चुनावी घमासान : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की कांग्रेस की तुलना कंस से, सरवन और बांगरोद में हुई आम सभा

निवेश क्षेत्र में 50 प्रतिशत काम रतलाम के लोगो को मिलेगा – केबिनेट मंत्री काश्यप पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार अनिता नागरसिंह चौहान के समर्थन में आमसभा को संबोधित किया। सैलाना के सरवन और बांगरोद में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री यादव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस की तुलना कंस युग से की। यादव ने कहा हम सभी देवी देवताओं को मानने वाले लोग हैं। जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है। लेकिन आज कंस का युग याद कर ले या कांग्रेस का, दोनों एक जैसे है। इनकी निगाह और नियत खराब है। आज मैं कूलर में खड़ा हूं, माइक से बोल रहा हूं लेकिन पहले लाइट ही नहीं रहती थी, ऐसे हालात कांग्रेस ने कर रखे थे। यही कारण है कि आज पूरे देश से कांग्रेस को ठुकरा रहे है। मुख्यमंत्री मोहन यादव पहले रतलाम के सैलाना विधानसभा के सरवन में पहुंचे और आमसभा को संबोधित किया। इसके बाद रतलाम ग्रामीण विधानसभा के ग्राम बांगरोद पहुंचे। सभा में कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप,भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय एवं भाजपा प्रत्याशी अनीता नागरसिंह चौहान मौजूद रहे। बांगरोद में मुख्यमंत्री जी ने सभा स्थल के समीप स्थित बाबा खाटूश्याम मंदिर पहुंचकर दर्शन भी किए। सभा में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि भाजपा आदिवासी अंचल में विकास की धारा लाने का काम कर रही है। नल-जल योजना से लेकर प्रधानमंत्री आवास तक कई काम हुए है। सड़कों की हालत सुधरी है। यहां निर्माण के कई कार्यों को गति दी गई है। सिंचाई का पानी और पेयजल की व्यवस्था 12 महीने करने की योजना पर काम कर रहे है। अनिता नागर सिंह चौहान जितेगी तो सांसद के साथ एक और कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान भी आपको मिलेगा। रतलाम के पास जो निवेश क्षेत्र बन रहा है, उसमें 50 प्रतिशत काम रतलाम जिले के लोगों को मिलेगा, यह सुनिश्चित किया गया है। शिक्षा के लिए सीएम राइज स्कूल भी खुले है। मोदी जी ने दस साल में देश को गति दी है। क्षेत्र के विकास के लिए मैं हमेशा तत्पर रहूंगा। बांगरोद में आमसभा को संबोधित करते हुए ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर ने कहा कि आपने मुझे 35 हजार मतों से जिताया था, अब बहन अनिता नागर सिंह चौहान को 51 हजार से जिताएंगे, यह हमने संकल्प लिया है और सबको मिलकर इसे पूरा करना है। भाजपा प्रत्याशी अनीता नागर सिंह चौहान ने कहा मुझे भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है और मैं आपसे आशीर्वाद लेने आई हूं। 13 मई को वोट करने जाए और कमल का बटन दबाए। ये वोट सीधे मोदी जी को जाएगा। विकसित भारत के लिए जाएगा। इससे आपके क्षेत्र में विकास के काम को और अधिक गति मिल सकेगी, क्योंकि कैबिनेट मंत्री और मुख्यमंत्री जी मेरे साथ है। आमसभा के दौरान जिला महामंत्री संगीता चारेल, निर्मल कटारिया, सैलाना विधानसभा प्रभारी दिलीप मकवाना, विधानसभा संयोजक भंवरलाल डोडियार, सह संयोजक भूपेंद्र जायसवाल, रतलाम ग्रामीण विधानसभा प्रभारी अशोक पोरवाल, संयोजक कन्हैयालाल पाटीदार, सह संयोजक अशोक पण्ड्या आदि मंचासीन रहे। ये कांग्रेस नेता भाजपा में शामिलमुख्यमंत्री डॉ यादव की उपस्थिति में बांगरोद की जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने ब्लॉक संगठन मंत्री वेद प्रकाश पाटीदार, पूर्व सहकारी समिति अध्यक्ष अनोखीलाल चौहान, कांग्रेस नेता राधेश्याम पाटीदार, वजेराम मालवीय धनेसरा, अनोखी लाल पाटीदार और हिम्मत सिंह बरबोदना को कांग्रेस में शामिल किया।

रक्तदान के बाद अब मतदान की बारी: जन अभियान परिषद ने किया रक्तदान शिविर आयोजित, 13 मई को शत प्रतिशत मतदान की ली शपथ

