MP News: क्रिकेट मैच की जीत का जश्न बना बवाल, पथराव-आगजनी के बाद इलाके में शांति, 13 आरोपी गिरफ्तार

महू/इंदौर- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू में भारतीय क्रिकेट टीम की चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में जीत का जश्न अचानक हिंसा में बदल गया। जुलूस के दौरान पथराव और आगजनी की घटनाएं हुईं, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। हालात पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने सेना की क्विक रिस्पांस टीम को तैनात किया है। फिलहाल, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।   कैसे भड़की हिंसा?   भारतीय टीम की जीत के बाद 100 से ज्यादा लोग 50 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर जश्न मनाने निकले थे। जब यह जुलूस जामा मस्जिद के पास पहुंचा, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पथराव शुरू हो गया और कुछ गाड़ियों में आग भी लगा दी गई।   मस्जिद के बाहर पटाखों से बिगड़ा माहौल   इंदौर ग्रामीण एसपी हितिका वसल ने बताया कि जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने मस्जिद के बाहर पटाखे फोड़े, जिससे विवाद की स्थिति बन गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे।   इलाके में भारी पुलिस बल तैनात   हिंसा के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महू के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल बढ़ा दिया। कलेक्टर आशीष सिंह के अनुसार, स्थिति को देखते हुए सेना की 8 टुकड़ियां भी इलाके में तैनात कर दी गई हैं।    15 वाहन क्षतिग्रस्त, 6 से ज्यादा गाड़ियों में आग   मार्केट चौक, जामा मस्जिद, बतख मोहल्ला, धान मंडी और पत्ती बाजार सहित कई इलाकों में हिंसा फैल गई। इस दौरान 15 वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिनमें से 6 से ज्यादा गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।   13 लोग हिरासत में, फुटेज के आधार पर और गिरफ्तारियां होंगी   हिंसा के मामले में पुलिस ने 13 लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। महू थाने में इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है।   फिलहाल शांति, पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग जारी   अधिकारियों का कहना है कि हालात अब पूरी तरह नियंत्रण में हैं। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने अफवाहों से बचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।  

Indore News: विश्व श्रवण दिवस पर नुक्कड़ नाटक से जागरूकता, स्पीकर और ईयरफोन के अधिक प्रयोग से सुनने की क्षमता पर खतरा

इंदौर- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Indore News: डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल परिसर में 3 मार्च 2025 को विश्व श्रवण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर डीन डॉ. अनीता मूथा के नेतृत्व में और नाक, कान, गला रोग विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार मौर्य तथा सहायक प्राध्यापक डॉ. पवन कुमार शर्मा, डॉ. लोकेश भालोट और डॉ. हिमानी नरेश सिंह के मार्गदर्शन में 2024 बैच के विद्यार्थियों ने एक जागरूकता नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।   इस नाटक के माध्यम से बताया गया कि तेज आवाज में स्पीकर और ईयरफोन के लगातार इस्तेमाल से किस तरह कम उम्र में ही लोगों की सुनने की क्षमता प्रभावित हो रही है। धीरे-धीरे यह आदत बहरेपन का कारण बन सकती है। नुक्कड़ नाटक के बाद नाक, कान, गला रोग विभाग के विशेषज्ञों ने मरीजों को इससे होने वाली समस्याओं और उनके समाधान के बारे में जानकारी दी।   ### सुनने की क्षमता को सुरक्षित रखने के लिए डॉक्टरों की सलाह   – तेज आवाज में ईयरफोन या स्पीकर का कम से कम उपयोग करें।   – लगातार ईयरफोन लगाने से बचें, हर 30 मिनट में ब्रेक लें।   – अगर सुनने में दिक्कत हो रही है तो तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं।   – स्वस्थ कानों के लिए नियमित जांच करवाएं और संतुलित आहार लें।   कम उम्र में ही सुनने की समस्या के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, ताकि लोग अपनी सुनने की क्षमता के प्रति जागरूक हों और तेज आवाज के दुष्प्रभावों से बच सकें।

