रिश्वतखोर पटवारी : घूसखोर महिला पटवारी पर लोकायुक्त की कार्रवाई, किसान से मांगी थी नामांतरण के लिए रिश्वत

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने जिले के आलोट में महिला पटवारी को रंगे हाथ रिश्वत लेते ट्रेप किया। आलोट में पदस्थ हल्का 27 की पटवारी प्रियंका सोनी द्वारा किसान के नामांतरण के बदले यह राशि मांगी गई थी। जिसकी शिकायत किसान ने लोकायुक्त उज्जैन में की। जिसके बाद सोमवार को आरोपी महिला पटवारी को कारगिल चौराहे पर रंगे हाथों दबोच लिया गया। आलोट के समीप गांव आनंदगढ़ निवासी किसान भारतसिंह चौहान ने लोकायुक्त उज्जैन को एक आवेदन दिया। जिसमें बताया की आरोपी प्रियंका सोनी जो कि आलोट के हल्का 27 की पटवारी है। भूमि के नामांतरण हेतु पटवारी प्रियंका सोनी को आवेदन दिया था। भूमि नामांतरण के लिए 8 हजार रुपयों की मांग की। इसकी शिकायत आवेदक द्वारा एसपी लोकायुक्त उज्जैन अनिल विश्वकर्मा को की। एसपी विश्वकर्मा द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया। जो कि सत्य पाई गई। जिसके बाद टीम ने आरोपी पटवारी प्रियंका सोनी को 8 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप कर लिया। ट्रेपिंग की कार्रवाई के दौरान निरीक्षक डॉ. बसंत श्रीवास्तव, विशाल रेश्मिया, इसरार,महेंद्र जाटवा, संजय पटेल आदि मौजूद रहे।

गिरफ्त में सटोरिया : रंगदारी करने वाला सट्टेबाज रोनक गादिया पुलिस गिरफ्त में, शहर में कई लोग बन रहे सट्टे का शिकार

आरोपी के साथ पुलिस ने फरियादी पर भी कर दी FIR, जाने क्या है पूरा मामला पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले वैसे तो लोगों के घर बर्बाद करते है। मगर इन सट्टेबाजों के आका यानी की इनको आईडी बांटने वाले खुद इनके घर बर्बाद कर रहे है। ऐसा ही एक मामले का खुलासा रतलाम पुलिस ने सोमवार को किया। जहां एक सटोरिया पुलिस के पास पहुंचा और उसने खुद क्रिकेट का सट्टा करना कबूल किया। उसने ये बात इसलिए कबूली क्योंकि वो जिससे लाइन लेकर या आईडी लेकर यह धंधा कर रहा था वो खुद ही उसकी जान का दुश्मन बन गया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा तो दर्ज किया मगर दोनों के खिलाफ। पुलिस ने फरियादी पर सट्टे का और आरोपी पर धमकाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपी रोनक गादिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आरोपी रोनक गादिया के लिंक खोजने में जुटी है। आरोपी ने और कितने लोगों को क्रिकेट सट्टे की आईडी बांटी है और इसके ऊपर कौन – कौन लोग और शामिल है इसकी भी जांच की जाएगी। माणक चौक थाना प्रभारी प्रीति कटारे के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी सट्टे व मारपीट के प्रकरण दर्ज है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 1 दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा है। सूत्रों की माने तो रोनक गादिया शहर के नामचीन रंग व्यापारी के अंडर में रहकर सट्टे के कारोबार को सीखकर संचालित करता आ रहा है। व्हाइट कॉलर लोग सफेद धंधे की आड़ में शहर में बेख़ौफ काला धंधा संचालित कर रहे है। सट्टे के सिंडिकेट की बात करे और ठीक से इसकी जांच की जाए तो कई ऐसे नामचीन हस्तियों के तार इससे जुड़े मिलेंगे जो खुद को समाज के सामने प्रतिष्ठित और बेदाग बताते है। मगर अपने लंबे राजनीतिक रसूख के कारण और प्रशासनिक संरक्षण के चलते जांच की आंच इनको छू तक नहीं पाती और बेखोफ ये व्हाइट कॉलर लोग अपने काले कारनामे संचालित करते आ रहे है। खेर रतलाम वासियों के मन में आज भी यह सवाल है की कब शहर सट्टा और सटोरियों से मुक्त होगा जिसने हजारों परिवारों को उजाड़ कर रख दिया है। यह है पूरा मामला :एसपी राहुल कुमार लोढा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया 23 नवंबर को फरियादी सोरभ जैन पिता सोहनलाल जैन उम्र 40 साल नि.110 धानमण्डी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई की में क्रिकेट के सट्टी की आईडी चलाता हूं। यह आईडी उसने आरोपी रोनक गादीया से ली जिसके बदले मे रोनक गादीया ने अवैध रुप से 10 लाख रुपये मांगे। फरियादी ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी गादिया ने डरा धमका कर पंचेड़ की जमीन के तीन प्लाट अपने नाम पर अनुबंध (एग्रीमेंट) करा लिया और बोला की पैसे नही दे सकता हे, तो वह प्लाट मेरे नाम पर करवा दे। इसी बात को लेकर 20 नवंबर की रात रोनक ने करमदी रोड पर मिलकर बोला की तुने आईडी के रुपये नही दिए, अगर तुझे क्रीकेट की आईडी का सट्टा करना हे, तो मुझे रुपये देना पड़ेगे और मां बहन की गालियां देकर थप्पड़ो से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में आईपीसी की धारा 327,294,323 व 506 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया। जिसके बाद तेजा नगर गली नं. 3 निवासी आरोपी रोनक पिता बाबुलाल गादीया उम्र 33 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड लेने के बाद उससे एग्रिमेंट जप्त करने के साथ ही कई बिंदुओं पर पूछताछ भी करेगी। मामले में माणक चौक थाना टीआई प्रिति कटारे, एएसआई एस.एस.राठौर , हेड कांस्टेबल 781 नरेन्द्र चावडा व 416 दिलीपसिह रावत की अहम भूमिका रही।

