MP में धार्मिक स्थलों के नीचे बिक रहा मांस!,CM Dr. Mohan Yadav के आदेश से बेरोजगारी? – PUBLIC VARTA

पब्लिक वार्ता/जयदीप गुर्जर : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने खुले में मांस-मछली के विक्रय तथा धार्मिक स्थलों के 100 मीटर के दायरे में मांस विक्रय पर प्रतिबंध के आदेश दिए है। रतलाम में करीब 200 परिवार इससे जुड़े है जिन पर सीधा असर पड़ेगा। गौर करने वाली बात है की नगर निगम पिछले 15 – 20 सालों से लाईसेंस नहीं बना रहा है। वहीं नगर में केवल 34 मांस विक्रेता ही लाइसेंसधारी है। ऐसे में बड़ा सवाल यह भी है कि आखिर क्यों लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया रोकी हुई है। इसको लेकर अधिकारियों के पास भी कोई आदेश या जवाब नहीं है। जो 34 लाइसेंस है उनका ही केवल नवीनीकरण किया जा रहा है। खुले में मांस बेच रहे विक्रेताओं का कहना है कि निगम लाईसेंस नहीं बनाता। हमे हटाने की बजाय कोई एक स्थान सरकार को देना चाहिये। हमारे परिवार का पालन पोषण इसी काम से होता है।शहर में 100 मीटर के दायरे में मांस विक्रय पर रोक लगानी है। ऐसे में कई मांस की दुकानें धार्मिक स्थलों द्वारा किराए पर दी गई है। जहां मांसाहार की होटले संचालित है। ऐसे में इनको हटाना भी प्रशासन के।लिए बड़ी चुनौती का काम होगा।

ABVP अधिवेशन : मालवा प्रांत कार्यकारिणी में रतलाम के 7 कार्यकर्ताओं को जगह, विनोद सिरोही होंगे संगठन मंत्री

पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का 69वां राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली में पूरा हुआ। चार दिवसीय इस अधिवेशन में देश के ग्रह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रीय अधिवेशन में मालवा प्रांत की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की गई। मालवा प्रांत की इस नवीन कार्यकारिणी में रतलाम जिले के 7 कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। प्रांत की नवीन घोषणा के बाद विनोद सिरोही को रतलाम जिला संगठन मंत्री के तौर पर भेजा गया है। कार्यकारिणी में कु. रागिनी यादव को प्रांत सहमंत्री, प्रोफेसर रक्षित मेहता को प्रांत सहप्रमुख (सविष्कार), कु. अंजू सूर्यवंशी प्रांत सहसंयोजक (एसएफएस) एवं रतलाम के विवेक पालीवाल, कु. माही शर्मा, जावरा के सत्यम दवे, व आलोट के जतिन दायमा को प्रांत कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।

डीन की पिटाई! : मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर्स व डीन के बीच विवाद, डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता पर लगाए शराबखोरी जैसे गंभीर आरोप

