MP News: विश्व हिंदू परिषद गो विभाग ने गोवंश रक्षण को लेकर सौंपा ज्ञापन  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: विश्व हिंदू परिषद गो विभाग के पदाधिकारियों ने मध्यप्रदेश में गोवंश रक्षण एवं संवर्धन को लेकर एडीएम शालिनी श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में प्रदेश में गोवंश तस्करी रोकने, गोशालाओं को सरकारी सहायता देने और गोचर भूमि को सुरक्षित करने जैसी 30 प्रमुख मांगें रखी गईं।   ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश में गोवंश तस्करी लगातार जारी है और कई स्थानों पर गोमांस बरामद हुआ है। हाल ही में उज्जैन जिले के घटिया क्षेत्र में गोवंश की अवैध कटाई का मामला सामने आया, जिसमें 2000 से अधिक गोवंश का वध कर स्थानीय बाजार में मांस बेचे जाने की बात सामने आई है। इसी तरह मंदसौर, देवास, महू, आगर, उमरिया, इंदौर समेत कई स्थानों पर गोमांस बरामद किया गया है।   मुख्य मांगें   1. पशु बाजार और मेलों पर प्रतिबंध लगाया जाए या निगरानी समिति गठित की जाए।   2. गोवंश तस्करी में इस्तेमाल वाहनों को जब्त कर लिया जाए।   3. गोवंश तस्करी वाले थाना क्षेत्र के प्रभारी को निलंबित किया जाए।   4. बार-बार तस्करी में पकड़े गए आरोपियों पर रासुका लगाई जाए।   5. गोवंश की देखभाल के लिए गोशालाओं को मुफ्त बिजली कनेक्शन मिले और भूमि आवंटन की प्रक्रिया आसान हो।   6. गोशालाओं द्वारा बनाए गए जैविक खाद और किटनाशकों को फर्टिलाइजर एक्ट से बाहर किया जाए।   7. गोवंश के लिए 1962 संजीवनी पशु एंबुलेंस की सेवाएं निःशुल्क की जाएं।   8. हर गोपालक को प्रति गाय 1200 रुपये गोवंदन राशि दी जाए।   9. गोचर भूमि को उद्योगों के लिए आवंटित न किया जाए और अतिक्रमण मुक्त किया जाए।   10. प्लास्टिक व पॉलीथिन के उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लगाया जाए।   ज्ञापन सौंपने के दौरान विश्व हिंदू परिषद क्षेत्रीय गो रक्षा प्रमुख सोहन विश्वकर्मा, बजरंग दल प्रांत गो रक्षा प्रमुख भेरूलाल माली, विभाग सह मंत्री पवन बंजारा, विभाग गो रक्षा प्रमुख नटवर, जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला संयोजक मुकेश व्यास, जिला सह संयोजक मुन्नू कुशवाह और जिला गो रक्षा प्रमुख योगेश चौहान उपस्थित रहे।   जानकारी प्रचार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने दी।

MP News: रतलाम पुलिस ने धूमधाम से मनाई होली: डीआईजी, एसपी और कलेक्टर ने किया जमकर डांस, फायर लॉरी से बरसाया पानी  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: जिले में शनिवार को पुलिस अधिकारियों और जवानों ने धूमधाम से होली का पर्व मनाया। एसपी बंगले पर आयोजित इस खास जश्न में डीआईजी मनोज सिंह, एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश खाखा, कलेक्टर राजेश बाथम समेत कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने रंग-गुलाल उड़ाया और डीजे की धुन पर झूमकर डांस किया। डीआरएम अश्वनी कुमार भी इस उत्सव का हिस्सा बने और पुलिसकर्मियों के साथ होली खेली।   एएसपी ने फायर लॉरी से बरसाया पानी   इस जश्न का सबसे अनोखा नजारा तब देखने को मिला जब एएसपी राकेश खाखा ने फायर लॉरी से पुलिसकर्मियों पर पानी बरसाया। रंग और पानी की मस्ती के बीच अधिकारी और जवान पूरे जोश में दिखाई दिए।   त्योहार के बाद पुलिस की होली   हर साल की तरह इस बार भी पुलिस विभाग में होली के बाद होली मनाने की परंपरा निभाई गई। होली और धुलेंडी के दौरान कानून व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मी बाद में एक दिन अपने लिए होली का जश्न मनाते हैं। इस परंपरा के तहत जिलेभर के पुलिसकर्मियों ने मिलकर उत्सव का आनंद लिया।   जिलेभर में पुलिसकर्मियों ने मनाया जश्न   पुलिस लाइन और जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पुलिसकर्मियों ने होली मनाई। रंग और गुलाल के बीच पूरे माहौल में उत्साह, खुशी और भाईचारे की झलक दिखी। पुलिस अधिकारियों और जवानों के इस जश्न से साफ जाहिर हुआ कि वे न सिर्फ जनता की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं, बल्कि त्योहारों का भी पूरा आनंद उठाते हैं।  

