मेरे घर राम आए है : अयोध्या से आए निमंत्रण के पिले चावल और चित्र पहुंचेगे 5 लाख से अधिक गांवों में, 22 जनवरी को होंगे रामलला विराजमान

उज्जैन में हुई आरएसएस व विहिप की बैठक, रतलाम आये कलश का हुआ पूजन पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में 22 जनवरी को विराजित होने वाले रामलला को लेकर 28 जिलों में जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर शनिवार को उज्जैन में बैठक हुई। इसमें रतलाम के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। यहां पर जिले के कार्यकर्ताओं को पूजित अक्षत कलश का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद् प्रान्त संगठन मंत्री नंददास दंड़ोतिया ने कहा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या से पूजित अक्षत (पीले चावल) देशभर में भेजे गए हैं। एक-एक कलश में 2 किलो पूजित अक्षत तो दूसरी में चित्र और पत्रक है। जिन्हें मालवा प्रांत के प्रमुख कार्यकर्ता जिले में प्रत्येक हिंदू परिवार को निमंत्रण के लिए देंगे। प्रत्येक जिला केंद्रो पर श्री राम जन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट के बैनर तले बैठक होगी। जिले के प्रमुख कार्यकर्ताओं व सभी हिंदू संगठनों को 20 दिसंबर से पूर्व यह बैठक करनी है। यह सामग्री वितरण के लिए शहर व गांव-गांव जाएगी। यह अभियान 1 जनवरी से शुरू होगा जो कि 15 जनवरी यानी मकर संक्रांति तक चलेगा। 5 लाख से अधिक गांव में अक्षत भेजकर उन्हें इस पुनीत कार्य के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस अवसर पर महंत श्री विनीतगिरी, संत श्री 1008 महामंडलेश्वर शांतिस्वरूपानन्द गिरी का भी मार्गदर्शन उपस्थित कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुआ। बैठक में संघ के प्रांत सहकार्यवाह रघुवीरसिंह सिसोदिया, प्रांत मंत्री विनोद शर्मा सहित प्रांत के कार्यकर्ता मौजूद थे। रतलाम जिले से विहीप बजरंगदल के जिला उपाध्यक्ष पवन बंजारा व जिला मंत्री गौरव शर्मा उज्जैन बैठक में पहुंचे। जहां से वे कलश लेकर रतलाम के लिए रवाना हुए। रतलाम पहुंचने के बाद उसे बड़बड़ हनुमान मंदिर, कालिका माता मंदिर और लक्ष्मी नारायण मंदिर पर रखकर पूजन किया गया। इस दौरान संगठन मंत्री सुखदेव पांचाल, विभाग संयोजक राघव त्रिवेदी, विभाग मंत्री दीपक व्यास, अक्षय गोमे, मुकेश व्यास, आशु टाक मनोज पंवार, अनिल रौतेला, मोंटी जायसवाल, दीपक प्रजापत, सुनील राठौड़, आशु बन्ना सहित प्रखण्ड पदाधिकारी उपस्थित थे।

सरेराह आत्महत्या : ताल में दिनदहाड़े हुई रौंगटे खड़े कर देने वाली घटना, युवक ने बीच रास्ते में काटा खुद का गला, हुई मौत

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के ताल में दिनदहाड़े रौंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने सरेराह खुद का गला काटकर आत्महत्या कर ली। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना ताल थाने के ठीक सामने की है। युवक को गला रौंदते देख पुलिस व लोगों ने उसे पकड़ा व बचाने की कोशिश की। उसे ताल के अस्पताल में ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ताल थाना प्रभारी पृथ्वीसिंह खलाटे ने बताया कि घटना करीब 5 बजे की है। युवक ने जब खुद का गला रेता तब तक वह अज्ञात था। जब उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था तब उसने एक नंबर बताया जिस पर बात की। संबंधित नंबर पर फोन करने पर यह जानकारी मिली कि मृतक का नाम जोन है। वह असम से अहमदाबाद कहीं मजदूरी करने अपने अन्य साथियों के साथ जा रहा था। संबंधित नम्बर पर ज्यादा बात नहीं हो पाई और वह भी बंद हो गया। पूरे मामले में जांच की जाएगी व मृतक के परिजनों को ढूंढकर वास्तविकता का पता लगाने की कोशिश की जाएगी। घटना के दौरान किसी प्रकार की धारधार वस्तु नहीं मिली। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