कॉलेज के डॉक्टरो ने किया आज से काम बंद का एलान!क्या है पूरा मामला ?, देखे वीडियो… पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम का शासकीय डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज (GMC) एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां डॉक्टर्स और कॉलेज के डीन के बीच विवाद का मामला सामने आया है। जिन डॉक्टर्स पर मारपीट का आरोप लगा है वो जीएमसी में प्रोफेसर है जो स्टूडेंट्स को पढ़ाते भी है। आपको बता दे कि जीएमसी डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता का विवादों से पुराना नाता रहा है। चाहे वो रतलाम हो या पहले के उनके कार्यकाल वाले अन्य जिले। मंगलवार रात एक ऐसा ही मामला सामने आया। डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता अपनी पत्नी डॉ. रेखा गुप्ता के साथ औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचे। जहां डीन ने आरोप लगाया है की डॉक्टर्स ने उनके घर में घुसकर मारपीट की। वहीं दूसरी और डॉक्टरों ने भी थाने पहुंचकर डीन के खिलाफ आवेदन दिया है। मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने डीन पर शराब के नशे में रहने के गंभीर आरोप लगाए है। साथ ही आवेदन में बातचीत के दौरान गाली-गलौच व जाति सूचक शब्दों की बात भी कही। हालांकि पुलिस ने मामले में डीन डॉ. गुप्ता की और से एफआईआर दर्ज की है। जिसमें डॉ प्रवीणसिंह बघेल, डॉ शैलेंद्र डावर व डॉ शैलेंद्र चौहान के खिलाफ आईपीसी की धारा 452, 294, 323, 506 व 34 में अपराध दर्ज किया है। वहीं डॉक्टरो की और से पुलिस ने शिकायती आवेदन लिया है। घटना से गुस्साए डॉक्टरों ने बुधवार से हड़ताल की सूचना जारी कर काम बंद करने का एलान कर दिया है। डॉक्टरों ने डीन जितेंद्र गुप्ता को हटाने की मांग शासन के सामने रख दी है। जिससे अब मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। दोनों पक्षों की कहानी, कौन सही कौन गलत?मामले में एक पक्ष मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों का है जो वहां प्रोफेसर भी है और इलाज भी करते है। एसोसिएशन के डॉ. प्रवीण बघेल ने बताया की हमारे साथी एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राहुल मैडा की पत्नी की डिलवरी हुई। उनकी पत्नी के इलाज में लापरवाही व अव्यवस्था बरती जा रही थी। जिसको लेकर वे डीन गुप्ता के पास पहुंचे। जहां डीन ने शराब के नशे में गाली दी और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने महिला डॉ. रंजीता अस्के के साथ भी अभद्रता की। अव्यवस्था व डीन के भेदभावपूर्ण रवैय्ये के कारण राहुल मैडा को उनके 8 घंटे के नवजात शिशु व पत्नी को लेकर निजी अस्पताल जाना पड़ा। एसोसिएशन के लोगों ने यह भी आरोप लगाया की प्राइवेट रूम में शिफ्ट करने के बाद डॉ. राहुल मैडा की पत्नी का इलाज ना करने को लेकर डीन गुप्ता ने नर्सिंग स्टाफ पर दबाव बनाया और अब झूठी एफआईआर करवा रहे है। दूसरी और डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता का कहना है की डॉ. राहुल मैडा की पत्नी की डिलवरी हुई थी। विभाग प्रमुख डॉ. सचिन डावर ने खुद की मर्ज़ी से ऐसे वार्ड में शिफ्ट किया जो 1 साल से कोविड के बाद बंद है। जब इसकी जानकारी मिली तो उन्हें गायनिक वार्ड में शिफ्ट होने को कहा गया क्योंकि वो स्थान असुरक्षित है। इतनी ही बात थी जिसके बाद में घर आ गया। में घर पर था तभी बेल बजने पर दरवाजा खोला तो डॉ. प्रवीण बघेल व अन्य लोग आए और मुझे गाली देते हुए मारपीट करने लगे। बीच बचाव करने आई पत्नी के साथ भी उन्होंने अभद्रता की। यह लोग शुरू से मेरे पीछे पड़े है। शराब के नशें में रहने के आरोप गलत है।

रिश्वतखोर पटवारी : घूसखोर महिला पटवारी पर लोकायुक्त की कार्रवाई, किसान से मांगी थी नामांतरण के लिए रिश्वत

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने जिले के आलोट में महिला पटवारी को रंगे हाथ रिश्वत लेते ट्रेप किया। आलोट में पदस्थ हल्का 27 की पटवारी प्रियंका सोनी द्वारा किसान के नामांतरण के बदले यह राशि मांगी गई थी। जिसकी शिकायत किसान ने लोकायुक्त उज्जैन में की। जिसके बाद सोमवार को आरोपी महिला पटवारी को कारगिल चौराहे पर रंगे हाथों दबोच लिया गया। आलोट के समीप गांव आनंदगढ़ निवासी किसान भारतसिंह चौहान ने लोकायुक्त उज्जैन को एक आवेदन दिया। जिसमें बताया की आरोपी प्रियंका सोनी जो कि आलोट के हल्का 27 की पटवारी है। भूमि के नामांतरण हेतु पटवारी प्रियंका सोनी को आवेदन दिया था। भूमि नामांतरण के लिए 8 हजार रुपयों की मांग की। इसकी शिकायत आवेदक द्वारा एसपी लोकायुक्त उज्जैन अनिल विश्वकर्मा को की। एसपी विश्वकर्मा द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया। जो कि सत्य पाई गई। जिसके बाद टीम ने आरोपी पटवारी प्रियंका सोनी को 8 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप कर लिया। ट्रेपिंग की कार्रवाई के दौरान निरीक्षक डॉ. बसंत श्रीवास्तव, विशाल रेश्मिया, इसरार,महेंद्र जाटवा, संजय पटेल आदि मौजूद रहे।

