मामला लापरवाही का : थाने की जीप से रंगदारी कांड में 4 पुलिसकर्मी नपे, एक एसआई सहित तीन को किया लाइन अटैच

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के स्टेशन रोड पुलिस थाने से दो युवकों द्वारा  टीआई की जीप ले जाकर रंगदारी करने के मामले में एएसपी राकेश खाका ने चार पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। आपको बता दे की मामले में उज्जैन आईजी संतोष सिंह ने डीआईजी मनोज सिंह को जांच के आदेश दिए है। जिसे दो दिन में पूरा करने के निर्देश दिए है। जिसके बाद शाम होते ही 4 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया। जिसमें थाने के सब इंस्पेक्टर देवीलाल पाटीदार, हेड कांस्टेबल शैलेंद्रसिंह व दो आरक्षक नीरज चौहान व याकूब शामिल है। यह चारों पुलिकर्मी तब थाने में मौजूद थे। सीएसपी अभिनव वारंगे ने बताया मामले की गंभीरता पर प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई है। इसको लेकर एएसपी राकेश खाखा ने कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है। अन्य की लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी। यह था पूरा मामलाखबर पढ़ने के लिए लिंक पर क्लिक करे गंभीर मामला : नाक के नीचे थाने से जीप उठा ले गए और होटल व्यापारी को धमकाया, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप – PUBLIC वार्ता CLICK HEREhttps://publicvarta.com/took-away-the-jeep-from-the-police-station-right-under-my-nose-and-threatened-the-hotelier/ जरूरी, विश्वसनीय व सटीक खबरों के लिए अभी जुड़िये हमारे Whatsapp ग्रुप सेFollow this link to join my WhatsApp group: https://chat.whatsapp.com/IdzmfTm5DNyAcsuJ0iKXGu

रामोत्सव की धूम : अयोध्या में श्रीराम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा के पहले रक्तदान शिविर, गांव कोठड़ी में हुआ आयोजन

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में निर्मित हो रहे भव्य श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम होना है। उससे देशभर में कई धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे है। रतलाम जिले के ग्राम कोठड़ी विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ग्राम समिति द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। यह आयोजन रक्तदान में अग्रणी संस्था हेल्पिंग हैंड्स ग्रुप के बैनर तले संपन्न किया गया। ग्रुप के अनिल रावल ने बताया की श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के पहले जिलेभर में संस्था द्वारा निरंतर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसी श्रृंखला मेंयह तीसरा रक्तदान शिविर था जो पुरा हुआ। शिविर से पहले भारतमाता व राम दरबार चित्र पर माल्यार्पण किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल जिला मंत्री भेरूलाल माली, ताल प्रखण्ड संयोजक अमरसिंह गुर्जर, ताल प्रखण्ड मंत्री राहुलसिंह, प्रखण्ड सुरक्षा प्रमुख भारत हाड़ा, प्रखण्ड सहसुरक्षा प्रमुख मुकेश गुर्जर व प्रखण्ड सत्संग प्रमुख पूरसिंह सिसौदिया आदि उपस्थित थे। इसके अलावा गांव के सरपंच अर्जुन चौधरी, उपसरपंच पर्वतलाल गुर्जर, सचिव चरणसिंह आंजना, शंकर दांगी, राहुल दांगी, दशरथ चौधरी, दिलीप सिंह चौहान, दिलीप दांगी, अर्जुन दांगी, भोला दांगी आदि ग्रामवासियों ने भी शिविर में भाग लिया। इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिकारक्त संग्रहण केन्द्र रतलाम टीम से मीनाक्षी शर्मा, बी एस डामोर, योगेंद्र टटावत, नितिराजसिंह डोडिया, अंतरा डुडवे, बिना दायमा, मुकेश हिरवे, संजय कुलश्रेष्ठ व हेल्पिंग हेंड ग्रुप के शांतिलाल पाटीदार, नागेश्वर पाटीदार, अलकेश पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहें।

स्व. माधवराव कामरेड की स्मृति में क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ, विजेता टीम को मिलेगा 1 लाख रुपये का पुरस्कार

