एक पेड़ मां के नामः  रतलाम के 22 थाने मिलकर करेंगे 1 हजार पौधारोपण, पुलिस अधिकारीयों ने लाईन में 200 पौधे लगाकर की शुरूआत

 बच्चे भावुक और मासूम, बच्चों से कहे उनकी मम्मी के नाम से पौधा लगाए, फिर देखिए उनकी सुरक्षा – एसपी राहुल लोढ़ा पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत रतलाम पुलिस ने 200 पौधे लगाकर अभियान में सहभागिता की। जिले के सभी 22 थाने मिलकर कुल 1 हजार पौधो को लगाएंगे। गुरूवार को पुलिस लाईन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें एसपी राहुल लोढ़ा, एएसपी राकेश खाखा, फोरेंसिक ऑफिसर डॉ. अतुल मित्तल, सीएसपी अभिनव बारंगे, एसडीओपी अभिलाष भलावी, डीएसपी अनिल राय, आरआई मोहन भर्रावत सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।  पौधारोपण के दौरान एसपी राहुल लोढा ने कहा की जिस तरह से मौसम में हो रहे परिवर्तन के कारण हमें अभी इतनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तो भविष्य में क्या हाल होंगे। इस पर विचार करते हुए हमें अच्छी वर्षा और भीषण गर्मी से बचाव के लिए पौधे लगाकर उनके वृक्ष हो जाने तक देखभाल करनी होगी। कोशिश करें की हमारे बच्चे इस अभियान से जुड़े और पौधारोपण करे। बच्चे मासूम होने के साथ ही भावनात्मक रूप से सोचते है। बच्चे अपनी मां से बहुत प्यार करते है। उनसे उनकी मम्मी के नाम पर पौधा लगवाकर देखिए फिर देखना एक – एक पत्ती की रक्षा वे कैसे करते है।  

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवसः ABVP के 75वें स्थापना दिवस पर युवा संगम, क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखाडिया होंगे शामिल

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपना 75वां स्थापना दिवस 9 जुलाई को देशभर में मनाने जा रहा है। रतलाम में भी इसको लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी है। जिले में परिषद युवा संगम का आयोजन करने जा रहा है। आपको बता दे की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ा एक अखिल भारतीय छात्र संगठन है। यह 30 लाख से अधिक सदस्यों के साथ भारत के सबसे बड़े छात्र संगठनों में से एक है। आरएसएस कार्यकर्ता बलराज मधोक की पहल पर 1948 में स्थापित एबीवीपी को औपचारिक रूप से 9 जुलाई 1949 को पंजीकृत किया गया था। इसकी स्थापना का उद्देश्य विश्वविद्यालयों में बढ़ती राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को रोकना और छात्रों में राष्ट्रहित जाग्रत करना था। विद्यार्थी परिषद के रतलाम जिला संगठन मंत्री विनोद सिरोही ने बताया की रंगोली गार्डन में दोपहर 2 बजे कार्यक्रम शुरू होगा। जिसमें मध्यक्षेत्र – क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखाडिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। सुखाड़िया विद्यार्थी परिषद की स्थापना और उसके मूल उद्देश्य के विषय में उद्बोधन देंगे। साथ ही विद्यार्थी परिषद की गतिविधियों व कार्यों के बारे में बताएंगे। इस दिन को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के रूप में आ रहे है। जिले के सभी  स्कूल व कॉलेज को आमंत्रित किया है। सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों से युवा संगम को सफल बनाने का आग्रह है।          

कठघरे में यात्री सुविधाः तब बेडरोल और चादर नहीं दिया तो बिगड़ी तबीयत, अब रेलवे को देना होगा 10 हजार रुपये का मुआवजा

