नगर निगम मामला: पार्षदों के विरोध के बाद राजस्व विभाग के सुनील कपूर को भेजा घर, पवन सोलंकी स्वास्थ विभाग में अटैच

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। नगर निगम में गरमाया सिविक सेंटर का मामला अब एक के बाद एक निगम के भ्रष्ट विभागों को खाली करता नजर आ रहा है।  फर्जी रजिस्ट्री व नामांतरण मामले में निगम आयुक्त एपीएस गहरवार व उपायुक्त विकास सोलंकी के नपने के बाद अब राजस्व विभाग के दो कर्मचारियों पर गाज गिरी है। निगम के सम्मेलन में पार्षदों ने दोनों कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की थी। निगम के राजस्व विभाग में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक सुनील कपूर को तत्काल कार्यमुक्त किया गया। आपको बता दे कपूर निगम से रिटायर्ड हो चुके थे जिसके बाद संविदाकर्मी के रूप में उन्हें वापस उसी पद पर भर्ती कर लिया गया। जिसकी चर्चा भी खूब चली थी। वहीं राजस्व में पदस्थ दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी पवन सोलंकी को राजस्व से हटाकर उसके मूल विभाग स्वास्थ्य विभाग में अटैच किया गया है। आपको बता दे सोलंकी की नियुक्ति असल में स्वास्थ्य विभाग में ही है। लेकीन उपायुक्त जैसे अधिकारियों की मेहरबानी के चलते सालों से पवन सोलंकी राजस्व जैसे मलाईदार विभाग में काबिज थे।

10 साल में पैरोल तक नहीं: जेल में बंद संत आसाराम बापू की रिहाई की मांग तेज, आज शहर में होगी विशाल प्रार्थना सभा

हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद राष्ट्रपति के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। पूज्य संत श्री आसाराम जी बापू की शीघ्र रिहाई के लिए संतो के सानिध्य में विशाल प्रार्थना सभा का एवं सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन आज 13 मार्च, बुधवार को दोपहर 2 बजे से श्री कालिका माता मेला प्रांगण ,रतलाम पर रखा गया है। जिसमे संतो-महात्माओं के साथ राजनेता,समाजसेवी एवं प्रबुद्धजन शामिल होंगे। प्रार्थना सभा के बाद पूज्य बापूजी की शीघ्र रिहाई के लिए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिलाधीश को दिया जायेगा। 31 अगस्त 2013 यही वो दिन था, जब आसाराम बापू की गिरफ्तारी हुई थी। तब से जेल के बाहर की खुली हवा बापू को फिर कभी नसीब नहीं हुई। हालांकि, इस दौरान जोधपुर सेंट्रल जेल का दरवाजा कई बार खुला. कई कैदी जेल से रिहा हो गए। यहां तक कि इस जेल में सलमान खान जैसे सेलिब्रिटी भी बाबा के रहते हुए अंदर आए और तीन दिन में ही बाहर आ गए। लेकिन आसाराम बापू को पेरोल तक नही दी गई है। शहर में होने वाली प्रार्थना सभा का आयोजक समस्त जागरूक सनातन समाज है। योग वेदांत सेवा समिति अध्यक्ष प्रेम प्रकाश बाथव ने बताया कि इस विशाल प्रार्थना सभा में श्री श्री अवधूत संत श्री नर्मदानंद जी बाबजी, श्रंगेरी मठ के दंडी स्वामी श्री आत्मानंद जी सरस्वती, श्री आनंदगिरि जी महाराज अडवानिया वाले, श्री देवस्वरूपजी महाराज  अखंड ज्ञान आश्रम रतलाम, संस्कार ऋषि श्री दिनेश व्यास (घटवास), महर्षि संजय शिवानंद दवे, साध्वी श्री राजराजेश्वरी जी, श्री हरिहर उदासीन आश्रम एवं भगवताचार्य विनोद शर्मा आदि प्रमुखजन उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा संत श्री आशारामजी आश्रम मुख्य प्रवक्ता श्रीमती नीलम दुबे सहित के कई राजनेता, समाजसेवी एवं प्रबुद्धजन इस आयोजन में शामिल होने जा रहे है। यहां संस्था द्वारा एक पीडीएफ उपलब्ध करवाई गई है जिसमें संत आसाराम बापू के केस के संबंध में कुछ तथ्य बताये गए है। नीचे लिंक के माध्यम से आप इसे पढ़ या देख सकते है। CLICK HERE👇 TO DOWNLOAD PDF FILE

सार्थक पहल: 2900 मजदूरों के हक के रुपए दिलाने के लिए मंत्री काश्यप की पहल, मुख्यमंत्री से किया आग्रह