MP News: बजरंगदल शौर्य संगम; 29 मार्च को इंदौर में 50,000 कार्यकर्ताओं का महासंगम, रतलाम में हुई बैठक

इंदौर – पब्लिक वार्ता, जयदीप गुर्जर। MP News: आगामी 29 मार्च 2025 को इंदौर के चिमनबाग मैदान में बजरंगदल शौर्य संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मालवा प्रांत बजरंगदल के 50,000 कार्यकर्ताओं का विराट समागम होगा। इससे पूर्व सभी जिलों में त्रिशूल दीक्षा एवं “बनो बजरंगी – गाँव-गाँव संयोजक बनाओ” अभियान चलाए जाएंगे।  आयोजन को लेकर रतलाम जिले में बैठक संपन्न हुई।  जिला संयोजक मुकेश व्यास ने बताया प्रांत के सभी जिलों से कार्यकर्ता इंदौर में चारों दिशाओं से चयनित स्थानों पर एकत्र होकर, पंक्ति बद्ध होकर सभा स्थल तक पहुंचेंगे। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे एवं बजरंगदल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दोनेरिया मुख्य वक्ता होंगे। कार्यक्रम में ग्राम संयोजक से लेकर राष्ट्रीय संयोजक तक सभी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। रतलाम से भी अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं के इंदौर पहुंचने का लक्ष्य है।  कार्यक्रम का उद्देश्य जिला मंत्री गौरव शर्मा ने बताया शौर्य संगम का उद्देश्य बजरंगदल के ध्येय वाक्य – सेवा, सुरक्षा, संस्कार के साथ युवाओं को जागरूक करना है। इसके तहत— युवाओं में राष्ट्रभक्ति एवं धर्मभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना। नशामुक्त, सशक्त एवं संस्कारवान युवा तैयार कर समृद्ध भारत का निर्माण। विपरीत परिस्थितियों में सेवा भाव को मजबूत बनाना। हिंदू युवाओं को बजरंगदल से जोड़ने का महासंगठन अभियान। गौमाता, भारत माता, नारी सुरक्षा एवं मठ-मंदिर संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाना। रतलाम में बैठक हुई सम्पन्न इंदौर में होने वाले इस भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर रतलाम जिला इकाई की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभाग संगठन मंत्री अर्जुन गहलोत ने आगामी कार्यक्रम की योजनाओं को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभाग संयोजक विनोद शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला संयोजक मुकेश व्यास सामाजिक समरसता प्रमुख राहुल सोनी, जिला सह मंत्री पवन देवड़ा, जिला गो रक्षा प्रमुख मुन्नू कुशवाह, बजरंग दल जिला सह संयोजक आशु टांक, राहुल हाड़ा, राजा राम ओहरी, जिला सुरक्षा प्रमुख सोहम कटारिया, जिला बल उपासना प्रमुख लखन वर्मा, विद्यार्थी प्रमुख कृष्ण भामा समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जानकारी जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने दी।

MP News: राष्ट्रीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर चैंपियनशिप में रतलाम मंडल के मोहम्मद हुसैन खान ने जीता कांस्य पदक

इंदौर- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित यशवंत क्लब में 4 से 10 फरवरी 2025 तक आयोजित 91वीं राष्ट्रीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर चैंपियनशिप में पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के मोहम्मद हुसैन खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।   रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में कार्मिक विभाग में कार्यालय अधीक्षक के रूप में कार्यरत मोहम्मद हुसैन खान ने लगातार दूसरी बार इस प्रतियोगिता में पदक जीतकर न केवल रतलाम मंडल बल्कि पश्चिम रेलवे और भारतीय रेलवे का भी गौरव बढ़ाया है।   उनकी इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने उन्हें सम्मानित करते हुए भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर रतलाम मंडल खेलकूद संघ के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर कर्षण परिचालन महेश कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।   मोहम्मद हुसैन खान की इस सफलता पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अशफाक अहमद सहित मंडल के अन्य अधिकारियों ने भी उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।    मोहम्मद हुसैन खान की खेल उपलब्धियां   – लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर चैंपियनशिप में पदक जीता   – भारतीय रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया   – पश्चिम रेलवे और रतलाम मंडल के लिए गर्व का विषय बने   (खेल अपडेट्स और रेलवे से जुड़ी खबरों के लिए हमें फॉलो करें)