Ratlam News: श्री वैष्णव बैरागी समाज का होली मिलन समारोह सम्पन्न, गुढ़ी पड़वा पर होगा गोट आयोजन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: श्री वैष्णव बैरागी समाज द्वारा होली मिलन समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समाज के सदस्यों ने परंपरागत रूप से होली के दिन सुबह 11 बजे भगत पुरी धर्मशाला से गैर निकालकर समाज के घर-घर जाकर ढूंढ का रंग डाला। इस उत्सव में समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।   शाम 7:30 बजे भगत पुरी श्री वैष्णव बैरागी समाज धर्मशाला में समाज हित में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के कोषाध्यक्ष ओम जी बैरागी ने समाज की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष पुरुषोत्तम दास बैरागी ने घोषणा की कि हिंदू नववर्ष गुढ़ी पड़वा के अवसर पर गोट का आयोजन किया जाएगा। समाज ने इस आयोजन की जिम्मेदारी नवीन बैरागी को सौंपी, जिन्हें गोट अध्यक्ष नियुक्त किया गया।   इस कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ व युवा सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से पुरुषोत्तम दास बैरागी, ओम दास बैरागी, नवीन बैरागी, अनंत दास बैरागी, नारायण दास बैरागी, सुखदेव बैरागी, विशाल बैरागी, सुनील बैरागी, शैलेन्द्र दास लश्करी सहित अन्य समाजजन शामिल थे।   श्री वैष्णव बैरागी समाज के इस आयोजन ने समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को और अधिक मजबूत किया। समाज के सदस्य अब गुढ़ी पड़वा पर होने वाले गोट आयोजन की तैयारियों में जुट गए हैं।

Ratlam News: पत्रकार नीरज बरमेचा की माता मनोरमा बरमेचा का निधन  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: भाजपा नेता एवं मिसाबंदी कैलाश बरमेचा की धर्मपत्नी तथा भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व कोषाध्यक्ष मनोरमा बरमेचा का 13 मार्च 2025 को दुखद निधन हो गया। वे कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं और उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन से परिजनों, परिचितों एवं राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की लहर व्याप्त हो गई।   मनोरमा बरमेचा की अंतिम यात्रा निज निवास, पत्रकार एवं राजस्व कॉलोनी से प्रातः 10:30 बजे प्रारंभ होकर त्रिवेणी मुक्तिधाम पहुंची, जहां उनके सुपुत्र दिनेश बरमेचा एवं वरिष्ठ पत्रकार नीरज बरमेचा ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में नागरिक, राजनीतिक एवं सामाजिक संगठन के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन शामिल हुए।   श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे राजनीतिक एवं सामाजिक जगत के प्रमुख लोग   मुक्तिधाम पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, वरिष्ठ भाजपा नेता मनोहर पोरवाल, कांग्रेस नेता मयंक जाट, अशोक जैन लाला, अशोक चौटाला, जिला औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष जय छजलानी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निमिष व्यास, भाजपा जिला महामंत्री निर्मल कटारिया, वरिष्ठ व्यवसायी मणिलाल जैन, चंदन गुरु पिरोदिया, सराफा व्यवसायी सौरभ छाजेड़, कीर्ति बड़जात्या, सुरेंद्र गोरेचा, चिकित्सा जगत से डॉ अभि मेहरा, डॉ विशाल गनवानी, डॉ संजय दुबे, गायत्री परिवार के विवेक चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार श्रेणिक बाफना, प्रेस क्लब सचिव यश बंटी शर्मा, सौरभ कोठारी, अमित निगम, विवेक बाफना, नवीन टॉक, तुषार कोठारी, नीरज शुक्ला, राजू केलवा, शैलेन्द्र मोंटी समेत अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।   मनोरमा बरमेचा अपने सहज, मिलनसार एवं मृदुभाषी स्वभाव के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन से बरमेचा परिवार सहित संपूर्ण शहर में शोक की लहर है।