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा स्वर्गीय ठा. सज्जनसिंह  सोलंकी की द्वितीय पुण्यतिथि पर रक्‍तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर शहर के मानव सेवा समिति रक्‍त केन्‍द्र पर रखा गया। शिविर से पहले परिषद के सदस्यों ने मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से वाहन रैली निकाली। जिसके बाद शिविर स्थल पर पहुंचकर शतप्रतिशत मतदान कि शपथ ली। इस दौरान समाजकार्य विषय के विद्यार्थियों का उत्‍कृष्‍ट कार्य करने के लिए सम्‍मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि श्रंगेरी मठ के दंडी स्‍वामी संतश्री आत्‍मानंद जी सरस्‍वती, मानव सेवा समिति अध्‍यक्ष मोहनलाल मुरलीवाला, विशेष अतिथि विजेन्‍द्र सिंह चौहान रहे। वहीं अध्‍यक्षता परिषद के जिला समन्‍वयक रत्‍नेश विजयवर्गीय के द्वारा की गई। मुख्‍य अतिथि श्रंगेरी मठ दंडी स्‍वामी संतश्री आत्‍मानंद सरस्‍वती ने कहा कि भारत कि संस्‍कृति और संस्‍कार सदैव परहित के लिये प्रेरित करते है आज युवाओं ने रक्‍तदान ऐसे लोगों के लिये जिन्‍हे वे जानते भी नही और उनके रक्‍त से उनकी जान भी बचाई जा सकती है और उन्‍होने कहा कि आने वाली 13 मई को प्रत्येक मतदाता को मतदान अवश्‍य करना चाहिए।  यह हमारे राष्ट्र व धर्म के विकास के लिए बहुत आवश्यक है। मानव सेवा समिति के अध्यक्ष मोहनलाल मुरलीवाला ने कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए उनका सम्मान किया और कहा ऐसे कार्यकर्ता लगातार ऐसे कार्य करते रहेंगे तो समाज में एक नया बदलाव आएगा। जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गी ने सामाजिक कार्यों के उदाहरण देते हुए कहा कि हम सब वर्ष भर की अनेक गतिविधियों के माध्यम से समाज और शासन की योजनाओं के लिए लगातार प्रचार प्रसार के साथ-साथ सकारात्मक माहौल पैदा करने हेतु समाज सेवा के कार्य करते आए है। विकासखंड रतलाम समन्वयक शैलेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में समाज सेवा में श्रेष्ठ कार्य करने वाली एमएसडब्ल्यू की सक्रिय छात्रा राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका श्रीमती सीमा अग्निहोत्री का परिषद के पदाधिकारी द्वारा स्मृति चिन्ह देखकर सम्मानित किया गया। श्रीमती अग्निहोत्री ने कहा कि यह पाठ्यक्रम मेरे समाज सेवा के कार्य को आगे बढ़ाने के लिए एक सार्थक रहा है विकासखंड समन्वयक शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए परिषद की टीम के द्वारा वर्ष भर किए गए सामाजिक कार्यों की जानकारी उपस्थित समस्त समाजसेवियों को दी। इस अवसर पर परिषद के सीएससीएलडीपी छात्र-छात्राएं, नगर/ग्राम प्रस्फुटन समिति के कार्यकर्ता एवं परामर्शदाता आशीष यादव, प्रदीप बिडवाल सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र श्रेष्ठ, ओमप्रकास  पाटीदार, महावीर बैरागी आदि उपस्थित रहे।

कांग्रेस का जनसंपर्क तेज : कांतिलाल भूरिया के समर्थन में घर-घर पहुंच रहे कार्यकर्ता, सम्मेलन में जुटे कांग्रेसी नेता

