Ratlam News: भगवामय हुआ रतलाम; महाशिवरात्रि के पूर्व निकली “साफा सम्मान रैली”, गूंजे जय श्रीराम और हर हर महादेव के नारे 

रतलाम – पब्लिक वार्ता, जयदीप गुर्जर। Ratlam News:  महाशिवरात्रि पर्व के पूर्व जवाहर व्यायामशाला परिवार एवं अंबर ग्रुप के तत्वावधान में साफा सम्मान रैली का भव्य आयोजन किया गया। इस विशाल रैली में हज़ारों युवाओं ने केसरिया साफा धारण कर, मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सनातन परंपराओं का गौरवगान किया। दौलत जाट पहलवान के नेतृत्व में निकली इस रैली में मातृशक्ति भी पूरे जोश और साहस के साथ शामिल हुईं, जिन्होंने ‘मैं निडर हूं’ लिखे फ्लैक्स और शस्त्र हाथ में लेकर सनातन संस्कृति का गौरव बढ़ाया। चार हजार से अधिक साफों का हुआ वितरण रैली में इस वर्ष राजस्थान के जोधपुर से करीब 4500 केसरिया साफे मंगवाए गए, जिन्हें युवाओं में वितरित किया गया। कार्यक्रम में शहर के 30 से अधिक उस्तादों ने युवाओं को पारंपरिक तरीके से साफा बांधने की कला सिखाई। 3 घंटे में 4 किमी की भव्य यात्रा रैली दोपहर 12 बजे जवाहर व्यायामशाला परिसर से प्रारंभ हुई और सैलाना बस स्टैंड, शहर सराय, धानमंडी, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घास बाजार, चांदनी चौक, त्रिपोलिया गेट होते हुए श्री गढ़ कैलाश मंदिर पहुंची। जहां भगवान श्री गढ़ कैलाश का अभिषेक कर महाआरती व प्रसाद वितरण किया गया। समाज ने किया भव्य स्वागत रैली के मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं ने फूलों की वर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया। 15 वर्षों से हो रहा आयोजन सूरज जाट पहलवान ने बताया कि यह साफा रैली पिछले 15 वर्षों से आयोजित की जा रही है। प्रारंभ में इसमें केवल 100-150 लोग ही शामिल होते थे, लेकिन अब यह संख्या 5,000 के पार पहुंच चुकी है। इस रैली का उद्देश्य सनातन परंपरा और संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना है। इस भव्य आयोजन में दौलत जाट पहलवान, जगदीश पहलवान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, सूरज पहलवान, अश्विन जायसवाल, अंबर पहलवान, अभिषेक पहलवान, वैभव पहलवान, मयंक पहलवान, गौरव पहलवान, अमन पहलवान, सत्यदेव मलिक पहलवान, प्रवीण सोनी, सलीम आरिफ सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे।

Ratlam News: आज निभाई हल्दी की रस्म; महाशिवरात्रि पर निकलेगी रत्नेश्वर महादेव की अलौकिक बारात, 5 दिवसीय भव्य आयोजन की हुई शुरुआत

रतलाम – पब्लिक वार्ता, जयदीप गुर्जर। Ratlam News: प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व पर श्री रत्नेश्वर महादेव मंदिर में भव्य आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति द्वारा विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसका समापन 26 फरवरी 2025, बुधवार को निकाली जाने वाली शिव बारात से होगा। मंदिर समिति के अनुसार, शिव बारात दोपहर 1 बजे निकलेगी और श्रद्धालु इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। इसके अलावा, रात्रि 8 बजे झिलमिल आरती और रात्रि 11 बजे विशेष अभिषेक का आयोजन किया जाएगा। रविवार दोपहर बाबा भोलेनाथ को हल्दी चढ़ाने की रस्म निभाई गई। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।  प्रमुख कार्यक्रमों की सूची: • 22 फरवरी 2025 (शनिवार) – माता पूजन चौक (प्रातः 11 बजे) • 23 फरवरी 2025 (रविवार) – हल्दी (दोपहर 2 बजे), श्री गणेश पूजन (दोपहर 4 बजे) • 24 फरवरी 2025 (सोमवार) – मेहंदी (दोपहर 2 बजे), मंडप (दोपहर 4 बजे) • 25 फरवरी 2025 (मंगलवार) – संगीतमय भजन (रात्रि 8 बजे) • 26 फरवरी 2025 (बुधवार) – शिव बारात (दोपहर 1 बजे), महा आरती रात्रि 8 बजे व विशेष अभिषेक रात्रि 11 बजे यह पूरा आयोजन श्री रत्नेश्वर महादेव भक्त मंडल द्वारा किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं को इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहा है। कार्यक्रम का आयोजन श्री रत्नेश्वर महादेव मंदिर, रत्नेश्वर रोड, रतलाम में किया जाएगा।

