Ratlam News: गुर्जर समाज जावरा तहसील अध्यक्ष पद पर बलवंत सिंह गुर्जर की नियुक्ति

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News:  गुर्जर समाज, जिला रतलाम को संगठित करने और समाज हितैषी गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बलवंत सिंह गुर्जर को जावरा तहसील अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है।   यह नियुक्ति गुर्जर समाज, रतलाम के जिला अध्यक्ष एडवोकेट देवेंद्र गुर्जर द्वारा की गई। उन्होंने विश्वास जताया कि बलवंत सिंह गुर्जर समाज की एकता, विकास और कल्याण के लिए प्रभावी कार्य करेंगे।   गुर्जर समाज संगठनात्मक विकास और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है, और यह नियुक्ति समाज को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।   – देवेंद्र सिराधना गुर्जर (एडवोकेट)   जिला अध्यक्ष, गुर्जर समाज, रतलाम  

MP News: रतलाम रेल मंडल के 54 अधिकारी व कर्मचारी इस समय महाकुंभ में; सिंहस्थ के लिए अभी से तैयारियां, टीम भेजकर समझेंगे प्रयागराज कुंभ का मैनेजमेंट मॉडल

महाकुंभ में रतलाम रेल मंडल ने निभाई अहम भूमिका – DRM अश्विनी कुमार रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: कुंभ मेले के दौरान रेलवे परिचालन और यात्री सुविधाओं के प्रबंधन को बेहतर ढंग से सुचारू रखने में अब तक रतलाम रेल मंडल सफल रहा है। आगामी सिंहस्थ में रतलाम मंडल प्रयागराज में लागू किए गए रेल प्रबंधन मॉडल को अपनाएगा। इसके लिए रतलाम मंडल से एक विशेष टीम प्रयागराज भेजी जाएगी, जो वहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन करेगी और उज्जैन सिंहस्थ में उसी तरह की और उससे बेहतर व्यवस्थाएं लागू की जाएगी।   रतलाम डीआरएम अश्वनी कुमार ने सोमवार को मंडल कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में यह जानकारी दी। इस दौरान एडीआरएम अशफ़ाक़ अहमद भी मौजूद रहे। डीआरएम कुमार ने बताया कि प्रयागराज में 9 फरवरी को यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 8 स्टेशनों से 330 ट्रेनें चलाईं, जिससे 12.5 लाख यात्रियों को सुविधा मिली। 10 फरवरी को भी 130 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया।   रतलाम मंडल से भी कुंभ के लिए रेल रैक भेजे गए हैं और 4 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया है। साथ ही, विशेष प्रबंधों के लिए 54 रेलवे कर्मचारियों व अधिकारियों की एक टीम प्रयागराज भेजी गई है। रतलाम रेल मंडल ने उज्जैन सिंहस्थ को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी  हैं। इस संबंध में कमर्शियल, इंजीनियरिंग आदि प्रमुख विभाग की टीम समेत अन्य अधिकारी प्रयागराज जाकर वहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन करेंगे।   डीआरएम ने यह भी बताया कि उज्जैन सिंहस्थ में कुंभ की तरह ही ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं को सुव्यवस्थित किया जाएगा, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सुविधा मिल सके। इस मौके पर रतलाम स्टेशन से जुड़ी यात्री सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई।

Mahakumbh 2025: भारतीय रेलवे युद्धस्तर पर जुटा, अब तक 12.5 लाख श्रद्धालु पहुंचे अपने गंतव्य

