Ratlam News: हनुमान जन्मोत्सव पर रतलाम में यातायात पर असर: आज इन रास्तों पर जाने से बचे, डायवर्शन प्लान लागू

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: हनुमान जन्मोत्सव पर्व के अवसर पर दिनांक 12 अप्रैल 2024 को रतलाम शहर में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, शोभायात्रा और भण्डारे आदि आयोजनों को ध्यान में रखते हुए रतलाम पुलिस द्वारा विशेष यातायात डायवर्शन प्लान जारी किया गया है। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है, साथ ही कुछ क्षेत्रों को नो व्हीकल ज़ोन घोषित किया गया है। यातायात पुलिस रतलाम के अनुसार, शुक्रवार शाम 5:00 बजे से रात 12:00 बजे तक समस्त प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित डायवर्शन रूट का पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें। डायवर्शन प्लान इस प्रकार है: 1. बंजली मेडिकल कॉलेज तिराहा (फंटा) से लेकर बड़बड़ रोड, राम मंदिर और सैलाना बस स्टैंड क्षेत्र तक के मार्ग को नो व्हीकल ज़ोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक किसी भी भारी वाहन की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। 2. रतलाम शहर से सैलाना व बाँसवाड़ा की ओर जाने वाले वाहन सालाखेड़ी, जावरा अंडरब्रिज, प्रतापनगर पुलिया से फोरलेन मार्ग होते हुए नामली पंचेड फंटा, ग्राम पंचेड, ग्राम धामनोद होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। 3. सैलाना और बाँसवाड़ा से रतलाम की ओर आने वाले वाहन बंजली से सेजावता फंटा होकर फोरलेन मार्ग के माध्यम से जावरा या सातरुंडा की ओर भेजे जाएंगे। 4. वन विभाग से बड़बड़ रोड, राम मंदिर और सैलाना बस स्टैंड की ओर आने वाले भारी वाहनों की आवाजाही पूर्णतः बंद रहेगी। 5. दो बत्ती से सैलाना बस स्टैंड और राम मंदिर की ओर जाने वाले भारी वाहन भी प्रतिबंधित रहेंगे। 6. 80 फीट रोड से राम मंदिर और बंजली की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्शन रूट का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि हनुमान जन्मोत्सव पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से सम्पन्न हो सके।

Ladli Behna yojana: 10 तारीख निकलने के बाद भी नहीं आई 23वीं किस्त, कांग्रेस ने उठाए सरकार पर सवाल

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली लाड़ली बहना योजना की 23वीं किस्त का इंतजार अब लंबा होता जा रहा है। योजना के तहत हर माह की 10 तारीख को लाभार्थी महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर की जाती रही है, लेकिन इस बार 11 अप्रैल गुजर जाने के बाद भी अब तक महिलाओं के खातों में पैसा नहीं पहुंचा है। इस देरी को लेकर महिलाओं के बीच बेचैनी बढ़ रही है, वहीं कांग्रेस ने इसे लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। जीतू पटवारी का हमला: सरकार की नीयत पर उठाया सवालप्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने लिखा— “लाड़ली बहना योजना की किस्त को लेकर पहले बड़े-बड़े होर्डिंग देखने को मिलते थे, लिखा रहता था, ‘लाड़ली बहनों 10 तारीख आ रही है!’ लेकिन, इस बार 10 तारीख को लाड़ली बहनों के खाते में पैसे ही नहीं आए! क्या कर्ज में कमी हो गई या सरकार की नीयत बदल गई?” पटवारी ने आगे लिखा कि सरकार विधानसभा में साफ कर चुकी है कि ₹1250 की मासिक राशि को ₹3000 प्रतिमाह तक नहीं बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि 60 वर्ष की उम्र पूरी कर चुकीं 3 लाख 19 हजार 991 महिलाओं के नाम पोर्टल से हटा दिए गए हैं, जबकि 15,748 महिलाओं के नाम उनकी मृत्यु के बाद हटाए गए हैं। फिर उठाई मांग: आयु सीमा घटाएं, ₹3000 करें भुगतानपटवारी ने मांग की है कि लाभार्थियों की न्यूनतम आयु सीमा 21 से घटाकर 18 वर्ष की जाए और 60 वर्ष की अधिकतम सीमा को बढ़ाकर 65 किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन महिलाओं के नाम हटाए गए हैं, उन्हें पुनः जोड़ा जाए और तत्काल ₹3000 प्रतिमाह भुगतान शुरू किया जाए। सरकार की चुप्पी से बढ़ी चिंताराज्य सरकार की ओर से अभी तक किस्त में देरी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हर महीने नियमित रूप से मिलने वाली राशि न मिलने से महिलाओं के बीच चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