सेवा गाथा : शिवगढ़ में वितरित किए कंप्यूटर कोर्स के प्रमाण पत्र, माधव सेवा न्यास व सेवा भारती का संयुक्त प्रकल्प

पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। जिला मुख्यालय के शिवगढ़ में माधव सेवा न्यास उज्जैन एवं रतलाम सेवा भारती द्वारा संचालित कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर के छात्र – छात्राओं ने कंप्यूटर कोर्स पूरा किया। जिसके बाद उन्हें शुक्रवार को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कंप्यूटर सेंटर पर आने वाले विद्यार्थियों ने डीसीए पीजीडीसीए एवं बेसिक कंप्यूटर कोर्स की परीक्षा पास की। प्रमाण पत्र वितरण से पहले सेंटर पर भारत माता के चित्र पर माल्यापर्ण किया गया। जिसमें मुख्य रूप से माधव सेवा न्यास अध्यक्ष बलराज भट्ट, सचिव विपिन आर्य, रतलाम सेवा भारती सचिव मोहित कसेरा, माधव सेवा न्यास के लखन धनगर आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विजेंद्रसिंह चौहान ने किया। सेवा भारती के मोहित कसेरा ने बताया की माधव सेवा न्यास की सेवा गाथा अब सैलाना बजाना के गांव – गांव में पहुंच रही है। न्यास द्वारा क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के सेवा कार्यों में प्रमुख कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र शिवगढ़ जिला रतलाम में गत वर्ष से संचालित हो रहा ।है जिसके सुपरिणाम आने लगे हैं। न्यास के अध्यक्ष बलराज भट्ट ने छात्र – छात्राओं के उज्जवल भविष्य की शुभकामना देते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

सर्किल जेल पहुंचकर कैदियों को किया एड्स (AIDS) के प्रति जागरूक, 40 कैदियों का किया HIV टेस्ट

