DP Wires incident: डीपी वायर्स के अरविंद कटारिया और मैनेजर विजय सोनी के खिलाफ कोर्ट में आपराधिक मामला दर्ज, श्रम न्यायालय में भी चलेगा केस

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। औद्योगिक क्षेत्र में हुई एक मजदूर की दुखद मौत के मामले में शहर की प्रतिष्ठित डीपी वायर्स (DP Wires) लिमिटेड के मालिक अरविंद कटारिया और प्रबंधक विजय सोनी के खिलाफ रतलाम की मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अदालत में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। यह मामला 22 वर्षीय कर्मचारी नितिन सरोज की मौत के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा दायर किया गया है। गौरतलब है की 3 जुलाई, 2024 को नितिन सरोज, जो कि डी. पी. वायर्स में रात्रिकालीन शिफ्ट में वायर ड्राइंग मशीन पर कार्यरत था, करंट लगने से उसकी जान चली गई। घटना सुबह करीब 6 बजे हुई, जब कारखाने में बारिश का पानी फैलने से नितिन करंट की चपेट में आ गया। नितिन की शिफ्ट समाप्त होने से मात्र डेढ़ घंटा पहले ही यह हादसा हुआ था। जांच और प्रबंधन की लापरवाहीघटना की जांच औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के करखाना निरीक्षक हिमांशु सोलोमन ने की। जांच में पाया गया कि कारखाने में कारखाना अधिनियम 1948 की धारा 7ए-2सी एवं नियम 73 का उल्लंघन हुआ है। इसके चलते संचालक अरविंद कटारिया और प्रबंधक विजय सोनी को जिम्मेदार ठहराया गया। दोनों के खिलाफ आपराधिक वाद दायर किया गया है, जिसमें दोष सिद्ध होने पर एक लाख रुपए का जुर्माना, दो साल की सजा, या दोनों हो सकते हैं। श्रम न्यायालय में भी केसऔद्योगिक अधिनियम के अनुसार, मृतक श्रमिक के परिवार को क्षतिपूर्ति प्रदान करने का प्रावधान है। इसी के तहत नितिन के आश्रितों को मुआवजा दिलाने के लिए श्रम न्यायालय में भी मामला दर्ज किया गया है। परिवार की स्थिति और मजदूरों का आक्रोशमिर्जापुर, उत्तर प्रदेश से रतलाम आकर बसे नितिन का परिवार शिवनगर क्षेत्र में रहता है। उसके परिवार में एक 8 महीने का बेटा भी है। इस घटना के बाद उद्योग के मजदूरों में काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि उद्योग में सुरक्षा मानकों की अनदेखी होती है और सभी मजदूर जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं। यह घटना न केवल उद्योग के सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाती है, बल्कि प्रशासन और प्रबंधन की लापरवाही की भी गंभीरता को दर्शाती है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अदालत और श्रम न्यायालय इस मामले में क्या निर्णय लेते हैं।

MP News: चोरी की शंका में दलित युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, चार आरोपी गिरफ्तार

मजदूरी करके गुजरात से लौट रहा था पीड़ित, रात में पैदल अपने गांव जा रहा था तभी उसके पीछे कुछ कुत्ते पड़ गए, जिससे बचने के लिए वह भागने लगा… रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां चोरी के शक में एक दलित युवक को पेड़ से बांधकर क्रूरता से पीटा गया। ताल थाना क्षेत्र के नासिरगंज गांव के रहने वाले श्रवण पिता केशूराम (चंद्रवंशी) के साथ यह बर्बरता की गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। (MP News) घटना 16 सितंबर की रात की है, जब श्रवण मजदूरी करके गुजरात से लौट रहा था। जिले के ताल में बस से उतरने के बाद वह पैदल अपने गांव नासिरगंज जा रहा था। रात के समय उसके पीछे कुछ कुत्ते पड़ गए, जिससे बचने के लिए वह भागने लगा। इस बीच टुंगनी गांव के कुछ ग्रामीणों ने उसे चोर समझ लिया। श्रवण ने स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसकी बातों को नजरअंदाज करते हुए उसे पेड़ से बांध दिया और लकड़ियों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वीडियो हुआ वायरल, पुलिस ने की कार्रवाई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। जांच में पता चला कि आरोपी दशरथ सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, बबलू सिसौदिया और बाबूलाल हाड़ा ने श्रवण को पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की थी। श्रवण के पिता केशूराम की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवक के हाथ-पैर हुए फ्रैक्चर मारपीट में श्रवण के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। श्रवण मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता है, लेकिन इस घटना ने उसकी जिंदगी में त्रासदी ला दी है। ताल थाना पुलिस ने आरोपियों दशरथ सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, बबलू सिसौदिया और बाबूलाल हाड़ा के खिलाफ आईपीसी की धारा 126(2), 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)द, 3(1)ध, 3(2)VA के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग इस क्रूरता की निंदा कर रहे हैं। स्थानीय समाजिक संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

