ध डेरी प्लांट के मार्केटिंग हेड  पी एस  राना ने विद्यार्थियों को समूह में लेकर विभिन्न लैब का विजिट करवाया एवं सभी प्रक्रियाओं को मय डेमो दिखाया गया। स्टूडेंट्स को प्लांट की मशीनरी,टेस्टिंग लैबोरेट्री प्रशिक्षण प्रक्रिया, पैकिंग, मार्केटिंग जैसे कार्यो की प्रैक्टिकल जानकारी दी गई। संस्था के प्रशासक दिनेश राजपुरोहित विभाग अध्यक्ष प्रो. कपिल केरोल,बायोटेक विभाग की प्रो. पूजा पाटीदार एवं  माइक्रो बायोलॉजी विभाग से प्रो.नैंसी धीमन का सहयोग रहा।

गुर्जर समाज ने मनाया भगवान देवनारायण के अश्व लीलाधर का जन्मोत्सव, निकली ध्वज यात्रा

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। गुर्जर समाज के लोगों ने भादवी छठ पर अपने आराध्य देव भगवान श्री देवनारायण जी के प्रिय अश्व का जन्मोत्सव बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर गुर्जर समाज द्वारा आकर्षक श्री देवरा देव धर्मराज ध्वज यात्रा का आयोजन किया गया, जो ढोल ढमाकों के साथ श्री देवनारायण मंदिर धभाई जी के वास से निकली और देवनारायण जी के जयकारों के साथ नाचते गाते हुए क्षेत्र के मुख्य मार्गों से होते हुए ग्राम सालाखेड़ी स्थित श्री देवनारायण जी मंदिर पहुंची। जहां शिखर पर ध्वज चढ़ाने के साथ यात्रा समाप्त हुई। आकर्षक झांकी, ढोल और पचरंगी ध्वजा यात्रा के आकर्षण का केंद्र रहे। रास्ते भर देवनारायण जी के भक्त अपने आराध्य के जयकारे लगाते रहे और अंत में महिलाओं द्वारा भजन और गरबा रास किया गया। यात्रा समाप्ति पर खीर प्रसादी का वितरण किया गया। श्री देवरा देव धर्मराज ध्वज यात्रा में मुरलीधर गुर्जर, राधेश्याम गुर्जर, रूपेश गुर्जर, राजेश परिहार, दीपक गुर्जर, राजेश गुर्जर, चेतन गुर्जर, दिग्विजय सिंह धाभाई, निलेश गुर्जर, अर्जुन गुर्जर, रमेश चंद्र गुर्जर, विक्रम सोलंकी, पप्पू गुर्जर, दिलीप गुर्जर आदि बड़ी संख्या में देवनारायण जी के भक्त महिला और पुरुष उपस्थित रहे।

ताक पर महिला सुरक्षा : हरितालिका तीज पर पूजा करने जा रही युवती से छेड़छाड़, घंटों तक इंतजार के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस

थाने पहुंचे भाजयुमो नेता को धक्का मारकर निकाला बाहर, प्रदर्शन के बाद एएसआई कनिक लाइन हाजिर रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। शहर में चरमराई कानून व्यवस्था की तस्वीर शुक्रवार रात सामने आई। थाना स्टेशन रोड अंतर्गत हरमाला रोड पर हरतालिका तीज मनाने एक युवती पूजा के लिए घर से तैयार होकर जब मंदीर पहुंच रही थी तभी रास्ते में कुछ मनचलों ने उस पर ताने कंसने शुरू कर दिए। छेड़छाड़ की घटना से घबराई युवती नेज ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद क्षेत्रवासियों और परिजनों ने मौके पर आरोपियों को पकड़ लिया। क्षेत्रवासियों के अनुसार युवकों को पकड़कर पुलिस को फोन लगाए लेकिन थाना स्टेशन रोड से कोई भी जिम्मेदार घटनास्थल नहीं पहुंचा। जिसके बाद क्षेत्र के पार्षद प्रतिनिधि और भाजयुमो उपाध्यक्ष जलज सांखला, मंडल अध्यक्ष आयुष पडियार को बुलाया और सभी थाने पहुंचे। गौरतलब है की हरमाला रोड पर चौगानिया भेरु और फूल मंडी के आसपास का क्षेत्र शराबियों का अड्डा बना हुआ है और पुलिस को सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। वहीं इस घटना ने शहर के थानों पर महिला सुरक्षा के पुलिस दावों की पोल खोल कर रख दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब आठ बजे दो शराबी मनचलों ने मंदिर जा रही युवती को छेड़ दिया। इसकी जानकारी लगने पर लोगों ने स्टेशन रोड थाने पर शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर रहवासी भड़क गए और थाने पहुंचे। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जिला उपाध्यक्ष जलज सांखला व भाजयुमो मंडल अध्यक्ष आयुष पड़ियार भी उनके साथ थे। आरोप है की कार्रवाई नहीं करने पर मंडल अध्यक्ष आयुष पड़ियार जब थाने के अंदर पहुंचे तो वहां मौजूद एएसआई दिनेश कनिक ने उन्हें धक्का मारकर बाहर कर दिया। जिसके बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष विप्लव जैन कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंच गए। यहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी कर विरोध किया। आक्रोशित कार्यकर्ता बदतमीजी करने वाले एएसआई दिनेश कनिक पर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। जिसके बाद एसएसपी राहुल लोढा ने कनिक को लाइन अटैच कर दिया। उधर युवती की ओर से भी थाने पर एफआईआर दर्ज कर ली गई।