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा संचालित लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना (अरुणोदय इनफॉरमेशन मैनेजमेंट सोसायटी) अंतर्गत सर्किल जेल रतलाम के कैदियों के बीच पहुंचकर एचआईवी एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सर्किल जेल के जेलर बृजेश मकवाने को रेड रिबन लगाकर की गई। जिसके बाद जेल में कैदियों को IC मटेरियल वितरित कर एड्स रोग से संबंधित सभी जानकारी तथा उसके उपचार से संबंधित बाते बताई गई। परियोजना प्रबंधक नितिन परमार ने बताया की कैदियों को ART सेंटर और आईसीटीसी सेंटर से अवगत कराया गया। एचआईवी की जांच करवाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्हें एचआईवी/एड्स रोग की रोकथाम के बारे में भी बताया गया। विशेष रूप से उन कैदियों को समझाईश दी गई जो इंजेक्शन से नशा करने के आदी है। उन्हें OST IDU (सुइयो से नशा करने वाले) की जानकारी दी तथा समाज के प्रति उनके कर्तव्य को समझाया गया। कैदियों को एचआईवी के विंडो पीरियड तथा एड्स वायरस के बारे में संपूर्ण जानकारी दी गई। जेल में एचआईवी के 40 टेस्ट भी किए गए। इस दौरान प्रमुख प्रहरी तरुरेंद्र शेखर मिश्र, प्रहरी देवेंद्र आर्मो, संस्था के शुभम चौहान, हिमांशु चौहान, मोइन मेव, स्टाफ नर्स सेवंद्रा डावर आदि उपस्थित रहे।

महाप्रसादी आयोजन : नागरवास में क्षेत्रवासियों ने मनाई भैरव अष्टमी, महापौर प्रहलाद पटेल ने उतारी मंशापूर्ण भैरव की आरती

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भैरव अष्टमी पर शहर के विभिन्न देवस्थानों पर कई आयोजन हुए। इसी क्रम में नागरवास स्थित मंशापूर्ण भैरव मंदिर पर महाप्रसादी भोजन भंडारे का आयोजन किया गया। क्षेत्रवासियों ने भैरव मंदिर पर आकर्षक विद्युत सज्जा करते हुए धूमधाम से भैरव अष्टमी मनाई। महाप्रसादी शुरू होने से पहले भगवान भैरवनाथ का विधि विधान से पूजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से महापौर प्रहलाद पटेल व क्षेत्रीय पार्षद व एमआईसी सदस्य धर्मेद्र व्यास मौजूद रहे। मुख्य अतिथि पटेल व व्यास ने भगवान भैरवनाथ की आरती करते हुए शहर की खुशहाली की कामना की। मंशापूर्ण भैरवनाथ को विभिन्न प्रकार के 56 से अधिक पकवानों का भोग लगाया गया। महाप्रसादी के पूर्व दोपहर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। जिसके बाद शाम 6 बजे पंडित गोपाल मेहता द्वारा सहस्त्र दीपों से आकर्षक आरती की गई। देर रात तक चले आयोजन में सैकड़ों भक्तों ने महाप्रसादी भंडारे का धर्म लाभ लिया। इस दौरान प्रमुख रूप से क्षेत्र के पंडित देवेश मेहता, हिंदू जागरण मंच के कुलदीप माहेश्वरी, वैभव व्यास, राजू सुरोलिया, देवेश व्यास आदि उपस्थित रहे।

मेरे घर राम आए है : अयोध्या से आए निमंत्रण के पिले चावल और चित्र पहुंचेगे 5 लाख से अधिक गांवों में, 22 जनवरी को होंगे रामलला विराजमान