Ratlam News: सम्मान साफा रैली कल: निकलेगी भव्य सम्मान साफा वाहन रैली, हज़ारों शिवभक्त होंगे शामिल  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: महाशिवरात्रि पर्व के पूर्व शहर में इस वर्ष भी जवाहर व्यायामशाला परिवार और अंबर ग्रुप द्वारा भव्य सम्मान साफा (वाहन) रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली रविवार सुबह 10:00 बजे जवाहर व्यायामशाला परिसर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए प्राचीन गढ़कैलाश महादेव मंदिर पर सम्पन्न होगी।   शहरभर में निकलेगी विशाल रैली   रैली के शुभारंभ से पहले, सुबह 10 बजे जवाहर व्यायामशाला परिसर में शहर व आसपास के 20 से अधिक साफा बांधने वाले उस्ताद युवाओं को पारंपरिक सम्मान साफा पहनाएंगे। इसके बाद रैली सैलाना बस स्टैंड, शहर सराय, धानमंडी, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घास बाजार, चांदनी चौक, त्रिपोलिया गेट से होकर गुजरेगी और श्री गढ़कैलाश महादेव मंदिर पर पहुंचेगी।   महाआरती और महाप्रसादी का आयोजन   रैली के समापन के बाद भगवान गढ़कैलाश का अभिषेक, महाआरती और महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर हज़ारों शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है, जिससे शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल बनेगा।   दौलत जाट पहलवान के नेतृत्व में ऐतिहासिक आयोजन   इस भव्य आयोजन का नेतृत्व दौलत जाट पहलवान, सूरज पहलवान, अंबर पहलवान, अभिषेक पहलवान, वैभव पहलवान, मयंक पहलवान, गौरव पहलवान और अमन पहलवान कर रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों, धर्मप्रेमी जनता और युवाओं से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार व मित्रों सहित इस रैली में बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं। शिवभक्तों के जोश और आस्था से सराबोर यह आयोजन शहर में भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा।

Ratlam News: रतलाम मेडिकल कॉलेज में अमानक दवाइयों का सामूहिक दहन, डॉक्टरों ने जताया विरोध

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: चिकित्सा महाविद्यालय रतलाम में मेडिकल टीचर एसोसिएशन रतलाम के सदस्यों ने शासकीय स्वशासी चिकित्सा महासंघ के तत्वाधान में अमानक दवाइयों का प्रतीकात्मक सामूहिक दहन किया। यह विरोध प्रदर्शन 21 फरवरी 2025 को दोपहर 1:30 बजे आयोजित किया गया, जिसमें डॉक्टरों ने शासकीय अस्पतालों में बांटी जा रही अमानक दवाइयों के खिलाफ नाराजगी जताई।   डॉक्टरों ने जताई चिंता   एमटीए रतलाम के अध्यक्ष डॉ प्रवीण सिंह बघेल ने बताया कि शासकीय अस्पतालों में अमानक दवाइयां आवंटित की जा रही हैं, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसके कारण मरीजों की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों को जिम्मेदार ठहराया जाता है, जबकि असली गुनहगार कोई और होता है।   डॉक्टर और मरीज के परिजनों के बीच बढ़ रहे विवाद   डॉ बघेल ने कहा कि घटिया दवाइयों की वजह से मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार नहीं होता, जिससे डॉक्टरों और मरीजों के परिजनों के बीच झगड़े की नौबत आ जाती है। डॉक्टरों ने सरकार से मांग की है कि शासकीय अस्पतालों में गुणवत्ता वाली दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मरीजों को सही उपचार मिल सके और डॉक्टरों को अनावश्यक विवादों का सामना न करना पड़े।   प्रदर्शन में शामिल चिकित्सक   इस विरोध प्रदर्शन में मेडिकल टीचर एसोसिएशन रतलाम के सचिव डॉ देवेंद्र नरगावे, डॉ अनिल मीणा, डॉ योगेश तिलकर, डॉ देवेंद्र चौहान, डॉ शैलेंद्र डावर सहित कई अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।   डॉक्टरों की सरकार से मांग   डॉक्टरों ने सरकार से शासकीय अस्पतालों में दवाइयों की गुणवत्ता की जांच कराने और अमानक दवाइयों की आपूर्ति पर तुरंत रोक लगाने की मांग की। यदि इस मुद्दे पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो डॉक्टरों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।   डॉ प्रवीण सिंह बघेल, अध्यक्ष, मेडिकल टीचर एसोसिएशन रतलाम   डॉ देवेंद्र नरगावे, सचिव, मेडिकल टीचर एसोसिएशन रतलाम

