मामला जावरा का : मंदिर में गौवंश का कटा सर फेंकने वालों के घर पर चला बुल्डोजर, आरोपी सलमान और शाकिर का मकसद नहीं आया सामने

पुलिस ने किया लाठी चार्ज और दागे आंसू गैस के गोले, 8 लेन पर 14 गौवंश की मौत, फूंका ट्रक डीआईजी-कलेक्टर से रिपोर्ट तलब, खुफिया विभाग अलर्ट, दूसरे एंगल और कनेक्शन पर होगी जांच? पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के जावरा शहर में शुक्रवार सुबह तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मामला शिव मंदिर में गोवंश का कटा सिर मिलने का है। आक्रोशित लोगों ने जावरा शहर बंद करवाने के साथ फोरलेन जाम कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज एवं तकनिकी संसाधनो की मदद से जावरा के ही रहने वाले आरोपी सलमान पिता मोहम्मद मेवाती मुसलमान उम्र 24 साल निवासी मेवातीपुरा और शाकीर पिता शाहिद कुरैशी उम्र 19 साल निवासी जेल रोड को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 295,295(क) ,153(क) भादवि ,4,9 मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम , 11 डी पशु क्रुरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। सुबह से बढ़ते तनाव के बीच भारी पुलिस बल को लगाया गया। हालांकि पुलिस ने अब तक इनके शांति व्यवस्था भंग करने के पीछे का मकसद सार्वजनिक नहीं किया है। आपको बता दे आज मुस्लिम समाज के लिए प्रमुख दिन जुम्मा यानी शुक्रवार भी था, वहीं 2 दिन बाद ईद-उल-अदा यानी बकरीद का प्रमुख त्यौहार है। जावरा की हुसैन टेकरी अपने चेहल्लुम पर्व को लेकर विश्व प्रसिद्ध है। यहां चेहल्लुम में हर धर्म के लोग हिस्सा लेते है। ऐसे में इनके द्वारा किए गए इस गंभीर घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे है। मामले की जांच में कई चौकाने वाले खुलासे हो सकते है। रोते बिलखते रहे परिजन, खुफिया विभाग अलर्टमंदिर में गोवंश का कटा सिर फेंकने के आरोपी शाकिर और सलमान के मकान पर पुलिस-प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। अवैध मकान तोड़ने की कार्रवाई से पूर्व भारी भीड़ जमा हो गई। मकान टूटता देख आरोपियों के परिजन रोते बिलखते रहे। मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया था। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार प्रदेश का खुफिया विभाग अलर्ट मोड पर आ चुका है। लोकसभा चुनाव के निपटने के बाद हुए इस घटनाक्रम ने प्रदेश सरकार को सकते में डाल दिया है। पूरे मामले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की कोई प्रतिक्रिया अब तक सामने नहीं आई है। जबकि पिछले दो दिनों से मुख्यमंत्री यादव गौरक्षा और गौसंवर्धन को लेकर विभिन्न घोषणाएं करते नजर आ रहे है। ग्रह विभाग ने डीआइजी व कलेक्टर से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। दोनों आरोपियों की मानसिकता और लिंक को भी तलाशा जा रहा है। क्योंकि रतलाम जिले में युवकों की प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़ने की कई घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी है। फिलहाल पुलिस का कहना है की दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य निकलकर आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई होगी। इधर दागे आंसू गैस, उधर फूंका ट्रकजावरा में गोवंश के मंदिर में मिले अवशेष के मामले ने तूल पकड़ा हुआ ही था की इसी बीच दोपहर करीब 12.30 बजे 8 लेन पर गौवंश से भरा ट्रक पलट गया। जिसके बाद वहां मौके पर कई लोग इकठ्ठा हो गए। इसमें 26 गोवंश में से 14 की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक में आग लगा दी। इधर, शहर में एक अन्य जगह भीड को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। घटना के बाद हिंदू संगठन और दूसरे लोग जावरा सिटी थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग की। पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने उन्हें समझाने की कोशिश करता रहा। मंदिर में फेंका था गोवंश का सिर!रतलाम के जावरा के जागनाथ मंदिर परिसर में गोवंश का कटा सिर मिला है। शुक्रवार तड़के पुजारी मंदिर पहुंचे तो सिर देखकर लोगों व पुलिस को सूचना दी। इस घटना से नाराज हिंदू संगठन जावरा को शांतिपूर्ण ढंग से बंद कराया। इसके बाद फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सूचना मिलते ही डीआइजी मनोज सिंह, कलेक्टर राजेश बाथम, एएसपी राकेश खाखा सहित भारी मात्रा में प्रशासन व पुलिस का अमला पहुंचा। शाम करीब 6 बजे ज्ञापन के बाद पूरा मामला शांत हुआ। इससे पहले 5 बजे मंदिर का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुद्धिकरण किया गया। हिंदू समाज की और से ज्ञापन में आरोपियों पर रासुका लगाने, ऐसे और भी गोवंश तस्करी में लिप्त आरोपियों को चिन्हित करने, अवैध मकान तोड़ने, शहर में संचालित बूचडख़ानों को ध्वस्त करने जैसी मांगे रखी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती पूरे शहर में की गई है। विधायक व शहर काजी ने की अपीलघटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जावरा विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय ने कहा कि घटना दुर्भाग्य पूर्ण है। पुलिस अधिकारियों से लगातार संपर्क में है। उन्होंने सरकार पर विश्वास बनाए रखने की मांग की और लोगों से शांति व्यवस्था की अपील की। वहीं दूसरी और सांप्रदायिक रंग लेते इस मामले में मुस्लिम युवकों के होने की जानकारी लगने के बाद जावरा शहर काजी हाफिज भुरू भाईजान ने शहर में समाजजनों से शांति व सौहाद्र की अपील की है। उन्होंने जारी एक पत्र में कहा की मुस्लिम समाज इसकी कड़ी निंदा करता है। आरोपियों का कोई भी धर्म हो उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामकता ना फैलाए ना ऐसी बातों पर ध्यान दे। अफवाहों से सावधान रहें। पुलिस ने भी आमजन से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