प्रयागराज- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Mahakumbh 2025: महाकुंभ 2025 के दौरान तीर्थयात्रियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए भारतीय रेलवे पूरी क्षमता से कार्य कर रहा है। माघी पूर्णिमा के अगले अमृत स्नान से पहले रेलवे द्वारा प्रयागराज क्षेत्र के आठ स्टेशनों से तीर्थयात्रियों की भीड़ को कम करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रेलवे ने रविवार को 330 ट्रेनों का संचालन किया, जबकि आज दोपहर 3 बजे तक 201 ट्रेनें यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचा चुकी हैं।   रेलवे का द्रुत गति से संचालन, हर चार मिनट में एक ट्रेन रवाना   केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार ने महाकुंभ में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि भीड़ कम नहीं हो रही है, लेकिन भारतीय रेलवे हर चार मिनट में एक ट्रेन चलाकर यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित कर रहा है।   रेलवे ने स्पष्ट किया कि प्रयागराज क्षेत्र के आठ प्रमुख स्टेशन – प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी, सूबेदारगंज, प्रयाग, फाफामऊ, प्रयागराज रामबाग और झूसी – पूरी क्षमता से संचालित हो रहे हैं। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए रेलवे अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।    एक ट्रेन में औसतन 3780 यात्री, प्रयागराज संगम स्टेशन रहेगा बंद   रेलवे के अनुसार, प्रत्येक ट्रेन में औसतन 3780 यात्री यात्रा कर रहे हैं, जिससे साफ पता चलता है कि श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बनी हुई है। वहीं, प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन को अमृत स्नान से दो दिन पहले और दो दिन बाद तक बंद रखना एक नियमित प्रक्रिया है, जिसे प्रयागराज जिला प्रशासन के निर्देशानुसार लागू किया गया है।   सीसीटीवी निगरानी और मीडिया से सही जानकारी प्रसारित करने की अपील   रेल भवन के वॉर रूम से रेलवे के सभी स्टेशनों की सीसीटीवी फुटेज की निगरानी की जा रही है। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार ने मीडिया और जनता से अपील की कि वे प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेनों के संचालन में बाधा से जुड़ी किसी भी भ्रामक खबर पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि जो भी तथ्य जांचना चाहे, वह आठों स्टेशनों पर जाकर सच्चाई देख सकता है, जहां महाकुंभ विशेष ट्रेनों का संचालन लगातार किया जा रहा है।   माघी पूर्णिमा और आगे आने वाले स्नानों को ध्यान में रखते हुए रेलवे पूरी तरह से मुस्तैद है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी गलत सूचना से बचें और नवीनतम जानकारी के लिए रेलवे के आधिकारिक स्रोतों का ही अनुसरण करें।   महाकुंभ में रेलवे की अब तक की उपलब्धियां   – 12.5 लाख यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया   – 330 ट्रेनों का रविवार को संचालन   – आज दोपहर 3 बजे तक 201 ट्रेनें रवाना   – हर 4 मिनट में एक ट्रेन का संचालन   – 8 प्रमुख रेलवे स्टेशन पूरी क्षमता से चालू   यात्रियों से अपील   भारतीय रेलवे तीर्थयात्रियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। श्रद्धालुओं को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर और सूचना केंद्रों से सही जानकारी प्राप्त करें और किसी भी अफवाह से बचें।  

Ratlam News: भगवान श्री विश्वकर्मा जी का प्रकट उत्सव धूमधाम से मनाया गया  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जांगिड़ ब्राह्मण मारवाडा समाज द्वारा भगवान श्री विश्वकर्मा जी के प्रकट उत्सव को श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। यह भव्य आयोजन समाज के मंदिर धर्मशाला श्री विश्वकर्मा धाम, नेमीनाथ नगर, रतलाम में संपन्न हुआ।   पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन   समाज ट्रस्ट अध्यक्ष जनक नागल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातः 9:00 बजे भगवान श्री विश्वकर्मा जी का अभिषेक, हवन एवं पूजन विधिवत रूप से संपन्न हुआ। हवन आचार्य पंडित अभिषेक जी त्रिवेदी के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें शुभम जी लाखा ने जजमान की भूमिका निभाई।   इसके बाद भगवान श्री की महाआरती कर महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।    समाज के गणमान्य लोग हुए शामिल   इस पावन अवसर पर मंदिर ट्रस्ट समिति अध्यक्ष जनक नागल सहित समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें मोतीलाल वंडेला, राजेश नागल, जितेंद्र बामणिया, महासभा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश कारुनीया, धर्मेंद्र झोपिंग, सुरेश लतारा, गेंदालाल जालवार, महेश वंडेला, राधेश्याम चिचोलिया, वीरेंद्र वंडेला, रवि वंडेला, दिनेश लतारा, प्रवीण नागल, शुभम शर्मा, अनुज बोदलिया, मनोहर नागल, अमृतलाल जंगलवा, सत्यनारायण शर्मा, राहुल शर्मा एडवोकेट, निलेश वुडडल एडवोकेट, पंकज लाखा, पुनम चंद्र दायमा, कमल बरालवा, राजेश दायमा, नितेश वायवर, दीपेश वायवर और कपिल चिचोलिया प्रमुख रूप से शामिल हुए।   इसके अलावा, समाज के महिला मंडल, क्षेत्रीय पार्षद एवं अनेक श्रद्धालुओं ने इस आयोजन में तन, मन और धन से सहयोग देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।   समाज में उत्सव का माहौल   भगवान श्री विश्वकर्मा जी के प्रकट उत्सव पर पूरा समाज श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत रहा। भंडारे में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे आयोजन को सफल बनाया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों, जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से भगवान श्री विश्वकर्मा जी को नमन किया।  