हुकुमचंद मिल की तर्ज पर हो रतलाम की सज्जन मिल के श्रमिकों का भुगतान पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री, चेतन्य कुमार काश्यप ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलकर रतलाम की सज्जन मिल के 2900 मजदूरों की तीस वर्षों से बकाया मजदूरी एवं अन्य देनदारियों का भुगतान मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल और अधोसंरचना विकास मंडल के माध्यम से करने का आग्रह किया। काश्यप ने मुख्यमंत्री को बताया की जिस प्रकार इंदौर की हुकुमचंद मिल के मजदूरों को शासन ने सहायता की ठीक उसी प्रकार रतलाम के 2900 परिवारों पर भी ध्यान दिया जाए और उनकी सहायता की जाए। मुख्यमंत्री ने काश्यप को आश्वस्त किया कि वे सज्जन मिल की बकाया देनदारियों का भुगतान कराने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में अधिकारियों को तुरंत निर्देशित भी किया। काश्यप ने भोपाल में कैबिनेट की बैठक के बाद आज मंत्रालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की और आग्रह पत्र सौंपा। इस पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा हुकुमचंद मिल की देनदारी संबंधी समस्याओं का निराकरण करने की सराहना की और उनकी इस पहल को मजदूरों के हित में ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि सज्जन मिल 1992 से बंद पड़ी है। मिल पुर्नउत्थान करने के लिए राज्य शासन द्वारा समय-समय पर प्रयास किए गए परन्तु सफलता नहीं मिली। मिल कंपनी परिसमापन के अन्तर्गत होकर हाईकोर्ट मध्यप्रदेश में आगामी कार्रवाई हेतु विचाराधीन है। मंत्री काश्यप के अनुसार मिल की जमीन शहर के बीचों-बीच होने से उद्योग लगाने के लिए उपयुक्त नहीं है। हुकुमचंद मिल की योजना के अनुसार ही हाईकोर्ट के माध्यम से इस भूमि पर भी इन्दौर जैसा प्रकल्प लाकर मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल और अधोसंरचना विकास मंडल के माध्यम से मजदूरों, बैंकों एवं अन्य देयताओं का भुगतान कराया जा सकता है।

साथी को श्रद्धांजलि : दिवंगत पत्रकार इंगित गुप्ता को किया नम आंखों से याद, प्रेस क्लब सहित शहर के गणमान्य रहे उपस्थित

पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। रतलाम प्रेस क्लब ने सोमवार को क्लब के साथी व वरिष्ठ पत्रकार इंगित गुप्ता के असमय दिवंगत होने पर उनके जन्मदिन 4 मार्च को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। पॉवर हाउस रोड स्थित प्रेस क्लब भवन पर आयोजित सभा में रतलाम प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं साथियों के अलावा शहर के अनेकों गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान हर आंख उनकी याद में नम रही। रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी ने इस दौरान इंगित गुप्ता के बारे में बताते हुए कहा कि वे लगभग तीन दशकों से पत्रकारिता कर रहे थे। सैकड़ों बार समाज के ज्वलंत मुद्दों पर उनकी कलम से उन्होंने अपना धर्म निभाया है। उनकी ईमानदारी और व्यवहारिकता के कारण उनकी बहुत बड़ी मित्र मंडली रही। अचानक हुई दुखद चिकित्सकीय समस्याओं के चलते वे असमय ही दुनिया छोड़कर चले गए, लेकिन अपने पिता सुरेश आनंद की विरासत को आगे बढ़ाते हुए अपनी लेखनी और व्यवहार से हमेशा जीवित रहेंगे। श्री गोस्वामी ने कहा कि इस दुखद घड़ी में उनकी बेटी और परिवार के साथ पूरा रतलाम प्रेस क्लब परिवार की ही तरह खड़ा है और आगे भी रहेगा। पूर्व अध्यक्ष राजेश जैन ने भी कहा कि इंगित गुप्ता ने जीवन पर्यंत ईमानदारी से पत्रकारिता के धर्म को निभाया और इस कारण परिवार के प्रति अपनी आर्थिक जिम्मेदारी उतनी सहगता से नहीं निभा सके। लेकिन ऐसे ईमानदार व्यक्ति का जाना समाज के लिए भी क्षति है और अब समाज को मिलकर परिवार के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जन्मदिन पर इस तरह किया गया यादइस दौरान शोक सभा में आई पत्रकार इंगित गुप्ता की बेटी काची गुप्ता और उनकी बड़ी बहन ईला अग्रवाल और रिश्तेदार अभिषेक असाठी मौजूद रहे। काची ने बताया कि 4 मार्च को श्री इंगित का जन्मदिन परिवार में हमेशा उत्सव की तरह मनता था और अब इस अवसर पर रतलाम प्रेस क्लब उन्हें याद कर रहा है। परिवार ने कहा कि किसी के जाने के बाद इतने लोगों द्वारा उन्हें स्मरण करना उपलब्धि है। इस अवसर पर वहां मौजूद लोगों ने स्वेच्छा से बिटिया की पढ़ाई आदि हेतु सहयोग भी किया। श्रद्धांजलि सभा में पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, चिंतक विष्णु बैरागी, पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजीव रावत, पूर्व पार्षद सूरज जाट, जिला संघचालक सुरेंद्र सुरेका, संघ के वीरेंद्र वाफगांवकर, गोविंद काकानी, गोपाल काकानी, भाजपा नेता पवन सोमानी, कांग्रेस नेता जोएब आरिफ, फैय्याज मंसूरी, एडवोकेट उमाकांत उपाध्याय, सुनील पारिख, राकेश शर्मा, यंतेंद्र भारद्वाज, समाजसेवी कचरु राठौड़, नीलू अग्रवाल, शैलेंद्र गोठवाल समेत रतलाम प्रेस क्लब के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सदस्य, पत्रकार आदि मौजूद थे।