Ratlam News: रतलाम में श्री गजानन महाराज शेगाव का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के जवाहर नगर एल कॉलोनी में श्री गजानन महाराज शेगाव का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम के आयोजक नितिन वैशाली बोरगांवकर ने बताया कि इस अवसर पर श्री गजानन महाराज की भव्य और आकर्षक झांकी सजाई गई तथा भक्तों ने बेसन भाकरी का भोग अर्पित किया।   कार्यक्रम का शुभारंभ आराधना भजन मंडल द्वारा भजनों से किया गया। भक्तों ने बाल चंद्रा सिद्धि गणेशा, श्री संत गजानंद सद्गुरु आमूचे वंदन स्वीकारा, कबीराचे वीणते शेले कोसधयचा राम, चल चल चल जाउनी पाडु गजानन बाबाला और ॐ नमः शिवाय शिवाय जय शिव शंकर जैसे भक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुति दी। भजनों में हारमोनियम पर हेमंत कुलकर्णी और तबले पर मनीष भंवरिया ने संगत की।   इस धार्मिक आयोजन में माया महेश, माधुरी सोहनी, कल्पना घाटपांडे, सीमा भोरकार, वंदना जलगांवकर, आसावरी मोघे, मुदुला करंदीकर, नीता मेहेदले, मीना मोये, जयश्री भट्ट, वंदना पोरवाल, सुनील महेश, रूपल बोरगावकर, समिधा बोरगावकर, राकेश पोरवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।   कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती की गई और सभी भक्तों के बीच प्रसादी वितरित की गई।

MP News: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 13 जोड़ों का विवाह सम्पन्न, वधुओं को 49 हजार की सहायता

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: शासन के निर्देशानुसार निराश्रित एवं निर्धन परिवार की कन्याओं के सामूहिक विवाह हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा आज विधायक सभागृह में सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 13 जोड़ों का विवाह विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस अवसर पर महापौर प्रहलाद पटेल ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सभी वर्गों के वर-वधु शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है। साथ उन्होंने स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि रतलाम नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करना चाहिए। योजना से आर्थिक बोझ हुआ कम भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को पूरे देश में अपनाया गया है और इससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हो रहा है। उन्होंने इस योजना को समाज के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। आगामी वर्ष में बढ़ेगी सहभागिता मनोहर पोरवाल ने सामूहिक विवाह के सफल आयोजन के लिए निगम परिषद, निगम अधिकारी, कर्मचारी और गायत्री परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष अधिक से अधिक जोड़ों को इस योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। योजना के अंतर्गत 49 हजार की आर्थिक सहायता पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित ने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार कई योजनाएँ संचालित कर रहै, जिनमें मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना एक अनूठी योजना है। इसके अंतर्गत वर-वधु का निःशुल्क विवाह कराया जाता है और वधु को 49 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। नगर निगम और सामाजिक संगठनों का योगदान इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद निशा सोमानी ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की जानकारी देते हुए नवविवाहित जोड़ों को बधाई दी। विवाह समारोह में पूर्व गृह मंत्री हिम्मत जी कोठारी, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट, लायंस क्लब समर्पण और रोटरी क्लब रतलाम मेन द्वारा वर-वधुओं को उपहार भेंट किए गए। इस आयोजन में हेमंत राहौरी, राजेंद्र पाटीदार, महापौर परिषद सदस्य धर्मेंद्र व्यास, मनोहरलाल राजू सोनी, श्रीमती सपना त्रिपाठी, पार्षद रणजीत टांक, योगेश पापटवाल, श्रीमती आयुषी सांकला, श्रीमती शबाना खान, पूर्व महापौर परिषद सदस्य पवन सोमानी, पार्षद प्रतिनिधि गौरव त्रिपाठी, राजेंद्र चौहान, शेरू पठान सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विकास शैवाल ने किया और आभार महापौर परिषद सदस्य धर्मेंद्र व्यास ने व्यक्त किया।