मतगणना का दिन : रविवार को कॉलेज रोड के इस रास्ते पर रहेगा डायवर्जन, नागरिकों को करना पड़ेगा इस रास्ते का उपयोग

पब्लिक वार्ता – रतलाम,कुलदीप माहेश्वरी। दिनांक 03.12.2023 को विधानसभा चुनाव के परिणाम हेतु शहर के मध्य स्थित शासकीय आर्ट्स एण्ड साईंस कॉलेज में प्रातः 07.00 बजे से मतगणना का कार्य प्रारंभ होगा। मतगणना ड्यूटी में लगे पुलिस/शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा मतगणना मे लगे प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों का आगमन प्रातः 05.00 बजे से शुरु हो जाएगा। इसके अतिरिक्त विधानसभा चुनाव में भाग ले रहे प्रत्याशियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों का आगमन भी होगा । मतगणना ड्यूटी के दौरान पुलिस/प्रशासनिक अधिकारियों/कर्मचारियों तथा मतगणना मे लगे प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों के प्रवेश एवं पार्किंग के संबंध में यातायात पुलिस रतलाम द्वारा निम्नानुसार पार्किंग प्लॉन एवं डायवर्शन प्लॉन तैयार किया है जो कि दिनांक 03.12.2023 को प्रात 05.00 बजे से लागू कर दिया जायेगा रुट डायवर्सन प्लान01. आरोग्यम हॉस्पिटल तिराहे से नगर निगम तिराहा अमरेश्वर महादेव मंदिर गेट नम्बर 03 तक समस्त प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। उक्त क्षेत्र नो व्हीकल जोन रहेगा ।02. छत्री पुल से नगर निगम व आर्ट्स एण्ड साइंस काँलेज की ओर जाने वाले सामान्य वाहन दिनांक 03.12.2023 के प्रातः 05.00 बजे से डायवर्ट किये जाएंगे, जो दो बत्ती चौराहा से न्यू रोड गुरुद्वारा की ओर से लोकेन्द्र टाँकीज होते हुए शहर के अन्दर जा सकेंगे।03. रतलाम विकास प्राधिकरण हाथी खाना की ओर से वाहन नगर निगम तिराहा एवं आर्ट्स एवं साइंस काँलेज की ओर नही जा सकेंगे। गुलाब चक्कर,पुराना कलेक्टोरेट होते हुए आ जा सकेंगे।04. नाहरपुरा तिराहा से नगर निगम की ओर आने वाले समस्त चार पहिया, तीन पहिया  एवं दो पहिया अण्डागली होते हुए शहर सराय की ओर से आ जा सकेंगे।05. लोकेन्द्र टाकीज से आरोग्यम, आर्ट एंड साँईंस कालेज की ओर आने वाले समस्त प्रकार के वाहन शहर सराय होते हुए आ जा सकेंगे। प्रवेश एवं पार्किंग व्यवस्था01. विधानसभा चुनाव प्रेक्षक महोदय एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के वाहन आर्ट्स एण्ड साईंस कॉलेज के सामने गेट नम्बर-02 से प्रवेश कर गेट के पास ही अपने वाहन पार्क करेंगे। 02. मतगणना ड्यूटी में लगे पुलिस/शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा मतगणना मे आने वाले प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों का प्रवेश नगर निगम तिराहा अमरेश्वर महादेव मंदिर के सामने आर्ट्स एण्ड साईंस कॉलेज के सामने गेट नम्बर-03 से होगा ।03. मतगणना में आने वाले प्रत्याशियों/उनके प्रतिनिधियों एवं मीडिया (प्रेस) के वाहनों की नगर निगम के अन्दर पार्किंग व्यवस्था की गई है।04. मतगणना ड्यूटी में लगे पुलिस/शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वाहन गेट नम्बर 02 से प्रवेश के उपरान्त आर्ट्स एण्ड साईंस कॉलेज की पार्किंग में वाहन पार्क किये जावेंगे।05.रतलाम शहर,रतलाम ग्रामीण, जावरा, आलोट एवं सैलाना विधानसभा क्षेत्र की मतगणना सुनने के लिये आने वाले आम नागरिको के दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों के लिए नगर निगम के अन्दर पार्किंग व्यवस्था की गई है।08. विधानसभा क्षेत्र की मतगणना सुनने के लिये आने वाले आम नागरिको के दो पहिया वाहन रतलाम की छत्रीपुल के पास प्रिंस प्लाजा पर वाहन पार्किंग व्यवस्था रहेगी।                 मतगणना ड्यूटी में लगे शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों एवं उनके प्रतिनिधियों व आम नागरिको से अपील है कि उपरोक्तानुसार मतगणना दिनांक 03.12.2023 को यातायात पुलिस रतलाम द्वारा की गई  पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात डायवर्शन व्यवस्था मे आवश्यक सहयोग करे।