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भारतीय रेल प्रशासन यात्री सुविधा के चाहे कितने ही दावे करता हो लेकिन हकीकत कुछ और ही है। ऐसा ही एक मामला पश्चिम रेलवे के रतलाम रेल मंडल का सामने आया है। जहां एक यात्री ने रेल में सफर के दौरान अटेंडर से बेडरोल, चादर व तकिया मांगा लेकिन उसे नहीं दिया गया। इसकी शिकायत उसने टीसी व रेलवे के हेल्पलाईन पर भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद यात्री ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग में परिवाद दायर किया। परिवाद पश्चिम रेलवे के रतलाम और अहमदबाद मंडल के प्रबंधक यानी डीआरएम के खिलाफ दायर किया गया था। जिस पर आयोग ने परिवादी को 10 हजार रुपये का मुआवजा और 2 हजार रुपये परिवाद व्यय 1 महिने में देने का आदेश जारी किया। 3 जुलाई बुधवार को आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार तिवारी व सदस्य श्रीमती जयमाला संघवी ने तथ्यों के आधार पर परिवादी के पक्ष में यह फेसला सुनाया। 17 माह बाद आए परिवाद के फेसले ने रेलवे के यात्री सुविधाओं की तमाम बातों और कोशिशो को शिगुफा साबित कर दिया है।   परिवादी मंथन मुसले ने बताया में अपने मित्रों के साथ रतलाम से पालीताना तीर्थ यात्रा पर गया था। दिनांक 2 जनवरी 2023 को अहमदाबाद से रतलाम लोटने के लिए ट्रेन संख्या 20935 गांधीधाम-इंदौर सुपरफास्ट के थर्ड एसी में कंफर्म टिकट लिया। यात्रा के दौरान मिलने वाले बेडशीट, तकिया व चादर अटेंडर से मांगने पर भी उसने नहीं दी। ट्रेन में मौजूद टीसी को शिकायत की गई लेकीन कोई निराकरण नहीं हुआ। टीसी के कहने पर रेल हेल्पलाईन नंबर 139 पर कॉल किया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। रेलवे के गैरजिम्मेदाराना रवैये के कारण सर्दी का मौसम होने से मेरी तबीयत भी बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। रेलवे में पसरी अव्यवस्था के खिलाफ 18 जनवरी 2023 को उपभोक्ता फोरम में परिवाद दायर किया था। पब्लिक वार्ता ने डीआरएम रजनीश कुमार से जब पक्ष जानना तो उन्होने ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं होने का हवाला देते हुए अनभिज्ञता जाहिर की।

सेवा, समर्पण और राजनीति : पहले विधायकी और अब मंत्री की सुख सुविधा जनता को समर्पित, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप का फैसला

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश की रतलाम शहर विधानसभा से विधायक और कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप एक बार फिर सुर्खियों में है। अपनी तीसरी बार की विधायकी के शपथ के दौरान ही उन्होंने शासन से मिलने वाली सुविधाओं को त्यागने का एलान कर दिया था। इससे पहले भी दो बार का उनका कार्यकाल बगैर शासन की सुख सुविधाओं व वेतन भत्तो का लाभ लिए पूरा हुआ है। गुरुवार को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने विधानसभा में शून्य काल के दौरान विशेष वक्तव्य के जरिये मंत्री के रूप में उन्हें निजी तौर पर मिलने वाले वेतन और भत्तों के राज्य कोष में समर्पण की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का सदन ने मेजें थपथपाकर स्वागत किया।  मंत्री काश्यप ने कहा कि राष्ट्र सेवा, समाज सेवा और जन सेवा करना ही उनके जीवन का ध्येय है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिये वह राजनीति में आये हैं। किशोरावस्था से ही समाज सेवा के कार्यों में अग्रसर हैं। कई सेवा प्रकल्पों का संचालन भी कर रहें हैं। ईश्वर ने उन्हें इस योग्य और सक्षम बनाया है कि जन सेवा में किंचित अवदान कर पा रहे है। मंत्री के रूप में निजी तौर पर मिलने वाले वेतन भत्तों की राशि का राजकोष से ही आहरण नहीं किये जाने की घोषणा की है, ताकि उस राशि का सदुपयोग प्रदेश के विकास एवं जनहित के कार्यों में हो सके।

हिंदू विरोधी बयान! : दूसरे दिन विहीप – बजरंगदल ने फूंका राहुल गांधी का पुतला, संसद की सदस्यता समाप्त करने की मांग

