MP News: चिठ्ठी लिखकर 50 हजार तक का इनाम व विदेश जाने का मौका, उसके लिए लेना होगा डाकघर की इस प्रतियोगिता में भाग

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: भारतीय डाक विभाग द्वारा 09 से 15 वर्ष की आयु के छात्र-छात्राओं के लिए अंतर्राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय है –   कल्पना करो कि तुम महासागर हो। किसी को यह पत्र लिखो, जिसमें यह समझाओ कि वे तुम्हारी अच्छी देखभाल क्यों और कैसे करें।   “Imagine you are the ocean. Write a letter to someone explaining why and how they should take good care of you.” प्रतियोगिता संभागीय स्तर पर रतलाम प्रधान डाकघर में 16 मार्च 2025 रविवार को सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें भाग लेने के इच्छुक छात्र-छात्राएं 10 मार्च 2025 तक अपना आवेदन अधीक्षक डाकघर, रतलाम संभाग, रतलाम 457001 के पते पर भेज सकते हैं।   प्रतिभागी अंग्रेजी अथवा हिंदी भाषा में पत्र लेखन कर सकते हैं। प्रतियोगिता के विभिन्न स्तरों पर विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।   मध्यप्रदेश परिमंडल स्तर पर प्रथम पुरस्कार 25,000 रुपये और प्रमाण पत्र, द्वितीय पुरस्कार 10,000 रुपये और प्रमाण पत्र तथा तृतीय पुरस्कार 5,000 रुपये और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।   राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार 50,000 रुपये और प्रमाण पत्र, द्वितीय पुरस्कार 25,000 रुपये और प्रमाण पत्र तथा तृतीय पुरस्कार 10,000 रुपये और प्रमाण पत्र दिया जाएगा।   अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन विजेता प्रविष्टियों का चयन करेगा और सर्वोत्तम तीन प्रतिभागियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाण पत्र प्रदान करेगा। इसके अलावा, स्वर्ण पदक विजेता को स्विट्जरलैंड के बर्न स्थित वैश्विक डाक संघ मुख्यालय की यात्रा करने का अवसर या एक वैकल्पिक पुरस्कार दिया जाएगा।   अधिक जानकारी के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं मोबाइल नंबर 9425972971 पर संपर्क कर सकते हैं या भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.indiapost.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।   यह प्रतियोगिता न केवल छात्रों की लेखन क्षमता को निखारने का अवसर देगी, बल्कि उन्हें पर्यावरण संरक्षण और महासागर की देखभाल के प्रति जागरूकता फैलाने का मंच भी प्रदान करेगी। साथ ही, स्विट्जरलैंड यात्रा जीतने का सुनहरा मौका भी मिलेगा।   यदि आप 09 से 15 वर्ष की आयु के बीच हैं, तो इस शानदार प्रतियोगिता का हिस्सा बनें और अपनी लेखनी से दुनिया को जागरूक करें।