करो या मरो की लड़ाई, भाजपा जीती तो 5 साल तक होगा डाकू राज – विक्रांत भूरिया पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। 13 मई को चौथे चरण की वोटिंग होगी। कांग्रेस के कार्यकर्ता व पार्टी पदाधिकारी घर – घर पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे है। कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के समर्थन में  लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क एवं नुक्कड़ सभा हो रही है। शनिवार को डोंसीगांव, जावरा रोड, होमगार्ड कॉलोनी, में नुक्कड़ सभा व जनसंपर्क कार्यक्रम पूरा हुआ। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना गारंटी कार्ड व पेंपलेट वितरित किया। इसके अलावा कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन शहर के राजपूत बोर्डिंग में संपन्न हुआ। जहां कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के बेटे और झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने जमकर भाजपा पर निशाना साधा। सम्मेलन में सेकड़ों कांग्रेसी नेता शामिल हुए। जनसंपर्क के  दौरान शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र कटारिया अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पर्यवेक्षक डॉ. मनोज उपाध्याय, पारस दादा सकलेचा, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, कार्यवाहक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना, कमरुद्दीन कछवाय, ब्लॉक अध्यक्ष बसंत पंड्या, वीरेंद्र प्रताप सिंह, सोहल काजी, पार्षद सलीम बागवान, जोएब आरिफ, शीतल सेन, राहुल दुबे, अकरम खान, कादिर अब्बासी, शंकर गिरी, निर्मल प्रजापति, संजय गिरी, विजय पंड्या लाला, विकास पालीवाल, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय रहवासी उपस्थित थे। चेन से रहना है तो जागना और जीतना पड़ेगा- डॉ. भूरियारतलाम पहुंचे झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा की अगर चैन से रहना है तो जागना पड़ेगा। यह चुनाव करों या मरो की लड़ाई है। अगर इसमें नहीं जीते तो फिर जनता को 5 साल तक गुंडागर्दी और डाकू राज में रहना पड़ेगा। यह लड़ाई हमारी डाकू राज के खिलाफ है। क्योंकि अब बहुत हुआ जिस तरह हमारे लोगों को डरा धमकाकर परेशान किया जाता है अब उन्हें मुंह तोड़ जवाब देना पड़ेगा।  विक्रांत ने हमलवार अंदाज में भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया की भाजपा ने चोर के हाथ में चाबी दे दी है, इन सब की असलियत जाननी है तो अलीराजपुर के व्यारियों से पूछों। इसलिए तो नगर पालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी अलीराजपुर से आज तक नहीं जीत पाई है। भाजपा झूठ पर आधारित है वह जो भी कुछ कहती है उसका उल्टा ही रहता है। लाडली बहनों के खाते में अभी तक 3 हजार रुपए नहीं आएं और कांग्रेस की सरकार बनी तो 8500 रुपए खाते में आएंगे। हर किसान का कर्जा माफ होगा, पढ़े लिखे युवा को 1 लाख रुपए की नौकरी गारंटी देंगे। सम्मेलन की शुरुआत में स्वागत भाषण देते हुए शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने कहा कि हमारे कांग्रेस के हर कार्यकर्ताओं को गर्व है कि वह एक ऐसी पार्टी से जुड़ा है जिसका इतिहास बलिदान और त्याग कर रहा है। कांतिलाल भूरिया जी ने रतलाम को अनेक सौगात दी है। सम्मेलन को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सचिव कुलदीप इंदौरा, लोकसभा चुनाव समन्वयक संजय कामले, डॉ मनोज उपाध्याय, पारस दादा सकलेचा, शांतिलाल वर्मा, यासमीन  शेरानी, कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना, राजीव रावत,  सुजीत उपाध्याय, मनोहर पचोरी आदि ने  संबोधित किया। अतिथियों का स्वागत महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर, फैयाज मंसूरी संगठन मंत्री मांगीलाल जैन, प्रवक्ता जोएब आरिफ, ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, सोहेल काजी, गणेश यादव, आशा रावत, सय्यद वुसत, वहीद शेरानी, नासिर कुरेशी, सतीश पुरोहित ,राकेश झालानी, रजनीकांत व्यास, कपिल मजावड़िया, सोनू व्यास, मुस्तफा स्टेशन वाला, शीतल सेन, अमर सिंह शेखावत, संगीता काकरिया, हितेश पेमाल, कविता महावर, शाबीर हुसैन, फखरुद्दीन मंसूरी, ने किया।कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष बसंत पंड्या ने किया व आभार नगर निगम उपनेता कमरुद्दीन कछवा ने माना।वेब

तो जाएगा मंत्री पद! : अमित शाह की चेतावनी के बाद प्रदेश के 3 मंत्रियो की साख का सवाल बनी रतलाम लोकसभा सीट