Ratlam News: भगवान श्री देवनारायणजी जन्मोत्सव: रतलाम में निकली भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने किया उत्साहपूर्वक सहभाग  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: भगवान श्री  देवनारायणजी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर समस्त गुर्जर समाज, जिला रतलाम के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।   शोभायात्रा में दिखी भक्ति और परंपरा की झलक   शोभायात्रा का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे त्रिपोलिया गेट से हुआ। समाजजन पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए और घोड़े, बग्गियां, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े तथा आकर्षक झांकियां शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण रहे। भगवान श्री देवनारायणजी का सुसज्जित रथ शोभायात्रा का केंद्रबिंदु बना। इस दौरान राजस्थान के आसींद स्थित अंतर्राष्ट्रीय तीर्थ स्थल मालासेरी डूंगरी के पुजारी श्यामलाल पोसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।   शहरभर में हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत   शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों चांदनी चौक, चौमुखीपुल, घांसबाजार, माणक चौक, गणेश देवरी, धनमंडी, नाहरपुरा चौपाटी, कॉलेज रोड, नगर निगम चौक, महलवाड़ा एवं थावरी बाजार से होते हुए श्री देवनारायण मंदिर, गुर्जर मोहल्ला, धर्मभाई जी का वास पर संपन्न हुई। मार्ग में व्यापार मंडलों, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।    महाआरती और प्रसादी वितरण में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़   शोभायात्रा के समापन के पश्चात श्री देवनारायण मंदिर में महाआरती का आयोजन हुआ। इसके उपरांत प्रसादी वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन में गुर्जर समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं बच्चे भारी संख्या में उपस्थित रहे।   धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व   भगवान श्री देवनारायणजी को लोकदेवता के रूप में पूजा जाता है। उनकी जन्मस्थली मालासेरी डूंगरी गुर्जर समाज के लिए एक प्रमुख तीर्थ स्थल है। इस भव्य आयोजन ने धार्मिक आस्था को और अधिक सशक्त किया।  

Ratlam News: समय प्रबंधन से ही सफलता संभव: थाना प्रभारी स्वराज डाबी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, शास्त्री नगर में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति का ध्यान लक्ष्य पर केंद्रित नहीं होता है, तो वह अन्य दिशाओं में भटक सकता है। इसलिए जीवन में फोकस और समय प्रबंधन बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवनशैली अपनाने और समय का सही उपयोग करने की सलाह दी।   समय प्रबंधन से तय होगा भविष्य   थाना प्रभारी डाबी ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में समय का महत्वपूर्ण स्थान होता है। जिस प्रकार वे अपने समय का उपयोग करते हैं, वही उनके शिक्षा और भविष्य को तय करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा दी और कहा कि सही दिशा में किया गया प्रयास कभी असफल नहीं होता।   विद्यार्थियों ने शिक्षकों को समर्पित किए बेहतर परिणाम   कार्यक्रम में श्री गुरु तेग बहादुर शैक्षणिक विकास समिति के अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह डंग ने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन की शुरुआत स्कूल से प्राप्त शिक्षा से करते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को तराशते हैं और वे भविष्य में अच्छे नागरिक, अधिकारी व विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठता प्राप्त करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे बेहतर परिणाम देकर अपने शिक्षकों को सच्ची गुरु दक्षिणा दें।   सम्मान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां   कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और गुरु तेग बहादुर जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इस दौरान समिति अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह डंग, सचिव अजीत छाबड़ा, प्राचार्य मेघा वैष्णव, प्रधानाध्यापिका सरला माहेश्वरी समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण उत्साहपूर्ण रहा।   मिस्टर एवं मिस जीटीबी का सम्मान   समारोह में मिस्टर जीटीबी आशुतोष जाट एवं मिस जीटीबी लक्षिता याग्निक को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। समिति की ओर से मुख्य अतिथि स्वराज डाबी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जस्सू चंदवानी व अन्य शिक्षिकाओं ने किया एवं आभार समिति सचिव अजीत छाबड़ा ने व्यक्त किया।