Ratlam News: पटवारी संघ ने किया प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: प्रांतीय पटवारी संघ जिला रतलाम के पदाधिकारियों और सैलाना अनुभाग के पटवारियों ने बाजना तहसील कार्यालय में प्रदर्शन कर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। यह विरोध प्रदर्शन दो दिन पूर्व निलंबित किए गए पटवारी सुनील भगोरा की बहाली और तहसील की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किया गया।   पटवारी संघ ने उठाई बहाली की मांग   पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाटीदार ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र में पटवारियों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इनमें ग्रामीणों का पलायन, मोबाइल नेटवर्क की समस्या, किसानों की अशिक्षा और आधार कार्ड में मोबाइल नंबर न जुड़े होने जैसी परेशानियां शामिल हैं। इसके बावजूद पटवारी अपने नियमित कार्यों के साथ-साथ शासन की योजनाओं को सफल बनाने के लिए प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि सुनील भगोरा के निलंबन की कार्रवाई अधिकारियों के द्वेषपूर्ण व्यवहार को दर्शाती है, जो कि निंदनीय है। यदि तीन दिन के भीतर निलंबन समाप्त नहीं किया जाता, तो पटवारी संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।   संघटनों का मिला समर्थन   बाजना में हुए इस विरोध प्रदर्शन को अपाक्स और ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन का समर्थन मिला। पटवारी संघ के बैनर तले जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार टांक भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ पूरी तरह से पटवारी संघ के साथ खड़ा है और सुनील भगोरा के निलंबन के विरोध में हरसंभव सहयोग देगा।   पटवारियों ने जताई नाराजगी   संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष ध्रुवलाल निनामा ने कहा कि पटवारी हमेशा किसानों के हित में कार्य करता है और शासन की योजनाओं को क्रियान्वित करने में पूरी निष्ठा से जुटा रहता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी के साथ गलत व्यवहार होता है, तो संघ उसके समर्थन में खड़ा रहता है। ऐसे में जब एक छोटे कर्मचारी के साथ अन्याय हुआ है, तो उसका विरोध करना भी जरूरी है।   इस दौरान ज्ञापन का वाचन अशोक योगी द्वारा किया गया। विरोध प्रदर्शन में सैलाना अनुभाग के सभी पटवारी एवं तीनों तहसीलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।  

Ratlam News: रतलाम नगर निगम का बजट 2025-26 महापौर परिषद में पारित  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: महापौर प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में आयोजित महापौर परिषद की बैठक में नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय पत्रक (बजट) को सर्वसम्मति से पारित कर निगम परिषद में प्रस्तुत करने की स्वीकृति दी गई। बैठक में बजट में प्रस्तावित संशोधनों पर चर्चा कर आवश्यक संशोधन किए गए।    मुख्य निर्णय   1. वर्ष 2025-26 के लिए नगर निगम का बजट महापौर परिषद ने अनुमोदित कर निगम परिषद में रखने की स्वीकृति दी।   2. मुख्यमंत्री नगरीय अधोसंरचना योजना के तहत चांदनी चौक से बाजना बस स्टैंड (लक्कड़पीठा रोड) तक डामरीकृत फोरलेन सड़क निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।   3. कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार सभी कॉलोनियों को 6 परिक्षेत्रों में विभाजित कर संपत्तिकर की दरों में 10 प्रतिशत की वृद्धि को स्वीकृति दी गई।   4. सिविक सेंटर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे तरणताल को 10 वर्षों के लिए अनुबंध के आधार पर संचालित करने हेतु जारी ई-निविदा की पुष्टि की गई।   5. डीपीआर-3 बंजली में निर्मित एलआईजी फ्लैट्स के प्रथम आओ प्रथम पाओ आधार पर 6 फ्लैट अस्थाई रूप से आवंटित किए जाने की स्वीकृति दी गई।   6. टू और फोर व्हीलर के लिए शहर में पेड पार्किंग सुविधा लागू होगी।   7. अस्थाई खान-पान दुकानों से 6000 रुपये त्रैमासिक शुल्क लिया जाएगा।   8. फल विक्रेताओं से 50 रुपये, ठेला सब्जी व्यवसायियों से 30 रुपये तथा जमीन पर बैठकर सब्जी बेचने वालों से 10 रुपये प्रतिदिन शुल्क तय किया गया।   9. जनरल दलाली शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया।   महापौर परिषद के सदस्य रहे उपस्थित   बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल के साथ महापौर परिषद सदस्य भगतसिंह भदौरिया, पप्पू पुरोहित, श्रीमती अनिता कटारा, दिलीप गांधी, धर्मेंद्र व्यास, विशाल शर्मा, अक्षय संघवी, राजू सोनी, रामूभाई डाबी, सपना त्रिपाठी, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट समेत कई निगम अधिकारी उपस्थित रहे।  