Ratlam News: लोडिंग वाहन और ऑटो की भीषण टक्कर, एक महिला की मौत, तीन घायल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के दो बत्ती चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें सब्जियों से भरे लोडिंग वाहन और ऑटो रिक्शा की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो हादसे की भयावहता को दर्शाता है। हादसे का विवरण प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोडिंग वाहन लोकेंद्र भवन की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा था। उसी समय चौराहे को पार कर रहा ऑटो उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और लोडिंग वाहन पलट गया। हादसे के बाद लोडिंग वाहन पास में खड़ी कई ठेला गाड़ियों से भी टकरा गया, जिससे सड़क पर सब्जियां बिखर गईं। घायलों की पहचान हादसे में ऑटो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें रेहाना (65) पति साकिर, साकिर (71) पिता सुफद्दीन, खतीजा (30) पिता हुसैन निवासी कसारी बाजार, रतलाम और ऑटो चालक कुलदीप (40) पिता मनोहरलाल निवासी धभाई जी का वास शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रेहाना की मौत हो गई। अहमदाबाद ले जाते समय हुई मौत परिजनों ने घायल साकिर और खतीजा को बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद ले जाने का निर्णय लिया। लेकिन दाहोद पार करने के बाद रास्ते में रेहाना की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर रतलाम लौटे। मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। अहमदाबाद से लौट रहे थे स्टेशन रोड थाना एएसआई हीरालाल चंदन ने बताया कि तीनों लोग सुबह अहमदाबाद से साबरमती एक्सप्रेस से रतलाम लौटे थे। साकिर की तबीयत खराब होने के चलते वह लंबे समय से अहमदाबाद में इलाज करा रहे थे। लौटते समय ही यह हादसा हो गया। VIDEO में कैद हुआ हादसा इस दर्दनाक हादसे का वीडियो शुक्रवार दोपहर सामने आया, जिसमें लोडिंग वाहन की तेज रफ्तार और टक्कर की तीव्रता साफ देखी जा सकती है। वीडियो में ऑटो पलटता हुआ नजर आ रहा है और लोडिंग वाहन सब्जियों से भरे ठेलों को भी अपनी चपेट में लेता दिख रहा है।

Ratlam News: रतलाम में खुले में कचरा फेंकने और डिस्पोजल के उपयोग पर छह दुकानदारों पर जुर्माना

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम नगर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में खुले में कचरा फेंकने और चाय-कॉफी के डिस्पोजल कप का उपयोग करने वाले दुकानदारों पर महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देश पर जुर्माना लगाया गया है। नगर निगम के स्वास्थ्य अमले ने शहर के छह रेस्टोरेंट और चाय दुकानों पर दो सौ पचास रुपये का जुर्माना किया और दुकानदारों को भविष्य में ऐसा न करने की समझाइश भी दी गई। जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, वे हैं महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि रतलाम शहर को पूरी तरह कचरा मुक्त बनाने के लिए नगरीय सीमा में डिस्पोजल कप और अमानक पॉलीथीन का निर्माण, बिक्री, भंडारण और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद यदि कोई प्रतिबंध का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। जुर्माने की यह कार्रवाई स्वास्थ्य अधिकारी ए पी सिंह के निर्देशन में झोन प्रभारी पर्वत हाड़े, किरण चौहान और आशीष चौहान द्वारा की गई।

Ratlam News: रत्नपुरी की धरा पर सम्पन्न हुआ महामंगलकारी अनुष्ठान, युवाओं को संस्कारवान बनाने पर दिया गया जोर