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के शासकीय आईटीआई ग्राउंड में स्व.माधवराव कामरेड की स्मृति में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इंडिया स्पोर्ट्स के तत्वधान में 25वां टेनिस क्रिकेट टूर्नामेंट प्रतियोगिता आयोजित हो रही है, जिसका शुभारंभ शनिवार को हुआ। शुभारंभ के अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय व भाजयुमो जिलाध्यक्ष विप्लव जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान आयोजन के संरक्षक श्रीनिवासराव जाधव, संयोजक अजय गोमे (भाजयुमो मंडल महामंत्री) व सहसंयोजक ईश्वरसिंह राठौर व कमेटी सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया और मैच शुरू करवाया। आयोजन की जानकारी देते हुए संयोजक अजय गोमे ने बताया की 25 सालों से क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन क्लब द्वारा किया जा रहा है। टूर्नामेंट 11 दिवसीय होकर प्रतिदिन दोपहर में आयोजित होगा। क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में प्रथम आने वाली टीम को 1 लाख रुपये, द्वितीय 41 हजार , तृतीय 11 हजार व 5100 रूपये का नगद पुरुस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक मैच में मेन ऑफ द मैच, बेस्ट बल्लेबाज, बेस्ट बॉलर आदि प्रकार के प्रोत्साहन पुरुस्कार भी दिए जाएंगे। शनिवार को पहला मैच जीआरपी और वंदेमातरम टीम के बीच खेला गया। मैच शुरु होने से पहले अतिथियों द्वारा टॉस किया गया जिसमें वंदेमातरम् टीम ने टॉस जीत कर बेटिंग करने का फैसला लिया। टीम ने 10 ओवरों में 7 विकेट खोकर 55 रन बनाए। जिसके बाद मैदान में उतरी जीआरपी टीम ने 4 ओवरों में 4 विकेट खोते हुए 56 रन का लक्ष्य पूरा करते हुए जीत दर्ज कर ली। दूसरा मैच यंग कार्पोरेशन और चितावत चैंपियन के बीच हुआ जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए चितावत चैंपियन ने 10 ओवरों में 102 रन बनाए। जिसके बाद बेटिंग पर उतरी यंग कार्पोरेशन निर्धारित 10 ओवरों में 9 विकेट खोते हुए केवल 70 रन ही बना पाई। दूसरे मैच में चितावत चैंपियन ने अपनी जीत दर्ज की।

खेलों का महाकुंभ : 7 हजार विद्यार्थी करेंगे खेल चेतना मेला में शिरकत, 9 से 12 जनवरी तक होगा आयोजन

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। नगर में खेलों का महाकुंभ कहे जाने वाला खेल चेतना मेला इस बार 24वे वर्ष में प्रवेश करेगा। क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित खेल चेतना मेला की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। खेलों का महाकुंभ 9 से 12 जनवरी 2024 तक आयोजित होगा। तैयारियों के संबंध में खेल सलाहकार, संयोजक, सहसंयोजकों के साथ ही खेल प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इसमें खेल मैदानों को समय पर तैयार कराए जाने के साथ ही खेल मैदानों पर बिजली, पानी, खेल सामग्री सहित अन्य व्यवस्था समय रहते पूरी करने पर जोर दिया गया। खेल चेतना मेला सचिव मुकेश जैन ने बताया कि खेल प्रशिक्षकों से उनसे जुड़े खेलों की सामग्री सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही खेल स्पर्धाएं प्रतिदिन समय पर शुरू कर उन्हे संपन्न कराने की बात कही। साथ ही समय पूर्व खेल मैदान तैयार कर वस्तुस्थिति का जायजा लेने पर जोर दिया, जिससे कि व्यवस्था सुचारू बनी रहे। साथ ही स्कूलों से आई खेल एवं खिलाड़ियों की एंट्री के बारे में जानकारी ली और बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अधिक से अधिक संख्या में उन्हे खेल मैदान तक लाए। 18 खेलों में 7 हजार विद्यार्थी लेंगे हिस्साक्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित होने वाले खेल चेतना मेला में शहर के सभी विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। खेल मेले में इस बार भी गत वर्ष की तरह 18 खेलों में 7 हजार से अधिक बच्चों की सहभागिता होगी। स्पर्धा शहर के नेहरू स्टेडियम, अंबेडकर खेल मैदान, रेलवे सीनियर इंस्टीट्यूट, काश्यप सभागृह, विधायक सभागृह, संतकंवरराम नगर, लॉ कॉलेज सहित विभिन्न खेल मैदानों पर आयोजित होगी। यह खेल होंगे शामिलविभिन्न मैदानों पर योग, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, व्हॉलीबॉल, शतरंज, तैराकी, मलखंब, स्केटिंग, शूटिंग, शरीर सौष्ठव की स्पर्धाएं आयोजित होगी। समस्त अभिभावकों, स्कूल संचालक व प्राचार्यों से आयोजन समिति ने अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेल स्पर्धाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित कर मैदान तक लाए। इनके कंधों पर जिम्मेदारीबैठक में खेल चेतना मेला सचिव मुकेश जैन, क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ़. गोपाल मजावदिया, सचिव अनुज शर्मा, सलाहकार समिति के अशोक जैन लाला, अजीत छाबड़ा, एमआईसी सदस्य विशाल शर्मा, अक्षय संघवी, अंतराष्ट्रीय पहलवान बलवंत भाटी, खेल प्रशिक्षक अखिलेश गुप्ता, आर.सी तिवारी, देवेंद्र वाधवा, प्रकाश व्यास, जगदीश श्रीवास्वत, ओमप्रकाश चौरसिया, गुलाम मोहम्मद, जोस चाको, प्रद्युम्न मजावदिया, अमरीक राणा, मनीष जोशी, राकेश मिश्रा, जितेंद्र धुलिया, सुरेश माथुर, हरीश चांदवानी, राजा राठौड़, सुनील जैन, संजय वशिष्ट, उमंग सेठिया, विक्रम बाथम, नरेंद्र राव सहित कई खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