भरोसे का घोंटा गला : बुजुर्ग दंपत्ति ने जिस किराएदार को रखा बेटे जैसा, उसी ने घर का ताला तोड़ किया लाखों रुपयों पर हाथ साफ

12 घंटे में माणक चौक पुलिस ने किया चोरी का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के माणक चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बुजुर्ग दंपत्ति के साथ उसी के किराएदार ने विश्वासघात कर दिया। पति – पत्नी दोनों की कोई संतान नहीं होने से किराएदार को ही उन्होंने अपना बेटा माना और उसे बेटे की तरह रखा। लालची किराएदार ने भरोसे का गला घोंटते हुए दंपत्ति के बंद घर में ताला तोड़ चोरी को अंजाम दे दिया। यह पैसा कैंसर के इलाज के लिए जमा किया हुआ था। माणक चौक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 12 घंटे में आरोपी सोहेल पिता इफ्तेखार पठान (27) निवासी मौलाना आजाद नगर (हालमुकाम लक्ष्मी नगर) को गिरफ्तार कर लिया है। विवेचना में जुटी माणकचौक थाने की पुलिस टीम को पुरुस्कार की घोषणा की गई है । गुरुवार को नवीन कंट्रोल रूम पर प्रेस वार्ता में एएसपी राकेश खाखा ने वारदात का खुलासा किया। इस दौरान सीएसपी अभिनव बारंगे, माणक चौक थाना प्रभारी रणजीत सिंगार मौजदू रहे। एएसपी राकेश खाखा ने मीडिया को बताया की लक्ष्मी नगर निवासी महिला मुकर्रम पति शेर खां मेव ने थाने में शिकायत कर बताया की वह मंगलवार/बुधवार की रात्री में अपने कैंसर से पीड़ित पति शेर खान के इलाज के लिए उसे अस्पताल ले गई थी। जहां उसे भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा था। घर में दोनों पति पत्नी के अलावा कोई भी नहीं था इसलिए उसने घर पर ताला लगाया हुआ था। उसी दौरान उसके सुने मकान मे कोई अज्ञात बदमाश 4 लाख 35 हजार रुपये नगदी एवं सोने की एक अंगुठी तथा चांदी के छोटे छोटे जेवर जिनकी किमत करीब 90 हजार रुपये है। इस तरह कुल 5 लाख 25 हजार रुपये घर व गोदरजे का ताला तोड़ कर चुरा ले गया। फरियादी महिला की शिकायत पर थाना माणकचौक पर अपराध क्रमांक 323/24 धारा 457,380 पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू की। जिसमें 12 घन्टे के भीतर ही पुलिस को सफलता मिली और आरोपी सोहेल पिता इफ्तेखार पठान जो की महिला का किराएदार था उसे गिरफ्तार कर लिया गया। खुद आरोपी ने महिला को दी सूचनाआरोपी किराएदार सोहेल फरियादी महिला मुकर्रम खान के मकान में 6-7 माह से किराए से रह रहा था। आरोपी सोहेल शादीशुदा है और अपने घर से अलग किराए के मकान में रह रहा था। जब उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया तब उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। वह घर पर अकेला था। महिला की कोई संतान नहीं होने से उसने सोहेल को बेटे की तरह रखना शुरू कर दिया। जिससे सोहेल को उसके घर में रखी नगदी व जेवर की जानकारी लग गई। आरोपी ने ताला तोड़कर घर में हाथ साफ किया। जिसके बाद पुलिस व महिला को बरगलाने के लिए चोरी की घटना के बारे में बताया। जिससे वह संदेह के घेरे में ना आए। पुलिस ने जब मौके पर छानबीन की तो पड़ोसी की छत से नगदी व सामान मिला। जिससे यह लगे कि पड़ोस की छत और उसके पास के नाले से चोर घर में घुसे हो। लेकिन पुलिस को यहां पर संदेह हुआ और सोहेल से सख्ती से पूछताछ की। फिर उसने सब कुछ कबूल कर लिया। आरोपी सोहेल लोहे की अलमारी बनाने का काम करता है।मामले में पुलिस टीम के एएसआई बसील गणावा , प्रआर नारायणसिंह जादौन, दिलीपसिंह रावत, अमिचंद सिगारे, आरक्षक रणवीर सिंह , गोविन्द गेहलोत, विरेन्द्र बारोड, संदीप शर्मा, अशरफ खान कि महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बजरंग दल ज्ञापन : प्रदेश में बढ़ रही गौवंश तस्करी को लेकर आक्रोश, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