उज्जैन में हुई आरएसएस व विहिप की बैठक, रतलाम आये कलश का हुआ पूजन पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में 22 जनवरी को विराजित होने वाले रामलला को लेकर 28 जिलों में जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर शनिवार को उज्जैन में बैठक हुई। इसमें रतलाम के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। यहां पर जिले के कार्यकर्ताओं को पूजित अक्षत कलश का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद् प्रान्त संगठन मंत्री नंददास दंड़ोतिया ने कहा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या से पूजित अक्षत (पीले चावल) देशभर में भेजे गए हैं। एक-एक कलश में 2 किलो पूजित अक्षत तो दूसरी में चित्र और पत्रक है। जिन्हें मालवा प्रांत के प्रमुख कार्यकर्ता जिले में प्रत्येक हिंदू परिवार को निमंत्रण के लिए देंगे। प्रत्येक जिला केंद्रो पर श्री राम जन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट के बैनर तले बैठक होगी। जिले के प्रमुख कार्यकर्ताओं व सभी हिंदू संगठनों को 20 दिसंबर से पूर्व यह बैठक करनी है। यह सामग्री वितरण के लिए शहर व गांव-गांव जाएगी। यह अभियान 1 जनवरी से शुरू होगा जो कि 15 जनवरी यानी मकर संक्रांति तक चलेगा। 5 लाख से अधिक गांव में अक्षत भेजकर उन्हें इस पुनीत कार्य के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस अवसर पर महंत श्री विनीतगिरी, संत श्री 1008 महामंडलेश्वर शांतिस्वरूपानन्द गिरी का भी मार्गदर्शन उपस्थित कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुआ। बैठक में संघ के प्रांत सहकार्यवाह रघुवीरसिंह सिसोदिया, प्रांत मंत्री विनोद शर्मा सहित प्रांत के कार्यकर्ता मौजूद थे। रतलाम जिले से विहीप बजरंगदल के जिला उपाध्यक्ष पवन बंजारा व जिला मंत्री गौरव शर्मा उज्जैन बैठक में पहुंचे। जहां से वे कलश लेकर रतलाम के लिए रवाना हुए। रतलाम पहुंचने के बाद उसे बड़बड़ हनुमान मंदिर, कालिका माता मंदिर और लक्ष्मी नारायण मंदिर पर रखकर पूजन किया गया। इस दौरान संगठन मंत्री सुखदेव पांचाल, विभाग संयोजक राघव त्रिवेदी, विभाग मंत्री दीपक व्यास, अक्षय गोमे, मुकेश व्यास, आशु टाक मनोज पंवार, अनिल रौतेला, मोंटी जायसवाल, दीपक प्रजापत, सुनील राठौड़, आशु बन्ना सहित प्रखण्ड पदाधिकारी उपस्थित थे।

सरेराह आत्महत्या : ताल में दिनदहाड़े हुई रौंगटे खड़े कर देने वाली घटना, युवक ने बीच रास्ते में काटा खुद का गला, हुई मौत

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के ताल में दिनदहाड़े रौंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने सरेराह खुद का गला काटकर आत्महत्या कर ली। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना ताल थाने के ठीक सामने की है। युवक को गला रौंदते देख पुलिस व लोगों ने उसे पकड़ा व बचाने की कोशिश की। उसे ताल के अस्पताल में ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ताल थाना प्रभारी पृथ्वीसिंह खलाटे ने बताया कि घटना करीब 5 बजे की है। युवक ने जब खुद का गला रेता तब तक वह अज्ञात था। जब उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था तब उसने एक नंबर बताया जिस पर बात की। संबंधित नंबर पर फोन करने पर यह जानकारी मिली कि मृतक का नाम जोन है। वह असम से अहमदाबाद कहीं मजदूरी करने अपने अन्य साथियों के साथ जा रहा था। संबंधित नम्बर पर ज्यादा बात नहीं हो पाई और वह भी बंद हो गया। पूरे मामले में जांच की जाएगी व मृतक के परिजनों को ढूंढकर वास्तविकता का पता लगाने की कोशिश की जाएगी। घटना के दौरान किसी प्रकार की धारधार वस्तु नहीं मिली। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

मतगणना का दिन : रविवार को कॉलेज रोड के इस रास्ते पर रहेगा डायवर्जन, नागरिकों को करना पड़ेगा इस रास्ते का उपयोग