रंगारंग वार्षिकोत्सव : जड़वासा खुर्द में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुतियां

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिला मुख्यालय के गांव जड़वासा खुर्द में संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रंगारंग वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें छात्र-छात्राओं का रंगारंग वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण पाटीदार, जनपद सदस्य सुरेश पाटीदार, सरपंच प्रतिनिधि सुरेश परमार, उपसरपंच मांगीलाल पाटीदार, शासकीय हाईस्कूल मलवासा की प्राचार्य श्रीमती सरोज शर्मा मौजूद रहे। वार्षिकोत्सव में हर्षोल्लास के साथ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुतियां दी गई। जिसमें देशभक्ति, लोक नृत्य ,बेटी बचाओ एवं शिक्षा पर आधारित प्रस्तुतियां दी गई। अपने उद्बोधन में जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि प्रतिभाएं ग्रामीण क्षेत्र में बहुत होती है केवल उसे निखारने का कार्य किया जाना आवश्यक है। जनपद सदस्य सुरेश पाटीदार ने अपने उद्बोधन में शिक्षा के महत्व को प्रतिपादित किया एवं बच्चों को अच्छे कार्यक्रम के लिए बधाई दी। इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य आर.एन. केरावत द्वारा संस्था का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया एवं संस्था के बोर्ड परीक्षा परिणाम को 100% लाने के लिए छात्रों को प्रेरणा दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक सुष्मिता निगम, नागेश्वर उपाध्याय, मुकेश पालीवाल, बालकृष्ण शर्मा, राजेश चौहान,  श्री धाकड़, विकास तिवारी, चेतना डांगे, रजनी जोनवाल, प्रतीक्षा व्यास, नवीन डामोर, रमेश प्रजापति, राजेश दगदी, ममता कुशवाह, भावना डेविड आदि उपस्थित रहे।

हिट एंड रन हड़ताल : कानून के विरोध में देशभर के ड्राइवर उतरे सड़कों पर, जरूरी सामानों की किल्लत के आसार

