MP News: छात्रों ने AI से लिखे उत्तर, कॉपी के आखिर में छोड़ गए ‘लिंक पर क्लिक करें’

MP News: सागर विश्वविद्यालय में उत्तरपुस्तिकाओं की जांच के दौरान ChatGPT से सामूहिक नकल का मामला सामने आया। जांच शुरू, संबंधित कॉलेज के सभी परीक्षा परिणाम फिलहाल रोक दिए गए हैं। भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते उपयोग के बीच मध्य प्रदेश के सागर से एक गंभीर मामला सामने आया है। डॉ. हरी सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय की परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान उत्तरपुस्तिकाओं में ऐसे संकेत मिले, जिनसे ChatGPT की मदद से सामूहिक नकल किए जाने का संदेह पैदा हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने छिंदवाड़ा जिले के सौंसर स्थित एक निजी कॉलेज के सभी परीक्षा परिणाम फिलहाल रोक दिए हैं। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। यदि शुरुआती जांच में सामने आए संकेत सही साबित होते हैं तो यह विश्वविद्यालय परीक्षाओं में AI के कथित दुरुपयोग का प्रदेश के चर्चित मामलों में से एक माना जा सकता है। उत्तरपुस्तिका में मिला संदिग्ध संदेश, यहीं से शुरू हुई जांच जानकारी के अनुसार, मई में विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध 17 कॉलेजों में स्नातक द्वितीय, चतुर्थ और षष्ठम सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित हुई थीं। केंद्रीय मूल्यांकन के दौरान अर्थशास्त्र विषय की एक उत्तरपुस्तिका में परीक्षक की नजर उत्तर के अंत में लिखे एक असामान्य संदेश पर पड़ी। उत्तर के नीचे “वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें” जैसा उल्लेख लिखा हुआ था। परीक्षा की उत्तरपुस्तिका में इस तरह का संदेश मिलने पर परीक्षक ने तत्काल परीक्षा नियंत्रक को इसकी जानकारी दी। तीन विषयों की कॉपियों में मिले एक जैसे उत्तर शुरुआती जांच के बाद संबंधित कॉलेज की अन्य उत्तरपुस्तिकाओं की भी जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के उत्तर काफी हद तक एक जैसे हैं। विश्वविद्यालय को प्राथमिक स्तर पर यह संदेह हुआ कि कई उत्तर ChatGPT या अन्य AI टूल की मदद से तैयार किए गए हो सकते हैं। यह समानता केवल एक विषय तक सीमित नहीं रही, बल्कि तीन अलग-अलग विषयों की उत्तरपुस्तिकाओं में भी ऐसे संकेत मिले। पूरे कॉलेज के परीक्षा परिणाम पर लगी रोक मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सतपुड़ा कॉलेज ऑफ इंफॉर्मेशन एंड बायोटेक्नोलॉजी, सौंसर (छिंदवाड़ा) के सभी परीक्षा परिणाम फिलहाल रोक दिए हैं। दूसरी ओर, विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध अन्य महाविद्यालयों के परिणाम पहले ही घोषित किए जा चुके हैं। जांच समिति करेगी अंतिम फैसला विश्वविद्यालय के मीडिया अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल के अनुसार, संबंधित कॉलेज प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है। पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। समिति अपनी रिपोर्ट सौंपने के बाद यह तय करेगी कि मामले में क्या कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर दोबारा परीक्षा आयोजित कराने सहित अन्य अनुशासनात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं। एक नजर में पूरा मामला महत्वपूर्ण जानकारी