पब्लिक वार्ता – रतलाम,कुलदीप माहेश्वरी। दिनांक 03.12.2023 को विधानसभा चुनाव के परिणाम हेतु शहर के मध्य स्थित शासकीय आर्ट्स एण्ड साईंस कॉलेज में प्रातः 07.00 बजे से मतगणना का कार्य प्रारंभ होगा। मतगणना ड्यूटी में लगे पुलिस/शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा मतगणना मे लगे प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों का आगमन प्रातः 05.00 बजे से शुरु हो जाएगा। इसके अतिरिक्त विधानसभा चुनाव में भाग ले रहे प्रत्याशियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों का आगमन भी होगा । मतगणना ड्यूटी के दौरान पुलिस/प्रशासनिक अधिकारियों/कर्मचारियों तथा मतगणना मे लगे प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों के प्रवेश एवं पार्किंग के संबंध में यातायात पुलिस रतलाम द्वारा निम्नानुसार पार्किंग प्लॉन एवं डायवर्शन प्लॉन तैयार किया है जो कि दिनांक 03.12.2023 को प्रात 05.00 बजे से लागू कर दिया जायेगा रुट डायवर्सन प्लान01. आरोग्यम हॉस्पिटल तिराहे से नगर निगम तिराहा अमरेश्वर महादेव मंदिर गेट नम्बर 03 तक समस्त प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। उक्त क्षेत्र नो व्हीकल जोन रहेगा ।02. छत्री पुल से नगर निगम व आर्ट्स एण्ड साइंस काँलेज की ओर जाने वाले सामान्य वाहन दिनांक 03.12.2023 के प्रातः 05.00 बजे से डायवर्ट किये जाएंगे, जो दो बत्ती चौराहा से न्यू रोड गुरुद्वारा की ओर से लोकेन्द्र टाँकीज होते हुए शहर के अन्दर जा सकेंगे।03. रतलाम विकास प्राधिकरण हाथी खाना की ओर से वाहन नगर निगम तिराहा एवं आर्ट्स एवं साइंस काँलेज की ओर नही जा सकेंगे। गुलाब चक्कर,पुराना कलेक्टोरेट होते हुए आ जा सकेंगे।04. नाहरपुरा तिराहा से नगर निगम की ओर आने वाले समस्त चार पहिया, तीन पहिया  एवं दो पहिया अण्डागली होते हुए शहर सराय की ओर से आ जा सकेंगे।05. लोकेन्द्र टाकीज से आरोग्यम, आर्ट एंड साँईंस कालेज की ओर आने वाले समस्त प्रकार के वाहन शहर सराय होते हुए आ जा सकेंगे। प्रवेश एवं पार्किंग व्यवस्था01. विधानसभा चुनाव प्रेक्षक महोदय एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के वाहन आर्ट्स एण्ड साईंस कॉलेज के सामने गेट नम्बर-02 से प्रवेश कर गेट के पास ही अपने वाहन पार्क करेंगे। 02. मतगणना ड्यूटी में लगे पुलिस/शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा मतगणना मे आने वाले प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों का प्रवेश नगर निगम तिराहा अमरेश्वर महादेव मंदिर के सामने आर्ट्स एण्ड साईंस कॉलेज के सामने गेट नम्बर-03 से होगा ।03. मतगणना में आने वाले प्रत्याशियों/उनके प्रतिनिधियों एवं मीडिया (प्रेस) के वाहनों की नगर निगम के अन्दर पार्किंग व्यवस्था की गई है।04. मतगणना ड्यूटी में लगे पुलिस/शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वाहन गेट नम्बर 02 से प्रवेश के उपरान्त आर्ट्स एण्ड साईंस कॉलेज की पार्किंग में वाहन पार्क किये जावेंगे।05.रतलाम शहर,रतलाम ग्रामीण, जावरा, आलोट एवं सैलाना विधानसभा क्षेत्र की मतगणना सुनने के लिये आने वाले आम नागरिको के दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों के लिए नगर निगम के अन्दर पार्किंग व्यवस्था की गई है।08. विधानसभा क्षेत्र की मतगणना सुनने के लिये आने वाले आम नागरिको के दो पहिया वाहन रतलाम की छत्रीपुल के पास प्रिंस प्लाजा पर वाहन पार्किंग व्यवस्था रहेगी।                 मतगणना ड्यूटी में लगे शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों एवं उनके प्रतिनिधियों व आम नागरिको से अपील है कि उपरोक्तानुसार मतगणना दिनांक 03.12.2023 को यातायात पुलिस रतलाम द्वारा की गई  पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात डायवर्शन व्यवस्था मे आवश्यक सहयोग करे।

स्वास्थ शिविर : जेल में बंद कैदियों का हुआ हेल्थ चेकअप, जान लेने वालों को दी “जान बचाने” की ट्रेनिंग