गौरक्षा विभाग ने की मांग – जिस थाना क्षेत्र में हो तस्करी, वहां थाना प्रभारी हो निलंबित! पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विश्व हिंदू परिषद के गौरक्षा विभाग द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन प्रदेश में लगातार बढ़ती जा रही गौवंश तस्करी की रोकथाम के लिए दिया गया। सोमवार सुबह विहिप बजरंगदल के कार्यकर्ता नवीन कलेक्टर ऑफिस रतलाम में एकत्रित हुए और जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी के बाद ज्ञापन वहां उपस्थित नायब तहसीलदार को सौंपा गया। इस दौरान प्रांत गौ रक्षा प्रमुख जगदीश धाकड़, विभाग सहमंत्री पवन बंजारा, विभाग संयोजक विनोद शर्मा, विभाग गौरक्षा प्रमुख नटवर सिंह, विभाग सामाजिक समरसता प्रमुख राहुल सोनी, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला उपाध्यक्ष रवि निंदाने, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला संयोजक मुकेश व्यास, सह संयोजक आशु टांक, गौरक्षा प्रमुख योगेश चौहान, सहगौरक्षा प्रमुख दीपक प्रजापत, जिला कोषाध्यक्ष शंकर सिंह, जिला सहमंत्री पवन देवड़ा, अक्षय गोमे, जिला सामाजिक समरसता प्रमुख मनोज पंवार, जिला सेवा प्रमुख अनिल रौतेला, लखन बरगुंडा, जिला साप्ताहिक मिलन प्रमुख सुनील राठौड़, हीरालाल सीरवी व अन्य प्रखंड के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। ज्ञापन में रखी यह मांगेविहिप द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया की प्रदेश में गोवंश तस्करी बंद हो, पशु बाजार बंद किए जाए। यदि मेले की चिट्ठी पर गोवंश नियम विरुद्ध भरा हो तो मेला समिति पर गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएं। आबकारी के नियम जैसे नियम विरुद्ध गोवंश परिवहन पर वहन राजसात अनिवार्य करें।जिस थाना क्षेत्र में गो तस्करी होती हैं तो थाना प्रभारी को निलंबित किया जावे। एक से अधिक बार वाहन गो तस्करी करते पकड़े जाने पर रासुका के तहत प्रकरण दर्ज किया जावे।1962 संजीवनी पशु एंबुलेंस को गोवंश के लिए 150 रुपए शुल्क से मुक्त रखा जावे। खेत की मेड़ पर लगने वाली झटका मशीन पर प्रतिबंध लगाया जावे। गो तस्करी रोकने में बलिदान या अंग विहीन होने पर गो भक्तों को गौ सेवक सम्मान दिया जाए। परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी दी जाए। गौशालाओं को भूमि आवंटन प्रक्रिया सरल कर तुरंत भूमि आवंटित की जाए। गौशालाओं को 5 हॉर्स पावर का विद्युत कनेक्शन मुक्त दिया जाए,जनभागीदारी से गौशालाओं में निर्माण कार्य की अनुमति हो। स्वयंसेवी संस्थाओं को मनरेगा से मजदूर (सेवक) दिया जावे। गोचर भूमि अतिक्रमण मुक्त की जावे। गौशालाओं द्वारा निर्मित वर्मी कंपोस्ट, किट नियंत्रक, को फर्टिलाइजर्स एक्ट से बाहर किया जाए। गौशालाओं द्वारा निर्मित वर्मी कंपोस्ट, किट नियंत्रक को शासन खरीद कर सहकारी संस्थाओं के माध्यम से बिक्री करें। गो उत्पाद को टैक्स मुक्त किया जाएं। पशु जांच चौकिया स्थापित की जाए। गो समाधि स्थल का चयन कर सुरक्षित की जाए। प्रदेश में नवनिर्मित मनरेगा गौशाला को पूर्ण कर गोवंश रखा जाए ताकि बारिश में गोवंश सुरक्षित रह सके। प्रत्येक गोपालक जो की घर में गौ माता की सेवा करता है। उसे प्रति गाय के हिसाब से प्रति माह 1200 रुपए गो वंदन राशि दी जाए।