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भारतीय संसद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हिंदू हिंसा करते है वाले बयान को लेकर रतलाम में लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। पहले दिन यानी मंगलवार को भाजयुमो ने जमकर नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला फूंका था। अगले दिन बुधवार दोपहर विश्व हिंदू परिषद – बजरंग दल ने कलेक्टोरेट के बाहर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पुतले को चप्पलों से पीटा जिसके बाद उसे आग के हवाले कर दिया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए विपक्षी नेता राहुल गांधी की संसद में सदस्यता समाप्त करने की मांग की। पदाधकारियों का कहना था कि लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन में नेता प्रतिपक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर रहकर राहुल गांधी ने अपनी पार्टी और उसकी विचार धारा को दर्शाते हुए हिंदू विरोधी बयान दिया है। जिससे हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची। विश्वहिंदू परिषद बजरंग दल मालवा प्रांत इसकी घोर निंदा करता है। पुतला दहन के दौरान पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन मंत्री सुखदेव पांचाल, जिला अध्यक्ष दीपक व्यास, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला उपाध्यक्ष रवि निंदाने, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला सह मंत्री अक्षय गोमो, बजरंगदल जिला सयोंजक मुकेश व्यास, सह संयोजक आशु टाक, मठ मंदिर प्रमुख मोंटी जायसवाल, प्रचार प्रमुख रिक्की सेन, अखाड़ा प्रमुख लखन वर्मा, साप्ताहिक मिलन प्रमुख सुनील राठौड़, विद्यार्थी प्रमुख कृष्णा भामा, सेवा प्रमुख अनिल रोतेला, सहित प्रखण्ड, जिला और विभाग के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

धन्यवाद मंत्री जी : कॉलेज के अस्थाई कर्मी अब हुए स्थाई कर्मी, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप का किया स्वागत

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में कार्यरत अस्थाई कर्मियों द्वारा लंबे समय से खुद को स्थाई करने की मांग की जा रही थी। इसको लेकर शहर विधायक व कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप से कॉलेज के कर्मियों ने निवेदन किया था। जिस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री काश्यप ने उन्हें जल्द ही स्थाई करने को लेकर आश्वस्त किया था। जिसके बाद अब उन्हें शासन द्वारा स्थाई कर्मी बना दिया गया है। अपनी मांग पूरी होने के बाद कॉलेज के सभी कर्मियों ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप का स्वागत कर उनके प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंदानी सहित नियुक्त हुए समस्त स्थाई कर्मी उपस्थित रहे। करमचंदानी ने बताया कि स्थाई कर्मी बने सभी कर्मचारी बीते कई वर्षों से अस्थाई रूप से महाविद्यालय में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे है। उनके द्वारा स्थाई कर्मी के रूप में नियुक्ति की लंबे समय से मांग की जा रही थी। इस संबंध में मंत्री काश्यप के समक्ष भी अपनी मांग रखी गई थी। जनभागीदारी समिति अध्यक्ष के रूप में उनके द्वारा भी पत्र लिखा गया था, जिसके परिपालन में शासन के साथ संबंधित विभाग द्वारा उक्त आदेश दिया गया। अस्थाई से स्थाई कर्मी बनने से सभी में हर्ष व्याप्त है।

प्रतिभा सम्मान समारोह : गुर्जर गौरव कल्याण परिषद का सातवां राज्य स्तरीय आयोजन, 100 से अधिक विद्यार्थी हुए सम्मानित

पब्लिक वार्ता – इंदौर,जयदीप गुर्जर। गुर्जर समाज की सेवाभावी संस्था गुर्जर गौरव कल्याण परिषद ने सातवां राज्य स्तरीय प्रतिभा सम्मान एवं छात्रवृति वितरण समारोह का आयोजन किया। यह आयोजन इंदौर के जीएसआईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागृह में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्वालियर, भिंड , मुरैना , देवास, जबलपुर, भोपाल, शिवपुरी, उज्जैन, शाजापुर, हरदा, होशंगाबाद, खरगोन, खण्डवा, नीमच, मंदसौर सहित पुरे मध्यप्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इसमें गुर्जर समाज के वे विद्यार्थी शामिल हुए जिन्होंने यूपीएससी, एमपीपीएससी, राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, हाई सेकंडरी व हाई स्कूल आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गुर्जर गौरव कल्याण परिषद के एएसआई अशोक गुर्जर ने बताया परिषद द्वारा कार्यक्रम के माध्यम से 100 से अधिक प्रतिभावान समाज के युवक व युवतियों का सम्मान किया गया। 19 मई 2024 को माउंट एवरेस्ट पर फतह करने वाली देश की सबसे उम्र दराज महिला श्रीमति ज्योति रात्रे जी का भी विशेष सम्मान किया गया। संस्था द्वारा प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली 13 छात्र/छात्राओं  को छात्रवृति भी दी गई। संस्था 2016 से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर काम कर ऑनलाइन वेबिनार व ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर केरियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रधान आयकर महानिदेशक(दिल्ली) श्रीमति सुनीता बैसला ने कहा की प्रतिभा के दम पर बच्चे मेहनत कर के अपने सपनों को पूरा करे और राष्ट्र की मुख्य धारा में प्रवेश करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपने भूमिका निभाए। कार्यक्रम को विशेष अतिथि एसपी ग्वालियर श्रीमति सुमन गुर्जर, इंदौर सायबर एसपी जितेंद्र सिंह, मंदसौर वन मंडलाधिकारी संजय रायखेरे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में आए विनर्स अकादमी के आदित्य पटेल, अन एकेडमी के सुदर्शन गुर्जर ने भी समाज के युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए गाइड किया। कार्यक्रम में दिल्ली के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर अमर चौधरी ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर संस्था द्वारा प्रकाशित द्वितीय न्यूज़ लेटर का विमोचन भी किया गया। आयोजन में गुर्जर गौरव कल्याण परिषद के पदाधिकारी व आयोजन समिति के प्रोफेसर डॉ. आरसी गुर्जर, शैलेन्द्र कामर, किशोर गुर्जर, गोकुल गुर्जर, अमित गुर्जर, शबाबूलाल सिंगल, सुरेंद्र गुर्जर, राजेश पटेल, आशीष गुर्जर, राहुल गुर्जर मौजूद रहे।