MP News: विक्रमोत्सव 2025: न्यायप्रियता और आदर्शों की अमर गाथा

उज्जैन- पब्लिक। वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: सम्राट विक्रमादित्य की न्यायप्रियता, साहस और लोककल्याणकारी छवि आज भी समाज में प्रासंगिक बनी हुई है। विक्रमोत्सव 2025 के समापन समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में रतलाम के शास्त्री नगर निवासी एडवोकेट एवं पूर्व उप संचालक अभियोजन कैलाश व्यास ने कहा कि विक्रमादित्य का कार्यकाल ईसा की पहली शताब्दी का माना जाता है, फिर भी लगभग 2100 वर्षों बाद भी वे लोकमानस में न्यायप्रिय सम्राट और संरक्षक के रूप में स्थापित हैं।   व्यास ने बताया कि सम्राट विक्रमादित्य को अपने पूज्य भ्राता भृतहरि से राज्य की विरासत के साथ-साथ उच्च आदर्श भी मिले थे। भृतहरि ने कहा था कि न्यायविद एवं विद्वान की प्रशंसा हो या निंदा, वह सौ वर्ष जिए या तत्काल मृत्यु को प्राप्त हो, लेकिन उसे न्याय के मार्ग से कभी विचलित नहीं होना चाहिए।   उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान न्याय व्यवस्था में दंड का सुधारात्मक सिद्धांत, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता का अधिकार, महिलाओं एवं बच्चों के विशेष संरक्षण की अवधारणा उसी न्याय प्रणाली से प्रेरित प्रतीत होती है।   विक्रमोत्सव में न्यायविदों की गरिमामयी उपस्थिति   समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व जिला न्यायाधीश आर. एस. चुण्डावत ने विक्रमादित्य कालीन साहित्य और न्याय व्यवस्था पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में पूर्व जिला जज एस. सी. पाल, पूर्व जिला जज जे. सी. सुनहरे सहित कई विधि शोधार्थी और अभिभाषक उपस्थित रहे।   इस अवसर पर विक्रमोत्सव आयोजन समिति की ओर से कैलाश व्यास का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में विनोद शर्मा, दिनेश पंडिया, रवींद्रसिंह कुशवाह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समापन जिला विधिक सेवा अधिकारी चंद्रेश मंडलोई द्वारा आभार प्रकट करने के साथ हुआ।

Indore News: विश्व श्रवण दिवस पर नुक्कड़ नाटक से जागरूकता, स्पीकर और ईयरफोन के अधिक प्रयोग से सुनने की क्षमता पर खतरा

इंदौर- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Indore News: डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल परिसर में 3 मार्च 2025 को विश्व श्रवण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर डीन डॉ. अनीता मूथा के नेतृत्व में और नाक, कान, गला रोग विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार मौर्य तथा सहायक प्राध्यापक डॉ. पवन कुमार शर्मा, डॉ. लोकेश भालोट और डॉ. हिमानी नरेश सिंह के मार्गदर्शन में 2024 बैच के विद्यार्थियों ने एक जागरूकता नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।   इस नाटक के माध्यम से बताया गया कि तेज आवाज में स्पीकर और ईयरफोन के लगातार इस्तेमाल से किस तरह कम उम्र में ही लोगों की सुनने की क्षमता प्रभावित हो रही है। धीरे-धीरे यह आदत बहरेपन का कारण बन सकती है। नुक्कड़ नाटक के बाद नाक, कान, गला रोग विभाग के विशेषज्ञों ने मरीजों को इससे होने वाली समस्याओं और उनके समाधान के बारे में जानकारी दी।   ### सुनने की क्षमता को सुरक्षित रखने के लिए डॉक्टरों की सलाह   – तेज आवाज में ईयरफोन या स्पीकर का कम से कम उपयोग करें।   – लगातार ईयरफोन लगाने से बचें, हर 30 मिनट में ब्रेक लें।   – अगर सुनने में दिक्कत हो रही है तो तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं।   – स्वस्थ कानों के लिए नियमित जांच करवाएं और संतुलित आहार लें।   कम उम्र में ही सुनने की समस्या के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, ताकि लोग अपनी सुनने की क्षमता के प्रति जागरूक हों और तेज आवाज के दुष्प्रभावों से बच सकें।