सट्टे पर संग्राम : 4 दिन पहले स्टेशन रोड पुलिस की सटोरियों पर दबिश, रेलवे साईकील स्टैंड ठेकेदार का भाई रवि मीणा और साथी फरार

पहले भी कर चुका है पुलिसकर्मियों से हाथापाई, लॉज के पीछे चल रहा था अंक वाला सट्टा पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के स्टेशन रोड पर पुलिस द्वारा 4 दिन पूर्व सटोरियों पर बड़ी कार्रवाई की गई। जिसमें रेलवे का साईकील स्टैंड चलाने वाला ठेकेदार विजय मीणा का भाई रवि मीणा और उसका अन्य साथी अब तक फरार है। पुलिस रवि मीणा व अन्य फरार आरोपी की तलाश कर रही है। विश्वसनीय सूत्रों की माने तो साईकील स्टैंड ठेकेदार विजय मीणा व रवि मीणा साईकील स्टैंड की आड़ में कई सालो सट्टे का संचालन कर रहे है। जीआरपी में कई बार शिकायतें भी हो चुकी है मगर राजनीतिक संरक्षण और पुलिसीया सांठगांठ के चलते कोई ठोस कार्रवाई अब तक नहीं हुई है। कुछ समय पूर्व रवि मीणा पुलिसकर्मियों से उलझने के मामले में भी सुर्खियों में छाया रहा था। करीब 3 साल पहले रेलवे स्टेशन के पार्किंग एरिया में सट्टा चलाए जाने की सूचना मिलने पर रतलाम पुलिस के एसआई अनुराग यादव रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 के पास पार्किंग एरिया में पहुंचे थे जहां रवि मीणा और उसके साथियों ने एसआई अनुराग यादव के साथ बदतमीजी व हाथापाई की थी। जिसके कुछ माह बाद रवि मीणा ने इंटेलिजेंस के दो जवानों के साथ भी पार्किंग में गाड़ी रखने को लेकर हाथापाई की थी। गौरतलब है की थाना स्टेशन रोड पुलिस ने फ्रीगंज रोड स्थित लक्ष्मी लाज के पीछे गली मे लोगों से सट्टा अंक लिखकर पैसे ले रहे युवक को रंगेहाथ पकड़ा था। पुलिस ने मौके से जब्बार उर्फ अनवर पिता मोहम्मद रफीक अब्बासी (28) निवासी रामेश्वर मंदिर के पास जावरा रोड, सुरज उर्फ स्वाधीन पिता स्व.अशोक नांदेचा जाति जैन (27) निवासी घास बाजार, रईस खाँ पिता अब्दुल वहीद जाति मेवाती (49) निवासी जयभारत नगर, व मुजफ्फर पिता मुशर्रफ खाँ जाति मेवाती (40) निवासी काजीपुरा को रंगेहाथ धर दबोचा था। वहीं 2 अन्य आरोपी रवि मीणा निवासी मिडटाउन कॉलोनी व रवि बौरासी निवासी जावरा फाटक फरार हो गए थे। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों से 1 मोबाईल एवं 9510/- रुपये नगद जप्त व अंक लिखी पर्चियां जप्त की। पुलिस ने मामले में अप.क्र. 788/2024 धारा 4A व पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट 109 भादवि के तहत कार्रवाई की। थाना प्रभारी दिनेश भोजक के नेतृत्व में पुलिस टीम के प्र.आर. मनोज पाण्डे, महेन्द्र फतरोड, आरक्षक नंदकिशोर, राकेश दांगी व अभिषेक पाठक की सराहनीय भूमिका रही।

प्रतिभाओं का सम्मान : कुमावत समाज के 180 विद्यार्थियों को मिला मोमेंटो, अभ्यास के डायरेक्टर ने बताए टिप्स