Ratlam Trophy 2025: एमपी फोर्स ने जीती रतलाम ट्रॉफी, विजेता टीम को मिला एक लाख का पुरस्कार  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam Trophy 2025: अक्षय संघवी मित्र मंडल के तत्वावधान में दो बत्ती स्थित पोलो ग्राउंड में आयोजित रतलाम ट्रॉफी 2025 के रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शनिवार रात खेला गया। फाइनल मैच में एमपी फोर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंबर क्रिकेट क्लब को हराकर खिताब अपने नाम किया।   एमपी फोर्स बनी चैंपियन, अंबर उपविजेता   फाइनल मुकाबले में अंबर क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमपी फोर्स ने 125 रन बनाए और अंबर को जीत के लिए 126 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए अंबर की टीम 9 विकेट के नुकसान पर केवल 51 रन ही बना सकी और एमपी फोर्स ने शानदार जीत दर्ज की। भींडर ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 51 रन बनाए।   विजेता और उपविजेता टीम को नगद पुरस्कार   फाइनल मुकाबले में विजेता एमपी फोर्स को 1 लाख रुपये का नगद पुरस्कार और चमचमाती ट्रॉफी दी गई, जबकि उपविजेता अंबर टीम को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई।   पुरस्कारों की झड़ी   – मैन ऑफ द सीरीज योगेश पाल, जिन्हें पुरस्कार में स्कूटी दी गई।   – मैन ऑफ द मैच भींडर, जिन्हें एंड्रॉयड फोन मिला।   – 30 खिलाड़ियों को एलईडी प्रदान की गई।   मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह   फाइनल मुकाबले में कैबिनेट मंत्री एवं रतलाम शहर विधायक चैतन्य काश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में सुशील संघवी, अशोक जैन लाला, अक्षय संघवी सहित मित्र मंडल ने सभी अतिथियों का मोतियों की माला और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।    मंत्री चैतन्य काश्यप ने खेल को बढ़ावा देने पर दिया जोर   मंत्री चैतन्य काश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि रतलाम के युवा खेलों में नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं और ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजकों से अनुरोध किया कि अगली बार टीमों में अंडर-19 के दो खिलाड़ियों को शामिल किया जाए, जिससे युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिले।   आयोजन समिति और अन्य गणमान्यजन रहे उपस्थित   कार्यक्रम में अक्षय संघवी, प्रदीप उपाध्याय, हितेश बरमेचा, ओम जाट, पियूष कप्तान, विकल्प सांखला, सुमित सकलेचा, वसीम खान, शिवम मुणत, अंकित कटारिया, ऋषभ जैन सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। स्कोरर सिमर और किशन सोनी थे, जबकि योगेंद्र जादौन, निलेश शर्मा और गोविंद मालवीय ने कमेंट्री की।   पोलो ग्राउंड में दूधिया रोशनी के बीच बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन हितेश बरमेचा ने किया और आभार अक्षय संघवी ने व्यक्त किया।  

Ratlam News : नगर निगम की फायर ब्रिगेड से हो रही थी सड़क की सफाई, किसी ने वायरल कर दिया वीडियो, जानिए क्या है पूरा मामला

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News : गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर नगर निगम की फायर लॉरी का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो संत रविदास चौक (करमदी रोड) का है। जिसमें नगर निगम की फायर लॉरी व कर्मचारियों पर निजी ठेकेदार के लिए काम करने का आरोप लगाया जा रहा है। वीडियो में कहा जा रहा है कि नगर निगम की फायर लारी से सड़क पर बने डिवाइडर की तरी की जा रही है, जबकी यह सड़क निजी ठेकेदार द्वारा बनाई गई है। वीडियो पर लोग तरह – तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहै है। इस मामले में पब्लिक वार्ता ने जब पड़ताल की तो मामला कुछ और ही निकला। संत रविदास चौक से करमदी तक सड़क निर्माण का काम पीडब्ल्युडी का है। जिसे प्राइवेट फर्म रामेश कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बनाया जा रहा है। क्षेत्र के भाजपा पार्षद अक्षय संघवी ने बताया की फायर लॉरी का उपयोग किसी निजी ठेकेदार के द्वारा नहीं किया जा रहा था। वहां सड़कों की साफ – सफाई के लिए बुलाया गया था।नागरिकों ने शिकायत की थी की दिवाली का त्योहार है आसपास बहुत धूल हो रही है। इसलिए उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फायर लॉरी व मशीन इसलिए भेजी गई थी। किसी ने गलत जानकारी देकर वीडियो वायरल कर दिया। मामले में कंस्ट्रक्शन कंपनी के रुपेश पिरोदिया से संपर्क करना चाहा लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वीडियो के बाद जारी किए निर्देशहालांकी वीडियो के वायरल होने के बाद पीडब्ल्युडी के कार्यपालन यंत्री अनुराग सिंह ने कांट्रेक्टर रूपेश पिरोदिया से जवाब मांगा है। उन्होंने बताया की आगे भविष्य में इस प्रकार से कोई काम ना हो, इसके लिए जिले के सभी एसडीओ व कांट्रेक्टर को दिशा निर्देश जारी किए है। यदी ऐसा कोई कार्य पाया जाता है तो संबंधित फर्म व कांट्रेक्टर पर उचित वैधानिक कार्रवाई होगी।