8 विधानसभा में केवल 4 पर भाजपा, पिछली बार हुआ था 75.47 प्रतिशत मतदान पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। लोकसभा 2024 के पहले चरण में घटते वोटिंग प्रतिशत ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को चिंता में डाल दिया है। मध्यप्रदेश में हुए पहले चरण की वोटिंग में कई मंत्रियों के क्षेत्र में पिछली बार के मुकाबले कम वोटिंग हुई। चुनावी विशेषज्ञों की माने तो कम वोटिंग का असर सीधे सीधे भाजपा को नुकसान देता है। जिसे भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी बखूबी जनता है। पहले चरण के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भोपाल में बैठक ली। इसमें मध्यप्रदेश के बीजेपी नेता शामिल हुए। इस बैठक में उन्होंने कहा- जिन मंत्रियों के इलाके में मतदान प्रतिशत कम होगा, उनका मंत्री पद चला जाएगा। बदले में उन विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा, जिनके क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ेगा। हालांकि, अमित शाह ने ये नहीं बताया कि कितने फीसदी कम वोटिंग पर मंत्रियों का पद जा सकता है। शाह की चेतावनी के बाद रतलाम लोकसभा सीट के 3 मंत्रियों की साख दांव पर लगी है। अगर यहां वोटिंग प्रतिशत कम होता है तो तीनो मंत्रियों के मंत्री पद खतरे में पड़ सकते है। संभवतः रतलाम लोकसभा इकलौती ऐसी सीट है जहां तीन कैबिनेट मंत्री मौजूद है। जिनमें चेतन्य काश्यप (सूक्ष्म एवं लघु उद्योग), निर्मला भूरिया (महिला एवं बाल विकास) और नागरसिंह चौहान (वन,पर्यावरण एवं अनुसूचित जाति विकास) शामिल है। ऐसे में भाजपा हाइकमान वोटिंग प्रतिशत घटने नहीं देने की पूरी कोशिश में जुट गया है। आपको बता दे 2019 के लोकसभा चुनाव में करीब 75.47 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। 2024 के चुनाव में रतलाम सीट से इस बार भाजपा ने गुमान सिंह का टिकट काटकर कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान की पत्नी और अलीराजपुर जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता चौहान को दिया है। इनके सामने इंडिया ब्लॉक से कांतिलाल भूरिया उम्मीदवार चुने गए हैं। 50 – 50 का मुकाबला, रतलाम देता है लीड2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 49.7 व कांग्रेस को 43.2 प्रतिशत वोट मिले थे। गौरतलब है की रतलाम लोकसभा सीट के अंतर्गत 8 विधानसभा क्षेत्र आते है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा केवल रतलाम शहर, रतलाम ग्रामीण, अलीराजपुर और पेटलावद पर ही काबिज हो पाई थी। वहीं जोबट, झाबुआ व थांदला में कांग्रेस और सैलाना में भारतीय आदिवासी पार्टी ने अपना कब्जा जमाया। इस लिहाज से भाजपा की अनिता नागरसिंह चौहान के लिए यह मुकाबला 50-50 का माना जा रहा है। रतलाम शहर और रतलाम ग्रामीण विधानसभा लोकसभा में भाजपा के लिए ऑक्सिजन का काम करती है। जहां पार्टी का फोकस भी रहता है। रतलाम शहर, ग्रामीण व पेटलावद विधानसभा से भाजपा बड़े अंतर से आगे रहती है। भाजपा को झाबुआ, अलिराजपुर, जोबट, थांदला व सैलाना  में खास मेहनत करने की जरूरत हर बार पड़ती है। यह सीट कांग्रेस की परंपरागत सीटो में गिनी जाती है। जहां भाजपा के लिए आदिवासी वोटर्स को कैप्चर करना मुश्किल होता है। क्योंकि इन वोटर्स को लंबे समय से भावनात्मक तरीके से कांग्रेस अपने पाले में किए हुए है। जिनका असर विधानसभा चुनाव में भी देखा गया है। नहीं जीती कभी भाजपा महिला प्रत्याशीअनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए आरक्षित रतलाम-झाबुआ संसदीय सीट पर अब तक हुए 17 लोकसभा चुनावों और एक उपचुनाव में सिर्फ चार बार ही गैर कांग्रेसी नेता जीत पाए हैं। जनसंघ और भाजपा के लिए यह सीट हमेशा चुनौती बनती रही। बता दें, यह सीट महिला प्रत्याशियों के लिए फिसड्डी ही साबित हुई है। इसके पहले रेलम चौहान और निर्मला भूरिया को बीजेपी टिकट देकर चुनाव लड़ा चुकी है। यह दोनों ही महिला प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया से चुनाव हार चुकी है। इस बार मोदी लहर और कार्यकर्ताओं की बदौलत भाजपा प्रत्याशी अनीता चौहान का जीत का दावा कर रही है। महिला प्रत्याशियों में केवल 1962 में हुए चुनाव में कांग्रेस की जमुनादेवी को ही जीत मिल सकी है। 5 बार इस सीट पर महिला प्रत्याशी उतरी है। रेलम चौहान को भाजपा ने दिलीपसिंह भूरिया का टिकट काट कर उम्मीदवार बनाया था। तब भूरिया ने भाजपा हाइकमान को चुनौती भी दी थी। किस्मत कहे या राजनीति रेलम चौहान को हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद 2014 की मोदी लहर में जीते दिलीपसिंह भूरिया के आकस्मिक निधन के बाद उनकी पुत्री निर्मला भूरिया को उपचुनाव में उतारा गया जो कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया से हरी और सीट फिर कांग्रेस के पाले में चली गई। अब तक भाजपा की महिला प्रत्याशियों के लिए यह सीट बदकिस्मत रही है। 2019 में रतलाम लोकसभा की विधानसभा सीट पर वोटिंग का हिसाब रतलाम शहरकुल मतदाता-204663कुल मतदान- 149562 पुरुष-77823महिला-71937 नोटा-972अन्य-1142भाजपा 100238कांग्रेस 47100 अंतर 53138———– रतलाम ग्रामीणकुल मतदाता-192974 कुल मतदान-161638पुरुष-85161 महिला-76475नोटा-1631अन्य-1373भाजपा 96854कांग्रेस 59116अंतर 37738———– सैलाना विधानसभाकुल मतदाता-188188कुल मतदान-161804पुरुष-81929महिला-79873नोटा-3175अन्य-14684भाजपा 70717कांग्रेस 72754अंतर-2037——— अलीराजपुर विधानसभाकुल मतदाता-233073कुल मतदान-160412पुरुष-84540महिला-75872नोटा-6482अन्य-10205भाजपा-71899कांग्रेस-71623अंतर-276———– जोबट विधानसभाकुल मतदाता-264856कुल मतदान-180879पुरुष-95449महिला-85430नोटा-6996अन्य-12235भाजपा-70152कांग्रेस-88135अंतर-18013———– झाबुआ विधानसभाकुल मतदाता-275247कुल मतदान-194449पुरुष-99799महिला-94650नोटा-5629अन्य-9088भाजपा-86711 कांग्रेस-94311अंतर-7600——— थांदला विधानसभाकुल मतदाता-235337कुल मतदान-183196नोटा-3369अन्य-10011पुरुष-92385महिला-90800भाजपा-93080कांग्रेस-81312अंतर-11768——— पेटलावद विधानसभाकुल मतदाता-256275कुल मतदान-203432पुरुष-103240महिला-100190नोटा-4332अन्य-11054भाजपा- 104085कांग्रेस-88895अंतर-15190