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जैन दिवाकर स्मारक पर आयोजित महामंगलकारी अनुष्ठान के पावन अवसर पर पूज्या अनुष्ठान आराधिका, ज्योतिष चन्द्रिका डॉ. साध्वी कुमुदलता माताजी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए हमें अपने बच्चों को धर्म से जोड़ते हुए संस्कार शिविरों में भेजना होगा, जिसकी शुरुआत घर और समाज से करनी होगी। उन्होंने कहा कि हम रोज प्रवचन और उपदेश सुनते हैं, लेकिन उन्हें आत्मसात नहीं करते। यदि हम सप्ताह में एक बार अनुष्ठान करें, तो अपने जीवन को कल्याणकारी दिशा दे सकते हैं। पूज्या महासती महाप्रज्ञा, साध्वी पद्मकीर्ति और साध्वी राजकीर्ति ने भी अपने सुमधुर भजनों व वाणी से सभा को भावविभोर किया और गुरु के प्रति श्रद्धावान बनने का संदेश दिया। जैन दर्शन को बताया विश्व का महान दर्शन इस अवसर पर मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के केबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप ने जैन दर्शन को विश्व के महान दर्शनों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत आज न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व में मार्गदर्शक बन चुके हैं। हमें इनके आदर्शों पर चलकर न केवल अपने जीवन का बल्कि सम्पूर्ण सृष्टि का कल्याण करना चाहिए। समाज की एकजुटता से सफल हुआ आयोजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज रत्न महेन्द्र बोथरा ने कहा कि रतलाम का सौभाग्य है कि पूज्या महासतियों के सान्निध्य में ऐसा अनुष्ठान सम्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि समाज, महिला मंडल, बहु मंडल और नवयुवक मंडल ने जिस समर्पण से कार्यक्रम को सफल बनाया, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होकर आशीर्वाद देने हेतु केबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप का विशेष आभार जताया। सम्मान और सहभागिता से भरा रहा कार्यक्रम कार्यक्रम के दौरान श्री वर्धमान जैन श्रावक संघ, नीमचौक द्वारा केबिनेट मंत्री कश्यप का सम्मान किया गया। इस सम्मान समारोह में इंदरमल जैन, महेन्द्र बोथरा, ललित पटवा, अमृत कटारिया, विनोद कटारिया, आशीष डागी, सौरभ बोथरा, वीरेंद्र कटारिया सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जावरा से अभय सुराणा, निम्बाहेड़ा से कमलेश ढेलावत और नवयुवक मंडल अध्यक्ष आशीष कटारिया ने भी संबोधन दिया। अक्षय तृतीया पारणा का लाभ निम्बाहेड़ा श्री संघ को इस अवसर पर पूज्या महासतियों ने अक्षय तृतीया के पारणा का लाभ निम्बाहेड़ा श्री संघ को प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश के केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी पूज्या महासतियों के दर्शन हेतु एक दिन पूर्व रतलाम पधारे थे। अनुष्ठान के प्रमुख लाभार्थी शांताकुमारी इंदरमल जैन परिवार, कमलादेवी बसंतीलाल पटवा परिवार, सिरेकुवार बापूलाल बोथरा परिवार और मगनबाई मोतीलाल डागी परिवार रहे। कार्यक्रम का संचालन गुणवंत मालवी ने किया और आभार संघ रत्न इंदरमल जैन (वकील साहब) ने प्रकट किया। इस आयोजन की जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी नीलेश बाफना द्वारा दी गई।

Ratlam News: रतलाम प्रेस क्लब के चुनाव 27 अप्रैल को, 19 पदों के लिए होगा मतदान

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम प्रेस क्लब के द्विवार्षिक चुनाव आगामी 27 अप्रैल (रविवार) को आयोजित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रेस क्लब के सचिव यश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दिन साधारण सभा की बैठक आयोजित की जाएगी। यदि बैठक में सर्वसम्मति नहीं बनती है, तो उसी दिन कुल 19 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इन पदों में शामिल हैं — अध्यक्ष, तीन उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, दो सहसचिव और ग्यारह कार्यकारिणी सदस्य। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए निर्वाचन अधिकारी के रूप में अभिभाषक संघ के अध्यक्ष राजीव उबी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजीव उबी ने बताया कि चुनाव की प्रक्रिया में सहयोग के लिए एडवोकेट संतोष त्रिपाठी और मनीष शर्मा को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। सचिव यश शर्मा ने कहा कि साधारण सभा की सूचना संस्था के भवन पर चस्पा कर दी गई है, साथ ही इसे अधिकृत व्हाट्सएप ग्रुप और समाचार पत्रों के माध्यम से भी साझा किया गया है, जिससे सभी सदस्यों तक सूचना पहुंचे।