MP News: बजरंगदल शौर्य संगम; 29 मार्च को इंदौर में 50,000 कार्यकर्ताओं का महासंगम, रतलाम में हुई बैठक

इंदौर – पब्लिक वार्ता, जयदीप गुर्जर। MP News: आगामी 29 मार्च 2025 को इंदौर के चिमनबाग मैदान में बजरंगदल शौर्य संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मालवा प्रांत बजरंगदल के 50,000 कार्यकर्ताओं का विराट समागम होगा। इससे पूर्व सभी जिलों में त्रिशूल दीक्षा एवं “बनो बजरंगी – गाँव-गाँव संयोजक बनाओ” अभियान चलाए जाएंगे।  आयोजन को लेकर रतलाम जिले में बैठक संपन्न हुई।  जिला संयोजक मुकेश व्यास ने बताया प्रांत के सभी जिलों से कार्यकर्ता इंदौर में चारों दिशाओं से चयनित स्थानों पर एकत्र होकर, पंक्ति बद्ध होकर सभा स्थल तक पहुंचेंगे। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे एवं बजरंगदल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दोनेरिया मुख्य वक्ता होंगे। कार्यक्रम में ग्राम संयोजक से लेकर राष्ट्रीय संयोजक तक सभी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। रतलाम से भी अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं के इंदौर पहुंचने का लक्ष्य है।  कार्यक्रम का उद्देश्य जिला मंत्री गौरव शर्मा ने बताया शौर्य संगम का उद्देश्य बजरंगदल के ध्येय वाक्य – सेवा, सुरक्षा, संस्कार के साथ युवाओं को जागरूक करना है। इसके तहत— युवाओं में राष्ट्रभक्ति एवं धर्मभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना। नशामुक्त, सशक्त एवं संस्कारवान युवा तैयार कर समृद्ध भारत का निर्माण। विपरीत परिस्थितियों में सेवा भाव को मजबूत बनाना। हिंदू युवाओं को बजरंगदल से जोड़ने का महासंगठन अभियान। गौमाता, भारत माता, नारी सुरक्षा एवं मठ-मंदिर संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाना। रतलाम में बैठक हुई सम्पन्न इंदौर में होने वाले इस भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर रतलाम जिला इकाई की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभाग संगठन मंत्री अर्जुन गहलोत ने आगामी कार्यक्रम की योजनाओं को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभाग संयोजक विनोद शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला संयोजक मुकेश व्यास सामाजिक समरसता प्रमुख राहुल सोनी, जिला सह मंत्री पवन देवड़ा, जिला गो रक्षा प्रमुख मुन्नू कुशवाह, बजरंग दल जिला सह संयोजक आशु टांक, राहुल हाड़ा, राजा राम ओहरी, जिला सुरक्षा प्रमुख सोहम कटारिया, जिला बल उपासना प्रमुख लखन वर्मा, विद्यार्थी प्रमुख कृष्ण भामा समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जानकारी जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने दी।