नालों पर पक्का अतिक्रमण : तेज बारिश के बाद घुसा था घरों में पानी, निगम ने चलाया बुल्डोजर

नाले पर बना था नाहर पब्लिक स्कूल का मेन गेट, कबाड़ की दुकाने भी हटाई पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। नगर में हुई तेज बारिश से शहर के संत रविदास चौक करमदी रोड पर घरो में पानी जा घुसा था। जिसके बाद आक्रोशित रहवासियों ने अवैध अतिक्रमण को लेकर कलेक्टर व निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। जिसके बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची। यहां लोगों ने नाले पर अवैध रूप से पक्की दुकाने बनाई हुई थी। वहीं एक निजी स्कूल नाहर पब्लिक स्कूल का मेन गेट अवैध रूप से नाले पर बना मिला। कार्रवाई से बौखलाए स्कूल संचालक व प्राचार्य नीलेश नाहर की निगम अधिकारियों से बहसबाजी भी हुई। मौके पर स्कूल संचालक नीलेश नाहर अधिकारियों को कोई दस्तावेज भी नहीं दिखा पाया। आखिरकार निगम ने नाले पर बना अवैध गेट बुल्डोजर से तोड़ दिया। शाम 6 बजे शुरू हुई कार्रवाई रात 10 बजे तक जारी रही। इस दौरान रहवासियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी की और चक्काजाम कर दिया। माणक चौक थाना प्रभारी रणजीत सिंगार बल सहित मौके पर पहुंचे और रहवासियों को आश्वस्त करने के बाद जाम खुलवाया। निगम की कार्रवाई के दौरान सिटी इंजीनियर जीके जायसवाल, सब इंजीनियर राजेश पाटीदार, शिवम गुप्ता, स्वास्थ्य अधिकारी एपी सिंह आदि मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट द्वारा अतिक्रमण हटाने को लेकर निर्देश दिए गए। आदेश मिलने के तुरंत बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। निगम टीम ने नाले पर बनी 5 पक्की दुकाने हटाई। साथ ही निजी स्कूल का पक्का निर्माण किया हुआ गेट भी हटाया। रहवासियों के अनुसार 20 सालों से स्कूल संचालक ने नाले के गेट के अलावा 25 फिट अंदर तक अवैध कब्जा किया हुआ है। राजनीतिक पहुंच के चलते स्कूल पर कोई कार्रवाई नहीं होती। अतिक्रमण को लेकर संचालक नीलेश नाहर से जब सवाल किया तो उन्होंने सवालों से बचते हुए कहा की दस्तावेज प्रशासन को बताएंगे। कार्रवाई के दौरान संचालक नाहर ने खूब फोन घनघनाएं लेकिन कहीं बात नहीं बनी। गौरतलब है की शहर में इसके अलावा भी कई निजी स्कूल व नागरिकों ने नालों पर अवैध अतिक्रमण कर रखा है। अधिकारियों के अनुसार निगम की अवैध नालों पर से अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

नवीन नियुक्ति : रतलाम के नए शहर काजी सैय्यद आसिफ अली का हुआ स्वागत, मुश्ताक अली होंगे नायब काजी