स्वास्थ की चिंता : पाइपलाइन टूटने से टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ा, श्रेष्ठ नवनिर्माण फाउंडेशन ने की अपील

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। शहर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन टूटने की शिकायत आमतौर पर सभी दूर देखने में आ रही है। ऐसे में उस दौरान मौजूद गड्ढों में पानी भर जाता है। यही पानी हमारे स्वास्थ पर गंभीर प्रभाव डालता है। इसी को लेकर श्रेष्ठ नवनिर्माण फाउंडेशन ने चिंता जाहिर करते हुए अधिकारियों से अपील की है। फाउंडेशन के सचिव नरेंद्र श्रेष्ठ ने बताया पाइपलाइन फूटने से पानी सड़क पर फैल जाता है और सप्लाई बंद होने के कारण गंदा पानी वापस पाइपलाइन में चला जाता है, जो अगली सप्लाई में नागरिकों तक पहुंच जाता है। इससे शहर में टाइफाइड और अन्य पानी जनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। श्रेष्ठ ने जिला अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, और निगम के अन्य अधिकारियों से अपील की है कि वे इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान दें और उचित कदम उठाएं। फाउंडेशन का कहना है कि पाइपलाइन टूटने से न केवल जल सप्लाई बाधित हो रही है बल्कि गंदे पानी के पुनः पाइपलाइन में जाने से नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। फाउंडेशन के प्रतिनिधियों का कहना है कि अधिकारियों को तुरंत उचित कदम उठाने चाहिए ताकि पाइपलाइन टूटने की समस्या को रोका जा सके और साफ पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही, अधिकारियों से आग्रह किया गया है कि वे सड़क निर्माण कार्यों के दौरान पाइपलाइनों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और नागरिकों को बीमारियों से बचाने के लिए उचित प्रबंध करें।

रतलाम में श्रीबाबा रामदेव जी का जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया गया

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। श्री मारू भांबी समाज द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में श्री बाबा रामदेव जी का जन्म उत्सव मनाया गया। पहले दिन प्रसन्न परसाई और उनकी टीम ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जबकि दूसरे दिन चल समारोह शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ हाट की चौकी स्थित मंदिर पर पहुंचा। रतलाम शहर अध्यक्ष बद्रीलाल पुनवर ने ध्वज पूजन कर महाआरती की शुरुआत की। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विप्लव जैन, युवा नेतृत्व मदन सोनी, पूर्व पार्षद एमआईसी सदस्य मंगल लोढ़ा, सुदीप पटेल, नवनिर्माण हिंद व्यायाम शाला के प्रमुख मनोज वर्मा उपस्थित थे। समिति के उपाध्यक्ष झमक पडियार, सचिव रवींद्र गहलोत, कोषाध्यक्ष राजेश बोचा, सहकोषाध्यक्ष प्रभुलाल राठौड़, युवा प्रकोष्ठ प्रभारी गोलू भुमारचा, पूर्व रतलाम शहर अध्यक्ष कन्हैयालाल बोका, दीपेश पडियार, जगदीश मातोरिया, दिनेश पडियार, महेश मकवाना, रमेश जोकचंद, रमेश कथिरिया, बाबूलाल जोकचंद, बहादुर सिंह खांबू, नंदकिशोर खांबू, दीपक बामनिया सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य, युवा कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में सभी समाज जन उपस्थित थे। इस अवसर पर सभी ने श्री बाबा रामदेव जी का जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया और उनके जीवन और संदेशों को याद किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी का सहयोग रहा।