पेट्रोल पंप पर लगी लंबी लाइन, कलेक्टर ने कहा अफवाहों पर ना दे ध्यान, SSP ने चेताया! देखे वीडियो पब्लिक वार्ता – नई दिल्ली/रतलाम,जयदीप गुर्जर। देशभर में नए हिट एंड रन कानून के विरोध में बस और ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल ने जोर पकड़ लिया है। इसके अलावा रिक्शा, लोडिंग वाहन और निजी ट्रेवल्स के ड्राइवर्स भी हड़ताल में शामिल हो चुकेहै। देश में बेमियादी हड़ताल का सोमवार को तीसरा दिन रहा। इस दौरान 8 राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान, बिहार, छत्तीसगढ़, यूपी, उत्तराखंड, पंजाब और गुजरात में ड्राइवर हड़ताल पर रहे। तीसरे विरोध ने बड़ा रूप लेते हुए इसे उग्र बना दिया। ड्राइवर्स का हड़ताल करने का मुख्य कारण उन पर लागू किया गया नया एक्ट है। इसमें भारतीय न्याय संहिता 2023 में हुए संशोधन के बाद हिट एंड रन के मामलों में दोषी ड्राइवर पर 10 लाख रुपए तक का जुर्माना और 10 साल तक कैद का प्रावधान है। देशभर में ट्रांसपोर्ट यूनियनों नए भारतीय न्याय संहिता के अधिनियम के खिलाफ अपना विरोध जता रहे हैं. उन्होंने कानून को वापस लेने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है।मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य शहरों में बसें नहीं चलीं। जबकि राजस्थान में आधे दिन प्राइवेट गाड़ियां नहीं चलीं। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ट्रक ड्राइवरों ने सड़क पर वाहन खड़े कर टायरों में आग लगा दी। पब्लिक ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के बाद आम जनता को खासी परेशानियों का सामना कर पड़ रहा है। तमाम बस ड्राइवर और ऑटो ड्राइवर हड़ताल पर चले गए हैं, जिसकी वजह से जनता परेशान है। किसी को अपने घर जाना है, तो किसी को अपने ऑफिस लेकिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवा बिल्कुल ठप कर दी गई है रतलाम में भी रहा बंदजिले में भी ड्राइवर्स की हड़ताल ने जोर पकड़ा। सब्जी व अनाज मंडियों सहित जरूरी ट्रांसपोर्ट सेवाएं ठप्प रही। पेट्रोल की किल्लत के चलते पंपो पर लंबी – लंबी कतारें लग गई। हालांकि शाम को कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार व एसपी राहुल लोढा ने बयान जारी कर जरूरी वस्तुओं के ट्रांसपोर्ट चालू रहने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि पेट्रोल की कोई किल्लत या कमी नहीं है लोग अफवाहों पर ध्यान ना दे। वहीं एसपी ने बताया कि जो भी आवश्यक वस्तुओं के ट्रांसपोर्ट में बाधा डालेगा उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी। क्या है हिट-एंड-रन कानून?भारतीय न्याय संहिता में हिट-एंड-रन मामले के नए प्रावधानों के मुताबिक, अगर कोई आरोपी ड्राइवर सड़क हादसे के बाद अधिकारियों को बिना सूचना दिए दुर्घटना स्थल से भाग जाता है तो उसे 10 साल की जेल की सजा काटनी पड़ेगी। साथ ही साथ 1 लाख से 7 लाख तक का अनुमानित जुर्माना भी भुगतना पड़ सकता है। नए कानून को दो श्रेणियों में रखा गया है. पहला, ‘लापरवाही से मौत का कारण’, अगर कोई आरोपी ड्राइवर मौत का कारण बनता है तो वह गैर इरादतन हत्या नहीं है। उसे अधिकतम पांच साल की जेल की सजा के साथ-साथ जुर्माना भी भरना पड़ सकता है। दूसरा, कोई ड्राइवर लापरवाही या असावधानी से गाड़ी चलाकर किसी की मौत का कारण बनता है और भाग जाता है। साथ ही घटना के बाद किसी पुलिस अधिकारी या मजिस्ट्रेट को घटना की रिपोर्ट नहीं करता है, तो उसे जुर्माना के साथ-साथ 10 साल तक की जेल का सामना करना पड़ेगा। मौजूदा समय में पहचान के बाद हिट-एंड-रन मामलों के आरोपियों पर धारा 304 ए के तहत मुकदमा चलाया जाता है, जिसमें अधिकतम दो साल की जेल की सजा होती है। सरकार करे विचारऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) ने हिट एंड रन कानून को सख्त बनाने का विरोध किया है। संगठन के आह्वान पर ही चक्का जाम और हड़ताल शुरू हुई है। AIMTC की अगली बैठक 10 जनवरी को होगी। इसमें फैसला लिया जाएगा कि अगर सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है, तो किस तरह से सरकार के सामने अपना पक्ष रखा जाए।AIMTC के अध्यक्ष अमृत मदान ने कहा कि हिट एंड रन कानून के पीछे सरकार का इरादा अच्छा है, लेकिन प्रस्तावित कानून में कई खामियां हैं। इन पर दोबारा सोचने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में सबसे बड़ा योगदान परिवहन क्षेत्र और ट्रक चालकों का है। भारत इस समय वाहन चालकों की कमी से जूझ रहा है, लेकिन सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। ऐसे में 10 साल की सजा के प्रावधान के बाद अब ट्रक ड्राइवर नौकरी छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। ट्रकों की हड़ताल से होगी समस्याइस हड़ताल का आम आदमी पर सीधा असर देखने को मिलेगा। ट्रकों की हड़ताल होने से दूध, सब्जी और फलों की आवक नहीं होगी और कीमतों पर इसका सीधा असर देखने को मिलेगा। वहीं, पेट्रोल-डीजल की सप्लाई रुक जाएगी, जिससे लोकल ट्रांसपोर्ट और आम लोगों को आवाजाही में दिक्कत होगी।भारत में 28 लाख से ज्यादा ट्रक हर साल 100 अरब किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करते हैं। देश में 80 लाख से ज्यादा ट्रक ड्राइवर हैं, जो हर दिन जरूरत का सामान एक शहर से दूसरे शहर ट्रांसपोर्ट करते हैं। हड़ताल के कारण इतनी बढ़ी संख्या में ट्रकों के रुकने से जरूरी चीजों की किल्लत हो सकती है।