MP News:  होली पर गलती से रंग लग जाए तो बुरा न मानें, मुस्कुराएं – रतलाम शहर काजी की अपील  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।MP News:  रमजान के पाक महीने में इस बार होली और जुमा (शुक्रवार) एक साथ आ रहे हैं, जिससे देशभर में इसे लेकर चर्चाएं हो रही हैं। कई जगहों पर जुमे की नमाज के समय में बदलाव किया जा रहा है, तो कहीं मुसलमानों को घर में ही नमाज पढ़ने की सलाह दी जा रही है।   इसी बीच रतलाम शहर काजी मौलवी सय्यद अहमद अली ने मुसलमानों से एक अहम अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर होली के दौरान गलती से किसी हिंदू भाई से रंग लग जाए, तो मुस्कुराकर आगे बढ़ जाएं और इसे दिल से न लगाएं।    सब्र और भाईचारे का संदेश   शहर काजी ने अपने पत्र में लिखा, हम सब आका (पैगंबर) के अच्छे उम्मती बनें और सब्र व अच्छे अखलाक (शिष्टाचार) का मुजाहेरा करें। उन्होंने मुसलमानों से आग्रह किया कि वे रमजान की पाकीजगी को ध्यान में रखते हुए ज्यादा से ज्यादा नमाज अदा करें और मस्जिदों को आबाद रखें।   उन्होंने आगे कहा, शहर में अमन, शांति और भाईचारे को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार के फितने-फसाद (विवाद) से दूर रहें और एकता का परिचय दें।   अन्य समुदायों ने किया स्वागत   शहर काजी की इस अपील का अन्य समुदायों के लोगों ने भी स्वागत किया और इसे आपसी सौहार्द को मजबूत करने वाला कदम बताया।   गौरतलब है कि इस बार होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के कारण प्रशासन भी सतर्क है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Ratlam News: विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल रतलाम नगर की बैठक सम्पन्न, शौर्य कुंभ की तैयारियों पर हुई चर्चा  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल रतलाम नगर की बैठक आज होटल उजाला पैलेस में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता बजरंग दल के प्रांत संयोजक नितिन जी पाटीदार ने की। बैठक में आगामी 16 मार्च से 28 मार्च तक चलने वाले “Join बजरंग दल अभियान” एवं 29 मार्च को इंदौर में आयोजित होने वाले “बजरंग दल शौर्य कुंभ” को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।   शौर्य कुंभ में प्रदेशभर से एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है, जिसमें रतलाम से भी 2000 कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक में विभाग संगठन मंत्री अर्जुन गहलोत, विभाग सह मंत्री पवन बंजारा, जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला मंत्री गौरव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।   बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी   विभाग संयोजक विनोद शर्मा   सह संयोजक राजा राम ओहरी   जिला सह मंत्री अक्षय गोमें   जिला संयोजक मुकेश व्यास   सह संयोजक आशु टांक, मुन्नू कुशवाह   जिला विशेष संपर्क प्रमुख मनोज पवार   जिला गो रक्षा प्रमुख योगेश चौहान   सत्संग प्रमुख संजय शर्मा   साप्ताहिक मिलन प्रमुख सुनील राठौड़   जिला विद्यार्थी प्रमुख कृष्णा भामा   सह साप्ताहिक प्रमुख शुभम शर्मा   जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मोंटी जयसवाल, रिक्की सेन   बैठक में नगर के चारों प्रखंडों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक की जानकारी जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मोंटी जयसवाल ने दी।

Ratlam News: ईद-उल-फितर 2025: रतलाम में ईदगाहों का निरीक्षण, स्वच्छता और व्यवस्थाओं के निर्देश

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: आगामी ईद-उल-फितर पर्व को देखते हुए नगर निगम द्वारा ईदगाहों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। लक्कड़पीठा स्थित पुरानी ईदगाह और सूरजमल जैन नगर स्थित नई ईदगाह का निरीक्षण पार्षद श्रीमती यास्मीन शैरानी ने किया। उनके साथ अंजुमन सदर इब्राहिम शैरानी, क्षेत्रीय पार्षद धर्मेंद्र रांका, पार्षद प्रतिनिधि भारत सेन, मुबारिक शैरानी और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।   निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, घास कटाई और कीटनाशक छिड़काव जैसी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पार्षद श्रीमती यास्मीन शैरानी ने अधिकारियों से कहा कि ईदगाह परिसर में आने वाले नमाजियों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल मिले। साथ ही, नगर निगम को प्रतिवर्षानुसार आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया।   इस मौके पर स्वास्थ्य अधिकारी ए.पी. सिंह, झोन प्रभारी तरुण राठौड़, आशीष चौहान सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।  

Ratlam News: श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी में नन्हे बच्चों ने सीखी होली की परंपराएं, हर्बल गुलाल से खेली होली  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी, अरविंद मार्ग में नन्हे विद्यार्थियों को होली पर्व का महत्व और रंगों के उपयोग की जानकारी दी गई। प्रधानाध्यापिका कविता कुंवर ने बच्चों को प्राकृतिक रंगों से होली खेलने और रंगों के सावधानीपूर्वक उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने होली से जुड़ी पौराणिक कथा सुनाकर बच्चों को इस पर्व की परंपराओं से अवगत कराया।   इस अवसर पर बच्चों ने एक-दूसरे को हर्बल गुलाल लगाकर होली का आनंद लिया और होली गीतों पर नृत्य कर फागुन उत्सव मनाया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।   प्राचार्य डॉ. रेखा शास्त्री ने बताया कि इस तरह के आयोजन बच्चों को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम होते हैं, जिससे वे भारतीय त्योहारों के महत्व को समझ सकें।  