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। ईद उल-अज़हा (बकरीद) के मौके पर मुस्लिम समुदाय के नए शहर काजी की नियुक्ति की गई। साथ ही नायब काजी की भी नियुक्ति की गई। यह नियुक्ति काजी परिवार की एक बैठक के बाद सभी सदस्यों की अनुसंशा पर हुई। आपको बता दे मुस्लिम समुदाय में काजी पद एक अहम भूमिका रखता है। काजी द्वारा मुसलमानी धर्म के अनुसार धर्म-अधर्म संबंधी विवादों का निर्णय किया जाता है। इसके अलावा ईद की नमाज, चांद का ऐलान, निकाह करवाने जैसे सभी मुख्य काम काजी द्वारा पूरे किए जाते है। 12 साल से सैय्यद एहमद अली रतलाम शहर काजी का दायित्व संभाल रहे थे। शहर काजी के पद पर अपनी नियुक्ति के बाद सैय्यद आसिफ अली ने बताया की मुझसे पूर्व में सैय्यद एहमद अली साहब शहर काजी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके खराब स्वास्थ व बढ़ती उम्र के कारण नमाज अदायगी, निकाह पढ़ने जैसे जकात के कार्य नहीं हो पा रहे थे। जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने काजी हॉउस में आम बैठक रखी और सर्वसम्मति से शहर काजी व नायब काजी के नाम की घोषणा की गई। इस महत्वपूर्ण दायित्व के मिलने के बाद मुस्लिम समुदाय के हित में जो भी कार्य या फैसले होंगे उन्हें ईमानदारी से पूरा करेंगे। सैय्यद आसिफ अली की नवीन शहर काजी के रूप में नियुक्ति होने के बाद सभी ने शुभकामनाएं प्रेषित की। रतलाम में शहर काजी की नियुक्ति रियासतकालीन समय से काजी परिवार के सभी सदस्यों की सहमति से होती आ रही है। काजी की नियुक्ति से पहले सभी परिवार के लोग बैठक आयोजित करते है। जिसमें सभी की सहमति से एक नाम का चयन किया जाता है।

जावरा UPDATE : मंदिर में गोवंश का कटा सिर फेंकने के मामले में 2 और गिरफ्तार, रासुका लगाकर निकाला जुलूस

गोवंश के बचे अवशेष को तलाशने में जुटी पुलिस, पुलिस ने जारी की सोशल मीडिया एडवाइजरी पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जावरा के शिव मंदिर जागनाथ महादेव में गोवंश का कटा सिर फेंकने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने देर रात जावरा के नौशाद उर्फ हनुमार (40) पिता भुरे खां कुरैशी निवासी जूना कबाड़ा और शाहरुख (25) पिता अब्दुल सत्तार निवासी अरब साहब कॉलोनी को गिरफ्तार किया। शुक्रवार सुबह घटना सामने आने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो चुकी थी। जिसके बाद पुलिस ने आनन फानन में कटा सिर फेंकने वाले दो आरोपी सलमान और शाकिर को सुबह ही गिरफ्तार कर लिया था। इन दोनों पर गोवंश का कटा सिर फेंकने का आरोप है। वहीं आज गिरफ्तार नोशाद और शाहरुख द्वारा गोवंश काटने की भूमिका बताई जा रही है। शनिवार को आरोपियों का जुलूस पुलिस ने निकाला। एएसपी राकेश खाखा ने बताया चारों आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका NSA) की कार्रवाई की। चारों आरोपियों को उज्जैन के भेरूगढ़ स्थित सेंट्रल जेल भेज दिया गया। आरोपी नौशाद पर पहले से 28 केस दर्ज हैं। एक बार जिला बदर भी रह चुका है। बाकी के तीनों आरोपियों की पहले से कोई क्रिमिनल हिस्ट्री नहीं मिली है। सलमान गैरेज पर काम करता है। शाकिर कुछ नहीं करता है। गोवंश कहां काटा गया था उसके अवशेष कहां फेंके गए इस सब पर पुलिस पूछताछ करके छानबीन कर रही है। इसके पीछे किसी साजिश की आशंका है। पुलिस सभी तथ्यों पर गहनता से जांच में जुटी है। शहर में आगामी त्यौहार को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री को लेकर एडवाइजरी जारी की गई। अगर कोई भी नियमों का उलंघन करता है तो उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी। पूरा मामला जानने के लिए पढ़िए पूरी खबर

0%