फिर आया तेंदुआ : गांव में घुसा तेंदुआ जा गिरा कुएं में, 7 घंटे में वन विभाग ने किया रेस्क्यू

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिला मुख्यालय के सैलाना में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने कुएं में गुर्राते हुए तेंदुए को देखा। घटना सैलाना के आदिवासी बाहुल्य गांव आंबाकुड़ी की है। मवेशी चराने रविवार सुबह जंगल में ग्रामीण पहुंचे तो तेंदुए की आवाज सुनकर कुएं में देखा और सरवन पुलिस थाने पर सूचना दी। सुबह करीब 11.30 बजे सूचना मिलने के बाद मौके पर सरवन पुलिस थाना प्रभारी नीलम चौंगड़ बल के साथ पहुंची और वन विभाग को सूचित किया। 7 घंटे की मशक्कत के बाद शाम को 5:30 बजे तेंदुए का रेस्क्यू किया गया। अब विभाग की टीम उसे मानव आबादी से दूर जंगल मे छोड़ने की कार्रवाई करेगी। सैलाना-बांसवाड़ा रोड पर बसे गांव आंबाकुड़ी में किसान औंकार मुनिया के कुएं में तेंदुए की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तेंदुआ कुएं के अंदर बनी बाउंड्री में उगी झाडिय़ों में लोगों को घूमता दिखाई दिया। लोगों ने उसकी वीडियो भी बनाई। पुलिस की सूचना पर रतलाम और सैलाना के वन विभाग की टीम भी पहुंची। शाम 5 बजे तक भी उन्हें सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी चौंगड़ ने बताया कि रेस्क्यू के लिए उज्जैन की टीम भी रवाना हो चुकी थी। तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम ने पिंजरा रख उसमे मुर्गी रखी। जिसके बाद भी काफी मशक्कत के बाद तेंदुआ पकड़ में आया। एहतियात बतौर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। बता दें कि कुछ माह पहले सैलाना के ग्राम बोदिना और रतलाम के रेलवे कॉलोनी में भी तेंदुआ देखा जा चुका है। सैलाना के बोदिना में भी रातभर चले रेस्क्यू के बाद तेंदुए को जाल से पकड़ा था। इसके अलावा रतलाम के रेलवे कॉलोनी में तेंदुए की करीब तीन से चार दिन तक अलग – अलग क्षेत्रों में मूवमेंट देखा गया।

खबर पर मुहर : रतलाम के चेतन्य काश्यप को उद्योग की कमान, प्रदेश में हुआ मंत्रियों के विभागों का बंटवारा

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम शहर से विधायक चेतन्य काश्यप को कैबिनेट में मंत्री का दर्जा मिलने के बाद अब विभाग भी सौंप दिया गया है। पब्लिक वार्ता ने अपनी खबर  “चेतन्य की बढ़ी चमक : इन बड़ी बातों से काश्यप को मिला केबिनेट, सर्वे में टॉप 10 रहे विधायक…” शीर्षक से प्रकाशित की थी। जिसमें उन्हें उद्योग विभाग मिलने की संभावना जताई गई थी। आज शनिवार शाम विभाग बंटवारे की सूची आने के बाद पब्लिक वार्ता की इस खबर पर मुहर लगी। चेतन्य काश्यप को प्रदेश में सुक्ष, लघु एवं मध्यम उद्यम का कार्यभार सौंपा गया है। अब रतलाम सहित प्रदेशभर में काश्यप के औद्योगिक अनुभव का फायदा सरकार को मिलेगा। वहीं रतलाम के लिए नए उद्योगों के आने का रास्ता भी साफ होता दिख रहा है। https://publicvarta.com/kashyap-got-cabinet-due-to-these-big-things-mla-remained-in-top-10-in-the-survey/ शनिवार शाम आई सूची में प्रदेश के सभी मंत्रियों को विभागवार दायित्व सौंपा गया। किस मंत्री को क्या विभाग मिला है देखिए सूची –

