MP News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को रतलाम से जोड़ने के लिए 30 करोड़ की सड़क को बजट में मिली मंजूरी  

एमएसएमई मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने जताया मुख्यमंत्री मोहन यादव और पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह का आभार   रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।MP News: मध्यप्रदेश सरकार के वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को रतलाम से जोड़ने के लिए 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 6 कि.मी. लंबी सड़क को मंजूरी मिल गई है। इस प्रोजेक्ट के लिए बजट में 1000 रुपये का प्रतीकात्मक प्रावधान किया गया है। इस सड़क के निर्माण से सिटी फोरलेन की लंबाई 6 कि.मी. तक बढ़ जाएगी, जिससे क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।   एमएसएमई मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह सड़क बनने से न सिर्फ रतलाम की कनेक्टिविटी मजबूत होगी बल्कि व्यापार और उद्योगों को भी बड़ा फायदा मिलेगा।   आरो आश्रम से एक्सप्रेस-वे तक जुड़ेगा सिटी फोरलेन   वर्तमान में रतलाम शहर के राम मंदिर से आरो आश्रम तक सिटी फोरलेन सड़क बनी हुई है, लेकिन इसके आगे का हिस्सा टू-लेन है। इसी मार्ग पर मेडिकल कॉलेज भी स्थित है, जिससे यातायात का दबाव अधिक रहता है और दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इस समस्या को देखते हुए लंबे समय से एक्सप्रेस-वे तक सिटी फोरलेन को जोड़ने की मांग की जा रही थी, जिसे अब बजट में शामिल कर लिया गया है।   औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा   रतलाम को राजस्थान से जोड़ने वाले इस अंतरराज्यीय मार्ग के चौड़ीकरण से स्थानीय उद्योगों को भी फायदा मिलेगा। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से माल परिवहन आसान होगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और निवेश बढ़ने की संभावना भी प्रबल होगी।   रतलाम के विकास को नई दिशा   इस सड़क के निर्माण से रतलाम शहर की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी और आम जनता को यातायात जाम व दुर्घटनाओं से राहत मिलेगी। सरकार की इस योजना से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और उद्योगपतियों को लाभ होगा, जिससे क्षेत्र में आर्थिक विकास को नया आयाम मिलेगा।

Ratlam News: विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल रतलाम नगर की बैठक सम्पन्न, शौर्य कुंभ की तैयारियों पर हुई चर्चा  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल रतलाम नगर की बैठक आज होटल उजाला पैलेस में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता बजरंग दल के प्रांत संयोजक नितिन जी पाटीदार ने की। बैठक में आगामी 16 मार्च से 28 मार्च तक चलने वाले “Join बजरंग दल अभियान” एवं 29 मार्च को इंदौर में आयोजित होने वाले “बजरंग दल शौर्य कुंभ” को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।   शौर्य कुंभ में प्रदेशभर से एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है, जिसमें रतलाम से भी 2000 कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक में विभाग संगठन मंत्री अर्जुन गहलोत, विभाग सह मंत्री पवन बंजारा, जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला मंत्री गौरव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।   बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी   विभाग संयोजक विनोद शर्मा   सह संयोजक राजा राम ओहरी   जिला सह मंत्री अक्षय गोमें   जिला संयोजक मुकेश व्यास   सह संयोजक आशु टांक, मुन्नू कुशवाह   जिला विशेष संपर्क प्रमुख मनोज पवार   जिला गो रक्षा प्रमुख योगेश चौहान   सत्संग प्रमुख संजय शर्मा   साप्ताहिक मिलन प्रमुख सुनील राठौड़   जिला विद्यार्थी प्रमुख कृष्णा भामा   सह साप्ताहिक प्रमुख शुभम शर्मा   जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मोंटी जयसवाल, रिक्की सेन   बैठक में नगर के चारों प्रखंडों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक की जानकारी जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मोंटी जयसवाल ने दी।

Ratlam News: ईद-उल-फितर 2025: रतलाम में ईदगाहों का निरीक्षण, स्वच्छता और व्यवस्थाओं के निर्देश

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: आगामी ईद-उल-फितर पर्व को देखते हुए नगर निगम द्वारा ईदगाहों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। लक्कड़पीठा स्थित पुरानी ईदगाह और सूरजमल जैन नगर स्थित नई ईदगाह का निरीक्षण पार्षद श्रीमती यास्मीन शैरानी ने किया। उनके साथ अंजुमन सदर इब्राहिम शैरानी, क्षेत्रीय पार्षद धर्मेंद्र रांका, पार्षद प्रतिनिधि भारत सेन, मुबारिक शैरानी और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।   निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, घास कटाई और कीटनाशक छिड़काव जैसी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पार्षद श्रीमती यास्मीन शैरानी ने अधिकारियों से कहा कि ईदगाह परिसर में आने वाले नमाजियों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल मिले। साथ ही, नगर निगम को प्रतिवर्षानुसार आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया।   इस मौके पर स्वास्थ्य अधिकारी ए.पी. सिंह, झोन प्रभारी तरुण राठौड़, आशीष चौहान सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।  