Ratlam News: कल हनुमान जन्मोत्सव पर 1 लाख 11 हजार 111 हनुमान चालीसा पाठ का सामूहिक आयोजन, तैयारियां पूरी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क । Ratlam News: शहर में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है। सेवावीर सामाजिक कल्याण समिति द्वारा चलाए जा रहे हनुमान चालीसा सामूहिक पाठ अभियान ने 185 मंगलवार पूरे कर एक नया अध्याय रच दिया है। इस बार समिति ने हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 1,11,111 हनुमान चालीसा पाठ का ऐतिहासिक संकल्प लिया है, जो न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि समाज को एकजुट करने का सशक्त माध्यम भी बन रहा है। पिछले वर्ष 2 वर्ल्ड रिकॉर्ड, इस बार लक्ष्य तीन गुना बड़ा पिछले वर्ष सेवावीर परिवार ने 51,000 पाठों का लक्ष्य लेकर यह अभियान शुरू किया था, जिसके साथ रतलाम ने दो वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किए। इस वर्ष संख्या लगभग तीन गुनी कर दी गई है, जो इस बात का संकेत है कि अभियान ने जन-जन में उत्साह और श्रद्धा की नई लहर पैदा की है। व्यापक प्रचार-प्रसार से जागरूकता बढ़ाने का प्रयास अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सेवावीर समिति ने विभिन्न प्रचार माध्यमों का सहारा लिया है। शहर भर में ऑटो, बस, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर, बैनर और फ्लेक्स लगाए जा रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस पवित्र मुहिम को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। समाज के प्रबुद्धजनों से मिल रहा समर्थन समिति ने समाज के प्रमुख व्यक्तियों, संत-महात्माओं और बुद्धिजीवियों से भी आग्रह किया है कि वे वीडियो संदेश के माध्यम से लोगों को इस अभियान से जोड़ें। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बैठकों का आयोजन कर सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों का सहयोग भी लिया जा रहा है। ऐतिहासिक आयोजन में समाज की भागीदारी शहर का हर वर्ग इस ऐतिहासिक संकल्प को सफल बनाने के लिए उत्साहपूर्वक भागीदारी निभा रहा है। युवाओं से लेकर वरिष्ठजनों तक में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सेवावीर समिति का मानना है कि सामूहिक प्रयास से यह धार्मिक संकल्प एक प्रेरणास्पद इतिहास रचेगा। सेवावीर परिवार का भावनात्मक आव्हान समिति ने समस्त समाजजनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का अनुरोध करते हुए कहा है कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने का अवसर है। आइए, हम सभी मिलकर 1,11,111 हनुमान चालीसा पाठों के इस महान संकल्प को पूर्ण करें और रतलाम को अध्यात्म व एकता की नई पहचान दिलाएं।

Ratlam News: रतलाम में ऑटो और लोडिंग वाहन की भिड़ंत, चार गंभीर घायल; मेडिकल कॉलेज रेफर

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़  डेस्क। Ratlam News: शहर के व्यस्त दो बत्ती चौराहे पर शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सब्जियों से भरे लोडिंग वाहन और ऑटो रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें ऑटो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु किया गया। लोडिंग वाहन पलटने से सड़क पर सब्जियां बिखरीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोडिंग वाहन लोकेंद्र भवन की ओर से आ रहा था। जैसे ही वह दो बत्ती चौराहे पर पहुंचा, सामने से आ रहे ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद लोडिंग वाहन पलट गया और पास खड़ी ठेला गाड़ियों को भी चपेट में ले लिया। हादसे के चलते सड़क पर सब्जियां बिखर गईं और कुछ समय के लिए यातायात अवरुद्ध हो गया। घटना में घायल हुए लोग हादसे में चार लोग घायल हुए, जिनकी पहचान इस प्रकार की गई है: घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस कर रही जांच स्टेशन रोड थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह से सुबह का ट्रैफिक प्रभावित हुआ, जिसे थोड़ी देर बाद सामान्य कर दिया गया।