MP News: गायक मुकेश जी के 101वें जन्म वर्ष पर स्पंदन द्वारा संगीतमय श्रद्धांजलि

नीमच- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: सुप्रसिद्ध गायक मुकेश जी के जन्म के 101 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संस्था स्पंदन द्वारा गायत्री मल्टीप्लेक्स ओडी 01 में भव्य संगीतमय कार्यक्रम “द मुकेश” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों ने मुकेश जी के अमर गीतों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।    विशिष्ट अतिथियों के विचार   नीमच एडीएम लक्ष्मी गामड़ ने कहा कि स्पंदन संस्था सेवा और समर्थन के नए आयाम स्थापित कर रही है। एडिशनल एसपी राकेश खाखा ने संगीत के माध्यम से समाज सेवा के इस प्रयास की सराहना की।   कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद संस्था के वरिष्ठ सदस्य स्व. अश्विनी जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संयोजक अचल शुक्ला ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए सभी का स्वागत किया।   संगीतमय प्रस्तुतियां   कार्यक्रम में लक्ष्मी गामड़, अय्यूब खान, संगीता जैन, नरेश यादव और अचल शुक्ला ने मुकेश जी के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं, मनोज भावसार और बच्चों ने “जाने कहाँ गए वो दिन” और “जीना यहाँ मरना यहाँ” पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया।   गणमान्य व्यक्तियों की भागीदारी   इस अवसर पर डीएसपी अजय सारवान, किशोर पाटनवाला, एसडीओ सेतु निगम सूर्यवंशी, समाजसेवी प्रवीण सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।    दृष्टिहीन कन्या केंद्र को सहयोग   कार्यक्रम में देवास दृष्टिहीन कन्या केंद्र की टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। दृष्टिहीन बालिका सलोनी ने “सत्यम शिवम् सुंदरम” गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। संस्था द्वारा बलजीत सिंह सलूजा का सम्मान किया गया।   इसके साथ ही नेशनल दृष्टिहीन खिलाड़ियों की कोच कृतिका चावरे को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रोताओं द्वारा एकत्रित धनराशि देवास दृष्टिहीन कन्या केंद्र को दान की गई।   संस्था के प्रयास और धन्यवाद ज्ञापन   संस्था के संरक्षक नितिन तिवारी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्पंदन संस्था सहयोग के साथ निरंतर प्रगति कर रही है। आयोजन को सफल बनाने में संस्था की टीम पिछले 15 दिनों से अथक परिश्रम कर रही थी।   कार्यक्रम का संचालन गीतकार अलक्षेन्द्र व्यास ने अपनी शानदार कविताओं के माध्यम से किया।  