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। कुमावत समाज द्वारा शहर के बरबड़ हनुमान मंदिर स्थित जानकी मंडप में 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। समारोह में रतलाम, मंदसौर, नीमच व उज्जैन जिले के कुमावत समाज के विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट गोपाल कुमावत (प्रतापगढ़ जिला अध्यक्ष BJP) ने की जिसमें मुख्य अतिथि गोविंद भरावा (खाचरोद), भंवर लाल कुमावत(प्रतापगढ़), राजेश परमार (ताल), राजेश भरावा (जावरा) एवं विशिष्ट अतिथि ओमप्रकाश सनैचा (इंदौर), प्रकाश कुमावत (छोटी सादड़ी), नंदकिशोर परमार(कुचडोद) आदि रहे। अतिथियों द्वारा 180 प्रतिभागियों का सम्मान मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर किया गया। अतिथियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए इनके उज्जवल भविष्य की कामना की। अभ्यास करियर इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर डॉ. राकेश कुमावत द्वारा नीट परीक्षा के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम का आभार एमडी मैडम श्रीमती नीलिमा कुमावत ने माना। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक श्यामलाल कुमावत (प्रतापगढ़) द्वारा किया गया।

लोकसभा RESULT DAY : जिले की 5 विधानसभाओं का पिटारा खुलेगा आज, 18 व 30 राउंड के साथ 70 टेबलों पर होगी मतगणना

भाजपा या कांग्रेस में कौन मरेगा बाजी?, साइंस कॉलेज आने का हर रास्ता रहेगा बंद! पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। लोकसभा चुनाव 2024 के चुनाव संपन्न होने के बाद अब बारी है मतगणना और आने वाले परिणामों की। आज यानी 4 जून को सुबह 8 बजे से देशभर में मतगणना की  शुरुआत होगी। रतलाम जिले की 5 विधानसभा सीटो में 3 संसदीय क्षेत्र आते है। 5 विधानसभाओं की लोकसभा चुनाव की मतगणना रतलाम के साइंस एंड आर्ट्स कॉलेज में होगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी कर चुका है। चुनाव के परिणाम की घोषणा संसदीय क्षेत्र के मुख्यालय से की जाएगी। रतलाम में मतगणना के दौरान छत्रिपुल से ब्लड बैंक तक पूरा रोड ब्लॉक रहेगा। वाहन से आवगमन प्रतिबंधित रहेगा। निगम तिराहे से भी वाहनों पर रोक रहेगी। हाथीखाना वाले रास्ते पर भी बेरिकेडिंग रहेगी। यानी लीड कॉलेज तक आने वाले हर रास्ते को नो व्हीकल जोन पुलिस ने बनाया है। कलेक्टर राजेश बाथम के अनुसार मतगणना कर्मियों को प्रातः 6.00 बजे मतगणना स्थल पर पहुंचने के लिए निर्देशित किया गया है। सुरक्षाबल सहित अन्य कर्मियों को मिला ले तो करीब 1 हजार कर्मचारी मतगणना टीम का हिस्सा रहेंगे। पोस्टल बैलेट की गिनती संसदीय क्षेत्र के मुख्यालय पर होगी। रतलाम संसदीय क्षेत्र का मुख्यालय झाबुआ है। विधानसभा के अनुसार अलग अलग कक्ष रहेंगे। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जावरा की गणना कक्ष क्रमांक 5 में होगी। रतलाम ग्रामीण के लिए कक्ष क्रमांक 6, आलोट के लिए कक्ष क्रमांक 7, सैलाना के लिए कक्ष क्रमांक 8 तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रतलाम शहर की मतगणना के लिए कक्ष क्रमांक 9 है। प्रत्येक मतगणना कक्ष के कलर कोड भी निर्धारित किए गए हैं। हर एक मतगणना हाल में 14 टेबलों पर मतगणना की जाएगी। इस अनुसार कुल 70 टेबल्स पर मतगणना होगी। प्रत्येक टेबल पर एक गणना सहायक, एक गणना पर्यवेक्षक तथा एक सूक्ष्म प्रेक्षक तैनात रहेगा। मतगणना परिसर में आयोग द्वारा तैनात प्रेक्षक भी मौजूद रहेंगे। जिले की पांचों विधानसभा में 1103422 मतदाता है। रतलाम ग्रामीण, सैलाना व आलोट विधानसभा की मतगणना के 18-18 व रतलाम सिटी व जावरा विधानसभा के 30-30 राउंड में मतगणना होगी। कौन मरेगा बाजी, दिलचस्प होगा मुकाबला!लोकसभा 2024 में बीजेपी ने रतलाम लोकसभा सीट पर अनिता नागर सिंह चौहान को मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने पिछले उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया पर दांव चला है। कांतिलाल कई बार के सांसद व मंत्री रह चुके। वर्तमान संसद गुमानसिंह ने उन्हें 2019 में शिकस्त दी थी। रतलाम लोकसभा सीट पर कुल 1851112 मतदाता हैं। रतलाम लोकसभा सीट पर चौथे चरण यानी 13 मई को मतदान हुआ। आपको बता दे रतलाम झाबुआ-आलीराजपुर लोकसभा में रतलाम शहर, रतलाम ग्रामीण एवं सैलाना आते है। मंदसौर –  नीमच – जावरा लोकसभा में जावरा विधानसभा आती है। वहीं  उज्जैन -आलोट लोकसभा में आलोट विधानसभा आती है। रतलाम जिले में 1297 मतदान केंद्र थे। रतलाम जिले के विधानसभावार मतदाताओं कीबात करे तो रतलाम ग्रामीण में 213790, रतलाम सिटी में 217035, सैलाना में 211374, जावरा में 237878 और आलोट में 223345 मतदाता है। यानी रतलाम जिले के कुल 1103422 मतदाताओं के दिए वोट से आज लोकतंत्र की इबारत लिखी जाएगी।