दबंगई की हदें पार : मानसिक रूप से कमजोर युवक को लाठी डंडों से खूब पीटा, हत्या कर खून से लथपथ शव फेंका घर के बाहर

गुस्साए परिजनों ने शव रख किया चक्काजाम, करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष शिवप्रताप सिंह भी पहुंचेदेखे वीडियो पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिला।मुख्यालय के पिपलोदा में सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां आधी रात में कुछ दबंग एक युवक को उठा ले गए और उसकी लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दो घंटे बाद खून से लथपथ उसका शव उसके घर के बाहर फेंक गए। हत्या के बाद गुस्साए परिजनों ने शनिवार दोपहर रतलाम-सैलाना रोड पर शव रखकर चक्काजाम किया। 48 घंटे में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन के बाद चार घंटे बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। पूरे मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को राउंडअप भी किया है। दरअसल मामला पिपलौदा थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव का है। जहां धारा सिंह (27) पिता जुझार सिंह परिवार के साथ रहता था। वह मानसिक रूप से कमजोर था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे गांव का रहने वाला राहुल सिंह पिता भोपाल सिंह अपने 5 साथियों के साथ स्कॉर्पियो से आया। उसने धारा सिंह को बाहर बुलाया। आते ही गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद गाड़ी में डालकर ले गए। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है। सुबह सुबह मां को मृत मिला बेटारात करीब दो बजे जमकर पिटाई कर आरोपी उसे घर के बाहर डाल गए। परिजन ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे मां जागी। बाहर बरामदे में खून से लथपथ धारा सिंह पड़ा था। इससे वहां चीख-पुकार मच गई। मौके पर गांव वाले भी इकट्ठे हो गए। गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जावरा अस्पताल भिजवाया। दोपहर में पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। तब तक पुलिस ने दो आरोपियों को राउंड अप भी कर लिया। शव रख किया चक्काजाम, शाम को मानेशनिवार दोपहर 2 बजे परिजनों और गांव वालों ने रतलाम-सैलाना रोड पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। मौके पर जावरा एसडीओपी शक्ति सिंह, पिपलौदा थाना प्रभारी विक्रम सिंह भी पहुंचे। उन्होंने समझाइश दी, लेकिन परिजन नहीं माने। शाम को राष्ट्रीय करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह भी पहुंचे। परिजनों की मांग थी कि आरोपियों का घर ढहाया जाए। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। आरोपियों की आधी जमीन भी उनके नाम की जाए। शाम करीब 5:30 बजे मौके पर जावरा एसडीएम अनिल भाना पहुंचे। उन्होंने 48 घंटे में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही, अतिक्रमण तोड़े जाने के आश्वासन के बाद परिजन माने। शाम को ही शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। दो दिन पहले भी की थी मारपीटमृतक की बहन गजेंद्र कुंवर ने बताया कि धारा सिंह मानसिक रूप से कमजोर था। 28 दिसंबर को आरोपी राहुल सिंह गाड़ी लेकर जा रहा था। इसी दौरान धारा सिंह ने गाड़ी में पत्थर मारकर कांच तोड़ दिया। तब भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की थी। परिजनों को नहीं पता था कि आरोपी दिमागी रूप से कमजोर व्यक्ति को मौत के घाट उतारकर बदला लेंगे।

प्रथम आगमन : रतलामवासियों ने किया अपने मंत्री का भव्य स्वागत, 6 घंटे से अधिक चला चेतन्य काश्यप का रोड शो