गायत्री परिवार रतलाम द्वारा सामूहिक श्राद्ध तर्पण कार्यक्रम सम्पन्न

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। पितृ पक्ष के अवसर पर गायत्री परिवार रतलाम द्वारा सिद्ध बड़बड़ हनुमानजी मंदिर, सैलाना रोड पर रविवार, 22 सितंबर 2024 को सामूहिक श्राद्ध तर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 61 श्रद्धालुओं ने भाग लिया और अपने पितरों के मोक्ष की कामना के साथ श्राद्ध तर्पण की विधि संपन्न की। गायत्री परिवार के आचार्य नरेंद्र पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यजमानों से तर्पण संस्कार करवाया, जिसमें पितरों के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया गया। इस आयोजन में महिला आचार्य प्रेमलता साहू ने सहायक की भूमिका निभाई, जबकि वरिष्ठ परिजन डीपी चौधरी का सानिध्य प्राप्त हुआ। गायत्री परिवार के सदस्य जैसे जिला समन्वयक दामोदर शर्मा, अर्जुनसिंह चौहान, मदनमोहन साहू, महेश गोयल, गोपाल सिंह तोमर, महेश चौहान, दलबीर चौधरी, श्यामलाल भावसार, श्रवणकुमार भावसार, किशोर चौधरी, शिवपाल छपरी, परितोष जोशी, लालशंकर पाटीदार और महिला मंडल की वीणा पाठक एवं मधुबाला हीरे ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। आने वाले तर्पण कार्यक्रम गायत्री परिवार द्वारा हर साल पितृ पक्ष के दौरान नि:शुल्क सामूहिक तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस वर्ष 29 सितंबर को कालिका माता मंदिर धर्मशाला में और 1 अक्टूबर को गायत्री शक्तिपीठ डोंगरेधाम शंकरगढ़ में तर्पण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 2 अक्टूबर को ग्राम रानीसिंग में माही नदी के तट पर भी सामूहिक तर्पण कार्यक्रम होगा। जावरा में गायत्री शक्तिपीठ लालागली पर प्रतिदिन तर्पण संस्कार हो रहे हैं। वहीं, 29 सितंबर को ग्राम रिंगनोद के पास मिंडाजी संगम तीर्थ स्थल पर भी सामूहिक तर्पण संस्कार का आयोजन किया जाएगा, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति की उम्मीद है।इच्छुक श्रद्धालु निकटतम गायत्री मंदिर अथवा गायत्री परिवार नगर ट्रस्ट से संपर्क कर इन आयोजनों में भाग ले सकते हैं।

पूर्वजों की स्मृति में शिवानी परिवार ने मेडिकल कॉलेज को भेंट किया आरओ प्लांट

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। डॉ लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अब शुद्ध पेयजल मिलेगा। रतलाम के शिवानी परिवार ने मेडिकल कॉलेज में अपने पूर्वजों की स्मृति में आरओ प्लांट सिस्टम दान किया है। गुरुवार को मेडिकल कॉलेज में विधिवत पूजा अर्चना कर प्लांट लगाया गया। इस अवसर पर हासी शिवानी, पदमा भाभरा, आनंद व्यास, यश राजेश व्यास, यशपाल झाला और श्री शक्ति आरओ के प्रतिनिधि उपस्थित थे। देवी शिवानी पिता गोविंद राम शिवजी और आनंद भाभरा पिता खुबचंद भाभरा की स्मृति में 100 एलपीएच का आरओ प्लांट सिस्टम दान किया गया है। मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. अनिता मूथा ने इस कार्य को लेकर दानदाता परिवार को धन्यवाद दिया। इस आरओ प्लांट सिस्टम के स्थापित होने से मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को शुद्ध पेयजल मिलेगा, जिससे उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा होगी। शिवानी परिवार की यह पहल प्रशंसनीय है और समाज में एक अच्छी मिसाल पेश करती है।