भव्य शाही सवारी : बाबा महाकाल के साथ आए गजानंद भगवान, बजरंगबली ने मोहा मन

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। शहर के वृंदावन ग्रुप द्वारा दो मुंह की बावड़ी – पिपलचौक पर 10 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत 7 सितंबर से होगी। इससे पहले ग्रुप द्वारा भगवान महाकाल की प्रतिकात्मक शाही सवारी निकाली गई। जिसमें पालकी में महाकाल का मुखोटा सबसे आगे चल रहा था। जिसे भक्तों ने अपने कंधों पर उठा रखा था। पालकी के पीछे सांवरिया सेठ जी की प्रतिकात्मक प्रतिमा रथ में विराजमान थी। सांवरिया सेठ के रथ के पीछे हाथी चल रहा था जिस पर भगवान महाकाल के मन महेश स्वरूप के दर्शन भक्तों ने किए। ग्रुप द्वारा 15 फिट ऊंची गणेश प्रतिमा का नगर आगमन करवाया गया। जिसकी स्थापना विधि – विधान से 7 सितंबर यानी गणेश चतुर्थी पर की जाएगी। इस प्रतिमा में बजरंगबली की गोद में श्रीगणेश विराजमान है। सवारी में बजरंगबली का स्वरूप लिए कलाकार ने सभी का मन मोहा। बजरंगबली द्वारा की जा रही तरह – तरह की नाट्य प्रस्तुति ने भक्तों को खूब आश्चर्य में डाला। शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शाही सवारी कॉलेज रोड दो मुंह की बावड़ी पर समाप्त हुई।

अभ्यास कैरियर इंस्टिट्यूट पर विद्यार्थियों ने मनाया शिक्षक दिवस

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। शास्त्री नगर स्थित अभ्यास कैरियर इंस्टिट्यूट में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साह मनाया। इंस्टिट्यूट के मैनेजिंग डायरेक्टर नीलीमा कुमावत ने बताया कि डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों को मंगल तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया। डॉ राकेश कुमावत ने विद्यार्थियों को शिक्षक की समाज में भूमिका से अवगत करवाया और बताया कि कैसे एक शिक्षक विद्यार्थी के जीवन में आने वाली हर समस्या को आसान तरीके से हल कर सकता है। संस्था के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों ने ढोल नगाड़ों के साथ शिक्षकों से केक कटवाए और उपहार भी दिए। इस अवसर पर सभी ने शिक्षकों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

शर्मनाक हरकत : नशे में धुत शिक्षक ने कैंची से काटी छात्रा की चोटी, वायरल वीडियो के बाद किया सस्पेंड

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। रतलाम में एक चौंकाने वाली घटना में एक शिक्षक ने नशे की हालत में एक छात्रा की चोटी काट दी। यह घटना रावटी के प्राइमरी स्कूल सेमलखेड़ी-2 में बुधवार को हुई। शिक्षक के इस कृत्य के बाद छात्रा रोते हुए खड़ी रही, जबकि शिक्षक ने जवाब में कहा कि जो करना है कर लेना। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, जो गुरुवार को सामने आया। शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर राजेश बाथम ने कहा, “शिक्षक का आचरण मर्यादाहीन और पद की गरिमा के खिलाफ है। उसके खिलाफ आपराधिक केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।” संकुल प्राचार्य (क्लस्टर प्रिंसिपल) संदीप जैन ने बताया कि यह स्कूल आदिम जाति कल्याण विभाग के तहत आता है। स्कूल में करीब 50 स्टूडेंट हैं। वीडियो गुरुवार सुबह संज्ञान में आया है। वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट सौंप दी है। इसी रिपोर्ट के आधार पर टीचर को सस्पेंड कर दिया गया है। वीडियो में दिख रहा है कि शिक्षक वीर सिंह मईड़ा के हाथ में कैंची है। पास ही 5वीं की एक छात्रा खड़ी है। वह लगातार रोए जा रही है। फर्श पर कटी हुई चोटी पड़ी है। पास ही एक और छात्र भी खड़ा है। वीडियो बनाने वाला शख्स जब इस हरकत पर आपत्ति जताता है, तो शिक्षक बच्चों के सामने ही अपशब्द कहते हुए कहता है- जो भी करना हो कर लेना। शिक्षक ने कहा- कोई कुछ नहीं कर सकता स्कूल के पास रहने वाले गौतम ने बताया, ‘उस वक्त मैं घर पर था। अचानक स्कूल के 5-6 बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनी। आकर देखा, तो शिक्षक वीर सिंह कैंची से बच्ची के बाल काट रहे थे। उनसे पूछा तो उन्होंने कहा- ये लोग पढ़ाई नहीं करते हैं। मैं मोबाइल से वीडियो बनाने लगा, तो सर ने कहा कि वीडियो बनाना है, बना ले। कोई कुछ नहीं कर सकता। घटना के सामने आने के बाद कलेक्टर राजेश बाथम नेे सहायक आयुक्त (आदिम जाति) रंजना सिंह को जांच के आदेश दिए थे। गुरुवार को आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारी जांच के लिए पहुंचे। उन्होंने बच्ची के बयान भी लिए। इस दौरान पीड़ित बच्ची ने अफसरों को अपनी कटी हुई चोटी भी दिखाई।