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जेल में बंद कैदियों को बेहतर स्वास्थ मिले इसके लिए रतलाम सर्किल जेल में हेल्थ चेकअप का आयोजन किया गया। जिसमें जिला चिकित्सालय की डॉक्टरों की टीम ने कैदियों का चेकअप कर उन्हें जरूरी सलाह भी दी। जेल में बंद कैदियों के अलावा जेल स्टाफ का भी स्वास्थ डॉक्टरों की टीम ने जांचा। वहीं शिविर में हेल्थ चेकअप के अलावा हत्या, चोरी, मारपीट जैसे  कई मामलों में सजा काट रहे या विचारधीन कैदियों ने जान बचाने की ट्रेनिंग भी ली। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के दौरान कैदियों को सीपीआर ट्रेनिंग (CPR TRAINING) भी दी गई। आपको बता दे सीपीआर का मतलब है कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन। यह भी एक तरह की प्राथमिक चिकित्सा यानी फर्स्ट एड है। जब किसी पीड़ित को सांस लेने में दिक्कत हो या फिर वो सांस न ले पा रहा हो और बेहोश जो जाए तो सीपीआर से उसकी जान बचाई जा सकती है। जेल अधीक्षक लक्ष्मणसिंह भदौरिया ने बताया की चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा बंदियों एवं जेल स्टाफ को विभिन्न बीमारियों से संबंधित प्राथमिक उपचार के तरीके एवं सीपीआर की ट्रेनिंग प्रदाय की गई। चिकित्सकों द्वारा 82 बंदियों की जांच एवं उपचार दिया गया। इस दौरान जेलर ब्रजेश मकवाने जेलर, डॉ निर्मल जैन, डॉ कृपालसिंह राठौर, डॉ. कैलाश चारेल, डॉ अदिति भावसार, डॉ ममता शर्मा, डॉ गोपाल यादव, डॉ एस एस गुप्ता व जेल स्टाफ मौजूद रहा।

शादी में टोकना पड़ा महंगा : चाकू लहराकर नाचने से मना किया तो कर दी हत्या, घर के जमाई को ढाबे पर मारे चाकू

ऐसे विवादों से सतर्क व सावधान रहने की जरुरत पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। अगर आप शादी में जा रहे है और नाचने गाने के बीच किसी को टोकने का मन बनाया हो तो आपको सावधान होने की जरूरत है। ऐसा ही मामला जिले के सैलाना थाने के गांव दिवेल से सामने आया है। यह गांव धामनोद चौकी के अंतर्गत आता है। जहां कुछ युवकों ने मिलकर नाचने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकू घौंपकर हत्या कर दी। पूरी वारदात देर रात की है, जिसे आरोपियों ने धामनोद के कालिका रेस्टोरेंट नाम के ढाबे पर अंजाम दिया। गांव दिवेल के एक परिवार में शादी समारोह आयोजित हो रहा था। रात में बारात आई जिसका प्रोसेशन (सेल) निकल रहा था। इसी दौरान उसी बारात में शामिल एक युवक चाकू लेकर नाच रहा था। जिस घर बारात आई उसके ही जमाई ने चाकू लेकर नाचने से युवक को मना करते हुए भगा दिया। नाचने के दौरान बरातियों से विवाद हुआ और यह विवाद इतना बड़ा कि बाराती ने जिस घर बारात आई थी उसके जमाई की ही चाकू घौंपकर हत्या कर दी। एक अन्य मनोज भी इसमें सिर पर पत्थर लगने से घायल हुआ जिसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। धामनोद के ढाबे पर हुई हत्यासैलाना थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया दिवेल में हुए हत्याकांड के आरोपी थाना बिलपांक अंतर्गत शिवपुर निवासी सूरज पिता गेंदालाल दायमा, जितेंद्र पिता रामचंद्र व भोला पिता रामजी है। यह युवक शादी में चाकू लेकर नाच रहा था तो जिस घर बारात वहां के जमाई मृतक नरेंद्र पिता जगदीश राठौड़़ (23) निवासी राजपुरा थाना भाटपचलाना जिला उज्जैन ने यह देखा तो उसे मना किया। नहीं माना तो वहां से भगा दिया। बरात वापस लौट रही थी तो आरोपी और उसके साथियों ने लोगों पर पत्थर फैंके और भाग गए। इसके बाद उनसे पूछा कि कहां चले गए तो वे ढाबे पर पहुंच चुके थे। नरेंद्र और अन्य ढाबे पर पहुंचे तो यहां फिर विवाद हुआ और आरोपी सूरज ने नरेंद्र को चाकू घोंप दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।