MP News: महिला सशक्तिकरण की प्रतीक: देवी अहिल्याबाई होल्कर  

 लेखिका ममता चंद्रशेखर की पुस्तक “युगंधरा देवी अहिल्याबाई होल्कर” का भव्य विमोचन   इंदौर- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: महिला सशक्तिकरण और आदर्श नेतृत्व का दूसरा नाम देवी अहिल्याबाई होल्कर हैं। इन्हीं के जीवन और संघर्षों को लेखिका डॉ. ममता चंद्रशेखर ने अपनी पुस्तक “युगंधरा देवी अहिल्याबाई होल्कर” में उतारा है। बुधवार को मध्य भारत हिंदी साहित्य समिति के सभागार में इस पुस्तक का विमोचन किया गया।    समारोह में विशिष्ट जनों की उपस्थिति   इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल सदाशिव कोकजे, महापौर पुष्पमित्र भार्गव, होलकर वंशज श्रीमंत उदय सिंह होलकर, पद्मश्री सत्येन सिंह लोहिया, लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष चंद्रशेखर रायकवार, पूर्व कुलपति नरेंद्र धाकड़, डॉ. माला ठाकुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।   इतिहास को वर्तमान से जोड़ने का प्रयास   पुस्तक पर चर्चा करते हुए लेखिका डॉ. ममता चंद्रशेखर ने कहा, इस कृति के माध्यम से मैंने इतिहास को वर्तमान से जोड़ने का प्रयास किया है। इसमें स्वर्गीय वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण कुमार अष्ठाना का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। यह पुस्तक देवी अहिल्याबाई द्वारा किए गए महान कार्यों के महासागर में एक छोटी सी बूंद के समान है।   देवी अहिल्याबाई: सशक्त महिला नेतृत्व का आदर्श   कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल सदाशिव कोकजे ने कहा, हम सभी को अहिल्याबाई होल्कर के कार्यों का प्रचार-प्रसार करने के साथ उन्हें आत्मसात भी करना चाहिए। वहीं, होलकर परिवार के श्रीमंत उदय सिंह होलकर ने कहा, अहिल्याबाई हर महिला के लिए एक आदर्श हैं, जिनका अनुसरण किया जाना चाहिए।   अहिल्याबाई से सीखें संपूर्ण नारीत्व   कार्यक्रम में डॉ. माला ठाकुर ने कहा, हम अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती मना रहे हैं। ऐसे में इस तरह की पुस्तकें नई पीढ़ी को प्रेरित करेंगी। अहिल्याबाई सिखाती हैं कि एक स्त्री अच्छी बेटी, पत्नी, बहू, मां और कुशल प्रशासक कैसे बन सकती है। विषम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों को कैसे निभाना चाहिए, यह उनसे सीखना चाहिए।   23 वर्षों की 23 पुस्तकों की प्रदर्शनी का उद्घाटन   इस अवसर पर लेखिका ममता चंद्रशेखर की 23 वर्षों में लिखी गई 23 पुस्तकों की प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया।   कार्यक्रम का संचालन एवं समापन   कार्यक्रम का संचालन डॉ. कला जोशी ने किया और प्रो. वंदना जोशी ने कार्यक्रम की जानकारी दी।  

MP News: आजीवन कारावास की सजा काट रहे पति को हाइकोर्ट से मिली जमानत, पत्नी की हत्या का है आरोप