Ratlam News: श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी में नन्हे बच्चों ने सीखी होली की परंपराएं, हर्बल गुलाल से खेली होली  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी, अरविंद मार्ग में नन्हे विद्यार्थियों को होली पर्व का महत्व और रंगों के उपयोग की जानकारी दी गई। प्रधानाध्यापिका कविता कुंवर ने बच्चों को प्राकृतिक रंगों से होली खेलने और रंगों के सावधानीपूर्वक उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने होली से जुड़ी पौराणिक कथा सुनाकर बच्चों को इस पर्व की परंपराओं से अवगत कराया।   इस अवसर पर बच्चों ने एक-दूसरे को हर्बल गुलाल लगाकर होली का आनंद लिया और होली गीतों पर नृत्य कर फागुन उत्सव मनाया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।   प्राचार्य डॉ. रेखा शास्त्री ने बताया कि इस तरह के आयोजन बच्चों को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम होते हैं, जिससे वे भारतीय त्योहारों के महत्व को समझ सकें।  

Ratlam News: नर्सिंग होम एक्ट के तहत कार्रवाई, फर्जी क्लीनिक पर एफआईआर दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में फर्जी क्लीनिक और मेडिकल स्टोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने नर्सिंग होम एक्ट के तहत जांच के बाद एफआईआर दर्ज कराई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सीएमएचओ डॉ. एम. एस. सागर ने बताया कि भारत सरकार के अवर सचिव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग भोपाल से मिले आदेश के तहत यह कार्रवाई की गई।   ग्राम मलवासा में पटेल मेडिकल स्टोर का निरीक्षण   जिला स्तरीय जांच दल ने ग्राम मलवासा में पटेल मेडिकल स्टोर एवं जनरल स्टोर का निरीक्षण किया, जहां संचालक के पास वैध लाइसेंस पाया गया। हालांकि, मेडिकल स्टोर के पीछे बने कक्ष में डॉ. एहसान अली मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार करते हुए पाए गए। जांच में सामने आया कि उनके पास केवल जीएनएम जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी का प्रमाण पत्र है, लेकिन वे खुद को चिकित्सक बताकर मरीजों का इलाज कर रहे थे।   बिना पंजीयन चल रहा था अस्पताल, बायोमेडिकल वेस्ट नियमों का उल्लंघन   जांच में अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट अधिनियम 2016 और 2018 के नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई। साथ ही, नर्सिंग होम एक्ट के तहत अस्पताल का वैधानिक पंजीयन नहीं पाया गया। डॉ. एहसान अली चिकित्सा व्यवसाय संबंधी मध्य प्रदेश मेडिकल काउंसिल का पंजीयन प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत नहीं कर सके।   दवाइयां जब्त, एफआईआर दर्ज   जिला स्तरीय जांच दल ने मौके से उपलब्ध दवाइयों को जब्त कर मौका पंचनामा तैयार किया। इसके बाद नामली थाने में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।   जांच दल में शामिल अधिकारी   इस कार्रवाई में डॉ. प्रणब मोदी, डॉ. राजेश मंडलोई, आशीष चौरसिया, पुष्कर राज शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।  

Ratlam News: विरम सिंह गुर्जर बने गुर्जर समाज रतलाम के जिला उपाध्यक्ष

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुर्जर समाज जिला रतलाम को संगठित करने और समाज हितैषी कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी द्वारा नई नियुक्ति की गई है। इस क्रम में विरम सिंह गुर्जर, पिता मदन सिंह गुर्जर (ग्राम रूपड़ी, जावरा) को गुर्जर समाज रतलाम का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।   गुर्जर समाज रतलाम के जिला अध्यक्ष एडवोकेट देवेंद्र सिराधना (गुर्जर) ने यह नियुक्ति पत्र जारी करते हुए आशा व्यक्त की कि विरम सिंह गुर्जर समाज को संगठित करने, सामाजिक एकत्रीकरण की गतिविधियों को बढ़ावा देने और समाज की प्रगति के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।   नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष विरम सिंह गुर्जर ने इस जिम्मेदारी के लिए समाज का आभार व्यक्त किया और समाज को मजबूत करने व हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।  