गिरफ्त में सटोरिया : रंगदारी करने वाला सट्टेबाज रोनक गादिया पुलिस गिरफ्त में, शहर में कई लोग बन रहे सट्टे का शिकार

आरोपी के साथ पुलिस ने फरियादी पर भी कर दी FIR, जाने क्या है पूरा मामला पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले वैसे तो लोगों के घर बर्बाद करते है। मगर इन सट्टेबाजों के आका यानी की इनको आईडी बांटने वाले खुद इनके घर बर्बाद कर रहे है। ऐसा ही एक मामले का खुलासा रतलाम पुलिस ने सोमवार को किया। जहां एक सटोरिया पुलिस के पास पहुंचा और उसने खुद क्रिकेट का सट्टा करना कबूल किया। उसने ये बात इसलिए कबूली क्योंकि वो जिससे लाइन लेकर या आईडी लेकर यह धंधा कर रहा था वो खुद ही उसकी जान का दुश्मन बन गया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा तो दर्ज किया मगर दोनों के खिलाफ। पुलिस ने फरियादी पर सट्टे का और आरोपी पर धमकाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपी रोनक गादिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आरोपी रोनक गादिया के लिंक खोजने में जुटी है। आरोपी ने और कितने लोगों को क्रिकेट सट्टे की आईडी बांटी है और इसके ऊपर कौन – कौन लोग और शामिल है इसकी भी जांच की जाएगी। माणक चौक थाना प्रभारी प्रीति कटारे के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी सट्टे व मारपीट के प्रकरण दर्ज है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 1 दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा है। सूत्रों की माने तो रोनक गादिया शहर के नामचीन रंग व्यापारी के अंडर में रहकर सट्टे के कारोबार को सीखकर संचालित करता आ रहा है। व्हाइट कॉलर लोग सफेद धंधे की आड़ में शहर में बेख़ौफ काला धंधा संचालित कर रहे है। सट्टे के सिंडिकेट की बात करे और ठीक से इसकी जांच की जाए तो कई ऐसे नामचीन हस्तियों के तार इससे जुड़े मिलेंगे जो खुद को समाज के सामने प्रतिष्ठित और बेदाग बताते है। मगर अपने लंबे राजनीतिक रसूख के कारण और प्रशासनिक संरक्षण के चलते जांच की आंच इनको छू तक नहीं पाती और बेखोफ ये व्हाइट कॉलर लोग अपने काले कारनामे संचालित करते आ रहे है। खेर रतलाम वासियों के मन में आज भी यह सवाल है की कब शहर सट्टा और सटोरियों से मुक्त होगा जिसने हजारों परिवारों को उजाड़ कर रख दिया है। यह है पूरा मामला :एसपी राहुल कुमार लोढा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया 23 नवंबर को फरियादी सोरभ जैन पिता सोहनलाल जैन उम्र 40 साल नि.110 धानमण्डी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई की में क्रिकेट के सट्टी की आईडी चलाता हूं। यह आईडी उसने आरोपी रोनक गादीया से ली जिसके बदले मे रोनक गादीया ने अवैध रुप से 10 लाख रुपये मांगे। फरियादी ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी गादिया ने डरा धमका कर पंचेड़ की जमीन के तीन प्लाट अपने नाम पर अनुबंध (एग्रीमेंट) करा लिया और बोला की पैसे नही दे सकता हे, तो वह प्लाट मेरे नाम पर करवा दे। इसी बात को लेकर 20 नवंबर की रात रोनक ने करमदी रोड पर मिलकर बोला की तुने आईडी के रुपये नही दिए, अगर तुझे क्रीकेट की आईडी का सट्टा करना हे, तो मुझे रुपये देना पड़ेगे और मां बहन की गालियां देकर थप्पड़ो से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में आईपीसी की धारा 327,294,323 व 506 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया। जिसके बाद तेजा नगर गली नं. 3 निवासी आरोपी रोनक पिता बाबुलाल गादीया उम्र 33 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड लेने के बाद उससे एग्रिमेंट जप्त करने के साथ ही कई बिंदुओं पर पूछताछ भी करेगी। मामले में माणक चौक थाना टीआई प्रिति कटारे, एएसआई एस.एस.राठौर , हेड कांस्टेबल 781 नरेन्द्र चावडा व 416 दिलीपसिह रावत की अहम भूमिका रही।