अवैध संबंध, हत्या और खुलासा! : विवाहित महिला के दूसरे संबंधो से नाखुश था प्रेमी संतोष, गला घोंटकर लाश फेंकी थी नदी में

लापता महिला रचना उपाध्याय की लाश करवड़ में मिलने का मामला, पुलिस ने किया खुलासा पब्लिक वार्ता -रतलाम,जयदीप गुर्जर। 23 मई को थाना औद्योगिक क्षैत्र रतलाम पर वर्धमान नगर निवासी भगवतीलाल उपाध्याय अपनी पत्नी रचना उपाध्याय उम्र39 वर्ष की गुमशुदगी दर्ज करवाने पहुंचता है। 6 दिन बाद झाबुआ के करवड़ में माही नदी में में एक शव बरामद होता है। जिसकी सूचना रतलाम पुलिस को दी जाती है। जिसके बाद रचना के परिजनों को सूचना देकर बुलाया जाता है और शव की पहचान कराई जाती है। शव पानी में रहने के कारण सड़ गल चुका होता है। शरीर पर बने टेटू और कपड़ों से महिला की शिनाख्ती की जाती है। इसके बाद पुलिस मामले में हत्या का केस दर्ज कर तफ्तीश में जुट जाती है। पुलिस आखिरकार आरोपियों तक पहुंचती है और सोमवार को इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा होता है। मृतिका महिला रचना उपाध्याय की एक 19 वर्षीय बेटी व 13 वर्ष का बालक है। महिला के आरोपी के साथ अवैध संबंध होना सामने आए है। एसपी राहुल कुमार लोढा ने प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। हत्या के मुख्य आरोपी हाकिमवाड़ा निवासी संतोष पिता श्यामलाल राव उम्र 39 वर्ष व उसका साथ देने वाले दोस्त चिंगीपुरा निवासी सलमान पिता मोहम्मद एहसान उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी संतोष लोडिंग वाहन चलाता है। वहीं उसका दोस्त आरोपी सलमान लोकेंद्र भवन (कान्वेंट तिराहे) स्थित बंगले मुफद्दल विला का चौकीदार है। महिला की हत्या इसी मुफद्दल विला में गला घोंटकर की गई थी। कांफ्रेंस के दौरान एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी अभिनव वारंगे, औद्योगिक क्षेत्र टीआई राजेंद्र वर्मा मौजूद रहे। प्रेमी का शक, गुस्सा और हत्या!पुलिस के अनुसार हत्या की वजह महिला के अन्य संबंध का शक बना। आरोपी संतोष के करीब 1 साल से महिला के साथ अवैध संबंध थे। इस दौरान उसे महिला के और भी अन्य लोगों के साथ संबंध होने का शक था। इसी बीच आरोपी संतोष अपनी शादीशुदा प्रेमिका रचना से प्यार करने लगा। 23 मई की शाम जब मृतिका संतोष से मिलने मुफद्दल विला पहुंची तो संतोष और महिला विवाद हुआ। विवाद इस बात को लेकर हुआ था की मृतिका रचना आरोपी संतोष मिलने से पहले किसी और से मिलकर उसके पास आई थी। संतोष ने शक में मृतिका रचना से विवाद किया और गुस्से में आकर गला दबा दिया। जिससे रचना अचेत हो गई। जानकारी के अनुसार 23 मई को दोपहर 4 बजे करीब रचना अपने ससुराल से मायके जाने का कहकर स्कूटी से निकली थी। रचना का मायका रतलाम में ही श्रृंगी नगर में है। रचना के परिवार वाले उस दिन हरिद्वार गए हुए थे। टेप से पैक की लाश, लोडिंग में डालीविवाद के दौरान जब संतोष ने रचना का गला दबाया तो वह अचेत हो गई। जिसके बाद उसने बंगले के चौकीदार अपने दोस्त सलमान को बुलाया और दोनों ने रचना को पानी छिड़क कर होश में लाने की कोशिश की। लेकिन तब तक रचना का शरीर ठंडा पड़ चुका था। दोनों ने मिलकर अब लाश ठिकाने लगाने की कोशिश शुरू कर दी। संतोष लोडिंग वाहन लेकर बंगले के अंदर आया। बंगले में लोडिंग खड़ी की, इसके बाद दोनों आरोपी महिला की स्कूटी से खाचरौद (उज्जैन) पहुंचे। रास्ते में स्कूटी की नंबर प्लेट निकालकर फेंक दी। महिला का मोबाइल भी तोड़कर रास्ते में फेंक दिया। स्कूटी को खाचरौद के उज्जैन गेट पर खड़ी कर वापस रतलाम लौट आए। आरोपियों ने महिला के शव को पुस्टे में टैप लगाकर पैक किया। आरोपियों ने महिला के शव को ठीक उसी तरह पैक किया जैसे कोई डिलवरी का सामान किसी लोडिंग में पैक कर पहुंचाया जाता है। संतोष शाम 7 बजे करीब महिला को लेकर बंगले मुफद्दल विला में घुसा था। जिसकी जानकारी उसके चौकीदार दोस्त सलमान को थी। महिला के शव को पैक कर दोनों ने लोडिंग में डाला और 40 किलोमीटर दूर करवड़ जाकर नदी में फेंक दिया। मशक्कत के बाद पुलिस के हाथ आएमृतिका रचना की गुमशुदगी से लेकर हत्या के दिन तक के करीब 150 से अधिक सीसीटीवी फूटेज को पुलिस ने खंगालना शूर किया। 23 मई की शाम महिला को संदेही संतोष के साथ नगर निगम के यहां देखा गया। जिसके बाद आरोपी संतोष को लगातार ट्रेस किया गया। आरोपी उसे बंगले में ले जाते हुए भी ट्रेस हुआ। पुलिस ने तुरंत संतोष की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने महिला के साथ अवैध संबंधो को स्वीकार किया और हत्या करने की वजह बताई। आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को पहले खूब दिमागी कसरत करना पड़ी। उसके बाद इनकी गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस को इधर – उधर खूब घूमना पड़ा। पुलिस की टीम जिसकी सराहनीय भूमिकाएसपी ने इस मामले को चिंहित अपराध में दर्ज किया। 10 हजार का इनाम भी पूर्व में घोषित किया। हत्या के इस सनसनीखेज मामले को सुलझाने में थाना औद्योगिक क्षेत्र टीआई राजेन्द्र वर्मा, एसआई सत्येन्द्र रघुवंशी, अमित शर्मा सायबर सेल, एएसआई बबलू डागा, इशाक खान, प्र.आर. नीरज त्यागी, राहुल जाट, तपेश गोसाई, बलराम पाटीदार, मनमोहन शर्मा, हिम्मत सिंह, आरक्षक कपिल, लखन, अर्जुन खींची, मोहन पाटीदार, अभिषेक पाठक, दुर्गालाल गुजराती, कान्हा मेघवाल, राजेश प्रजापति, विपुल भावसार, चालक संजय एवं सीसीटीवी शाखा से एएसआई राजा तिवारी, प्र. आर. शान्तिलाल डिंडोर, आरक्षक पारस चावला, लखन धभाई की सराहनीय भूमिका रही।