Ratlam News: जीडी हॉस्पिटल का कारनामा; मरीज ने लगाया बंधक बनाने व वसूली का आरोप, अर्धनग्न हालत में  निकला बाहर, वीडियो वायरल  

पब्लिक वार्ता – रतलाम, न्यूज डेस्क। Ratlam News: रतलाम के जीडी हॉस्पिटल में इलाजरत एक घायल युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने जबरन उसे बंधक बनाकर रखा और परिजनों से मनमाने ढंग से अधिक पैसे मांगे। परेशान होकर युवक नाक और पेशाब की नलियां लगी हालत में ही अस्पताल के बाहर निकल आया और सड़क पर हंगामा कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।  80 फीट रोड पर जमा हुई भीड़, पुलिस पहुंची मौके पर   घटना सोमवार दोपहर की है जब 80 फीट रोड स्थित जीडी हॉस्पिटल के बाहर युवक को इस हालत में देखकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। घायल युवक बंटी निनामा, जो कि दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में मारपीट में घायल हुआ था, उसे पहले मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे जीडी हॉस्पिटल ले आए।   युवक का आरोप है कि अस्पताल में उसे जबरन बंधक बनाकर रखा गया और इलाज के नाम पर परिजनों से लगातार पैसे मांगे जा रहे थे। युवक के शोर मचाने और लोगों के वीडियो बनाने के दौरान वह साफ कहता नजर आया कि यहां कोई मत आना, यह लोग चोर हैं।   परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप   राहगीरों द्वारा बनाई गई वीडियो में घायल युवक के साथ मौजूद महिलाओं ने भी अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। परिजनों का आरोप था कि जीडी हॉस्पिटल अनावश्यक रूप से बिल बढ़ा रहा था और पैसे न देने पर मरीज को बंधक बना लिया गया।   सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक व उसके परिजनों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस ने युवक को कपड़ा ओढ़ाकर कुर्सी पर बैठाया और परिजनों को समझाइश दी कि पहले मरीज का इलाज करवाएं।   बिना जवाब दिए रहा हॉस्पिटल प्रशासन   मामले को लेकर जब जीडी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. लेखराज पाटीदार से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। हालांकि मामला गरमाते देख अस्पताल प्रशासन ने इस पूरे मामले में सफाई देते हुए कहा की आरोप झूठे है। मामले में हॉस्पिटल मैनेजर सन्नी वर्मा ने मीडिया को बताया की मरीज को आईसीयू में एडमिट किया था। दो घंटे तक भर्ती रहने के बाद वह हंगामा करने लगा। मेडिसिन समेत अन्य खर्च मिलाकर 8 हजार रुपए बिल बना था। जो भी आरोप वह लगा रहा है बेबुनियाद है। हमने मरीज के खिलाफ थाने में शिकायत की है। पुलिस ने दी समझाइश, अन्य अस्पताल ले गए परिजन   पुलिसकर्मियों ने युवक को मेडिकल कॉलेज वापस ले जाने की सलाह दी, लेकिन परिजन उसे किसी अन्य अस्पताल ले गए।   वीडियो वायरल, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल   इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रतलाम की निजी अस्पतालों की मनमानी एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। आमजन से लेकर प्रशासन तक इस मामले को लेकर चर्चाएं कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Ratlam News: रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कांबिंग गश्त में 134 वारंटी गिरफ्तार, अपराधियों में हड़कंप  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए रतलाम पुलिस ने बीती रात जिलेभर में व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में सभी अनुभागों में पुलिस टीमों ने गुंडे-बदमाशों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी और प्रभावी कार्रवाई की।   134 वारंटियों की गिरफ्तारी, ढाबों और होटलों की सघन जांच   कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 32 स्थायी वारंटी और 102 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया। साथ ही, हिस्ट्रीशीटर, निगरानी बदमाशों और जिलाबदर अपराधियों की भी जांच की गई। पुलिस ने शहर के प्रमुख ढाबों, होटलों और सार्वजनिक स्थलों पर छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की।   अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, लगातार जारी रहेगी कार्रवाई   पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के मार्गदर्शन में इस अभियान को अंजाम दिया गया। इसमें प्रशिक्षु आईपीएस विक्रम अहिरवार, एसडीओपी किशोर पाटनवाला (रतलाम), संदीप मालवीय (जावरा), शाबेरा अंसारी (आलोट), नीलम बघेल (सैलाना), अजय सारवान, शेर सिंह भूरिया सहित थाना प्रभारियों और पुलिस बल ने अहम भूमिका निभाई।   रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