बोर्ड परीक्षा टाइम टेबल : एमपी बोर्ड कक्षा 10वीं की परीक्षा 05 फरवरी से और 12वीं की 06 फरवरी से होगी शुरु

बोर्ड ने बताया कैसे आएगा पेपर, वेबसाइट पर जाकर कर सकते है चेक पब्लिक वार्ता – भोपाल,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MPBSE) यानी एमपी बोर्ड (MP BOARD) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2024 के लिए टाइम टेबल (10th 12th time table) जारी कर दिया है। मध्यप्रदेश बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा 5 और 6 फरवरी, 2024 से शुरू होगी। इस बार मार्च में शुरू होने वाली बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी में ली जा रही है। बताया जा रहा है की मई जून 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। परीक्षा के बाद रिजल्ट भी मार्च के अंत में या मई के पहले सप्ताह तक जल्द ही घोषित कर दिया जाएगा। यह टाइम टेबल नियमित (रेगुलर) और स्वाध्याय (प्राइवेट) छात्रों के लिए है। इस टाइम टेबल के अनुसार दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 5 फरवरी से 28 फरवरी तक होनी है। वहीं 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 6 फरवरी से 4 मार्च तक चलेंगी। परीक्षाओं का समय यथावत सुबह 9:00 बजे से 12:00 का रखा गया है। जिसके लिए छात्रों को 8 बजे पहुंचने की हिदायत दी गई है। परीक्षा पूर्ण होने से 15 मिनट निकलने के बाद यानी सुबह 08:45 के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा हॉल में एंट्री नहीं दी जाएगी। छात्रों को हर हाल में सुबह 08:30 बजे तक परीक्षा हाल में उपस्थित होना होगा। टाइम टेबल एमपी बोर्ड 2024 आधिकारिक वेबसाइट mpbse.nic.in पर जारी किया गया है। विद्यार्थियों को बोर्ड की सुविधामप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षाओं में अब दो माह का ही समय बचा है। ऐसे में मंडल ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी करने के लिए बड़ी सुविधा दी है। छात्रों को इन परीक्षाओं की तैयारी के लिए बोर्ड ने सभी विषयों के सैंपल पेपर तैयार कर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र इन पेपर को हल कर यह जान सकेंगे कि बोर्ड के पेपर किस तरह के पैटर्न पर आएंगे। सैंपल पेपर में स्कीम ऑफ मार्क्स की जानकारी के साथ ही परीक्षा की तैयारी में विद्यार्थियों को मदद भी मिल सकेगी। इसके लिए विद्यार्थियों को बोर्ड की वेबसाइट mpbse.nic.in पर जाना होगा।

यह गलत है! : मुस्लिम महिला का भाजपा को वोट देना पड़ा महंगा, गुस्साए देवर ने कर दी पिटाई, देखे वीडियो