स्वास्थ शिविर : जेल में बंद कैदियों का हुआ हेल्थ चेकअप, जान लेने वालों को दी “जान बचाने” की ट्रेनिंग

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जेल में बंद कैदियों को बेहतर स्वास्थ मिले इसके लिए रतलाम सर्किल जेल में हेल्थ चेकअप का आयोजन किया गया। जिसमें जिला चिकित्सालय की डॉक्टरों की टीम ने कैदियों का चेकअप कर उन्हें जरूरी सलाह भी दी। जेल में बंद कैदियों के अलावा जेल स्टाफ का भी स्वास्थ डॉक्टरों की टीम ने जांचा। वहीं शिविर में हेल्थ चेकअप के अलावा हत्या, चोरी, मारपीट जैसे  कई मामलों में सजा काट रहे या विचारधीन कैदियों ने जान बचाने की ट्रेनिंग भी ली। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के दौरान कैदियों को सीपीआर ट्रेनिंग (CPR TRAINING) भी दी गई। आपको बता दे सीपीआर का मतलब है कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन। यह भी एक तरह की प्राथमिक चिकित्सा यानी फर्स्ट एड है। जब किसी पीड़ित को सांस लेने में दिक्कत हो या फिर वो सांस न ले पा रहा हो और बेहोश जो जाए तो सीपीआर से उसकी जान बचाई जा सकती है। जेल अधीक्षक लक्ष्मणसिंह भदौरिया ने बताया की चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा बंदियों एवं जेल स्टाफ को विभिन्न बीमारियों से संबंधित प्राथमिक उपचार के तरीके एवं सीपीआर की ट्रेनिंग प्रदाय की गई। चिकित्सकों द्वारा 82 बंदियों की जांच एवं उपचार दिया गया। इस दौरान जेलर ब्रजेश मकवाने जेलर, डॉ निर्मल जैन, डॉ कृपालसिंह राठौर, डॉ. कैलाश चारेल, डॉ अदिति भावसार, डॉ ममता शर्मा, डॉ गोपाल यादव, डॉ एस एस गुप्ता व जेल स्टाफ मौजूद रहा।

शादी में टोकना पड़ा महंगा : चाकू लहराकर नाचने से मना किया तो कर दी हत्या, घर के जमाई को ढाबे पर मारे चाकू