Ratlam News: भगवान श्री देवनारायण जी के जन्म उत्सव पर शिवगढ़ में ऐतिहासिक शोभायात्रा, धूमधाम से निकली यात्रा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुर्जर समाज के आराध्य देव भगवान श्री देवनारायण जी के जन्म उत्सव के उपलक्ष्य में शिवगढ़ नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह ऐतिहासिक शोभायात्रा श्री देवनारायण मंदिर, शिवगढ़ से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए श्री देवनारायण मंदिर, तालाब बोर्डी पर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान नगर चौराहे पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।   शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब   इस शोभायात्रा में गुर्जर समाज के कई वरिष्ठजन एवं जिले के विभिन्न समाजों के लोग शामिल हुए। आयोजन के दौरान नगर के समस्त व्यापारीगण ने भगवान श्री देवनारायण जी की शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट, बैंड-बाजे, डीजे, ढोल-नगाड़ों के साथ बड़ी धूमधाम से भगवान श्री देवनारायण जी का जन्म उत्सव मनाया गया।   बजरंग दल ने किया शोभायात्रा का स्वागत   हर वर्ष की तरह इस बार भी बजरंग दल द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जिला सह संयोजक राहुल हाडा, प्रखंड उपाध्यक्ष रोहित शर्मा, प्रखंड सह मंत्री राहुल मेवाड़ा, सह मंत्री ध्रुव कुमार गहलोत, प्रखंड सह संयोजक मनोज सोनावा, प्रखंड प्रचार प्रसार प्रमुख लखन झरवार, प्रखंड विहिप गोरक्षा प्रमुख जितेंद्र शर्मा, सह बल उपासना प्रमुख रवि राठौड़, खंड कार्यकर्ता शुभम राठौड़ सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।   भगवान श्री देवनारायण जी के प्रति समाज की आस्था   शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री देवनारायण जी की महिमा का गुणगान किया और भजन-कीर्तन के साथ पूरे नगर में धार्मिक माहौल बना रहा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री देवनारायण जन्म उत्सव समिति, गुर्जर समाज, शिवगढ़ का विशेष योगदान रहा।  

Ratlam News: रतलाम प्रेस क्लब उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार 2024: प्रविष्टि जमा करने के लिए सिर्फ 3 दिन शेष, 7 फरवरी है अंतिम तिथि  

सदस्य पत्रकारों में जबरदस्त उत्साह, इस बार पुरस्कारों की संख्या में हुआ इजाफा   रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम प्रेस क्लब द्वारा उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार 2024 के लिए प्रविष्टियां जमा करने की प्रक्रिया जारी है। पत्रकारों में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 7 फरवरी 2025 निर्धारित की गई है, इसके बाद प्रविष्टियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। इस वर्ष से पुरस्कारों की संख्या में भी बढ़ोतरी की गई है, जिससे अधिक पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।   ऑनलाइन प्रविष्टि की अंतिम तिथि 7 फरवरी, दो-दो खबरें कर सकते हैं जमा   रतलाम प्रेस क्लब के कार्यसमिति सदस्य नीरज कुमार शुक्ला ने बताया कि 1 जनवरी 2025 से ऑनलाइन प्रविष्टियां जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 7 फरवरी की रात 12:00 बजे तक आवेदन किए जा सकते हैं। इस बार पत्रकार अपनी श्रेणी से संबंधित पुरस्कार के लिए दो-दो खबरें या फोटोग्राफ ही जमा कर सकेंगे। आवेदन गूगल फॉर्म के माध्यम से किए जा रहे हैं।   खेल और कृषि पत्रकारिता के लिए दो नए पुरस्कार शामिल   इस बार खेल और कृषि पत्रकारिता को भी बढ़ावा देने के लिए दो नए पुरस्कार जोड़े गए हैं। खेल और कृषि से संबंधित खबरों के लिए अलग से प्रविष्टि जमा करनी होगी। इन पुरस्कारों के लिए इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के सभी साथी आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक श्रेणी में दो-दो खबरें भेजी जा सकती हैं।   प्रविष्टियां दर्ज करने के लिए रखें ये सावधानियां   1. प्रिंट मीडिया के साथी खबरों की पीडीएफ या जेपीजी अपलोड करें, लिंक देना अनिवार्य नहीं है।   2. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार वीडियो लिंक शेयर करें, सीधे वीडियो अपलोड न करें।   3. डिजिटल मीडिया के लिए केवल खबरों की लिंक सबमिट करनी होगी।   4. गूगल ड्राइव से फाइल शेयर करने वालों को व्यू एक्सेस ऑन रखना होगा, ताकि जूरी मेंबर्स फाइल देख सकें।   5. पूर्व में स्थापित पुरस्कारों (इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट, डिजिटल मीडिया व फोटोग्राफी) के लिए यहां आवेदन करें – [https://forms.gle/BMShSMVoZV91sy5e7](https://forms.gle/BMShSMVoZV91sy5e7)   6. खेल और कृषि पत्रकारिता पुरस्कारों के लिए यहां आवेदन करें – [https://forms.gle/xHAPnhap8PHjwrc7A](https://forms.gle/xHAPnhap8PHjwrc7A)   अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें   मुकेश पुरी गोस्वामी (अध्यक्ष): 9993444343   नीरज कुमार शुक्ला (कार्यसमिति सदस्य): 9826809338   जल्द करें आवेदन, 7 फरवरी के बाद प्रविष्टियां स्वीकार नहीं होंगी