Ratlam News: कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज ने धूमधाम से मनाया होली मिलन व फाग उत्सव, EWS प्रमाण-पत्र बनवाने का लिया संकल्प  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज, रतलाम जिला इकाई द्वारा होली मिलन एवं फाग उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजजन भजनों और होली गीतों पर झूम उठे। फूलों की पंखुड़ियों से होली खेलकर और गुलाल लगाकर सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। साथ ही, समाज ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग EWS प्रमाण-पत्र बनवाने का संकल्प लिया, ताकि भविष्य में समाज के बच्चे सरकारी योजनाओं और आरक्षण का लाभ प्राप्त कर सकें।   भजनों और फूलों की होली से सजी शाम   कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय स्वीट एवेन्यू होटल में हुआ, जिसमें समाज की महिलाओं ने ढोलक और मंजीरे की धुन पर पारंपरिक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की गूंज के बीच समाजजन ने फूलों की पंखुड़ियां उड़ाकर उत्सव का आनंद लिया। इस दौरान होली गीतों पर सभी ने नृत्य किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।   समाज की एकता पर वक्ताओं ने दिए विचार   कार्यक्रम में कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष के के द्विवेदी, महिला इकाई की अध्यक्ष रक्षा मिश्रा, सेवानिवृत्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी महेश मिश्रा, सर्व ब्राह्मण समाज के कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी, पत्रकार नीरज कुमार शुक्ला सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने समाज की एकता और प्रगति पर विचार रखे। समाज के वरिष्ठ सदस्य अजय कुमार अग्निहोत्री ने अपनी हास्यपूर्ण कविता से सभी को गुदगुदाया।   प्रतिभाओं और वरिष्ठों का सम्मान   आयोजन के दौरान समाज की मातृशक्ति मीना अग्निहोत्री और मधुरलता अवस्थी सहित अन्य वरिष्ठ महिलाओं का गुलाब भेंटकर सम्मान किया गया। वहीं, डॉ स्वर्णिम तिवारी और यदुनंदन अवस्थी को समाज और शहर का नाम रोशन करने के लिए पुष्पमाला और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। डॉ तिवारी ने हाल ही में अपनी चिकित्सा की पढ़ाई पूर्ण की है, जबकि यदुनंदन अवस्थी ने दिल्ली में आयोजित मिस्टर मसल्स मेनिया स्पर्धा में सब जूनियर और जूनियर श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता।   EWS प्रमाण-पत्र बनवाने का लिया संकल्प   कार्यक्रम के दौरान समाजजन ने अपने बच्चों के लिए EWS प्रमाण-पत्र बनवाने का संकल्प लिया, ताकि वे शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। समाज अध्यक्ष के के द्विवेदी और डॉ मुनींद्र दुबे ने इस कार्य के लिए समाज स्तर पर पहल करने की बात कही। निर्णय लिया गया कि जिन समाजजनों को EWS प्रमाण-पत्र बनवाना हो, वे अपने आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर समाज के सैलाना रोड स्थित कार्यालय में जमा करें।   समाजजनों ने ली सदस्यता, कार्यक्रम में कई का सहयोग   आयोजन के दौरान कई परिवारों ने वार्षिक सदस्यता शुल्क जमा कर सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम को सफल बनाने में अजय कुमार अग्निहोत्री, हेमंत तिवारी, एल के द्विवेदी, दिनेशचंद्र पाठक, कुलदीप अवस्थी, ऋचा अवस्थी सहित कई समाजजनों का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ मुनींद्र दुबे ने किया और आभार पूर्णिमा तिवारी ने माना।

Ratlam News: रतलाम पुलिस का विशेष अभियान: निजी वाहनों पर हूटर, फ्लैश लाइट व अमानक नंबर प्लेट के खिलाफ कार्रवाई  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News:  पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में रतलाम पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार निजी वाहनों पर प्रतिबंधित हूटर, फ्लैश लाइट, लाल, पीली, नीली बत्ती, वीआईपी स्टीकर व अमानक नंबर प्लेट का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।   अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा (रा.पु.से.) और उप पुलिस अधीक्षक यातायात अनिल कुमार राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष चौरसिया, सूबेदार अनोखीलाल परमार, प्रआर 222 धीरेन्द्र दीक्षित, आर 1152 भगत सिंह और आर 1166 मोहन धार्वे की टीम ने यह अभियान संचालित किया। इस दौरान कुल 38 वाहनों पर कार्रवाई कर 20,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।   यातायात पुलिस रतलाम ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क को सुरक्षित व सुगम बनाने में पुलिस का सहयोग करें। यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