विरोध हक की जमीन का : आरडीए की स्कीम में ले लिया वैध कॉलोनी को, कॉलोनीवासियों ने जताया विरोध

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप समेत कमिश्नर व अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम विकास प्राधिकरण (RDA) द्वारा विकसित की जा रही टीडीएस-02 स्कीम को लेकर अपना नगर वासियों ने एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप के नाम एक ज्ञापन सौंप कर अपनी आपत्ति जताई है। अपना नगर वासियों ने इस मामले में निगमायुक्त एपीएस गहरवार और आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल से मिलकर उन्हे भी अपनी समस्या बताई और आरडीए की स्कीम में अपना नगर को शामिल करने का विरोध जताया। अपना नगर वासियों ने म.प्र.शासन के केबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप को सम्बोधित ज्ञापन में कहा है कि अपना नगर वर्ष 1980 में अस्तित्व में आई थी और तभी से यह एक अविकसित कालोनी है,जिसमें कई रहवासियों ने अपने पक्के मकान बना रखे है,जबकि कई भूखण्ड खाली पडे है। उक्त अविकसित कालोनी को म.प्र.शासन की योजनानुसार नियमितिकरण में लिया जा चुका है और नगर निगम ने नियमितिकरण की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी है। इतना ही नहीं यहां के निवासियों द्वारा हजारों रुपए नगर निगम के सम्पत्ति कर के रुप में जमा कराए जाते है।ज्ञापन में अपना नगर वासियों ने बताया कि उन्हे दो तीन दिन पूर्व ही इस बात की जानकारी मिली कि अपना नगर कालोनी को आरडीए की स्कीम टीडीएस-02 में शामिल कर लिया गया है,जबकि उक्त कालोनी को नगर निगम द्वारा नियमितिकरण में लिया जा चुका है और ऐसे में उक्त कालोनी को आरडीए की योजना से बाहर किया जाना आवश्यक है। ज्ञापन में एमएसएमई मंंत्री से मांग की गई है कि अपना नगर कालोनी को आरडीए की योजना से बाहर किया जाए,ताकि इस कालोनी के निवासियों को अपने घरों से बेदखल ना होना पडे। निगमायुक्त को सौंपा ज्ञापनअपना नगर वासी अपनी समस्या को लेकर सबसे पहले एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप के निवास पर पंहुचे,लेकिन मंत्री जी के बाहर होने की वजह से उन्हे सम्बोधित ज्ञापन उनके निजी सचिव को दिया गया। इसके बाद सभी कालोनीवासी नगर निगम पंहुचे,जहां उन्होने निगमायुक्त एपीएस गहरवार से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई। कालोनीवासियों के यह बताने पर कि अपना नगर के नियमितिकरण के लिए दावे आपत्तियां बुलाई जा चुकी है और यह प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। निगमायुक्त श्री गहरवार ने कालोनीवासियों के ज्ञापन पर उन्हे आश्वस्त किया कि वे इस मामले को गंभीरता से दिखवाएंगे। निगमायुक्त ने यह भी कहा कि नियमितिकरण में ली जा चुकी कालोनी को आरडीए द्वारा अधिग्र्रहित नहीं किया जा सकता। आरडीए अध्यक्ष से भी मिलेअपना नगरवासियों ने आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल से मुलाकात कर उन्हे भी अपनी समस्या से अवगत कराया और अपना नगर को आरडीए की योजना से बाहर निकालने का अनुरोध किया। आरडीए अध्यक्ष ने कहा कि वे अपने स्तर पर इसके लिए प्रयास करेंगे। उन्होने कहा कि योजना की स्वीकृती शासन स्तर से हो चुकी है,ऐसे में योजना को परिवर्तित नहीं किया जा सकता,फिर भी वे इसके लिए बनाए गए नियमों को दिखवाएंगे और कालोनीवासियों की यथासंभव मदद करेंगे।