वायरल..राम आएंगेः महिला पुलिसकर्मी ने गाया दिल छू लेने वाला भजन, तेजी से वायरल हो रहा विडीयो

पब्लिक वार्ता-रतलाम,जयदीप गुर्जर। 22 जनवरी को होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा से पहले पूरा देश राममय माहौल में ढल चुका है। जगह-जगह आयोजन किए जा रहे है। इसी बीच मध्यप्रदेश के रतलाम का एक विडीयो सोशल मिडीया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक महिला पुलिसकर्मी प्रभु श्रीराम के भजन की सुन्दर प्रस्तुती दे रही है। यह विडीयो 16 जनवरी का है। जो की रतलाम सर्किल जेल के अंदर आयोजित कार्यक्रम के दौरान बनाया गया था। (देखिए भजन का वायरल विडीयो…) महिला पुलिसकर्मी का नाम पूजा सूर्यवंशी है। पूजा जिला जेल में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। 4 दिन बाद विडीयो के वायरल होने पर पूजा ने बताया की लोग भजन को पसंद कर रहे है, यह मेरे लिए खुशी की बात है। बगैर तैयारी के राम भजन अचानक गाया था। आपको बता दे की पूजा ने क्लासिकल गायन सिखा हुआ है। उनके गाए भजन राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी पर जेल में मौजूद हर शख्स मंत्रमुग्ध हो गया। डीआईजी मनोज सिंह ने पूजा को 500 रुपये के नगद पुरूस्कार से सम्मानित किया। दरअसल रतलाम के एक परिवार ने जेल में आरओ  वाटर सिस्टम लगवाया, जिसके शुभारंभ पर आयोजन रखा गया था। इस दौरान रतलाम रेंज डीआईजी मनोज सिंह, कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार, जेल अधीक्षक लक्ष्मणसिंह भदौरीया मौजूद थे। कार्यक्रम में जेल के बंदियों ने भी अपनी प्रस्तुती दी।

निगमकर्मी की पिटाई : अतिक्रमण हटाने गए राजस्व विभाग के लिपिक के साथ मारपीट, घायल ने करवाई पुलिस एफआईआर

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार के आदेश के बाद निगमकर्मी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में लगे है। इसी बीच नगर निगम की राजस्व टीम जब कॉलेज रोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची तो अतिक्रमण कर बैठे दुकानदार ने निगमकर्मी की ही पिटाई कर दी। जिससे निगमकर्मी के दाहिने हाथ में चोट भी पहुंची है। निगमकर्मी ने पुलिस में शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस के अनुसार राजस्व विभाग में लिपिक पवन पिता दिनेश सोलंकी निवासी स्टेशन रोड के साथ मारपीट की यह घटना हुई है। घायल पवन ने पुलिस को बताया की डिप्टी कमिश्नर विकास सोलंकी के आदेश के बाद वह सहायक राजस्व निरीक्षक सुनील कपूर के साथ नगर निगम व कॉलेज रोड पर अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचे। आरोग्यम हॉस्पिटल के सामने चश्मे की दुकान लगाने वाले मुन्ना को जब हटाने के लिए कहा गया तो उसने बोला में नहीं हटाऊंगा और मां बहन की नंगी गालियां देने लगा। उसे मना करने पर उसने किसी धारधार वस्तु से हमला कर दिया जिससे दाहिने हाथ पर चोट पहुंची। थाना स्टेशन रोड पुलिस ने निगमकर्मी पवन की शिकायत पर आरोपी मुन्ना निवासी मोचिपुरा के खिलाफ आईपीसी की धारा 353, 332,323 व 294 में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

0%