रतलाम/ इंदौर – पब्लिक वार्ता, जयदीप गुर्जर। MP News: जीआरपी थाना रतलाम में वर्ष 2020 में दर्ज पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी विकास टाक को हाईकोर्ट ने जमानत दे दी है। इस मामले में रतलाम जिला कोर्ट में पंचम सत्र न्यायाधीश शैलेन्द्र भदकारिया द्वारा 10 अक्टूबर 2023 को आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। आरोपी ने अपनी सजा के खिलाफ माननीय उच्च न्यायालय खंडपीठ, इंदौर में अपील दायर की थी। आरोपी की ओर से एडवोकेट अभिषेक त्रिपाठी ने पैरवी की। त्रिपाठी ने बताया 17 जनवरी 2025 को मामले की सुनवाई डिवीजन बेंच के जस्टिस विवेक रूसिया और जस्टिस प्रणय वर्मा के समक्ष हुई। एडवोकेट त्रिपाठी ने अदालत के समक्ष तथ्यों और दलीलों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया, जिसके बाद डिवीजन बेंच ने आरोपी के जमानत आवेदन को स्वीकार कर लिया। गौरतलब है कि इससे पहले भी आरोपी को इलाज के लिए दो बार अंतरिम जमानत दी जा चुकी थी। उच्च न्यायालय के इस निर्णय से मामले में एक नया मोड़ आया है।

KUMBH MELA 2025 : मध्यप्रदेश के इन शहरों से महाकुंभ में जाने के लिए मिलेगी सीधी ट्रेन, 21 दिसंबर से बुकिंग होगी शुरू

इंदौर – पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। KUMBH MELA 2025: जनवरी 2025 में प्रयागराज में शुरू होने वाले महाकुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने डॉ. अंबेडकर नगर और बलिया के बीच कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन (09371/09372) चलाने की घोषणा की है। यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में चार-चार फेरे लगाएगी।  ट्रेन का समय और मार्गगाड़ी संख्या 09371 डॉ. अंबेडकर नगर-बलिया कुंभ स्पेशल 22 और 25 जनवरी, 2025 तथा 8 और 22 फरवरी, 2025 को दोपहर 1:45 बजे डॉ. अंबेडकर नगर से रवाना होगी। यह ट्रेन रतलाम मंडल के इंदौर (2:30/2:40), उज्जैन (3:55/4:05), और शुजालपुर (5:58/6:00) समेत अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन शाम 7:15 बजे बलिया पहुंचेगी।  वापसी में गाड़ी संख्या 09372 बलिया-डॉ. अंबेडकर नगर कुंभ स्पेशल 23 और 26 जनवरी, 2025 तथा 9 और 23 फरवरी, 2025 को रात 11:45 बजे बलिया से चलेगी। यह शुजालपुर (1:27/1:29), उज्जैन (3:40/3:50), और इंदौर (4:50/5:00) होते हुए अगले दिन सुबह 5:30 बजे डॉ. अंबेडकर नगर पहुंचेगी।  स्टेशनों पर ठहराव और कोच की संरचनायह ट्रेन दोनों दिशाओं में इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंज बासौदा, बीना, ललितपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, चुनार, वाराणसी, जौनपुर, औंड़िहार और गाजीपुर सिटी स्टेशनों पर रुकेगी।  इस ट्रेन में सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल सेकेंड क्लास कोच की सुविधा होगी।  बुकिंग की शुरुआतट्रेन संख्या 09371 की बुकिंग 21 दिसंबर, 2024 से सभी पीआरएस काउंटर और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगी।  यात्रा से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर अवलोकन कर सकते हैं।  महाकुंभ मेले के लिए यह विशेष ट्रेन यात्रा को सरल और सुविधाजनक बनाने का प्रयास है। श्रद्धालु समय पर अपनी बुकिंग कर योजना बना सकते हैं।