Ratlam News: विरम सिंह गुर्जर बने गुर्जर समाज रतलाम के जिला उपाध्यक्ष

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुर्जर समाज जिला रतलाम को संगठित करने और समाज हितैषी कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी द्वारा नई नियुक्ति की गई है। इस क्रम में विरम सिंह गुर्जर, पिता मदन सिंह गुर्जर (ग्राम रूपड़ी, जावरा) को गुर्जर समाज रतलाम का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।   गुर्जर समाज रतलाम के जिला अध्यक्ष एडवोकेट देवेंद्र सिराधना (गुर्जर) ने यह नियुक्ति पत्र जारी करते हुए आशा व्यक्त की कि विरम सिंह गुर्जर समाज को संगठित करने, सामाजिक एकत्रीकरण की गतिविधियों को बढ़ावा देने और समाज की प्रगति के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।   नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष विरम सिंह गुर्जर ने इस जिम्मेदारी के लिए समाज का आभार व्यक्त किया और समाज को मजबूत करने व हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।  

Ratlam News: कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज ने धूमधाम से मनाया होली मिलन व फाग उत्सव, EWS प्रमाण-पत्र बनवाने का लिया संकल्प  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज, रतलाम जिला इकाई द्वारा होली मिलन एवं फाग उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजजन भजनों और होली गीतों पर झूम उठे। फूलों की पंखुड़ियों से होली खेलकर और गुलाल लगाकर सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। साथ ही, समाज ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग EWS प्रमाण-पत्र बनवाने का संकल्प लिया, ताकि भविष्य में समाज के बच्चे सरकारी योजनाओं और आरक्षण का लाभ प्राप्त कर सकें।   भजनों और फूलों की होली से सजी शाम   कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय स्वीट एवेन्यू होटल में हुआ, जिसमें समाज की महिलाओं ने ढोलक और मंजीरे की धुन पर पारंपरिक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की गूंज के बीच समाजजन ने फूलों की पंखुड़ियां उड़ाकर उत्सव का आनंद लिया। इस दौरान होली गीतों पर सभी ने नृत्य किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।   समाज की एकता पर वक्ताओं ने दिए विचार   कार्यक्रम में कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष के के द्विवेदी, महिला इकाई की अध्यक्ष रक्षा मिश्रा, सेवानिवृत्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी महेश मिश्रा, सर्व ब्राह्मण समाज के कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी, पत्रकार नीरज कुमार शुक्ला सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने समाज की एकता और प्रगति पर विचार रखे। समाज के वरिष्ठ सदस्य अजय कुमार अग्निहोत्री ने अपनी हास्यपूर्ण कविता से सभी को गुदगुदाया।   प्रतिभाओं और वरिष्ठों का सम्मान   आयोजन के दौरान समाज की मातृशक्ति मीना अग्निहोत्री और मधुरलता अवस्थी सहित अन्य वरिष्ठ महिलाओं का गुलाब भेंटकर सम्मान किया गया। वहीं, डॉ स्वर्णिम तिवारी और यदुनंदन अवस्थी को समाज और शहर का नाम रोशन करने के लिए पुष्पमाला और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। डॉ तिवारी ने हाल ही में अपनी चिकित्सा की पढ़ाई पूर्ण की है, जबकि यदुनंदन अवस्थी ने दिल्ली में आयोजित मिस्टर मसल्स मेनिया स्पर्धा में सब जूनियर और जूनियर श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता।   EWS प्रमाण-पत्र बनवाने का लिया संकल्प   कार्यक्रम के दौरान समाजजन ने अपने बच्चों के लिए EWS प्रमाण-पत्र बनवाने का संकल्प लिया, ताकि वे शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। समाज अध्यक्ष के के द्विवेदी और डॉ मुनींद्र दुबे ने इस कार्य के लिए समाज स्तर पर पहल करने की बात कही। निर्णय लिया गया कि जिन समाजजनों को EWS प्रमाण-पत्र बनवाना हो, वे अपने आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर समाज के सैलाना रोड स्थित कार्यालय में जमा करें।   समाजजनों ने ली सदस्यता, कार्यक्रम में कई का सहयोग   आयोजन के दौरान कई परिवारों ने वार्षिक सदस्यता शुल्क जमा कर सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम को सफल बनाने में अजय कुमार अग्निहोत्री, हेमंत तिवारी, एल के द्विवेदी, दिनेशचंद्र पाठक, कुलदीप अवस्थी, ऋचा अवस्थी सहित कई समाजजनों का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ मुनींद्र दुबे ने किया और आभार पूर्णिमा तिवारी ने माना।

↑
0%