विहिप शिक्षा वर्ग : RSS प्रांत संघचालक प्रकाश शास्त्री ने बताया कुटुंब प्रबोधन का महत्व, विश्व को भारत ने सिखाया

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विश्व हिन्दू परिषद मालवा प्रांत का शिक्षा वर्ग हिमालया इंटरनेशनल स्कूल में संचालित हो रहा है। 25 मई से शुरू हुए इस शिक्षा वर्ग में करीब 100 से अधिक विहिप कार्यकर्ता शामिल है। शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मालवा प्रांत संघचालक प्रकाश शास्त्री ने सत्र में अपना बौद्धिक दिया।  शास्त्री ने कुटुंब प्रबोधन यानी परिवार व उसमें रिश्तों की महत्व  की हमारी भारतीय परंपरा और उसके प्रमाणिक आवश्यकता के बारे में बताया। शास्त्री ने कहा हमारी पारिवारिक व्यवस्था एक समय कैसी थी  और आज कैसी हो गई है। हम विदेशी संस्कृति को अपना कर अपने परिवार को नष्ट कर रहे है। हमारी संस्कृति में वसुधैव कुटुम्बकम् एक आदर्श वाक्य है जिसका अनुसरण आज पूरा विश्व कर रहा है। आज विश्व भारत से परिवार की एकता का सूत्र एवं रिश्तों को सुरक्षित रखने के उपाय सिख रहा है। जिसे कुटुंब प्रबोधन कहते है। व्यक्ति को सबसे पहले संस्कार अपने परिवार से ही मिलते हैं। समाज को सुसंस्कृत, चरित्रवान, राष्ट्र के प्रति समर्पित और अनुशासित बनाने में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका है। हम जब भी परिवार की बात करते है, तो उसमें सभी पारिवारिक रिश्ते ध्यान आते है। जिसमें माता – पिता से शुरुआत होती है। दादा – दादी, नाना – नानी, काका, भुआ, मासी, मामा आदि रिश्तों के नाम और उनके महत्व हमें ध्यान में आते है। हमारे शास्त्रों में लिखा है अयं निजः परोवेति *गणना लघुचेतसाम्। उदारचरितानां तु वसुधैवकुटुम्बकम् ॥ अर्थात यह मेरा अपना है और यह नहीं है, इस तरह की गणना छोटे चित्त (सञ्कुचित मन) वाले लोग करते हैं। उदार हृदय वाले लोगों के लिए तो (सम्पूर्ण) धरती ही परिवार है।