ऐसे विवादों से सतर्क व सावधान रहने की जरुरत पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। अगर आप शादी में जा रहे है और नाचने गाने के बीच किसी को टोकने का मन बनाया हो तो आपको सावधान होने की जरूरत है। ऐसा ही मामला जिले के सैलाना थाने के गांव दिवेल से सामने आया है। यह गांव धामनोद चौकी के अंतर्गत आता है। जहां कुछ युवकों ने मिलकर नाचने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकू घौंपकर हत्या कर दी। पूरी वारदात देर रात की है, जिसे आरोपियों ने धामनोद के कालिका रेस्टोरेंट नाम के ढाबे पर अंजाम दिया। गांव दिवेल के एक परिवार में शादी समारोह आयोजित हो रहा था। रात में बारात आई जिसका प्रोसेशन (सेल) निकल रहा था। इसी दौरान उसी बारात में शामिल एक युवक चाकू लेकर नाच रहा था। जिस घर बारात आई उसके ही जमाई ने चाकू लेकर नाचने से युवक को मना करते हुए भगा दिया। नाचने के दौरान बरातियों से विवाद हुआ और यह विवाद इतना बड़ा कि बाराती ने जिस घर बारात आई थी उसके जमाई की ही चाकू घौंपकर हत्या कर दी। एक अन्य मनोज भी इसमें सिर पर पत्थर लगने से घायल हुआ जिसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। धामनोद के ढाबे पर हुई हत्यासैलाना थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया दिवेल में हुए हत्याकांड के आरोपी थाना बिलपांक अंतर्गत शिवपुर निवासी सूरज पिता गेंदालाल दायमा, जितेंद्र पिता रामचंद्र व भोला पिता रामजी है। यह युवक शादी में चाकू लेकर नाच रहा था तो जिस घर बारात वहां के जमाई मृतक नरेंद्र पिता जगदीश राठौड़़ (23) निवासी राजपुरा थाना भाटपचलाना जिला उज्जैन ने यह देखा तो उसे मना किया। नहीं माना तो वहां से भगा दिया। बरात वापस लौट रही थी तो आरोपी और उसके साथियों ने लोगों पर पत्थर फैंके और भाग गए। इसके बाद उनसे पूछा कि कहां चले गए तो वे ढाबे पर पहुंच चुके थे। नरेंद्र और अन्य ढाबे पर पहुंचे तो यहां फिर विवाद हुआ और आरोपी सूरज ने नरेंद्र को चाकू घोंप दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

खेल में उपलब्धि : राष्ट्रीय स्तरीय खो – खो प्रतियोगिता में रतलाम की रुपाली का चयन, 1 दिसंबर को नासिक होंगे रवाना

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश द्वारा बुरहानपुर में आयोजित अंडर-17 राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से रतलाम की बालिका कु. रुपाली सोलंकी ने शहर का नाम रोशन करते हुए मध्यप्रदेश अंडर-17 खो – खो टीम में जगह बनाई। रुपाली अब मध्यप्रदेश की टीम का हिस्सा बनकर राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली खो-खो प्रतियोगिता में भाग लेगी। चयनित छात्रा शहर के श्री जैन विद्या निकेतन विद्यालय में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है। छात्रा कु. रूपाली सोलंकी का चयन राष्ट्रीय स्तर पर होने से पूरे विद्यालय परिवार ने हर्ष जताया है। राष्ट्रीय स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता आगामी 3 दिसंबर से 7 दिसंबर तक महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित होगी। प्रतियोगिता की तैयारी हेतु मध्यप्रदेश टीम का प्रशिक्षण केंद्र 26 से 30 नवंबर तक बुरहानपुर में आयोजित होगा। जहां से टीम 1 दिसंबर को राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु नासिक रवाना होगी।

चोर मचाए “शोर” : रतलाम की पुलिस टीम पर गुना में हुई फायरिंग, मामला पूर्व गृहमंत्री के भतीजे के यहां हुई हाई प्रोफाइल चोरी का