अवैध गोवंश तस्करी: शिवगढ़ विहिप कार्यकर्ताओं ने 8 लेन से पकड़े 14 केड़े, आरोपियों को किया पुलिस के हवाले

पब्लिक वार्ता, रतलाम,जयदीप गुर्जर। शुक्रवार सुबह एट लेन से शिवगढ़ विहिप के कार्यकर्ताओं ने दो पिकअप वाहनों को पकड़ा। जिनमें अवैध रूप से गोवंश तस्करी कर ले जाए जा रहे थे। विहिप के कार्यकर्ताओं ने ग्राम समिति की सहायता से कुल 14 गोवंश को मुक्त किया। बजरंगदल के राहुल हाड़ा ने बताया की एट लेन से गोवंश तस्करी की सूचना मिली थी। जिसके बाद कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों की सहायता से घेराबंदी की गई। गो तस्कर केड़ो को रावटी व रानीसिंग होते हुए झाबुआ – दाहोद ले जा रहे थे। घेराबंदी कर पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद गोवंश को गौशाला छोड़ा गया। आरोपियो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दौरान बजरंगदल जिला सह संयोजक राहुल हाडा, प्रखंड उपाध्यक्ष रोहित, प्रखंड सहसंयोजक मनोज सोनवा, वायडी ग्राम समिति के अध्यक्ष देवेंद्र टाक, मंत्री दशरथ गुर्जर, सहसंयोजक   कमल गुर्जर, सहसंयोजक कमल खटाना आदि मौजूद थे।

मामला फिरौती का : भाजयुमो नेता व कांट्रेक्टर शुभम के समर्थन में आया गुर्जर समाज, 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष एवं विंड एनर्जी (पवन चक्की) कांट्रेक्टर शुभम गुर्जर को अवैध वसूली के लिए धमकाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में थाना बिलपांक में 21 जनवरी को एफआईआर दर्ज की गई। जिसके बाद आरोपी पक्ष के कुछ लोगों ने एसपी राहुल कुमार लोढा से मिलकर मामले को झूठा बताकर जांच की मांग की थी। जिसके बाद अब शुभम के समर्थन में गुर्जर समाज उतर आया है। शनिवार दोपहर 1 बजे बड़ी संख्या में समाजजन एसपी ऑफिस पहुंचे। इस दौरान आक्रोशित गुर्जर समाज के लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की। समाजजनों ने आरोपियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाना बिलपांक पुलिस पर कार्रवाई ना करने का आरोप लगाया। समाज के लोगों ने एसपी के नाम ज्ञापन एएसपी राकेश खाखा को सौंपा। एएसपी खाखा ने समाजजनों को जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आश्वस्त किया। एडवोकेट देवेंद्र सिराधना ने बताया की उक्त मामले में 6 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी रवि गेहलोत, कुशल गेहलोत और लोकेश गेहलोत की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों का पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। अब तक गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर रही है। साथ ही इससे शुभम गुर्जर की जान को खतरा भी है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित ना हो इसलिए ज्ञापन के माध्यम से एसपी महोदय को अवगत करवाया गया है। कुछ भी अनहोनी अगर घटित होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। आरोपियों की गिरफ्तारी ना होना यह दर्शाता है की उनमें पुलिस कार्रवाई का कोई भय नहीं है। यह था पूरा मामला21 जनवरी को जमुनिया (रतलाम) निवासी भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष व पवनच क्कियां लगाने वाली रेन्यू कंपनी के ठेकेदार शुभम गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि बड़नगर का रवि गेहलोत, कुशल गेहलोत और लोकेश गेहलोत अवैध रूप से हर माह 10 लाख रुपए देने की मांग कर रहे हैं। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। 18 जनवरी को लोकेश ने कॉल किया और जान से मारने की धमकी दी। कुशल ने भी इसी तरह जान से मारने की धमकी दी। वहीं इसी दिन ये तीनों गाड़ी भरकर साथियों को लेकर मुझे मारने के लिए जमुनिया जीरोपॉइंट पर आए लेकिन मेरे साथियों ने बीच-बचाव किया। भविष्य में कोई बड़ा विवाद नहीं हो इसलिए इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।