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह के सामने पहुंची पीड़ित महिला, भय्या ने लाडली बहना को दिलाया न्याय का भरोसा! पब्लिक वार्ता – भोपाल,जयदीप गुर्जर। कहने को तो एमपी अजब है और गजब है। लेकिन कभी कभी एमपी में ऐसे गजब मामले सामने आते है जो एमपी की साख दाव पर लगा देते है। एक ऐसा ही मामला सीएम शिवराजसिंह चौहान के सामने आया। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक मुस्लिम महिला से मुलाकात की, जिसे उसके देवर ने सिर्फ इसलिए पीटा था क्योंकि उसने बीजेपी को वोट दिया और वह जीत की खुशियां मना रही थी। सीएम ने ट्वीट में कहा की, ‘मजबूत लोकतंत्र के लिए बीजेपी को अपना मत देने पर मेरी एक बहन को उसके परिवार द्वारा प्रताड़ित करने का मामला मेरे संज्ञान में आया है। मैंने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित कर उचित कार्रवाई करने को कहा है। इसके साथ ही पीड़ित बहन को पूरी सुरक्षा व आर्थिक मदद भी दी जाएगी। मेरी बहन, तुम किसी बात की चिंता मत करना, तुम्हारा भाई सदैव तुम्हारे साथ है।’ कौन है यह मुस्लिम महिला?मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित महिला समीना बी से मुलाकात की। बीजेपी को वोट देने के कारण समीना को उनके देवर जावेद खां ने पीटा था। समीना अपने बच्चों के साथ सीएम हाउस में शिवराज से मिलने पहुंची। इस दौरान सीएम ने उनसे बात की और बच्चों को प्यार दिया। सीएम ने आश्वासन दिया कि वह महिला की सुरक्षा और सम्मान पर कोई आंच नहीं आने देंगे। बता दें कि मामला सीहोर जिले के अहमदपुर थाना क्षेत्र के बरखेड़ा हसन गांव का है, जहां समीना बी नाम की महिला के साथ इसलिए मारपीट की गई थी क्योंकि उसने बीजेपी को वोट दिया था। यह घटना 4 दिसंबर की है, जिसकी शिकायत उसने पुलिस में भी की। 8 दिसंबर यानी शुक्रवार को महिला कलेक्टर के पास शिकायत लेकर पहुंची। उसका आरोप है कि अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई। वहीं, देवर की गिरफ्तारी को लेकर पीड़िता ने कलेक्टर से गुहार लगाई। जिसके बाद मामला सीएम तक पहुंचा और उन्होंने महिला से शनिवार को मुलाकात की। कब हुई थी घटना ?महिला के साथ मारपीट की घटना 4 दिसंबर को सामने आई थी। महिला का कहना है कि वह बीजेपी की जीत पर खुशियां मना रही थी। इसी दौरान देवर गाली-गलौच करने लगा और जब महिला ने विरोध किया तो देवर ने मारपीट की। हालांकी महिला का कहना है कि उसने पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने देवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के साथ धारा 294, 323, 506, 34 के तहत में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है की मामले की जांच कर रही है तथा जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सेवा गाथा : शिवगढ़ में वितरित किए कंप्यूटर कोर्स के प्रमाण पत्र, माधव सेवा न्यास व सेवा भारती का संयुक्त प्रकल्प

पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। जिला मुख्यालय के शिवगढ़ में माधव सेवा न्यास उज्जैन एवं रतलाम सेवा भारती द्वारा संचालित कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर के छात्र – छात्राओं ने कंप्यूटर कोर्स पूरा किया। जिसके बाद उन्हें शुक्रवार को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कंप्यूटर सेंटर पर आने वाले विद्यार्थियों ने डीसीए पीजीडीसीए एवं बेसिक कंप्यूटर कोर्स की परीक्षा पास की। प्रमाण पत्र वितरण से पहले सेंटर पर भारत माता के चित्र पर माल्यापर्ण किया गया। जिसमें मुख्य रूप से माधव सेवा न्यास अध्यक्ष बलराज भट्ट, सचिव विपिन आर्य, रतलाम सेवा भारती सचिव मोहित कसेरा, माधव सेवा न्यास के लखन धनगर आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विजेंद्रसिंह चौहान ने किया। सेवा भारती के मोहित कसेरा ने बताया की माधव सेवा न्यास की सेवा गाथा अब सैलाना बजाना के गांव – गांव में पहुंच रही है। न्यास द्वारा क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के सेवा कार्यों में प्रमुख कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र शिवगढ़ जिला रतलाम में गत वर्ष से संचालित हो रहा ।है जिसके सुपरिणाम आने लगे हैं। न्यास के अध्यक्ष बलराज भट्ट ने छात्र – छात्राओं के उज्जवल भविष्य की शुभकामना देते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