पारदी बदमाश महिला व बच्चों को बनाते है ढाल, इनके सामने दो जिलो की पुलिस बेबस! पब्लिक वार्ता – रतलाम/गुना,जयदीप गुर्जर। जिले के जावरा में हुए हाई प्रोफाइल चोरी कांड को 2 माह से अधिक समय बीत चुका है। लाख कोशिशों के बावजूद पुलिस के हाथ खाली नजर आ रहे। वहीं बीती रात पुलिस टीम पर गुना में फायरिंग की घटना ने सभी को सकते में डाल दिया। चोरी के आरोप में रतलाम पुलिस ने गुना जिले के पारदी बदमाशों की घेराबंदी की। रतलाम पुलिस ने धरनावदा थाना क्षेत्र के खेजड़ा चक गांव में घेराबंदी करते हुए बदमाशों की धरपकड़ की योजना बनाई। लेकिन जैसी ही पुलिस गांव में पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पारदी बदमाशों के पास रायफल, पिस्टल, 12 बोर बंदूक, देसी कट्टे थे। जिनके सहारे वे पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ भाग गए। हमले में बाल-बाल बची रतलाम पुलिस ने धरनावदा थाने में FIR दर्ज कराई है। घटना के बाद पुलिस ने कई घरों में दबिश भी दी लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला। मामला पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के भतीजे व सराफा व्यापारी प्रकाश कोठारी के यहां हुई चोरी का है। इस सनसनीखेज वारदात के आरोपियों को पकडने गुना गई रतलाम पुलिस की टीम पर बदमाशों व अन्य ग्रामीणों ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है की दोनों तरफ से यह फायरिंग हुई है। हालांकि पुलिस ने बदमाशों की तरफ से फायरिंग की पुष्टि की है लेकिन दोनों तरफ से फायरिंग की घटना से इनकार किया है। जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो ने बताया की हम लगातार पुलिस टीम के संपर्क में हैं। आरोपी लगातार अपना स्थान बदलते हुए मूवमेंट कर रहे हैं और हमारी टीम उनका पीछा कर रही है। पूरे भारत में पारदी बदमाश कुख्यातपारदी बदमाश पूरे भारत में चोरी-डकैती करने के लिए कुख्यात  हैं। गुना जिले के खेजड़ा चक, बीलाखेड़ी, कनारी चक , कनेरा समेत कुछ ऐसे गांव हैं जहां पारदी बदमाशों का डेरा है। यहीं से भारत के विभिन्न राज्यों में जाकर अपराध घटित करते है।बदमाशों के पास चौबीसों घंटे अच्छा खासा असलहा हथियार भी मौजूद रहता है। इनकी चोरी जैसी वारदात को अंजाम देने का तरीका भी एक सा होता है। रतलाम एसपी राहुल कुमार लोढ़ा जो कि गुना एसपी भी रहे है, उन्होंने इस चोरी को तरीका ए वारदात से ही ट्रेस किया। जिस कारण से आरोपी जल्द ट्रेस हो गए। मगर अब तक पुलिस की गिरफ्त से सभी आरोपी दूर है और बेखौफ पुलिस पर फायरिंग भी कर रहे है। दबिश टीम में 30 से अधिक जवानजावरा में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात के आरोपियों का पता चलने के बाद रतलाम पुलिस की टीम लगातार गुना में डेरा जमाए हुए हैं। वहां की स्थानीय पुलिस से भी सपोर्ट लेकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। टीम में जावरा सिटी थाना टीआई हरीश जेजुरकर समेत जिले के करीब 30 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और पुलिस जवान शामिल हैं। आरोपी महिलाओं और बच्चों को आगे करके सुरक्षा का ढाल भी बनाते हैं जिससे पुलिस की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न हो रही है। फायरिंग के बाद भाग निकले आरोपीफायरिंग का यह मामला गुना जिले के धरनावदा थाने के खेजड़ा चक गांव में बुधवार को उस समय हुआ जब पुलिस दल आरोपियों तक पहुंचने ही वाला था। इसी दौरान टीम पर आरोपियों की तरफ से फायरिंग होना शुरू हो गई। सूत्रों की माने तो स्थानीय टीआई व जावरा सिटी टीआई बाइक पर सवार थे जो बदमाशों से करीब 100 मीटर की दूरी पर थे। फायरिंग के दौरान बाइक खेत में जा गिरी और पुलिस अधिकारियों ने खुद को कवर किया। तीन-चार दिन से बड़े इनपुट होने से पुलिस की बड़ी पार्टी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। यह है पूरा मामलाजावरा के बड़े सराफा व्यापारी और प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के भतीजे जावरा व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष बजाजखाना निवासी प्रकाश कोठारी की दुकान में बदमाशों ने 5 करोड़ से अधिक की चोरी को अंजाम दे दिया था। बदमाश उनके यहां से 5 किलो सोना और 4 क्विंटल चांदी के जेवर ले गए। 16 सितंबर की सुबह चोरी का पता चला तो पूरे जावरा में सनसनी फैल गई थी। बदमाश उनके मकान के पीछे के कमलीपुरा तरफ मकान के निर्माणाधीन हिस्से से आए और चोरी की वारदात करके उसी रास्ते वापस चले गए। इतनी बड़ी चोरी होने की सूचना के बाद पुलिस के तमाम आला अधिकारी भी जावरा पहुंचे थे। व्यापारी कोठारी ने आरोपियों को पकडऩे वाले को 11 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा भी की थी। यह है जावरा चोरी कांड के आरोपीगंगाराम उर्फ गंगू पिता बापूडा पारदी निवासी खेजड़ाचक थाना धरनावदा, पवन पिता बापुडा पारदी निवासी सदर गुना, कालिया उर्फ हरिसिंह पिता सागरिया निवासी सदर गुना, मुरारी पिता जगन्नाथ निवासी बिलाखेड़ी थाना धरनावदा के साथ एक अज्ञात आरोपी है। आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी की वस्तु बरामदगी के लिए पुलिस ने कई ठिकानों पर दबिशें दी है परंतु अभी आरोपी पुलिस गिरफ्तार से दूर है। इस वारदात को अंजाम देने के लिए जिस वाहन का उपयोग चोरों ने किया था वह एक पुलिस दरोगा का है, जिसको वह किराए पर ले गए थे।फायरिंग कर भाग जाने के बाद झागर पुलिस चौकी ने नामजद पांच आरोपियों और पन्द्रह अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग करने आदि के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रतलाम जिले की दो टीमें अभी गुना जिले में हैं, जो जावरा चोरी कांड के आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग जगह दबिश भी देती रही।