भाजपा में बड़ा बदलाव : हाईकमान ने प्रदीप उपाध्याय को जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी, मंत्री काश्यप ने दी बधाई

जानिए कुछ बड़ी बातें, जिससे उपाध्याय जिलाध्यक्ष की दौड़ में रहे आगे! पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम भाजपा को नया जिलाध्यक्ष आखिरकार मिल गया। भाजपा हाईकमान ने जिला महामंत्री और कद्दावर भाजपा नेता प्रदीप उपाध्याय को जिलाध्यक्ष घोषित किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने शुक्रवार रात 8 बजे करीब 4 नए जिलाध्यक्ष की सूची जारी की। जिसमें रतलाम सहित बालाघाट, बुराहनपुर व छतरपुर शामिल है। आपको बता दे राजेंद्रसिंह लुनेरा के कार्यकाल से भाजपा संगठन काफी नाराज चल रहा था। ऐसे में भाजपा लगातार जिले को नया चेहरा देने की जुगत में लगी थी। चुनाव से पहले ही संगठन ने अपनी खोज शुरू कर दी थी। मगर चुनाव के कारण यह प्रक्रिया टाल दी गई थी। गौरतलब है की इस दौड़ में रतलाम के कई नेता भी जुगत में लगे थे। मगर सभी के अरमानों पर उपाध्याय की घोषणा के बाद पानी फिर गया। जिले के नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय को कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने अंगवस्त्र पहनाकर बधाई दी और मिठाई खिलाई। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष उपाध्याय ने नियुक्ति पर मंत्री काश्यप का आभार व्यक्त किया। पार्टी के जिला, मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ केे पदाधिकारी सहित कई कार्यकर्ताओं ने  उपाध्याय का स्वागत कर उन्हें बधाई दी।

हत्या का अंदेशा : रतलाम रेल कर्मचारी का शव मंदसौर के गांव में मिला, शरीर पर मारपीट के मिले निशान

पब्लिक वार्ता – मंदसौर/रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम रेल मंडल के जूनियर इंजीनियर का शव तालाब किनारे मिलने पर सनसनी फैल गई। मृतक का नाम दीक्षांत पंड्या है, जो की रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के उपाध्यक्ष पद पर भी था। शव मंदसौर जिले भावगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खोड़ाना में एक तालाब किनारे मिला है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान बताए जा रहे है, जिससे पुलिस हत्या का अंदेशा जता रही है। आपको बता दे मंदसौर जिले का गांव खोड़ाना रतलाम के ढोढर के समीप है। दोनों क्षेत्र की पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर लाल रंग की गाड़ी खड़ी मिली है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोट के निशान मिले है। मृतक दीक्षांत पंड्या रेल मंडल के कैरेज एंड वैगन विभाग में पदस्थ थे। पुलिस व एफएसएल की टीम ने जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने में जुट गई है।

प्राण प्रतिष्ठा आयोजन : 500 वर्षों की संघर्ष गाथा पर बनी डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म का होगा एलईडी पर प्रसारण, गुड मॉर्निंग क्लब करेगा आयोजन

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। 22 जनवरी को होने वाले रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर शहर में एक अनूठा आयोजन किया जाएगा। नगर के गुड मॉर्निंग क्लब द्वारा बाजना बस स्टैंड चौराहे पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अयोध्या राम मंदिर से जुड़े 500 वर्षों के इतिहास को डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म के माध्यम से दिखाया जाएगा। इसके लिए आयोजकों ने बड़ी एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की है। यह डॉक्यूमेंट्री 2 घण्टे की बताई जा रही है। आयोजकों ने बताया की 22 जनवरी पूरे विश्व का त्यौहार है। कई पीढ़ियों के बलिदान व संघर्ष के बाद आज यह अवसर हमें मिल रहा है। हमारी वर्तमान पीढ़ी को राम मंदिर पर मुगलों के आक्रमण से लेकर आज सुप्रीम कोर्ट की लड़ाई और फिर भव्य निर्माण तक  हुई इस 500 वर्षो की संघर्ष गाथा बताना बहुत जरूरी है। क्लब द्वारा 22 जनवरी की शाम 5 बजे से डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से लाइव संघर्ष गाथा दिखाई जाएगी। जिसके बाद 7 बजे महाआरती होगी। महाआरती के बाद भव्य आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा और महाप्रसादी का आयोजन शुरु किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर भगवान श्री राम की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

↑
0%