MP News: रतलाम स्थापना महोत्सव की धूम: 2100 वीर वीरांगनाओं ने तलवार लहराकर दिखाया शौर्य, ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने रतलामवासी  

नेहरू स्टेडियम में भव्य समारोह, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप रहे मुख्य अतिथि   रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: बसंत पंचमी के अवसर पर रतलाम स्थापना महोत्सव के तहत आयोजित वीर वीरांगना शौर्य प्रदर्शन ने एक ऐतिहासिक नजारा पेश किया। पहली बार, 2100 वीर वीरांगनाओं ने एक साथ हाथों में तलवारें लहराकर जय भवानी, जय शिवाजी और हर हर महादेव के उद्घोष के साथ अपनी शक्ति और पराक्रम का प्रदर्शन किया। इस भव्य आयोजन का साक्षी बनने के लिए हजारों लोग नेहरू स्टेडियम में एकत्रित हुए।   कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप थे, जबकि अध्यक्षता महापौर प्रहलाद पटेल ने की। कार्यक्रम में राष्ट्र सेविका समिति, धार की बौद्धिक प्रमुख श्रीमती अमृता भावसार मुख्य वक्ता रहीं। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा मौजूद रहीं।   मातृशक्ति ने दिखाया शौर्य, पराक्रम और कौशल   कार्यक्रम में महिलाओं, युवतियों और बच्चियों ने पीले और भगवा वस्त्र धारण कर तलवारों के साथ अद्भुत युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया। भारत माता की जय, जय जय श्रीराम और हर हर महादेव के गगनभेदी नारे गूंज उठे।   रतलाम स्थापना महोत्सव समिति और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में यह तीन दिवसीय भव्य आयोजन हो रहा है, जिसमें यह वीर वीरांगना कौशल प्रदर्शन मुख्य आकर्षण रहा।   सम्मान और उत्साह का माहौल   मुख्य अतिथि चेतन्य काश्यप ने आयोजन समिति को इस ऐतिहासिक पहल के लिए बधाई दी और कहा कि नारी शक्ति का यह प्रदर्शन साहस और शौर्य का प्रतीक है। मध्य प्रदेश सरकार नारी सशक्तिकरण को हमेशा प्राथमिकता देती आई है। उन्होंने वीर वीरांगनाओं को चेतन्य काश्यप फाउंडेशन की ओर से प्रसाद स्वरूप मिष्ठान वितरित किया।   राष्ट्र सेविका समिति की बौद्धिक प्रमुख अमृता भावसार ने कहा, जब भारत की स्त्रियां पराक्रम धारण कर लेती हैं, तो कोई भी शक्ति उनके सामने टिक नहीं सकती। आज यह दृश्य देखकर मैं गौरवांवित महसूस कर रही हूं।   महापौर प्रहलाद पटेल ने नारी शक्ति को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा, नारी शक्ति को शस्त्र के साथ शास्त्र का भी ज्ञान होना चाहिए।   समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति   इस ऐतिहासिक आयोजन में रतलाम स्थापना महोत्सव समिति के संयोजक मुन्नालाल शर्मा, अध्यक्ष प्रवीण सोनी, सचिव मंगल लोढ़ा, आयुषी जलज सांकला, गौरव त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन विकास शैवाल और रामबाबू शर्मा ने किया।   3 फरवरी को होगा महाराजा रतनसिंहजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण   कार्यक्रम के तीसरे दिन, 3 फरवरी 2025 को सुबह 11 बजे रतलाम राज्य के जनक महाराजा रतनसिंहजी की प्रतिमा पर भव्य माल्यार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा।   रतलाम स्थापना महोत्सव के इस आयोजन ने नारी शक्ति और पराक्रम का अद्भुत संदेश दिया, जिसे आने वाले समय तक याद रखा जाएगा।  

0%