निर्विघ्न मतदान संपन्न : जिले में प्रत्यशियों की चुनावी परीक्षा खत्म, अब 3 दिसंबर तक रिजल्ट का इंतजार

शहर में सबसे कम रहा मतदान प्रतिशत, कई अच्छी तस्वीरों के अलावा त्रुटियां भी आई सामने पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में अपनी – अपनी किस्मत आजमाने उतरे प्रत्याशियों की चुनावी परीक्षा समाप्त हुई। अब सभी को 3 दिसंबर के दिन जारी होने वाले रिजल्ट का इंतजार है। रतलाम जिले में मतदान का अनुमानित आंकड़ा जारी हो चुका है। इसी के साथ प्रदेशभर में चुनावी बिगुल का शोर भी थम गया। रतलाम जिले में शाम 7 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार करीब 83.62 प्रतिशत मतदान हुआ। रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा में सबसे अधिक 89.50 प्रतिशत, रतलाम ग्रामीण 86.25 प्रतिशत, जावरा 85.48 प्रतिशत, आलोट 83.33 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं शहर की विधानसभा सीट पर 73.55 प्रतिशत मतदान हुआ, जो कि 5 विधानसभाओं में सबसे कम रहा। कई स्थानों पर समय समाप्त होने के बाद लंबी कतारें लगी रही। जहां नियमानुसार कतार में खडे लोगों को टोकन वितरित कर मतदान करवाया गया। रतलाम जिले में निर्विघ्न रूप से मतदान संपन्न हुए। कहीं से भी कोई अप्रिय स्थिति बनने जैसी बात सामने नहीं आई। मतदान के दौरान सुबह 7 बजे से लेकर शाम की 6 बजे तक कई तस्वीरे सामने आई। कई स्थानों पर ईवीएम मशीन ने काम करना बंद कर दिया। जिसके बाद तुरंत उसे बदलकर मतदान जारी रखा गया। मतदान कर रहे कई लोगों के नाम दूसरे मतदान केंद्रों पर ट्रांसफर हो जाने से उन्हें काफी परेशानी हुई वहीं कई को यह जानकारी भी नहीं लग पाई की उनका नाम दूसरे केंद्र पर है। इसके अलावा कई लोगों के नाम डिलीट करने की भी समस्या सामने आई। मतदान के समय पुलिस प्रशासन खासा मुस्तेद दिखाई दिया। बुजुर्गों को बेलेट पेपर की विशेष सुविधा देने के बाद भी उन्होंने इंकार किया और मतदान वाले दिन उत्साह से भाग लिया। कई दिव्यांग लोग भी केंद्र पर मतदान करते नजर आए। ग्रामीण व ट्राइबल क्षेत्रों में लोगों की लंबी लाइन नजर आई। लोगों ने बढ़चढ़कर लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लिया। प्रथम बार मतदान कर रहे युवाओं को प्रशासन की और से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। खबर लिखे जाने तक लीड कॉलेज में मत पेटियां जमा करने का दौर जारी रहा।