सर्किल जेल पहुंचकर कैदियों को किया एड्स (AIDS) के प्रति जागरूक, 40 कैदियों का किया HIV टेस्ट

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा संचालित लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना (अरुणोदय इनफॉरमेशन मैनेजमेंट सोसायटी) अंतर्गत सर्किल जेल रतलाम के कैदियों के बीच पहुंचकर एचआईवी एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सर्किल जेल के जेलर बृजेश मकवाने को रेड रिबन लगाकर की गई। जिसके बाद जेल में कैदियों को IC मटेरियल वितरित कर एड्स रोग से संबंधित सभी जानकारी तथा उसके उपचार से संबंधित बाते बताई गई। परियोजना प्रबंधक नितिन परमार ने बताया की कैदियों को ART सेंटर और आईसीटीसी सेंटर से अवगत कराया गया। एचआईवी की जांच करवाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्हें एचआईवी/एड्स रोग की रोकथाम के बारे में भी बताया गया। विशेष रूप से उन कैदियों को समझाईश दी गई जो इंजेक्शन से नशा करने के आदी है। उन्हें OST IDU (सुइयो से नशा करने वाले) की जानकारी दी तथा समाज के प्रति उनके कर्तव्य को समझाया गया। कैदियों को एचआईवी के विंडो पीरियड तथा एड्स वायरस के बारे में संपूर्ण जानकारी दी गई। जेल में एचआईवी के 40 टेस्ट भी किए गए। इस दौरान प्रमुख प्रहरी तरुरेंद्र शेखर मिश्र, प्रहरी देवेंद्र आर्मो, संस्था के शुभम चौहान, हिमांशु चौहान, मोइन मेव, स्टाफ नर्स सेवंद्रा डावर आदि उपस्थित रहे।

महाप्रसादी आयोजन : नागरवास में क्षेत्रवासियों ने मनाई भैरव अष्टमी, महापौर प्रहलाद पटेल ने उतारी मंशापूर्ण भैरव की आरती

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भैरव अष्टमी पर शहर के विभिन्न देवस्थानों पर कई आयोजन हुए। इसी क्रम में नागरवास स्थित मंशापूर्ण भैरव मंदिर पर महाप्रसादी भोजन भंडारे का आयोजन किया गया। क्षेत्रवासियों ने भैरव मंदिर पर आकर्षक विद्युत सज्जा करते हुए धूमधाम से भैरव अष्टमी मनाई। महाप्रसादी शुरू होने से पहले भगवान भैरवनाथ का विधि विधान से पूजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से महापौर प्रहलाद पटेल व क्षेत्रीय पार्षद व एमआईसी सदस्य धर्मेद्र व्यास मौजूद रहे। मुख्य अतिथि पटेल व व्यास ने भगवान भैरवनाथ की आरती करते हुए शहर की खुशहाली की कामना की। मंशापूर्ण भैरवनाथ को विभिन्न प्रकार के 56 से अधिक पकवानों का भोग लगाया गया। महाप्रसादी के पूर्व दोपहर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। जिसके बाद शाम 6 बजे पंडित गोपाल मेहता द्वारा सहस्त्र दीपों से आकर्षक आरती की गई। देर रात तक चले आयोजन में सैकड़ों भक्तों ने महाप्रसादी भंडारे का धर्म लाभ लिया। इस दौरान प्रमुख रूप से क्षेत्र के पंडित देवेश मेहता, हिंदू जागरण मंच के कुलदीप माहेश्वरी, वैभव व्यास, राजू सुरोलिया, देवेश व्यास आदि उपस्थित रहे।

0%