रतलाम के पहलवानों ने बदनावर में दिखाई कला, आखरी शंकर सवारी में जुटे भक्त

रतलाम/बदनावर – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। महाकाल मंडल के तत्वधान में निकलने वाली आखरी शंकर सवारी में श्री चमत्कारी कंठीवाले हनुमान अखाड़े के रतलाम निवासी उस्ताद नवीन बैरागी का स्वागत सम्मान किया गया। ग्राम खेड़ा के सरपंच योगेश मुकाती मित्र मंडल द्वारा मंच पर अखाड़े के उस्ताद नवीन बैरागी का स्वागत सम्मान किया गया। उस्ताद बैरागी ने बताया कि हर साल आखरी शंकर सवारी के दिन श्री चमत्कारी कंठीवाले हनुमान मंदिर की और से अखाड़ा निकाला जाता है। जिसमें बड़ी संख्या में रतलाम एवं बदनावर के पहलवान शामिल होते है। जिसमें हैरतअंगेज करतब दिखाते हैं। इस दौरान सभी अखाड़ों के उस्तादों एवं झांकियां के निर्माण करने वाले कलाकारों का स्वागत धार्मिक एवं सामाजिक सस्था द्वारा मंच से किया गया।

चेतावनी के बाद जागे जिम्मेदारः चिंताहरण गणेश मंदिर के सामने रोड बनकर हुआ तैय्यार, समिति देगी महापौर और पार्षद को धन्यवाद 

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। पैलेस रोड स्थित शहर के प्रसिद्ध और प्राचीन श्री नित्य चिंताहरण गणेश मंदिर पर 10 दिवसीय  गणेश उत्सव के पहले मंदिर के सामने की सड़क के खोदे जाने से भक्तों में आक्रोश व्याप्त हो गया था। समिति ने भी आक्रोश जताते हुए गणेशोत्सव के पहले रोड बनाने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। जिसके बाद मीडिया के माध्यम से बात जिम्मेदारों तक पहुंची। जिसके बाद 2 दिनों के भीतर रोड का काम पूरा हो गया। क्षेत्रीय पार्षद व एमआईसी सदस्य धर्मेंद्र व्यास ने बताया की ठेकेदार को पूर्व में ही निर्देशित कर दिया था। जिसके बाद भी उसने काम शुरू नहीं किया। मामला संज्ञान में आते ही तुरंत ठेकेदार को बुलाया और काम शुरू करवाया। अपनी निगरानी में रोड कार्य पूरा करवाया। अब रहवासियों और मंदिर पर आने वाले भक्तों को कोई परेशानी नहीं होगी। मंदिर समिति के जनक नागल ने बताया की मंदिर के सामने रोड खोदे जाने से तालाब जैसी स्थिति बन गई थी।  मंदिर के मुख्य द्वार से पैदल आने जाने तक का रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया था। गणेश उत्सव के अवसर पर भगवान श्री को स्वर्ण बर्क का चोला चढ़ाया जाता है, भव्य पांडाल और मूर्ति स्थापना के साथ साथ मंदिर के अंदर और बाहर दुर दुर तक लाईट, फ्लावर और टेंट का डेकोरेशन किया जाता है। प्रतिदिन करीब आठ से दस हजार भक्त भगवान श्री के दर्शन एवं प्रसादी प्राप्त करने को आते हैं। नागल ने कहा कि मंदिर के सामने की सड़क के खोदे जाने से भक्तों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और गणेश उत्सव की तैयारियों में बाधा आ रही थी। अब तेज गति से रोड का कार्य पूरा किया गया है। जिसके लिए शहर के महापौर प्रहलाद पटेल व क्षेत्रीय पार्षद धर्मेंद्र व्यास सहित जिम्मेदार अधिकारी एवं ठेकेदार का स्वागत कर उन्हें धन्यवाद देंगे।  मंदिर पर साज सज्जा का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।

0%