MP News: विधायक क्रिकेट महोत्सव: अप्रैल-मई में होगा भव्य आयोजन, लाखों की इनामी राशि के साथ खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक रोमांचक अवसर आने वाला है। कैबिनेट मंत्री एवं विधायक चेतन्य काश्यप के मार्गदर्शन में क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में विधायक क्रिकेट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव अप्रैल मध्य से मई मध्य तक चलेगा और इसमें लाखों रुपये की इनामी राशि प्रदान की जाएगी।   खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच   यह टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट होगा, जिसमें रतलाम नगर के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। आयोजन नेहरू स्टेडियम और आईटीआई खेल मैदान में होगा। प्रत्येक टीम में अंडर-19 के खिलाड़ियों की सहभागिता अनिवार्य होगी, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।   आयोजन को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक   इस आयोजन की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं विधायक चेतन्य काश्यप की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और क्रीड़ा भारती के सचिव अनुज शर्मा उपस्थित रहे।   रजिस्ट्रेशन और पुरस्कार   स्पर्धा में भाग लेने वाली टीमों के लिए फार्म वितरण नेहरू स्टेडियम से किया जाएगा। विजेता और उपविजेता टीमों को लाखों रुपये की इनामी राशि से सम्मानित किया जाएगा, जिससे प्रतियोगिता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिलेगा।   क्रिकेट प्रेमियों के लिए शानदार मौका   विधायक क्रिकेट महोत्सव न केवल खेल को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा बल्कि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर भी देगा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह टूर्नामेंट निश्चित रूप से एक शानदार खेल महोत्सव साबित होगा।   इस तरह की ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों के लिए हमारे पोर्टल से जुड़े रहें।

MP News: राज्य स्तरीय एथलेटिक प्रतियोगिता में गुरु रामदास स्कूल के भावेश यादव ने 100 मीटर दौड़ में पहला स्थान किया हासिल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन शिवपुरी में किया गया, जिसमें प्रदेशभर से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में इंदौर, उज्जैन, भोपाल, सागर और ग्वालियर संभाग के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।   गुरु रामदास पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र भावेश यादव ने 100 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल में हर्षोल्लास का माहौल है।   इस मौके पर स्कूल के प्रेसिडेंट श्री जसवंत सिंह सोढ़ी और प्राचार्य श्रीमती सुनीता राठौड़ ने भावेश यादव को सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने भी छात्र की इस उपलब्धि पर बधाई दी।   भावेश यादव की इस शानदार जीत से स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रेरित होकर अन्य छात्र भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।

Ratlam News: राष्ट्रपति पदक से सम्मानित NSG कमांडो बिरबल सिंह गुर्जर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के जांबाज कमांडो और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित बिरबल सिंह गुर्जर का सोमवार रात आकस्मिक निधन हो गया। वह जावरा स्थित 24 बटालियन में तैनात थे, जहां रात में आए साइलेंट अटैक के कारण उनका निधन हो गया। सरकारी अस्पताल, जावरा में पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद उनके पैतृक गांव ऊनी, थाना बिलपाक, जिला रतलाम में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। बिरबल सिंह गुर्जर की अंतिम यात्रा में 24 बटालियन के 125 पुलिसकर्मी साथियों ने भी भाग लिया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गांव और क्षेत्र के लोगों ने भी इस वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

0%