Indore News : भूतपूर्व छात्र मिलन समारोह, छात्रों ने दी सामाजिक एकता की मिसाल, आदिवासी परंपरा में झूमे पूर्व छात्र

इंदौर – पब्लिक वार्ता,प्रदीप रावत। राजीव गांधी बालक छात्रावास, भंवरकुआ में भूतपूर्व छात्र मिलन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने सामाजिक एकता का संदेश दिया। इस विशेष आयोजन में अनुसूचित जनजाति हॉस्टल के पूर्व छात्रों ने वर्तमान छात्रों के साथ मिलकर कार्यक्रम का आनंद लिया। समारोह में आदिवासी परंपरा के वाद्य यंत्रों—ढोल, फेफरिये—की धुन पर सभी ने जमकर नृत्य किया। पूर्व छात्रों का पुष्पहार से स्वागत किया गया और ट्रॉफी के रूप में स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। (Indore News) अतीत से वर्तमान तक का सफरराजीव गांधी बालक छात्रावास में सन 1993 से 2024 तक शिक्षा प्राप्त करने वाले पूर्व छात्रों ने इस मिलन समारोह का आयोजन किया, जिसमें कई पूर्व छात्र आज शासकीय पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने अनुभवों को वर्तमान छात्रों के साथ साझा किया और उन्हें भविष्य की शिक्षा व्यवस्था के बारे में मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और एक-दूसरे का पुष्पों की वर्षा से स्वागत किया। समारोह में सम्मानित हुए वरिष्ठ अधिकारीइस अनूठे मिलन समारोह में कई सरकारी कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए, जिनमें एमपीबी के मुख्य महाप्रबंधक श्री प्रकाश चौहान, सहायक संचालक रविंद्र देवड़ा, आबकारी अधिकारी रमेश सिसोदिया, पीडब्ल्यूडी के देवराम मालवीय, सहायक मानचित्रकार जामसिंह चौहान, और असिस्टेंट प्रोफेसर सज्जन सिंह मौर्य प्रमुख थे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस मिलन समारोह का हिस्सा बने। अनुभवों का साझा करनाकार्यक्रम में भूतपूर्व छात्रों ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानियां सुनाई, जिससे वर्तमान छात्रों को प्रेरणा मिली। उन्होंने बताया कि छात्रावास के दिन उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा थे, और अब वे अपने कार्यक्षेत्र में भी उसी लगन और एकता को बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। इस भव्य आयोजन का संचालन  वीरेंद्र पटेल, सुरेश चौहान, सुरेंद्र डोडवे, मनोहर मडलोई, मगन भाबर और महेश गिरवाल द्वारा किया गया। इस भूतपूर्व छात्र मिलन समारोह ने न केवल छात्रों के बीच सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश फैलाया, बल्कि यह भी साबित किया कि शिक्षा के माध्यम से कैसे व्यक्ति समाज में अपने कर्तव्यों को पूरा कर सकता है।

स्वच्छता पर सख्ती : महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया औचक निरीक्षण, नदारद मिला जोनल ऑफिसर