Ratlam News: अधिकारों की मांग को लेकर पटवारियों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: प्रांतीय पटवारी संघ, रतलाम शहर तहसील शाखा ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। पटवारियों का कहना है कि शासन द्वारा लगातार नए-नए अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें उन्हें बिना किसी प्रशिक्षण के शामिल किया जाता है। साथ ही, इन अभियानों के लिए तैयार किए गए सॉफ्टवेयरों में तकनीकी समस्याएं बनी रहती हैं, जिससे उनका कार्य अधिक जटिल हो जाता है।   वर्तमान में फार्मर रजिस्ट्र्री और ई-केवाईसी अभियान से बढ़ी परेशानी   संघ के तहसील अध्यक्ष राजेश रावल ने बताया कि इस समय फार्मर रजिस्ट्र्री और भूमि के ई-केवाईसी अभियान चल रहा है। इसके अलावा, पटवारियों को सुबह 6 बजे से काम शुरू करना पड़ता है, जिसमें 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में प्रश्न पत्र निकालने, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निपटारा, गिरदावरी, वेट लैंड सीमांकन और अन्य प्रशासनिक कार्य भी शामिल हैं। इन सबके चलते पटवारियों पर अत्यधिक कार्यभार है, लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।   मुख्य मांगें:   1. अतिरिक्त हलकों का मानदेय: कई पटवारियों को वर्षों से अतिरिक्त हलकों का मानदेय नहीं मिला है। इसके लिए कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक भुगतान नहीं हुआ है।   2. फार्मर रजिस्ट्र्री एवं ई-केवाईसी हेतु स्थायी व्यवस्था: तहसील में स्थायी केंद्र बनाए जाएं, ताकि शहर में निवासरत भूमिस्वामी इस प्रक्रिया को पूरा कर सकें।   3. ग्राम स्तर पर मोबाइल नंबर अपडेट कैंप: ई-केवाईसी के लिए आधार से मोबाइल नंबर लिंक होना आवश्यक है, लेकिन अपडेट न होने से किसान परेशान हैं। इसके समाधान के लिए ग्राम स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएं।   4. न्यायालयीन आदेश समय पर उपलब्ध कराना: न्यायालयीन आदेशों में देरी से किसानों को परेशानी होती है और पटवारियों पर लापरवाही के आरोप लगते हैं।   5. कोर्ट कार्यवाही में होने वाले खर्च की प्रतिपूर्ति: पटवारियों को सिविल न्यायालय और हाईकोर्ट में जाने पर व्यक्तिगत खर्च उठाना पड़ता है। इसे शासकीय खर्च में शामिल किया जाए।   6. कोटवारों का बकाया वेतन: पिछले दो माह से कोटवारों को वेतन नहीं मिला है, इसे अविलंब जारी किया जाए।   अन्य मांगें:   – स्वामित्व योजना के मानदेय एवं डीए एरियर का भुगतान।   – पटवारियों की सीआर एवं सर्विस बुक की प्रतिलिपि उपलब्ध कराना।   – समयमान वेतनमान लागू करना।   – पटवारियों की आईडी से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का समाधान।   इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाटीदार, वरिष्ठ पटवारी ध्रुवलाल निनामा, संतोष राठौड़ सहित तहसील के कई पटवारी उपस्थित रहे।  

Festival Special Train: होली पर यात्रियों की सुविधा के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।  Festival Special Train: होली के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने रतलाम मंडल से होकर चलने वाली दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें पूर्व निर्धारित समय, दिन और ठहराव के अनुसार ही संचालित होंगी।    इन ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए   – वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – बांद्रा टर्मिनस स्पेशल (गाड़ी संख्या 02199)     यह ट्रेन 13 से 27 मार्च 2025 तक हर गुरुवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से चलेगी।   – बांद्रा टर्मिनस – वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्पेशल (गाड़ी संख्या 02200)     यह ट्रेन 15 से 29 मार्च 2025 तक हर शनिवार को बांद्रा टर्मिनस से संचालित होगी।   – सूबेदारगंज – बांद्रा टर्मिनस स्पेशल (गाड़ी संख्या 04125)     यह ट्रेन 10 से 31 मार्च 2025 तक हर सोमवार को सूबेदारगंज से चलेगी।   – बांद्रा टर्मिनस – सूबेदारगंज स्पेशल (गाड़ी संख्या 04126)     यह ट्रेन 11 मार्च से 1 अप्रैल 2025 तक हर मंगलवार को बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी।   रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे ट्रेनों के ठहराव, समय और कोच संरचना की विस्तृत जानकारी के लिए www.enquiry.indianrail.gov.in पर विजिट करें।   लेटेस्ट अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।

0%