कांग्रेस का प्रहार : विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने प्रेस कांफ्रेंस में लगाए गंभीर आरोप, मंत्री नागरसिंह चौहान को बताया महिला विरोधी और माफिया

लोकसभा चुनाव में मतदान का दिन जैसे – जैसे करीब आ रहा है वैसे -वैसे कांग्रेस और भाजपा के नेताओं का आरोप प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। रतलाम में कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के बेटे व कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की। जिसमें उन्होंने भाजपा के वन मंत्री अलीराजपुर विधायक नागरसिंह चौहान पर कई गंभीर आरोप लगाए।

प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश : लड़की लेकर भागा था जिलाबदर गुंडा राहुल बम, रैकी कर उतारा मौत के घाट

सूदखोर दीपु टांक से थी पुरानी दुश्मनी, लड़की के बाप को भी दे रहा था धमकी, दोनो ने मिलकर दिया वारदात को अंजाम! पब्लिक वार्ता – रतलाम/धारजयदीप गुर्जर। शहर के जिलाबदर गुंडे राहुल उर्फ बम दरबार उर्फ बबलू बैरागी का शव 3 दिन पहले धार जिले के कानवन में फोरलेन पर मिलेने से सनसनी फैल गई थी। हत्या के मामले में कानवन (धार) पुलिस ने रतलाम निवासी 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। राहुल बम द्वारा लड़की भगाने और लड़की के बाप को धमकी देने की बात सामने आई है। इसके अलावा रतलाम के जिलाबदर सुदखोर दीपक उर्फ दीपु टांक का भी नाम हत्या में शामिल है। दीपु टांक से राहुल बम की पुरानी रंजिश थी, इसी के चलते लड़की के पिता और दीपु टांक ने मिलकर राहुल उर्फ बम दरबार की हत्या की साजिश रची। 18 अप्रैल को ही मृतक राहुल उर्फ बम को जिलाबदर किया गया था। पुलिस ने प्रेसवार्ता कर बताया कि मुख्य आरोपी की बेटी को राहुल भगाकर ले गया था, जिसे वह वापस लेकर आ गया था। लेकिन राहुल लगातार धमकियां दे रहा था। इसलिए साथियों के साथ मिलकर पहले उसका अपहरण किया और फिर गला घोंटकर मार डाला। आरोपियों ने हत्या को हादसा दिखाने के लिए लाश फोरलेन पर फेंक दी थी। पुलिस ने मामले में रतलाम निवासी लड़की के पिता दयाराम उर्फ भुरू राठौर पिता फतेहचन्द राठौर, अमर उर्फ कालू पिता गोविन्द सोनी, राजेन्द्र उर्फ राहुल पिता शान्तीलाल गवली और दीपक पिता प्रकाश उर्फ दीपु टांक को गिरफ्तार किया है। दीपु टांक पर सूदखोरी जैसे मामले दर्ज है, जिस पर बड़ी कार्रवाई भी प्रशासन कर चुका है। वहीं राहुल उर्फ बम पहले दीपु टांक का करीबी माना जाता है, जिसके बाद इनमे मन मुटाव हुआ और दोनो एक दूसरे के दुश्मन बन गए। कुछ समय पहले राहुल बम ने दीपु को फोन पर धमकाया था जिसका ऑडियो भी वायरल हुआ था। बस इसी बात को लेकर दीपु टांक काफी समय से मौके की तलाश में था। आरोपी दीपु टांक पर 25 से अधिक कैस दर्ज है और खुद भी जिलाबदर है। ऐसे रची पूरी साजिशकानवन थाना टीआई रामसिंह राठौर ने बताया कि महू-नीमच फोरलेन पर ग्राम खजूरिया रोड के किनारे 24 अप्रैल को एक लाश मिली थी। उसकी शिनाख्तरतलाम निवासी राहुल उर्फ बबलू उर्फ बम पिता हीरादास बैरागी निवासी दीनदयालनगर के रूप में हुई थी। शव पर चोट के निशान मिलने पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शरू की और जहां लाश मिली वहां से लेकर फोरलेन के दोनों तरफ की होटल व ढाबो के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली। इससे पता चला कि रतलाम निवासी दयाराम उर्फ भूरू पिता फतेहचंद गवली ने 3 साथियों के साथ मिलकर राहुल की हत्या की है। पुलिस पूछताछ में दयाराम उर्फ भुरू ने बताया की राहुल बम उसकी बेटी को भगाकर ले गया था। मृतक