हत्यारे गिरफ्त में : सिलावटों का वास में हुए हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस ने दबोचा, इसरथुनी के जंगलों में छिपे थे

चाकू मारने वाला एक आरोपी नाबालिग, भागने के दौरान गिरकर हुआ घायल पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। बुधवार शाम शहर के माणकचौक थाना अंतर्गत सिलावटों का वास हरिजन बस्ती में रहने वाले प्रवीण उर्फ पप्पू (23) पिता सुनील रानवे की चाकू घोंपकर हत्या का मामला सामने आया था। जिसके बाद पुलिस ने फरियादी साहील पिता संजय रानवे निवासी शनि मंदिर के पास हरिजन बस्ती की रिपोर्ट पर विकास उर्फ विक्या पिता मंगल गोयर, अनिकेत उर्फ तोतू पिता मंगल गोयर, आदित्य पिता संजय मेहरोलिया तीनों निवासी सिलावटों का वास हरिजन बस्ती, आशु चावरे निवासी इंदौर व एक आरोपी नाबालिग के खिलाफ धारा 147, 148, 302 भादवि के तहत केस दर्ज किया था। 36 घंटो के भीतर पुलिस ने हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर सभी आरोपियों को इसरथुनी के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी पुलिस खंगाल रही है। हत्या में शामिल आरोपी पुलिस से बचने के लिए इसरथुनी के जंगलों की और छुपे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जंगलों में तलाशी ली। पुलिस से बचकर भागने के दौरान एक नाबालिग आरोपी खाई में जा गिरा जिससे उसके पैर में चोट आई है। पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपियों से हत्या में उपयोग किया गया चाकू व खून से सने कपड़े भी जप्ती में लिए है। जल्द ही पुलिस इस घटनाक्रम का खुलासा करेगी। यह था पूरा घटनाक्रम मामला जानने के लिए नीचे लिंक पर करे क्लिक https://publicvarta.com/youth-killed-300-metres-away-from-bloodshed-falls-to-death-due-to-enmity/

खूनी खेल : रंजिश के चलते युवक को उतारा मौत के घाट, 300 मीटर दूर लहूलुहान होकर गिरा

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। बुधवार शाम 7 बजे करीब एक युवक को बदमाशों ने चाकू या किसी नुकीले हथियार को घोंपकर मौत के घाट उतार दिया। घटना शहर के बाजना बस स्टैंड क्षेत्र की है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। घटना में सिलावटों का वास हरिजन बस्ती निवासी प्रवीण उर्फ पप्पू पिता सुनील रानवे उम्र 23 वर्ष की मृत्यु हुई है। मृतक सफाईकर्मी था। मृतक प्रवीण परिवार में इकलौता था। मिली जानकारी के अनुसार मृतक प्रवीण उर्फ पप्पू को लहूलुहान हालत में रिक्शे में डालकर जिला चिकित्सालय ले जाया गया। परिजनों ने बताया की आरोपियों से सैलाना की एक शादी में विवाद के बाद से पुरानी रंजिश थी। जिसके चलते 15 दिन पहले मोहल्ले में विवाद भी हुआ था। आज प्रवीण को कुछ युवकों ने घेरकर हरिजन मोहल्ले में स्थित एक घर के सामने हमला कर दिया। वो भागकर 300 मीटर दूर वीर सावरकर मार्केट तक गया और गिर गया। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी के बाद एडीशनल एसपी राकेश खाखा, टीआई माणकचौक रंजीत सिंगार सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच की। खबर लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही थी। परिजनों ने विकास, रितेश, आशु, आदित्य, अनिकेत सहित अन्य युवकों पर आरोप घटना में शामिल होने के आरोप लगाए है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच व आरोपियों की तलाश में जुटी है।

0%