Ratlam News: शीतल तीर्थ पर पंचकल्याणक अमृत महोत्सव सम्पन्न  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सैलाना मार्ग धामनोद स्थित जैन धर्मस्थल शीतल तीर्थ पर पंचकल्याणक महोत्सव के प्रथम वार्षिकोत्सव का दो दिवसीय आयोजन सोमवार को गुरु गुणानुवाद सभा के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुनि 108 श्री विनत सागर जी मुनिराज ने कहा कि मेरे जीवन का मंगलाचरण ही पूज्य गुरुदेव योगीन्द्र सागर जी महाराज से हुआ है। उनकी कृपा से ही मैंने संयम मार्ग को स्वीकार किया और आगे बढ़ता गया। गुरु गुणानुवाद सभा में उमड़े श्रद्धालु   इस विशेष आयोजन के अंतर्गत रविवार को महामस्तकाभिषेक हुआ, वहीं सोमवार को नित्याभिषेक के पश्चात दीपक गोधा परिवार द्वारा श्री ऋषिमण्डल विधान का पुण्यार्जन किया गया। इसके पश्चात गुरु गुणानुवाद सभा का आयोजन हुआ, जिसमें मुनि 108 श्री विनत सागर जी मुनिराज एवं श्रमणी आर्यिका 105 श्री विकाम्या श्री माताजी ससंघ का मंगल सानिध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा गुरुदेव योगीन्द्र सागर जी मसा के चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इस दौरान पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी (म.प्र. शासन), डॉ. अनुपम जैन (इंदौर), हँसमुख गांधी (इंदौर), पुखराज सेठी (जावरा), महेंद्र जैन (कोटा), सचिन काला (पुणे) सहित अनेक गुरु भक्त उपस्थित रहे। आर्यिका माताजी की श्रद्धांजलि   आर्यिका विगुंजन श्री माताजी ने भावांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बचपन में मैंने पूज्य योगीन्द्र सागर गुरुदेव के दर्शन किए थे, लेकिन उनकी स्मृतियाँ धुंधली थीं। बाद में जब मैंने उनके साहित्य का अध्ययन किया, तो उनके महान व्यक्तित्व से अत्यधिक प्रभावित हुई। इसी क्रम में आर्यिका विकाम्या श्री माताजी ने कहा कि लोग कहते हैं कि योगीन्द्र सागर जी अब नहीं हैं, लेकिन मेरा मानना है कि वे आज भी अपनी सर्व सिद्धियों के साथ शीतल तीर्थ पर विराजमान हैं। इन दो दिवसीय आयोजनों के दौरान मैंने स्वयं इस अनुभूति को महसूस किया। मुनि विनत सागर जी का श्रद्धा सुमन   मुनि विनत सागर जी ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गुरुदेव से मेरा पहला साक्षात्कार हुआ, तब मैंने संयम मार्ग को श्रेष्ठ माना। दूसरी बार जब एलक दीक्षा प्राप्त हुई, तब पुनः गुरुदेव के दर्शन प्राप्त हुए और उसी प्रेरणा से मैंने संयम के अगले चरण की ओर अग्रसर होने का निर्णय लिया। कार्यक्रम का संचालन राकेश जैन चपलमन ने किया। शीतल तीर्थ पर भक्तों का उमड़ा सैलाब   इस अमृत महोत्सव में देशभर से श्रद्धालु एवं गुरु भक्तों ने भाग लिया। गुरु गुणानुवाद सभा में पूज्य गुरुदेव के प्रति भक्तों की आस्था और प्रेम स्पष्ट रूप से झलक रहा था। आयोजन के सफल समापन पर क्षेत्र अधिष्ठात्री डॉ. सविता दीदी एवं प्रवक्ता राकेश पोरवाक ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Ratlam News: मातृ-पितृ पूजन में भावुक हुए नौनिहाल, लिया आशीर्वाद