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। कैबिनेट में जगह मिलने के बाद रतलाम पहुंचे मंत्री चेतन्य काश्यप का भव्य स्वागत शहरवासियों ने किया। जगह – जगह मंच लगाकर लोगों ने अपने नेता के लिए पुष्पवर्षा की। इस दौरान चेतन्य काश्यप ने भी खुली जीप में सवार होकर जनता का अभिवादन किया। काश्यप का स्वागत का सिलसिला तो बदनावर से ही शुरू हो चुका था। रतलाम शहर में भी प्रवेश करते ही कई मंचों से उनका स्वागत हुआ। कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित रोड शो करीब 3 बजे शुरू हुआ जो देर रात 9 बजे तक चला। जनता के स्वागत के बाद विसाजी मेंशन पहुंचे काश्यप ने जनता व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद देते हुए कहा की कैबिनेट मंत्री के रूप में भारतीय जनता पार्टी ने जो मुझे दायित्व दिया है, वह पूरे रतलाम का सम्मान है। इससे शहरवासियों का गौरव बढ़ा है। प्रदेश में रतलाम का गौरव बढ़े, ऐसे कार्य करेंगे। आमजन और कार्यकर्ताओं की भावनाओं, अपेक्षाओं एवं सपनों को पूरा करेंगे। चुनाव में भाजपा ने जो संकल्प पत्र रखा था, उसे पूरा करेंगे। मोदीजी की गारंटी को भी पूरा करेंगे और प्रदेश को नई ऊॅचाईयों पर ले जाएंगे। सभा से पूर्व काश्यप भारत माता चौराहा अलकापुरी से धोलावाड़ ऑफिस विनोबा नगर, बीमा हॉस्पिटल, गांधी नगर, लक्ष्मणपुरा चौराहा, डॉट की पुल, दो बत्ती चौराहा, दिलबहार चौराहा होते हुए स्टेशन रोड़ स्थित वीसाजी मेन्शन पहुंचे। मार्ग में जगह-जगह उनके काफीले को रोककर शहरवासियों ने उत्साह एवं उल्लास से आत्मीय स्वागत किया। काश्यप जब दिलबहार चौराहा से अपने निवास पर पहुंचे तो दिवाली जैसा जश्न मना। जोरदार आतिशबाजी के बीच श्रीमती नीता काश्यप ने तिलक लगाकर स्वागत किया। मार्ग में भी जगह-जगह कहीं मंचों से तो कहीं घरों से लोगों ने पुष्पवर्षा कर अपनी खुशियॉं जताई। वीसाजी मेंशन में आयोजित धन्यवाद सभा में काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदीजी के मन में एमपी है और हमारा दायित्व है कि हम प्रदेश की सभी 29 सीटें भाजपा को विजयश्री दिलाकर उन्हें सौंपे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रूप में प्रदेश को ऐसा नेतृत्व मिला है, जिसका रतलाम से गहरा नाता है। कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्हें जो दायित्व दिया गया है, उसे वे पूरी शिद्दत से पूरा करेंगे। सभा में भाजपा जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय ने कहा मोदीजी के मन में एमपी है तो भैयाजी के मन में रतलाम है। अपनी नई जिम्मेदारी के साथ वे शहर को नई ऊॅचाईयों पर लेकर जाएंगे। लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ता इसी जोश और उत्साह के साथ विजय प्राप्त कर नया इतिहास बनाएं। जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा ने कहा कि कैबिनेट मंत्री के रूप में श्री काश्यप का रतलामवासियों ने जो स्वागत किया है, वह ऐतिहासिक एवं अद्भुत है। काश्यप को अब पूरा प्रदेश देखना है, लेकिन वे रतलाम का भी पूरा ध्यान रखेंगे। महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि श्री काश्यप का कैबिनेट मंत्री बनना रतलाम के लिए गर्व का क्षण है। श्री काश्यप ने जैसे पहले विधायक के रूप में रतलाम का नाम रोशन किया है, वैसे ही अब वे देश-विदेश में मध्यप्रदेश को गौरवान्वित करेंगे। धन्यवाद सभा में भी विभिन्न समाजजन, कई संस्थाओं, कई संगठनों, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने काश्यप का सम्मान किया। इस दौरान जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया, जिला चुनाव संयोजक बजरंग पुरोहित, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, नंदन जैन, मण्डल अध्यक्ष मयुर पुरोहित, निलेश गांधी, आदित्य डागा, कृष्णकुमार सोनी, विनोद यादव सहित भाजपा प्रदेश, जिला, मण्डल, मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं एमआईसी सदस्य एवं पार्षदगण सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0%