उसके यहां ड्राइवर था। इसी दौरान उसका प्रेम प्रसंग आरोपी की लड़की से हो गया था। बताया जा रहा है राहुल बम पहले से शादी शुदा था और उसके एक बेटा भी है। लड़की को परिजन वापस लेकर आ गए थे लेकिन राहुल रंजिश रखते हुए धमका रहा था। इसी बात को लेकर दयाराम ने साथियों के साथ मिलकर उसके अपहरण की साजिश रची। उसका साथ सूदखोर दीपु टांक ने भी दिया और सभी ने उसकी रैकी शुरू कर दी। मृतक राहुल रतलाम पेशी पर आया और इस दौरान आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। फिर नागदा (धार ) के पास ले जाकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को हादसा दिखाने के लिए लाश को कार में डालकर फोरलेन पर ग्राम खजूरिया रोड तक ले गए और सड़क किनारे फैंक दिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से सोमवार तक उन्हें रिमांड पर भेजा है।  मृतक राहुल बैरागी उर्फ बम दरबार पर 6 केस दर्ज थे। इसमें मारपीट, धमकी, अवैध वसूली और 2 आर्म्स एक्ट शामिल है।

अजीब मामला : बाप ने किया अपने ही 4 साल के बेटे का अपहरण, मां ने थाने में करवाई एफआईआर

सीसीटीवी में कैद हुआ घटनाक्रम, देखिए वीडियो… पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश के रतलाम में एक बाप द्वारा अपने ही 4 साल के बेटे का अपहरण करने का मामला सामना आया है। घटना के बाद मां ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वहीं बेटे को उठाकर ले जाने का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है। घटना 5 दिन पहले यानी 22 अप्रैल की है। रतलाम के ग्राम जुलवानिया निवासी यशोदाबाई (21) पिता जगदीश डाबी ने एफआईआर दर्ज करवाई है। उसने पुलिस को बताया कि कि मेरी शादी 2017 में सरवनी जागीर के सोनू पिता नानूराम गिरवाल से हुई थी। मेरे दो बेटे हैं। 4 साल का नागेश्वर और 2 साल का निहाल। तीन महीने पहले पति सोनू ने किसी दूसरी युवती को लेकर यहां से चला गया। इस कारण मैं अपने बच्चों को लेकर मायके जुलवानिया आ गई। 22 अप्रैल को मेरी छोटी बहन अनिता की शादी का कार्यक्रम चल रहा था, इसलिए मैं व्यस्त थी। मेरा बड़ा बेटा नागेश्वर दोपहर ढाई बजे बजे घर के पास में ही जाट बा की दुकान पर पेप्सी लेने गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। दोपहर 4 बजे जब नागेश्वर नहीं दिखा तो हमने उसकी तलाश शुरू की। जाट बा की दुकान के सीसीटीवी कैमरे देखे तो पता चला कि मेरा पति सोनू ही उसका अपहरण कर ले गया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि मेरा पति सोनू एक साथी के साथ बाइक लेकर जाट बा की दुकान के सामने आया। यहां पति का साथी बाइक से उतरा और नागेश्वर को जबरन उठाकर बाइक पर बैठा लिया। इस तरह मेरा पति और उसका साथी मेरे बेटे नागेश्वर का अपहरण कर ले गए। हमने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज दिए हैं।    बेटा मांगा, नहीं दिया तो उठा लियापेशे से ड्राइवर सोनू गिरवाल का कहना है कि पहली पत्नी यशोदा की रजामंदी से ही मैंने दूसरी शादी की। दो बेटों में से एक को मेरे साथ रखने के लिए यशोदा को कई बार कॉल किया लेकिन उसने देने से मना कर दिया। इसलिए मैं ही उसे उठाकर ले गया। यशोदा के भाई अंबाराम ने बताया कि सोनू मेरी बहन पर झूठा आरोप लगा रहा है। टीआई राजेंद्र वर्मा ने बताया कि बच्चे के पिता और उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दाखिल हुआ सांसदी का पर्चा! : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भरवाया प्रत्याशी अनिता नागरसिंह चौहान का नामांकन, कई दिग्गजों को होना पड़ा शामिल

लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बजने के बाद गुरुवार को रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर संसदीय क्षेत्र या रतलाम लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिता नागरसिंह चौहान ने अपना नामांकन फार्म जमा किया।

आपसी रंजीश या प्रेम प्रसंग? : रतलाम के जिलाबदर बदमाश राहुल बम की धार में हत्या, कई संदिग्ध पुलिस हिरासत में

पब्लिक वार्ता – रतलाम/धारजयदीप गुर्जर। रतलाम जिले के जिला बदर बदमाश की लाश धार में मिलने से सनसनी फैल गई। धार जिले के कानवन थाना क्षेत्र के लेबड़ नयागांव फोरलेन के समीप गांव खजुरिया फाटे के पास सड़क किनारे बुधवार सुबह रतलाम से जिला बदर राहुल उर्फ बम दरबार उर्फ बबलू पिता हिरादास बैरागी का शव मिला। शव मिलने के बाद से हत्या की आशंका जताई जा रही है। धार पुलिस ने शव मिलने के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज हत्या के एंगल पर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस सूत्रों की माने तो उनके पास अहम सुराग लगे है। रंजीश या प्रेम प्रसंग युवक की हत्या की वजह बन सकता है। पुलिस ने इस संबंध में रतलाम से कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है। जल्द ही इस मामले का खुलासा होने की संभावना है। कानवन थाना प्रभारी रामसिंह राठौर के अनुसार अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची। जिसके बाद शव की शिनाख्त रतलाम के जिलाबदर गुंडे राहुल बम उर्फ बबलू  पिता हिरादास बैरागी के रूप में हुई थी। उसके दाहिने हाथ पर हिंदी में मां एवं अंगूठे के पास अंग्रेजी में बीके लिखा था। इसी हाथ पर महाराणा प्रताप का टैटू व छाती में हिंदी में मर्द लिखा था। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पीएम के लिए बदनावर सिविल हॉस्पिटल भेजा था। पीएम में मृतक राहुल के गले और शरीर के अन्य भागों में गभीर चोट के निशान पाए गए। प्रारंभिक पीएम रिपोर्ट के अनुसार स्पष्ट है कि रतलाम से जिलाबदर बदमाश राहुल बम की मंगलवार रात में हत्या कर शव को मौके पर लाकर फेंक दिया। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए रतलाम ले गए। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। लिस्टेड गुंडा है राहुल उर्फ बम दरबार, इंदौर में रहता थापुलिस की प्रारंभिक जांच में रंजिश के चलते हत्या की जानकारी सामने आ रही है। मृतक राहुल उर्फ बम दरबार जिलाबदर होने के बाद इंदौर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार मृतक राहुल उर्फ बम रतलाम के दीनदयाल नगर पुलिस स्टेशन का निगरानीशुदा बदमाश था। लगातार आपराधिक गतिविधियों के कारण रतलाम कलेक्टर ने उसे छह माह के लिए जिलाबदर किया था। इस वजह से वह वर्तमान में इंदौर में रह रहा था। सूत्रों की माने तो राहुल बम शादीशुदा था और इसी बीच उसका प्रेम प्रसंग कहीं और भी चल रहा था। वहीं मृतक राहुल बम मारपीट, वसूली, जानलेवा हमले जैसे कई गंभीर मामलों में आरोपी भी रहा है। जिससे उसकी कई लोगो से रंजीश भी थी। हालांकि पुलिस का दावा है की वह जल्द ही मामले का खुलासा करेगी। मृतक इंदौर से धार कैसे आया? आरोपी तक वह कैसे पहुंचा? और कैसे उसकी हत्या हुई है? इन सभी बिंदुओ पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने रतलाम शहर से करीब 4 से 5 संदिग्धों को दबोचा भी है।