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News:  भारतीय सनातन संस्कृति से नौनिहालों को जोड़ने के उद्देश्य से योग वेदांत सेवा समिति युवा सेवा संघ और महिला उत्थान मंडल द्वारा श्री कालिका माता गरबा प्रांगण में रविवार को भव्य मातृ-पितृ पूजन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने अपने माता-पिता का विधिवत पूजन कर चरण स्पर्श किया और उनका आशीर्वाद लिया। पूजन के दौरान भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जब माता-पिता और संतानें भावुक हो गईं।    संस्कारों से ओत-प्रोत रहा आयोजन   कार्यक्रम में विशेष अतिथि महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, संस्कार ऋषि दिनेश व्यास, राजराजेश्वरी देवी (उदासीन अखाड़ा), महर्षि शिवशंकर दवे, एमआईसी सदस्य विशाल शर्मा, प्रवीण तोगड़िया, महावीर भाई और पार्षद प्रतिनिधि राजेश माहेश्वरी उपस्थित रहे।   आयोजन के दौरान मातृ-पितृ को प्रयागराज के संगम का पवित्र जल प्रदान किया गया। साथ ही बाल संस्कार केंद्र के बच्चों ने एक लघु नाटिका प्रस्तुत कर समाज में माता-पिता के सम्मान का संदेश दिया।   संस्कारों की सिखलाई   मातृ-पितृ पूजन के इस धार्मिक अनुष्ठान में योग वेदांत सेवा समिति युवा सेवा संघ, महिला उत्थान मंडल के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस आयोजन ने समाज को एक बार फिर से माता-पिता के प्रति श्रद्धा और कर्तव्यबोध की प्रेरणा दी।

Ratlam News: शीतल तीर्थ वार्षिकोत्सव: महामस्तकाभिषेक के साथ अमृत महोत्सव का शुभारंभ  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: श्री शीतल तीर्थ (बांसवाड़ा रोड) पर वार्षिकोत्सव एवं महामस्तकाभिषेक का भव्य आयोजन मुनि 108 विनत सागर और आर्यिका विकाम्या श्री माताजी के ससंघ सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर तीर्थ क्षेत्र पर विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।   महामस्तकाभिषेक एवं ध्वजारोहण की मंगल क्रियाएं   प्रथम दिवस नित्याभिषेक के बाद ध्वजारोहण की मांगलिक क्रिया का सौभाग्य सरिता-महेन्द्र जैन (गुड़ वाला) परिवार, कोटा को प्राप्त हुआ। इसके पश्चात 51 फुट कृत्रिम कैलाश पर्वत पर विराजित 17 फुट ऊंची पद्मासन भगवान आदिनाथ की मूंगा वर्णी प्रतिमा का सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंचामृत से अभिषेक किया।   समाधिस्थ आचार्य योगीन्द्र सागर का अमृत महोत्सव   सोमवार को क्षेत्र के प्रेरणास्त्रोत, समाधिस्थ चतुर्थ पट्टाचार्य 108 योगीन्द्र सागर महामुनिराज का 65वां जन्मोत्सव अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान होंगे।   श्रद्धालुओं ने प्राप्त किया अभिषेक का सौभाग्य   इस आयोजन में मुख्य कलश सहित विभिन्न द्रव्यों से अभिषेक करने का सौभाग्य कई श्रद्धालु परिवारों को प्राप्त हुआ, जिनमें महेन्द्र-सरिता (कोटा), नरेन्द्र-संध्या रारा (गुवाहाटी), कमल-निशा ठोल्या (चेन्नई), पदम गांधी परिवार, विनोद प्रदीप दोषी परिवार, रतनलाल गोधा परिवार, पुखराज सेठी (जावरा), नरेश जैन परिवार (भिंड), मनोज जैन परिवार (भिंड), मीना-पवन चूड़ीवाला परिवार (इंदौर) और अन्य स्थानों से आए श्रद्धालु शामिल रहे।   ऐतिहासिक पंचकल्याणक की स्मृतियां हुईं जीवंत   क्षेत्र अधिष्ठात्री डॉ. सविता दीदी ने बताया कि गत वर्ष 21 से 26 फरवरी तक आचार्य 108 विशुद्धसागर मुनिराज और आचार्य सुन्दर सागर मुनिराज के ससंघ सानिध्य में पंचकल्याणक महोत्सव संपन्न हुआ था। उन्हीं स्मृतियों को जीवंत रखने हेतु इस वर्ष दो दिवसीय प्रथम वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।   कार्यक्रम का संचालन राकेश जैन ‘चपलमन’ ने किया तथा विधि विधान का निर्देशन पं. नितिन जैन ने किया। तीर्थ प्रवक्ता राकेश पोरवाल ने आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।   इस धार्मिक आयोजन ने भक्तों को अध्यात्म और भक्ति से सराबोर कर दिया।

0%