Ratlam News: बिना अनुमति पेड़ काटने पर घिरा सेंट जोसेफ कान्वेंट, अभाविप ने किया चक्काजाम, महापौर ने दी कड़ी चेतावनी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम स्थित सेंट जोसेफ कान्वेंट स्कूल एक बार फिर विवादों में आ गया है। पर्यावरण संरक्षण कानूनों की धज्जियाँ उड़ाते हुए स्कूल प्रबंधन ने स्कूल परिसर में लगे हरे-भरे पेड़ों को बिना अनुमति कटवा दिया। मामले की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुँचे महापौर प्रहलाद पटेल ने स्कूल प्राचार्य को जमकर फटकार लगाई और दोषियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। गुरुवार सुबह स्कूल परिसर में बरगद जैसे घने वृक्षों को काटने का कार्य शुरू हुआ, जिसकी भनक लगते ही अभाविप कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। छात्र सड़क पर बैठ गए और पेड़ काटने को पर्यावरण के खिलाफ अपराध बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की माँग की। घटना की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुँचा और यातायात सुचारु कराने की कोशिश की। वहीं, जब रतलाम के महापौर प्रहलाद पटेल को इस मामले की जानकारी मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुँचे। स्कूल परिसर के पास कटे हुए हरे-भरे बरगद के पेड़ों को देखकर वे बेहद नाराज़ हो गए। उन्होंने स्कूल प्राचार्य को फटकारते हुए कहा कि रतलाम देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल है, और ऐसे समय में पेड़ों की कटाई सरासर अपराध है। महापौर ने स्कूल प्रबंधन पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाने के निर्देश दिए और इस मामले में आपराधिक केस दर्ज करने को कहा। साथ ही, पेड़ों की कटाई को लेकर मौके पर पंचनामा तैयार करने के भी आदेश दिए गए। वाहनों की अव्यवस्था पर भी जताई नाराज़गी महापौर पटेल ने स्कूल द्वारा सार्वजनिक सड़कों पर वाहनों को खड़ा करने पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि आगे से स्कूल के सभी वाहन परिसर के भीतर ही खड़े किए जाएँ, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून से ऊपर मानता है खुद को स्कूल प्रबंधन स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का आरोप है कि सेंट जोसेफ कान्वेंट स्कूल खुद को नियम-कानूनों से ऊपर समझता है। वर्षों से इस स्कूल द्वारा नियमों की अनदेखी की जाती रही है, लेकिन प्रभावशाली लोगों के संरक्षण के चलते प्रशासनिक कार्यवाही नहीं हो पाती थी। यही कारण है कि इस बार भी स्कूल ने बिना किसी अनुमति के पेड़ कटवा दिए।

Ratlam news: सेजावता में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता, सेक्टर बैठक व श्रमदान कार्यक्रम संपन्न

श्रेष्ठ नवनिर्माण फाउंडेशन ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किया आयोजन रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत श्रेष्ठ नवनिर्माण फाउंडेशन द्वारा ग्राम सेजावता में सेक्टर स्तरीय बैठक एवं श्रमदान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। बैठक में विकासखंड समन्वयक शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने समिति सदस्यों से संवाद करते हुए कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान मध्यप्रदेश शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति समाज में चेतना फैलाना है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और इसके संरक्षण में समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान को निरंतर गति देने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन नवांकुर संस्था के सचिव नरेंद्र श्रेष्ठ ने किया। उन्होंने जल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सामूहिक प्रयासों से जल संकट पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। बैठक के बाद ग्राम की प्राचीन बावड़ी पर समिति सदस्यों द्वारा श्रमदान किया गया। इस दौरान बावड़ी की सफाई कर ग्रामवासियों को जल संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच गोपाल डाबी, उपसरपंच गणेश मालवीय, पंचायत सचिव व सहायक सचिव, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष कृष्णेन्द्र सिंह, कालूपुरी गोस्वामी, युवराज, सुनील, करण सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम के परामर्शदाता राजेश सोलंकी, धनपाल शर्मा व सुनील बैरागी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम ने ग्रामवासियों में जल संरक्षण को लेकर नई चेतना जागृत की। सभी ने मिलकर भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों को सतत रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।