श्री हनुमान प्राकट्योत्सव : शहर के बड़ा हनुमानजी व मेहंदीकुई बालाजी सहित सभी मंदिर पर रहेगी धूम, 51 हजार हनुमान चालीसा पाठ से गूंजेगा पोलो ग्राउंड

इस बार बन रहे दो विशेष योग, कैसे करे हनुमानजी की आराधना… पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। 23 अप्रैल मंगलवार को हनुमान प्राकट्योत्सव ( Hanuman jayanti) धूमधाम से मनाया जाएगा। इसको लेकर नगर व जिले के प्रमुख हनुमान मंदिरों में तैयारियां पुरी हो चुकी है। हनुमान प्राकट्योत्सव मंगलवार को है। इस दिन सुबह से लेकर शाम तक मंदिरों में कई धार्मिक आयोजन एवं अनुष्ठान किए जाएंगे। शहर के माणकचौक स्थित बड़ा हनुमानजी मंदिर साहू बावड़ी पर सुबह 7 बजे मंगला आरती होगी। भगवान हनुमानजी का विशेष श्रृंगार होगा। दोपहर 1 बजे श्रीराम मारुति यज्ञ शुरू होगा। जिसके समापन के बाद रात 8 बजे महा आरती कर प्रसादी वितरण का कार्यक्रम किया जाएगा। नगर निगम स्थित मेहन्दीकुई बालाजी मंदिर पर दोपहर 12 बजे पांच दिवसीय श्रीराम मारुति यज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी। जिसके बाद शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी जो मंदिर पर आकर समाप्त होगी। भगवान बालाजी की महाआरती के बाद प्रसादी वितरण का कार्यक्रम होगा। बड़बड़ हनुमान मंदिर पर 5 दिवसीय मेले का समापन हनुमान प्राकट्योत्सव पर होगा। नगर में श्री हनुमान प्राकट्योत्सव पर श्री मंगलनाथ महाकाल रक्तदान मंडल – सेवा वीर परिवार द्वारा 51 हजार हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। शहर के नेहरू स्टेडियम(पोलो ग्राउंड) में होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है। आयोजन से पूर्व रविवार को शाम 5 बजे महलवाड़ा से आमंत्रण वाहन रैली भी निकाली गई। मंडल के पंकज भाटी ने बताया कि मंगलवार सुबह 7.30 बजे भक्तों का आना शुरू होगा। 8 बजे हनुमान चालीसा (hanuman chalisa) पाठ शूर कर दिया जाएगा। कार्यक्रम में करीब 15 हजार लोगों के आने का अनुमान है। बन रहे विशेष योग, हनुमानजी होंगे प्रसन्नप्रभु श्रीराम के परम् भक्त चिरंजीवी श्री हनुमान जी का प्राकट्य चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पक्ष की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। इस दिन हनुमान जी की विशेष पूजा करने का प्रावधान है, ऐसा करके हम अपने जीवन में आने वाली तमाम बाधाओं को दूर कर सकते हैं। इस दिन विशेष तरह के प्रयोगों से हम ग्रहों को भी शांत कर सकते है। इस बार हनुमान जयंती 23 अप्रैल मंगलवार यानी कल मनाई जाएगी। पूर्णिमा तिथि इस बार 23 अप्रैल यानी कल सुबह 3 बजकर 25 मिनट से शुरू होगी और तिथि का समापन 24 अप्रैल, बुधवार को सुबह 5 बजकर 18 मिनट पर होगा। हनुमान जयंती इस बार बहुत खास मानी जा रही है दरअसल, हनुमान जयंती पर कुछ खास संयोग बनने जा रहे है। हनुमान जयंती मंगलवार को होने के साथ ही इस दिन हनुमान जयंती चित्रा नक्षत्र और वज्र योग का संयोग बनने जा रहा है। ऐसी मान्यता है कि हनुमान जी (Hanuman Ji) आज भी कलयुग में जीवित रूप से मौजूद है। वहीं जो भी उनकी उपासना करता है उसे बल, बुद्धि, विधा, वैभव, कीर्ति और धन की प्राप्ति होती है। अगर आप भी बजरंगबली को प्रसन्न करना चाहते हैं और अपने जीवन के संकटों को दूर करना चाहते हैं, तो हनुमान जन्मोत्सव के दिन विधिवत उनकी पूजा करे। ऐसे करे विधी विधान से पूजा – पाठ (Disclaimer : यह लेख व पूजन विधि धार्मिक मान्यताओं पर या ज्योतिष जानकारों के अनुसार है।)