उत्साह के साथ मतदान : नागरिक पहुंच रहे लोकतंत्र के महायज्ञ में आहूति देने, अब तक जिले में 68 प्रतिशत वोटिंग

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। नागरिक लोकतंत्र के महायज्ञ में आहुति देने के लिए सुबह से मतदान केंद्र पहुंच रहे है। हालांकि सुबह सुबह शुरुआती दो घंटों में कम वोटिंग ने प्रशासन के साथ ही राजनीतिक दलों की चिंता बढा दी थी। जिसके बाद मतदाताओं के आने से सभी ने राहत की सांसे ली। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार दोपहर 3 बजे तक जिले में 68 फीसदी से अधिक वोटर अपने मताधिकार का उपयोग कर चुके है। सबसे ज्यादा वोटिंग सैलाना विधानसभा में 75.28 फीसदी दर्ज की गई जबकि सबसे कम रतलाम शहर में 58.02 फीसदी ही वोटिंग हो पाई है। आखरी समय शाम 6 बजे तक मतदान का प्रतिशत और बढ़ने की संभावनाएं है। कहीं लंबी कतारें तो कहीं इक्का दुक्का लोग:शहर में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया था। कई मतदान केंद्रों पर साढ़े सात और आठ बजे तक लाइनें लग गई तो कुछ मतदान केंद्र सुबह से दोपहर तक सुने दिखाई दिए। जिले में मतदान की स्थिति :सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक का मतदान प्रतिशत-जावरा विधानसभा 68.66%रतलाम ग्रामीण विधानसभा 73.13%रतलाम शहर विधानसभा 58.02%सैलाना विधानसभा 75.28%आलोट विधानसभा 68.66%जिले का कुल मतदान प्रतिशत 68.66% बुजुर्गों ने भी दिखाया उत्साह :बुजुर्ग मतदाताओं ने भी मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखाया। जिन्होंने घर पर वोटिंग नहीं करके मतदान केंद्रों पर ही मतदान की बात कही थी वे बकायदा मतदान केंद्र पहुंचे। 70 साल से ऊपर के मतदाताओं में जहां उत्साह दिखाई दिया तो नव मतदाताओं ने भी अपने मनपसंद के जनप्रतिनिधि को चुनने के लिए पहली बार अपना वोट दिया। कई लोग अपने माता पिता व परिवार के साथ पहुंचे। उकाला रोड मतदान केंद्र पर एक व्यक्ति अपनी दिव्यांग मां को गोद में लेकर पहुंचा। वहीं एक पोता अपनी दादी के साथ पहुंचा जहां बैसाखी के सहारे दादी ने आकर वोट डाला।

मतदाता जागरूकता संदेश : जैन विद्या निकेतन में बनाई बच्चों ने 100 फिट की रंगोली, “छोड़ो अपने सारे काम –  पहले चलो करे मतदान”

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव शुरू होते ही प्रत्याशी अपने – अपने प्रचार में जुटे हुए है। आगामी 17 नवंबर को मतदान होना है। ऐसे में शत प्रतिशत मतदान कराने के उद्देश्य से सामाजिक संस्थाएं, प्रशासन व विद्यालय मतदाताओं में जागरूकता लाने का कार्य कर रहे है। जिससे लोगों में जागरूकता आए और वे शत प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भूमिका सुनिश्चित कर सके। इसी को लेकर शहर के सागोद रोड़ स्थित जैन विद्या निकेतन स्कूल के विधार्थियो ने करीब 100 फिट की रंगोली बनाई। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत 50 फिट लंबी व 50 फिट चोड़ी रंगोली का निर्माण कश्यप सभागृह में किया गया। रंगोली में भारत देश के नक्शे के साथ मतदान का संदेश “छोड़ो अपने सारे काम – पहले चलो करे मतदान” लिखा गया। इसके अलावा मतदान के विषय में कई मनमोहक व आकर्षक रंगोलीयां फूलों व रंगों से विद्यार्थियों ने बनाई। स्कूल प्राचार्य मृदुला शर्मा ने बताया कि विद्यालय के सभी कक्षा के करीब 45 विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। इस मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य एवं सभी शिक्षक उपस्थित थे।

0%