3 दिन में डिस्पोजल हटाने की चेतावनी, एनजीओ पर लगाई पैनल्टी इंदौर – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा सोमवार सुबह विधानसभा चार के अंतर्गत झोन क्रमांक 2 के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था एवं विकास कार्यों के संबंध में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल, महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, पार्षद प्रतिनिधि रामबाबू राठौर, अपर आयुक्त देवधर दरवई, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी अखिलेश उपाध्याय, क्षेत्रिय स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसआई एवं अन्य उपस्थित थे। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल द्वारा झोन क्रमांक 2 के अंतर्गत विभिन्न स्थानों जिनमे मालगंज, राजमोहल्ला, सब्ज़ी मंडी, इतवारिया बाज़ार, बियाबानी ,भक्त प्रहलाद नगर, नालियाँ बाख़ल, कपड़ा बाज़ार, सीतलामाता बाजार,एम टी क्लॉथ मार्केट, खजूरी बाज़ार आदि स्थानों का दौरा किया गया। जताई नाराजगी, जोनल ऑफिसर पर कार्रवाईनिरीक्षण के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा राज मोहल्ला सब्ज़ी मंडी में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही बिना सूचना के छुट्टी पर गए ज़ोन क्रमांक 02 (जोनल ऑफिसर) के खिलाफ विधिवत कार्रवाई के निर्देश अपर आयुक्त देवधर दरवई को दिए। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सीएसआई को कचरा फैलाने वालों के खिलाफ चलानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, इसके अलावा, उन्होंने इतवारिया रोड पर सड़क पर बने धार्मिक स्थल को शिफ्ट कर सड़क मार्ग को पूरी तरह चालू करने के निर्देश दिए। महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा इतवारिया बाज़ार में सड़क मार्ग के बीच में लगी डीपी को भी शीघ्र शिफ्ट करने के लिए कहा गया। इसके साथ ही कपड़ा मार्केट के टॉयलेट की सफाई व्यवस्था के लिए निर्देश दिया कि सभी बाथरूम की रोजाना सफाई सुनिश्चित की जाए। 3 दिन में हटा लें डिस्पोजल, एनजीओ पर पैनल्टीमार्केट अध्यक्ष ने महापौर से कचरा फैलाने वालों पर कठोर चलानी कार्रवाई करने की अपील की, जिसके प्रति महापौर ने सहमति जताई। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि चाय बेचने वालों को 3 दिन का समय दिया जाए ताकि वे डिस्पोजल हटा लें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सफाई से जुड़े मुद्दों को लेकर एनजीओ द्वारा अनदेखी करने पर महापौर ने पेनल्टी लगाने के निर्देश भी दिए। कपड़ा मार्केट में बनी स्मार्ट पार्किंग को लेकर महापौर ने मार्केट अध्यक्ष से कहा कि व्यापारियों को पास जारी किए जाएं ताकि वे अपनी गाड़ियां पार्किंग में ही खड़ी करें और इसके लिए व्यापारी संघ पास बनाए।

Indore News : ‘मैं हूँ ट्रैफिक मित्र’ अभियान को मिला विधायक महेंद्र हार्डिया का साथ, हेलमेट पहनने वालों को भेंट किया गुलाब

इंदौर – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। पूर्व मंत्री और विधायक महेंद्र हार्डिया ने पिपलियाहाना चौराहे पर ‘मैं हूँ ट्रैफिक मित्र’ अभियान में हिस्सा लिया और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया। उन्होंने हेलमेट पहनने वालों को गुलाब की कलिया देकर सम्मानित किया और नियम तोड़ने वालों को समझाइश दी। हार्डिया ने कहा, “सड़क सुरक्षा हमारे शहर की प्राथमिकता है और हम चाहते हैं कि हर नागरिक यातायात नियमों का पालन करे और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करे। इस अभियान के माध्यम से हम लोगों को जागरूक करना चाहते हैं और सड़क सुरक्षा में जनभागीदारी को बढ़ावा देना चाहते हैं।” इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुशील तिवारी, सहायक पुलिस आयुक्त मनोज खत्री, क्षेत्रीय पार्षद राजीव जैन, और ट्रैफिक मित्र अभियान के कोऑर्डिनेटर ऋषभ बागोरा, नेहा शर्मा, विवेक सिन्हा, सार्थक गानु सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। ‘मैं हूँ ट्रैफिक मित्र’ अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क सुरक्षा में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। इस अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह के शनिवार और रविवार को जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्था, विभिन्न प्रकार के नौकरी पेशा लोग व कॉलेज के छात्र सहित आमजन शहर के व्यस्ततम चौराहों पर शाम साढ़े 5 से 8 बजे तक अपनी सेवा दे रहे हैं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए इंदौर के सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे इस पहल का हिस्सा बनें और अपने शहर को सुरक्षित बनाने में योगदान दें।